BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Thursday, 17 November 2011

दुकानदार से डेढ़ लाख की ठगी

सिरसा। यहां के सिटी थाना रोड पर बिजली के सामान की एक थोक दुकान से अज्ञात व्यक्ति द्वारा डेढ़ लाख रुपए से अधिक की ठगी करने का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत शहर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार सिटी थाना रोड के सामने आनंद इलेक्ट्रिक्लस नामक दुकान पर कल दोपहर करीब 3 बजे संजय नामक एक अनजान व्यक्ति आया जिसने अपने आप को राजा हुडंई का कर्मचारी बताया। इस संजय नामक आदमी ने दुकान से करीब 1 लाख 60 हजार रुपए से अधिक का बिजली का सामान राजा हुंडई के नाम से खरीदा और यह सामान राजा हुंडई के डबवाली रोड पर स्थित शोरूम में भिजवाने को कहा। इस व्यक्ति ने अपना मोबाइल नंबर 98121-78753 भी दुकानदार आनंद प्रकाश सिंगला को दिया। लगभग एक घंटे बाद दुकान का कर्मचारी अरुण कुमार अपने थ्री व्हीलर में यह सामान लेकर हुंडई शोरूम पहुंचा। संजय नामक आरोपी शोरूम से बाहर आया और सारे माल की पड़ताल के बाद बिल आदि देखे। पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद सारा माल विशाल मेगा मार्ट के बाहर उतारने के लिए कहा। संजय ने अरुण को बताया कि यह बिल्ंिडग भी राजा हुंडई वालों ने खरीद ली है। इसके बाद कर्मचारी अरुण कुमारे इस माल को लेकर मेगा मार्ट पहुंचा और संजय की मौजूदगी में सारा माल बाहर उतार दिया। अरुण ने इस माल को मेगा मार्ट को अंदर रखने में सहयोग करने को कहा लेकिन आरोपी संजय ने उसे हुंडई शोरूम भेज दिया कि वह वहां पहुंच कर अपना चेक प्राप्त कर ले। कर्मचारी अरुण कुमार जब शोरूम पहुंचा और चेक मांगा तब उसे पता लगा कि उन्होंने कोई माल नहीं मंगवाया। इसके बाद अरुण ने सारी जानकारी अपने मालिकों को दी। जानकारी मिलने पर दुकान मालिक मनोज अपने अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद ये सभी लोग थाना शहर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी दी।

'सुनहरी शाम' ने की दृष्टिहीन बच्चों की सहायता

सिरसा। वरिष्ठ नागरिक संस्था 'सुनहरी शाम' द्वारा सेठ रामनिवास सिंघाची की स्मृति में गत दिवस  दृष्टिहीन बच्चों की स्कूल 'प्रयास' में 35 दृष्टिहीन छात्र-छात्राओं को गर्म स्वैटर एवं रजाईयां वितरित की गई। इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी कैलाश सिघांची मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। संस्था के प्रधान एवं प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ० ओ.पी. चौधरी ने अपने सम्बोधन में कहा कि संस्था के सभी लोग यहां अपना प्रेम बांटने आए हैं। उन्होंने कहा कि दृष्टिहीनता को अभिशाप नहीं समझना चाहिए जबकि ईश्वर जब किसी व्यक्ति को एक इन्द्री कम प्रदान करते हंै तो उसके बदले में उसे अन्य गुण भी उपहार स्वरूप देेते हंै। बस उसे पहचानकर ही आगे बढऩा जिन्दगी का नाम है। उन्होंने कहा कि हेलन केलर, जॉन मिल्टन, लुईस बरेली, रूजवल्ट, सूरदास, टेम्पटन, स्टीवन वांडर जैसी अनेक विश्व प्रसिद्ध हस्तियों ने अंधे होने पर भी अपनी उस विशेष योग्यता को पहचानकर अपना ऊंचा स्थान बनाया। समारोह में दृष्टिहीन बच्चों ने सुन्दर गीतों का प्रस्तुतिकरण किया। इस अवसर पर संस्था के उपप्रधान कस्तूरी छाबड़ा, रमेश जिंदगर, योगराज, आर.के. शर्मा, भगवान दास तथा राधेश्याम शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। अंत में स्कूल के प्राचार्य सूरज कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया।

रतिया की जनता विकास के नाम पर लगाएगी मोहर: भूपेश मेहता

रतिया। हरियाणा खेत मजदूर कांगे्रस के प्रांतीय सचिव एवं कांग्रेस कमेटी सिरसा शहरी के अध्यक्ष भूपेश मेहता ने अपने साथियों के साथ रतिया के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करके कांग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए भूपेश मेहता ने कहा कि रतिया विधानसभा क्षेत्र के लोग इस बार कांग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह को अपना प्रतिनिधि बनाकर विधानसभा में भेजने की पूरी तैयारियां कर चुके है तथा विपक्षी दलों के बहकावे में आने वाले नही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा व सांसद डा. अशोक तंवर के नेतृत्व में रतिया में रिकार्ड विकास हुआ है, जिसका लाभ यहां के आम आदमी, किसान, युवा, मजदूर, महिला, व्यापारी सभी वर्गों को मिला है। श्री मेहता ने कहा कि सांसद डा. अशोक तंवर ने अपने फंड में से एक चौथाई खर्च रतिया के विकास पर किया है। उन्होंने कहा कि जरनैल सिंह के विजयी होने से रतिया विकास के क्षेत्र में और अग्रणी बनेगा। इस अवसर पर उनके साथ गुरमेल सिंह, पवन सिंगला, धर्मवीर, निजी सचिव प्रेम सैनी, औमप्रकाश एंथोनी, रामदास बजाज, रमेश गोयल व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

चेतन्या ने जीता गोल्ड

सिरसा। अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा द्वारा नोर्थ जोन बैडमिंटन टूर्नामेंट करवाई गई जिसमें सिरसा टीम के खिलाड़ी चेतन्या मोंहता ने गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। यह जानकारी देते हुए बैडङ्क्षमटन कोच हरीश शर्मा ने बताया कि लुधियाना में 13-14 नवंबर को ओपन बैडङ्क्षमंटन टूर्नामेंट करवाया गया था जिसमें हरियाणा की ओर से सिरसा के खिलाड़ी चेतन्या मोंहता ने भाग लिया था। फाईनल मैच में लुधियाना के खिलाड़ी को हराकर चेतन्या ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट में चंडीगढ़, हिमाचल, हरियाणा, पंजाब और जम्मू व कश्मीर राज्यों के खिलाडिय़ों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि चेतन्या को टूर्नामेंट का बेस्ट प्लेयर घोषित किया गया इसके अलावा आयोजकों द्वारा एक ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र व 2 हजार रूपये बतौर ईनाम दिए गए। विजेता खिलाड़ी चेतन्या ने अपनी जीत का श्रेय अपने पिता नकुल मोंहता व परिवार के साथ-साथ कोच हरीश शर्मा को दिया है। कोच हरीश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि चेतन्या मोंहता टूर्नामेंट में जीत के बाद छत्तीसगढ़, रायपुर में 23 से 27 दिसंबर तक अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा द्वारा आयोजित होने जा रही नेशनल बैडङ्क्षमटन चैंपियनशिप में भाग लेने जा रहे हैं।

समय पर वेतन न मिलना अन्यायपूर्ण : किरमारा

सिरसा। हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रधान दलबीर किरमारा ने पुलिस विभाग के पार्ट टाइम कर्मचारियों को समय पर वेतन न दिए जाने को अन्यायपूर्ण बताया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इन कर्मचारियों की समस्याओं पर तुरंत ध्यान देकर उनकी समस्या का समाधान करने की मांग की है।
    एक बयान में दलबीर किरमारा ने कहा कि पुलिस विभाग में लंबे समय से कार्यरत पार्ट टाइम कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है जिस कारण उनके परिवार के समक्ष आर्थिक कठिनाई उत्पन्न हो गई है। मामूली वेतन पर पार्ट टाइम आधार पर काम करने वाले इन कर्मचारियों की यह समस्या नई नहीं है बल्कि पुलिस अधिकारियों से इस विषय में अनेक बार बातचीत भी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने इस समस्या का समाधान करने का आश्वासन भी दिया लेकिन इन पार्ट टाइम कर्मियों की समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। उन्होंने इस बात पर भी अफसोस जताया कि समय पर वेतन न मिलने के कारण इन कर्मचारियों के परिवारों को काली दिवाली मनाने को मजबूर होना पड़ा। इन पार्ट टाइम कर्मचारियों में पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों के लिए खाना बनाने वाले लांगरी, माली, वाटर कैरियर आदि शामिल हैं।
    दलबीर किरमारा ने राज्य के पुलिस महानिदेशक, हिसार रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एवं जिला पुलिस कप्तान से अपील की कि वे एक अधिकारी होने के नाते तथा मानवीय आधार पर इन कर्मचारियों के बारे में सोचें और इनकी समस्या का समाधान करें ताकि इन कर्मचारियों के परिवार भी दो वक्त की रोटी सही ढंग से खा सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ को इन कर्मचारियों से पूरी हमदर्दी है और इनकी इस समस्या का समाधान करवाने के लिए उनका संगठन पुलिस अधिकारियों से मुलाकात भी करेगा।

कांग्रेस ही सच्ची हितैषी : होशियारी

सिरसा। कांग्रेस पार्टी ही गरीब की सच्ची हितैषी है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी में हर कार्यकर्ता को उचित मान-सम्मान दिया जाता है। गरीब को जितना विकास कांग्रेस शासन काल में हुआ उतना तो विपक्षी सोच भी नहीं सकते थे। यह बात गत सायं कंगनपुर रोड पर वार्ड नं. 9 में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि होशियारी लाल शर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ता राजकुमार वर्मा के निवास स्थान पर आयोजित एक जनसभा में वार्ड वासियों से कही। इस मौके पर उनका फूल मालाओं से स्वागत किया गया। श्री शर्मा के साथ इस मौके पर जिला व्यापार मंडल के अध्यक्ष हीरा लाल शर्मा, पिछड़ा वर्ग के कार्यकारी जिलाध्यक्ष सुभाष चौधरी, बृजदान चारन, मुन्ना गुप्ता, प्यारे लाल, हरबंस सिंह, डॉ. प्रदीप, मोहित, मोहन चित्रा, सुभाष सिंह, रोहित मित्रा, अनिल वर्मा, जुगल किशोर वर्मा, कालू राम, कामेश्वर पासवान, जसवंत सिंह सहित अनेक वार्डवासी मौजूद रहे। श्री शर्मा ने इस मौके पर वार्डवासियों की समस्याएं जिनमें बिजली के खंबे लगवाने, सिवर व्यवस्था दुरूस्त करनी तथा पेयजल की उचित व्यवस्था को पूरा करवाने संबंधी सकारात्मक रूख दिखाते हुए उसे पूरा करवाने का आश्वासन दिया। श्री शर्मा ने ने बताया कि रतिया से कांग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह पिछला चुनाव मात्र 3200 वोटों से हारे थे। इस बार रतिया के लोग कांग्रेस सरकार में भागीदारी का मन बना चुके हैं। विपक्षी दलों द्वारा रतिया के विकास की उपेक्षा के लगाए जा रहे आरोपों बारे उन्होंने कहा कीह विपक्ष के पास इस चुनाव में कोई मुद्दा नहीं है। लोगों को रतिया क्षेत्र के विकास के लिए जरनैल सिंह के पक्ष में मतदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि सिरसा में रहने वाले लोगों को सिरसा में हो रहे विकास कार्य के बारे में रतिया में अपने सगे-संबंधियों को बताना चाहिए ताकि रतिया के लोग भी कांग्रेस प्रत्याशी को जितवाकर वहां भी विकास करवा सकें।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा ही आम आदमी को ही अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि विपक्षी दल हमेशा ही परिवार वाद, झूठ, धोखाधड़ी व जातिवाद की राजनीति करते है।

कांग्रेस प्रत्याशी फहराएंगे विजय पताका : गोबिंद

रतिया। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि गोबिंद कांडा ने कहा कि रतिया और आदमपुर दोनों उपचुनावों में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी विजय का परचम फहराएगें। कांडा ने यह बात रतिया विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से काग्रेंस प्रत्याशी जरनैल सिंह के लिए वोटों की अपील करते हुए कही। कांडा ने कहा कि रतिया की जनता ने यदि जरनैल सिंह को अपना प्रतिनिधि चुनकर भेजा तो इससे क्षेत्र के विकास के द्वार खुलेगें, क्योंकि स्वच्छ छवि के धनी जरनैल सिंह क्षेत्र की समस्याओं से भली-भाँति अवगत है। मुख्यमंत्री चौ. भूपेन्द्र सिंंह हुड्डा भी सभी क्षेत्रों का समग्र विकास कर रहे हैं। अब यदि रतिया के मतदाताओं ने दो वर्ष पहले वाली गलती न दोहराई तो इस क्षेत्र का प्रतिनिधि सरकार में शामिल होकर रतिया के विकास  के लिए अधिक से अधिक बजट लाने में सफल होगा। इस अवसर पर सिरसा के नगर पार्षद गुरनाम सिंह, हरप्रीत सिंह और महेंद्र सेठी के प्रयासो से अनेक लोगों ने  कांग्रेस पार्टी में शामिल होकर कांग्रेस प्रत्याशी को सफल बनाने का वायदा किया। इस अवसर पर सरदार बलवंत सिंह सग्गू, मंजीत कौर, अमरजीत कौर, पंडित कमल शर्मा, मोती सैनी, नीतिन सेठी, जय सिंह चेयरमैन, तरसेम गोयल, मक्खन सिंह ख्योवाली, भूपेश गोयल, उमेश अरोड़ा, सूरत सैनी, गुरदयाल सैनी, पूर्व पार्षद सुशील सैनी, हरजिंद्र सिंह बब्बू, डा. रछपाल सिंह, राजेंद्र पप्पु सहित अनेक कार्यकत्ताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी के लिए जनसम्पर्क अभियान में भाग लिया।

लाला लाजपतराय की प्रतिमा स्थापित के लिए नई सुबह संस्था के सदस्य मिले जिला उपायुक्त से

नाथूसरी चोपटा। शहर के किसी चौक में अमर शहीद लाला लाजपतराय की प्रतिमा स्थापित करने के विषय को लेकर प्रदेश की सामाजिक संस्था नई सुबह के सदस्यों ने आज सिरसा के उपायुक्त से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। संस्था के प्रदेशाध्यक्ष मा. सुबेसिह चाहरवाला ने बताया कि जिला उपायुक्त समीरपाल सरो ने लाला लाजपतराय की प्रतिमा के स्थापित करने के लिए संस्था के सदस्यों को बधाई देते हुए स्थान नियुक्ति के लिए ज्ञापन को एस.डी.एम. व नगर परिषद् कार्यालय को फारर्वड कर कर दिया है। चाहरवाला ने बताया कि बीते दिनों उन्होनें संस्था की बैठक का आयोजन कर सर्वसम्मति से शहर में अमर शहीद लाला लाजपतराय की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया था। वहीं उन्होंने लाला जी की प्रतिमा के लिए सिरसा के बरनाला रोड़ के पंचायत भवन के पास स्थित हुड्डा (हाऊसिंग बोर्ड) चौक को उचित स्थान नियुक्त किया था जिसकी मंजूरी के लिए जिला प्रशासन से मिलने की बात कही गई थी। नई सुबह के प्रदेशाध्यक्ष ने उपायुक्त को दिये ज्ञापन में लाला लाजपतराय के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता की लड़ाई में अमर शहीद लाला लाजपतराय जी का अमुल्य व ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने अंग्रेजों व अंग्रेजी हुकूमत का विरोध करते हुए अपना जीवन कुर्बान कर दिया था। प्रदेशाध्यक्ष मा. सुबेसिंह ने कहा कि शहर में लाला जी की कोई प्रतिमा स्थापित नहीं है जिसकी वजह से संस्था ने शहर के किसी चौक पर लाला जी की प्रतिमा को स्थापित करने का निर्णय लिया है वहीं उन्होंने यह भी बताया कि उनकी संस्था शहर के विभिन्न चौकों पर मौजूद अमर शहीदों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई का कार्य नियमित रूप से कर रही है। उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने गये संस्था के सदस्यों महासचिव डॉ. राजकुमार निजात, उपप्रधान गुरवेजसिंह ढिल्लों, सलाहकार मानसिंह गोदारा, सरपंच विक्रमजीत ने बताया कि संस्था की इस पहल के लिए वे जिला प्रशासन व शहर के समाजसेवियों का सहयोग लेंगे।

रतिया में होगी कांग्रेस की जीत : तंवर

सिरसा। रतिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी भाई जरनैल सिंह भारी बहुमत से अपनी जीत दर्ज करेगें और इस हलके में विकास की नई गाथाएं लिखी जाएगी। यह दावा सिरसा लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव डा. अशोक तंवर ने बुधवार को अपने हुड्डा स्थित निवास स्थान पर लोगों से बातचीत करते हुए किया।
     इस मौके पर सांसद तंवर ने संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी और उन्हें रतिया उपचुनाव में जुट जाने का आह्वान किया। पार्टी कार्यकर्ताओं व लोगों को सम्बोधित करते हुए सांसद तंवर ने कहा कि पार्टी ने रतिया उपचुनाव में एक मजबूत, मेहनती, कर्मठ, ईमानदार व लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने वाले जरनैल सिंह को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि श्री सिंह पहले भी रतिया क्षेत्र से विधायक रहकर लोगों की सेवा कर चुके है और अब भी इस क्षेत्र का जनादेश पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में है। उन्होंने दावा किया कि रतिया हलके में आज कांग्रेस की लहर है और क्षेत्र के लोग बदलाव के मूड में है। सांसद ने कहा कि रतिया क्षेत्र में पिछले 29 सालों के इतिहास में यहां के लोगों की कभी भी सरकार ने हिस्सेदारी नही रही, परन्तु आज यहां के लोग बदलाव चाहते है और विकास चाहते है। लोग चाहते है कि जरनैल सिंह यहां से विधायक बने और क्षेत्र का विकास करे। सांसद ने कहा कि कांग्रेस सरकार का हरियाणा में अभी तीन सालों का कार्यकाल शेष है और रतिया की जनता के सहयोग से यह क्षेत्र विकास के नये आयाम स्थापित करेगा।
                           उन्होंने कहा कि भय और भ्रष्टाचार को दूर करना कांग्रेस की सबसे बड़ी नीति रही है। चाहे किसान हो या व्यापारी, दलित और मजदूर हर घर को खुशहाल बनाना यूपीए का एजेंडा हैं। पिछले चुनावों में जनता से जो भी वायदें घोषणापत्र के जरिए किए गए थे। उन वायदों पर केंद्र की यूपीए और प्रदेश की कांग्रेस सरकार खरी उतरी है। सांसद ने कहा कि रतिया उप-चुनाव में यहां की जनता कांग्रेस की नीतियों में विश्वास व्यक्त कर कांग्रेसी उम्मीदवार को विजयी बनाएगी।
    श्री तंवर ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे रतिया क्षेत्र के प्रत्येक गांव में जा कर पार्टी प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए काम करे।  कार्यकत्र्ता उपचुनाव में अपने भाईचारे, रिश्तेदारी और संबंधों को निभाते हुए ज्यादा से ज्यादा वोट कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में करवाने का काम करें।  उन्होंने कहा कि पार्टी सर्वोच्च है और कार्यकर्ताओं को पार्टी के लिए त्याग और बलिदान की भावना रखनी चाहिए। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी, प्रधानमन्त्री डा. मनमोहन सिंह, पार्टी महासचिव राहुल गांधी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यमन्त्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा प्रदेश का चहुंमुखी विकास करवा रहे है।

'ताहीं तुहाडी आपणी सरकार बणेगी'

रतिया। जदों तुहाडे त साढे दुख-सुख सांझे हैन, तां फैर वोटां भी इक_े होकै सरफी नूं पावागें, तांहीं तुहाडी आपणी सरकार बणैगी अतै तुहानु बर्बाद करण वाली इस कांग्रेस दा हमेशा वास्ते सफाया हौ जाउगा। ये बात इनेलो प्रमुख व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने गुरूवार को रतिया विधानसभा क्षेत्र के दो दर्जन गांवों में इनेलो प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कही। ठेठ पंजाबी भाषा में ग्रामीणों के साथ अपने विचार सांझे करते हुए श्री चौटाला ने कांग्रेस पार्टी व हुड्डा सरकार पर तीखे प्रहार किए। इस अवसर पर इनेलो प्रत्याशी श्रीमती सरफी देवी सहित अन्य प्रमुख नेताओं ने भी चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए वोट मांगे।
    श्री चौटाला ने कहा कि ऐस कांग्रेस ने किसानां अते गरीब आदमी नूं पूरी तरह बर्बाद कर दित्ता है। डीजल, खाद, बीज अते जरूरत दियां होर चीजां आसमान ते पहुंच गईयां हन अते किसानां नूं ओहनां दी जिंसा दे पूरे भाव नहीं मिल रहे। जो नरमां कपास पिछले साल 7200 -7300 विच विकदा सी ओ इस वार कांग्रेस दियां गलत नीतियां करके 3500 नूं विक रहया है।
    इनेलो प्रमुख ने कहा कि 20 वर्ष पहले बासमती धान 2100 रूपये प्रति क्विंटल बिकता था जो आज 1500 से 1600 रूपये क्विंटल बिक रहा है। दूसरी तरफ 1991 में डीजल के दाम 7 रूपये लीटर होते थे वे अब 42 रूपये लीटर हो गए हैं। इसी तरह उस समय खाद का थैला 110 रूपये में बिकता था अब 910 रूपये का हो गया है। बीज, बिजली, मजदूरी सब कुछ मंहगी हो गई है लेकिन किसान को उनकी फसलों के भाव पहले से कम मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कांग्रेस ने समाज के सभी वर्गोंं को पूरी तरह से उजाड़ कर रख दिया है। गरीब आदमी पूरा दिन काम करने के बाद भी परिवार सहित दो वक्त  दाल-रोटी खाने से भी मोहताज हो गया है। इस कांग्रेस ने लोगों को बर्बाद किया है, इसलिए इस चुनाव में कांग्रेस को करारा सबक सिखाते हुए, कांगे्रस व हजकां-भाजपा प्रत्याशियों की जमानत जब्त करवाए जाने की जरूरत है। श्री चौटाला ने आज गांव अलीपुर बरोटा,फूलां, तामसपुरा, जांडवाला सोत्र, जनकोठी, खुबर, हुकमावाली, हडौली, दादूपुर, ढाणी दाुदुपर, जलोपुर, रत्ताखेड़ा सहित अनेक गांवों में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
    श्री चौटाला ने हुड्डा सरकार पर नौकरियों व विकास के मामले में इस क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस को लोगों को याद सिर्फ वोटों के टाईम आती है। चुनाव के बाद कांग्रेसी कभी दिखाई नहीं देते। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने इस क्षेत्र से स्वर्गीय ज्ञान चंद ओड को पांच वर्षों के लिए विधायक चुना था। वे बेहद नेक, शरीफ, इमानदार व मिलनसार विधायक थे और उनका आकस्मिक निधन होने के कारण यह सीट खाली हुई है। इसलिए आपका और हमारा यह नैतिक फर्ज बनता है कि हम यहां से सरफी देवी को जीता कर उनका कार्यकाल पूरा करवाकर उन्हेंश्रद्धाजंलि अर्पित करें। इस अवसर पर अनेक कांग्रेस, हजकां व भाजपा नेताओं ने अपने अपने दलों को छोड़ इनेलो में शामिल होने की घोषणा की।  इस अवसर पर पूर्व स्पीकर सतबीर सिंह कादियान, पूर्व विधायक भरत सिंह छोकर हलका अध्यक्ष बीकर सिंह हड़ौली व जिला परिषद चेयरमैन अंग्रेज सिंह लाली सहित अनेक प्रमुख नेता मौजूद थे।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

सिरसा। स्थानीय राजकीय उच्च विद्यालय कीर्तिनगर में सर्व शिक्षा अभियान के तहत एक विज्ञानं प्रश्नोतरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।  इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए विद्यालय के प्रवक्ता सुखदेव ढिल्लों ने बताया कि इस कलस्टर स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन ऐ वी आर सी प्रोमिला फोगाट की देख रेख में किया गया था।  प्रश्नोतरी का संचालन विज्ञान अध्यापक संदीप सिहाग ने किया जबकि मंच संचालन सुखदेव ढिल्लों ने किया।  प्रतियोगिता में कलस्टर के छह विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया।  प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले चन्द्रकान्त,विकास  गोदारा और सुधीर कुमार को एस एस ए विभाग द्वारा पुरुस्कार  देकर सम्मानित किया गया। पारवती स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।  इस अवसर पर अपने संबोधन में श्रीमती आशा जग्गा ने कहा कि इस तरह की प्रत्योगिताएं विद्यार्थिओं के व्यक्तित्व विकास में बेहद सहायक होती है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले और विजेता विद्यार्थिओं को बधाई देते हुए उन्हें इस तरह की गतिविधियों में सक्रिय रहने का आह्वान किया।  इस अवसर पर मीनाक्षी खुराना, रविंदर कुमार वर्मा, मुकेश कुमार , सुरश कुमार, रिम्पल, चरनदास, पुनीत कुमार और राजेश कुमार सहित अनेक अध्यापक और विद्यार्थीगण उपस्थित थे।

जेसीडी डेन्टल कॉलेज में नवआगन्तुक समारोह आयोजित



सिरसा। जेसीडी डेन्टल कॉलेज के सभागार कक्ष में बीडीएस द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत हेतु 'Novica Fate' विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आगाज मां सरस्वती के समक्ष बतौर मुख्यातिथि जेसीडी विद्यापीठ की प्रबन्ध निदेशक डॉ. शमीम शर्मा द्वारा द्वीप प्रज्ज्वलित करके किया गया।
    इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में विद्यार्थियों द्वारा हरियाणवीं नृत्य, भंगड़ा तथा पश्चिमी नृत्य और अनेक नाटिकाएं प्रस्तुत किए, जिन्होंने पूरे हाल का समां बांध दिया। इस अवसर पर अपने बेहतर प्रदर्शन के लिए एवं व्यक्तित्व के आधार पर कनिका शर्मा को मिस एवं जुझार सिंह राणा को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। इस कार्यक्रम के पश्चात सामूहिक रात्रिभोज का भी आयोजन किया गया।
    इस समारोह में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. के.एन. दूबे, कॉलेज के सीईओ डॉ. आर.एस. टाडा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जेसीडी के सभी कॉलेजों के प्राचार्य व डेन्टल कॉलेज का समूचा स्टॉफ व विद्यार्थियों सहित अनेक गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Wednesday, 16 November 2011

स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी का भी ध्यान रखे मीडिया : सांसद


सिरसा। जीवंत लोकतंत्र के लिए आत्म निर्भर, स्वतंत्र, पूर्वाग्रहों से मुक्त, निष्पक्ष और उत्तरदायी मीडिया की आवश्यकता है। हाल के समय में मीडिया का जिस तेजी से विकास हुआ है, उससे मीडिया की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। यह विचार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं सिरसा के सांसद डा. अशोक तंवर नेे आज स्थानीय पंचायत भवन में इलैक्ट्रॉनिक न्यूज मीडिया एसोसिएशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रेस दिवस के मौके पर  सूचना का अधिकार एवं पत्रकारिता विषय पर आयोजित संगोष्ठी में बतौर मुख्यातिथि व्यक्त किए।
    डा. तंवर ने मीडिया जगत से जुड़े सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ मीडिया से उम्मीद की जाती है कि सृजनात्मक भूमिका निभाते हुए सजग समाज का निर्माण करें। सामाजिक कुरीतियों, भ्रष्टाचार व अन्य बुराईयों के प्रति समाज को जागरुक करने के लिए मीडिया अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने और लोगों के लिए फायदेमंद सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता लाने के लिए यूपीए सरकार ने सूचना के अधिकार जैसे प्रभावी कदम उठाए है। सूचना के अधिकार के बाद मीडिया को और अधिक मजबूती मिली है। मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है, लेकिन इसके पास अन्य तीन स्तंभों की तरह अधिकार या शक्तियां नहीं है, लेकिन फिर भी मीडिया जिम्मेवारी के साथ स्तंभ की तरह समय समय पर अन्य तीन स्तंभों को आगाह जरूर करता रहता है।
    सांसद ने कहा कि ई-पेपर के इस दौर में मीडिया के माध्यमों का भी व्यापक विस्तार हुआ है। सांसद ने कहा कि मीडिया को समाज का आईना कहा गया है और इस नाते समाज के प्रति उसकी संवेदनशीलता व जिम्मेदारियां अन्य तबकों से कहीं अधिक है। आजादी के आंदोलन व आजादी के बाद देश के निर्माण व विकास में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्तमान में राष्ट्र के समक्ष आ रही एकता व अखंडता के संदर्भ में मीडिया की और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। आज राष्ट्र के सम्मुख कई गंभीर चुनौतिया मुंह बाए खड़ी हैं ऐसे में राष्ट्रीय एकता व सद्भाव बनाने का दायित्व मीडिया पर और भी ज्यादा बन जाता है। इसके साथ ही मीडिया को समाज के शोषित व दलित वर्गों की आवाज को प्रमुखता से उठानी होगी। उन्होंने कहा कि आज मीडिया में खबरों को सनसनी के तरीके से पेश किया जा रहा है। इस विषय पर मीडिया को आत्ममंथन करने की जरूरत है। समाज व राष्ट्र की उन्नति में पहले भी मीडिया की महती भूमिका रही है आज भी है और कल भी रहेगी। वर्तमान दौर में मीडिया की भूमिका कसौटी पर है। उन्होंने कहा कि मीडिया को अपना सामाजिक दायित्व पूरा करने के लिए निर्भीकता से काम करना होगा। उन्होंने पत्रकारों का आह्वान किया कि वे सत्ता के दलालों के चाटुकार बनने की बजाय समाज के सजग प्रहरी बनें। आज पत्रकारिता के समक्ष अनेक नई चुनौतियां उभर कर आई है। पिं्रट पत्रकारिता के बाद इलैक्ट्रोनिक पत्रकारिता ने अपना स्वरूप बदला है वहीं ई-पत्रकारिता के आने से इस क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ चुनौतियां बढ़ी हंै। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने पूरी दुनिया में अलग से पहचान कायम की है।
    सांसद ने कहा पेड न्यूज के इस दौर में मीडिया के समक्ष एक नई चुनौती साख बचाने की भी रह गई है। मिशन की जगह प्रोफेशन बन चुकी पत्रकारिता को अपनी विश्वसनीयता भी कायम रखनी पड़ेगी। इसके लिए हर मीडियाकर्मी की जिम्मेदारी बनती है, उसे अपने नैतिक मूल्यों का लिहाज करते हुए खुद के लिए एक लक्ष्मण रेखा जरूर तय करनी पड़ेगी।  इलेक्ट्रॉनिक न्यूज मीडिया एसोसिएशन सिरसा द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र यादव,  जिला कांग्रेस अध्यक्ष मलकीत सिंह खोसा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश मेहता, विशेष अतिथि जसबीर सिंह रियाड, हरियाणा सूचना अधिकार मंच के राज्य संयोजक सुभाष, अमित चौधरी, अध्यक्ष बलजीत सिंह, सुरेंद्र भाटिया, डा. गुलाब सिंह, लाज पुष्प, अरुण भारद्वाज, धीरज बजाज, गुरजीत मान, नवदीप सेतिया आदि ने पत्रकारिता दिवस के अवसर पर अपने विचार रखे और राष्ट्रीय प्रेस दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। इस मौके पर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पूर्व प्रधान अमर सिंह ज्याणी ने धन्यवाद किया।

ठेकेदार व कर्मचारियों को कारावास

सिरसा। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने सड़क बनाने वाले ठेकेदार सहित  पीडब्ल्यूडी विभाग के दो कर्मचारियों को राशि में गबन करने व षड्यंत्र रचने के मामले में पांच-पांच वर्ष कारावास की सजा सुनाई है। दोषियों को 50-50 हजार रुपए अर्थदंड भी लगाया गया है। अर्थदंड की अदायगी न करने पर उन्हें छह-छह माह अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
    मामले के अनुसार पीडब्ल्यूडी बी. एंड आर. विभाग द्वारा संजय पुत्र राधेश्याम निवासी गोबिंद नगर को चौटाला रोड बनाने का ठेका दिया था। तय सीमा के अनुसार विभाग ने करीब 20 लाख रुपए के हिसाब से ठेकेदार को सड़क बनाने के लिए कहा था। विभाग के ही एसडीई सूरत सिंह पुत्र प्रभु राम निवासी हिसार तथा जेई पुरुषोत्तम पुत्र शेरचंद निवासी शाहपुर बेगू ने ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से 7 लाख 67 हजार 469 हजार रुपए की राशि अधिक दे दी। विभाग के एक्स.ई.एन. सज्जन सिंह की शिकायत पर 21 जुलाई 2007 को पुलिस ने उक्त तीनों के विरुद्ध 13(1), 13(2), 218 तथा 120 बी के तहत मामला दर्ज कर चालान न्यायालय में पेश किया। आज अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. नीलिमा सांगला ने उक्त तीनों को दोषी करार देते हुए पांच-पांच वर्ष कारावास की सजा सुनाई। दोषियों को 50-50 हजार रुपए अर्थदंड भी लगाया गया है।

राजेंद्रा का लगातार तीसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा

सिरसा। जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह में लगातार तीसरे वर्ष ट्राफी जीतने वाले राजेंद्रा पब्लिक स्कूल, पंजुआना के विद्यार्थियों का बुधवार को स्कूल परिसर में शानदार अभिनंदन किया गया। स्कूल प्रबंध समिति के चेयरमैन डा.राजेंद्र सिंह सरां एवं प्राचार्या डा.कामना अरूण तिवारी ने सभी प्रतिभागियों को  बधाई देते हुए उनकी सफलता को अन्य सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे सभी कार्यक्रमों में उनकी प्रतिभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। इससे पूर्व पूरे गणवेश में पारम्परिक ढंग से विजेता छात्र-छात्राएं स्कूल पहुंचे और प्राचार्या श्रीमती तिवारी को ट्राफी सौंपी। प्राचार्या ने बाल दिवस समारोह के दौरान हुई विभिन्न प्रतियोगिताओंं  में शानदार प्रदर्शन के बूते ट्राफी हासिल करने वाले स्कूल के बच्चों व उनके अभिभावकों तथा स्टाफ सदस्यों को बधाई दी। उल्लेखनीय है कि बाल दिवस समारोह में सोलो डांस, चित्रकारी, सुलेख, फैंसी ड्रैस सहित अन्य प्रतियोगिताएं हुई।  लगातार तीसरे वर्ष राजेंदा स्कूल के विद्यार्थियों ने ट्राफी हासिल की है।

कांग्रेस हमेशा काम में यकीन रखती है : परमवीर

रतिया। हरियाणा के कृषि मंत्री परमवीर सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सकारात्मक सोच रखते हुए विकास करवाया है। बदले की राजनीति हमेशा विपक्षी दलों की परिपाटी रही है। कृषि मंत्री ने यह बात बुधवार को गांव जल्लोपुर में कांग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
    कृषि मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम आदमी और गरीब की पार्टी है, जिसने 100-100 वर्ग गज के प्लाट मुफ्त बांटकर गरीबों के आशियाने के सपने को पूरा किया है। गरीबों के लिए चाहे स्कूलों में बच्चों को मिलने वाला वजीफा या फिर घरों में पीने के पानी की टंकी व कनेक्शन देने जैसी व्यवस्था सिर्फ कांग्रेस पार्टी की ही देन है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सिर्फ गरीबों के वोट चाहिए और वोट लेकर उनका शोषण करना विपक्षी दलों की परंपरा रही है। लेकिन यह चुनाव ऐसा मौका है, जब लोगों को अपने और परायों के बीच फर्क करना है। उन्होंने कहा कि आम आदमी से लेकर गरीब के साथ हमेशा कांग्रेस हर स्थिति में खड़ी नजर आई है। समाज को सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की सकारात्मक सोच भी कांग्रेस पार्टी की स्वस्थ परंपरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह हमेशा रतिया के लोगों की भलाई का कार्य किया है। कांग्रेस ने एक शिक्षित एवं सुयोग्य प्रत्याशी को आपके बीच भेजा है, जो आम आदमी की आवाज को आगे ले जाने में यकीन रखता है। उन्होंने कहा कि रतिया हलके के विकास के लिए आगामी चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को जिताकर आप बनी बनाई सरकार में सांझा कर सकते है। इस मौके पर पूर्व मंत्री राम स्वरूप रामा, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष मनदीप कौर गिल, सुभाष बिश्नोई, कृष्ण तनेजा, जगजीत फौजी, बलदेव डायरेक्टर, कांशीराम चेयरमैन, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष आकाश गोदारा, वरूण गोदारा, बहादुर सिंह म्योंद कलां, जयवीर सिंह भरपूर, बलजीत चेयरमैन सहित अन्य गणमान्य कांग्रेसी नेता भी मौजूद थे।

आदमपुर में तय है बदलाव : चौटाला

मंडी आदमपुर।  इनेलो प्रमुख व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. औमप्रकाश चौटाला ने इस बार आदमपुर में बदलाव लाने और इनेलो प्रत्याशी रामसिंह बसवाना को विजयी बनाने की अपील की है। बुधवार को आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के करीब डेढ़ दर्जन गांवों में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए  चौटाला ने कहा कि आज जात-पात जहर फैलाने वालों, परिवारवाद को बढ़ावा देने वालों, झूठ व लूट की राजनीति करने वालों और कांगे्रस की जनविरोधी नीतियों का करारा जवाब देने के लिए इस क्षेत्र से बसवाना ही एकमात्र सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार हैं और उनकी जीत के साथ ही यहां से पिछले 43 सालों से एक ही परिवार का कब्जा न सिर्फ खत्म होगा बल्कि प्रदेश में निश्चित तौर पर हुड्डा सरकार का सफाया होते ही आपकी अपनी मनचाही इनेलो की सरकार बनेगी।
श्री चौटाला ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले सात सालों से लोगों को महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कालाबाजारी व भूखमरी के अलावा कुछ नहीं दिया और आज आम आदमी की हालत बेहद खराब हो गई है। कांग्रेस ने न सिर्फ विकास व रोजगार के मामले में क्षेत्र की अनदेखी की बल्कि यहां पर एक ईंट भी नहीं लगाई गई। उन्होंने कहा कि आज सभी जरूरी चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं और लोगों को बिजली पानी संकट के साथ-साथ पीने के लिए भी स्वच्छ पानी नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि किसानों की हालत आज बेहद खराब है। पिछले साल जो नरमा कपास 7200-7300 रुपये बिका करता था आज 3500 रुपये बिक रहा है। उन्होंने कहा कि बाजरे की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकार द्वारा खरीद नहीं की जा रही और बासमती धान 20 साल पहले मिलने वाले रेट से भी कम पर बिक रहा है। दूसरी तरफ किसानों का लागत मूल्य कई गुणा बढ़ गया है।

कांग्रेस करेगी कल्याण : गिल्लाखेड़ा

सिरसा।  हरियाणा के मुख्य संसदीय सचिव चौधरी प्रह्लाद सिंह गिल्लाखेड़ा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीब की पार्टी रही है और लोगों के पास दोबारा मौका आया है, जब आम आदमी की सरकार में सीधा साझीदारी करें। ताकि रतिया क्षेत्र विकास के मामले में खुशहाल हो सके। मुख्य संसदीय सचिव ने यह बात बुधवार को गांव धिड़ में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। मुख्य संसदीय सचिव ने बुधवार को गांव काताखेड़ी, रजाबाद, बहबलपुर, रामपुरा, रत्ताटिब्बा, थेड़ी सहित डेढ़ दर्जन गांवों में कांग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह के लिए प्रचार अभियान चलाया।
    चौ. गिल्लाखेड़ा ने कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने की अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा विकासशील  व दूरदर्शी सोच के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक स्व. ज्ञान चंद ओढ़ ने विधानसभा में कभी भी आपकी आवाज नहीं उठाई। जरनैल सिंह एक मजबूत व सूझवान उम्मीदवार है, जो हमेशा आपके हक की आवाज को बुलंद करेगा। उन्होंने कहा कि रतिया की भलाई केवल कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है। जिसके लिए आने वाली 30 तारीख को कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाए। इस मौके पर ब्लाक समिति के चेयरमैन हरजंत सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलबहार सिंह एडवोकेट, नगर परिषद प्रधान वीरेंद्र नारंग, उपप्रधान सुनील बंसल, सुदेश पपला, पार्षद चंद्र मेहता, सौरभ मेहता, ठाकुर भवानी सिंह, ब्लाक समिति सदस्य कुलदीप, राजपाल भांभू सहित अन्य गणमान्य कांग्रेसी नेता मौजूद थे।

Tuesday, 15 November 2011

चला पीला पंजा

सिरसा। रानियां रोड को फोर लेन बनाने की कवायद के तहत आज सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने का कार्य किया गया। एक बारगी दुकानदारों द्वारा विरोध के स्वर उठाए गए लेकिन जल्दी ही मामला शांत हो गया। ज्ञातव्य हो कि रानियां रोड को चौड़ा करने के लिए प्रशासन ने आसपास की दुकानों को तोड़े जाने का नोटिस काफी समय पहले जारी किया था। आज जेसीबी मौके पर पहुंची तो दुकानदारों के हाथ-पांव फूल गए। बाद में प्रशासन ने दुकानदारों को सामान निकालने की मोहलत देते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया।

करोड़ों की देनदारी छोड़ फर्म फुर्र

सिरसा। अनाज मंडी में पिछले लंबे समय से व्यापार कर रही एक फर्म गत रात्रि करोड़ों रुपये की देनदारियां छोड़ फुर्र हो गई। लोगों ने आज सुबह दुकान पर ताला जड़ा देखा तो उनके होश फाख्ता हो गए। जानकारी के अनुसार अनाज मंडी में मै. नवीन कुमार प्रवीण कुमार नाम की फर्म आढ़त का कारोबार करती थी। उक्त फर्म ने अनाज मंडी में कई व्यापारियों और कारोबारियों से पैसा उधार ले रखा था। इसके साथ-साथ किसानों की भी काफी देनदारी बकाया थी। आज सुबह फर्म पर ताला लटका देख लोगों को समझते देर नहीं लगी। सूत्रों के अनुसार इस फर्म पर करीब 7 करोड़ का बकाया है।

अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को लेकर धरना, सौंपा ज्ञापन

सिरसा। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की जिला इकाई की ओर से आज अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बनाए जाने की मांग को लेकर लघु सचिवालय में धरना दिया गया। धरने का नेतृत्व श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार सभा के अध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह ने किया। धरने उपरांत राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा गया।
    सत्कार सभा के अध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह खालसा ने अपने संबोधन में कहा कि 2004 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में हरियाणा के लिए अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के गठन की घोषणा की थी। आठ साल बीत जाने के बाद भी पार्टी ने सिखों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा नहीं किया है। उन्होंने मांग की कि सिखों की इस जनवादी मांग को तुरंत पूरा किया जाए, साथ ही प्रदेश के विद्यालयों में चौथी से कक्षा बारहवीं तक पंजाबी विषय को अनिवार्य रूप से लागू किया जाए। उन्होंने चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में पंजाबी विभाग खोले जाने की भी मांग की। इस अवसर पर मा. सम्पूर्ण ङ्क्षसह, डा. गुरचरण ङ्क्षसह, मलिक ङ्क्षसह कंग, जगदेव सिंह, बलि सिंह गोराया, कुलवंत सिंह, ज्ञानी राम सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

चतुर्थ श्रेणी कर्मियों ने दिया धरना

सिरसा। हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर राज्यस्तरीय प्रदर्शन की कड़ी में आज जिला के सैकड़ों कर्मचारियों ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना दिया। धरने को संबोधित करते हुए राज्य प्रधान जेपी पांडे ने कहा कि सरकार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की समस्याओं का निदान करने में असमर्थ रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में कार्यरत्त अतिथि अध्यापकों व एज्यूसेट चौकीदारों को पिछले लंबे समय से वेतन नहीं मिल पा रहा है। सरकार की कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की घोषणा को भी अमली जामा नहीं पहनाया गया। उन्होंने कहा कि एज्यूसेट चौकीदारों को विगत 10 वर्षों से मात्र एक हजार रुपये वेतन मिल रहा है, जोकि आग उगलती महंगाई में ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। जिला प्रधान मंदर सिंह कहा कि शिक्षा विभाग की मिलीभगत के चलते ही निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत निर्धन विद्यार्थियों को दाखिला नहीं मिल पा रहा है।

Saturday, 12 November 2011

आखिर बदलने पड़े नंबर

सिरसा। सुरक्षा कारणों का हवाला  देकर एक ही नंबर की छह गाडिय़ां दौड़ाने के आरोपी डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को आखिरकार सभी गाडिय़ों के नंबर बदलने ही पड़े।  बलात्कार व हत्या के मामलों में आरोपी गुरमीत सिंह ने मीडिया द्वारा बेपर्दा किए गए अपने 'सच' की हार स्वीकारते हुए इससे सबक लेना ही मुनासिब समझा। आज डेरा प्रमुख ने उन्हीं गाडिय़ों में सभी अलग-अलग नंबरों के साथ सीबीआई न्यायालय के समक्ष पेशी भुगती।
    गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व गुरमीत ङ्क्षसह का डेरा द्वारा  चलाए जा रहे सफाई अभियान को हरी झंडी दिखाने के लिए जयपुर जाना हुआ। वहां मौजूद मीडिया ने डेरा प्रमुख द्वारा इस्तेमाल में लाई जा रही लैक्सस गाडिय़ों के एक ही नंबर पर सवाल उठाया था। मीडिया में एक ही नंबर की छह गाडिय़ों के इस्तेमाल किए जाने पर मामला तूल पकड़ गया। टीवी चैनलों व समाचार पत्रों ने डेरा मुखी द्वारा कानून की सरेआम उड़ाई जा रही  धज्जियों के बारे में प्रशासन व सरकार का ध्यान खींचा। मीडिया ने राजस्थान, हरियाणा व केन्द्र सरकार को भी कटघरे में ला खड़ा किया। आमजन को सच के मार्ग पर चलने के प्रवचन देने वाले डेरा प्रमुख के चेलों ने भी आनन-फानन में झूठ पर झूठ बोलकर इस जवाबदेही से बचने का प्रयास किया। आखिरकार राजस्थान सरकार ने डेरा मुखी को एक ही नंबर की गाडिय़ां अवैध रूप से चलाने का आरोपी मानते हुए 600 रुपये का चालान काट दिया। लोगों की भी डेरा के इस कोरे झूठ पर काफी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
    आज गुरमीत ङ्क्षसह ने हत्या तथा बलात्कार के मामले में जिला न्यायालय में पेशी भुगती। यहां उक्त छह गाडिय़ों के नंबरों में तब्दीली नजर आई। आज खुफिया एजेंसी भी डेरा मुखी द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली गाडिय़ों पर नजर रखे हुए थीं। सूत्रों के अनुसार गाडिय़ों पर अब इस्तेमाल किए जा रहे नंबरों पर भी  खुफिया एजेंसी नजर गढ़ाए हुए है कि ये भी वास्तविक हैं या नहीं?
अब दिसंबर में होगी सुनवाई
    साध्वी से बलात्कार तथा हत्या के मुख्य आरोपी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह ने आज सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष पेशी भुगती। न्यायालय ने आगामी कार्रवाई हेतु 7,10 व 12 दिसंबर की तारीख मुकर्रर की है। गौरतलब है कि केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने डेरा मुखी गुरमीत सिंह को साध्वी से बलात्कार, रणजीत मर्डर केस तथा छत्रपति हत्याकांड में मुख्य आरोपी बनाया है। उक्त तीनों मामलों में आज सीबीआई के विशेष जज एएस नारंग ने सुनवाई की। कार्रवाई के दौरान मामलों में आरोपी अवतार ङ्क्षसह, इन्द्रसेन, जसबीर, सबदिल, कुलदीप, निर्मल तथा किशन लाल अरोड़ा न्यायालय के समक्ष हाजिर हुए।

तूसी वोटां दी ते असी विकास दी झड़ी ला देयांगे : मुख्यमंत्री



रतिया। तुसीं वोटां दी झड़ी ला दो, असी विकास दी झड़ी ला देंगे, यह बात हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ठेठ पंजाबी लहजे में रतिया की अनाज मंडी में कांग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह के नामांकन दाखिल करने बाद आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही। अपने पंजाबी लहजे के संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज तूसी मेरी आई रख्यों, चुनाव जीतने के बाद मैं त्वाडी रखांगा।
        मुख्यमंत्री ने पूर्व की इनेलो सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्ष आरोप लगाता है कि हमारी सरकार ने रतिया का विकास नहीं किया, लेकिन मैं आंकड़ों के साथ बताता हूं, साल 1999 से 2005 तक ओमप्रकाश चौटाला प्रदेश के मुख्यमंत्री हुआ करते थे। उस दौरान रतिया के विकास के लिए महज 70, 51, 84,000 रुपए खर्च किए गए थे। लेकिन साल 2005 में हमारी सरकार बनने के बाद 2011 तक कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान रतिया के विकास पर 272.92 करोड़ रुपए खर्च किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कहां तो 70 करोड़़ और कहां 272 करोड़ रुपए। फर्क आप खुद समझ सकते है कि आपका असली हितैषी कौन है।
        अनाज मंडी में खचाखच भरे पंडाल से उत्साहित मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाबी को दूसरी भाषा का दर्जा हमने दिया, क्योंकि पंजाबी मैन्यू चंगी लगती है और इसनू मैं बोलनी वी सीख गया और मैं अब इन्नू लिखना भी सिखांगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रतिया के विकास के लिए विधानसभा में ऐसा नुमाइंदा भेजों, जो आपके हक की आवाज को उठा सके। जरनैल सिंह यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का उम्मीदवार है और आपके हक की आवाज उठाने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि पूर्व में आपने जो नुमाइंदा जीताकर विधानसभा में भेजा था, उसने कभी आपके हितों की बात नहीं की। इस बार ऐसी गलती मत कर देना।
         श्री हुड्डा ने कहा कि किसानों और व्यापारियों की मांग थी कि कपास पर लगने वाली मार्केट फीस कम की जाए, इसी को ध्यान में रखते हुए हमने चुनाव आयोग से अनुमति लेकर मार्केट फीस को चार प्रतिशत से घटाकर 1.6 फीसदी कर दिया है। आज किसान भी राजी है और व्यापारी भी राजी है। आज व्यापारी भी बेखौफ होकर व्यापार कर रहा है। उन्होंने कहा कि फसली ऋण जो पहले 11 से 12 प्रतिशत ब्याज पर मिलता था और अब उसकी ब्याज दर महज चार फीसदी हो गई है। साथ ही ऋण अदा न करने वाले किसानों की गिरफ्तारी और जमीन की कुर्की जैसे काले कानूनों को खत्म करने का काम किया है।
        कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष फूल चंद मुलाना ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीब तबकों को आगे लाना का कार्य किया है। आज गरीबों के घर में पीने के पानी के निशुल्क कनेक्शन, सस्ता राशन, सौ-सौ वर्ग गज के प्लाट, नरेगा के तहत गांव में ही रोजगार के अवसर मुहैया कराए, अनुसूचित जातियों के बच्चों को पहली कक्षा से स्कूलों में वजीफा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि रतिया के विकास के लिए कांग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह की जीत बेहद जरुरी है।
        रैली में भीड़ से उत्साहित सिरसा के सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव डा. अशोक तंवर ने कहा कि रतिया की जनता अब पिछड़ेपन से मुक्ति चाहती है और सरकार में भागीदार बनना चाहती है। आज जनता को एक मौका मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व केन्द्र सरकार की विकास योजनाओं से हलके की जनता प्रभावित है और इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह की जीत से हलके में विकास को गति मिलेगी, नई परियोजनाएं आएगी। उन्होंने दोहराया कि फतेहाबाद को रेल लाईन से जोडऩे के प्रयास किए जा रहे है। इससे इस इलाके में ओर प्रगति होगी। डा. तंवर ने कहा कि यह इलाका शिक्षा में काफी पिछड़ा हुआ है, इसके लिए केन्द्र व प्रदेश सरकार की मदद से आरोही मॉडल स्कूल व कस्तूरबा गांधी विद्यालय शुरू करवाए गए है, ताकि बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले। उन्होंने आडवानी की यात्रा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पद हथियाने की मंशा पालने वाले नेताओं की करनी को जनता समझ चुकी है और मजहब के आधार पर देश को बांटने वाले एजेंडे को कांग्रेस कभी भी पूरा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि मेरे संसदीय कोष का एक चौथाई हिस्सा रतिया क्षेत्र में हुए विकास पर खर्च हुआ है। ऐसे में लोगों को समझना होगा कि उनका हमदर्द कौन है।
            इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने मुझे टिकट देकर आपकी सेवा करने का एक मौका दिया है। चुनाव में हार-जीत तो होती रहती है, लेकिन आपने हर मुश्किल घड़ी मे मेरा साथ दिया है। इस भरोसे पर मैं खरा उतरूंगा। उन्होंने कहा कि रतिया के विकास के लिए आपको कांग्रेस का साथ देना चाहिए। यह चुनाव एक ऐसा मौका है, जिससे हम सभी को राज में सांझीदार होने का मौका चूकना नहीं चाहिए।
            इस मौके पर वित्त मंत्री हरमोहिन्द्र सिंह च_ा, कृषि मंत्री परमवीर सिंह, शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल, गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा, लोकनिर्माण विभाग के मुख्य संसदीय सचिव प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा, पूर्व सांसद चौ. रणजीत सिंह, मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी डा. केवी सिंह, पूर्व मंत्री रामस्वरूप रामा, पूर्व सांसद आत्मा सिंह गिल, मनदीप कौर गिल, पूर्व संसदीय सचिव दिल्लू राम बाजीगर, जिलाध्यक्ष रणधीर सिंह, लेखराज लाली, रोहतक के विधायक भारत भूषण बत्रा, प्रदेश प्रतिनिधि होशियारी लाल शर्मा, ऊषा वधवा, जयपाल लाली, पूर्व विधायक मनी राम केहरवाला, औम प्रकाश केहरवाला, पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल, ऊषा दहिया, कृष्णा दहिया, डा. विरेन्द्र सिवाच, गुरदीप चहल,आनन्द बियानी, सुभाष बिशनोई, प्रवीण गर्ग, टेकचन्द मिढा, डा. मुखत्यार सदर,  कीर्ति जैन, भवानी सिंह, दीपक भिरडाना,भूपेश मेहत्ता, नवीन केडिया, सुरेन्द्र दलाल सहित भारी संख्या में कई गांवो के  सरपंच, पंच, नम्बरदार भी मौजूद थे।
 झलकियां
- अनाज मंडी स्थित रैली स्थल को सेक्टर में बांटा गया था।
- रैली के चलते रतिया कस्बे में जगह जगह कांग्रेस की तिरंगी झंडियां नजर आई।
- रैली में उमडऩे वाली भीड़ से रतिया और आस-पास क्षेत्रों में जाम की नौबत बनी रही।
- रैली में महिला की उपस्थिति जोरदार रही।
- महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टोली मंगल गीत गाते हुए रैली में शामिल हुई।
- मुख्यमंत्री के आने से पूर्व ही रैली का पंडाल खचाखच भर गया।
- पंडाल में जितने लोग थे, उससे ज्यादा लोग आस-पास सड़कों पर नजर आए।
- रैली में कांग्रेस कार्यकर्ता ढोल नगाड़ों के साथ शामिल हुए।
- कांग्रेस के मंच से ज्यादातर वक्ताओं ने विपक्षी दलों को जमकर कोसा।
- रैली में शामिल होने आए मोटरसाइकिलों पर सवार युवाओं का जत्था आकर्षण का केंद्र बना रहा।
- रतिया उपचुनाव में जीत के लिए ज्यादातर वक्ताओं ने एकजुटता को मूलमंत्र बताया।
- कांग्रेस की रैली के चलते अनाज मंडी में मेले जैसा दृश्य बना रहा।
- तिरंगा थीम पर तैयार मंच आकर्षण का केंद्र बना रहा।
- कांग्रेस प्रत्याशी रैली में गुलाबी पगड़ी में नजर आए।
- मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद अशोक तंवर के भाषण के दौरान जमकर तालियां बजी।

मुन्ना भाई तैयार करने वाला काबू

सिरसा।  छात्रों को झांसे में रखकर परीक्षा पास करवाने वाले इंस्टीच्यूट संचालक को पुलिस ने काबू कर आज ड्यूटी मैजिस्टे्रेट के समक्ष पेश किया। मैजिस्ट्रेट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के आदेश दिए।
    मिली जानकारी के अनुसार भाई कन्हैया पार्क के सामने सार्इं इंस्टीच्यूट नामक संस्थान है। संस्थान का संचालक सीताराम छात्रों को शर्तिया पास करवाने का दावा कर रुपये ऐंठता था। बाजेकां निवासी सुनील कुमार ने सीताराम के खिलाफ शहर थाना में शिकायत दर्ज करवाई। सुनील के अनुसार सीताराम मोहाली कोंसिल एज्यूकेशन बोर्ड के आधार पर छात्रों को डिग्री दिलवाता था। वास्तविकता यह है कि इस नाम से कोई भी बोर्ड नहीं है। खंड एवं शिक्षा अधिकारी यज्ञ दत्त वर्मा ने बताया कि इंस्टीच्यूट के संचालक सीताराम के पास अधिकृत प्रमाण पत्र नहीं था। बिना किसी प्रमाण पत्र के संस्थान चलाया जा रहा था। बताया जाता है कि गत दिवस पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त संस्थान पर फर्जी तरीके से परीक्षा चल रही है। शहर थाना प्रभारी सुरेश पाल ने टीम का गठन कर संस्थान पर दबिश दी और संचालक सीताराम को धर-दबौचा। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को आज डयूटी मैजिस्ट्रेट सुधीर परमार की अदालत में पेश किया गया। आरोपी को जिला कारागार भेजे जाने के आदेश दिए।

फसलों की गिरती कीमत से किसानों में रोष

सिरसा। किसानों को फसलों की उचित कीमत न मिलने के विरोध स्वरूप आज किसान बचाओ मोर्चा के तत्वावधान में किसानों ने लघु सचिवालय में समक्ष प्रदर्शन किया। तदोपरांत किसानों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा।
    प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्व सरपंच त्रिलोक सिंह ने कहा कि किसानों की फसलों को कोडिय़ों के भाव खरीदा जा रहा है। यही फसल मार्किट में आने के पश्चात मुंह मांगी राशि वसूली जा रही है। ऐसे में किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब से केन्द्र व प्रदेश में कांग्रेस में बागडोर संभाली है पैट्रो तथा अन्य पदार्थों की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। किसानों को बीज व खाद जैसी वस्तुएं खरीदने के लिए कतार में लगना पड़ रहा है। उधर सरकार ने डीएपी में सब्सिडी की कमी कर किसानों की कमर तोड़ कर रख दी है। वर्ष 2010 में जिन वस्तुओं की कीमत 100 रुपये थी वह बढ़कर दोगुना हो चुकी है। उन्होंने कहा कि खेत से खरीदी गई वस्तुएं बिचौलियों के माध्यम से दुकान तक पहुंचते-पहुंचते 100 गुणा बढ़ जाती है। किसानों के साथ-साथ आम जन को भी आर्थिक परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। किसान कर्ज तले दबता रहा है। सरकार अन्नदाता की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही। पूर्व सरपंच अंगे्रज सिंह ने कहा कि कुछ ऐसे सवाल हैं जो किसानों के लिए अनसुलझी पहेली बन गए हैं। सरकार को चाहिए कि वे किसानों की समस्याओं का हल कर उन्हें निजात दिलवाए। करीब 200 की संख्या में पहुंचे किसानों ने एक स्वर में कहा कि यदि सरकार ने समय रहते किसानों की समस्याओं को नहीं समझा तो मजबूरन उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। इस अवसर पर प्रदीप कम्बोज, सतपाल सिंह, अधिवक्ता लेखराज ढोट, गोपी राम, राजन पटेल सहित अनेक किसाान मौजूद थे।

लार्ड शिवा में एक दिवसीय एनएसएस कैंप आयोजित

सिरसा। स्थानीय लार्ड शिवा कालेज आफ फार्मेसी में आज एक दिवसीय एनएसएस कैम्प का आयोजन किया गया।  इस कैम्प में कालेज की एनएसएस शाखा के सभी स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। यह जानकारी देते हुए कालेज प्रवक्ता विष्णु शर्मा ने बताया कि कैंप का उदघाटन डा0 जितेन्द्र सिंह ने किया। कैंप के दौरान स्वयंसेवको को ग्लोबल वार्मिंग से संबंधित पर्यावरण क्षति के बारे अवगत कराया गया। डा0 जितेन्द्र सिंह ने स्वयंसेवकों को एनएसएस की महत्वता बताते हुए कहा कि एनएसएस  से जुडऩा देश व समाज सेवा से सीधे जुडऩा है। उन्होनें आशा व्यक्त की कि इस शिक्षा सत्र में सभी स्वयंसेवक एनएसएस यूनिट को नई उचार्इंयों पर ले जाएंगे। तत्पश्चात सभी स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय प्रांगण में सफाई की।  कार्यक्रम के समापन पर संस्था के प्राचार्य डा0 सिंगला ने एनएसएस स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ प्रत्येक छात्र में समाज सेवा व देश भक्ति की भावना होनी चाहिए जिसके लिए एनएसएस एक उपयुक्त पटल है। एनएसएस प्रभारी जगतार सिंह ने आशा व्यक्त की कि एनएसएस स्वयंसेवकों नेे आज  के कैंप से जो पर्यावरण एवं ग्लोबल वार्मिंग संबंधी ज्ञान प्राप्त किया है, उसे वे देशहित में उजागर करेंगे। इस कैंप के दौरान कालेज की एनएसएस शाखा के सदस्य मिस पारूल, नरेश, रामअवतार इत्यादि के साथ सभी स्टाफ सदस्य एवं गैरशिक्षक उपस्थित हुए तत्पश्चात सभी ने जलपान ग्रहण किया।

विपक्षियों ने घोला जातिवाद का जहर : बुवानिवाला

सिरसा। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अशोक बुवानीवाला ने कहा है कि आदमपुर और रतिया में होने वाले उप चुनाव में हजकां-भाजपा गठबंधन और इनेलो का असली चेहरा सामने आ जायेगा। इन दोनो उप चुनावों में यें विपक्षी पार्टियां चुनाव हारेंगी। क्योकि हिसार लोकसभा चुनाव के बाद मतदाताओं की समझ में आ गया है कि गठबंधन और इनेलो जातिवाद का जहर घोल कर सामाजिक भाईचारा तोडऩा चाहती है। हिसार लोकसभा उप चुनाव में इन पार्टियों का असली चेहरा जनता ने देख लिया है। अब मतदाता अपने को ठगा महसुस कर रहे हैं। उन्होने साफ शब्दों में कहा कि हिसार उप चुनाव में हजकां-भाजपा गठबंधन की जीत नहीं अपितु यह तो स्वर्गीय भजनलाल के प्रति लोगों की सहानुभूति के नाम पर मिले वोटों ने जीत दिलाई थी। अब आदमपुर और रतिया का उप चुनाव गठबंधन की पोल खोल कर रख देगा। उन्होने कहा कि हजकां-भाजपा का मेल सत्ता स्वार्थ का समझौता है। स्वार्थभरा समझौता कभी भी लम्बा नहीं चलता। दोनो दल अभी से हरियाणा के मुख्यमंत्री की कुर्सी पाने के मुंगेरीलाल के सपने ले रहे हैं। उन्होने कहा कि हिसार लोकसभा उप चुनाव में भी हजकां का साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने नहीं दिया था। जहां भी थोड़ा-बहुत भाजपा का प्रभाव था, कुलदीप बिश्रोई को वहां से आपेक्षित वोट ही नहीं मिले हैं। प्रदेश प्रवक्ता ने यह भी कहा कि आदमपुर से हजकां प्रत्याशी को उसके परिवारवाले ही चुनाव हरवाने में अहम् भूमिका निभायेंगे। परिवारवाद की राजनीति का इन उप चुनावों में सफाया हा जायेगा।
    बुवानीवाला ने कहा कि इस बात में कोई दम और सच्चाई नहीं है कि हिसार उप चुनाव में मतदाताओं ने कांग्रेस को नक्कार दिया है। हिसार उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की हार का कारण पार्टी की नीतियां नहीं थी। क्योकि हरियाणा में पिछले सात साल में हुआ विकास अपने आप में एक रिकार्ड है। यह अब आदमपुर और रतिया के विधानसभा उप चुनाव के परिणामों से साबित हो जायेगा। उन्होने साथ में यह भी कहा कि कांग्रेस किसी व्यक्ति विशेष की पार्टी नहीं अपितु यह तो एक विचारधारा का नाम है, जो हर भारतीय के मन में रची-बसी हुई है।

बसवाना ने भरा नामांकन

हिसार।  रिटायर्ड जिला व सत्र न्यायाधीश राम सिंह बसवाना ने आज आदमपुर से इनेलो प्रत्याशी के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर इनेलो प्रमुख चौधरी ओमप्रकाश चौटाला, पार्टी विधायक दल के उपनेता शेर सिंह बडशामी व डॉ. केसी बांगड़  भी मौजूद थे। आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव सीसवाल निवासी राम सिंह बसवाना ने आज हिसार लघुसचिवालय स्थित एसडीएम अमरदीप जैन के कार्यालय में जाकर उन्हें अपना नामांकन पत्र सौंपा। राम सिंह बसवाना की पत्नी श्रीमती चरणजीत कौर ने कवरिंग प्रत्याशी के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल किया है।
    नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के बाद लघु सचिवालय में मौजूद कार्यकत्र्ताओं से बातचीत करते हुए श्री चौटाला ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में सत्ता विरोधी लहर तूफान का रूप ले रही है। हिसार लोकसभा उपचुनाव की तरह ही आदमपुर और रतिया में भी कांग्रेस की जमानत जब्त होना तय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ-साथ हजकां भाजपा गठबंधन को भी इन उपचुनावों में मुंह की खानी पड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने इनेलो को सत्ता में लाने का मन बना लिया है और दोनों सीटों पर पार्टी के प्रत्याशी शानदार जीत दर्ज करेंगे।
    आदमपुर से पार्टी प्रत्याशी रामसिंह बसवाना ने भी अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि अब तक लोगों से मिल रहे सहयोग और समर्थन को देखकर उन्हें पार्टी की जीत में कहीं कोई संशय नजर नहीं आता। उन्होंने यह भी कहा कि हलके में उनके पैतृक गांव व रिश्तेदारियों के साथ-साथ पूरे हलके के लोग अपने आपको रामसिंह समझकर प्रचार अभियान में जुट गये हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने भजन परिवार को आजमाकर देख लिया है और अब यहां के लोग परिवारवाद की राजनीति करने वालों के बहकावे में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हलके के लोगों के प्यार और प्रेम से विधानसभा में जाकर वे इस क्षेत्र के पिछड़ेपन को दूर करवाएंगे और यहां के लोगों के हर सुख-दुख में शामिल रहेंगे।
सम्पत्ति का ब्यौरा: 
 नामांकन-पत्र के साथ दाखिल किये हलफनामे में पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश राम सिंह बसवाना ने अपनी संपत्ति का जो ब्यौरा प्रस्तुत किया है उसके अनुसार वे करोड़ों के मालिक हैं। दाखिल किये गये हलफनामे के अनुसार श्री बसवाना नियमित रूप से अपनी आयकर की रिटर्न दाखिल करते हैं। उनके पास 78 लाख 16 हजार 826 रूपये 63 पैसे की चल संपत्ति तथा 3 करोड़ 7 लाख 33 हजार 333 रूपये बाजारी मूल्य की अचल संपत्ति और उनके आश्रितों के नाम 27 लाख 86 हजार 25 रूपये की चल संपत्ति दर्शाई गई है।
    हलफनामे में दिये गये ब्यौरे के अनुसार उनके पास 1 लाख 80 हजार रूपये नकद हैं। उनके नाम सेे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया कैथल में 55 लाख 87 हजार 514 रूपये की सावधि जमा तथा स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक गुडग़ांव में 6 लाख 23 हजार 312 रूपये 63 पैसे जमा हैं। इसी कड़ी में बसवाना के नाम स्टेट बैंक ऑफ पटियाला गुडग़ांव में एक हजार रूपये बचत खाते में जमा हैं। उनके नाम से आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ टाईम गोल्ड की जीवन बीमा पॉलिसी भी है जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 75 हजार रूपये है। एक अन्य 7 लाख रूपये की पॉलिसी भी उनके नाम पर चल रही है। श्री बसवाना एक सैंट्रो गाड़ी के मालिक भी हैं जो कि 3 लाख रूपये में खरीदी गई थी।  उनके नाम आदमपुर तहसील के शीशवाल गांव में 3 एकड़ 16 मरले जमीन भी है जिसकी बाजारी मूल्य लगभग 25 लाख 33 हजार रूपये है। शीशवाल गांव में ही लगभग 500 वर्ग गज का पैतृक मकान भी है, जिसकी कीमत लगभग दो लाख रूपये है। उनके नाम पर सेक्टर 15 गुडग़ांव में एक रिहायशी फ्लैट भी है, जिसका वर्तमान मूल्य लगभग 80 लाख रूपये आंका गया है। इसी कड़ी में सेक्टर 21-सी फरीदाबाद में भी उन्होंने 1991 में एक रिहायशी मकान खरीदा हुआ है, जिसका बाजारी मूल्य लगभग 2 करोड़ रूपये है।
    आज दाखिल शपथ पत्र में दिये गये ब्यौरे के अनुसार उनके पास कुल 3 करोड़ 7 लाख 33 हजार 333 रूपये कीमत की अचल संपत्ति दर्शाई गई है। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती चरणजीत कौर के पास भी 60 हजार रूपये नकद, 97 हजार  293 रूपये की फिक्स डिपॉजिट और 91 हजार 769 रूपये की संयुक्त डिपॉजिट तथा 9 लाख रूपये के गहने दर्शाये गये हैं। उनके एच.यू.एफ अकाउंट के बचत खाते में भी 6 लाख 36 हजार 963 तथा 10 लाख रूपये की राशि सावधि जमा खाते में मौजूद है।

रोटरी क्लब ने बनाई समाज सेवा में अलग पहचान

सिरसा।  रोटरी क्लब का मानवता तथा सामाजिक समृद्धि का संदेश 212 देशों के 12 लाख 20 हजार से अधिक लोगों तक पहुंचा हुआ है इनमें से 1 लाख 10 हजार लोग केवल भारतीय हैं जिन्हें रोटेरियन होने का गर्व है। रोटरी क्लब डिस्ट्रिक्ट 3090 के गर्वनर रोटेरियन अमजद अली ने सिरसा रोटरी क्लब की ऑफिशियल विजिट के दौरान क्लब सदस्यों को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि रोटरी के दो मकसद हैं एक सामाजिक दायरे में वृद्धि करना तथा मानवता की सेवा करना विश्व भर में जहां कहीं भी रोटेरियन लोग यात्रा करते हैं उन्हें लगभग हर जगह पर रोटरी के सदस्य सेवा भावना के लिए तत्पर मिलते हैं। कहीं भी ऐसा नहीं लगता कि कोई व्यक्ति अनजान जगह पहुंच गया है। अमजद अली ने कहा कि इसके साथ रोटरी का विश्व स्तरीय मिशन पोलियो उन्मूलन है। रोटरी के प्रयासों से भारत में एक मामले को छोड़कर कोई नया मामला पोलियो से जुडा हुआ नहीं है साथ ही रोटरी से जुडे हुए लोग खूब चैरेटी करते हैं। रोटरी क्लब सिरसा ने पिछले कुछ समय में समाज सेवा में अलग पहचान बनाई है। अकेले इस वर्ष छह बच्चों को शिक्षा के लिए गोद लिया गया है और पौधा रोपण का अभियान तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति एक दिन में करीबन तीन सिलेंडर ऑक्सीजन ग्रहण करता है और एक पेड़ दिन में तीन सिलेंडर ऑक्सीजन प्रदान करता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने हिस्से का एक एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। रोटरी क्लब सिरसा के प्रधान सुरेश गर्ग तथा सचिव शंकर बसंल ने क्लब की उपलब्धियों व गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। अतिथियों का स्वागत तथा प्रभावशाली मंच संचालन डा. केके राय वालिया ने किया। कार्यक्रम के मेजबान राजीव गर्ग तथा भूषण गर्ग ने अपनी श्रेष्ठ मेजबानी का परिचय दिया। कार्यक्रम में भूषण गर्ग का जन्मदिन भी मनाया गया। रोटरी के डिस्ट्रिक सचिव मोहम्मद रफीक, पूर्व सीएमओ डा. नरेंद्र चौधरी, नरेश मलिक कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि थे तथा सहायक डिस्ट्रिक गवर्नर देवेंद्र बंसल ने अतिथियों का सम्मान करने की भूमिका निभाई। इस अवसर पर नरेश जिंदल, बीडी वर्मा, राजू गर्ग, संजय अग्रवाल, भीम सिंगला, डा. बीडी ग्रोवर, डा. सुरेश मित्रा, डा. सतीश बंसल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।

मार्किट फीस घटाने पर जताया आभार

सिरसा। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव व जिला प्रधान हीरा लाल शर्मा ने जारी ब्यान में कहा कि हरियाणा कान्फैड के चेयरमैन व व्यापार मंडल प्रान्तीय अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग के प्रयासों से हरियाणा के मुख्यमन्त्री चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कपास पर मार्केट फीस जो 4 प्रतिशत थी। उसे घटाकर 1.6 प्रतिशत करने पर प्रदेश के व्यापारी व किसानों में खुशी की लहर है। मार्केट फीस कम करने पर हरियाणा के मुख्यमन्त्री चौ. भूपेन्द सिंह हुड्डा व हरियाणा कान्फैड के चेयरमैन बजरंग दास गर्ग का आभार प्रकट करते है। कपास पर मार्केट फीस कम करने से प्रदेश के किसान व व्यापारी को इस से बहुत बढ़ा लाभ मिलेगा और प्रदेश में कपास की पैदावार व व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

सीएम हुड्डा ने बढाया खिलाडिय़ों का मान- भूपेश मेहता

सिरसा। डिंगमंडी स्थित एमडीएवी स्कूल में आज युवा इंडिया कल्ब के तत्वावधान में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कमेटी सिरसा शहरी के प्रधान व हरियाणा खेत मजदूर कांग्रेस के प्रांतीय सचिव भूपेश मेहता ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि इंद्राज दहिया थे। इस अवसर पर अपने संबोधन में भूपेश मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार ने खेल और खिलाडिय़ों को पूरा मान सम्मान और प्रोत्साहन दिया है, जिसके परिणामस्वरूप आज हरियाणा खेलों की हब बन गया है तथा प्रदेश के खिलाडिय़ों की विश्वभर में अपनी अलग पहचान बनी है। श्री मेहता ने कहा कि राज्य सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए जहां ब्लाक स्तर पर खेल स्टेडियमों का निर्माण करवाया है वहीं खिलाडिय़ों को भत्ता व अन्य सुविधाएं देकर उनका मान बढाया है। श्री मेहता ने कहा कि सिरसा जिला में केंद्रीय खेलमंत्री अजय माकन, मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा व सांसद डा. अशोक तंवर के प्रयासों स्वरूप हॉकी, फुटबाल व सामान्य खेलों की नर्सरियां स्थापित हुई है, जिससे अनेक ख्ेाल प्रतिभाएं निकल कर सामने आई है। इस अवसरपर उन्होंने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों से हमारा तन और मन दोनो स्वस्थ्य होते है तथा वर्तमान में खेल बेहतर रोजगार व आय के साधन बनकर उभर रहे है। इस मौके पर उन्होंने खेल आयोजकों को 7100 रुपए की राशि भेंट की। इस मौके पर मा. कवरसैन आर्य, राजकुमार ढींगडा, शंटी ग्रोवर, रवि मेहता, विनोद भाटिया, निजी सचिव प्रेम सैनी, पवन सिंगला, राजपाल भूरिया, इंडिया कल्ब के प्रधान परसेन जेवलिया, सरपंच प्रतिनिधि सुभाष पूनिया, रोहताश पीटीआई, विनोद पचार, पृथ्वीराज, राकेश फुटेला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद, रस्साकशी, दौड़ इत्यादि खेलों में भाग लिया।

कांडा ने किया दौरा

रतिया। हरियाणा प्रदेश कांगे्रस कमेटी के प्रतिनिधि गोबिंद कांडा ने रतिया उपचुनाव में कांगे्रस प्रत्याशी जरनैल सिंह के पक्ष में हल्के के आधा दर्जन गांवों का दौरा किया और मतदाताओं से कांगे्रस उम्मीदवार को विजयी बनाने की अपील की। कांडा ने अपने रतिया हल्के के दौरे के दौरान विभिन्न गांवों में मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश और प्रदेश में कांगे्रस की सरकार है और कांगे्रस पार्टी ही सभी 36 बिरादरियों का समान विकास कर रही है। कांगे्रस पार्टी ने ही सर्वप्रथम भ्रष्टाचार को जड़ से उखाडऩे के लिए जन सूचना अधिकार नियम 2005 लागू करवाया था। कांडा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने भी लगभग एक दर्जन विभागों से संबंधित कार्यों को निश्चित समयावधि में पूर्ण करने का आदेश लागू किया है। इसके अतिरिक्त मुख्यंमत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कुशल नेतृत्व में व्यापारियों, कर्मचारियों, किसानों, अनुसूचित जाति, अल्प संख्यक और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई है। कांडा ने कहा कि पिछले साढ़े छ: वर्षों में हरियाणा शिक्षा का हब बनकर उभरा है। वहीं राज्य की खेल नीति को पूरे देश ने सराहा है। कांडा ने मतदाताओं से अपील की कि वे रतिया हल्के से जरनैल सिंह को विजयी बनाकर राज्य सरकार में अपनी भागीदारी दर्ज कराएं। इस अवसर पर सूरत सैनी, पार्षद गुरनाम सिंह, पार्षद अंगे्रस बठला, राजेंद्र मकानी, भूपेश गोयल, पूर्व पार्षद सुशील सैनी, राजेंद्र पप्पू,  रानी रंधावा, रोशनी देवी, नीलम शेखावत, राजू सैनी, राजेश खनगवाल पार्षद सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Friday, 11 November 2011

छत्रपति के जन्मदिवस पर औलख के नाटकों का होगा मंचन

shaheed ram chander chhatrapati
सिरसा। शहीद पत्रकार रामचंद्र छत्रपति के बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर 'संवाद' सिरसा के तत्वावधान में आयोजित की जाने वाली नाटक संध्या की तैयारियों की समीक्षा को लेकर प्रो. हरभगवान चावला की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की कार्यवाही का संचालन करते हुए परमानंद शास्त्री ने बताया कि पत्रकार छत्रपति के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह नाटक संध्या कालजयी रंगकर्मी गुरशरण सिंह को समर्पित होगी। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ख्यातिनाम पंजाबी नाटककार एवं रंगकर्मी प्रो. अजमेर सिंह औलख के निर्देशन में लोक कला मंच, मानसा की ओर से 'अवेसले युद्धां दी नायिका' व 'अपणा-अपणा हिस्सा' नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम में अजायब सिंह जलालआना के निर्देशन में कोरियोग्राफी के अलावा तरन्नुम भारती द्वारा क्रांतिकारी गीतों की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।
    नाटक संध्या की अध्यक्षता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बप्प के मास्टर मुखत्यार सिंह, अणुव्रत समिति, सिरसा के अध्यक्ष मक्खन लाल गोयल, दर्शन प्रोपर्टी के संचालक दर्शन मेहता व बेदी बीज भंडार के संचालक हरभजन सिंह बेदी पर आधारित अध्यक्ष मंडल द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अबोहर के चिंतक एवं साहित्यकार मक्खनलाल होंगे जबकि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़ के अधिवक्ता अश्विनी बक्शी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
    नाटक संध्या का आयोजन 20 नवंबर को सायं 5 बजे श्री रामा क्लब रामलीला मैदान, नेहरू पार्क, सिरसा में होगा। बैठक में इस भव्य कार्यक्रम की सफलता हेतु विभिन्न समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदाररियों से अवगत करवाया गया। संवाद के प्रवक्ता ने बताया कि नाटक संध्या से पहले इसी दिन युवक साहित्य सदन में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिनाम नाटककार एवं रंगकर्मी प्रो. अजमेर सिंह औलख को उनके सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप शहीद रामचंद्र छत्रपति सम्मान 2011 से सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर गुरबख्श मोंगा, जेपी पांडे, राजेंद्र अहलावत, लेखराज ढोट, प्रदीप सचदेवा, अंशुल छत्रपति, डा. हरविंद्र सिंह, डा. रामजी जयमल, प्रभु दयाल, मुलख सिंह, कुलदीप सिंह, स्वतंत्र भारती, टोनी सागू, रोशनलाल सुचान, चेतन भठूरे वाला, सुभाष इत्यादि मौजूद थे।

सीडीएलयू का युवा महोत्सव शुरू

सिरसा। भारत में विश्व के सबसे ज्यादा युवा हैं और अनेक विकसित राष्ट्रों को भी यहां के युवा डाक्टर व वैज्ञानिक अपनी सेवायें प्रदान कर रहे हैं। देश के अन्दर सामाजिक परिवर्तन लाना युवाओं के हाथ में है। आने वाले समय में देश की बागडोर युवाओं के हाथ में होगी। यह विचार हरियाणा उच्चतर ंिशक्षा सचिव एवं महानिदेशक बी.एस. मलिक ने सी.एम.के. नेशनल पी.जी. गल्र्स कॉलेज द्वारा आयोजित चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय के तीन दिवसीय युवा महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए व्यक्त किये।
    उन्होंने कहा कि भारतीय शिक्षा पद्धति को सामाजिक ताना-बाना मजबूत करने व जीवन मूल्यों पर आधारित बनाना होगा। युवा महोत्सव के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय के कुलपति डा. के.सी. भारद्वाज ने कहा कि युवा शक्ति को सही दिशा प्रदान करने के लिए इस प्रकार के रंगारंग सांकृतिक कार्यक्रम मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से युवाओं के सम्पूर्ण व्यक्तित्व का विकास होता है और यहां से लिया गया अनुुभव उनके जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में काम आता है।
उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव एक ऐसा अनूठा उत्सव है जिसका इन्तजार युवा वर्ग को बेसब्री से रहता है। उन्होंने नेशनल पी.जी. गल्र्स कॉलेज आयोजकों की टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नेशनल पी.जी. गल्र्स कॉलेज महिला शिक्षा के क्षेत्र में विशेष पहचान कायम की है।
       इस अवसर पर सी.एम.के. नेशनल पी.जी. गलर्स कॉलेज की प्राचार्या डा. विजया तौमर ने आये हुए मेहमानों का स्वागत किया और अलग-2 मंचों पर हरियाणवी नृत्य, हरियाणवी गज़ल आदि में विभिन्न महाविद्यालयों व युनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमैंट की टीमों ने अपने रंगारंग सांस्कृतिक कायक्रमों में अपने जौहर दिखाये। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. मनोज सिवाच, महाविद्यालयों के अधिष्ठाता प्रो. सुरेश गहलावत, विश्वविद्यालय के प्रोक्टर व शारिरीक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष प्रो. शमसेर सिंह, डायरेक्टर यूथ वैलफेयर डा. दीप्ति धर्माणी, डा. सुरेन्द्र सिंह कुण्डु, डा. दिलबाग सिंह, डा. आर. एस. सांगवान, बी.एल. गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

रोडवेज चालक को पीट-पीट कर किया बेसुध


सिरसा। डबवाली रोड स्थित सांगवान चौक पर दर्जनभर युवकों ने आज दोपहर हरियाणा रोडवेज बस के चालक की बुरी तरह धुनाई कर दी। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। सड़क के बीचों-बीच बस के खड़े रहने से लोगों को जाम से रू-ब-रू होना पड़ा। खास बात यह है कि करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा लेकिन सूचना के बावजूद कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बस चालक बस में ही बेसुध पड़ा रहा  और परिचालक मदद के लिए इधर-उधर फोन कर गुहार लगाता रहा। बाद में परिचालक ने लोगों के सहयोग से बेसुध चालक को सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
    मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर दिल्ली से गंगानगर जा रही हरियाणा रोडवेज की बस (एचआर 57, 3070)सांगवान चौक पर सवारियां चढ़ाने के लिए रुकी। इसी दौरान बस में करीब दर्जन भर युवक सवार हुए और चालक जयवेंद्र के साथ मारपीट करने लगे। उक्त युवकों ने जयवेंद्र की इस कदर धुनाई की कि वह मरणासन्न हो गया। परिचालक अमरनाथ ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। चालक को बेसुध अवस्था में छोड़ हमलावर फरार हो गए। परिचालक अमरनाथ ने उक्त युवकों के पन्नीवाला मोटा इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र होने की संभावना जताई है। अमरनाथ के अनुसार वे प्रतिदिन इस रूट पर बस लेकर जाते हैं। लंबा रूट होने के कारण वे बस पन्नीवाला मोटा इंजीनियरिंग कॉलेज स्टैंड पर नहीं रोकते। कई बार कॉलेज के विद्यार्थियों ने बस को रोकने की कोशिश की है। अमरनाथ ने आशंका जताई कि इसी बात से क्षुब्ध उक्त कॉलेज के विद्यार्थियों ने ही जयवेंद्र को बुरी तरह पीटा है।  करीब एक घंटे तक चालक जयवेंद्र बस में ही बेसुध पड़ा रहा। परिचालक के अनुसार पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद भी करीब एक घंटे तक मौके पर कोई नहीं पहुंचा। बस के बीचोंबीच खड़े होने के कारण मार्ग जाम हो गया। इससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई।

आडवाणी की यात्रा का होगा विरोध : मान

सिरसा।  शिरोमणी अकाली दल अमृतसर के अध्यक्ष सिमरणजीत सिंह मान ने कहा है कि लालकृष्ण अडवाणी की जनचेतना यात्रा का हरियाणा-पंजाब में आना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का दोनों प्रदेशों में भरपूर विरोध होना चाहिए तथा उनकी पार्टी अपने स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगी। वे आज स्थानीय होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों पर अत्याचार करने में कांग्रेस और भाजपा दोनों एक हैं तथा भाजपा ने जहां सिखों पर जुल्म ढाए हैं वहीं कांग्रेस ने दूसरे अल्पसंख्यकों पर जुल्म किया है। उन्होंने अडवाणी की निजी पुस्तक का हवाला देते हुए कहा कि इस पुस्तक में उन्होंने स्वयं स्वीकार किया है कि ब्लू स्टार आप्रेशन इंदिरा गांधी ने नहीं आरएसएस ने किया है। मान ने कहा कि इसी पुस्तक में अडवाणी ने जरनैल सिंह भिंडरावाला को दुष्ट बताया है जबकि वे पंजाब के सिखों के हीरो हैं। उन्होंने कहा कि आडवाणी पर अनेक बार सामूहिक हत्याओं का आरोप है। पिछली 1992 की रथ यात्रा के तुरंत बाद बावरी मस्जिद गिरी और दंगे में बहुत से लोग मारे गए। मान ने कहा कि आज फिर आडवाणी यात्रा लेकर निकल रहे हैं और अभी यह नहीं कहा जा सकता कि इसके परिणाम क्या होंगे। मान ने कहा कि पंजाब में भी जनचेतना यात्रा पहुंच रही है तथा पंजाब की सबसे भ्रष्ट सरकार के मुखिया बादल इस यात्रा का स्वागत कर रहे हैं। इन हालात में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही जनचेतना यात्रा का अर्थ समझ में नहीं आता। उन्होंने कहा कि बादल के मंत्री विधायक सीबीआई जांच के दायरे में हैं औरी एनडीए का इतिहास बताता है कि शहीदों के कफन से भी कमीश्र खाया गया है। उन्होंने कहा कि सिखों को हमेशा से दबाया जा रहा है तथा पंजाबी को पूरा अधिकार नहीं मिल रहा। हरियाणा में पंजाबी को दूसरी भाषा का दर्जा पूरी तरह से प्राप्त नहीं है। मान ने कहा कि यदि हरियाणा के लोग पंजाब के साथ मिलकर चले तो उन्हें संविधान के मुताबिक हर सुविधा अपने आप ही हासिल हो जाएगी। उन्होंने बताया कि रतिया उपचुनाव में उनकी पार्टी की ओर से रणजीत सिंह काछवा उम्मीदवार होंगे तथा वे पंजाबी के मान सम्मान के नाम पर लोगों से वोट की अपील करेंगे। इस अवसर पर उनके साथ गुरसेवक सिंह जवाहरके, जसकरण सिंह काहनसिंह वाला, बलकरण सिंह मानसा भी उपस्थित थे।

सड़क हादसा : एक की मौत

सिरसा। गांव असीर के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका साथी गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने शव का अंत:परीक्षण करवा परिजनों को सौंप दिया। अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
    मिली जानकारी के अनुसार गांव असीर निवासी फकीरा राम पुत्र जगरूप सिंह अपने साथी कुलदीप पुत्र भोलाराम निवासी बीरूवाला गुड़ा के साथ बाइक पर सवार होकर गांव जा रहा था। खैरेकां के निकट अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सामान्य अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान फकीरा की मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार कुलदीप की हालत स्थिर बनी हुई है।

नारी नहीं तो सृष्टि भी नहीं बचेगी : वालिया

सिरसा। कन्या भ्रूण हत्या की समस्या ने पूरे भारत वर्ष में विकराल रूप धारण कर लिया हैं और यह एक ऐसा अपराध हैं जो कि अशोभनीय हैं। ये शब्द लायन्स क्लब सिरसा अमर द्वारा आयोजित कन्या बचाओं अभियान के तहत मुख्य वक्ता डा0 के0 के0 राय वालिया ने स्थानीय होटल अरोमा इन में बतौर मुख्यावक्ता व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस अपराध में मॉ-बाप, परिवार के सदस्य व चिकित्सक समान रूप से अपराधी हैं। उन्होंने कहा कि आज कन्या का बचपन छीनना कहा तक उचित हैं क्योकि आप जब किसी का बचपन वापिस नहीं कर सकते तो आपको उसे छीनने का भी कोई अधिकार नहीं हैं।
    इस अवसर पर डा0 के0 के0 राय वालिया ने कहा कि जब कन्या ही नहीं होगी तो कौन बनेगी आपकी पत्नी, आपकी बेटी, आपकी बहन, आपकी भुआ उन्होंने कहा कि आज कन्या किसी भी हालत में लडकों से कम नहीं हैं इसलिए हमें पूरे देश स्तर पर एक अभियान चलाना होगा जिससे यह समस्या जड मूल से समाप्त हो। उन्होंनें कहा कि हमें अपना दृष्टिकोण बदलना होगा, समाज में जागरूकता लानी होगी ताकि यह अपराध का विचार मन में ना आए और समय रहते समझे कि भू्रण हत्या के कलंक के रहते हम जीवित नहीं रह सकते। उन्होंने कहा कि संत-महात्माओं को भी अपने प्रवचनों में कहना होगा कि कन्या भू्रण हत्या एक महापाप हैं ताकि जनता जागरूक हो सके।
    इस अवसर पर डा0 एस0 पी0 शर्मा0 ने नेत्रदान के बारे में व एनीमिया के बारे में सदस्यों को जानकारी दी व लायन संजय गांधी ने जनपद 321 ए3 के आगामी कार्यक्रम के बारे में क्लब के सदस्यों को अवगत करवाया।
    लायन्स क्लब सिरसा अमर के प्रधान लायन इन्द्र कुमार गोयल ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया तथा संस्था के सचिव लायन भारत भूषण ऐलावादी ने क्लब द्वारा किए जा रहे समाज-सेवी कार्यो की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर लायन्स क्लब सिरसा अमर के चार्टर प्रधान लायन रमेश साहुवाला ने आगामी कार्यक्रमों के बारे में बताया कि 14 नवम्बर को चाचा नेहरू के जन्म दिवस पर बाल उत्सव, 19 नवम्बर को प्रियदर्शनी इंदिरा गांधी के जन्मोत्सव पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन व 25 नवम्बर को एक नि:शुल्क चिकित्सा कैम्प का आयोजन किया जाएगा।
    इस अवसर पर लायन रमेश साहुवाला, लायन इन्द्र कुमार, गोयल, लायन भारत भूषण ऐलावादी, लायन संजय गोयल,  लायन अशोक गोलछा, लायन रोबिन मैहता एडवोकेट, लायन अशोक बांसल, लायन जगदीश वर्मा, लायन पदम बांसल, लायन संजय गोयल, लायन राकेश जमालिया, लायन गुरनाम सिंह, लायन शाम लाल गोयल, लायन राजेन्द्र बावा, लायन अनुराग खुराना, लायन गगन कम्बोज, लायन जगदीश मैहता, लायन नवीन मेहरा, लायन विजय बांसल, लायन डा0 आर0 पी0 मोंगा भी उपस्थित थे। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डा0 के0 के0 राय वालिया को क्लब के पदाधिकारियों ने स्मृति चिहन देकर सम्मानित किया।

कमजोर वर्ग का भी हो कर्ज माफ : अनिल गर्ग

सिरसा। राष्ट्रीय मजदूर कल्याण मंच भारत (मुख्य इकाई) के प्रधान अनिल गर्ग ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में मांग की है कि किसानों की कर्जमाफी की तर्ज पर देशभर के अनुसूचित जातियों, पिछड़ों, महिलाओं व अन्य कमजोर वर्ग के सभी कर्ज माफ किये जावें। उन्होंने कहा कि देश के बहुसंख्य गरीब वर्ग की राष्ट्र निर्माण में महत्ती भूमिका है। मजदूर वर्ग विभिन्न श्रेणियों में जैसे खेतीहार मजदूर, भवन निर्माण मजदूर, रेहड़ी-ठेली वाला मजदूर, रिक्शा-ऑटो रिक्शा चालक, छोटे दुकानदार, मंझले उद्योग एवं दुकानों पर काम कर रहे कर्मचारी के रूप में विपरीत आर्थिक-सामाजिक परिस्थितियों में राष्ट्र निर्माण एवं राष्ट्र सेवा में जुटा हुआ है, लेकिन सरकार द्वारा मजदूरों की राष्ट्रीय भावना और राष्ट्र सेवा का मूल्यांकन नहीं किया जा रहा। मजदूर वर्ग भारी कर्जे तले दबा हुआ है और आए दिन देश भर में कर्जे के कारण सैकड़ों मजदूर मौत का ग्रास बन रहे हैं, जिससे मजदूर वर्ग का जिंदा रहने का संविधानिक अधिकार भी छिन रहा है। भारत के संविधान में प्रत्येक व्यक्ति को स्वतंत्र रूप से जिंदा रहने का अधिकार दिया है जो कि सरकार की शोषणकारी आर्थिक नीतियों के चलते पूरा मजदूर वर्ग आर्थिक-सामाजिक पीड़ा झेल रहा है। बड़ी संख्या में मजदूरों के पास दो वक्त की रोटी भी पूरी नहीं हो रही है, जिससे मजदूरों के बच्चे कुपोषण का शिकार हैं।  कुपोषण के चलते मजदूरों के बच्चों की शिक्षा पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। श्री गर्ग ने कहा कि भारत सरकार को चाहिए कि सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के सभी बैंकिंग प्रतिष्ठानों के दो लाख रुपये तक के सभी कर्जों की रिपोर्ट मंगवाकर एक वृहद् योजना के तहत सभी स्कीमों के कर्जे एक मुश्त बिना शर्त माफ किया जावे, ताकि बहुसंख्य मजदूर वर्ग राहत महसूस करे। श्री गर्ग ने कहा कि निकट भविष्य में राष्ट्रीय मजदूर कल्याण मंच सभी प्रदेशों में हस्ताक्षर अभियान चलाकार भारत सरकार को ज्ञापन प्रेषित करेगा और यदि भारत सरकार ने समय रहते कर्जे माफ ना किये तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।

पुण्यतिथि पर लगेगा नेत्र कैंप

सिरसा। स्व. श्री बजीर चंद चावला की प्रथम पुण्यतिथि पर आंखों का विशाल नि:शुल्क कैम्प श्री राम हंस चेरीटेबल ट्रस्ट द्वारा डिंग मंडी में १३ नवम्बर को  लगाया जाएगा। यह जानकारी श्री राम हंस चेरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन अमीर चंद चावला ने देते हुए बताया कि स्व. बजीर चंद चावला की प्रथम पुण्य तिथि पर आंखों की जांच का विशाल नि:शुल्क  कैम्प डिंग मंडी में लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस शिविर में आने वाले मरीजों की नि:शुल्क आंखों की जांच की जाएगी व उसके पश्चात आप्रेशन व दवाईयां भी नि:शुल्क दी जाएंगी। इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्यगण व डिंग मंडी के गणमान्य लोग इस कैम्प में शिरकत करेंगे।

कांडा ने करवाया गली निर्माण शुरू

सिरसा।  हरियाणा प्रदेश कांगे्रस कमेटी के प्रतिनिधि गोबिंद कांडा ने प्रीत नगर स्थित गली नम्बर 10 के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। दशकों से उपेक्षा का दंश झेल रहे गलिवासियों ने गोबिंद कांडा का गली में पहुंचने पर स्वागत किया और गृहराज्य मंत्री गोपाला कांडा द्वारा गली के निर्माण की मांग पूरी करने पर उनका आभार जताया। इस अवसर पर काण्डा ने प्रीत नगर का दौरा कर लोगों का कुशलक्षेम जाना और सफाई व स्ट्रीट लाइटों की समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। काण्डा ने कहा कि पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट्स के लिए बजट मंजूर हो चुका है तथा सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन अनेक कदम उठा रहा है। इस अवसर पर सूरत सैनी, मनोहर लुथरा, पं. कमल शर्मा, तरसेम गोयल, जय सिंह चेयरमैन, राजेंद्र मकानी, नरेंद्र सर्राफ, श्याम भारती, भूपेश गोयल, नरेंद्र कटारिया, हरफु ल शर्मा, ओम डावला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

श्रद्धा से मनाया गुरुपर्व

सिरसा। गुरूतेग बहादुर नगर वार्ड न. 27 में श्री गुरूनानक देव जी का गुरूपर्व मनाया गया। इस अवसर पर श्री अखंड पाठ का भोग डाला गया। लंगर लगाया गया। गुरूद्वारे के ग्रंथी बाबा अमर सिंह ने गुरू नानक देव जी के जीवन के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर बलविंद्र ङ्क्षसह, रणजीत सिंह, सोनू भट्टी,साधु सिंह, मेजर सिंह, ईश्वर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।