BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Friday 5 December 2014

थम नहीं रहे विश्वविद्यालय में विवाद

अब गैर शिक्षक कर्मचारियों ने कुलपति कार्यालय के समक्ष वेतन को लेकर दिया धरना

सिरसा। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय का विवादों से चोली-दामन का साथ हो गया है। एक विवाद खत्म होने का नाम नहीं लेता कि दूसरा छिड़ जाता है। पिछले लंबे समय से विश्वविद्यालय शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए नहीं, बल्कि विवादों के कारण लगातार चर्चा में रहा है। इसे देखते हुए यही कहा जा सकता है कि विश्वविद्यालय में कुछ भी ठीक नहीं।
पिछले कई दिनों से चला आ रहा प्राध्यापकों की पदोन्नति का विवाद सुलझा ही था कि आज गैर शैक्षणिक कर्मचारी कुलपति कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने वेतन की मांग को लेकर अपना रोष प्रदर्शन शुरू किया है। कर्मचारियों ने कहा सहायकों का वेतन विश्वविद्यालय प्रशासन सितम्बर 2014 से पूर्व 3200 ग्रेड पे देने की बात पर अड़ा हुआ है जबकि हरियाणा के सभी विश्वविद्यालयों में सहायक का ग्रेड पे शुरू से ही 3600 रूपए रहा है। यूनियन के प्रधान महेन्द्र बैनीवाल ने कहा कि सीडीएलयू में कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय के नियम लागू हैं। इन नियमानुसार विश्वविद्यालय के ये कर्मचारी 1.9.2014 से पूर्व भी 3600 ग्रेड पे के हकदार हंै जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन 3200 ग्रेड पे देने पर उतारू है और उनकी रिकवरी भी करने की कार्रवाई कर रहा है। बेनीवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस विवि को दुर्गाति की ओर ले जा रहा है। वहीं यूनियन के महासचिव कुलदीप गहलावत ने कहा कि केयूके के नियमानुसार जो ग्रेड पे व सर्विस नियम हैं वे सीडीएलयू में मान्य होंगे फिर भी प्रशासन तुगलकी फरमान जारी करके कर्मचारियों का नुकसान करने पर तुली हुई है। यूनियन के कैशियर रविन्द्र सैनी का कहना है कि विवि प्रशासन पोस्ट निकलवाने की ओर ध्यान नहीं दे रहा बल्कि कर्मचारियों के नुकसान पर आमादा है। इस संबंध में जब विश्वविद्यालय के कुलपति से बात करने का प्रयास किया गया तो वे व्यस्त थे।

युवती ने खाया जहर, दहेज हत्या का आरोप

सिरसा। गांव नारायणखेड़ा में एक विवाहिता ने जहर निगल कर आत्महत्या कर ली। विवाहिता के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। इस मामले में युवती के भाई की शिकायत पर डिंग थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार नारायणखेड़ा  निवासी सौरभ की पत्नी संजू ने गत दिवस जहर निगल कर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामान्य अस्पताल सिरसा पहुंचाया गया। आज शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों का सौंप दिया गया। लेकिन संजू के भाई राहुल ने ससुरालजनों पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने राहुल की शिकायत पर धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत

सिरसा। एलनाबाद में शादी समारोह में शिरकत करने आए एक व्यक्ति की सड़क पार करते समय ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ के फेफाना गांव निवासी 38 वर्षीय त्रिलोक पुत्र मनफूल ऐलनाबाद के सेतिया पैलेस में शादी समारोह में शिरकत करने आया हुआ था। समारोह के दौरान वह किसी कार्यवश पैलेस के सामने जाने के लिए सड़क पार करने लगा। इस दौरान वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में त्रिलोक आ गया। त्रिलोक के सिर में गहरी चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव सामान्य अस्पताल सिरसा पहुंचाया। शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया गया है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

एक पर्स के लिए रोक दी ट्रेन

कालांवाली। बठिंडा से सिरसा जाने वाली सवारी गाड़ी आज एक पर्स के चोरी होने के कारण रोक दी गई। हुआ यूं कि गाड़ी कालांवाली स्टेशन पर रुकी तो सवारियां चढऩी शुरू हो गई।  सिरसा की रहने वाली दो महिलाएं भी इस दौरान सिरसा जाने के लिए गाड़ी में सवार हुईं। गाड़ी कालांवाली स्टेशन से चल पड़ी। गाड़ी ने अभी थोड़ी रफ्तार पकड़ी ही थी कि दो महिलाओं ने पर्स छीने जाने का शोर मचाया और गाड़ी की चेन खींच दी। गाड़ी रोक दी गई। राजकीय रेलवे पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। हवलदार अजीत सिंह ने महिलाओं को साथ लेकर छानबीन शुरू की तो महिला का पर्स थोड़ी ही दूरी पर रेलवे ट्रैक के बीच में पड़ा मिला। महिला ने बताया कि पर्स में 1100 रुपए की नकदी व मोबाइल था जो कि नदारद पाया गया। खास बात यह है कि इस महिला पर्स के पास ही एक पुरुष का पर्स भी पड़ा था जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि झपटमार ने किसी और व्यक्ति की भी जेब काटी है। महिला ने इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई।

No comments:

Post a Comment