BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Wednesday, 9 November 2011

कांग्रेस को सिखाएं सबक : चौटाला

चंडीगढ़। इनेलो प्रमुख चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने बुधवार को रतिया विधानसभा क्षेत्र के दो दर्जन गांवों का दौरा करते हुए लोगों से हुड्डा सरकार को करारा सबक सिखाने का आग्रह करते हुए इनेलो प्रत्याशी को रिकॉर्ड तोड़ मतों से विजयी बनाने और कांग्रेस की जमानत जब्त करवाने का आह्वान किया है। इनेलो प्रमुख ने लोगों से 11 नवम्बर को इनेलो प्रत्याशी की नामांकन के समय ज्यादा से ज्यादा संख्या में रतिया पहुंचने का आग्रह करते हुए कहा कि किसानों की दुर्दशा, बिजली-पानी संकट व इस क्षेत्र के साथ नौकरियों व विकास के मामले में भेदभाव करने वाली हुड्डा सरकार को करारा सबक सिखाने का सही समय आ गया है। उन्होंने गरीबों के पीले कार्ड काटे जाने को लेकर भी सरकार की तीखी आलोचना की। इनेलो के प्रधान महासचिव डॉ. अजय सिंह चौटाला व जिला अध्यक्ष निशान सिंह ने भी आज रतिया में एक बैठक कर कार्यकत्र्ताओं की चुनाव संबंधी ड्यूटियां लगाई।
ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि हिसार उपचुनाव की तरह इस बार रतिया व आदमपुर में भी कांग्रेस प्रत्याशियों की जमानत जब्त होगी और इसी के साथ ही प्रदेश से भ्रष्ट हुड्डा सरकार का पतन तय है। श्री चौटाला ने कहा कि पिछले सात सालों से महंगाई चरम पर है और किसानों को जहां एक तरफ फसलों का पूरा भाव नहीं मिल रहा वहीं उन्हें खाद व बीज लेने के लिए न सिर्फ पूरा दिन लाइनों में लगे रहना पड़ता है बल्कि कांग्रेस सरकार ने खाद, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस जैसी जरूरी वस्तुओं के दामों में भारी बढ़ौतरी करके लोगों को पूरी तरह से बर्बाद करने का काम किया है।
इनेलो प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस सरकार घटिया हथकंडों पर उतर आई है और किसानों को पूरी तरह से बर्बाद करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि बासमती धान की जो कीमत किसानों को आज से 20 साल पहले मिला करती थी आज उससे भी कम दाम पर किसानों को अपनी बासमती बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 1991 में जब डीजल 7-8  रुपए लीटर था और खाद 110 रुपए प्रति थैला थी, उस समय बासमती 2100 रुपए क्विंटल बिका करती थी। आज डीजल 42 रुपए लीटर और खाद 910 रुपए थैला हो गया है तो बासमती मात्र 1500-1600 रुपए बिक रही है। उन्होंने किसानों को कपास व बाजरे के पूरे दाम न मिलने का भी आरोप लगाते हुए कहा कि किसान दिनोंदिन कर्जे के बोझ तले दबता जा रहा है और मुख्यमंत्री से लेकर सभी कांग्रेसी मंत्री, कांग्रेसी सांसद व विधायक दोनों हाथों से प्रदेश को लूटने में लगे हुए हैं।
श्री चौटाला ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में क्षेत्र की जनता ने स्व. ज्ञान चंद ओड को पांच सालों के लिए विधायक चुना था और ज्ञानचंद व उनके परिवार की शराफत, ईमानदारी, सादगी व मिलनसार स्वभाव की उनके समर्थक ही नहीं बल्कि विरोधी भी हमेशा तारीफ करते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार लोग न सिर्फ स्व. ज्ञानचंद ओड की पत्नी को विजयी बनाकर अपने स्वर्गीय विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे बल्कि कांग्रेस सहित सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त करवा एक नया इतिहास रचेंगे। इनेलो प्रमुख ने आज गांव भोडियाखेड़ा, मानावाली, खरैतीखेड़ा, शहीदांवाली, कुकड़ांवाली, ढाणी महताब, ढाणी चाननराम, करनौली, ढाणी सेखां, दरियापुर अक्कांवाली, दौलतपुर, हजरवां कलां, हजरावां खुर्द व हरिपुरा सहित दो दर्जन गांवों में  ग्रामीण सभाओं को सम्बोधित कर लोगों से 11 नवम्बर को रतिया पहुंचने का आह्वान किया। इस अवसर पर इनेलो प्रत्याशी श्रीमती सरफी बाई ओड, पूर्व विधायक रण सिंह बैनीवाल, पूर्व विधायिका स्वतंत्र बाला चौधरी, जिला परिषद के अध्यक्ष अंग्रेज सिंह लाली व सुमन लता सिवाच सहित अनेक प्रमुख नेता भी उनके साथ थे।

No comments:

Post a Comment