BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Sunday 25 August 2013

मुंबई गैंगरेप कांड :

पांचवें आरोपी को दिल्ली में दबोचा

मुम्बई। मुम्बई फोटो पत्रकार सामूहिक बलात्कार कांड के पांचवे आरोपी मोहम्मद सलीम अन्सारी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे नई दिल्ली में दबोचा गया। इस गिरफ्तारी के साथ ही सभी आरोपी गिरफ्त में आ चुके हैं।
             अपराध शाखा के एक पुलिस अधिकारी ने यहां बताया कि चौथे आरोपी कासिम बंगाली को शनिवार रात शहर के एक इलाके से हिरासत में लेने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अंधेरी क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त अम्बादास पोटे ने बताया कि इस कांड में इससे पहले दो आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया था और एक अपराधी की गिरफ्तारी शुक्रवार को ही हो गई थी। इस मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस ने बताया कि पहले आरोपी अव्दुल शेख को शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। दूसरे आरोपी विजय जाधव को मदनपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। अब्दुल और विजय को शनिवार को अलग-अलग समय में भोइवाडा की अदालत में पेश किया गया जहां से दोनों को 30 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
                पुलिस के अनुसार तीसरे आरोपी चांद अब्दुल सत्तार शेख (19) को शनिवार शाम गिरफ्तार किया। चांद को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। चौथे आरोपी क ासिम को पांच सदस्यीय गैंग का मुख्यिा माना जा रहा है। पुलिस को संदेह है कि आरोपियों ने एक योजना के तहत महिला पत्रकार को अपना निशाना बनाया। पत्रकार इसके पहले भी काम के सिलसिले में शक्ति मिल क्षेत्र में गई थी और पांचों में से किसी एक अपराधी ने उस समय उस पर नजर रखी थी। इस बीच जसलोक अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डा. तरंगज्ञान चंदानी ने कहा कि पत्रकार बहुत बहादुर है और वह अच्छी तरह खाना खा रही है और चिकित्सकों के साथ सहयोग कर रही है।
               महिलाओं के लिए अब तक सुरक्षित माने जाने वाली स्वप्न नगरी मुम्बई में हुए इस जघन्य एवं बर्बरतापूर्ण कृत्य को लेकर राजनीतिक दलों, फिल्मी हस्तियों, समाजसेवियों एवं धर्मगुरूओं समेत आम जनता में बेहद गुस्सा है। राज्य की कानून व्यवस्था तार-तार होने की दुहाई देकर शिवसेना एवं महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना गृहमंत्री आरआर पाटिल के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। अमिताभ बच्चने ने इस कांड को बड़ी त्रासदीपुर्ण घटना करार देते हुए कहा कि इससे मुम्बई शर्मशार हुई है। इस घटना से उन्हें भारी सदमा लगा है। आर्ट आफ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रवि शंकर ने कहा है कि इस घटना से उन्हें भारी व्यथा पहुंची है। यह बेहद शर्मनाक, बर्बरतापूर्ण एवं कायराना हरकत है। संसदीय कार्य मंत्री कमलनाथ ने कहा है कि केन्द्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे इस मामले पर सोमवार को बयान देंगे।
                उल्लेखनीय है कि एक अंग्रेजी पत्रिका के लिए बतौर इंटर्न कामकर रही इस पत्रकार को गुरूवार शाम उस समय निशाना बनाया गया जब वह अपने पुरूष सहकर्मी के साथ शक्ति मिल परिसर के भीतर एक असाइन्मेंट से लौट रही थी।

No comments:

Post a Comment