BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Thursday 31 October 2013

हादसों में चार की मौत

गांव डिंग, दड़बा व मल्लेकां में हुईं दुर्घटनाएं

बिजली का खंभा गिरने से मजदूर की गई जान

सिरसा। सिरसा की अनाज मंडी में कार्यरत एक मजूदर की बिजली का खंभा गिरने से मौत हो गई। हादसे से आक्रोषित मंडी मजदूरों ने हड़ताल कर दी। मंडी मजदूरों की हड़ताल से मंडी में चल रहा फसल उठान का कार्य ठप्प हो गया जिसके चलते मंडी निवासियों व राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मृतक मजदूर का शव पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद शहर थाना प्रभारी दलीप सिंह दलबल सहित अस्पताल में पहुंचे। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
    आज प्रात: अनाज मंडी में फसल उठान का कार्य शुरू हुआ। सभी मजदूर कार्य में जुटे हुए थे। इस दौरान बिजली का एक खंभा मजदूर चंदू राम पुत्र छोटू राम निवासी संजय कालोनी पर गिर गया। मजदूर चंदू के सिर में गंभीर चोट आई। तत्काल उसे सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  खास बात यह है कि मृतक 10 बच्चों का पिता है जिनमें 5 लड़कियां हैं।
    विद्युत निगम की लापरवाही व मार्केट कमेटी द्वारा मंडी में व्यवस्था नहीं सुधारने के चलते मजदूर में आक्रोष फैल गया और उन्होंने मंडी का कामकाज ठप्प कर दिया। मंडी से सभी मजदूर सामान्य अस्पताल पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद शहर थाना प्रभारी दलीप सिंह दलबल सहित मौके पर पहुंचे और उन्होंने मजदूरों को आश्वस्त किया कि इस मामले में गंभीरता से जांच की जाएगी।
    उधर डिंग के निकट अनियंत्रित हुई पिकअप पलट गई। हादसे में कैथल निवासी पिकअप चालक अशोक कुमार की मौत हो गई जबकि उसका साथी मनदीप घायल हो गया। दोनों युवक पिकअप गाड़ी में धान लादकर सिरसा मंडी में बेचने आए थे। वापिस लौटते समय गाड़ी के आगे पशु आ गया जिससे अनियंत्रित हुई पिकअप पलट गई।
    दड़बाकलां निवासी सुभाष पुत्र इंद्राज बाईक पर सवार होकर सिरसा आ रहा था। शेरांवाली माईनर के निकट बाईक ट्रैक्टर-ट्राली से पिछले हिस्से में आ टकराई। हादसे में सुभाष का दम टूट गया। सुभाष भी मंडी में धान बेचने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली के पीछे बाईक पर आ रहा था।
    वहीं मल्लेकां निवासी राजेन्द्र पुत्र बेघराज पीपल के पेड़ से लकडिय़ां तोड़ रहा था। इस दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे आ गिरा। मौके पर ही उसका दम टूट गया। सभी मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा पुलिस ने वारिसों को सौंप दिया।

लारवा मिलने पर 131 को नोटिस

सिरसा। शहर में डेंगू बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लारवेल  सर्वे किया जा रहा है।  एडिज मच्छर का लारवा पाए जाने पर 131 लोगों को नोटिस दिया गया है। यह जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डा सुरेंद्र नैन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने घरों व आस पास पानी एकत्रित न होने दें। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लारवा सर्वे के लिए सात टीमें बनाई गई है। सर्वे के आधार पर प्राथमिकताएं तय कर शहर में फोंगिग करवाई गई है। जिला से अभी तक बुखार  से पीडि़त 115 व्यक्तियों के रक्त के नमूने अग्रोहा मैडीकल कॉलेज मे जांच के लिए भेजे गए हैं जिनमें से अभी तक 14 डेंगू के मामले पाए गए हैं। इन डेंगू पीडि़त व्यक्तियों के घरों के आस पास दूसरा स्पे्र भी करवाया जा रहा है।

Tuesday 29 October 2013

प्यार के जाल में फंसे युवक ने दी जान

परिजनों ने महिला पर लगाया हत्या का आरोप

राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर लगाया जाम

आरोपी महिला ने भी निगला जहर

सिरसा। चत्तरगढ़पट्टी में प्रेम प्रसंग में एक युवक ने जहरीली वस्तु का सेवन कर आत्महत्या कर ली। परिजन इसे हत्या करार दे रहे हैं। इसी घटना से क्षुब्ध परिजनों ने आज डबवाली मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। सूचना मिलने पर उपमंडलाधीश संत लाल पचार व पुलिस मौके पर पहुंची।
    मिली जानकारी के अनुसार चत्तरगढ़पट्टी निवासी बिल्लू पुत्र बलबीर सिंह का क्षेत्र की रहने वाली संतोष पत्नी कृष्ण लाल के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। सूत्रों के मुताबिक बिल्लू का जिस महिला से प्रेम प्रसंग था वह उससे दोगुना उमर की है। बताया जाता रहा है कि गत रात्रि बिल्लू संतोष के घर गया था। वापिस अपने घर लौटा तो उसे उल्टी आने लगी। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। कुछ समय पश्चात बिल्लू की मौत हो गई। जब बिल्लू की मौत की जानकारी संतोष को मिली तो उसने भी कीटनाशी का सेवन कर लिया। बिल्लू की मौत से परिजन बिफर गए। परिजनों ने बिल्लू के शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रख दिया और जाम लगा दिया। परिजनों ने आरोपी महिला संतोष के विरुद्ध मामला दर्ज करवाए जाने की मांग रखी। करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। यात्रियों को भारी परेशानी हुई। सूचना मिलने पर प्रशासनिक महकमा घटना स्थल पर पहुंचा और परिजनों को मामला दर्ज करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। मृतक के पिता बलबीर सिंह का कहना है कि संतोष का पति किसी मामले में जिला कारागार में है। महिला युवाओं को जाल में फंसाकर उनसे पैसे ऐंठने का कार्य करती है। आरोप है कि संतोष ने उनके पुत्र को भी अपने जाल में फांसा और उससे राशि की मांग रखी। परेशान बिल्लू पहुंचा और अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। अस्पताल में उसका दम टूट गया। उधर संतोष ने भी जहर निगल लिया। उसे भी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

एसपी को आयोग का नोटिस

सूचना देने में विलंब पर आयुक्त ने लिया कड़ा संज्ञान

सिरसा। राज्य सूचना आयोग हरियाणा ने आरटीआई की समुचित ढंग से पालना न करने पर पुलिस विभाग को फटकार लगाई है। राज्य सूचना आयुक्त श्रीमती उर्वशी गुलाटी ने राज्य जनसूचना अधिकारी-सह-पुलिस अधीक्षक सिरसा को शोकॉज नोटिस जारी किया है कि क्यों न सूचना देने में देरी के लिए 250 रुपये प्रतिदिन की दर से अधिकतम 25000 रुपये जुर्माना किया जाए। राज्य सूचना आयुक्त ने पुलिस अधीक्षक को 7 नवंबर 2013 को आयोग के समक्ष चंडीगढ़ में व्यक्तिगत रूप से पेश होने की भी हिदायत दी है। इसके साथ ही आयोग ने आरटीआई से संबंधित सूचना देने के लिए उपायुक्त कार्यालय के राज्य जनसूचना अधिकारी को एक सप्ताह में सूचना प्रदान करने और इसकी रिपोर्ट आयोग को करने के निर्देश दिए है। राज्य सूचना आयोग ने सब्जी मंडी चौकी के तत्त्कालीन प्रभारी रामनिवास के बारे में मांगी गई व्यक्तिगत जानकारी भी प्रदान करने की हिदायत दी है। आयोग ने एएसआई रामनिवास की नियुक्ति संबंधी मांगी गई जानकारी देने के निर्देश दिए है। जबकि पुलिस अधीक्षक कार्यालय के जनसूचना अधिकारी ने आरटीआई एक्ट की धारा (1) तथा सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए एएसआई रामनिवास से संबंधित सूचना देने से इंकार कर दिया था। उल्लेखनीय है कि 'नगर यात्राÓ के उप संपादक योगेश मुद्गिल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 12 मार्च 2013 को कुछ जानकारी मांगी थी।

Monday 28 October 2013

ग्रामीणों ने किया बिजली बिलों का बायकाट

सिरसा। दक्षिणी हरियाणा में व्यापक स्तर पर लगातार फैलता जा रहा है। आंदोलन के प्रभावित होकर व बिजली की बढ़ी हुई कीमतों के खिलाफ आए दिन कोई-न-कोई गांव बिजली के बिलों का बहिष्कार करता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय नौजवान सभा की जोधकां कमेटी द्वारा गांववासियों को साथ लेकर बिजली बिलों का बायकाट किया गया व प्रदेश सरकार एवं बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस अवसर पर युवा नेता मनोज पचेरवाल, सी. भोला, डा. राजू, प्रवीन व अजय नेता गांववासियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2011-12 में जो लाईन चार्ज 30-40 पैसे प्रति यूनिट था वह आज एक रूपये ये ऊपर कर दिए गया है। अधिकारियों को कार्यालय प्रयोग हेतु दी गई गाड़ी का भी दुरूपयोग हो रहा है और तेल के इस दुरूपयोग का खर्चा जनता भुगत रही है। छात्र नेता सी. भोला ने कहा कि बिजली विभाग ने 3 हजार करोड़ रूपये ब्याज पर लेकर जो नई लाईनें बिछाई हंै, हकीकत में उनकी कोई जरूरत ही नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि लाईनें बिछाने का काम ठेके पर किया गया है तथा बाजार मूल्यों व ठेकेदार के मूल्यों में दिन-रात का अंतर है इसलिए इस प्रकरण की सी.बी.आई. जांच की जानी चाहिए।

Saturday 26 October 2013

साध्वी यौन शोषण व रणजीत हत्याकांड........... Dera Sachcha Souda Head Gurmeet Singh Appears in CBI Court

आईओ की गवाही पूरी

सिरसा। साध्वियों से यौन शोषण तथा रणजीत हत्याकांड में आज जांच अधिकारी की गवाही की प्रक्रिया पूरी हो गई। इस मामले में आरोपी पक्ष द्वारा जिरह की जा रही थी। न्यायालय ने इस मामले में आगामी 30 नवंबर की तारीख मुकर्रर की है।
    आज पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में कार्रवाई शुरू हुई। डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह ने सिरसा से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हाजिरी लगाई। आज साध्वी यौनशोषण तथा रणजीत हत्याकांड के जांच अधिकारी तत्कालीन डीएसपी अरमानदीप सिंह की गवाही की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। दोनों मामलों में सीबीआई की विशेष अदालत के जज द्वारा आगामी 30 नवंबर की तारीख निर्धारित की गई है।

अपहृत व्यापारी बरामद

अपहरण के एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सिरसा। डिंग थाना क्षेत्र से अपहृत एलनाबाद के एक व्यापारी को पुलिस ने बड़ोपल (फतहबाद) से बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस द्वारा फिरौती के लिए अपहरण की आशंका जताई जा रही है।
    मिली जानकारी के अनुसार एलनाबाद निवासी व्यापारी सुभाष दो दिन पूर्व कार पर सवार होकर हैदराबाद जा रहा था। ओएचएम के निकट दो-तीन लोगों ने कार को रोका और व्यापारी का अपहरण कर लिया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस हरकत में आई और छानबीन शुरू की गई। जांच के दौरान व्यापारी के फतहाबाद के बड़ोपल में होने की सूचना मिली। पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर मौके पर दबिश दी। मौके से व्यापारी सुभाष को बरामद कर लिया गया। इसके अलावा पुलिस ने अपहरण के एक आरोपी रामस्वरूप पुत्र साहबराम निवासी गांव मोहम्मदखेड़ा को धर दबोचा। व्यापारी के अनुसार उसके पास से पांच लाख रुपये की नकदी भी आरोपियों द्वारा छीन ली गई थी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

ठेकेदार की भी मौत

कुंए में डूबने से कल गई थी दो की जान

सिरसा। गांव संतनगर में कुएं से पाईप निकालते समय पानी भरने से मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। गत दिवस दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि एक व्यक्ति का आज अस्पताल में उपचार के दौरान दम टूट गया। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति कुएं से पाईप निकालने का ठेका लेता था। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
    ज्ञातव्य हो कि गत दिवस गांव संतनगर निवासी सुखजीत सिंह पुत्र जगदीश सिंह अपने खेत में स्थित कुएं से पाईप निकलवा रहा था। इसी दौरान कुएं में भूमिगत पानी भर गया। पाईप निकालने का कार्य कर रहा मजदूर केसर चंद पुत्र दाना राम निवासी बाहिया पानी में डूब गया। उसको बचाने के प्रयास में खेत मालिक सुखजीत सिंह पुत्र जगदीश सिंह कुएं में उतरा लेकिन बाहर नहीं निकल पाया। दोनों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। वहीं कुएं में मौजूद ठेकेदार तारा चंद पुत्र दानाराम को मजदूरों ने बाहर निकालने में सफलता प्राप्त कर ली थी। उसे उपचार के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। आज ताराचंद की भी मौत हो गई। आज मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे का शिकार हुए ताराचंद व केसर राम दोनों सगे भाई हैं। दोनों की मौत से गांव बाहिया में मातम का माहौल बना हुआ है।

खेत में दवा छिड़कते मजदूर की मौत

सिरसा। खेत में दवाई का छिड़काव करने के दौरान दुष्प्रभाव का शिकार हुए भावदीन निवासी एक मजदूर की आज मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
    मिली जानकारी के अनुसार भावदीन निवासी 30 वर्षीय सतनाम सिंह खेत में धान की फसल में कीटनाशी का छिड़काव कर रहा था। इस दौरान दवा के दुष्प्रभाव के कारण वह बेहोश हो गया। परिजनों ने उसे सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। आज यहां उसकी मौत हो गई।

Friday 25 October 2013

चार की मौत

कुई खोदते डूबे मजदूर व मालिक

करंट की चपेट में आया युवक

सिरसा। गांव संतनगर स्थित एक खेत में कुई की खुदाई करते समय मालिक व मजदूर की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव सामानय अस्पताल पहुंचाए। शव पोस्टमार्टम के बाद वारिसों को सौंप दिए।
    मिली जानकारी के अनुसार संतनगर निवासी सुखजीत सिंह पुत्र जगदीश सिंह अपने खेत में कुई खुदवा रहा था। मशीन के जरिए कुई की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान कार्यरत मजदूर कुई में जा गिरा। उसे बचाने के प्रयास में खेत मालिक सुखजीत सिंह भी कुई में उतर गया। कुई में अत्यधिक पानी होने के कारण दोनों डूब गए और उनकी मौत हो गई। अन्य लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और शव कुई से बाहर निकाले। गांव में हुई इस घटना के बाद मातम का माहौल है।
    उधर गांव केलनियां में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। केलनिया निवासी सुनील पुत्र बनवारी लाल खेत में लगे ट्रांसफार्मर का स्विच ऑफ करने गया था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही सुनील की मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित कर शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया। वहीं सामान्य अस्पताल के निकट आज एक युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक मृतक की आयु करीब 35 वर्ष है। काफी समय से वह अस्पताल के निकट भीख मांगकर गुजारा कर रहा था। चिकित्सकों ने युवक की मौत हृदयघात से हुई दर्शाई है।

Thursday 24 October 2013

थ्रैशर में आया मजदूर, मौत

बरुवाली प्रथम में ग्वार की फसल निकालते समय हुआ हादसा

सिरसा। गांव बरुवाली प्रथम में थ्रैशर पर ग्वार निकालते समय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर डिंग थाना पुलिस ने पंचनामा भर शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
    मिली जानकारी के अनुसार ढाणी रामपुरा के किसान की गांव बरूवाली प्रथम में जमीन है। किसान ने उक्त भूमि पर ग्वार की फसल बोई हुई थी। आज प्रात: उक्त फसल को निकालने के लिए जंडवाला गांव से थ्रैशर मंगवाया गया। थ्रैशर खेत पहुंचा। फसल निकालने के लिए गांव का ही सुनील उर्फ सोनू पुत्र हंसराज (22) मजदूरी के लिए पहुंच गया। करीब साढ़े 11 बजे ग्वार निकालते समय सुनील के हाथ थ्रैशर में आ गए। कार्यरत्त अन्य मजदूरों ने थ्रैशर बंद करने का प्रयास किया। इसी दौरान उसकी गर्दन भी थ्रैशर में में आ गई। मौके पर ही सुनील की मौत हो गई। तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया। मृतक शादीशुदा था। सोनू की मौत के कारण गांव में मातम का माहौल है। विगत तीन दिनों में यह दूसरी घटना है। पूर्व में भी क्षेत्र में ग्वार की फसल निकालते समय मजदूर की मौत हो गई।

पति बना हैवान

पत्नी का गला घोटकर की हत्या

मृतका माया
सिरसा। रानियां के अंतर्गत गांव बाहिया में एक युवक ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया। अंत: परीक्षण करवा शव परिजनों को सौंप दिया।
           जानकारी के अनुसार गांव बाहिया में प्रेम कुमार की ढाणी है। प्रेम कुुमार की अपनी पत्नी माया देवी से कुछ दिनों से अनबन चल रही थी। सूत्रों के मुताबिक गत दोपहर प्रेम की पत्नी माया खेत में नरमा चुनने गई थी। इसी बीच वह अपनी पत्नी के पास पहुंचा। दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। तैश में आए प्रेम ने अपनी पत्नी का गला घोंट दिया। घटना को अंजाम देकर वह घर आ पहुंचा। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ जमीदारों ने माया देवी को खेत में पड़े देखा और उसके ससुरालजनों को सूचित किया। माया देवी को घर ले जाया गया। गांव के ही आरएमपी डाक्टर को दिखाया तो उसने माया को मृत घोषित कर दिया। ससुरालजनों ने माया की मौत की जानकारी उसके मायके वालों को दी। मायके वाले बाहिया पहुंचे। प्रेम कुमार ने पत्नी की मौत का कारण हृदयघात बताया।  लेकिन मायकेवालों को संदेह हुआ। आज प्रात: जब अंतिम संस्कार की तैयारी की गई तो महिलाओं ने माया की गर्दन पर निशान देखे। समझते देर नहीं लगी। पुलिस को सूचित किया गया। शव सामान्य अस्पताल ले जाया गया तो यहां चिकित्सकों ने माया की मौत का कारण गला घुटना दर्शाया। फिलहाल पुलिस ने मृतका के भाई जोगेन्द्र कुमार निवासी ढाबी के बयान पर शिकायत दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि चिकित्सीय रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अज्ञात वाहन ने ली वृद्ध की जान

सिरसा। गांव जोगेवाला के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
    मिली जानकारी के अनुसार जोगेवाला निवासी रूलीराम (70) अपने भतीजे महेन्द्र कुमार के साथ बाईक पर सवार होकर सिरसा से घर लौट रहा था। जैसे ही वे गांव के निकट पहुंचे अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में रूलीराम की मौत हो गई। महेन्द्र घायल हो गया।

Monday 21 October 2013

दुकानदार ने किया दुष्कर्म

न्यायालय ने भेजा न्यायिक हिरासत में

सिरसा। शिव नगर में एक महिला को घर में अकेली पाकर दुकानदार ने दुराचार कर डाला। पुलिस ने महिला की चिकित्सीय जांच करवाई जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया।
    जानकारी के अनुसार शिव नगर की रहने वाली रीतिका पत्नी विनय कुमार गत दिवस मोहता मार्केट में सौरभ पुत्र राकेश कुमार की दुकान से सामान लेने गई थी। रीतिका कुछ सामान उधार ले आई और दुकानदार को विश्वास जताने के लिए अपना मोबाइल नंबर देकर घर पहुंच गई। दुकानदार सौरभ ने पहले रीतिका से मोबाइल पर संपर्क साधा और बाद में रुपये लेने घर जा पहुंचा। सौरभ ने रीतिका को घर में अकेला देखकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देकर वह फरार हो गया। देर सायं रीतिका ने कीर्तिनगर पुलिस चौकी में मामला दर्ज करवाया। कीर्तिनगर चौकी प्रभारी मंगल सिंह ने बताया कि आरोपी को काबू कर लिया गया है। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा है।

शहीद देश की अमूल्य धरोहर : एसपी

पुलिस शहीदी दिवस पर हुआ कार्यक्रम


सिरसा। पुलिस लाईन प्रांगण में जिला पुलिस द्वारा पुलिस शहीदी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले पुलिस व अद्र्धसैनिक बल के जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। उल्लेखनीय है कि 21 अक्तूबर का दिन समस्त भारतवर्ष में पुलिस शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है।
    पुलिस अधीक्षक सौरभ सिंह ने देश के लिए शहीद हुए पुलिस व अद्र्धसैनिक बल के जवानों को पुष्प चक्र चढ़ाकर नमन् किया। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीद देश की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि हमें देश के शहीदों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में ये प्रण लेना चाहिए कि हम अपने सामने आई किसी भी चुनौती का दृढ़ता से सामना करेंगे चाहे इसके लिए प्राणों की भी आहुति क्यों न देनी पड़े। इस अवसर पर पुलिस विभाग की तरफ से स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच कैंप का भी आयोजन किया गया। शिविर की शुरुआत एसपी सौरभ सिंह ने स्वयं रक्त दान कर की। डॉक्टरों की टीम ने पुलिस जवानों व उनके पारिवारिक सदस्यों के स्वास्थ्य की जांच भी की। इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र कुमार मीणा, एलनाबाद के डीएसपी राव अभय सिंह, सिरसा मुख्यालय के डीएसपी रविन्द्र सिंवर, जिला के सभी थाना प्रभारी, व्यापार मंडल के प्रधान हीरालाल शर्मा, आरएसओ सदस्य तथा अनेक पुलिस कर्मचारी व गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Sunday 20 October 2013

अब चाहिए वही गदर : डा. सुभाष

सिरसा। शहीद यादगार समिति सिरसा द्वारा आज स्थानीय श्री युवक साहित्य सदन के सभागार में गदर पार्टी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गदर पार्टी की विरासत विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्यातिथि अनुव्रत समिति सिरसा के अध्यक्ष मक्खलाल गोयल, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जनवादी लेखक संघ हरियाणा के अध्यक्ष ओम सिंह अश्फाक ने की। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में अपने संबोधन में कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रो. डा. सुभाष ने कहा कि क्रांतिकारियों व आंदोलनकारियों तथा बदलाव लाने वाले लोगों के लिए अपनी विरासत को समझना बेहद महत्वपूर्ण होता है क्योंकि विरासत से उन्हें अपने पूर्वजों के तजुर्बों का ज्ञान मिलता है। आज हम गदर पार्टी के सौ वर्ष पहले के आंदोलन की विरासत को वर्तमान में विचार रहे हैं। 1913 में जब गदर पार्टी का गठन जब हमारे गदरियों ने किया तो उन्होंनेे 1857 के गदर की विरासत को अपने साथ जोड़ा तथा इस आंदोलन के शहीदों से पे्ररणा ली। आज हम 1913 से 2013 तक पहुंचे हैं। वर्तमान समय में हमारे देश में जो समस्याएं मौजूद हैं उनसे निपटने के लिए हमेें गदर पार्टी के शहीदों से प्रेरणा लेने की जरूरत है। गदर पार्टी के संस्थापकों ने पूरे देश के लोगों को अपने साथ जोड़ा चाहे वे किसी भी जाति धर्म से संबंध रखते हों। दरअसल यह पूरे विश्व का आंदोलन था क्योंकि गदर पार्टी के सदस्य पूरे विश्व में फैले हुए थे। सभी धर्मों के लोगों ने एकजुट होकर इस आंदोलन को अपने खून से सींचा था, लेकिन आज स्थिति यह है कि लोग आपस में ही लड़ रहे हैं। वे साम्राज्यवादी ताकतों के खिलाफ क्यों लड़ेंगे? आज जरूरत है लोगों को गदर पार्टी के इतिहास, विरासत व उद्देश्य के संबंध में जागरूक करने की, ताकि वे अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आंदोलन कर सकें।
    इस अवसर पर विचार चर्चा में भाग लेते हुए का. स्वर्ण सिंह विर्क ने कहा कि समाजवाद का मतलब है सामाजिक समानता व एक हिंदुस्तान हो। का. राजकुमार शेखुपुरिया ने कहा कि आज जातिवाद व साम्प्रदायिकता हमारे समाज के लिए सबसे बड़ा खतरा है। मा. बूटा सिंह ने कहा कि आज देश के हालात गदर आंदोलन से भी बदतर हैं। आज देश के लिए धर्मनिरपेक्षता सबसे बड़ा सवाल है। का. नरभिंद्र ने कहा कि आज के दौर में हमारी युवा पीढ़ी से हमारे इतिहास को दूर किया जा रहा है तथा विरासत को खत्म करने का काम साम्राज्यवादी ताकतें कर रही हैं।
    इस अवसर पर मुख्यतिथि मक्खनलाल गोयल ने कहा कि आज हमारा देश अनेक समस्याओं से घिर चुका है, जिनके समाधान के लिए लोगों को जागरूक करना होगा तथा एकजुट होकर इनका मुकाबला करना होगा। कार्यक्रम के अध्यक्ष ओमसिंह अश्फाक ने कहा कि सभी वर्गों के लोगों को जोड़कर एक ऐसे मजबूत आंदोलन की जरूरत है, जिससे न्याय व समानता की लड़ाई लड़ी जा सके। इस अवसर पर का. अवतार सिंह, परमानंद शास्त्री, प्रो. हरभगवान चावला, डा. जीडी चौधरी, डा. दर्शन सिंह, डा. जसमेल कौर, श्रीमति उर्मिल मोंगा, बलबीर कौर गांधी एडवोकेट, प्रो. आरके सेठी, डा. सुभाष जोधपुरिया, सुरजीत रेणु, मुलख सिंह पीपली, प्रो. रुप देवगुण, मा. गुरटेक सिंह, हमजिंद्र सिंह पाश सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में समिति के संयोजक स्वतंत्र भारती ने सभी का आभार व्यक्त किया।

डीएसपी सहित कई लोगों पर मामला दर्ज

बठिंडा पुलिस ने किया मामला दर्ज

पत्रकार आत्महत्या मामला

सिरसा। डबवाली के पत्रकार सतीश मोदी आत्महत्या मामले में आखिरकार पंजाब पुलिस ने तत्कालीन उपपुलिस अधीक्षक, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य सिपाही सहित अनेक लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का अभियोग अंकित कर लिया है। अभियोग दर्ज किए जाने की पुष्टि पंजाब पुलिस सब इंस्पेक्टर बलजिन्द्र सिंह ने की है। गौरतलब है कि विगत 17 फरवरी को बठिंडा स्थित रेलवे स्टेशन पर डबवाली के पत्रकार सतीश मोदी का शव बरामद हुआ था। बठिंडा पुलिस को मृतक की तलाशी के दौरान सुसाइड नोट भी मिला था। मोदी ने आत्महत्या के पीछे डबवाली के तत्कालीन उपपुलिस अधीक्षक पूर्ण चंद पंवार, निरीक्षक रवि खुंडिया, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, मुख्य सिपाही प्रीतम सिंह व मोदी के रिश्तेदार दीपक गर्ग, नरेश गर्ग, अशोक गर्ग, अजय कुमार व राजेन्द्र कुमार को जिम्मेवार ठहराया था। बठिंडा पुलिस ने उक्त लोगों के विरुद्ध कोई अभियोग दर्ज नहीं किया। मृतक के पुत्र अरुण मोदी ने उक्त आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज करवाए जाने की मांग को लेकर पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की शरण ली। अभी मामला न्यायालय में विचाराधीन ही था कि आज बठिंडा पुलिस ने उक्त सभी के विरुद्ध भादंसं की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

हजकां में लगती है ओहदों की बोली : वीरभान

सिरसा। हजकां में अब ओहदों की बोली होने लगी है। चाहे यह ओहदा पाने वालों का कोई जनाधार न हो मगर ओहदा उसे मिलेगा जो इसकी एवज में कीमत अदा करेगा। सिरसा जिला में भी ऐसा ही खेल खेला गया है और इस खेल के सूत्रधार खुद कुलदीप बिश्नोई व दूड़ाराम है। यह बात वरिष्ठ नेता वीरभान मेहता ने आज एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के जरिए कही। उन्होंने कहा कि दरअसल कुलदीप बिश्नोई भी इसी परिपाटी के नेता हैं क्योंकि उन्होंने भी अपने विधायकों को सौदेबाजी में लेना चाहा था लेकिन जीत कर आए विधायकों को उसकी चाल का भेद लग गया और इसी के चलते वे उससे किनारा कर गए। अब दूड़ाराम को सिरसा क्षेत्र में एक ऐसा कार्य सौंपा हुआ है जिसका मकसद संगठन को मजबूत करना नहीं बल्कि संगठन में शामिल होने वाले लोगों से उगाही करना है। मेहता ने हजकां छोड़े जाने के प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि हजकां को सिरसा जिला में उन्होंने बड़ी ईमानदारी और कर्मठता से मजबूत किया था मगर कुलदीप बिश्नोई को यह सब रास नहीं आ रहा था। इसका कारण ये था कि कुलदीप बिश्नोई को अपने सगे भाई चंद्रमोहन पर भी संदेह रहता था तो सो वह दूसरों पर कैसे एतबार कर सकते हैं। यही कारण रहा कि हजकां के शुरूआती दौर जो चौ. भजन लाल के समय शामिल हुए थे, वे सभी उनके बाद से पार्टी छोडऩे को मजबूर हो गए हैं। कुलदीप बिश्नोई ने ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं कि कोई भी स्वाभिमानी व्यक्ति इस पार्टी में नहीं रहना चाहता। उन्होंने कहा कि दरअसल कुलदीप बिश्नोई ने पिछले विधानसभा चुनाव में उनका साथ नहीं दिया और इसका उदाहरण देते हुए बताया कि गांव धिगतानियां में आयोजित सभा में उन्होंने दो शब्द भी नहीं कहे। इसका कारण क्या है? आप खुद समझ सकते हैं मगर पार्टी का सुप्रीमों अपने उम्मीदवार के समर्थन में कोई प्रयास न करे तो इससे जाहिर होता है कि कुलदीप बिश्नोई भी संगठन के प्रति सजग नहीं है। उनकी नीतियां भी संदेह के घेरे में रहती है। पार्टी का चाहे कोई नेता हो अथवा कार्यकर्ता कुलदीप बिश्नोई से संपर्क स्थापित नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि अब दूड़ाराम भी अपनी राजनीतिक खुन्नस निकालते हुए उन सभी लोगों को पीछे कर रहे हैं जिन्होंने हजकां के आधार को मजबूत किया है। इसके अलावा दूड़ाराम कुलदीप बिश्नोई के भी हितैषी नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से दुर्योधन के मोह में धृतराष्ट्र ने पूरे कुनेबे का नाश कर लिया था उसी तरह दूड़ाराम जैसे भाई के मोह में कुलदीप पार्टी का खात्मा कर रहे हैं। मेहता ने कहा कि एक मजबूरी के चलते अभी कुलदीप गठबंधन के गीत गा रहे हंै मगर सच्चाई ये है कि कुलदीप की नीतियों के चलते यह गठबंधन जल्द ही टूटने वाला है।

खेलों से होता है सर्वांगीण विकास : उपायुक्त

शहीद भगत सिंह स्टेडियम में शुरू हुई पायका

सिरसा। खेलों से व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को किसी न किसी खेल में अवश्य भाग लेना चाहिए। खेलों का जीवन में बड़ा महत्व है।
    यह बात उपायुक्त डा. जे. गणेसन ने आज शहीद भगत सिंह स्टेडियम में तीन दिवसीय स्वामी विवेकानंद हरियाणा राज्य ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता (पायका)का शुभारंभ करने उपरांत खिलाडिय़ों व दर्शकों को कही। उन्होंने कहा कि खेलों से मनुष्य का बौद्धिक व मानसिक विकास भी होता है तथा अनुशासन व भाईचारे की भावना भी पैदा होती है जो किसी भी समाज व राष्ट्र के नवनिर्माण में सहायक सिद्ध होती है।

    डा. गणेसन ने खिलाडिय़ों को सम्बोधित करते हुए कहा कि खेल के नियमों का आदरपूर्वक पालन करते हुए खेंले।  उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों को अनुशासन में रहकर तथा भाईचारे की भावना से खेल खेलना चाहिए। उपायुक्त ने बताया कि स्वामी विवेकानंद हरियाणा राज्य ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के लड़कों में करवाई जा रही है। इन प्रतियोगिताओं में एथलिट्स, हॉकी, बास्केटबाल, वॉलीबाल तथा जूडो के खिलाड़ी भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में जिले के सभी जिलो  अम्बाला, मेहन्द्रगढ,पानीपत, सोनीपत, रेवाड़ी, भिवानी, पलवल, मेवात, फतेहाबाद, हिसार, पंचकुला, फरीदाबाद, गुडग़ांवा, यमुनानगर, जींद, झज्जर, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, रोहतक तथा सिरसा के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
    उपायुक्त ने कहा कि पायका खेल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी हुई खेल प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देना है।  उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं लागू की है। इस अवसर पर 1500 मीटर की दौड़ करवाई गई इस दौड़ में सुनील जिला सोनीपत प्रथम, मनदीप जिला जींद द्वितीय, तथा सुनील जिला हिसार तृतीय स्थान पर रहे । इन विजेता खिलाडिय़ों को उपायुक्त द्वारा ईनाम वितरित किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों  का आयोजन भी किया गया।
    इस अवसर पर  अतिरिक्त उपायुक्त शिवप्रसाद शर्मा ने खिलाडिय़ों के साथ आए कोच व खेल विभाग  के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।  इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी संत लाल पचार, नगराधीश प्रेम चंद, उपनिदेशक खेल सतीश कुमार नौटियाल, जिला खेल अधिकारी कुलदीप कटारिया तथा खेल विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Saturday 19 October 2013

चौपटा बनेगी तहसील : सीएम

प्रदेश के पहले आरोही स्कूल का किया उद्घाटन

सिरसा। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में चहुंमुखी विकास करवाया जा रहा है। किसी क्षेत्र से विकास के मामले में कोई भेदभाव नहीं किया गया है। हरियाणा के हर क्षेत्र का विकास करवाना सरकार की जिम्मेदारी है। सीएम आज चोपटा में विकास रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा में बने पहले आरोही स्कूल का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने चौपटा को तहसील का दर्जा दिए जाने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने विकास रैली के दौरान अनेक घोषणाएं कीं।

               हुड्डा ने कहा कि पूरे प्रदेश में साढे चार हजार ऐसे विद्यालय बनाए जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री योजना व प्रदेश सरकार के सहयोग से उक्त विद्यालयों का निर्माण करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी एक वर्ष के दौरान 65 हजार नौकरियां दी जाएंगी। एलनाबाद हल्के के विकास के लिए 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं एलनाबाद में 50 बिस्तर का अस्पताल भी बनाया जाएगा। चौपटा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का दर्जा बढ़ाते हुए उसे सामुदाय स्वास्थ्य केन्द्र बनाए जाने की घोषणा भी सीएम ने की। इसके अतिरिक्त चौपटा के विकास पर एक करोड़ रुपये खर्च किए जाने की घोषणा के साथ-साथ गौशाला को निजी कोष से 10 लाख रुपये देने की बात कही। हुड्डा ने कहा कि दड़बा में आगामी 2015 तक 33केवी सब स्टेशन का निर्माण करवा दिया जाएगा जिससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति में आ रही बाधा दूर होगी।

                मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावों से पूर्व जो घोषणाएं की गईं थीं उन्हें अमलीजामा पहनाया जा रहा है। विकास के क्षेत्र में हरियाणा अग्रणी राज्य बन चुका है। रैली के संयोजक पूर्व विधायक भरत सिंह बेनीवाल ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष चौपटा को तहसील का दर्जा दिए जाने की मांग रखी थी। आज सीएम ने चौपटा को तहसील का दर्जा देकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनहितैषी है। 36 बिरादरियों को साथ लेकर सरकार विकास की डगर पर है। इस मौके पर सांसद अशोक तंवर ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार शिक्षा को लेकर गंभीर है। हरियाणा में आरोही स्कूलों को बनाए जाने की मंजूरी देकर केन्द्र सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। इस अवसर पर संसदीय सचिव प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा, कुलदीप सिंह गदराना, बजरंग दास गर्ग, होशियारी लाल शर्मा, भूपेश मेहता इत्यादि उपस्थित थे।

Friday 18 October 2013

अर्धांगिनी की हत्या


सिरसा। गांव भीमां में घरेलू कलह के चलते व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना में आरोपी के दो रिश्तेदारों ने भी साथ दिया। पुलिस ने पंचनामा भर शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
    मिली जानकारी के अनुसार गांव भीमां में जगदीश उर्फ लीला का परिवार है। कुछ दिनों से लीला का अपनी पत्नी जसविन्द्र कौर से मन मुटाव चल रहा था। सूत्रों के मुताबिक लीला को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में कलह रहने लगी। गत सांय लीला की अपनी पत्नी से कहासुनी हो गई। मामला बिगड़ गया। एक बारगी तो लीला घर से चला गया। बाद में वह अपने चाचा सुंदर व महेन्द्र पुत्र सूरत सिंह के साथ घर पहुंचा। तीनों ने मिलकर जसविन्द्र पर कुल्हाड़ी से वार कर दिए। घटना स्थल पर ही जसविन्द्र की मौत हो गई। बच्चों के चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुन आस-पड़ोस के लोग एकत्रित हुए। घटना की जानकारी रोड़ी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर उपपुलिस अधीक्षक तथा रोड़ी थाना प्रभारी जगदीश राय पुलिस दल-बल सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका की बेटी नवजोत कौर की शिकायत पर उसके पिता जगदीश, महेन्द्र व सुंदर सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया। आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं।

ट्रैक्टर तले कुचले जाने से मासूम की मौत

सिरसा। रानियां में 11 वर्षीय बच्चे को ट्रैक्टर चालक ने कुचल दिया। मौके पर एक बच्चे का दम टूट गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार रानियां निवासी विशाल पुत्र राजू गत सायं घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण विशाल की मौत हो गई। पुलिस ने शव का अंत: परीक्षण करवा वारिसों को सौंप दिया।

इनेलो नेता पर कब्जा करवाने का आरोप

सिरसा। अनाज मंडी निवासी एक महिला ने कालांवाली के आढ़ती और इनेलो नेता प्रदीप जैन पर प्लॉट पर कब्जा करवाने का आरोप लगाया है। एक निजी रेस्टोरेंट में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनाज मंडी की दुकान नंबर 24 के पीछे रहने वाली दर्शना जैन पत्नी जैनेंंद्र जैन ने बताया कि उनका एक प्लॉट कालांवाली में है। एक कनाल सवा मरले का प्लॉट है और इसकी रजिस्ट्री 8 फरवरी 2005 को हुई थी जिसका इंतकाल नंबर 18433 है। दर्शना जैन ने बताया कि प्रदीप जैन उनका रिश्तेदार है और उसी ने यह जमीन कालांवाली में लेकर दी थी। साथ ही यह विश्वास दिलाया था कि वह इस जमीन की देखभाल करता रहेगा।  जबकि हकीकत में प्रदीप जैन ने ही तहसीलदार, कानूनगो व हलका पटवारी के साथ मिलकर प्लॉट को हड़पने की साजिश की और उन्हें धोखे में रखा। दर्शना जैन के मुताबिक, इस संबंध में उन्होंने तहसीलदार व हलका पटवारी को दरख्वास्तें दी लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने उपायुक्त से इसकी शिकायत की। उपायुक्त ने एसडीएम को इस पर कार्रवाई करने को कहा। एसडीएम ने तहसीलदार की ड्यूटी लगाई तो उन्हें निशानदेही के लिए कालांवाली बुलाया गया।  जांच  रिपोर्ट में कुछ दोषियों के नाम सामने भी आए हैं लेकिन इसके बावजूद उपायुक्त ने कोई विशेष कार्रवाई नहीं की। दर्शना जैन ने अपने साथ न्याय किए जाने की गुहार की है और इस संबंध में कमिश्नर हिसार को भी पत्र भेजा है।

Thursday 17 October 2013

हादसों में तीन की मौत

सिरसा। अलग-अलग हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का अंत: परीक्षण करवा वारिसों को सौंप दिया।
                जानकारी के अनुसार अबोहर निवासी बुग्गाराम पुत्र साधु राम गत रात्रि कैंटर में किन्नू लादकर दिल्ली जा रहा था। जैसे ही कैंटर भावदीन के निकट पहुंचा अचानक कैंटर के आगे नील गाय आ गई। चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कैंटर पलट गया। हादसे में बुग्गाराम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
               उधर ओढां के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। मूल रूप से बिहार का रहने वाला शंकर लाल ओढां के शहद प्लांट में मजदूरी करता था। गत सायं वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। शंकर को सिरसा सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने शंकर की मौत के लिए चिकित्सकों की लापरवाही को दोषी ठहराया है। वहीं गांव खारी सुरेरां का रहने वाला गजानन्द गांव के ही किस्मत सिंह के साथ बाईक पर सवार होकर एलनाबाद से घर लौट रहा था। किस्मत सिंह का बाईक से नियंत्रण बिगड़ गया। दोनों सड़क पर जा गिरे। गजानन्द के सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। किस्मत सिंह को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने सामान्य अस्पताल में मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिए।

क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते धरे

10 मोबाइल, एलसीडी व नकदी बरामद

सिरसा। शहर थाना पुलिस ने गत सायं भारत व ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए क्रिकेट मैच के दौरान सट्टा लगाने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना शहर सिरसा में जुआ अधिनियम की धारा 13-ए, 3, 67 व आईटी एक्ट के तहत अभियोग अंकित किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि खैरपुर क्षेत्र में हिसार रोड स्थित दुकान श्री बालाजी फाइनेंस पर कुछ लोग भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर सट्टा लगा रहे थे। शहर थाना के उपनिरीक्षक शिवनारायण पर आधारित एक पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा और रामनिवास तथा अमरनाथ पुत्र बनवारीलाल निवासी खैरपुर, अरुण व अमित पुत्र सुभाष चंद्र, पवन पुत्र हरकेश निवासी एमसी कॉलोनी व मुकेश पुत्र सोहनलाल निवासी गोबिंद नगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 10 मोबाइल फोन, एक एलसीडी, तीन सट्टा पर्ची तथा 27 हजार 600 रुपए की नकदी बरामद की है।

Wednesday 16 October 2013

मां-पुत्री ने की मासूम की हत्या

अहमदपुर में साढ़े तीन वर्षीय मासूस की मौत का मामला

एएसपी राजेन्द्र मीणा ने किया खुलासा

ARUN
सिरसा। गांव अहमदपुर में मासूम की हत्या के मामले का पटाक्षेप हो गया है। पुलिस ने पुख्ता तथ्यों के आधार पर हत्या में संलिप्त मां-पुत्री को काबू किया है। पुलिस पूछताछ में मां-पुत्री ने मासूम की हया करना कबूल किया है। यह खुलासा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र कुमार मीणा ने पत्रकार वार्ता के दौरान किया। मीणा ने बताया कि अरुण कुमार उर्फ अन्नू की हत्या मृतक बच्चे अरुण के पिता परमजीत की मामी रामप्यारी पत्नी भजन लाल व उसकी पुत्री सोमा ने मिलकर की है। एएसपी ने बताया कि हत्या के पीछे रंजिश थी। 20 वर्षीय सोमा ने पूछताछ में खुलासा किया कि परमजीत सिंह उसका कहीं भी रिश्ता तय नहीं होने दे रहा था। यही नहीं परिवार में वे केवल बहने हैं। भाई न होने के कारण अक्सर परमजीत उन्हें ताना मारता रहता था। आखिरकार साढ़े तीन वर्षीय अरुण, सोमा व उसकी मां रामप्यारी के गुस्से का शिकार हो गया। मां-पुत्री ने मिलकर मासूम की हत्या कर दी। एएसपी ने बताया कि गत दिवस सीआईए पुलिस ने संदेह के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लिया था। मां-पुत्री ने मासूम की हत्या किया जाना स्वीकार कर लिया। दोनों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।

छत्रपति हत्याकांड मामले में अगली पेशी 23 नवंबर को

सिरसा। पत्रकार छत्रपति व रणजीत हत्याकांड तथा साध्वी यौन शोषण मामले में मुख्य आरोपी डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह ने आज न्यायालय के समक्ष पेशी भुगती। आज पत्रकार छत्रपति हत्याकांड में सीबीआई की विशेष अदालत में गवाह के हाजिर न होने के कारण अदालती कार्रवाई नहीं हो पाई। सीबीआई अदालत के विशेष जज आरके यादव ने आगामी कार्रवाई हेतु 23 नवंबर तारीख मुकर्रर की है। उधर साध्वी यौन शोषण व रणजीत मर्डर केस में डेरा मुखी गुरमीत सिंह को आगामी 26 अक्तूबर को सीबीआई अदालत के समक्ष पेश होना पड़ेगा।

दुर्घटना में युवक की मौत

सिरसा। सामान्य अस्पताल रोड पर गत रात्रि ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया। अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार चत्तरगढ़ पट्टी निवासी रमेश कुमार पुत्र रामलीलाल गत रात्रि बाईक पर सवार होकर सामान्य अस्पताल रोड से घर लौट रहा था। रास्ते में वह ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गया। मौके पर रमेश कुमार की मौत हो गई। चालक घटना स्थल पर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।

Tuesday 15 October 2013

सब्जी मंडी का कूड़ादान है यह



बदबू व सांडो की लड़ाई से क्षेत्रवासी त्रस्त

सिरसा। ऊपरगामी पुल के नीचे बनी सब्जी मंडी ने एक ओर जहां सब्जी विक्रेताओं को निश्चित ठिकाना मुहैया करवाया है वहीं प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह मंडी आस-पास के लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। मंडी के शुभारंभ से पहले इसे अत्याधुनिक तौर पर पेश करने के लिए बड़े-बड़े दावे किए गए लेकिन इन दावों की पोल अब धीरे-धीरे खुलने लगी है। सब्जी मंडी के पास खाली पड़ा प्लॉट मंडी का कूड़ादान व शौचालय बना हुआ है। इसे लेकर आस-पास के दुकानदारों व निवासियों में कड़ा रोष है। इस बाबत कई बार नगरपरिषद अधिकारियों को शिकायत की गई है लेकिन उनके कानों तले जूं नहीं रेंग रही। 
ज्ञात रहे कि कुछ समय पूर्व सब्जी विक्रेताओं को एक निश्चित स्थान मुहैया करवाने के उद्देश्य से हिसार रोड स्थित रेलवे उपरगामी पुल के नीचे सब्जी मंडी को स्थान दिया गया। सब्जी मंडी पर लाखों रुपए खर्च हुए। मंडी में लाइटिंग की उचित व्यवस्था, कूड़ेदान रखे जाने, शौचालय बनाने, पानी का बंदोबस्त करने के दावे निर्माण के समय हुए। उल्लेखनीय है कि सब्जी मंडी की सभी प्रकार की व्यवस्थाएं नगरपरिषद के हवाले की गई थीं लेकिन न तो यहां कभी कूड़ेदान रखे गए और न ही सब्जी विक्रेताओं के लिए शौचालय का ही बंदोबस्त किया गया। शहर में कूड़ा उठाने का ठेका लेने वाली डिंगमैन पॉवर कंपनी द्वारा हालांकि यहां प्रतिदिन ट्रॉली भेजे जाने का दावा किया गया है लेकिन सब्जी मंडी के पास खाली पड़ा प्लॉट ही सब्जी विक्रेताओं द्वारा अमूमन कूड़ेदान व शौचालय के रूप में प्रयोग किया जा रहा है।

यह बोले नप के इंस्पेक्टर देवेन्द्र

''मंडी में कूड़ेदान रखवाए गए हैं और हर रोज उनमें से कूड़ा निकालने का ठेका डिंगमैन पॉवर कंपनी के पास है।"

डिंगमैन कंपनी के संचालक बृजलाल का दावा

''हमारी ओर से कार्य में कोई कोताही नहीं बरती जा रही है। प्रतिदिन गाड़ी कूड़े उठाने के लिए भेजी जाती है।"

मंडी प्रधान महेन्द्र की व्यथा

''मंडी में पानी व शौचालय की समस्या सबसे अधिक गंभीर है। कूड़ा डालने के लिए कूड़ादान कहीं नहीं रखवाए गए हैं। हम जहां तक संभव हो सफाई का पूरा ध्यान रखते हैं।"

मासूम की हत्या : हिरासत में चार

सिरसा। गांव अहमदपुर में बच्चे की निर्मम हत्या के मामले में अपराध अन्वेषण शाखा पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।
    गौरतलब है कि गत दिवस अहमदपुर में भजन लाल के मकान की छत पर गांव से लापता साढ़े तीन वर्षीय अरुण का शव बरामद हुआ था। परमजीत का पुत्र अरुण गांव में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान लापता हो गया था। गत दिवस परमजीत के मामा भजन लाल के मकान की छत पर से बच्चे का शव सीमेंट के थैले में मिला था। सूत्रों के मुताबिक अपराध अन्वेषण शाखा पुलिस ने भजन लाल की पत्नी व तीन अन्य लोगों को हिरासत में लिया है।

Monday 14 October 2013

मासूम की हत्या

शव मिला मामा के घर की छत पर

सिरसा, 14 अक्तूबर। गांव अहमदपुर में एक मासूम की हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
    मिली जानकारी के अनुसार गत दिवस गांव अहमदपुर में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। कार्यक्रम में गांव का ही रहने वाला परमजीत अपने तीन वर्षीय पुत्र अरुण उर्फ अनु व पत्नी के साथ गया हुआ था। इसी दौरान अरुण बच्चों के साथ खेलने लगा। कार्यक्रम सम्पन्न हुआ तो परमजीत को अरुण नहीं मिला। अरुण के गायब होने की बात गांव में आग की तरह फैल गई। ग्रामीणों ने बच्चे को ढूंढना शुरू किया और आस-पास के गांवों में भी उसकी तलाश की। तलाशी के बावजूद भी बच्चा नहीं मिला। आज सुबह अरुण का शव गांव के ही भजन लाल पुत्र रांझा राम के मकान की छत पर मिला। बताया जा रहा है कि भजन लाल परमजीत का मामा लगता है। बच्चे का शव सीमेंट के थैले में था। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सौरभ सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र मीणा, सदर थाना प्रभारी जगदीश जोशी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

गोपाल कांडा को नहीं मिली जमानत

सिरसा। गीतिका शर्मा सुसाइड केस में हरियाणा के पूर्व गृहराज्यमंत्री गोपाल कांडा को दिल्ली स्थित रोहिणी कोर्ट ने जमानत नहीं दी है। कुछ दिन पूर्व कांडा ने उक्त न्यायालय में नियमित जमानत हेतु याचिका दायर की थी। न्यायालय ने बहस के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। आज सुनवाई करते हुए जमानत याचिका रद्द कर दी।

संभव नहीं महागठबंधन : अभय

सिरसा में की पत्रकारवार्ता

सिरसा। एलनाबाद के विधायक एवं इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा में हजकां-भाजपा के साथ इनेलो के महागठबंधन को लेकर चल रही अफवाहों पर विराम लगा दिया। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन किसी भी सूरत में संभव नहीं है। चौटाला आज पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
    चौटाला ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित होने के पश्चात इनेलो ने बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की थी। क्योंकि इनेलो कांग्रेस की प्रतिद्वंद्वी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने देश व प्रदेश को खोखला कर दिया है। जब से हरियाणा में कांग्रेस सत्तासीन हुई है, लूट, भ्रष्टाचार, हत्या, बलात्कार व डकैती जैसी घटनाओं में बढ़ौतरी हुई है। किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। मंडियों में फसलों की बोली न होने के कारण किसानों को दोहरी मार पड़ रही है। उन्होंने कहा कि आगामी एक नवंबर को हरियाणा दिवस पर कुरुक्षेत्र में जननायक चौ. देवीलाल के जनमदिवस को सम्मान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान एकत्रित हुई भीड़ संकल्प लेगी कि आने वाले समय में कांग्रेस के शासन को कैसे समाप्त किया जाए। इस अवसर पर पदम जैन, कृष्णा फौगाट, भागीरथ इत्यादि मौजूद थे।

Saturday 12 October 2013

नवरात्रा के समापन पर हवनयज्ञ का आयोजन

108 कंजकों का पूजन कर करवाया भोजन

नवरात्रा पर खली कन्याओं की कमी

सिरसा, 12 अक्तूबर। नोहरिया बाजार की गली गोलछावाली स्थित इच्छापूर्ण श्री हनुमान मंदिर में शनिवार को 34वां नवरात्रा महोत्सव पर अष्टमी को हवन यज्ञ किया गया। पूजा अर्चना के बाद 108 कन्याओं को भोजन करवाया गया।
    मंदिर के पुजारी बालकृष्ण दायमा ने बताया कि मंदिर में शनिवार को नवरात्रा की अष्टमी को हवन यज्ञ किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति डालकर विश्वशांति की कामना की। उन्होंने बताया कि यज्ञ के बाद मां भगवती की आरती गई। बाद में 108 कन्याओं की पूजा कर उन्हे भोजन करवाया गया। उन्होंने बताया मंदिर में यह 34वां अद्र्धवार्षिक नवरात्रा महोत्सव मनया गया। इसके अलावा शहर में श्रद्धालुओं ने अष्टमी को मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर कंजकों की पूजा की और उन्हे भोजन करवाकर भेंछ स्वरुप दक्षिणा देकर विदा किया।
नवरात्रा पर खली कन्याओं की कमी:नवरात्रा के समापन पर अष्टमी को लोगों को पूजा के लिए जब कन्याओं की जरुरत पड़ी तब उन्हे एक घर से दूसरे घर भटकते हुए देखा गया। कन्या भू्रण हत्या का असर नवरात्रा के अष्टमी पर देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने तो अष्टमी को प्रण किया कि वे न तो स्वयं ही कन्या भू्रण हत्या करेंगे और न ही अपनी परिचितों को करने देंगे।

महिला ने किया आत्मदाह

ससुरालपक्ष व मायके वालों में तनातनी

सिरसा। गांव झिड़ी निवासी एक विवाहिता ने आज आत्मदाह कर लिया। महिला द्वारा आत्महत्या के कारणों का फिलहाल कोई पता नहीं चल पाया है। विवाहिता की मौत के बाद अस्पताल में ससुराल व मायके पक्ष में तनातनी भी हुई। सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के हवाले कर दिया गया।
    मिली जानकारी के अनुसार गांव झिड़ी निवासी 25 वर्षीय मनप्रीत पत्नी मेवा सिंह गत दिवस घर में अकेली थी। मनप्रीत ने घर में रखा मिट्टी का तेल स्वयं पर छिड़क लिया और आग लगा ली। चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुन पड़ोसी एकत्रित हो गए और परिजनों को सूचित किया। विवाहिता को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रैफर कर दिया। बाद में घावों का ताव न सहते हुए मनप्रीत का दम टूट गया। सामान्य अस्पताल में विवाहिता का पोस्टमार्टम करवाया गया। यहां ससुराल व मायके पक्ष में तनातनी हो गई। मायके वाले ससुरालजनों पर मनप्रीत को तंग करने का आरोप लगा रहे थे। वहीं मनप्रीत के पति मेवा सिंह का कहना है कि मनप्रीत को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं थी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर ली है।

सत्याग्रही हुए रिहा

सिरसा। भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के सत्याग्रह आंदोलन के बाद गिरफ्तार किए गए 24 कार्यकर्ता देर रात्रि सिरसा जेल से रिहा कर दिए गए। सत्याग्रही सात दिन बाद जेल से जमानत पर रिहा हुए। वहीं जेल में एक कैदी की मौत के बाद भूख हड़ताल करने की कथित सजा के तौर पर भाकपा नेता स्वर्ण सिंह विर्क और जयचन्द सहारनी को भी हिसार जेल से जमानत पर रिहा कर दिया गया है। रिहा होने के बाद सत्याग्रहियों का पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा सिरसा जेल के बाहर जोरदार स्वागत किया गया। भाकपा राज्य कार्यकारिणी के सदस्य कामरेड स्वर्ण सिंह विर्क ने कहा कि जेल में एक कैदी रियासत अली की मौत की जांच की मांग को लेकर सी.पी.आई. द्वारा जेल में भूख हड़ताल की गई थी जिसका पूरी जेल के कैदियों और हवालातियों द्वारा समर्थन किया गया गया था लेकिन जेल व जिला प्रशासन द्वारा प्रदेश की कांग्रेस सरकार के इशारे पर उन्हें और जयचन्द सहारनी सहित 18 बंदियों को हिसार जेल में चक्कीबंद कर दिया गया जहां खूंखार अपराधियों व देशद्रोहियों को रखा जाता है। जेल प्रशसन पर आरोप लगाते हुए विर्क ने कहा कि जेल में उन्हें नजरबंद रखा गया तथा इस दौरान न तो किसी से उन्हें मिलने दिया गया और न ही उन्हें दवाई आदि दी गई।
    कामरेड जयचन्द सहारनी ने कहा कि भाकपा महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी के विरूद्ध लोगों ...शेष पृष्ठ चार पर

Thursday 10 October 2013

सिखों के साथ हुई नाइंसाफी : सुखविन्द्र खालसा

हत्या के आरोपी डेरा प्रेमियों को बरी करना निंदनीय

उच्च न्यायालय में करेंगे अपील

सिरसा। डबवाली में 2008 में हुए दंगों के दौरान मारे गए सिक्ख युवक के आरोपियों को बरी किया जाना सिख समुदाय के साथ नाइंसाफी है। इसके खिलाफ सिख समाज उच्च न्यायालय का सहारा लेगा। यह बात गुरुग्रंथ साहिब सत्कार सभा के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र खालसा ने कही। खालसा आज यहां गुरुद्वारा दशम पातशाही में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
    उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में डेरा प्रेमियों व सिखों के बीच हुए टकराव में सिख समुदाय के हरमंदर की मौत हुई थी जबकि इसी मामले में डेरा के लोग घायल हुए थे। उन्होंने कहा कि न्यायालय द्वारा डेरा प्रेमियों पर हमले के आरोप में सिख समुदाय के सात लोगों को सजा सुना दी गई जबकि सिख युवक की हत्या को मामले में आरोपी पांचों डेरा प्रेमियों को अदालत द्वारा बरी कर दिया गया है। उन्होंने इसे सिख समुदाय के साथ अन्याय करार देते हुए उच्च न्यायालय में अपील करने की बात कही है। पत्रकार वार्ता में पंथक सेवा लहर के प्रमुख संत बलजीत सिंह दादूवाला ने सिख समुदाय से इस अन्याय के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।

सीवरेज समस्या को लेकर प्रदर्शन

सिरसा। रानियां रोड स्थित जंडीवाली गली निवासियों ने आज सब्जी मंडी के दुकानदारों के साथ मिलकर बदहाल सीवरेज व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों मुकेश कुमार, सतपाल, आत्मराम, गंगाराम बजाज, नीलो देवी, शांति, कमला इत्यादि का आरोप था कि विगत कई दिनों से इस क्षेत्र की सेवरेज लाईन बंद है। बार-बार शिकायत के बावजूद भी अधिकारी उनकी नहीं सुन रहे हैं। सीवर ओवरफ्लो होने से क्षेत्र मेें गंदा पानी जमा है जिसके कारण लोग बीमारियों के शिकार हो रहे हैं।
             प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ व मार्केट कमेटी सचिव मदन लाल सिहाग मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। अधिकारियों द्वारा तुरंत सीवरेज सफाई का कार्य शुरू करवा दिया गया। लोगों का कहना है कि यदि फिर भी व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे जाम लगाने को मजबूर होंगे।

रोडवेज कर्मी भड़के, किया प्रदर्शन

सिरसा। हरियाणा रोडवेज ज्वाइंट एक्शन कमेटी के तत्वावधान में आज सिरसा डिपू के परिवहन कर्मियों ने बस अड्डा परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने द्वारा निजी परमिट दिए जाने का विरोध किया और कांग्रेस सरकार व मुख्यमंत्री हुड्डा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व मदन लाल खोथ व राजकुमार चूरनिया कर रहे थे। प्रदर्शन के बाद सभी कर्मी एक दिवसीय धरने पर बैठ गए।
    ज्ञातव्य हो कि प्रदेश सरकार द्वारा नई परिवहन नीति के तहत 3519 निजी परमिट जारी किए गए हैं। मदन लाल खोथ ने कहा कि प्रदेश सरकार परिवहन विभाग को गर्त में धकेलने को प्रयासरत्त है। पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निजी परमिट जारी किए जा रहे हैं जबकि सरकार को चाहिए कि परिवहन विभाग के बेड़े में बसों की गिनती बढ़ाए। इससे जहां विभाग के राजस्व में बढ़ौतरी होगी वहीं अनेक बेरोजगारों को भी पक्की नौकरी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भी सरकारी बसों की सेवा का लाभ चाहती है लेकिन सरकार चला रहे नुमाइंदे सिर्फ स्वार्थभाव से कार्य कर रहे हैं। राजकुमार चूरनिया ने कहा कि सरकार की इस नीति का विरोध आमजन के साथ-साथ सभी विभागीय कर्मी भी कर रहे हैं। सरकार आम जनता को अच्छी सरकारी परिवहन सेवा देने की बजाए पूंजीपतियों की जेबें भर रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार अपना फैसला वापिस नहीं लेती है तो वे जनता में जाकर उसे बेनकाब करेंगे। इसके अलावा 13 नवंबर को एक दिवसीय हड़ताल रखने का भी प्रस्ताव है।

गैंगरेप के आरोपी गिरफ्तार

न्यायालय ने भेजा न्यायिक हिरासत में

सिरसा। गांव फतेहपुरिया की एक महिला से गैंगरेप करने के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
    मिली जानकारी के अनुसार फतेहपुरिया निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की शिकायत दी थी। महिला का आरोप था कि विगत 7 अक्तूबर को वह सिरसा के पुराना बस स्टेंड पर खड़ी थी। उसे गांव भरोखां में अपनी पुत्री से मिलने जाना था। इसी दौरान उसके पास आकर एक जीप रुकी, जिसमें गांव ताजिया निवासी राकेश पुत्र बनवारी, सुभाष पुत्र महावीर तथा चन्द्रशेखर पुत्र सूरताराम सवार थे। तीनों ने उसे गांव भरोखां छोड़ देने की बात कहीं जिसपर वह उनके साथ जीप में बैठ गई। आरोप है कि रास्ते में तीनों ने उसे जबरदस्ती नशीली गोलियां खिला दीं जिससे वह बेसुध हो गई। महिला का कहना था कि तीनों उसे अज्ञात स्थान पर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच सदर थाना प्रभारी जगदीश चन्द्र को सौंपी। जांच अधिकारी ने महिला की चिकित्सीय जांच करवाई जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पुलिस ने जांच के बाद तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तफ्तीश में एक महिला रानी निवासी ताजिया को भी इस मामले में संलिप्त पाया गया। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने चारों आरोपियेां को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

दोहते के खिलाफ हत्या का मामला

सिरसा। दोहते द्वारा तलवार से काटकर घायल किए गए वृद्ध की आज मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस संदर्भ में दर्ज मामले में धारा 302 जोड़ दी है।
    उल्लेखनीय है कि मीरपुर निवासी 80 वर्षीय सुलखन पुत्र भीम सिंह पर उसके दोहते शेर सिंह ने विगत 23 सितंबर को शराब के नशे में तलवार से हमला कर दिया था। घायल सुलखन का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां आज उसकी मौत हो गई।

Tuesday 8 October 2013

तानाशाह हुई हुड्डा सरकार : रोशन

सिरसा। सरकार व प्रशासन छात्रों की मांगों को हल करने की बजाय उन पर मुकद्दमे दर्ज कर तानाशाही तरीके से छात्रों और छात्र संगठनों की आवाज को दबाना चाहते हैं। यह बात ऑल इंडिया स्टूडैंट फेडरेशन (ए.आई.एस.एफ.) के प्रदेश संयोजक रोशन सुचान ने करतार सिंह सराभा भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कही। ए.आई.एस.एफ. के पांचों छात्र नेता रोशन सुचान, सी.भोला, मनोज पचेरवाल, मनदीप आजाद व प्रवीन जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि इन पांचों छात्र नेताओं को सी.पी.आई. द्वारा 4 सितम्बर को महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के विरूद्ध आयोजित राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह के बाद उपायुक्त कार्यालय से गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया गया था। वहीं सी.पी.आई. के 24 नेताओं को भी जेल भेजा गया था। छात्र नेताओं पर आई.टी.आई. चौक पर सड़क जाम, हुड़दंग करने, छात्रों को भड़काने व ध्वनि प्रदूषण सहित विभिन्न मामले दर्ज किए गए थे।

कैदी की मौत के लिए जेल प्रशासन जिम्मेवार

               सिरसा जेल में बंदियों के मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन किया जा रहा है। जेल प्रशासन भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा हुआ है। 4 अक्तूबर की रात को जेल में बंद कैदी रियासत अली की मौत जेल प्रशासन और जेल अधिकारी आत्मा राम बिश्नोई की लापरवाही के कारण हुई थी। 2 अक्तूबर को जब रियासत की तबीयत बिगड़ी तो जेल प्रशासन द्वारा उसे अस्पताल में दाखिल करवाने के लिए पांच हजार रूपये मांगे गए थे। आखिरकार कैदियों द्वारा शोर मचाने पर उसे सिविल अस्पताल लाया गया लेकिन दाखिल नहीं किया गया। रात्रि 2 बजे उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि सुबह जेल अधीक्षक आत्मराम बिश्नोई द्वारा 'लगता है साला करंट छोड़ गया हैÓ जैसी अभद्र टिप्पणी की गई। रियासत की मौत के बाद कामरेड स्वर्ण सिंह विर्क के नेतृत्व मेंं सभी 800 कैदियों और हवालातियों ने भूख हड़ताल कर दी। आनन-फानन में उपायुक्त जे. गणेसन व आई.जी. जेल द्वारा मौके पर जाकर भूख हड़ताल खत्म करवाई गई और मजिस्टे्रट जांच की मांग मान ली गई। उन्होंने कहा कि जेल अधीक्षक के धमकाने के बावजूद प्रत्यक्षदर्शी कैदियों ने जांच अधिकारी को दिए बयानों में रियासत की मौत के लिए जेल प्रशासन को ही जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि ए.आई.एस.एफ. द्वारा राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और राज्यपाल को पत्र लिखकर  मामले की उच्च स्तरीय जांच के लिए मांग की जाएगी। इसके अतिरिक्त ए.आई.एस.एफ. द्वारा 11 एवं 12 नवम्बर को सिरसा में राज्य स्तरीय छात्र युवा सम्मेलन आयोजित कर शिक्षा, रोजगार व अन्य मुद्दों पर आंदोलन की घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर ए.आई.एस.एफ. जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह, अनिल सुचान, राकेश कम्बोज, प्रवीन, रामचन्द्र, पवन, रोहताश, नौरंग आदि नेता भी शामिल थे।

बस तले कुचले जाने से यात्री की मौत

सिरसा। जाट धर्मशाला के निकट हरियाणा रोडवेज की बस के नीचे आने से एक यात्री की मौत हो गई। पुलिस ने शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शिनाख्त हेतु पुलिस द्वारा मुनादी करवाई जा रही है। जानकारी के अनुसार गत सायं जाट धर्मशाला के निकट एक यात्री खारियां की ओर जाने वाली हरियाणा रोडवेज बस पर सवार होने लगा। अचानक यात्री का पैर फिसल गया और वह जमीन पर जा गिरा। इसी दौरान बस चल पड़ी। बस के टायरों के नीचे यात्री कुचला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

नहीं मिला वेतन तो करेंगे आंदोलन

सिरसा। जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को अभी तक वेतन न मिलने से भारी रोष है। इस सम्बन्ध में सिरसा कार्यकारिणी की बैठक शाखा प्रधान धर्मपाल सैनी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अगर कर्मचारियों को शीघ्र वेतन नहीं मिला तो वे 11 अक्तूबर को बैठक में संघर्ष शुरू करने का फैसला करेंगे जिसकी पूरी जिम्मेवारी विभाग के अधिकारियों की होगी।

Monday 7 October 2013

नशे में मारी गोली, वेटर की मौत

विवाह समारोह में हुई वारदात

मामला दर्ज, आरोपी फरार

सिरसा। शादी समारोह में अच्छी सर्विस न मिलने से क्षुब्ध एक व्यक्ति ने वेटर को गोली मार दी। गोली लगने से मौके पर ही वेटर की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी हत्यारे के खिलाफ मामला दर्ज कर धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
    जानकारी के अनुसार गत रात्रि रानियां के अंतर्गत गांव सादेवाला में शादी समारोह चल रहा था। समारोह में यूपी का रहने वाला 30 वर्षीय वेटर भगवान दास पुत्र रमई गया हुआ था। महफिल लगी थी। उक्त महफिल में गांव का ही जगजीत सिंह नशे में धुत्त था। सूत्रों के मुताबिक जगजीत सिंह ने अत्यधिक मात्रा में मदिरा का सेवन किया हुआ था। बताया जाता है कि शादी समारोह में उम्मीद से ज्यादा लोग पहुंच गए। शादी समारोह में सेवा दे रहे वेटरों की संख्या कम पड़ गई। जगजीत सिंह ने वेटर भगवान दास को कई दफा बुलाया। बीच-बीच में भगवान दास अन्य मेहमानों को भी संभालता रहा। जगजीत सिंह इस बार से खफा हो गया। नशे में धुत्त जगजीत सिंह ने बंदूक उठाई और भगवान दास को गोली मार दी। गोली लगने से भगवान दास की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। गोली चलने से समारोह में हड़कम्प मच गया। ठेकेदार राकेश कुमार ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने पर सहायक उपनिरीक्षक चन्द्रभान टीम सहित मौके पर पहुंचा। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

हमलावर चढ़े पुलिस के हत्थे

सिरसा। शक्ति नगर में बिजली कनैक्शन काटने गए बिजली कर्मियों पर हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया।
    गौरतलब है कि विगत 30 सितंबर को विद्युत कर्मचारी शक्ति नगर में बिल की अदायगी न करने वालों के कनैक्शन काटने गए थे। कर्मचारियों ने विक्रमजीत व गगनदीप के आवास का कनैक्शन काट दिया। उक्त लोगों ने कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हुड्डा चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी और दोनों आरोपियों को आज गिरफ्तार कर लिया।

खाना बनाते वृद्धा झुलसी, मौत

सिरसा। जे.जे. कालोनी में पुत्री से मिलने आई एक वृद्धा की झुलसने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया।
    जानकारी के अनुसार शांति देवी पत्नी रामस्वरूप कुछ दिनों से अपनी पुत्री के घर जेजे कालोनी आई हुई थी। गत सायं वह स्टोव पर खाना बना रही थी। अचानक स्टोव की आग भभकी और शांति देवी अग्रि की चपेट में आ गई। बुरी तरह झुलसी वृद्धा को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां उसका दम टूट गया। जेजे कालोनी चौकी पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया।

Saturday 5 October 2013

डेरा प्रमुख को बचा रही सरकार... Haryana Government shelters Dera Sachcha Souda head Gurmeet Singh

पीडि़तों ने की पत्रकारवार्ता, लगाए गंभीर आरोप

चंडीगढ़, 05 अक्तूबर। बलात्कार तथा हत्याओं के आरोपी डेरा सच्चा सौदा सिरसा के प्रमुख गुरमीत सिंह को बचाने के लिए सरकार ओछे हथकंडे अपना रही है। आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए हरियाणा सरकार द्वारा बलात्कार के इस हाई प्रोफाइल मामले में अदालती कार्रवाई को प्रभावित करने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं। उक्त आरोप इन मामलों में पीडि़त लोगों ने यहां प्रेस क्लब में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए लगाए।
              ज्ञातव्य हो कि अपनी साध्वियों से बलात्कार करने के आरोप में डेरा सच्चा सौदा सिरसा के प्रमुख गुरमीत सिंह पर सीबीआई जांच के बाद सीबीआई की विशेष अदालत द्वारा आरोप तय किए गए थे। अब यह मामला पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में निर्णायक दौर में है। इसके अलावा डेरा प्रमुख पर सिरसा के पत्रकार रामचन्द्र छत्रपति तथा अपने ही एक अनुयायी रणजीत सिंह की हत्या के मामले में इसी अदालत में चल रहे हैं।

बयानों के लिए बुलाया

               शहीद पत्रकार रामचन्द्र छत्रपति के पुत्र अंशुल छत्रपति और रणजीत के पिता जोगेन्द्र सिंह ने कहा कि यौन शोषण मामले में अभियोजन पक्ष की गवाहियां पूरी हो चुकी हैं। इस मामले में अब आरोपी डेरा प्रमुख को 313 के बयानों के लिए व्यक्तिगत तौर पर पेश होने के लिए कहा गया है। 313 के तहत अपने बचाव में गवाही देनी होती है और उस पर आरोपी के हस्ताक्षर भी करवाए जाते हैं। इसलिए व्यक्तिगत रूप से पेश होना जरूरी है।

पेशी से ही क्यों परेशानी

            राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए पीडि़तों ने कहा कि डेरा से मिलीभगत के कारण मुख्यमंत्री के निर्देश पर पंचकूला प्रशासन पंगु हो गया है। डेरा प्रमुख को माननीय न्यायालय ने पहले 17  सितंबर को व्यक्तिगत पेशी के आदेश दिए थे। तब पंचकूला प्रशासन ने अदालत में अर्जी देकर समय बढ़ाने की मांग की थी। अदालत ने उसके बाद 5  अक्तूबर की तिथि व्यक्तिगत पेशी के लिए निर्धारित की है। अब प्रशासन ने प्रबंध करने में नाकामी का हवाला देते हुए उच्च न्यायालय में फैसले के खिलाफ अपील की है। उन्होंने कहा  कि सरकार के इशारे पर केवल मामले को लटकाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। डेरा प्रमुख अपने कार्यक्रमों को लेकर राज्य में जहां-तहां अनेक बार गया है और वहां भी डेरा द्वारा जमकर भीड़ एकत्रित की जाती है। डेरा प्रमुख की सुरक्षा को वहां भी खतरा हो सकता है, तो फिर पेशी के दौरान ही प्रशासन को परेशानी क्यों होती है?

पुलिस कर रही अदालत की अवमानना

              अंशुल छत्रपति ने कहा कि विगत 17 सितंबर को पुलिस की याचिका पर सुनवाई करते हुए सीबीआई अदालत ने पुलिस को पांच अक्तूबर तक हर हाल में प्रबंध करने के निर्देश दिए थे। अपने निर्देशों में अदालत ने कठोर शब्दों में कहा था कि पुलिस प्रशासन अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती करने का प्रबंध करे लेकिन आरोपी का हर हाल में व्यक्तिगत रूप से पेश होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अदालत के इस फैसले को ऊपरी अदालत में चुनौती देकर सरकार व पुलिस प्रशासन माननीय अदालत की अवमानना कर रहे हैं। इस बात का भी उच्च न्यायालय को कड़ा संज्ञान लेना चाहिए।

बेहूदा दलीलों का बनाया पुलिंदा

             पीडि़तों ने पत्रकारों के समक्ष पुलिस द्वारा अदालत में दी गई दलीलों का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सर्वप्रथम 17 सितंबर को निचली अदालत में डेरा प्रमुख को खतरा बताया था। यहां गौरतलब है कि डेरा प्रमुख ने कई बार प्रदेश बार में अपने कार्यक्रमों के चलते दौरा किया है लेकिन वहां उसे खतरा क्यों नहीं होता? पुलिस की दलील थी कि 2007 में कनाडा के वैंकूवर से डेरा प्रमुख को मारने के लिए तीन आतंकवादी रवाना हुए हैं। इसके अलावा दलील दी गई थी कि दिल्ली पुलिस द्वारा गुरमीत सिंह को खतरा बताया गया है। उल्लेखनीय है कि विगत 10 सितंबर 2013 को डेरा प्रमुख ने दिल्ली में सफाई अभियान चलाया था। यदि दिल्ली में गुरमीत सिंह को खतरा होने के बावजूद पुलिस सुरक्षा के प्रबंध करने में सक्षम है तो पंचकूला पुलिस को क्यों परेशानी हो रही है?
             अशुंल छत्रपति ने कहा कि इसके अलावा भी पुलिस द्वारा कई बेहूदा व हास्यास्पद दलीलें अपनी याचिका में दी गई हैं। यही नहीं उच्च अदालत में लगाई गई याचिका में पंचकूला पुलिस नवरात्र के कारण बंदोबस्त न कर पाने का बहाना बना रही है।

गिरफ्तारी की नहीं आशंका

               व्यक्तिगत पेशी के दौरान गिरफ्तारी की संभावना के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में अंशुल छत्रपति ने कहा कि कानूनी जानकारों के अनुसार गुरमीत सिंह की  गिरफ्तारी की कोई आशंका नहीं है। व्यक्तिगत तौर पर बुलाने का मकसद केवल इतना ही है कि आरोपी के हस्ताक्षर उसकी गवाही पर होने हैं और यह प्रक्रिया वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संभव नहीं है। डेरा के लोग स्वयं गिरफ्तारी की अफवाहें फैला रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक भीड़ एकत्र की जा सके।

कठोर फैसलें लें अदालतें

              पीडि़त परिवारों ने कहा कि उन्हें अदालत से ही उम्मीद है। उन्होंने कहा कि देश की अदालतें बलात्कार के मामलों में कड़े व सराहनीय फैसले ले रही हैं। पीडि़त लड़कियों के लिए यह मामले पहाड़ से टकराने के समान हैं। सरकारों के साथ आरोपी की मिलीभगत शुरू से ही रही है, लेकिन अब पीडि़त लड़कियां पूरी तरह अदालत पर ही निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि अदालत द्वारा सरकार की अपील पर 22 अक्तूबर की तारीख मुकर्रर की गई है। इन मामलों में अर्जियों पर तुरंत सुनवाई होनी चाहिए।

मामले दिल्ली स्थानांतरित करवाने की कोशिश

             अंशुल छत्रपति व जोगेन्द्र सिंह ने कहा कि वे डेरा सच्चा सौदा गुरमीत सिंह से सम्बंधित मामलों को दिल्ली स्थानांतरित किए जाने के लिए न्यायालय का द्वार खटखटाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें हालांकि यह कदम काफी पहले उठा लेना चाहिए था लेकिन अब डेरा सच्चा सौदा इन मामलों में अदालती प्रक्रिया को भी पूरी तरह से प्रभावित करने की कोशिश में है। इसके अलावा हरियाणा में डेरा की दबाव की रणनीति भी अत्याधिक कारगर साबित हो रही है। इसलिए यहां न्यायिक प्रक्रिया में सबकुछ पीडि़तों के पक्ष में होते हुए भी निष्पक्ष फैसले की उम्मीद कम हो रही है।

मोटिवेशन एंड मैमरी एनहासमेंट पर सेमिनार आयोजित

विद्यार्थियों ने पेज नंबर सहित किताब सुनाकर किया अंचभित

सिरसा। सीए दरवेश क्लासिज़ एवं मैमरी क्राफ्टजऱ् द्वारा आज बांसल कॉलोनी में एक सेमिनार का आयोजन किया गया। 'मोटिवेशन एंड मैमरी एनहासमेंटÓ विषय पर आयोजित इस सेमिनार के मुख्य अतिथि प्राचार्य रवि सेठी और रणजीत सिंह रंधावा थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीए चेतन झूंथरा ने शिरकत की। सेमिनार में नेशनल कॉलेज तथा महिला विंग के करीब 100 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
    सेमिनार में उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सीए दरवेश स्वामी ने कहा कि व्यक्ति को जीवन में कभी भी निराश नहीं होना चाहिए। विद्यार्थी जीवन में अनेक बार असफलताओं का सामना करना पड़ता है लेकिन इसके बावजूद उन्हें हार नहीं माननी चाहिए। निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी को लक्ष्य निर्धारित करके आगे बढऩा चाहिए। इससे उनकी राह आसान हो जाती है।
    मैमरी क्राफ्टर्स के संचालक सीए सुनील सेठी द्वारा विद्यार्थियों को मनोवैज्ञानिक तरीके से किसी भी बड़ी से बड़ी किताब या अन्य मैटीरियल को याद करने की तकनीक के बारे में बताया गया। उन्होंने बताया कि लंबे अनुसंधान के बाद यह तकनीक ईजाद की गई है। इसमें विद्यार्थी को मनोवैज्ञानिक तरीके से इस प्रकार तैयार किया जाता है कि वे अपनी पढ़ाई को बड़ी आसानी से याद रख सकते हैं। इस अवसर पर सीए सुनील सेठी द्वारा प्रशिक्षित वैशाली काठपाल व संचित गुप्ता ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संचित गुप्ता ने सीए की पुस्तक को पेज नंबर सहित सुनाकर उपस्थित विद्यार्थियों को अचंभित कर दिया। सेमिनार के अंत में शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन करने पर वैशाली व संचित को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दीपक अग्रवाल, गौरव शर्मा, रिशभ चावला, मोहित, रजत, गगन नागपाल सहित अनेक  प्रशिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद थे।

Friday 4 October 2013

दो युवकों की मौत

एक की हालत गंभीर

सिरसा। गांव भरोखां में एक युवक की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
    मिली जानकारी के अनुसार भरोखां के रहने वाले महेन्द्र पुत्र प्रताप सिंह ने कुछ समय पूर्व ही प्रेम विवाह किया था। इसी दौरान महेन्द्र ने फतहाबाद में एक प्लाट भी खरीदा था। जो प्लाट उसने अपनी साली के नाम करवाया था। इसी बात को लेकर महेन्द्र परेशान रहने लगा। आज प्रात: महेन्द्र का शव घर के पिछवाड़े पशुओं के बाड़े में फंदे पर लटका मिला। मृतक के भाई सुभाष का कहना है कि संभवत: प्लाट को लेकर विवाद हुआ है। इसी के चलते महेन्द्र की हत्या की गई और शव फंदे पर लटका दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के पश्चात ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
    उधर गांव फग्गू में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने अंत: परीक्षण करवा शव वारिसों को सौंप दिया।
    जानकारी के मुताबिक फग्गू निवासी गुरदीप पुुत्र सुरजीत सिंह घर में लगी पानी की मोटर चलाकर पानी भर रहा था। इस दौरान उसे अचानक करंट लग गया। करंट लगने से वह बेसुध होकर जमीन पर जा गिरा। परिजनों ने तत्काल उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संदर्भ में मर्ग दर्ज कर ली गई है।
    मायके से पत्नी के वापिस नहीं लौटने से परेशान जेजे कालोनी निवासी बृजलाल को चूहेमार दवाई गटक ली। हालत बिगडऩे पर उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

Thursday 3 October 2013

उद्योगपति एक्ट्रेस संग रंगरलियां मनाते काबू

हैदराबाद। साइबर सिटी में पुलिस ने एक हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापा मारकर एक उद्योगपति को एक्ट्रेस के साथ रंगरलियां मनाते पकड़ा है। पुलिस ने दोनों को अपनी हिरासत में लिया है। जयराज इस्पात लिमिटेड के डायरेक्टर 60 वर्षीय एसके गोयनका और 22 साल की उभरती हुए टीवी एक्ट्रेस को फार्चून टावर में छापा मारकर रंगरैलियां मनाते पकड़ा गया है। हालांकि इस इस सैक्स रैकेट का मुखिया मदन मौके से भागने में कामयाब हो गया। अभिनेत्री के सैक्स रैकेट में शामिल होने की बात सामने आई है। उल्लेखनीय है कि दक्षिण में सैक्स रैकेट मामले में पकड़ी जाने वाली यह पहली अभिनेत्री नहीं है। पहले भी कई बार ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें कई एक्ट्रेसेस को पुलिस ने इस तरह के गोरखधंधे में लिप्तता के चलते पकड़ा है।

जल बना जहर, एक की मौत

सिरसा। क्षेत्र रोड़ी में खेत में कार्य कर रहे मालिक व मजदूर को एक मटके से पानी पीना भारी पड़ा। पानी के दुष्प्रभाव से खेत मालिक की मौत हो गई जबकि चार मजदूरों की हालत बिगड़ गई।
    हुआ यूं कि गत दिवस भोला सिंह पुत्र समुंद्र सिंह अपने खेत में मजदूरों को बुलाकर कीटनाशी का छिड़काव करवा रहा था। सांझ ढले काम निपटाकर उक्त पांचों ने खेत में रखे मटके से जल पिया। जल पीने के उपरांत पांचों की हालत बिगड़ गई। इसी दौरान खेत पड़ोसियों ने उनकी हालत देख परिजनों को सूचित किया और सरदूलगढ़ अस्पताल पहुंचाया। हालत बिगडऩे पर पांचों को सिरसा रैफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान खेत मालिक भोला सिंह की मौत हो गई। गैस, करतार पुत्र श्रवण सिंह, चन्द्र पुत्र नेक सिंह व काला सिंह पुत्र गुलजारी की हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का अंत: परीक्षण करवा वारिसों को सौंप दिया। इस संदर्भ में 174 के तहत कार्रवाई की गई है।

ठेकेदार के खिलाफ ठोकी ताल

सिरसा। नगर परिषद द्वारा रखे गए अनुबंधित सफाई कर्मचारियों ने ठेकेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों व ठेकेदार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे बाबू लाल, पाला राम, चेतराम, विजय कुमार, श्रवण कुमार, लीलू राम आदि ने कहा कि कुछ समय पूर्व नगर परिषद द्वारा अनुबंधित कर्मचारी तैनात किए गए थे। काफी समय से वे शहर की सफाई कर रहे हैं। कुछ दिन पूर्व ठेकेदार ने 44 अनुबंधित सफाई कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। उक्त कर्मचारियों ने पुन: कार्य दिलवाए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नप के कार्यकारी अधिकारी से मुलाकात की। ईओ ने कर्मचारियों को रोजमर्रा की भांति कार्य करने के लिए कहा लेकिन कर्मचारी अपनी बात पर अड़े रहे। कर्मचारियों ने ठेकेदार पर बाल श्रम करवाए जाने का भी आरोप लगाया।

Wednesday 2 October 2013

हादसों में दो की मौत

मोटरसाइकिल सवार के सांड की टक्कर से गए प्राण

सिरसा। गांव धिंगतानियां के निकट आवारा सांड ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस ने मृतक के शव का अंत: परीक्षण करवा वारिसों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार चौबुर्जा निवासी रामसिंह पुत्र करतार सिंह अपने मित्र रणजीत सिंह के साथ बाईक पर सवार होकर ङ्क्षधगातनियां से गांव लौट रहा था। रास्ते में अचानक सांड बाईक के आगे आ गया। सांड का सींग चालक रामसिंह के सीने में जा लगा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रणजीत घायल हो गया। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। रणजीत का सामान्य अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने रामसिंह का अंत: परीक्षण करवा वारिसों को सौंप दिया।
           उधर रेलगाड़ी की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश का रहने वाला सिकंदर पुत्र रामकिशन काफी समय से खैरपुर में रह रहा है। आज प्रात: सिकंदर का शव रेलवे लाईन पर पड़ा मिला। सूचना  मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिया गया।

डकैती के दो और आरोपी गिरफ्तार

सिरसा। जिला की सीआईए सिरसा पुलिस ने 26 फरवरी 2013 को सी ब्लॉक स्थित जयनारायण तायल के घर हुई डकैती के मामले में घटना के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए प्रभारी निरीक्षक किशोरी लाल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुखबीर सिंह पुत्र गुरबचन सिंह व जोगेन्द्र सिंह उर्फ मक्खन पुत्र मग्घर सिंह निवासी कल्याण नगर सिरसा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इस घटना के दो आरोपियों को सीआईए पुलिस द्वारा पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है तथा घटना के बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
    एक अन्य मामले में सीआईए सिरसा पुलिस ने गश्त व चैकिंग के दौरान एक व्यक्ति को 17 किलो 800 ग्राम चूरापोस्त के साथ शहर की ऑटो मार्किट क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान परगट सिंह पुत्र गुरदीप सिंह निवासी संतनगर सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने चूरापोस्त बरामद कर आरोपी के विरुद्ध थाना शहर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर दिया है।
    वहीं एलनाबाद थाना पुलिस ने गश्त के दौरान अमृतसरकलां क्षेत्र से गुरविन्द्र सिंह पुत्र कश्मीर सिंह निवासी अमृतसरकलां  20 किलोग्राम चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार किया है।

महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

सिरसा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शाी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आज जिलाभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण हुआ तथा सर्वधर्म प्रार्थना सभा हुई। पदयात्रा निकाली गई और पौधारोपण कर बापू व शाी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
    आज प्रात: सर्वप्रथम अनाज मंडी स्थित गांधी पार्क में बापू की 144वीं जयंती पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ। उपस्थितजनों ने गांधी की प्रतिमा पर माल्यर्पण किया। जीआरजी स्कूल के बच्चों ने इस दौरान गांधी के जीवन से जुड़े अहिंसा वादी गीतों की प्रस्तुती दी। बच्चों ने 'इश्वर अल्ला तेरो नामÓ  गीत गाकर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी। स्कूली बच्चों ने भी  बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण उन्हेें शत-शत नमन किया।
 
    उधर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की पावन जयंती पर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस भवन से गांव फूलकां तक पद यात्रा का आयोजन किया गया। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि होशियारी लाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा को सांसद डॉ. अशोक तंवर ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
    सांसद ने कहा कि गांधी स्वदेशी विचारधारा के प्रबल समर्थक थे। स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए ही वे विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार का आह्वान करते थे। उन्होंने कहा कि गांधी जी सिर्फ राजनैतिक व्यक्ति नहीं बल्कि एक रचनात्मक समाज सुधारक थे। अस्पृश्यता, नारी सुधार, हिन्दू-मुस्लिम एकता इत्यादि के लिए उन्होंने बहुत कार्य किये। लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि भेंट करते हुए कहा कि शास्त्री ने देश को जय-जवान, जय-किसान का नारा देकर किसानों व सेना का हौंसला बढ़ाया।
    इस अवसर पर पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल, ब्लाक कांग्रेस शहरी प्रधान भूपेश मेहता, व्यापार मंडल के जिला प्रधान हीरालाल शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
पौधारोपण कर मनाई गांधी जयंती
    खत्री सभा की ओर से आज गांधी जयंती के उपलक्ष्य में पौधारोपण अभियान चलाया गया। सभा के सदस्यों ने प्रधान स. रिछपाल सिंह सोढ़ी व संरक्षक ओम बहल की अध्यक्षता में खैरपुर स्थित श्मशान भूमि में पौधे लगाए।
युवा कांग्रेस ने भी दी श्रद्धांजलि
    गांव खारियां के सामुदायिक केंद्र में आज वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भरत लाल मेहता की अध्यक्षता में महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस मौके पर महात्मा गांधी को याद कर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए और दो मिनट का मौन रख उन्हें श्रद्धाजंलि दी गई।