BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Friday 26 September 2014

बुरे फंसे ओपी चौटाला

सिरसा। जेबीटी भर्ती घोटाले में सजायाफ्ता प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को कल हुई जींद रैली में शामिल होना महंगा पड़ सकता है। दिल्ली की अदालत ने चौटाला को तुरंत आत्मसमर्पण करने को कहा है।
उल्लेखनीय है कि चौटाला स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर जमानत पर चल रहे हैं। उन्हें 17 अक्तूबर तक राहत मिली हुई थी, लेकिन आज दिल्ली की अदालत ने चौटाला को तुरंत सरेंडर करने के आदेश जारी किए हैं। कल जींद में अपने पिता स्वर्गीय देवीलाल की पुण्यतिथि पर आयोजित रैली में चौटाला न केवल शामिल हुए बल्कि उन्होंने मंच से लोगों को संबोधित भी किया और इनेलो के पक्ष में मतदान का आह्वान किया था।

कई असंतुष्ट भरेंगे नामांकन
अहम होगा नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन

सिरसा। कल कई दिग्गजों सहित विभिन्न आजाद उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल होने की संभावना है। इसमें कई ऐसे लोग भी शामिल हो सकते हैं जो किसी पार्टी से टिकट न  मिलने के कारण नाराज हैं। ऐसे में वे गुपचुप नामांकन भरकर चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि कल दोपहर तीन बजे तक नामांकन भरे जाने हैं। नामांकन का आखिरी दिन काफी अहम रहने वाला है। इस दौरान कई उन लोगों के आजाद उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरने की संभावना है जो पार्टी द्वारा टिकट न मिलने या किसी अन्य कारण से पार्टी से खफा चल रहे हैं। सूत्रों की मानें तो कई असंतुष्टों ने कल नामांकन दाखिल कर चौंकाने का मन बना रखा है क्योंकि कल नामांकन का आखिरी दिन है। 
सिरसा से कांग्रेस उम्मीदवार नवीन केडिया, इनेलो के मक्खन सिंगला, रानियां से भाजपा विधायक जगदीश नेहरा सहित नामांकन दाखिल करने से अभी तक वंचित रहे सभी प्रत्याशियों द्वारा कल अपना नामांकन दाखिल किया जाएगा। 
कांग्रेस उमीदवार नवीन केडिया कल सुबह 11 बजे अपना  नामांकन पत्र  भरेंगे। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. अशोक तंवर भी उनके साथ होंगे। 
वहीं इनेलो प्रत्याशी मक्खन लाल सिंगला भी कल अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन पूर्व इनेलो कार्यकर्ता प्रात: साढे दस बजे कपास मण्डी में एकत्रित होंगे।
भारतीय जनता पार्टी के रानियां विधानसभा के प्रत्याशी चौ. जगदीश नेहरा भी कल दोपहर 12 बजे अपना नामांकन पत्र सिरसा में लघुसचिवालय स्थित नामांकन कक्ष में दाखिल करेंगे। नामांकन प्रक्रिया से पहले भाजपा प्रत्याशी जगदीश नेहरा रानियां के मेला ग्रांऊड में जनसभा को संबोधित करेंगे।

सड़क दुर्घटना : दो बारातियों की मौत

सिरसा। गांव सिकन्दरपुर के पास बीती रात बारातियों से भरी एक कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। 
मिली जानकारी के अनुसार मंडी सिवानी निवासी जयदीप की शादी सिरसा की संजय कॉलोनी में तय हुई थी। कल बारात सिवानी से सिरसा आई। विवाहोपरांत दूल्हे जयदीप के रिश्तेदार गुलाब पुत्र बलवंत, सोनू पुत्र रतन अपनी इंडिका कार में सवार होकर वापिस जा रहे थे। गांव सिकंदरपुर के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में गुलाब व सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल लाया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम करवा उनके परिजनों को सौंप दिए हैं।

No comments:

Post a Comment