BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Tuesday, 8 November 2011

चाकू से गोदकर हत्या

सिरसा। सदर थाना डबवाली के  अंतर्गत गांव गंगा में दलित परिवार के एक युवक की चाकू  से गोदकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रतन सिंह दलबल सहित घटनास्थल पर पहुंचे। शव कब्जे में लिया और सामान्य अस्पताल पहुंचाया। गांव में दलित समाज के युवक की हत्या के विरोध स्वरूप अखिल भारतीय वाल्मिकी समाज न्याय मंच के लोग लामबंद हो गए। मंच ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर डबवाली के सामान्य अस्पताल में खूब बवाल काटा। मिली जानकारी के अनुसार गंगा निवासी हरबंस सिंह की गत रात्रि गांव के ही कुछ लोगों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। सूत्रों के मुताबिक हरबंस सिंह का गांव की ही एक महिला से अवैध संबंध था। गांव के गीता, बाला व सेठी नामक युवकों ने हरबंस का उक्त मोहल्ले में आने-जाने पर ऐतराज जताया। बताया जाता है कि गत रात्रि उक्त युवकों ने नशे की हालत में हरबंस की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आज हरबंस का शव गांव की फिरनी पर खून से लथपथ मिला। लोगों ने घटना की जानकारी सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रतन सिंह मौके पर पहुंचे।
अखिल वाल्मिकी समाज न्याय मंच के जिलाध्यक्ष डिंपल का कहना है कि इससे पूर्व भी गांव बणी में दलित परिवार के एक युवक की हत्या कर दी गई थी। उस मामले में भी वाल्मिकी समुदाय द्वारा रोष जताने से ही पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब इस घटनाक्रम में भी पुलिस आरोपियों को काबू नहीं कर पाई है। मजबूरन समाज के लोगों को आंदोलनरत होना पड़ रहा है। मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश गोगा ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो राजमार्ग जाम किया जाएगा। डीएसपी बाबू लाल ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर चार टीमों का गठन किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को शीघ्र काबू कर लिया जाएगा।

No comments:

Post a Comment