BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Wednesday 1 April 2015

ठेके को ताला जड़ किया प्रदर्शन

चत्तरगढ़पट्टी में महिलाओं ने जताया रोष
एक सप्ताह में ठेका हटाने का मिला आश्वासन

सिरसा। चत्तरगढ़पट्टी क्षेत्र में खुले देसी शराब के ठेके पर आज क्षेत्र के लोगों ने ताला जड़ दिया। प्रदर्शनकारी लोगों का कहना था कि इस क्षेत्र से ठेका हटाया जाना चाहिए। यह ठेका मोहल्ले की मुख्य सड़क पर है। सुबह से देर रात तक यहां शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। शराबी रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं व युवतियों पर फब्तियां कसते हैं। आज ठेके के समक्ष काफी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं और पुरुष पहुंचे और प्रदर्शन शुरू किया। 
महिलाएं ठेके के आगे ही बैठ गई। उनका कहना था कि जब तक ठेका यहां से हटाया नहीं जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। क्षेत्रवासियों का कहना था कि ठेके के कारण वार्ड की बहू-बेटियों का वहां से आना-जाना मुश्किल हो गया है। ठेके के आगे दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। ये लोग वहां हुड़दंग मचाकर माहौल को खराब कर रहे हैं। इस ठेके के कारण क्षेत्र की अमन शांति भंग हो रही है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद ठेके से हटाने की दिशा में प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा। इसी के चलते महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए और तुरंत प्रभाव से ठेके को हटाए जाने की मांग की। ठेके पर ताला जड़े जाने और प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद ठेकेदार स्वयं मौके पर पहुंचा और उसने बातचीत से इस समस्या का हल निकालने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी  ठेके को हटाए जाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद ठेकेदार शराब ठेके का स्थान बदलने के लिए लिखित में एक सप्ताह का समय मांगा, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।

रोडवेज कर्मियों ने दिया धरना

सिरसा। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी सिरसा डिपो के सदस्यों ने आज डिपो प्रशासन की वायदा खिलाफी के विरोध में धरना देकर जमकर नारेबाजी की। धरने की अध्यक्षता डिपो प्रधान मदनलाल खोथ, रामकुमार, चंद्रशेखर धम्मी, चंचल बिश्रोई, भीम सिंह ने संयुक्त रूप से की। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सर्वकर्मचारी संघ सिरसा के पूर्व जिला प्रधान महेंद्र शर्मा व हरियाणा कर्मचारी महासंघ के जिला प्रधान आत्माराम सहारण ने कहा कि डिपो महाप्रबंधक को गत 12 मार्च 2015 को मांगपत्र सौंपकर डिपो से संबंधित समस्याओं का निदान करने का अनुरोध किया गया था। इनमें तकनीकी वेतनमान को आधार मानकर कर्मचारियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय टाइम स्केल देना, कर्मशाला में ठेकाप्रथा समाप्त कर पक्की नियुक्ति करना, परिचालकों के लिए खुल्ले पैसे का बंदोबस्त करना, बकाया पड़ा टीए व ओवरटाईम को तुरंत प्रभाव से देना प्रमुख मांग के रूप से शामिल था। महाप्रबंधक ने गत 30 मार्च 2015 तक समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था जो अब तक नहीं हुआ। कर्मचारी नेताओं ने डिपो प्रशासन को चेताते हुए कहा कि मांगे पूरी नहीं हुईं तो धरना अनिश्चितकालीन हो सकता है।

हादसे में मिस्त्री की मौत

सिरसा। गांव मंगाला के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल पहुंचाया। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस संदर्भ में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ढाणी मल्लेकां निवासी राजेन्द्र पुत्र सतनाम सिंह ट्रैक्टर मिस्त्री था। आज सुबह वह बाइक पर मंगाला की ओर जा रहा था। रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में मौके पर ही राजेन्द्र की मौत हो गई। राहगीरों ने हादसे के बारे पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और सिरसा सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।

मानसिक बीमार महिला का टूटा दम

सिरसा। भाई कन्हैया आश्रम में बीमारी के चलते एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। बताया गया है कि दिमागी रूप से बीमार महिला पिछले आठ माह से आश्रम में रह रही थी। आश्रम के सेवकों ने महिला का ईलाज भी शुरू करवा रखा था लेकिन उसका दम टूट गया। सब्जी मंडी चौकी पुलिस ने इस महिला को बहुतकनीकी संस्थान के निकट भटकते हुए बरामद किया था और ईलाज के लिए भाई कन्हैया आश्रम में भिजवाया था।

No comments:

Post a Comment