BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Monday 14 October 2013

मासूम की हत्या

शव मिला मामा के घर की छत पर

सिरसा, 14 अक्तूबर। गांव अहमदपुर में एक मासूम की हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
    मिली जानकारी के अनुसार गत दिवस गांव अहमदपुर में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। कार्यक्रम में गांव का ही रहने वाला परमजीत अपने तीन वर्षीय पुत्र अरुण उर्फ अनु व पत्नी के साथ गया हुआ था। इसी दौरान अरुण बच्चों के साथ खेलने लगा। कार्यक्रम सम्पन्न हुआ तो परमजीत को अरुण नहीं मिला। अरुण के गायब होने की बात गांव में आग की तरह फैल गई। ग्रामीणों ने बच्चे को ढूंढना शुरू किया और आस-पास के गांवों में भी उसकी तलाश की। तलाशी के बावजूद भी बच्चा नहीं मिला। आज सुबह अरुण का शव गांव के ही भजन लाल पुत्र रांझा राम के मकान की छत पर मिला। बताया जा रहा है कि भजन लाल परमजीत का मामा लगता है। बच्चे का शव सीमेंट के थैले में था। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सौरभ सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र मीणा, सदर थाना प्रभारी जगदीश जोशी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

गोपाल कांडा को नहीं मिली जमानत

सिरसा। गीतिका शर्मा सुसाइड केस में हरियाणा के पूर्व गृहराज्यमंत्री गोपाल कांडा को दिल्ली स्थित रोहिणी कोर्ट ने जमानत नहीं दी है। कुछ दिन पूर्व कांडा ने उक्त न्यायालय में नियमित जमानत हेतु याचिका दायर की थी। न्यायालय ने बहस के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। आज सुनवाई करते हुए जमानत याचिका रद्द कर दी।

संभव नहीं महागठबंधन : अभय

सिरसा में की पत्रकारवार्ता

सिरसा। एलनाबाद के विधायक एवं इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा में हजकां-भाजपा के साथ इनेलो के महागठबंधन को लेकर चल रही अफवाहों पर विराम लगा दिया। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन किसी भी सूरत में संभव नहीं है। चौटाला आज पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
    चौटाला ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित होने के पश्चात इनेलो ने बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की थी। क्योंकि इनेलो कांग्रेस की प्रतिद्वंद्वी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने देश व प्रदेश को खोखला कर दिया है। जब से हरियाणा में कांग्रेस सत्तासीन हुई है, लूट, भ्रष्टाचार, हत्या, बलात्कार व डकैती जैसी घटनाओं में बढ़ौतरी हुई है। किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। मंडियों में फसलों की बोली न होने के कारण किसानों को दोहरी मार पड़ रही है। उन्होंने कहा कि आगामी एक नवंबर को हरियाणा दिवस पर कुरुक्षेत्र में जननायक चौ. देवीलाल के जनमदिवस को सम्मान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान एकत्रित हुई भीड़ संकल्प लेगी कि आने वाले समय में कांग्रेस के शासन को कैसे समाप्त किया जाए। इस अवसर पर पदम जैन, कृष्णा फौगाट, भागीरथ इत्यादि मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment