BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Saturday 26 November 2011

कोहरे का कहर, 1 की मौत 5 घायल

सिरसा। राष्ट्रीय राजमार्ग 10 पर आज कोहरे के कहर ने एक युवक की जान ले ली। दो लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव बग्गूवाली निवासी देवेन्द्र सिंह उर्फ बिट्टू पुत्र गुरनाम सिंह आज प्रात: अपने साथी सुखविन्द्र सिंह व ग्राम सरपंच जगदेव सिंह के साथ ट्रैक्टर-ट्राली लेकर सिरसा आ रहा था। डिंग के निकट फतहबाद की तरफ से आ रही हरियाणा रोडवेज बस की घने कोहरे के कारण ट्राली से टक्कर हो गई। टक्कर लगने से ट्रैक्टर-ट्राली पलट गया। हादसे में देवेन्द्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सुखजिन्द्र व बस परिचालक सुनील कुमार गंभीर घायल हो गए। ग्राम सरपंच जगदेव सिंह बाल-बाल बच गए। जगदेव सिंह ने हादसे की जानकारी डिंग थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। शव व घायल को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने सरपंच की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर नकोड़ा के निकट टाटा सूमो व ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए। घायलों को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नकौड़ा निवासी सूमो चालक लखविन्द्र सिंह रानियां आ रहा था। इसी दौरान गांव के ही सोनू पुत्र पप्पू, भारती पुत्र राजाराम व बिन्द्र पुत्र सुक्खा सिंह उसके साथ सूमो में सवार हो गए। जैसे ही सूमो गांव से बाहर निकली। घने कोहरे के कारण सूमो व ट्रैक्टर-ट्राली के बीच टक्कर हो गई। हादसे में चारों घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सामान्य अस्पताल दाखिल करवाया।

No comments:

Post a Comment