BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Tuesday 18 March 2014

छात्राओं ने काटा बवाल

अंग्रेजी विषय में फेल होने पर हुईं आक्रोषित
सीडीएलयू में की तोडफ़ोड़

सिरसा। परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट छात्राओं ने आज चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में जमकर हंगामा किया। छात्राओं ने प्रशासनिक विभाग में लगे शीशे व फर्नीचर में तोडफ़ोड़ भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार मनोज सिवाच मौके पर पहुंचे और छात्राओं को उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच का आश्वासन दिया।
आज सुबह नेशनल कालेज व महिला विंग की छात्राएं एकत्रित हुईं। छात्राओं का कहना है कि अंग्रेजी विषय में सभी विद्यार्थियों के अंक बहुत ही कम लगाए गए हैं। उनके पेपर अच्छे हुए थे लेकिन फिर भी फेल किया गया है। इस बात से क्षुब्ध छात्राएं बरनाला रोड से जुलूस की शक्ल में चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय पहुंचीं। आरोप है कि प्रशासनिक विभाग पहुंचकर उन्होंने कुलपति से बातचीत करनी चाही लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया। इससे आक्रोषित होकर छात्राओं ने बवाल खड़ा कर दिया। प्रशासनिक विभाग में लगे फर्नीचर व शीशे तोड़ दिए। इस तोडफ़ोड़ में कुछ कम्प्यूटर व अन्य सामान के भी क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है। छात्राओं की तोडफ़ोड़ की सूचना जब रजिस्ट्रार मनोज सिवाच को मिली तो वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को शांत किया और उत्तर पुस्तिकाओं की पुनर्जांच करवाए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि छात्राएं संतुष्ट न हों तो वे स्वयं पुस्तिकाओं की जांच प्रक्रिया के समय मौजूद रह सकती हैं। मामले की जानकारी मिलने पर शहर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इस संबंध में कोई भी अभियोग अंकित नहीं करवाया गया। रजिस्ट्रार के आश्वासन के बाद छात्राएं वहां से लौट गईं।

कार व सोना लूटा

कालांवाली। मंडी के तख्तमल रोड पर रेलवे फाटक के नजदीक तीन अज्ञात लुटेरों ने हथियार की नोक पर दो कार सवारों से कार, नकदी व जेवरात लूट लिए। आरोपी दोनों को पंजाब के बुर्ज सेमा गांव के पास फैंक कर फरार हो गए। खास बात यह है कि सीमा विवाद के कारण पीडि़तों की शिकायत करीब 12 घंटे देरी से दर्ज हुई और आरोपियों को सुरक्षित निकलने में कामयाबी हासिल हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की पड़ताल करनी शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार जैतो मंडी निवासी केवल कृष्ण उर्र्फ जिम्मी कालांवाली में अपनी बहन से मिलने के लिए आया था।  वह कल शाम अपनी महिन्द्रा वैरिटो कार पी बी 04 टी 4966 में चालक जसकरण सिंह के साथ शाम को  वापिस जा रहा था। मंडी के तख्तमल रोड पर रेलवे फाटक बंद होने के कारण वे रुके थे। इस दौरान एक युवक उनके पास आया। चालक  जसकरण ने कार का शीशा नीचे किया तो उक्त युवक ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल तानते हुए कार की चाबी निकाल ली। उसके साथ दो और लोग भी थे। तीनों जिम्मी व जसकरण को साथ लेकर पंजाब के तलवंडी की ओर चले गए। आरोप है कि लुटेरों ने उनसे 2 लाख 17 हजार रूपए की नगदी, एक सोने की चैन, अगूंठी व मोबाईल छीन लिए और उन दोनों को बुर्ज सेमा गांव के पास फेंक गए। केवल ने मामले की जानकारी पंजाब पुलिस को दी लेकिन पुलिस ने कालांवाली थाना में शिकायत देने को कहा। कालांवाली थाना पुलिस ने रेलवे का क्षेत्र होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। इसी कशमकश में करीब 12 घंटे बीत गए। आखिरकार राजकीय रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।

जमकर खेली होली
विभिन्न स्थानों पर हुए कार्यक्रम
खूब उड़ा अबीर-गुलाल

सिरसा। होली का पर्व घृणा और कटुता को मिटाकर एकता का रंग भरने में अहम भूमिका अदा करता है। यह शब्द सिरसा के विधायक गोपाल कांडा ने अपने आवास पर आयोजित होली मिलन समारोह में आए हजारों क्षेत्रवासियों के संग होली पर्व मनाते हुए कहें। उन्होंने कहा कि होली का पर्व भेदभाव को मिटाता है और आपसी सौहार्द बढ़ाता है। होली खुशी और उल्लास का पर्व है जोकि भारत की संस्कृति का प्रतीक है। सुबह सवेरे ही रानियां रोड स्थित कांडा निवास पर आयोजित होली मिलन समारोह में विधायक गोपाल कांडा और उनके अनुज गोबिंद कांडा को होली पर्व की बधाई व शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर श्री बाबा तारा कुटिया में विशाल लंगर भंडारा भी लगाया गया।
इसके साथ ही कांडा निवास पर विधायक गोपाल कांडा की पुत्री सुशीला कांडा(मन्नू) ने महिला होली मिलन समारोह का अलग से आयोजन किया। जिसमें सैंकड़ों की संख्या में महिलाएं शामिल हुई। महिलाओं ने यहां पर डांडिया खेला और परंपरागत होली गीत गाए।
कांग्रेस कमेटी के शहरी अध्यक्ष भूपेश मेहता ने होली का त्यौहार सी ब्लाक स्थित अपने निवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं के संग तिलक होली खेल कर मनाया। इस अवसर पर जिला के विभिन्न गांवों व शहर के वार्डों से आए लोगों ने भूपेश मेहता को गुलाल से तिलक लगाकर शुभकामनाएं दी वहीं भूपेश मेहता ने सभी कार्यकर्ताओं को गले लगाकर त्यौहार की शुभकामनाएं दी। तत्पश्चात भूपेश मेहता ने सांसद निवास पहुंच कर सांसद डा. अशोक तंवर को होली त्यौहार की शुभकामनाएं दी।
अखिल भारतीय श्री-राम-मुलख-दयाल योग प्रचार समिति के प्रधान रघुबीर ने दिव्य योग साधना मन्दिर कोटली में होली के सुअवसर पर श्रद्धालुओं को अपने सम्बोधन में फरमाया कि रंगों की होली खेलो या फूलों की खेलो, परन्तु प्रभु को मत भूलो। ईश्वर को भुलाने से ही जीवन में सब दुख आते हैं। होली कोई भी खेलो, चाहे रंग वाली और चाहे फूलों वाली, दोनों ही सांसारिक विषयों की होली है। इसमें नि:संदेह क्षणभंगुर सुख व खुशी है परन्तु स्थाई आनन्द नहीं है।
अखिल भारतीय अरोड़ा एकता परिवार द्वारा गत दिवस बरनाला रोड स्थित संगम पैलेस में 'चंदन तिलक होली एवं परिवार मिलन समारोहÓ का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ संस्था के अध्यक्ष बलदेव दावड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
होली के अवसर पर सेतिया परिवार के कार्यालय पर क्षेत्र के लोगों का दिनभर आना जाना लगा रहा। हालांकि सेतिया परिवार ने इस बार होली नहीं मनाई। पिछले दिनों राहुल सेतिया की माता श्रीमती रमेश रानी के निधन एवं उत्तराखंड में हुई अनगिनत जानहानि के शोक स्वरूप इस बार सेतिया परिवार ने होली न मनाने का निर्णय लिया था। इसके बावजूद सेतिया कार्यालय पर होली मिलन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। सभी लोगों का युवा नेता गोकुल सेतिया ने स्वागत किया और बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया। 

कांग्रेस डूबता जहाज : अभय

सिरसा। रानियां के विधायक कृष्ण कंबोज के नेतृत्व में रानियां अरोड़ वंश के प्रधान संगन लाल बहल, राकेश बहल, पवन नागपाल, कश्मीर नागपाल, रामलाल बहल, राज कुमार बहल, शशी बठला, काला तनेजा, विनोद नागपाल, राजेश गुंबर, राज कुमार पुजारा आदि कांग्रेस कार्यकर्ता कल डबवाली रोड स्थित एलनाबाद के विधायक अभय चौटाला के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने इनेलो में शामिल होने की घोषणा की। चौटाला ने कहा कि इनेलो में शामिल हुए इन लोगों को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।  अभय चौटाला ने इससे पूर्व अपने आवास पर हजारों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे एकजुट होकर इनेलो के लोकसभा प्रत्याशी सरदार चरणजीत सिंह रोड़ी को जिताने में जी-जान से जुट जाएं और उनके मुकाबले में खड़े सभी प्रत्याशियों की जमानतें जब्त करवा दें। उन्होंने कहा कि इस समय कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है जिसमें कोई भी बैठना पसंद नहीं करेगा, क्योंकि पूरे प्रदेश व देश में कांग्रेस विरोधी लहर चल रही है।

पांच हुड़दंगी गिरफ्त में

सिरसा। होली पर्व पर शराब के नशे में धुत्त होकर हुड़दंग मचाने के आरोप में शहर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।  मिली जानकारी के अनुसार संजय, कर्ण व पंकज नामक युवक  कल होली के उपलक्ष्य में चतरगढ़पट्टी में शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। मामले की सूचना मिलने पर हुड्डा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हुड़दंगियों को काबू कर लिया। इसी प्रकार सी-ब्लॉक में हुड़दंग मचा रहे सोनू भारद्वाज पुत्र मदन निवासी रतनपुरा व ध्रुव पुत्र जयकिशोर निवासी बिहार को जेजे चौकी पुलिस द्वारा धर लिया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

गवाह पर हमला, हालत गंभीर

सिरसा। झगड़े के एक मामले में मुख्य गवाह को होली पर्व पर खून से रंग दिया गया। आरोपी पक्ष के लोगों ने इक_े होकर युवक को तेजधार हथियारों से घायल कर दिया। घायल को सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए निजी अस्पताल को रैफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार ढाणी बिलासपुर निवासी सोनू पुत्र होशियार तीन वर्ष पूर्व हुए एक झगड़े के मामले में मुख्य गवाह है। इस मामले में छह अप्रेल को अदालत के समक्ष उसकी गवाही होनी है। आरोप है कि चुंगी मौहल्ला निवासी छिंदा उस पर गवाही से मुकरने के लिए दबाव डाल रहा था लेकिन सोनू ने छिंदा की बात नहीं मानी और गवाही देने को अडिग रहा। मिली जानकारी के अनुसार कल दोपहर सोनू बाबा तारा कुटिया के सामने खड़ा था। इसी दौरान छिंदा अपने कई साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर वहां आया और सोनू पर हमला बोल दिया। हमले में सोनू बुरी तरह घायल हो गया। शोर सुनकर आस-पास के लोग इक_ा होने लगे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल सोनू को सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अन्यत्र रैफर कर दिया। परिजनों ने उसे यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। 

तंवर का पुतला फूंका

सिरसा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डा.अशोक तंवर के खिलाफ आज महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया। सुभाष चौक पर महिलाओं ने तंवर के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला फूंका। प्रदर्शनकारी महिलाओं का नेतृत्व कर रही संजू बाला एडवोकेट ने कहा कि तंवर महिला विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में महिलाएं तंवर के विरोध में मतदान करेंगी। तंवर ने अपने बयान में कहा है कि महिलाएं चुनाव लडऩे के योग्य नहीं हैं इसलिए उन्हें हरियाणा में टिकट नहीं दिए गए हैं। इसी के विरोध में आज वे सुभाष चौक पर एकत्रित हुई हैं। मौके पर मौजूद महिलाओं ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इसके बाद तंवर का पुतला फूंका गया।

No comments:

Post a Comment