BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Saturday, 5 November 2011

मजदूर ने निगला जहर, परिजनों ने बताया संदिग्ध

सिरसा। डबवाली के अंतर्गत गांव मसीतां निवासी एक युवक ने जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया। युवक को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
    मिली जानकारी के अनुसार मसीतां निवासी बृजलाल का पुत्र राजू गांव में ही मजदूरी करने गया था। कार्य निपटाकर वह घर पहुंचा। अचानक उसके मुंह से झाग निकली शुरू हो गई। परिजनों ने उसे डबवाली के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने उसे सिरसा रैफर कर दिया। परिजनों ने इस मामले को संदिग्ध बताया है। उनका कहना है कि संभवत: उसने स्वयं जहर नहीं निगला बल्कि उसे जहर खिलाया गया है। सदर डबवाली थाना के सहायक उपनिरीक्षक रामनिवास राजू के बयान लेने अस्पताल पहुंचे। एएसआई का कहना है कि राजू बयान देने की हालत में नहीं है।

एटीएम तोडऩे वाले धरे

सिरसा। डिंग थाना प्रभारी भारतेन्द्र कुमार ने बताया कि बीती 23 अक्तूबर की रात्रि को डिंग मंडी में स्थित एसबीआई का एटीएम तोड़कर चोरी करने के प्रयास के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये आरोपियों की पहचान राकेश कुमार पुत्र रणवीर सिंह व पूर्णमल पुत्र लीलू राम निवासी सूलीखेड़ा जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को हिसार जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर सिरसा अदालत में पेश कर पूछताछ हेतु एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

दहेज हत्या में पति पकड़ा

सिरसा। जिला की डिंग थाना पुलिस ने बीती 1 अक्तूबर को हुई दहेज हत्या के मामले में घटना के आरोपी पति संजय कुमार पुत्र मुंशी राम निवासी दुर्जनपुर जिला हिसार हाल बिजली बोर्ड डिंग को गिरफ्तार कर लिया है।
    मामले के जांच अधिकारी एवं डिंग थाना के प्रभारी निरीक्षक भारतेन्द्र कुमार ने बताया कि इस संबंध में मृतका मंजू पुत्री प्रभूराम निवासी तामसपुरा फतेहाबाद के भाई रोहताश की शिकायत पर पति संजय, जेठ बिल्लु, जेठानी मीनू व ससुर मुंशी राम के विरुद्ध भादसं की धारा 304बी व 34 के तहत मामला दर्ज हुआ था। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाकी आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

Friday, 4 November 2011

बेबे जी मैं डाकू बणांगा

  वीरेंद्र भाटिया
    बेबे नी मैं संत बणांगा, बंदा बड़ा कुसंत बणांगा, चिट्टा चौला लम्मा पाके, लौकां नूं मैं लुट्टूं बेबे आदि आदि आदि। ये गीत दो चेहरों वाले डाकुओं के लिए है। दो चेहरे वाले डाकुओं का एक वर्ग और भी है, हमारे समाजसेवी नेता लोग। ईमानदार लोगों को  संत और नेता नहीं बनना चाहिए क्योंकि चेहरे पर चेहरा लगा कर लोगों से बेईमानी करना अनैतिकता है।
    वैसे भी अब क्या करिएगा? डाकू बनने के अलावा कोई रोजगार बचा भी तो नहीं है, जनरल कैटेगरी में हैं लेकिन जाट नहीं हैं तो सरकार नौकरी नहीं देगी। बिजनेस करो तो कंपनी रजिस्टे्रशन से लेकर मुनाफे तक पर सरकार की नजर रहती है। मुनाफा आया नहीं कि 30 प्रतिशत टैक्स सरकार को पहले दो। पांच लांख की कोई एंटरी बैंक में कर लो तो सरकार कागज घर भेज देती है। कोई एन.जी.ओ. बना कर चंदा ले लो तो दिग्विजय जैसे भांड (सांड) वैसे सींग उठाकर पीछे पड़ जाते है। अब रास्ता क्या है? पैट्रोल फिर 1.80 पैसे बढ़ा दिया। गैस के दाम 560 रुपए प्रति सिलेंडर हो जाएंगे। सब्जी लेने जाओ तो टोकरी में पैसे और जेब में राशन, सब्जी आती है। कभी रूस में ऐसा हाल था। प्रणब दा हमारे वित्त मंत्री है कहते हैं, महगाई दिसंबर में नीचे आएगी इस बार त्यौहारी मांग के कारण महंगाई बढ़ गई। और कृषि मंत्री शरद पवार कहते कि फलां चीज़ के दाम बढ़ेंगे और स्टोरिये फटाक से चीजों को स्टोर में भेज देते हैं। जितना बड़ा शरद पवार का डील-डौल है, उससे कई गुना बडा उनका लालच है। सरकार को महंगाई की मूल जड़ भीमकाय शरद पवार दिखता ही नहीं। रिजर्व बैंक का अंधा गवर्नर हर बार ब्याज दरें बढ़ाकर बाजार से पैसा खींचने की कोशिश कर रहा है। इसी वित्तीय वर्ष में वह धीरे-धीरे करके लोन पर 4 प्रतिशत ब्याज दर बढ़ा चुका है लेकिन महंगाई डायन नीचे आने की बजाय  6 से 12 प्रतिशत की छलांग लगा गई। गवर्नर साहब की आंख नहीं खुल रही कि ब्याज दर बढ़ाने के बाद भी यदि महगाई बढ़ रही है तो कारण कुछ और होगा। आप मध्यम वर्ग को नाहक क्यों निचोड़ लेना चाहते हैं? गवर्नर साहब को दिखता ही नहीं कि हमारी अर्थव्यवस्था में जो 70 प्रतिशत काला धन घूम रहा है, महंगाई की असली वजह तो वह है। और उस काले धन की मार्फत लोगों ने जरूरी चीजों की जमाखोरी कर रखी है। ना तो आपने काले धन वालों के चेहरे उघाडऩे हैं और ना ही जमाखोरों को किसी प्रकार हतोत्साहित करना, तो पोला सा मुंह बनाकर टी वी पर महंगाई के बारे में अनाप- शनाप बोल देने से क्या हासिल है?
    पैट्रोल की कीमत बढ़ाने का बहाना देखिए! क्योंकि रुपये की कीमत घट गई है और डॉलर की कीमत बढ़ गई है इसलिए पैट्रोल कपंनियों को 1.50 रुपए प्रति लीटर का नुकसान होने लगा था, बढ़ा दिए 1.82 रुपए प्रति लीटर। शायद टैक्स भी साथ ही बढ़ गया। बेशर्म सरकारों को इतनी भर रहम नहीं आती कि कंपनियों की बैलेंस शीट का ही आपको ख्याल है तो कम से कम बढ़ी दरों पर सरकार तो टैक्स वसूलने से बाज आ जाए। लेकिन नहीं। सुधि पाठकों की जानकारी के लिए बता दूं कि पैट्रोल पर जितना राजस्व सरकारों को मिलता है उसी एक मद से सरकार अपने राजकीय खर्च, कर्मचारियों के वेतन समेत आराम से निकाल लेती है।
    एक पंजाबी का गाना 'सरकारां चलदियां ने साडे ही पैसेयां ते' जब मध्यम वर्ग सुनता है तो मन मसोस कर रह जाता है। आखिर करें क्या? साडे पैसों से अकेली सरकारें ही नहीं चलती, पूरा सिस्टम चल रहा है। उनके घर भी चलते रहें, इसके लिए अंधों के झुंड को एक बार देश के उस वर्ग के भीतर भी झांक कर देख लेना चाहिए जो महंगी कारों और एसी रूम के बाहर तपती दुपहरी और ठिठुरती रात में अपना घर चलाने के लिए दिन-रात एक किए हैं। उसी की मेहनत से आपकी सरकारें हैं सरकार जी! आप डाकू बनने के लिए माहौल तैयार ना करें, और खुद भी डाकू बनने से बाज आएं।

पत्नीहंता पहुंचा जेल

सिरसा। कंगनपुर में पत्नी की हत्या करने के मामले में आरोपी पति को सदर थाना पुलिस ने काबू कर लिया है। आरोपी को आज अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्रीमती सीमा सिंघल की अदालत में पेश किया गया है। न्यायालय ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के आदेश दिए।
    उल्लेखनीय है कि गत दिवस कंगनपुर निवासी पूर्ण सिंह ने 12 बोर की बंदूक से अपनी पत्नी अमरजीत कौर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पूर्ण को आज काबू कर लिया। सदर थाना प्रभारी जगदीश राय ने बताया कि इस मामले में शाहपुर बेगू निवासी रामेश्वर के विरुद्ध भी शस्त्र   अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूर्ण सिंह ने उक्त व्यक्ति की बंदूक से घटना हो अंजाम दिया था।

बेघरों को मिलेगी छत

सिरसा। हरियाणा में बेघर लोगों को छत मुहैया करवाने के लिए जिला मुख्यालयों पर रात्रि विश्रामगृह बनाए जाएंगे। इस योजना के शुरूआती दौर में सिरसा सहित फरीदाबाद, रेवाड़ी, सोनीपत, यमुनानगर जिला मुख्यालयों पर रात्रि विश्रामगृह का निर्माण शुरू किया गया है।
    यह जानकारी देते हुए उपायुक्त समीर पाल सरौ ने बताया कि सिरसा शहर में जीवन सिंह जैन पार्क के पास 14 लाख 20 हजार रुपए की लागत से रात्रि विश्राम गृह का निर्माण करवाया जा रहा है। इस विश्रामगृह के निर्माण का कार्य अंतिम चरण पर है। इस रात्रि विश्रामगृह में शौचालय, स्नानघर आदि की सुविधा होगी।  सिरसा के रात्रि विश्रामगृह में 48318 का हॉल तथा 13310 का एक कमरा तैयार किया जा है। इस रात्रि विश्रामगृह को दिसंबर माह तक पूरा कर लिया जाएगा। दिसंबर माह में शहर में कोई भी बाहर से आना वाला गरीब व बेसहारा व्यक्ति बिना छत के नहीं सोएगा।
    उन्होंने बताया कि सिरसा में यह रात्रि विश्राम गृह स्वर्ण जयंती शहरी स्वरोजगार योजना के तहत बनाया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य नगरपरिषद को सौंपा गया है। परिषद के उपमंडल अभियंता ने बताया कि रात्रि विश्रामगृह का निर्माण कार्य अंतिम चरण में और आगामी दिसंबर माह में विश्रामगृह को पूरा करके जिला रैडक्रॉस सोसायटी को सौंप दिया जाएगा।

सांगवान चौक पर चेन स्नेचिंग

सिरसा। सांगवान चौक पर दिन दिहाड़े महिला के गले से चेन छीनने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को काबू किया है।  आरोपी महिलाओं से पूछताछ जारी है। मिली जानकारी के अनुसार सांगवान चौक पर आज दोपहर एक महिला के गले से दो महिलाओं ने चेन छीन ली।
    सूत्रों के मुताबिक उक्त महिलाओं ने चेन छीनकर अपनी एक अन्य साथी महिला को देकर बस में रवाना कर  दिया। महिला के शोर मचाने पर सांगवान चौक पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक देवीलाल ने कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को काबू कर लिया। समाचार लिखे जाने तक आरोपी महिलाओं से शहर थाना में पूछताछ की जा रही थी।

Thursday, 3 November 2011

'बीमार' अस्पताल का सरौं ने शुरू किया ईलाज

सिरसा। जिला के नवनियुक्त उपायुक्त समीर पाल सरौं आज दोपहर साढ़े 12 बजे सामान्य अस्पताल पहुंचे और वहां मरीजों व चिकित्सकों से मुलाकात की। उन्होंने पूरे अस्पताल परिसर के कई वार्डों व इमरजेंसी सहित अन्य डाक्टर रूम का निरीक्षण किया। जिला उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था को सुचारू करने के निर्देश दिए। ज्ञातव्य हो कि समीर पाल सरौं ने विगत 1 नवम्बर को यहां उपायुक्त का पदभार संभाला था। उसके बाद उनका यह क्षेत्र में पहला दौरा है। उपायुक्त ने मरीजों से अस्पताल प्रशासन द्वारा ऑपरेशन व अन्य जांच के लिए निर्धारित और लिए जाने वाले रेट की भी पूछताछ की।
    इसके बाद उपायुक्त ने 102 एंबुलेस के कम्प्यूटर कक्ष में पहुंचे और ऑपरेटर दिनेश से मासिक मरीजों की रिपोर्ट मांगी। इसी बीच उन्होंने एक एंबुलेस ड्राइवर को कॉल करने के लिए कहा। कॉल के समय ड्राइवर गाड़ी में नहीं होने से उन्होंने उक्त ड्राइवर को संस्पेंड करने का आदेश दिया। साथ ही उन्होंने ड्राइवरों को हर समय गाड़ी में रहने का आदेश देते हुए कहा कि मरीज को तुरंत एंबुलेंस मिल सके इसके लिए यह जरूरी है। इस मौके पर उनके साथ नगराधीश कमलप्रीत कौर, डीआरओ ओपी वर्मा, सीएमओ डॉ. दयानंद, डॉ. जीएस सोमानी, डॉ. वीरेष भूषण व अन्य थे।

वृद्ध ने हरे पत्नी के प्राण

सिरसा। घरेलू कलह के एक वृद्ध ने अपनी पत्नी को गोली मार दी। गंभीरावस्था में उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पुत्र की शिकायत पर आरोपी पिता के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मृतका का शव अंतपरीक्षण के बाद वारिसों के सुपुर्द कर दिया गया है।
    मिली जानकारी के अनुसार गांव कंगनपुर में पूर्ण सिंह परिवार रहता है। पूर्ण सिंह का गत रात्रि अपनी पत्नी अमरजीत कौर (70) के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। नशे में धुत पूर्ण सिंह दोनाली बंदूक से अपनी पत्नी पर फायर कर दिए। दो गोलियां लगने के कारण अमरजीत कौर गंभीर घायल हो गई। रात्रि करीब 11 बजे घर में चली गोलियों की आवाज सुनकर पुत्रवधु मौके पर पहुंची तो उसने अपनी सास को खून से लथपथ देखा। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। आस-पड़ोस के लोगों ने वृद्धा को निजी अस्पताल पहुंचाया और मामले की जानकारी पुलिस को दी। चिकित्सकों ने अमरजीत कौर की गंभीर हालत के चलते उसे रोहतक रैफर कर दिया। रास्ते में वृद्धा की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने पुत्र रणजीत सिंह की शिकायत पर पूर्ण के खिलाफ मामला दर्ज कर धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने वृद्धा का शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक सतेन्द्र गुप्ता भी सामान्य अस्पताल पहुंचे। आज दोपहर शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
    पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिस लाइसेंसी बंदूक से पूर्ण सिंह ने घटना को अंजाम दिया वह किसी अन्य की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अगर बंदूक वास्तव में ही किसी अन्य की है तो उसके विरुद्ध भी मामला दर्ज किया जाएगा।

Saturday, 29 October 2011

युवा शक्ति को बढ़ावा देने की आवश्यकता : डा. भारद्वाज

 सीडीएलयू में पोलिटिकल एसोसिएशन की 15वीं राष्ट्रीय कांफ्रेंस का उद्घाटन
सिरसा। भारत के विकास प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में समाजशास्त्रियों, अर्थशास्त्रियों, राजनीतिक शास्त्रियों, मनोवैज्ञानिकों के साथ-साथ विश्वविद्यालयों में हो रहे शोध कार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
    उक्त उद्गार चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलपति डा.के.सी.भारद्वाज ने विश्वविद्यालय के सी.वी.रमन विज्ञान ब्लॉक में स्थित सेमिनार हॉल में आयोजित इंडियन पोलिटिकल एसोसिएशन की 15वीं राष्ट्रीय कांफ्रेंस का विधिवत उद्घाटन के उपरांत उपस्थित शोधार्थियों, समाजशास्त्रियों व अर्थशास्त्रियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। डा. भारद्वाज ने कहा कि चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में शोध के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्वक कार्य करवाएं जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि अर्थशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित इस कांफ्रेंस में भारत की अर्थव्यवस्था  व विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर गहनता से आत्ममंथन होगा और भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा व दशा प्रदान करने के महत्वपूर्ण तथ्य उभर कर सामने आएंगे। डा. भारद्वाज ने कहा कि आने वाले समय में भारत के अंदर सबसे ज्यादा युवा होंगे। इस युवा शक्ति को महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में कार्यरत प्राध्यापकों के माध्यम से भली भांति शिक्षित करके इनकी युवा शक्ति को सही दिशा प्रदान की जा सकती है। अर्थशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कांफ्रेंस के उद्घाटनीय सत्र में सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता व विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. मनोज सिवाच ने आए हुए मेहमानों का स्वागत किया जबकि इंडियन पोलिटिकल इकनॉमी एसोसिएशन के कार्यों के बारे में जानकारी डा. वी.उपाध्याय द्वारा दी गई। आए हुए मेहमानों का धन्यवाद विभाग के अध्यक्ष डा. अभय गोदारा द्वारा किया गया और मंच का संचालन अर्थशास्त्र विभाग के प्राध्यापक अशोक भाटिया द्वारा किया गया। इसके उपरांत प्रथम तकनीकी सत्र की अध्यक्षता महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के अर्थशास्त्र विभाग से सेवानिवृत प्रोफेसर डा. सुरेन्द्र कुमार ने की। इंडियन इंस्टीच्यूट ऑफ  पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन नई दिल्ली के रिटायर्ड प्रो. डा. कमल नयन काबरा ने कालाधन, भ्रष्ट्राचार, याराना पूंजीवाद व नव उदारवाद पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया और कहा कि भारत में कार और टेलीकॉम का उत्पादन अनाज से ज्यादा हो गया है जिसके फलस्वरूप अमीर व्यक्ति अमीर होता जा रहा है और गरीब और अधिक गरीब होता जा रहा है। इसके उपरांत एच.ए.यू. हिसार के सेवानिवृत प्रो. एस.डी.चमोला ने भूमि अधिग्रहण के बारे में जिक्र करते हुए कहा कि भूमि का अधिग्रहण केवल जनता की सुविधा के अनुसार होना चाहिए और भूमि अधिग्रहण से पूर्व भूमि मालिकों व स्थानीय निकायों से परामर्श ले लेना चाहिए। गुरूनानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर के वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक ए.एस.सिद्धू ने आर्थिक सुधारों के ऊपर अपना पर्चा पढ़ा। इसके उपरांत नई दिल्ली के प्रो. वी.उपाध्याय ने आर्थिक मंदी के ऊपर अपना शोध प्रस्तुत किया। इसके उपरांत तीसरे तकनीकी सत्र में अनेक विद्धवानों द्वारा वैश्वीकरण व भूमि अधिग्रहण विषय पर अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए गए।

सिरसा में आडवाणी का होगा भव्य स्वागत

सिरसा। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेता लाल कृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में देशभर में चल रही जनचेतना यात्रा का 12 नवंबर को हरियाणा में प्रवेश होगा तथा हरियाणा में तीन दिवसीय इस यात्रा का एतिहासिक स्वागत होगा। प्रदेश यात्रा प्रभारी तथा पूर्व संासद डा. सुधा यादव ने आज युवक साहित्य सदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह जानकारी दी। पत्रकार वार्ता में भाजपा के प्रदेश महामंत्री वीर कुमार यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश चोपड़ा, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रेणू शर्मा, प्रदेशमंत्री महावीर प्रसाद, राजबाला,  भाजपा के जिला प्रधान गुरदेव सिंह राही, रोहताश जांगड़ा, रमेश यादव रतन लाल बामनिया की उपस्थिति में सुधा यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरूद्ध सुशासन के लिए चल रही इस यात्रा को लेकर हरियाणा के सभी स्तर के नेताओं, कार्यक्र्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि 13 नवंबर को यात्रा सिरसा पहुंचेगी तथा आडवाणी का रात्रि विश्राम सिरसा में होगा। अगले दिन 14 नवंबर को सिरसा में ही प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश चोपड़ा तथा जिला अध्यक्ष गुरदेव सिंह राही के नेतृत्व में यात्रा का अभिनंदन होगा। इसके बाद पंजाब की ओर प्रस्थान करने से पहले डबवाली में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रेणु शर्मा तथा देव कुमार शर्मा के नेतृत्व में डबवाली में विशाल अभिनंदन समारोह होगा। इसके बाद यह यात्रा पंजाब में प्रवेश करेगी।

जुड़वां बेटियों के जन्म पर कुआं पूजन

सिरसा। जुड़वा बेटियों के पैदा होने की खुशी में सामा अस्पाताल के मैनेजर अशोक जइया ने कुआं पूजन के साथ-साथ बेटियों का जन्मदिन रचना पैलेस में  बड़ी धूमधाम से मनाया।
    इस अवसर पर वहां बाबा भूमणशाह डेरा के गद्दीनशीन महंत ब्रह्मदास ने दोनो कन्याओं को अशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि ज्यादातर लड़को के जन्म दिवस पर कुआं पूजन किया जाता था परंतु कन्या भ्रूण हत्या जैसी बुराइयों को दूर करने के लिए आज कई लोगो ने बेटियों के जन्म पर भी कुआं पुजन करवाना शुरू कर दिया है। जो हमारे समाज के लिए गर्व की बात हैं।  डा. अशोक सामा ने कहा कि आज के समय में कुआंपुजन ही कन्या भ्रूण हत्या जैसी बुराई को दूर करने में मददगार होगा।  साथ ही अनपढ़ता व अज्ञानता में जो लोग कन्या भ्रूण हत्या करते व करवाते है उन्हें शिक्षा मिलेगी कि आज के समय में लड़का व लड़की में कोई भेदभाव नहीं होता। आज हर क्षेत्र में लड़कियां ही लड़कों से आगे रहती हैं। लेकिन अज्ञानता के कारण लोग कन्या भ्रूण हत्या जैसी बुराइयों व कुकृत्य को अंजाम दे रहे हैं जो किसी भी दृष्टि से सही नहीं हैं। इस अवसर पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष होशियारी लाल शर्मा ने परिवार को बेटियों  के जन्म की बधाई दी ।

एजूसेट चोर गिरफ्तार

सिरसा। शहर थाना सिरसा की खैरपुर पुलिस चौकी ने बीती 21 अक्तूबर की रात्रि को खैरपुर क्षेत्र में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से चोरी हुए एजुसैट सिस्टम की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में घटना के एक आरोपी को काबू भी कर लिया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान राकेश उर्फ राकू पुत्र रणधीर सिंह निवासी सूलीखेड़ा जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है।
    मामले के जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक जगदीश चन्द्र ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान घटना के दूसरे आरोपी कालू पुत्र पूर्ण राम निवासी सूलीखेड़ा जिला फतेहाबाद की पहचान कर ली गई है, जिसे शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। जांच अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किये गये व्यक्ति राकेश को आज सिरसा अदालत में पेश किया गया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नरेश कुमार सिंघल की अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले के जांच अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ के दौरान बीती 25 अक्तूबर की रात्रि को डिंग मंडी में एटीएम तोडऩे की घटना को अपने दूसरे साथी कालू निवासी सूलीखेड़ा के साथ मिलकर करना भी कबूल किया है। राकू ने पुलिस पूछताछ में यह भी स्वीकार किया है कि चोरीशुदा एजुसेट आरोपी कालू के पास है जिसे शीघ्र बरामद कर लिया जाएगा।

बाइक की टक्कर से युवक की मौत

सिरसा। लापरवाह बाइक सवार ने चौपटा में एक युवक को टक्कर मार दी। हादसे में  युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मिली जानकारी के अनुसार कैरांवाली निवासी सतबीर पुत्र बलवंत सिंह किसी कार्यवश चौपटा आया हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार युवक ने उसे टक्कर मार दी। जबरदस्त टक्कर लगने से सतबीर सड़क पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक लापरवाह बाइक सवार की पहचान कर ली गई है। आरोपी को शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा। पुलिस ने मृतक के शव का अंतपरीक्षण करवा परिजनों को सौंप दिया।

Friday, 28 October 2011

पारदर्शिता से करें कार्य : दया चौधरी

सिरसा। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की न्यायाधीश श्रीमती दया चौधरी ने न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं का आह्वान किया है कि वे पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ न्यायिक सिस्टम के आधार पर प्रत्येक गरीब व जरूरतमंद व्यक्ति को न्याय दिलाने में अपनी महत्ती भूमिका अदा करे। श्रीमती चौधरी आज बार कक्ष में न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े सभी जजों व अधिवक्ताओं को सम्बोधित कर रही थी। इससे पूर्व श्रीमती दया चौधरी ने लोक निर्माण विश्राम गृह में प्रशासनिक अधिकारियों व न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों से भी बातचीत की। पुलिस विभाग की टुकड़ी ने उन्हें सलामी देकर सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि सच्चाई व ईमानदारी में सबसे बड़ी ताकत है। इसलिए सभी अधिवक्ता व जजों को इस रास्ते पर चलकर पीडि़त व्यक्ति को न्याय देने में देरी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद व गरीब व्यक्ति को न्याय का बड़ा इंतजार होता है इसलिए उन्हें अधिक समय तक इंतजार न करवाएं तथा लंबित पड़े मामलों का निपटारा शीघ्र करें। उन्होंने कहा कि न्यायाधीश और वकीलों को संबंधित क्षेत्रों में बड़ी चुनौतियों और कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है उन्हें चाहिए कि वे अपने व्यवसायों में पूरी स्वच्छता और पारदर्शिता बरतते हुए कठिनाइयों से पार पाएं ताकि जरूरतमंद व्यक्ति को न्याय मिल सके। श्रीमती चौधरी ने कहा कि न्यायाधीश और वकील कचहरी परिसर में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाकर कार्य करें। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के प्रधान रमेश मेहता ने उनके समक्ष मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के स्तर की जो भी जायज मांगें हैं उन्हें पूरा करवाने का वे भरसक प्रयत्न करेंगी। उन्होंने स्थानीय जिला न्यायालय में और अधिक कोर्ट स्थापित करवाने की बात भी कही। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष गोयल, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश शुक्रमपाल, सिविल जज सुधीर परमार, श्रीमती सीमा सिंघल,  मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नरेश सिंघल, उपमंडलाधीश रोशन लाल, बार एसोसिएशन के उपप्रधान संजय गोयल, सचिव सत्य नारायण कुलडिय़ा, संयुक्त सचिव मोनिका शर्मा तथा सचिन गोयल आदि उपस्थित थे।

सैक्स रैकेट का भंडाफोड़

सिरसा। शहर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर प्रेम नगर में चल रहे सैक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक युवक व युवती को आपत्तिजनक अवस्था में काबू किया। तीन युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
    मिली जानकारी के अनुसार रानियां गेट निवासी सौरभ कुमार पुत्र कमल सेठी प्रेम नगर में किराए पर मकान लेकर सैक्स रैकेट चला रहा था। गत रात्रि मुखबिर ने शहर थाना प्रभारी सुरेश पाल को उक्त मकान में सैक्स रैकेट चलाने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी ने टीम का गठन कर उक्त मकान पर दबिश दी। मौके से पुलिस ने सौरभ व सुनीता पत्नी पवन कुमार निवासी गऊशाला मोहल्ला को आपत्तिजनक अवस्था में काबू किया। पुलिस ने चकमा देकर रानियां गेट निवासी गौतम, मन्नू व दीपक फरार हो गए। हुड्डा चौकी प्रभारी हवा सिंह ने बताया कि उक्त पांचों आरोपियों के विरुद्ध वैश्यावृत्ति अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।  आरोपी सौरभ बाहर से युवतियों को लेकर यहां लाकर वैश्वावृत्ति करवाता था।
    आरोपी सुनीता व सौरभ को आज मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नरेश कुमार सिंघल की अदालत में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी महिला को हिसार स्थित नारी निकेतन तथा सौरभ को जिला कारागार भेजे जाने के आदेश दिए। हवा सिंह ने बताया कि फरार हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए उनके संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपियों को शीघ्र काबू कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी शहर थाना पुलिस ने प्रेमनगर से कीर्तिनगर निवासी एक युवक द्वारा चलाए गए सैक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था।

कर्मचारी ने लगाया फंदा

सिरसा। रोड़ी स्थित एयरटेल कंपनी के मोबाइल टॉवर में कार्य हेतु नियुक्त एक कर्मचारी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पंचनामा भरा और शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया। अंतपरीक्षण करवा शव वारिसों के सुपुर्द कर दिया गया।
    मिली जानकारी के अनुसार झोरडऱोही निवासी गुरप्रीत सिंह पुत्र नछत्र ङ्क्षसह रोड़ी स्थित एयरटेल कंपनी के मोबाइल टॉवर पर कार्यरत्त था। आज प्रात: वह अपने रूम में फंदे पर लटका मिला। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मृतक के जीजा अमरीक ङ्क्षसह ने बताया कि वह कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गुरप्रीत द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Saturday, 22 October 2011

सरपंच पर पंचायती भूमि कब्जाने का आरोप

सिरसा। गांव जमाल की पंचायती भूमि पर सरपंच द्वारा कब्जे का आरोप लगाते हुए आज ग्रामीण उपायुक्त से मिले। ग्रामीणों ने उपायुक्त को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस संबंध में पूर्व में संबंधित अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई है।
    आज गांव के जमाल के करीब दो दर्जन लोग उपायुक्त निवास पर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सरपंच राममूर्ति बेनीवाल पंचायती जमीन पर अपने चहेतों से कब्जा करवा रहा है। इसकी एवज में उनसे मोटी रकम की भी वसूली की जा रही है। आरोप है कि एक प्लॉट पर रातों-रात चिनवाई करवा दी गई। ग्रामीणों ने अपना ऐतराज जताया तो विगत 20 अक्तूबर को ग्राम सचिव को मौके पर बुलाया गया। ग्राम सचिव के मौका मुआयना करने के बावजूद भी चिनाई का कार्य जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने एक शिकायत 20 अक्तूबर को ही जमाल पुलिस चौकी में भी दी थी लेकिन कोईकार्रवाई नहीं की गई। यहां से निराश होकर उन्होंने बीडीओ महोदय से गुहार लगाई। उन्होंने आज मौका मुआयना करने का आश्वासन दिया था लेकिन वे भी नहीं पहुंंचे। आरोप है कि उक्त अधिकारियों की भी सरपंच के साथ मिलीभगत है। ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर  ग्राम सरपंच, ग्राम सचिव और खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

चौकी के बगल में चोरी

सिरसा। गत रात्रि शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरों ने हाथ साफ किए। खैरपुर पुलिस चौकी के साथ लगते सरकारी स्कूल तथा कृषि विज्ञान केन्द्र के पास दो घरों को चोरों ने निशाना बनाया। इस संदर्भ में पुलिस ने मामले दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार खैरपुर चौकी के साथ लगते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में गत रात्रि चोरों ने प्राचार्य के कार्यालय से एक कंप्यूटर सैट और एजुसेट रूम में लगी 36 इंच एलसीडी चोरी कर ली। आज सुबह जब स्वीपर स्कूल पहुंचा तो सामान बिखरा देख भौचक्का रह गया। उसने घटना की जानकारी प्राचार्य अरुण कुमार कुंद्रा को दी। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत एक लाख रुपये आंकी गई है। खास बात यह है कि घटना स्थल से पुलिस चौकी मात्र कुछ कदम की दूरी पर है। दूसरी ओर कृषि विज्ञान केंद्र के आगे भी दो अलग-अलग मकानों से पर्स, आर्टिफिशयल कंगन व कुछ अन्य कीमती सामान चोरी होने का समाचार भी है।

कैदी को दे रहा था मोबाइल, धरा गया

सिरसा। शहर थाना सिरसा की हुडा पुलिस चौकी ने सिरसा जेल में हत्या की सजा काट रहे एक कैदी से मुलाकात के दौरान उसे मोबाईल फोन व चार्जर देने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध परिजनर एक्ट 1984 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पकड़े गए व्यक्तियों में ज्ञान सिंह पुत्र रणजीत सिंह निवासी गुडिया राजस्थान, राजकुमार पुत्र दिवानचंद निवासी नेजियाखेड़ा व सुरेन्द्र पुत्र देवीलाल निवासी शाहपुरिया के नाम शामिल हैं। मामले के जांच अधिकारी एवं हुडा पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हवासिंह ने बताया कि इस संबंध में जिला जेल सुपरीडेंट की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपी सिरसा जेल में गांव फूलकां निवासी नत्थू राम पुत्र रामलाल जो कि हत्या के मामले में सजा काट रहा है, से मुलाकात करने के संबंध में आए थे और मुलाकात के दौरान नत्थू राम को जैसे ही प्लास्टिक की चप्पलें दी तो मौके पर तैनात गार्ड ने बारीकी से जांच की तो चप्पलों में छुपाया हुआ एक सैमसंग का मोबाईल फोन व एक चार्जर मिला, जिसकी सूचना तुरंत हुडा पुलिस चौकी को दी गई थी। पुलिस ने मौका पर पहुंच कर मोबाईल फोन व चार्जर को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को काबू कर लिया।

गोली मारी, एक घायल

सिरसा। गांव खेड़ी में दो लोगों ने घर में घुसकर कारपेंटर का कार्य करने वाले एक व्यक्ति पर गोली चला दी। छर्रे लगने से वह घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर एकत्रित हुए और घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना की जानकारी चौपटा पुलिस को दी गई है। जानकारी के अनुसार गांव खेड़ी का रहने वाला कारपेंटर 40 वर्षीय रामचंद्र पुत्र कान्हाराम कल शाम घर में था। अचानक दो लोग घर में घुसे और उस पर हमला बोल दिया। घायल रामचंद्र ने बताया कि दोनों लोगों ने उससे मारपीट की। इसी बीच एक युवक ने उस पर गोली चला दी। छर्रे रामचन्द्र की बाजू में लगे जिससे वह घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर गांव के लोग आ गए। दोनों हमलावर मौका पाकर भाग निकले।

Thursday, 20 October 2011

कल से कतार में किसान!

सिरसा। इफको के किसान सेवा केन्द्र पर खाद लेने के लिए लोगों की कतार टूटने का नाम नहीं ले रही है। हालात यह हैं कि कल से कतारबद्ध लोगों को आज पर्ची मिल रही है। कई किसान तो रात भी कतार में ही काट रहे हैं। सड़क पर सोते हैं और सुबह उठकर फिर कतार में लग जाते हैं। लेकिन केन्द्र के अधिकारियों का दिल यह देखकर जरा भी नहीं पसीजता है। केन्द्र हर रोज अपने नियत समय से करीब एक घंटा देरी से खुलता है। इसके बावजूद भी कई देर तक किसान पर्ची पाने के लिए खिड़की खुलने की ताक में रहते हैं।
    आज संवाददाता सुबह करीब 7:30 बजे इफको के अनाज मंडी स्थित किसान सेवा केंद्र पर पहुंचा तो वहां की स्थिति देख भौचक्का रह गया। करीब 200 लोग पर्ची के इंतजार में खिड़की खुलने से डेढ़ घंटा पहले ही कतार में लगे थे। कतार में आगे खड़े किसान महेंद्र फतहपुरिया ने बताया कि वे कल रात से यहीं हैं। रात को वहीं सोए और सुबह करीब 2 बजे उठकर पुन: लाईन में लग गए। इसके अलावा गांव मल्लेवाला के फौजी कपूर सिंह ने बताया कि वे सुबह अढाई बजे आकर कतार में लगे। इसके बावजूद वे 60 लोगों के पीछे थे।
    इस पूरे वाकये पर नजर रखे हुए संवाददाता ने देखा कि करीब 10 बजे केंद्र खोला गया। ज्ञातव्य हो कि केंद्र खुलने का नियत समय सुबह 9 बजे है। यही नहीं, केंद्र पर पहुंचे अधिकारी ने वहां पहुंचकर एक-दो किसानों की पर्चियां काटी और उसके बाद खिड़की बंद कर दी। किसानों द्वारा जब आपत्ति दर्ज की गई तो उसने बताया कि वे अपना रजिस्टर लाना भूल गए हैं। किसानों द्वारा हल्ला किए जाने के बाद उसने पुन: पर्चियां काटनी आरंभ कीं।

अनियंत्रित ट्रक दुकानों में घुसा

सिरसा। गुरुवार प्रात: 2 बजे एक अनियंत्रित ट्रक शहीद भगत सिंह चौक को क्षतिग्रस्त करते हुए दो दुकानों में जा घुसा। दुर्घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया जिसे बाद में शहर थाना पुलिस ने काबू कर लिया।
    जानकारी के अनुसार नोहर निवासी शंकर लाल का ट्रक नंबर आरजे 31 जी-1893 राजस्थान से माल लेकर सिरसा आया था। ट्रक खाली करवाने के बाद चालक ट्रक को लेकर वापिस नोहर लौट रहा था। गुरुवार प्रात: 2 बजे स्थानीय शहीद भगत सिंह चौक के निकट ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और चौक में टकराने के बाद गोटी गारमेंट्स व ग्रोवर आयरन स्टोर में जा घुसा। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। बाजार के चौकीदार ने दुकान मालिकों को दुर्घटना के बारे में अवगत करवाया। दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। गोटी गारमेंट्स के संचालक सुरेश कुमार ने बताया कि ट्रक की टक्कर लगने से दुकान का शटर व शीशे टूट गए हैं जिससे उन्हें 1 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उधर ग्रोवर आयरन स्टोर के मालिक ने बताया कि ट्रक की टक्कर लगने से उनकी दुकान का शटर क्षतिग्रस्त हुआ है और करीब 20 से 25 हजार रुपये का नुकसान है। शहीद भगत ङ्क्षसह चौक की देखरेख करने वाली संस्था देशभक्त यादगार समिति व नई सुबह के पदाधिकारियों का कहना है कि संभवत: ट्रक चालक ने मदिरा का सेवन किया हुआ है जिसके चलते यह दुर्घटना हुई है। उन्होंने कहा कि ट्रक की टक्कर लगने से चौक की ग्रिल इत्यादि टूट गई है जिससे करीब 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद शहर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौका मुआयना करने के बाद दुकानदारों की शिकायत पर लापरवाह ट्रक चालक रूपराम के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे काबू कर लिया।

पुलिस अधीक्षक से मिले पीडि़त

 विवाहिता को जान से  मारने का आरोप
सिरसा।  विवाहिता को जहर देकर मारने के मामले में डिंग थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने से क्षुब्ध परिजन आज पुलिस अधीक्षक से मिले। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच हेतु मुख्यालय उपपुलिस अधीक्षक सतबीर श्योराण को आदेश जारी किए हैं।
    मिली जानकारी के अनुसार विगत 1 अक्तूबर को डिंग मोड़ निवासी मंजू पत्नी संजय कुमार को संदिग्ध परिस्थितियों में सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। मंजू की गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने उसे हिसार रैफर कर दिया। उपचार के दौरान मंजू की मौत हो गई। ससुरालियों ने मृतका के मायके वालों को बिना जानकारी दिए उसका दाह-संस्कार कर दिया। मृतका के भाई रोहताश कुमार का आरोप है कि इस संदर्भ में उन्होंने डिंग थाना पुलिस को जानकारी दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आज फतहाबाद के अंतर्गत तमसपुरा निवासी मृतका के भाई रोहताश, विक्रम, ताऊ रूपराम पुलिस अधीक्षक से मिले। पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में उक्त लोगों ने आरोप लगाया कि पति संजय कुमार, ससुर मुंशीराम, जेठ बिल्लू, जेठानी मीनू इत्यादि ने मंजू को जबरन जहर दे दिया। उक्त लोगों का कहना है कि चिकित्सीय जांच में भी मंजू की मौत जहर के दुष्प्रभाव से हुई दर्शाई गई है। पीडि़तों ने उक्त लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।

Monday, 26 September 2011

जीते जी मार डाला

सिरसा। वृद्धावस्था पेंशन में अधिकारियों की लापरवाही आज खुलकर उजागर हुई। वृद्ध विगत 8 महीने से पेंशन को तरस रहे हैं लेकिन उनकी सुनवाई भी नहीं हो पाई है। ग्राम सरपंच और अधिकारियों ने अनजाने में दो वृद्धों को जीते जी मार डाला।  मामले का खुलासा आज तब हुआ जब पीडि़त समाज कल्याण विभाग पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज करवाई। प्रारंभिक जांच में आधिकारिक त्रुटि की बात सामने आई है।
    मिली जानकारी के अनुसार गांव नटार निवासी लक्ष्मी बाई (65) पत्नी कालू राम व वसावा सिंह (84) पुत्र मोहन सिंह को विगत आठ माह से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल रही थी। पीडि़तों ने सबसे पहले ग्राम सरपंच रणजीत सिंह को इस बाबत शिकायत की। सरपंच ने निजी कंपनी द्वारा कार्य संभाले जाने के कारण पेंशन वितरण में देरी की बात कही। उन्होंने कहा कि आपकी पेंशन कुछ माह बाद आपको इक_ी दे दी जाएगी। लेकिन 8 माह बीत जाने के बाद भी जब दोनों को पेंशन नहीं मिली तो आज वे गांव के पंच बूटा राम, राकेश कुमार, ओमप्रकाश, महेंद्र सिंह व मदनलाल के साथ समाज कल्याण कार्यालय पहुंचे। यहां शिकायत की गई। विभागीय अधिकारियों ने जब रिकॉर्ड खंगाला तो उक्त दोनों मृत पाए गए। दोनों यह सुनकर भौचक्के रह गए। अधिकारियों ने बताया कि विभाग द्वारा समय-समय पर पेंशनधारकों की सूची का पुनर्निरीक्षण किया जाता है। विगत आठ माह पूर्व भी जब अधिकारी गांव नटार पहुंचे तो वहां लक्ष्मीबाई व वसावा सिंह को मृत बताकर इनके नाम सूची में से कटवा दिए गए। पीडि़त लक्ष्मीबाई का कहना है कि गांव में लक्ष्मीबाई पत्नी झंडाराम की मौत हो चुकी है। सरपंच की चूक के कारण वे पेंशन से वंचित हुए हैं। इसके अलावा वसावा सिंह का नाम तो बिना किसी कारण के ही काट दिया गया है।
    पीडि़त इसके बाद उपायुक्त से मिले और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उनसे की।

सपरिवार आत्महत्या करना चाहता है सुदेश!

सिरसा। ग्राम सरपंच द्वारा आए दिन जान से मारने की धमकी दिए जाने से क्षुब्ध आरटीआई कार्यकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से परिवार को आत्महत्या की इजाजत दिए जाने की मांग की है। गांव जमाल निवासी सुदेश पुत्र जगदीश शर्मा के आरोप गंभीर हैं। पुलिस से वह अनेक बार सुरक्षा की मांग कर चुका है लेकिन आरोप है कि पुलिस भी उल्टा उसे ही धमकाने का कार्य कर रही है।
    मिली जानकारी के अनुसार गांव जमाल निवासी सुदेश कुमार आरटीआई कार्यकर्ता है। ग्राम सरपंच की धांधलियों को देखते हुए उसने अनेक जानकारियां जनसूचना अधिकार के तहत प्राप्त की थीं। इसी से बौखलाए सरपंच राममूर्ति बेनीवाल ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। सुदेश का कहना है कि अनेक बार वह पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की मांग को लेकर मिल चुका है। एक बार उसे जमाल चौकी में भी बुलाया गया लेकिन पुलिस द्वारा उल्टा उसे ही धमका दिया गया। यही नहीं पुलिस ने उस पर सरपंच से राजीनामा करने का दबाव भी डाला। आज फिर सुदेश कुमार पुलिस अधीक्षक से मिला और परिवार की सुरक्षा की मांग की। उसका कहना है कि यदि पुलिस उसके परिवार की सुरक्षा नहीं कर सकती तो उन्हें आत्महत्या की इजाजत दे दी जाए।

नपा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव

एलनाबाद। क्षेत्र के 12 पार्षदों ने आज जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर नगरपालिका अध्यक्ष के खिलाफ उपायुक्त युद्धवीर सिंह ख्यालिया को अविश्वास प्रस्ताव सौंपा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि गोबिंद कांडा और जिला कांग्रेस प्रधान मलकीत सिंह खोसा की अगुवाई में पहुंचे पार्षदों ने उपायुक्त को एक ज्ञापन व शपथ पत्र सौंपकर पालिका अध्यक्ष रघुवीर सिंह जांगड़ा को हटाने की मांग की।
    उपायुक्त कार्यालय पहुंचे एलनाबाद के पार्षद वार्ड 1 के रामचंद्र, वार्ड 3 के राधेश्याम, वार्ड 6 के निछत्र सिंह, वार्ड 7 अर्जन दास, वार्ड 8 धर्मपाल गुंबर, वार्ड 9 मंजू तलवाडिय़ा, वार्ड 10 कांता धानुका, वार्ड 11 सुषमा कामरा, वार्ड 13 रिछपाल सिंह, वार्ड 15 देवीदान चारण, वार्ड 16 नरेश कुमार तथा वार्ड 17 के अनिल भादू शामिल थे। पार्षदों ने उपायुक्त के नाम सौंपे ज्ञापन में बतलाया कि एलनाबाद नगरपालिका के वर्तमान अध्यक्ष रघुवीर सिंह जांगड़ा, अपने पद के अनुरूप कार्य नहीं कर रहे हंै। अध्यक्ष का एलनाबाद की समस्याओं की तरफ ध्यान नहीं है और वे सभी कार्य मनमर्जी से करते हैं। पार्षदों ने कहा कि ऐलनाबाद की समस्याओं के लिए पार्षदों से कोई सलाह मशवरा तक नहंी किया जाता , जिस कारण एलनाबाद का विकास नहीं हो पा रहा। पार्षदों ने कहा कि मौजूदा अध्यक्ष के प्रति विश्वास नहीं रहा है और उसके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उसको अध्यक्ष पद से हटाकर नए अध्यक्ष का चुनाव किया जाए। उन्होंने कहा कि उक्त अध्यक्ष अल्पमत में है।
    प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रतिनिधि गोबिंद कांडा ने कहा कि  दो तिहाई पार्षदों द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन और शपथ पत्र उपायुक्त को सौंपे गए हैं जिससे स्पष्ट है कि ऐलनाबाद नगर पालिका अध्यक्ष को नैतिक और संवैधानिक रूप से अपने पद पर रहने का अधिकार नहीं है।

क्रमिक अनशन पर विद्युतकर्मी

सिरसा। विद्युत अधिकारियों पर दर्ज हुए मामलों को रद्द करवाए जाने की मांग को लेकर आज विद्युत कर्मी क्रमिक अनशन पर बैठ गए।   अनशन पर बैठे कर्मियों का कहना है कि अगर मुकद्दमे रद्द नहीं किए गए तो आंदोलन तेज किया जाएगा। आज अनशन पर महेश कुमार, सतेन्द्र मोंगा, अरुण कुमार, प्रमोद कुमार व राय साहिब बैठे। कर्मियों को संबोधित करते हुए सर्किल सचिव देवीलाल बिरड़ा ने कहा कि पुलिस प्रशासन व सिविल प्रशासन द्वारा बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रताडि़त किया जा रहा है। ऐसे में विद्युतकर्मियों में दिन-प्रतिदिन रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो संघर्ष को प्रदेश स्तर पर ले जाया जाएगा।

झगड़े में चार घायल

सिरसा। गांव चाहरवाला के खेत में दो किसानों में आपसी रंजिश को लेकर झगड़ा हो गया। इसमें दोनों पक्षों के दो-दो लोग घायल हो गए। इनमें से एक को नाजुक हालत में हिसार रैफर किया गया है। जानकारी अनुसार बीते दिवस 35 वर्षीय बलबीर उसका भाई देवीलाल व पिता शेर सिंह और चचेर भाई 30 वर्षीय मेवा सिंह पुत्र चत्तर सिंह के साथ खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान साथ लगते खेत मालिक भाल सिंह पुत्र नानक चंद, भूप सिंह, सुरजीत सिंह, हरीसिंह, प्रताप, हनुमान, प्रीतम, मनजीत, रामकुमार, राजेश कुमार को लेकर उसके खेत में आया और उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों के पास कस्सी व लाठियां थी। मारपीट में वे चारों घायल हो गए वहीं हमलावरों में भूप सिंह व सुरजीत को भी चोटें आईं।

Wednesday, 21 September 2011

दिल्ली के साथ दिल भी तो साफ करो बाबा जी!

अंशुल छत्रपति
    डेरा सच्चा सौदा ने दिल्ली में आज एक नया ड्रामा रचा है। दिल्ली साफ करने के लिए डेरा अपने अनुयायियों को इक_ा करके ले गया और राजघाट से सफाई अभियान का आरम्भ स्वयं डेरा मुखी ने किया। अच्छा काम है, बिल्कुल मोदी के अनशन जैसा। गांधीवादी तरीकों पर उतरे सभी पापियोंं को ना जाने क्यंू पाप करते वक्त गांधी याद नहीं आते और जब उनकी गर्दन पर शिकंजा कसा जाता है या उन्हें अपना कद किसी के सामने दिखाना होता है तब वे गांधी को याद करने लगते हैं। गांधी जी! यह दौर आपके विचारों और आपके तरीकों के प्रयोग का खतरनाक दौर है। डेरा मुखी पर कानून का शिकंजा जब-जब कसा जाता रहा है तब-तब डेरा ने उत्पात मचाया है। कभी बसें फूंकना, कभी आत्महत्या के हल्फनामे सरकार को देना, कभी अदालतों के बाहर अनुयायियों को ही आत्महत्या के लिए उत्साहित करना, हथियारों डंडों से लैस होकर अनुयायियों का पेशी के दिन मौजूद रहना डेरा सच्चा सौदा के कुछ आम कार्यों में से हैं। लेकिन देश के तमाम लोग जानते हैं कि ऐसे टोटकों से कुछ हासिल नहीं होता। डेरा को पहले लगता था कि कानून को भीड़ से डराया जा सकता है। अब लगता है देश के प्रभावी लोगों को भीड़ तो दिखाई ही जाए, बेशक किसी भी तरीके से।
    सफाई करने के लिए जिस भावना की जरूरत होती है वह भावना डेरा अनुयायियों में तो हो सकती है लेकिन सफाई अभियान को हरी झंडी दिखाने वाले और इस अभियान को प्लान करने वालों में भी होगी, यह असंभव लगता है। ये सभी लोग राजनीति के तमाम टोटकों को राजनीतिज्ञों से भी बेहतर समझते हैं। राजधानी में सफाई की उतनी आवश्यकता नहीं है जितनी अन्य छोटे शहरों में है। लेकिन राजधानी में सफाई करने के मायने अलग हैं और गुमनाम शहर में ऐसा अभियान चलाने के मायने कुछ और। तीन-तीन केसों में सीबीआई द्वारा चार्जशीटिड डेरामुखी हर हफ्ते पेशी भुगतते हैं, हर पेशी के बाद मुश्किलें बढ़ती नजर आती हैं। ऐसे में दिल्ली में सफाई अभियान के बहाने अपनी भीड़ का प्रभाव दिखाना डेरा मुखी की मजबूरी है। अन्ना के तरीकों और ताजातरीन प्रभाव को कुछ असामाजिक लोग भुनाएंगे, ऐसा डर अब यथार्थ रूप में सामने आने लगा है।

सीडीएलयू में विचार गोष्ठी व पौधारोपण

सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के प्रांगण में युवा इनेलो व इनसो द्वारा जननायक चौधरी देवीलाल के 98वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में छात्र विचार गोष्ठी व पौधारोपण का आयोजन किया गया। विचार गोष्ठी में मुख्य रूप से चार विषय को लेकर बड़े विस्तार से परिचर्चा हुई। विश्वविद्यालय के सैंकड़ों विद्यार्थियों ने कन्या भू्रण हत्या, पौधारोपण, नेत्रदान व भ्रष्टाचार पर अपने विचार रखे। गोष्ठी को संबोधित करते हुए युवा इनेलो के जिलाध्यक्ष धर्मवीर नैन व युवा इनेलो के पूर्व जिलाध्यक्ष महाबीर बागड़ी ने कहा कि यदि समाज इसी तरह लड़कियों को गर्भ में ही मारता रहेगा तो आने वाले समय में समाज का ढांचा पूर्ण रूप से बिगड़ जाएगा। इसलिए हमारा दायित्व बनता है कि हम खुद भी ऐसा न करें और लोगों को भी कन्या भू्रण हत्या न करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आज के युग में नारी किसी भी रूप से पुरुषों से कम नहीं है। हर कार्य में वह पुरुष के बराबर कंधे से कंधा मिलाकर तैयार खड़ी रहती है। इनसो के जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने पौधारोपण किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक पौधे से वृक्ष बनता है, वृक्ष बनकर वह किसी व्यक्ति विशेष को नहीं बल्कि सभी को अपने गुणों से लाभांवित करता है। छाया, हवा व उससे प्राप्त होने वाली गैसें आमजन को मिलती है। हमें सभी को प्रण लेना चाहिए कि हम अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और वृक्ष बनने तक उसकी सेवा करें। एमबीए की छात्रा ज्योति वशिष्ठ ने नेत्रदान पर बोलते हुए कहा कि नेत्रदान महादान है। मरणोपरांत एक व्यक्ति द्वारा नेत्रदान करने पर दो अंधे व बेबस व्यक्ति दान में दी गई आंखों को पाकर इस संसार को व समाज को सही मायनों में देख सकते हैं। गीता सर्वा ने भ्रष्टाचार पर बोलते हुए कहा कि चौधरी देवीलाल ने भ्रष्टाचार को जड़मूल से खत्म करने के लिए अनेक आंदोलन छेड़े व हमेशा गरीब व कमेरे व किसान वर्ग के लिए नए-नए कानून बनाने में अपना सर्वस्व लगा दिया। रणजीत कौर, दीपिका, सोनिया, राधा, कविता सहित अनेक छात्राओं ने कन्या भू्रण हत्या, भ्रष्टाचार, नेत्रदान व पौधारोपण पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर युवा इनेलो के शहरी अध्यक्ष बंसी सचदेवा, हरप्रीत सिंह, डा. नैण, सुनील मिढा, प्रदीप बैनीवाल आदि उपस्थित थे।

राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ

सिरसा। बरनाला रोड स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आज जिला तीरंदाजी संघ के तत्वावधान में राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि डेरा बाबा भुम्मणशाह, संघरसाधां के गद्दीनशीं बाबा ब्रह्मदास थे। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बाबा ब्रह्मदास ने कहा कि तीरंदाजी द्वापर युग से चली आ रही है। उक्त परंपरावादी खेल हमारे देश का अभिन्न अंग है। प्रतियोगिता को 4 चरणों में विभाजित किया गया है। 13 वर्ष से कम आयु के बच्चे इंडियन, 13 से 16 साल के बच्चे इंडियन व फीटा, 16 से 18 कंपाउंड तथा सीनियर वर्ग में उक्त तीनों ही चरणों में भाग ले सकेंगे।

अंक जांच करवाए तो आई अव्वल

सिरसा। सैन्ट्रल सीनियर सैकेण्डरी स्कूल की 12वीं की छात्रा वसुंधरा गोयल ने दोबारा अंक जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद जिले में प्रथम स्थान हासिल करने का गौरव प्राप्त किया है। वसुंधरा के पिता ललित मोहन गोयल ने बताया कि वंसुधरा को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परिणाम में जिले में द्वितीय स्थान दिया गया था। वसुंधरा को इस पर संतुष्टि नहीं थी और उसने दोबारा अंक जांचने का आग्रह किया। बोर्ड ने नए परिणाम में वंसुधरा के 500 में से 493 अंक घोषित किए हैं, जो कि 98.6 प्रतिशत बनता है। इस लिहाज से वंसुधरा जिला की टॉपर हो गई है।

देह व्यापार का पर्दाफाश

सिरसा। थाना शहर पुलिस ने जिस्मफरोशी धंधे का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं सहित एक युवक व मकान मालिक को गिरफ्तार किया है। अन्य दो की तलाश जारी है। बताया जाता है कि पिछले लंबे समय से बड़े स्तर पर यहां देह व्यापार किया जा रहा था और दिल्ली,कलकत्ता आदि महानगरों से लड़कियां लाई जाती थीं।
    मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर बाद थाना शहर पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि चत्तरगढ़ पट्टी के पे्रम नगर इलाके  के एक मकान में कुछ लोग रंगरलियां मना रहे हैं। सूचना मिलते ही उपनिरिक्षक सुरेश पाल द्वारा गठित पुलिस पार्टी ने पे्रम नगर स्थित सूरज पुत्र जगन्नाथ के मकान पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से एक कमरे में आपत्तिजनक अवस्था में अग्रसैन कॉलोनी निवासी मोनू पुत्र रत्नलाल को पूजा पत्नी मदन निवासी नोदिया (पश्चिम बंगाल) को काबू किया। कमरे के बाहर बैठी सोनाली पत्नी गोपाल निवासी पहाडग़ंज कलकत्ता जो हाल ही में दिल्ली के मच्छी मार्केट में रह रही है को भी गिरफ्तार कर लिया। मकान मालिक सूरज ने पुलिस को बताया कि उसने यह मकान किराये पर दिया हुआ है। सूरज ने बताया कि उसे इसकी जानकारी अभी मिली है। उन्होंने बताया कि चत्तरगढ़ पट्टी निवासी धर्मेन्द्र और कीर्ति नगर निवासी रमेश भाटिया नामक युवक बाहर से लड़किया लाकर यहां धंधा करवाते हैं। पुलिस ने मकान मालिक सूरज के बयान पर धर्मेंन्द्र और रमेश के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उनकी तलाश आरंभ कर दी है।

Monday, 19 September 2011

गुरमीत सिंह ने भुगती पेशी

सिरसा। पत्रकार छत्रपति व रणजीत हत्याकांड तथा साध्वियों से बलात्कार के आरोपी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह ने आज सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष पेशी भुगती। अदालत ने आगामी कार्रवाई हेतु 27 सितंबर तारीख निर्धारित की है। आज हुई अदालती कार्रवाई में रणजीत हत्याकांड में सुनवाई हुई। मामले के जांच अधिकारी रहे तत्कालीन उपनिरीक्षक रौनकी राम ने गवाही दी। उन्होंने अपने बयानों में बताया कि दिवंगत रणजीत सिंह के पिता जोगेंद्र सिंह ने डेरा सच्चा सौदा के दो श्रद्धालुओं की डायरियां व गुमनाम साध्वी की चिठ्ठी उन्हें सौंपी थी। उन्होंने बताया कि वहीं मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर आजाद सिंह ने रणजीत की हत्या के मामले में डेरा अनुयायी जसबीर सिंह व सबदिल को उनकी मौजूदगी में गिरफ्तार किया था। अब तीनों ही मामलों में आगामी 27 सितंबर को सुनवाई होगी।

तिलोकेवाला जीते!


सिरसा। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनावों में सिरसा निर्वाचन क्षेत्र से संत गुरमीत सिंह तिलोकेवाला विजयी हुए हैं।  हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है लेकिन बताया जा रहा है कि तिलोकेवाला ने प्रकाश सिंह साहुवाला को करारी शिकस्त दी है।
    उल्लेखनीय है कि गत दिवस शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव सम्पन्न हुए थे। सिरसा निर्वाचन क्षेत्र से तीन उम्मीदवार मैदान में थे। तीनों में से संत गुरमीत सिंह तिलोकेवाला व प्रकाश सिंह साहुवाला के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही थी। साहुवाला एसजीपीसी के उम्मीदवार थे जबकि संत तिलोकेवाला आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में उतरे थे और बाद में झिंडा दल ने उन्हें समर्थन देने की घोषणा की थी। सूत्रों के मुताबिक जो परिणाम सामने आया है उसमें संत तिलोकेवाला ने प्रकाश सिंह साहुवाला को मात दी है। बताया जा रहा है कि प्रदेश की 11 सीटों में से 3 सीटों पर झिंडा ग्रुप ने झंडा बुलंद किया है। गौरतलब है कि बादल ग्रुप के उम्मीदवार प्रकाश सिंह साहुवाला के पक्ष में यहां से इनेलो ने भी जान झोंक रखी थी। यही नहीं, स्वयं ओमप्रकाश चौटाला व उनके सुपुत्रों ने भी उनके पक्ष में प्रचार-प्रसार किया था। बावजूद इसके संत गुरमीत सिंह तिलोकेवाला की जीत के कारण अकाली दल व इनेलो को तगड़ा झटका लगा है। परिणामों की आधिकारिक घोषणा 22 सितम्बर को होगी जिसके बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी।

अतिक्रमण अभियान में अड़ंगा


सिरसा। नगर परिषद द्वारा चलाए गए अतिक्रमण अभियान के प्रथम दिन ही विवाद खड़ा हो गया। रोड़ी बाजार में नप के कर्मचारी व दुकानदार भिड़ गए। घटना में दो दुकानदार व एक नप कर्मी घायल हो गए। तीनों को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।
    मिली जानकारी के अनुसार शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए आज नगरपरिषद व पुलिस द्वारा अभियान छेड़ा गया। नप कर्मचारी विभिन्न बाजारों से होते हुए रोड़ी बाजार पहुंचे। अतिक्रमण के दायरे में आ रहे सामान को कर्मचारी अपने कब्जे में ले रहे थे। लालचंद पंसारी की दुकान का बोर्ड भी अतिक्रमण के दायरे में बताते हुए नप कर्मियों ने अपने कब्जे में ले लिया। लेकिन दुकान संचालक सहदेव ने इसका विरोध किया। टीम का नेतृत्व कर रहे मुख्य क्लर्क ओंकार सिंह ने कहा कि अभियान शुरू करने से पहले ही नप द्वारा मुनादी करवा व्यापारियों को सचेत कर दिया गया था। इसके बावजूद बाजार में दुकानदारों ने अतिक्रमण किया हुआ है। इस पर दुकान संचालक सहदेव तैश में आ गया और उक्त कर्मचारियों से उलझ पड़ा। नप कर्मचारी के साथ सहदेव की झड़प हो गई। वहां के कुछ व्यापारी भी सहदेव के पक्ष में उतर आए और देखते ही देखते दोनों पक्षों में जोरदार भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में सहदेव के छोटे भाई मुकेश के दांत टूट गए। इस बात से व्यापारी और भड़क उठे। उन्होंने कर्मचारी सोमनाथ को इस कदर पीटा कि वह बेसुध हो गया। सूचना मिलने पर नप के कार्यकारी अधिकारी एसके गोयल पुलिस दल-बल सहित घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को सामान्य अस्पताल ले जाया गया।
    प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान हीरालाल शर्मा के नेतृत्व में अनेक व्यापारी सामान्य अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के रवैये पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के साथ बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त ने पढ़ाया अध्यापकों को पाठ

सिरसा। पंचायत भवन में उपायुक्त डा. युद्धबीर सिंह ख्यालिया की अध्यक्षता में प्रोफैशनल एक्सीलेंस विषय पर बैठक का आयोजन किया गया जिसमें उन्होंने अध्यापकों में होने वाले उत्तम गुणों के बारे मेें भी विस्तार से जानकारी दी।  इस अवसर पर जिले के राजकीय विद्यालयों के अध्यापक व प्राध्यापक ने भी अपने विचार सांझे किए।
    उपायुक्त डा. युद्धबीर सिंह ख्यालिया ने अध्यापकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि एक अध्यापक ही विद्यार्थी का भविष्य बनाता है इसलिए उसे पहले अपने शरीर में उस ऊर्जा को पैदा करना है जिससे वो अपने विद्यार्थियों में ऊर्जा का संचार करे। उन्होंने कहा कि अध्यापक को चाहिए कि बच्चों को इस तरीके से पढ़ाए कि वे आनंद लेकर पढ़े, साथ ही उनसे मित्रतापूर्ण व्यवहार करें तथा उन्हें आई कांटेक्ट, अपनी बात कैसे कहे तथा किताबी ज्ञान के साथ-साथ अन्य विषयों पर भी बच्चों के साथ चर्चा करें। उन्होंने कहा कि उत्तम शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को अच्छे संस्कार भी दें। उन्होंने कहा कि अच्छे संस्कार व उत्तम शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थी समाज व राष्ट्र का नवनिर्माण करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
    उन्होंने कहा कि अध्यापक अपनी शिक्षा को एक जनून के रूप में लें। बच्चों को इतिहास या अन्य विषयों को इस तरीके से समझाएं कि  वे उन्हें रोचक लगे। एक समय सारिणी के अनुरूप कार्य करें। उन्होंने कहा कि किसी भी ज्ञान को बांटना एक शिक्षा है तथा अच्छा गुण है। उन्होंने कहा कि ज्ञान बांटने से घटता नहीं बल्कि बढ़ता है।  उन्होंने कहा कि अध्यापक अपनी कला व शिक्षा को व्यापार न समझकर एक मानवता के नाते बच्चों को अच्छी शिक्षा दें।  उन्होंने कहा कि किस तरह पेंटर अपनी पेंटिंग में इतना खोया रहता है कि उसे बाहर क्या हो रहा कुछ नहीं पता और संगीतकार को स्टेज मिले न मिले उसने अपना गीत तो गाना है।

दुर्घटना में एक की मौत

सिरसा। राष्ट्रीय राजमार्ग 10 स्थित गांव खैरेकां के निकट स्विफ्ट कार व ट्रैक्टर-ट्राली की आमने-सामने की भिड़ंत में फाइनेंस कंपनी के एक कर्मचारी की मौत हो गई। एक अन्य गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने शव का अंत:परीक्षण करवा वारिसों को सौंप दिया। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार हिसार की न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी अमित कुमार पुत्र महेंद्र कुमार व सिरसा निवासी प्रकाश पुत्र आजाद सिंह फाइनेंस कंपनी में सहकर्मी थे। गत रात्रि दोनों स्विफ्ट कार में सवार होकर डबवाली जा रहे थे। जैसे ही वे खैरेकां के निकट पहुंचे, सामने से आ रहे लकडिय़ों से लदे ट्रैक्टर-ट्राली से उनकी भिड़ंत हो गई। जबरदस्त भिड़ंत में कार के परखचे उड़ गए। अमित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। प्रकाश गंभीर घायल हो गया। राहगीरों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। दोनों को सामान्य अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार प्रकाश की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

Saturday, 17 September 2011

रोडवेज स्टाफ ने किया रोड जाम


यार्ड मास्टर से मारपीट को लेकर आक्रोश
सिरसा। मुख्य बस अड्डा में कार्यरत यार्ड मास्टर के साथ निजी बस चालकों द्वारा मारपीट किए जाने के विरोध स्वरूप आज हरियाणा परिवहन निगम के कर्मचारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 10 पर जाम लगा दिया। कर्मचारियों ने उक्त आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। करीब 3 घंटे तक जाम लगा रहा। सूचना मिलने पर तहसीलदार ओमप्रकाश बिश्नोई व अन्य उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। उच्चाधिकारियों ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
    मिली जानकारी के अनुसार आज प्रात: एक्साइज डिपार्टमेंट द्वारा हनुमानगढ़ से दिल्ली जाने वाली सांईं टै्रवलर्स की बस का चालान काटा गया था। नियमानुसार बस मुख्य बस अड्डा डिपू में भेज दी गई। करीब 9 बजे उक्त बस का चालक व अन्य कुछ लोग बस लेने के लिए डिपू में पहुंचे। उक्त लोगों ने यार्ड मास्टर विनोद कुमार बिना सूचित किए डिपू से बस निकालने का प्रयास किया। जैसे ही बस चालक ने बस को बाहर निकाला तो विनोद कुमार ने उन्हें 50 रुपये की रसीद कटवाने की बात कही। विनोद द्वारा रसीद काटे जाने की बात से बस चालक आपा खो बैठा। सूत्रों के मुताबिक चालक व अन्य लोगों ने यार्ड मास्टर विनोद कुमार के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य कर्मचारी सुरेंद्र कुमार को भी चोटें आई। वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने दोनों को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। निजी बस चालकों द्वारा उक्त दोनों कर्मचारियों के साथ की गई मारपीट के विरोध स्वरूप हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने मुख्य बस अड्डा के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। कर्मचारियों  ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर तहसीलदार व अन्य उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। बस अड्डा चौकी प्रभारी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को थाना में तलब किया गया है। फिलहाल समझौते के प्रयास करवाए जा रहे हैं। अगर समझौता नहीं हुआ तो निजी बस चालकों के विरुद्ध मामला दर्ज किया जाएगा।

चुनाव कल, तैयारियां पूर्ण

सिरसा। कल होने वाले शिरोमणी गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के  दो चुनाव क्षेत्रों 09-सिरसा व 10-डबवाली के सभी प्रबंध पुख्ता कर लिए गए हैं। कल मतदान सुबह 8 बजे से साय: 4 बजे तक होगा। दोनों चुनाव क्षेत्रों में 67 हजार 928 मतदाता अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे।
    यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी युद्धबीर सिंह ख्यालिया ने दी। उन्होंने बताया कि दोनो क्षेत्रों में चुनाव के लिए 102  मतदान केंन्द्र बनाए गए है जिनमें 460 अधिकरियों कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त 13 पोलिंग पार्टीयां रिजर्व में रखी गई हंै  जिन्हें आवश्यकता अनुसार कही पर भी भेजा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि 4 बजे मतदान के बाद मतो की गिनती की जाएगी। जिनका  परिणाम आगामी 22 सितम्बर को घोषित किया जाएगा।
    उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से भी  जिला प्रशासन व जिला पुलिस द्वारा सभी बंदोबस्त पुख्ता किए गए हंै। 18 सितंबर को होने वाले शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी चुनाव के मद्देनजर जिला के दोनों चुनाव क्षेत्रों में सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए गए हैं। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न करवाने के उद्देश्य से 09-सिरसा व 10-डबवाली क्षेत्र में एक हजार से भी अधिक पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं। दोनों क्षेत्रों को छह सैक्टरों मेें बांटकर डीएसपी स्तर के अधिकारियों को सैक्टर इंचार्ज लगाया गया है।

किसानों की दुश्मन कांग्रेस : चौटाला

सिरसा। इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि कांग्रेस किसानों की सबसे बड़ी दुश्मन है। किसानों को सस्ते दामों पर बढिय़ा क्वालिटी के बीज, खाद, दवाईयां उपलब्ध करवाना तो दूर की बात प्राकृतिक मार से बरबाद हुई फसलों का उचित मुआवजा भी नहीं दिया जाता। चौटाला आज अपने निवास पर प्रैस वार्ता को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने राज में अब तक दस बार पैट्रो पदार्थो के रेट बढ़ाए हैं, जिससे फसल की लागत भी बढ़ी, लेकिन उसके बावजूद किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य प्रदान नहीं किया। पहले डीएपी खाद 540 रुपए में मिलता था जो कि अब 770 रुपए में मिलने लगा है। इतना ही नहीं बाजार में नकली खाद, बीज, दवाईयां आदि की भरमार है, जिस पर नकेल नहीं कसी जा रही। 
    इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि सरकार की गलत आर्थिक व रोजगार की नीति के कारण प्रदेश पर जहां कर्जे का बोझ बढ़ा है वहीं युवाओं को भी उच्च शिक्षा ग्रहण करने के बाद भी रोजगार नहीं मिल रहा। गलत आर्थिक नीति के कारण 52702 करोड़ का कर्जा प्रदेश पर हो चुका है जो कि इनेलो सरकार में 23 हजार करोड़ का कर्जा था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार ने 596 इंजीनियरिंग कॉलेज तो खोल दिए गए, जिनमें 1 लाख 21 हजार के करीब युवा दाखिला ले सकते हैं, लेकिन रोजगार की कारगर नीति न होने के कारण 55 प्रतिशत सीटें खाली रहती हैं और जो युवा डिग्री हासिल करते हैं, उन्हें भी रोजगार के लिए मारे-मारे घूमना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में प्रदेश में अपराध का ग्राफ भी बढ़ा है तथा सरकारी आंकड़ों के अनुसार 1-4-2005 से 31-3-2010 तक 1609 बच्चों का अपहरण हुआ, जिनमें से पुलिस आज तक एक को भी बरामद नहीं कर पाई। इतना ही नहीं 3 वर्ष पहले हुए तेजस अपहरणकांड में तो पुलिस अपराधियों का सुराग तक पता नहीं लगा पाई है। उन्होंने दावा किया कि हिसार उपचुनाव इनेलो प्रत्याशी डा. अजय चौटाला भारी बहुमत से जीतेंगे। इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री भागीराम, जिलाध्यक्ष पदम जैन, हलका प्रैस प्रवक्ता महावीर शर्मा, पार्षद प्रदीप मेहता, डा. हरिसिंह भारी, विनोद बेनीवाल, नप प्रधान सुरेश कुक्कू, विनोद दड़बी आदि उपस्थित थे।

Friday, 16 September 2011

इनेलो ही दे सकती है महिलाओं को मान : चौटाला

सिरसा।  इनेलो सुप्रीमो एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि भविष्य में इनेलो ने जनता के सहयोग से सत्ता संभाली तो महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक कल्याणकारी नीतियां बनाई जाएंगी ताकि महिलाएं प्रदेश में तरक्की कर सके। चौटाला आज नई अनाज मंडी में जिला स्तरीय महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन की अध्यक्षता इनेलो महिला विंग की प्रदेश संयोजक शीला भ्याण ने की।
    श्री चौटाला ने कहा कि प्रत्येक युग में महिलाओं ने अपनी अहम भूमिकाएं निभाई है। भारत की जंगे आजादी में भी रानी झांसी जैसी बहादुर महिला ने अंग्रेजों को भारत से भागने के लिए मजबूर कर दिया था। उनकी प्रेरणा से महिलाओं ने भारत की आजादी में अंतिम समय तक अपने प्राणों की बलि दी। उन्होंने कहा कि जिस देश में महिलाओं का सम्मान नहीं होता तो वह देश कभी विकास की बात नहीं सोच सकता। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि इनेलो के शासनकाल में महिलाओं को सम्मान देते हुए महिला आयोग गठन किया था। पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह महिलाओं के प्रति असंवेदनशील है। सरकार उनकी समस्याओं के प्रति अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों को प्राप्त करने हेतु राजनीतिक रूप से जागरूक होना होगा ताकि सरकार उनके कल्याण के लिए नीतियां बनाएं। श्री चौटाला ने हिसार के उपचुनाव के बारे में कहा कि इनेलो के प्रत्याशी डॉ. अजय सिंह चौटाला अपने विरोधियों पर भारी पड़ेगें और वह विजयी होकर लोकसभा में हिसार की जनता की आवाज उठाएंगे। सम्मेलन को जिला संयोजक कृष्णा फोगाट व प्रदेश उपाध्यक्षा प्रोमिला शर्मा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर बिमला जैन, कमलेश सचदेवा, बिमला कायत, कृष्णा सैनी, संतोष नरूला, सुनीता, सुशीला शर्मा, उर्मिला कम्बोज, गीता सैनी, रामदुलारी सैनी, रूकमा सिहाग, पुष्पा नारंग, सरोज वर्मा, रेशमा, सावित्री देवी, कृष्णा भांभू, दर्शना शर्मा, सीता शर्मा, विना भोपर, हरीश बाला, मनिंद्र कौर,  सुनसिमरन जीत,  वमनजीत कौर, सीता देवी, पुष्पा दैड़ान, किताबो देवी आदि महिलाएं उपस्थित थी।

सांसद व एसपी से मिले ग्रामीण

ढाणी कालूवाली में विद्युतकर्मी की मौत का मामला
सिरसा। ढाणी कालूवाली में ग्रामीण विद्युत प्रतिनिधि की करंट लगने से हुई मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज सैंकड़ों लोग सांसद अशोक तंवर व पुलिस अधीक्षक से मिले। सांसद तथा एसपी ने लोगों को आश्वासन दिया कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। गौरतलब है कि विगत पांच सितम्बर को मोडिया निवासी  ग्रामीण विद्युत प्रतिनिधि सुभाष पुत्र इकबाल सिंह की कार्य करते समय विद्युतकर्मियों की लापरवाही के कारण करंट लगने से मौत हो गई थी। मृतक के पिता का आरोप था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक संदीप बांसल व हरसिमरण ने फेरबदल किया। आरोप था कि उक्त चिकित्सकों ने एसडीओ ओपी मेहता, फोरमैन अमन सिंह, एसए अजय पाल, लाईनमैन देवीलाल तथा विद्युत विभाग के ठेकेदार राजकुमार की मिलीभगत के कारण कार्य को अंजाम दिया। आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। तदोपरांत मामला तूल पकड़ गया। अनेक गांवों के ग्रामीणों ने उक्त सभी अधिकारियों के विरुद्ध अभियोग दर्ज करने की मांग की। आखिरकार पुलिस ने उक्त सभी के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या व षड्यंत्र रचने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आज हरियाणा कम्बोज सभा के प्रधान सेठ गोपीचंद तथा मोडिय़ाखेड़ा के प्रतिनिधि सरपंच कृष्ण लाल के नेतृत्व में सैंकड़ों लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की  मांग को लेकर सांसद व एसपी ने मिले।

एसजीपीसी चुनाव : सुरक्षा चाक-चौबंद

सिरसा। आगामी 18 सितंबर को होने वाले शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी चुनाव के मद्देनजर जिला के दोनों चुनाव क्षेत्रों में सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए गए हैं। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न करवाने के उद्देश्य से 09-सिरसा व 10-डबवाली क्षेत्र में एक हजार से भी अधिक पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं। दोनों क्षेत्रों को छह सैक्टरों में बांटकर डीएसपी स्तर के अधिकारियों को सैक्टर इंचार्ज लगाया गया है। सुरक्षा के सभी इंतजामों की समीक्षा आज स्थानीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हिसार रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एके ढुल ने की। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की और उचित दिशा-निर्देश दिए।
    एके ढुल ने बताया कि शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाने के लिए छह उप पुलिस अधीक्षक, दो दर्जन से भी अधिक निरीक्षक तथा 800 से अधिक पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। इसके साथ-साथ दोनों क्षेत्रों में 20 पेट्रोलिंग पार्टी भी लगाई गई हैं। दोनों क्षेत्रों के रास्तों व सड़क मार्गों पर 12 नाके स्थापित किए गए हैं जहां से कोई भी शरारती तत्व क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर पाएगा। उन्होंने बताया कि इन नाकों पर सभी वाहनों की चैकिंग की जाएगी। इसके साथ-साथ 4 रिजर्व भी मुख्यालय पर तैनात रहेगी जो किसी भी समय जरूरत पडऩे पर तुरंत पहुंचेंगी। -दोनों क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण कुमार मेहता को इंचार्ज बनाया गया। पुलिस अधीक्षक सतेंद्र गुप्ता की देखरेख में पूरी सुरक्षा को चाक-चौबंद किया  गया हैं।
    उन्होंने बताया कि जिला के दोनों क्षेत्रों में 38 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया। इन मतदान केंद्रों में एक-एक गैर राजपत्रित अधिकारी व दो-दो पुलिस कर्मचारियों को अतिरिक्त रूप से तैनात किया गया है। इसके साथ-साथ सभी मतदान केंद्रों पर आधा दर्जन से भी अधिक उपनिरीक्षकों और कर्मचारियों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा पहले ही संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान करके यह सुनिश्चित किया गया है कि इन केंद्रों पर सुरक्षा के मामले में किसी भी रूप में ढिलाई ना बरती जाए। श्री ढुल ने बताया कि दोनों क्षेत्रों में शरारती तत्वों को फटकने तक न देने के उद्देश्य से आज से शराब की बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है और मतदान केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में आम आदमी के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है और न ही कोई व्यक्ति इस परिधि में चुनाव प्रचार कर पाएगा।

चुनावों के मद्देनजर निषेधाज्ञा लागू

सिरसा। जिलाधीश डा. युद्धबीर सिंह ख्यालिया ने आदेश अधीन धारा 144 दंड प्रक्रिया संहिता 1973 के तहत बताया कि सिरसा में शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी आम चुनाव 2011 के दौरान चुनाव केंद्रों पर तनाव व परेशानी आम दिनचर्या में बाधा, जान-माल की हानि, अशांति और दंगे होने की आशंका है और इन स्थानों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाई रखनी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पांच या इससे अधिक लोगों का एकत्रित होना शांति प्रक्रिया में बाधा का कारण बन सकता है और जिला सिरसा में स्थित मतदान केंद्र की 200 मीटर की परिधि में पांच या इससे अधिक लोगों के एकत्रित होने की रोकथाम अनिवार्य है। जिलाधीश ने बताया कि वैधिक कर्मचारियों के सरकारी, गैर सरकारी संपत्ति, जान माल तथा जनसाधारण को खतरे से बचाने के लिए निर्देश देना भी अनिवार्य है।
    जिलाधीश डा. ख्यालिया सिरसा ने दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के अधीन प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिला सिरसा में स्थित सभी मतदान केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में पांच से या इससे अधिक लोगों को एकत्रित होने पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया है। इन आदेशों की उल्लंघनकर्ता भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के अनुसार दंड के पात्र होंगे। ये आदेश पुलिस तथा अन्य सरकारी अधिकारियों तथा कर्मचारियों पर जोकि अपनी ड्यूटी पर तैनात है पर लागू नहीं होंगे। आपातकालीन स्थिति के दृष्टिगत यह आदेश एकतरफा जारी किए गए हैं और आम जनता की सूचना व पालनार्थ सम्बोधित है। यह आदेश तुरंत प्रभाव से 18 सितंबर 2011 को प्रात: 5 बजे से चुराव प्रक्रिया समाप्त होने तक जिला सिरसा की सीमा में लागू रहेंगे तथा आवश्यकतानुसार आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
    उक्त आदेशों की प्रति उपमंडल,तहसील, नगरपरिषद, जिला कचहरी, नगरपालिका व खंड कार्यालयों के सूचना पट्टों तथा बस स्टेंड, पुलिस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, पंचायत घरों के सूचना पट्टों पर लगा दिए गए हैं ताकि आमजन को इन आदेशों का पता चल सके।

कार्रवाई की मांग

सिरसा। गांव रामपुरा ढिल्लों के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मुख्य अध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आज ग्रामीणों ने लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्य अध्यापक ने स्कूल के निर्माण कार्य में रुपयों का गबन किया है।

Thursday, 15 September 2011

व्यापारी पर हमला, बाजार बंद


सिरसा। रोड़ी बाजार में आज कुछ लोगों ने एक कपड़े की दुकान में घुसकर व्यापारियों पर जानलेवा हमला किया। हमले में दो दुकान संचालक व एक कारिंदा बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। हमले के रोषस्वरूप आज बाजार बंद रहा। हरियाणा व्यापार मंडल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
    गौरतलब है कि रोड़ी बाजार में ग्रोवर क्लॉथ हाउस है। आज सुबह दुकान संचालक टिंकू व दीपक रोजमर्रा की भांति दुकान पर पहुंचे। उनके साथ एक कारिंदा सूरज भी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान हथियारों से लैस सात-आठ लोग दुकान में घुसे और तीनों पर हमला कर दिया। बाजार में अधिक भीड़ न होने के कारण उनका बचाव भी नहीं हो पाया। आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। आस-पास के व्यापारियों ने तीनों घायलों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया।
    सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन टिंकू व दीपक का कहना है कि वे सोढी ट्रांसपोर्ट कं. के माध्यम से दुकान के लिए कपड़े आयात करते हैं। गत दिवस दिल्ली से दो बंडल कपड़े आए थे लेकिन उनकी दुकान पर एक ही पहुंचाया गया। इसकी शिकायत उन्होंने कंपनी के संचालक से की लेकिन उन्होंने एक ही बंडल पहुंचे होने की बात कही। व्यापारियों के अनुसार मामला पंचायत में रखा गया तो कंपनी के संचालक ने गलती मानते हुए मुआवजे के तौर पर मात्र 10 हजार रुपए देने की बात की जबकि कपड़े की अनुमानित कीमत 40 हजार रुपए है। इसी बात को लेकर उनका विवाद चल रहा था। आज अज्ञात लोग उनकी दुकान पर पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। दुकान के शीशे तोड़ दिए गए व सामान तहस-नहस कर दिया। आरोप है कि इस घटना के पीछे सोढी कंपनी के संचालक का ही हाथ है।
    उधर व्यापारियों पर हुए हमले के विरोधस्वरूप बाजार बंद रहा। हरियाणा व्यापार मंडल के प्रधान हीरालाल शर्मा के नेतृत्व में दुकानदारों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। शर्मा का कहना है कि प्रतिदिन अपराधी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। प्रशासन ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहा है। व्यापारी दहशत में जी रहे हैं। दिनदिहाड़े व्यापारियों पर हुए इस हमले ने सरकार व प्रशासन की सुरक्षा नीति की पोल खोलकर रख दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पंगु हो चुका है। शहर में सुरक्षा के नाम पर कोई पुख्ता प्रबंध नहीं किए गए हैं। पुलिस गश्त सिर्फ कागज़ों में हो रही है।

Monday, 12 September 2011

एसपी से मिले पत्रकार

सिरसा। गिरफ्तार किए गए डेरा सच्चा सौदा प्रेमी को पूरा सच कार्यालय भेजने के पीछे किसका हाथ है इस साजिश का पर्दाफाश किए जाने की मांग को लेकर आज पत्रकारों का प्रतिनिधि मंडल पुलिस अधीक्षक सतेंद्र गुप्ता से मिला। एसपी द्वारा प्रतिनिधि मंडल को उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।
    गौरतलब है कि विगत 10 सितम्बर को डेरा सच्चा सौदा प्रेमी राजेंद्र सिंह पुत्र चानन सिंह जबरन पूरा सच कार्यालय में घुस आया था। आरोपी ने पूछताछ में डेरा के कमरा नं. 13 में रह रहे कैप्टन बलदेव ङ्क्षसह द्वारा उसे भेजे जाने की बात कही। हालांकि पुलिस ने आरोपी राजेंद्र को काबू कर  लिया। उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भी लिया गया। पुलिस आरोपी से रिमांड के दौरान कुछ भी उगलवा नहीं पाई। पुलिस ने अपनी कार्रवाई में आरोपी से किसी प्रकार का डेरा से सम्बंध न होना दर्शाया है। पुलिस की इस कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगना जायज है। इसी बात को लेकर आज हरियाणा जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के प्रधान नवदीप सेतिया के नेतृत्व में प्रतनिधि मंडल पुलिस अधीक्षक सतेंद्र गुप्ता से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने एसपी सतेंद्र गुप्ता से मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच की मांग रखी। प्रतिनिधि मंडल का कहना था कि आरोपी राजेंद्र सिंह ने यह कबूल किया था कि उसे बलदेव सिंह ने ही भेजा है। पुलिस रिमांड के दौरान उक्त बयान को शामिल क्यों नहीं किया गया। ऐसे में बलदेव सिंह को शामिल तफ्तीश किया जाना जरूरी है। एसपी सतेंद्र गुप्ता ने माना कि डेरा के अंदर कैप्टन बलदेव सिंह नामक व्यक्ति रहता अवश्य है परंतु युवक को कैप्टन द्वारा भेजे जाने की बात  अभी साबित नहीं हो पाई। उन्होंन प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया कि मामले की गहनता से जांच की जाएगी और बलदेव सिंह को पुलिस कार्रवाई में शामिल किया जाएगा। इस अवसर पर पत्रकार राजेंद्र ढाबां, अंशुल छत्रपति, सत सिंह, भास्कर मुखर्जी, अमित कुमार, हितेश चतुर्वदी, अमरजीत सिंह, प्रभु दयाल, मनमोहित ग्रोवर, प्रमोद, संदीप गाट, ठाकुर शिवराम सिंह, अधिवक्ता लेखराज ढोट, रूप कुमार नम्बरदार, अधिवक्ता इंद्रजीत सहित अनेक लोग मौजूद थे।
    उधर, रोड़ी के पत्रकार संदीप गाट से सरपंच द्वारा की गई मारपीट को लेकर प्रतिनिधि मंडल ने एसपी को ज्ञापन सांैपा। पत्रकारों ने गाट के साथ किए गए दुव्र्यवहार व मारपीट को लेकर सरपंच के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने रोड़ी एसएचओ कृष्णा यादव को मामले में सख्ती से एक्शन लेने के आदेश दिए।

डेरा प्रेमी पहुंचा कारागार

सिरसा। एक दिन के पुलिस रिमांड के पश्चात डेरा प्रेमी राजेंद्र सिंह को बस अड्डा चौकी पुलिस ने आज न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को जिला कारागार भेजे जाने के आदेश दिए। गौरतलब है कि आरोपी डेरा सच्चा सौदा प्रेमी राजेंद्र सिंह गत दिवस पूरा सच कार्यालय में घुस आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादंसं की धारा 506 व 451 के तहत मामला दर्ज किया था।

डेरा प्रमुख की पेशी कल

सिरसा। साध्वियों से बलात्कार, रणजीत मर्डर व पत्रकार छत्रपति हत्याकांड के मुख्य आरोपी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह को कल सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष हाजिर होना पड़ेगा। कल होने वाली अदालती कार्रवाई में पत्रकार छत्रपति हत्याकांड में सुनवाई होगी। उल्लेखनीय है कि उक्त तीनों ही मामलों में डेरामुखी गुरमीत सिंह को सीबीआई द्वारा मुख्य आरोपी बनाया गया है। कल पत्रकार छत्रपति हत्याकांड में जांच अधिकारी डीएसपी विजय सिंह जाखड़ अपनी गवाही देंगे। उधर, 27 सितम्बर को डेरामुखी गुरमीत सिंह को साध्वियों से बलात्कार के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष पेशी भुगतनी होगी।

Saturday, 10 September 2011

छत्रपति परिवार फिर डेरा के निशाने पर

सिरसा। डेरा सच्चा सौदा अपनी कुत्सित चालों से बाज नहीं आ रहा। डेरा द्वारा छत्रपति परिवार के खिलाफ पुन: साजिश रची जा रही है। इस बात का खुलासा आज उस वक्त हुआ जब डेरा की ग्रीन एस वैल्फेयर फोर्स का सदस्य पूरा सच कार्यालय में जबरन घुस आया। सुरक्षा एजेंसी और लोकल पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि उक्त व्यक्ति फरीदकोट के गांव मोरांवाली का निवासी है और उसका पिता गांव का भंगीदास है।
    हुआ यूं कि आज प्रात: तकरीबन 11 बजे एक युवक पूरा सच कार्यालय आ धमका। पूरा सच के संवाददाता ने उक्त युवक से कार्यालय में पहुंचने के बारे में पूछा तो वह कोई सकारात्मक जबाव नहीं दे पाया। उसके संदिग्ध रवैये को भांपते हुए पूरा सच के संपादक, स्टाफ सदस्य व उनके गनमैन ने जब उसे सच्चाई बताने के लिए दबाव डाला तो उसने बताया कि वह डेरा सच्चा सौदा का प्रेमी है। वह डेरा परिसर में कमरा नं. 13 में रह रहा है। उसे बाकी डेरा प्रेमियों की तरह बाकायदा हथियार चलाने की ट्रेनिंग डेरा में दी गई है। यह ट्रेनिंग डेरा में कैप्टन बलदेव सिंह द्वारा दी जाती है। जब उससे कार्यालय में आने का मकसद पूछा गया तो उसने बेबाकी से जबाव दिया कि उसे यहां पूरा सच कार्यालय में कैप्टन बलदेव सिंह ने भेजा है। डेरा प्रेमी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने अब से पहले एक आदमी को 'गड्डी चढ़ायाÓ है। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम राजेंद्र सिंह, पिता का नाम चानन सिंह निवासी मोरांवाली जिला फरीदकोट बताया। युवक के गले में डेरा का 'एक नं.Ó लोकेट डाला हुआ था। जिस लोकेट का बाकायदा तौर पर रजिस्टर्ड नं. 1603074 अंकित था। उसके बाद युवक को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने अंशुल छत्रपति की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिंता की धारा 506, 491 के तहत मामला दर्ज किया है।
    गौरतलब है कि डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत सिंह ने ही पत्रकार छत्रपति की हत्या करवाई थी। इस मामले में सीबीआई द्वारा गुरमीत सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया है। पत्रकार छत्रपति को फरीदकोट के ही कुलदीप व निर्मल ने अपनी गोलियों का निशाना बनाया था। आज पूरा सच कार्यालय में पहुंचा डेरा प्रेमी भी फरीदकोट का है।  आस-पास के लोगों का कहना है कि सुबह 9 बजे चार लोग मोटरसाइकिल पर 'पूरा सचÓ में आए थे। उनमें से उक्त व्यक्ति वहीं रुक गया और बाकी वापिस गए चले। यह व्यक्ति काफी समय तक यहां बारीकी से नजर टिकाए हुए था।
    डेरा प्रेमी के पूरा सच कार्यालय में पहुंचने की 'योजनाÓ का खुलासा होने के बाद सुरक्षा एजेंसी ने सीबीआई को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे दी है। अब छत्रपति परिवार की सुरक्षा की दोबारा से समीक्षा पर चिंतन किया जा रहा है।

Friday, 9 September 2011

एडीआरसी की होगी स्थापना

सिरसा। हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर कचहरी परिसरों या उनके साथ लगती जमीन पर वैकल्पिक विवाद समाधान केंद्र (alternative Desputes resolation CenterU)  स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र के निर्माण पर 1 करोड़  रुपए की राशि खर्च की जाएगी। यह जानकारी आज यहां हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव दीपक गुप्ता ने दी। वे आज चंडीगढ़ से स्थानीय कचहरी परिसर में वैकल्पिक विवाद समाधान केंद्र के निर्माण के लिए जगह का चयन करने के लिए आए थे। उन्होंने जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष गोयल, उपायुक्त युद्धबीर सिंह ख्यालिया तथा अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश (सीनियर डिवीजन)सुधीर परमार के साथ कोर्ट परिसर में ही जगह का मुआयना किया।
    उन्होंने बताया कि सिरसा में एक हजार वर्ग गज भूमि पर वैकल्पिक विवाद समाधान केंद्र बनाया जाएगा। अन्य जिला न्यायालयों में भी इसी तर्ज पर केंद्र भवनों का निर्माण करवाया जाएगा। इन भवनों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संबंधित जन उपयोगी सेवाएं मुहैया होंगी। इस केंद्र में स्थाई समझौता सदन, मीडियशन सेंटर, लोक अदालत तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव का कार्यालय भी स्थापित होगा। इस प्रकार से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मुहैया करवाई जाने वाली सभी प्रकार की सुविधाएं आमजन को एक छत के नीचे ही मिलेगी। उन्होंने बताया कि सर्वाेच्च न्यायालय के निर्देशानुसार पूरे देश में इस प्रकार के वैकल्पिक विवाद समाधान केंद्र स्थापित किए जाने हैं। 13वें वित्तायोग में इन केंद्रों की निर्माण राशि के लिए पांच हजार करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। इन केंद्रों में लोक अदालतों, स्थाई समझौता सदन, मीडिएशन सेंटर के साथ-साथ सायंकालीन अदालतें भी स्थापित होंगी। इन सभी केंद्रों में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मुहैया करवाई जाने वाली सेवाओं की जानकारी देने के साथ-साथ इन सेवाओं को दर्शाते हुए डिस्पले बोर्ड भी लगाए जाएंगे। श्री गुप्ता ने बताया कि हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अब एक लाख रुपए तक की वार्षिक आय वाले निर्धन व्यक्तियों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी जबकि पहले केवल 75 हजार रुपए तक की वार्षिक आय वाले व्यक्तियों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करवाई जाती थी। उन्होंने बताया कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, महिलाओं, बच्चों, मानसिक रोगी, अपंग व्यक्ति, औद्योगिक कर्मकारों, देह व्यापार से पीडि़त एवं बेगार से पीडि़त, स्वतंत्रता सेनानियों और उनके आश्रितों, प्राकृतिक आपदा बाढ़ या भूकंप से पीडि़त, जन याचिका मामलों में, दंगा पीडि़त या उनके आश्रितों, वरिष्ठ नागरिकों, हिजड़ा समुदाय तथा पूर्व सैनिकों को नि:शुल्क विधिक सहायता मुहैया करवाई जाती है।

चुनावों के लिए पुख्ता प्रबंध

सिरसा। शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी चुनाव क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त डीके बेहरा ने कहा कि आगामी 18 सितंबर को होने वाले शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनावों को शांतिपूर्वक और सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मतदान केंद्रों की सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इस चुनाव में तीन उम्मीदवार गुरमीत सिंह गांव त्रिलोकेवाला से, गुरदीप सिंह खैरपुर वार्ड नं. 7 सिरसा तथा प्रकाश सिंह गांव साहुवाला-प्रथम से चुनाव लड़ रहे हैं।  डीके बेहरा ने बताया कि चुनावों हेतु 67 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान में 39 हजार 914 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि 20 गांव संवेदनशील घोषित किए गए हैं। देसुमलकाना, कालांवाली, सूरतिया, रोड़ी, अलीकां, गदराना, रोहण, भीवां, मलड़ी, मत्तड़, झोरडऱोही, बड़ागुढ़ा, लकड़ांवाली, साहुवाला-प्रथम, जे-जे कॉलोनी, भावदीन, नेजाडेला कलां, झोरडऩाली, मौजदीन, बप्पां आदि संवेदनशील घोषित किए गए हैं।

बाइक चोर रिमांड पर

सिरसा। हुड्डा पुलिस चौकी द्वारा बाइक चोरी में पकड़े गए दो आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
    मामले के अनुसार विगत 7 सितम्बर को शहर की नई हाऊ सिंग कॉलोनी से बजाज प्लसर मोटरसाइकिल चोरी हो गया था। पुलिस ने इस घटना के संबध में हरीश पुत्र सुभाष चन्द्र निवासी फ्रेंड्स कालोनी व रोबिन पुत्र सुरेन्द्रपाल निवासी संतनगर को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए हुड्डा पुलिस चौकी  प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार ने बताया कि बीती 7 सितम्बर को राजस्थान के गांव सवाईछानी निवासी भंवर सिंह अपने रिश्तेदार को मिलने के लिए सिरसा आया था। उसने अपने बजाज प्लसर मोटरसाइकिल को हाऊसिंग बांर्ड कालोनी के मकान न: 201 के बाहर खड़ा किया। जब वह वापिस आया तो मोटरसाइकिल उक्त स्थान से नदारद था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दहेज प्रताडऩा में ससुरालजन नामजद

सिरसा। सदर डबवाली पुलिस ने अदालत के आदेश पर दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता भागादेवी पुत्री मामराज निवासी गंगा ने पुलिस को दी शिकायत में  पति सतपाल, ससुर कांशीराम व सास गुड्डी देवी निवासी 7 डीडब्ल्यूडी रावतसर (राजस्थान) पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने, मारपीट व दहेज न लाने की सूरत में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस संबध में भादंसं की धारा 498ए, 406, 506, 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच का जिम्मा गौरीवाला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिवान सिंह को सौंपा है।

Monday, 5 September 2011

सब्जी गुरु जी के हाथ की

वीरेन्द्र भाटिया
    एक तौरी 60 हजार रूपए की । एक मिर्च 600 रूपए की। एक करेला 4000 रूपए का। एक अंगूर की पेटी 25 लाख रूपए की और एक कद्दु 80 हजार रूपए का। पंजाब केसरी में इस तरह के आश्चर्यजनक सत्य हम अक्सर पढ़ते हैं जो अक्सर हमारे देश के नहीं होते। और जब हम पढ़ते हैं तो हमारी पहली टिप्पणी यही होती है कि बाहर के लोग मैंटल काम ज्यादा करते हैं। पागल हैं साले। इस देश में ऐसी घटना सुनने को मिले तो टिप्पणी होती है कि लोगों के पास काला धन है भाई, कहीं तो लगाना ही है, लेकिन 4000 रूपए का करेला लेने का तो फि र भी कोई तुक नहीं बनता यार। और लोग ऑफि स में ऐसी खबरों पर अच्छा खासा गॉसिप खड़ा कर लेते हंै। लेकिन ऐसी कोई खबर या पूरी की पूरी यही खबर आपके अपने शहर की हो तो आपकी टिप्पणी क्या होगी। भई टिप्पणी कुछ भी करना लेकिन जरा सोच समझ कर। क्योंकि यह एक ऐसे मठ की रोज की घटना है जो अब खबर नहीं रह गई है। मठ का नाम मैं ले नहीं सकता क्योंकि असंवैधानिक कार्यों में संलग्न लोग संविधान की आजकल बड़ी दुहाई देने लगे हैं और नोटिस भेजते टाईम नहीं लगाते। आप से भी इसीलिए कहा है कि गॉसिप बनाना भी चाहें तो मठ को मठ ही रहने दें। उसके आगे ना बढें़।
    मेरे कुछ परिचितों ने इस भाव सब्जियां खरीदी हंै। सार्वजनिक रूप से वे इस बात का खंडन करते हंै लेकिन व्यक्तिगत चर्चा में वे इसे अपनी उपलब्धि बताते हंै कि उन्होंने बोली में से कद्दू लिया है। वहां कद्दू किलो और वजन के हिसाब से उपलब्ध नहीं हैं वरन संख्या में मिलते हंै। मिर्च, करेला और तौरी भी संख्या में बोली से छूटती है और आप हैरान ना होना यदि आपको सुनने को मिले की एक तौरी 60 हजार की, एक करेला 4000 का और एक मिर्च 600 रूपए की मिली है। एक अंगूर की पेटी 25 लाख की और इस हिसाब से एक अंगूर तीन सौ रूपए का। अंगूर खरीदने और उसे आगे बेचने की कहानी फि र किसी दिन अभी तो उन लोगों के अनुभव सुन लीजिए जिन्होंने इस भाव सब्जियां खरीदी हैं और उन्हें पछतावा नहीं बल्कि फ ख्र है। और बेचने वाला इसलिए निश्ंिचत है कि लोगों में अभी विरोध नहीं बल्कि क्रेज है। आप उनके अनुभव सुन लेंगे तो निश्चित ही वही टिप्पणी करेंगे जो आप विदेशी लोगों के बारे में ऊपर कर चुके हंै।
    अनुभव बखान करते हैं कि ये सब्जी गुरू जी ने अपने हाथों से मेहनत करके खेत में उपजाई है। इस सब्जी को खाने से बीमारी नहीं लगती, ईश्वर से सम्बन्ध जल्दी जुड़ता है और इंसान जीवन-मरण के चक्करों से मुक्त हो जाता है और उसकी आत्मा का सीधे सचखंड में प्रवेश सुनिश्चित हो जाता है। भई गुरू के हाथ मेे ऐसा यश भूतो ना भविष्यत: कभी सुना नहीं गया, संभव है कभी सुना भी ना जाए। ध्यान देने योग्य तथ्य है कि यह मठ बाणी की शिक्षा के प्रचार का दावा करता है और बाणी इस वक्त तक देश के तमाम धर्मो में सबसे प्रोग्रेसिव और अंधविश्वास से रहित ज्ञान से लबरेज़ है। यदि सब्जी खाने से उम्र भर के स्वास्थ्य की गारंटी हो जाती है और मरने के बाद सचखंड में स्थान पक्का हो जाने का जुगाड़ हो जाता है तो निश्चित है कि यह मठ अपने ही वचनों और बाणी के मूल नियम की धज्जियां तो उड़ा ही रहा है बल्कि भोले भाले लोगों का दोहरा शोषण भी कर रहा है। बेशक मठ के लोग कहें कि यह पैसा धर्म के कार्यों के लिए इक_ा किया जा रहा है और लोग वैसे भी दान देते ही हंै उसके बदले गुरू जी के हाथ की सब्जियांं ले लेते हैं। लेकिन ध्यान देने योग्य तथ्य यह है कि इस प्रकार के लुभावने दुष्प्रचार में गरीब लोग भी फं स रहे हैं जो लगातार गरीबी, बीमारी और दुनियावी दिक्कतों से आजिज़ हैं। यह भी तय है कि इस मठ में वे बरसों से आ रहे हैं और अपने दुखड़ों की गठरी का वजन बढ़ाए जा रहे हैं। लेकिन उन्हें लगता है कि हजारों की कीमत की यह सब्जी शायद उनके दुखों का अंत कर दे। दूसरा यह पैसा धर्म के कार्यों में ही लगाया जा रहा है यह सिर्फ  प्रचार है, इसका हिसाब और लेखा कभी सार्वजनिक नहीं किया जाता। हां जो चीज सार्वजनिक रूप से लोगों को विदित है वह ये है कि मठ में लोगों का आना कम हो गया है। दान दक्षिणा कम आने लगी है और कोर्ट कचहरी के चक्कर ज्यादा लगने से धन की जरूरत ज्यादा आन पड़ी है। अब कोर्ट कचहरी के बारे में तो आम धारणा लोगों की है ही कि यहां तो वह आए जिसकी जेब सोने की और पैर लोहे के हों। तो मठों की जेबें तो सोने की ही होती हैं और पैर तो एक नहीं बहुत से हैं इनके पास। केस का फि र भी निश्चित नहीं कि पक्ष में ही सुलटे।
    विश्वास और अंधविश्वास पर एक सार्थक बहस की आवश्यकता है जिसमें कामरेड लोग ना हों। बल्कि धर्म के जानकार लोग ही यह बताएं कि उपरोक्त सभी प्रकार के कृत्य किस श्रेणी में आते हंै। एक बड़ी बहस की आवश्यकता इस विषय पर भी होनी चाहिए कि इस प्रकार से लूटने पर कोई कार्यवाही का भी विधान होना चाहिए या नहीं। घर का एक सदस्य  महंगी सब्जी उठा लाता है। बाकी सदस्य उसके पक्ष में नहीं हंै। पूरे परिवार को मानसिक वेदना से गुजारने पर किसी प्रकार का दंड है कि नहीं। और इस तरह पैसे इक्कठे करने पर समाज का दृष्टिकोण क्या है।
    खुद गुरू जी का दृष्टिकोण क्या है यदि अपने अखबार में एक विज्ञप्ति के माध्यम से स्पष्ट करें तो पूरा समाज आपके इस सद्कृत्य का आभारी रहेगा।

गैस एजेंसियों पर होगी कार्रवाई

सिरसा। गैस कनैक्शन की कॉपियों में किसी प्रकार की अनियमितता एवं गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित गैस एजेंसियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। यह बात मुख्य संसदीय सचिव धर्मवीर ने आज पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर शिकायतें सुनते हुए कही।
    उन्होंने जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति के सदस्यों द्वारा कॉपियों में अतिरिक्त पेज चिपकाने व अनियमितता करने के संबंध में संज्ञान लेते हुए कहा कि खाद्य एवं आपूर्ति एवं पुलिस विभाग द्वारा इस प्रकार की कॉपियों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि गैस कनैक्शन लेते वक्त उपभोक्ताओं को चूल्हे व अन्य उपकरण खरीदना जरूरी नहीं है। इसलिए कोई भी गैस एजेंसी मालिक गैस चूल्हा, रेगुलेटर व अन्य सामान खरीदने पर बाध्य न करें। यदि ऐसा पाया जाता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्थानीय लघु सचिवालय के मुख्य भवन के समक्ष गैस कनैक्शन, सिलेंडर का मूल्य तथा सिलेंडर फीलिंग के मूल्य की सूची चस्पा करें। इसके साथ-साथ यह सूची सभी गैस एजेंसियों के कार्यालयों में भी चस्पा होनी चाहिए ताकि कोई भी गैस मालिक उपभोक्ताओं से किसी भी प्रकार से अधिक कीमत न वसूलें।
    धर्मवीर ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम सिरसा से संबंधित मम्मडख़ेड़ा निवासी मांगेराम पुत्र सूरजाराम की शिकायत सुनते हुए कहा कि बिजली मीटरों व ट्रांसफार्मर खराब होने पर उन्हें बिना किसी विलंब के ठीक करवाएं या बदलवाएं। उन्होंने कहा कि मीटरों में खराबी की शिकायत पर उनकी क्रॉस चैकिंग भी करवाएं। निगम के अधिकारियों को चाहिए कि वे स्वयं उपभोक्ताओं के ट्रांसफार्मर ठीक करने आदि की समस्या को दूर करवाएं।  उन्होंने बैंक ऋण से संबंधित एक अन्य शिकायत पर नोटिस लेते हुए अधिकारियों से कहा कि वे ऋण देते समय सरल से सरल तरीके से ऋण की औपचारिकताएं पूरी करवाएं ताकि ऋण प्राप्त करने में लोगों को किसी प्रकार का विलंब न हो और उन्हें आवश्यक रूप से परेशानी का सामना न करना पड़ेे। इस बैठक में एक दर्जन के लगभग मामलों का निपटारा किया गया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर फील्ड में जाकर लोगों की समस्याएं सुनें और उनका निपटारा करें।

बरसात ने बढ़ाई किसानों की चिंता

सिरसा। रूक-रूक कर हो रही बरसात किसानों के लिए समस्या बन गई है। बरसात के कारण किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभरना स्वाभाविक है। अगर यही हालात रहे तो नरमा-कपास व धान की फसल चौपट हो जाएगी। उधर, बरसात के कारण शहर में हर जगह जलभराव हो गया है। सड़कों पर जलभराव होने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। निचले क्षेत्रों का तो बहुत ही बुराहाल हो गया है। इस कारण लोगों को भारी दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है।
    बरसात ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है क्योंकि यह बारिश फसलों को नुकसान पहुंचाने वाली है। रविवार रात को आठ बजे से शुरू हुई बारिश से जगह-जगह पानी भर गया। हिसार रोड, रानियां रोड, बस अड्डा, अनाज मंडी, सामान्य अस्पताल रोड, रंगडी रोड, गौशाला मौहल्ला आदि में जलभराव हो गया। सड़कों पर जलभराव होने से सुबह लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी उठानी पड़ी। बरसाती पानी की निकासी नहीं होने के कारण लोगों में पब्लिक हैल्थ विभाग के प्रति काफी रोष है। उधर, कोर्ट परिसर में बार रूम से कोर्ट कम्लैक्स को जोडऩे वाले बरामदे की हालत बहुत जर्जर होने के सभी अधिवक्ता भयभीत हैं। गत रात्रि बरसात के बाद पूरे बरामदे की छत से पानी टपक रहा है। आज सभी अधिवक्ताओं ने एक ज्ञापन जिला बार एसोसिएशन के प्रधान को सौंपा और बरामदे की मरम्मत करवाने की मांग की।

जीवीपी की करंट से मौत

सिरसा। गांव मोडियाखेड़ा के ग्रामीण विद्युत प्रतिनिधि की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया। अंत: परीक्षण करवा वारिसों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के परिजनों ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों पर कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
    मिली जानकारी के अनुसार गांव मोडिय़ाखेड़ा का सुभाष पुत्र इकबाल सिंह ग्रामीण विद्युत प्रतिनिधि था। गत सायं ढाणी कालूआना मेें विद्युत आपूर्ति दुरुस्त कर रहा था। इसी दौरान उसे करंट लग गया। झुलसने से घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने हादसे की जानकारी चौपटा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने पंचनामा भरा और शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि विद्युतकर्मियों की लापरवाही के कारण सुभाष की मौत हो हुई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज की है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अंत: परीक्षण की रिपोर्ट आने के पश्चात आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
    उधर, आज दोपहर सामान्य अस्पताल के निकट ट्रैक्टर-ट्राली के तले कुचले जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस का कहना है कि मृतक की आयु करीब 40 वर्ष है। शव सामान्य अस्पताल की मोरचरी में रखवाया गया है। मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस द्वारा सम्बंधित क्षेत्र में मुनादी करवाई जा रही है।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाया जाम

सिरसा। पैंशन न मिलने से परेशान गांव भंगू के पैंशनधारकों ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग 10 स्थित पंजुआना के निकट जाम लगा दिया। उक्त लोगों ने करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगाए रखा। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम के कारण वाहनों की लम्बी कतार लग गई। सूचना मिलने पर समाज कल्याण विभाग के उच्चाधिकारी व बड़ागुढ़ा थाना पुलिस मौकी पर पहुंची। प्रदर्शनकारियों को आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
    मिली जानकारी के अनुसार गांव भंगू के पैंशनधारकों ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। पैंशनधारक जसबीर कौर का कहना है कि जब से निजी कम्पनी को पैंशन वितरित करने का कार्य सौंपा गया है। तब से उक्त समस्या पैदा हो गई है। विगत 6 माह से पैंशनधारकों को राशि नहीं मिल पाई है। बीबा बाई का आरोप है कि कुछ ऐसे पैंशनधारक है जिनकी रोजी-रोटी उक्त राशि से ही चल रही है। ऐसे में पैंशन न मिलने के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पैंशनधारक करनैल सिंह, बलदेव ङ्क्षसह व नसीब कौर ने कहा कि प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। एक ओर तो सरकार व प्रशासन आमजन की समस्याओं को दूर करने दम भरती है। वहीं बुजुर्गों को इस समस्या से जूझना पड़ रहा है। उक्त लोगों ने करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगाए रखा और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
    सूचना मिलने पर समाज कल्याण विभाग अधिकारी अश्विनी कुमार व बड़ागुढ़ा थाना पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारिेयों को उक्त समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया और जाम खुलवाया।