BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Friday 28 March 2014

अब बजेगा नमो-रागा

सिरसा। प्रदेश में चुनावों की सरगर्मियां दिनों-दिन बढ़ती जा रही हैं। आने वाले दिनों में माहौल और गर्माने की आशंका है। अभी तक छोटे-मोटे नेताओं सहित उम्मीदवार व कार्यकर्ता मैदान में जुटे हैं। लेकिन आगामी दिनों में कई बड़े नाम इस चुनाव दंगल में प्रत्याशियों का जोश बढ़ाने पहुंचने वाले हैं। इनमें नमो यानी नरेन्द्र मोदी और रागा यानी राहुल गांधी प्रमुख रूप से शामिल हैं।
सिरसा लोकसभा क्षेत्र की बात करें तो यह प्रदेश के चुनावों में सबसे हॉट सीट मानी जा रही है। यहां कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व मौजूदा सांसद अशोक तंवर ने ताल ठोकी है तो इनेलो के चरणजीत सिंह रोड़ी व हजकां-भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार डा. सुशील इंदौरा उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इसके अलावा आप उम्म्मीदवार पूनम चंद रत्ती व कम्यूनिस्ट पार्टी के राम कुमार बहबलपुरिया भी आंकड़े गड़बड़ाने का कार्य करेंगे। ऐसे में कोई भी दल यहां विरोधियों को हल्के में नहीं ले रहा। मुख्य राष्ट्रीय पार्टियों कांग्रेस व भाजपा ने पूरे देश के लिए चुनावी रोड़ मैप तैयार किया हुआ है। इसमें सिरसा संसदीय क्षेत्र को भी अहम स्थान दिया गया है। खास बात यह है कि दिल्ली व हरियाणा में सबसे पहले चुनाव होने हैं, तो यहां प्रचार को भी दलों द्वारा प्राथमिकता में रखा गया है।
मोदी चुनावों तक 187 रैलियां करेंगे। इनमें से एक रैली सिरसा क्षेत्र में प्रस्तावित है। सूत्रों की मानें तो भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी 7 अप्रेल को सिरसा में रैली करेंगे। वहीं कांग्रेस मोदी की काट राहुल से कर सकती है। राहुल गांधी के मोदी से एक दिन पहले यानी 6 अप्रेल को सिरसा आने की खबरें आ रही हैं। यही नहीं चुनाव पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व सोनिया गांधी के भी सिरसा क्षेत्र में आने की चर्चा है। हालांकि किसी प्रकार की रैली की जाएगी या रोड शो होगा इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा रहा। इसके अलावा 30 मार्च को मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के सिरसा संसदीय क्षेत्र में रोड शो का कार्यक्रम प्रस्तावित है। 
आम आदमी पार्टी के स्टार प्रचारक फिलहाल स्वयं चुनावी मैदान में मोर्चा संभाले हैं। पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, योगेन्द्र यादव, मनीष सिसोदिया, कुमार विश्वास आदि अपनी व्यस्तता के चलते अन्य उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने में असमर्थ जान पड़ रहे हैं। केजरीवाल के देशभर में अपने दौरे के तहत हरियाणा में आने की सूचना है लेकिन वे सिरसा संसदीय क्षेत्र के उम्मीदवार के व्यक्तिगत प्रचार के लिए नहीं पहुंच पाएंगे, ऐसा माना जा रहा है।
इनेलो के पास मौजूदा हालात के अनुसार स्टार प्रचारकों की कमी है। इसके बावजूद इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह रोड़ी की स्थिति काफी अच्छी है। चौटाला और पंजाब में सत्तासीन बादल के पारिवारिक रिश्ते जग जाहिर हैं। उल्लेखनीय है कि इनेलो के प्रत्याशी चरणजीत सिंह रोड़ी विधानसभा में भी अकाली दल के सदस्य के रूप में पहुंचे थे। ऐसे में बादल परिवार भाजपा के साथ गठबंधन में होने के बावजूद हरियाणा में इनेलो के स्टार प्रचारकों के तौर पर खुलकर प्रचार कर रहा है। सिरसा में एक अप्रेल को इनेलो की रैली है, जिसमें पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल भी मंचासीन रहेंगे।
किस स्टार प्रचारक का जादू मतदाता पर असर करेगा, नमो या रागा में से कौन सा राग मतदाताओं को लुभाता है या कोई तीसरा राग अलापा जाएगा, यह तो निर्णय के बाद पता चलेगा। लेकिन चुनावों तक आने वाले समय में माहौल खूब गर्म रहने वाला है।

ट्रक ने मारी कार को टक्कर, जेई की मौत
इनेलो नेता घायल

कालांवाली। ओढां रोड पर डेरा मंढाला के पास एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई जबकि एक घायल हो गया। घायल को सहारा कल्ब की एंबूलेंस की मदद से सिरसा के अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
जानकारी अनुसार लोक निर्माण विभाग में जेई सुभाष कंबोज व इनेलो के जिला कार्यालय प्रभारी हरी सिंह भारी लीवा कार में कालांवाली से सिरसा जा रहे थे कि ओढां रोड पर डेरा मंढाला के पास सामने से आ रहे एक ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में जहां ट्रक पलट गया वहीं कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षृतिग्रस्त हो गया। हादसे में जेई सुभाष कंबोज ने मोके पर ही दम तोड दिया। जबकि हादसे में घायल हुए हरी सिंह भारी को एंबूलेंस की मदद से सिरसा के अस्पताल में पहुंचाया गया। हादसे का पता चलने पर काफी संख्या में इनेलो के नेता व कालांवाली पुलिस मौके पर पहुंची।

No comments:

Post a Comment