BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Sunday 16 March 2014

चढ़ा नहीं चुनावी रंग

कांग्रेस से तंवर व भाजपा से दुग्गल का नाम तय, नहीं हुई आधिकारिक घोषणा

सिरसा। चुनावी चौसर लगभग सज चुकी है लेकिन सिरसा में अब भी चुनावी रंग नहीं चढ़ा है। होली को लेकर लोगों में खासा उत्साह है लेकिन उम्मीदवारों की अधिकृत घोषणा नहीं होने की वजह से सिरसा में चुनावी रंग अब तक दिखाई नहीं दे रहा।
       सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सियासी तस्वीर हालांकि उम्मीदवारों की अधिकृत घोषणा  के बाद ही स्पष्ट होगी लेकिन जो चेहरे सामने आ रहे हैं उनसे स्पष्ट है कि इस बार मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और मौजूदा सांसद अशोक तंवर पर ही कांग्रेस दोबारा से दाव खेलने की तैयारी कर रही है। इनेलो ने पहले ही चरणजीत रोड़ी को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। भाजपा की ओर से अभी तक अधिकृत रूप से किसी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की गई है लेकिन पार्टी के गलियारों में आयकर अधिकारी सुनीता दुग्गल का नाम ही उभरकर सामने आया है। जहां तक आम आदमी पार्टी की बात है उन्होंने कर्मचारी नेता पूनम चंद रत्ती को अपना उम्मीदवार बनाया है। सिरसा में होली का जश्न तो है लेकिन अभी तक नेता चुनावी रंग में नहीं रंगे नजर आ रहे। जेबीटी भर्ती घोटाले में तिहाड़ जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और अजय सिंह चौटाला की अनुपस्थिति में प्रदेश में यह पहला चुनाव है। हालांकि इनेलो के नेता अपने स्तर पर जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं। मुख्य रूप से मुकाबला इनेलो-कांग्रेस-भाजपा के बीच ही रहने वाला है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार भी अपने स्तर पर कोशिश करेंगे लेकिन सिरसा में कई फेक्टर काम करते हैं। मोदी के पक्ष में चल रही लहर भी सिरसा में असर दिखा सकती है। दूसरा मुख्य मुद्दा यहां विकास का रहने वाला है। मौजूदा सांसद के प्रति लोगों में कोई खास उत्साह नहीं है। असंजस के भंवर से तंवर भी अभी तक बाहर नहीं निकले हैं। इसका भी नुकसान कांग्रेस को उठाना पड़ सकता है। राजनीति के जानकर मानते हैं कि होली का रंग उतरने के बाद ही सिरसा में चुनावी रंग चढऩे लगेगा। अगले दो-तीन दिन में सिरसा से उम्मीदवारों के चेहरे सामने आ जाएंगे। फिलहाल सिरसा की चुनावी चौसर में उतरने के लिए कई उम्मीदवार ऐसे भी हैं जो दिल्ली तक जोर-आजमाइश कर रहे हैं। किसकी जोर आजमाइश असर दिखाती है? कौन सिरसा का अगला सांसद बनने से पहले टिकट की परीक्षा पास करता है? इसका रिजल्ट अगले दो दिन तक सामने आ जाएगा।

होलिका पूजन कर की सुख-समृद्धि की कामना

सिरसा। होली पर्व पर शहर में आज कई स्थानों पर होलिका स्थापित की गई। महिलाओं ने घरों में पकवान बनाकर और गोबर के बने बड़कूलों से होलिका पूजन कर सुख समृद्धि की कामना की।
      होली पर्व को लेकर शहर के मुख्य चौराहों गोल डिग्गी चौक, पटेल बस्ती, गौशाला मोहल्ला, शिव चौक, अग्रसेन कालोनी, घंटाघर चौक, नोहरिया बाजार, अनाज मंडी, बी ब्लॉक, बरनाला रोड, हिसार रोड, कंगनपुर रोड सहित अनेक जगहों पर रविवार सुबह पूजा अर्चना के साथ प्रहलाद भगत और होलिका स्थापित की गई। होली पर्व को लेकर लोगों ने घरों में पकवान बनाए। साथ ही गोबर के चांद, सूरज, नारियल, सितारे आदि बड़कूले बनाकर उन्हे माला में पिरोकर होलिका की पूजा अर्चना की। महिलाएं जहां होलिका स्थापित की गई थी वहां पर घर में बने पकवान के साथ बडकूले ले जाकर पूजा अर्चना कर होलिका पर चढ़ाए। बाद में कच्चे सूत के साथ होलिका की परिक्रमा कर घर में सुख समृद्धि की कामना की। रात को साढे सात बजे होलिका दहन किया गया। इससे पूर्व ब्राह्मण ने पूजा अर्चना करवाई। बाद में होलिका दहन किया गया। होलिका में स्थापित किया गया प्रहलाद भगत जलने से पूर्व लोगों द्वारा बाहर निकाल लिया गया। लोगों ने होली की आग में हरे चने और गेहूं की बल्लियां भूनी और होली में जले गोबर के बडकूले अपने घरों में लेकर गए। मान्यता है कि होली की आग में घर में धूप की जाए तो घर में सुख सुमृद्धि आती है।

हादसे में लेबर इंस्पेक्टर की मौत

सिरसा। राष्ट्रीय राज मार्ग नंबर दस पर शेरपुरा मोड़ के समीप आज सुबह एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार लेबर इंस्पेक्टर की मौत हो गई।
     जानकारी के अनुसार भिवानी निवासी राजेंद्र कुमार अग्रवाल (45) पुत्र शिव कुमार अग्रवाल सिरसा व फतहाबाद जिला में संयुक्त रुप से लेबर इंस्पेक्टर के रुप में कार्यरत था। बताया गया कि रविवार सुबह राजेंद्र कुमार भिवानी से कार में सवार होकर सिरसा के लिए रवाना हुआ। कार स्वयं राजेंद्र कुमार चला रहा था। बताया गया कि राष्ट्रीय राज मार्ग नंबर दस पर गांव शेरपुरा मोड़ के समीप रविवार सुबह साढे नौ बजे के करीब कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। डिंग थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में पहुंचाया।

No comments:

Post a Comment