BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Friday 16 May 2014

मोदी...मोदी...मोदी अब प्रधानमंत्री मोदी

सिरसा। आखिरकार आज पूरे देश में विभिन्न चरणों में हुए चुनावों के दौरान ईवीएम में बंद हुआ प्रत्याशियों का भाग्य खुलकर सामने आया। परिणाम वाकई अप्रत्याशित निकला। सुबह ईवीएम खुलने के साथ ही पूरे देश में एक साथ मोदी की लहर उठी और शुरुआती रुझानों से ही साफ हो गया कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने का रास्ता बिल्कुल तय है। सभी अनुमानों, एक्जि़ट पॉल के दावों को धत्ता बताते हुए भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की। समाचार लिखे जाने तक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने 217 सीटों पर जीत हासिल कर ली थी जबकि 122 सीटों पर गठबंधन आगे था। इस हिसाब से कुल 339 सीटों पर गठबंधन की जीत मानी जा रही थी। इनमें से अकेली भाजपा की 270 से अधिक सीटें हैं जिससे भाजपा अकेली सरकार बनाने में सक्षम दिखाई देती है। 
दिग्गजों को दिखाया दम
सिरसा। इन चुनावों में खास बात यह रही कि बड़े-बड़े दिग्गज मोदी लहर के आगे घुटने टेकते नजर आए। दिल्ली में भाजपा ने सभी सात सीटों पर रिकॉर्ड जीत हासिल करते हुए विपक्ष का खात्मा कर दिया जबकि यूपी में भी गठबंधन को करीब 60 सीटें मिलीं। हरियाणा में 7 सीटें अकेले भाजपा के खाते में आईं। दिग्गजों की बात करें तो एक बारगी तो राहुल गांधी भी भाजपा की स्मृति ईरानी से रुझान में पीछे हो गए थे। इससे कांग्रेस को सांप सूंघ गया लगने लगा। यही नहीं, चंडीगढ़ से पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल को किरण खेर ने मात दी। चिदंबरम के पुत्र चौथे स्थान पर रहे। हरियाणा की बात करें तो प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर को इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह रोड़ी से मुंह की खानी पड़ी। शुरुआती रुझान में दोनों में टक्कर देखने को मिली लेकिन धीरे-धीरे तस्वीर साफ होती गई। इसके अलावा कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल, भिवानी-महेन्द्रगढ़ से श्रुति चौधरी सहित अनेक दिग्गजों के 'हाथÓ मतदाताओं ने काट दिए। 
सिरसा की इनेलो ही सिरमौर
सिरसा। इंडियन नेशनल लोकदल ने सिरसा और हिसार सीट अपने खाते में डाले। सिरसा में शुरुआती रुझानों में करीब 11 बजे से पहले अशोक तंवर बहुत कम अंतराल से आगे थे। इससे उनके चेहरे पर एक बारगी रौनक दिखाई दी और लगने लगा कि शायद वे अपनी प्रतिष्ठा बचाने में कामयाब भी हो जाएंगे लेकिन 11 बजे के बाद ज्यों ज्यों रुझान आने लगे, उसके बाद  अशोक तंवर की हार का क्रम सीढ़ी दर सीढ़ी बढ़ता गया। इसके बाद तंवर के चेहरे से खुशी काफूर हो गई और इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह रोड़ी की मुस्कान लौटने लगी। आखिरकार रोड़ी ने करीब 1 लाख 15 हजार 736 मतों से जीत दर्ज की। 
आप नहीं दोहरा पाई दिल्ली
सिरसा। दिल्ली विधानसभा चुनावों से चर्चा में आईआम आदमी पार्टी लोकसभा चुनावों में 'दिल्लीÓ नहीं दोहरा पाई। हालांकि 'आपÓ खाता खोलने में कामयाब हो गई। देश में चार सीटें 'आपÓ के खातें में आती दिख रही हैं जिनमें से तीन पंजाब से आने की उम्मीद है। इनमें से संगरूर की एक सीट भगवंत मान ने जीत ली है। बाकी पर अभी निर्णय बाकी है। 
दोनों जगह से जीते मोदी
सिरसा। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने वड़ोदरा व वाराणसी दोनों सीटों से भारी अंतर से जीत दर्ज की। वड़ोदरा को निर्णय तो करीब 1 बजे ही स्पष्ट कर दिया गया था। यहां से मोदी ने करीब 5 लाख मतों  से जीत दर्ज की है। वहीं वाराणसी में मोदी ने अरविन्द केजरीवाल को करीब 70 हजार मतों से हराया।
तंवर ने स्वीकारी हार, प्रदेशभर में भितरघातियों को दिया दोष
सिरसा। मतगणना के दौरान प्रदेश कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर लगातार मतगणना स्थल पर ही मौजूद रहकर नजर बनाए रहे। शुरुआती रुझान में नतीजों से खुश दिखे तंवर ने एक-दो बार मतगणना स्थल का दौरा किया। पत्रकारों के लिए बने विशेष कक्ष में मौजूद रहे अशोक तंवर ने लगातार मीडिया को निशाने पर रखा। शुरुआत में उन्होंने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि मीडिया उन्हें तीसरे पायदान पर दिखा रहा था, क्या परिणामों से ऐसा दिखता है? इसके बाद ज्यों ही रुझान उनकी हार दिखाने लगे तो उनका रंग फीका पडऩे लगा। इसी के साथ उनकी चहलकदमी कम हो गई और वे शांतचित्त होकर मीडिया कक्ष में बैठ गए। हार के बाद भी उन्होंने इसका ठीकरा मीडिया में बनाई गई उनकी छवि पर फोड़ा। प्रदेशभर में कांग्रेस की शर्मनाक हार को अशोक तंवर ने जल्द ही कबूल कर लिया और प्रदेशाध्यक्ष होने के नाते उन्होंने हार के लिए भितरघात, गुटबाजी को पूर्ण रूप से जिम्मेदार ठहराया।  उन्होंने कहा कि प्रदेश में अफसरशाही हावी होना भी उनकी हार का सबसे बड़ा कारण रहा। साथ ही उन्होंने आगामी रणनीति पर भी अभी से विचार करने का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में परिणाम बिल्कुल विपरीत होंगे। विधानसभा चुनावों पर इन चुनावों का बहुत कम असर देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि वे अपने स्तर पर भितरघातियों पर कार्रवाई कर चुके हैं और आगे भी करेंगे लेकिन प्रदेश के कुछ बड़े नेताओं का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की शिकायत शीर्ष नेतृत्व को की जाएगी ताकि अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सके।
हिसार में रही भागम-भाग
सिरसा। हरियाणा में हिसार सीट पर कई बार पेंच फंसता दिखा। ऐसे में अंत तक इस सीट पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की सांसें अटकी रहीं। शुरुआती रुझानों में दुष्यंत चौटाला कुलदीप बिश्नोई पर काफी समय हावी रहे। इसके बाद कुलदीप बिश्नोई ने करीब 23 हजार मतों की अधिकता प्राप्त की। ऐसे में एक बारगी लगने लगा कि कुलदीप जीत जाएंगे लेकिन एक बड़े फेरबदल के साथ फिर से दुष्यंत चौटाला ने बढ़त हासिल कर ली। ऐसा दो-तीन बार हुआ। मतों की बढ़त बहुत ही कम होने के चलते किसी भी आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। आखिर 78 प्रतिशत मतदान के बाद दुष्यंत चौटाला ने करीब 10 हजार मतों की बढ़त बनाई जो कायम रही। समाचार लिखे जाने तक दुष्यंत चौटाला की जीत सुनिश्चित मानी जा रही थी और वे करीब 20 हजार मतों से आगे चल रहे थे।

विवाहिता बच्चों सहित नहर में कूदी, दो शव बरामद

सिरसा। डबवाली के गांव भारुखेड़ा निवासी एक महिला ने पति की मारपीट व ससुरालजनों की प्रताडऩा से तंग आकर गत सायं अपने तीन बच्चों सहित राजस्थान कैनाल नहर में छलांग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखारों की सहायता से दो बच्चियों के शव रात को नहर बरामद किए। जबकि महिला तथा उसके पुत्र की तालाश जारी है। पुलिस ने महिला के पिता की शिकायत पर पति, देवर, सास तथा ननद के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आज दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार गांव चौटाला निवासी हंसराज ने अपनी पुत्री अनिता की शादी नौ वर्ष पूर्व गांव के ही राजमिस्त्री का काम करने वाले राजपाल के साथ की थी। शादी के बाद पति-पत्नी में अनबन रहने लगी। मामला महिला सैल से अदालत तक पहुंचा। अनिता ने अदालत में पति से गुजारा भत्ता दिलवाने की गुहार लगाई थी। करीब डेढ़ माह पूर्व पंचायती समझौते के बाद अनिता तथा राजपाल अपनी दो बेटियों नीशू (8), कविता (5) तथा पुत्र सुशील (3)के साथ गांव भारूखेड़ा के पंचायत घर में रहने लगे थे। गांव भारूखेड़ा में भी पति-पत्नी में आपस में नहीं बन पाई। बृहस्पतिवार को अनिता ने अपने पिता हंसराज को फोन पर अपने साथ हुई मारपीट की सूचना दी। शाम को गांव भारूखेड़ा में अनिता के पड़ौसी कृष्ण कुमार ने फोन करके हंसराज को उसकी पुत्री के बच्चों सहित घर से गायब होने की सूचना दी। सूचना पाकर हंसराज मौका पर पहुंचे। कृष्ण कुमार को साथ लेकर अपनी पुत्री तथा उसके बच्चों की तालाश शुरू कर दी। गांव जंडवाला बिश्नोईयां से अबूबशहर की ओर जाने वाले मार्ग पर राजस्थान कैनाल में हंसराज ने अपनी दोहती नीशू का शव बहता देखा। इसकी सूचना उसने पुलिस को दी गई। सूचना पाकर चौटाला चौकी प्रभारी मंगल सिंह मौका पर पहुंचे और शव को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकालवाया। इसी दौरान नहर में कविता का शव भी दिखाई दिया। गांव चौटाला निवासी श्रीचंद ने उसे बाहर निकाला। जबकि अनिता तथा उसके बेटे सुशील का शव बरामद नहीं हो सका। कविता कक्षा पहली तथा नीशू तीसरी कक्षा की छात्रा थी।
सूचना पाकर डीएसपी सत्यपाल यादव तथा सदर थाना प्रभारी सुरेशपाल मौका पर पहुंचे। उन्होंने अनिता के पिता हंसराज से बात की। हंसराज ने पुलिस को बताया कि उसका दामाद राजपाल अपनी मां, भाई तथा बहन के कहने पर उसकी बेटी को पीटता था। राजपाल नशा करने का आदी है। ससुराल वालों से तंग आकर उसकी बेटी ने अपने बच्चों समेत नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या की है। कविता तथा नीशू के शव को पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया है। अनिता तथा सुशील के शव की तलाश में गोताखोर जुटे हुए हैं। हंसराज के बयान पर अनिता के पति राजपाल, देवर सतपाल, सास गुड्डी देवी व ननद सुमन के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए।

दोस्तों ने घोंपा छुरा, मौत

सिरसा। थेहड़ मौहल्ल में गत देर सायं चार दोस्तों ने अपने ही दोस्त की छुरा घोंपकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी मौजीराम पुलिस बल के साथ सामान्य अस्पताल पहुंचेे। डीएसपी धर्मवीर मौके पर पहुंचे और हत्याकांड के बारे में जानकारी हासिल की। पुलिस के एक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार थेहड़ मौहल्ला निवासी मलकीत सिंह (22) गत देर सायं अपने ही मौहल्ले के दोस्त मुन्ना, सीता, साजन व किरली के साथ पीर बाबा की समाधि के पास बैठा था। अचानक उसका अपने दोस्तों के साथ झगड़ा हो गया। इसी दौरान उनके दोस्त विक्की ने झगड़े में बीच-बचाव किया और सभी को अपने-अपने घर जाने को कहा। कुछ देर बाद मुन्ना, सीता, साजन व किरली मीट की दुकान से मीट काटने वाला छुरा लेकर आए और पीर बाबा की समाधि के पीछे वाली गली में ऑटो पर बैठे मलकीत के पेट में घोंप दिया। हमलावरों ने छुर्रे से पीठ में लगातार कई वार किए और सीने पर भी छुरा घोंप दिया। घटना के समय आसपास काफी लोग मौजूद थे। हमलावारों के जाने के बाद उसके दोस्त विक्की ने हिम्मत करते हुए घायल मलकीत को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां पर कुछ देर बार ही उसकी मौत हो गई। मृतक मलकीत के मां-बाप की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। वह अपने पिता की जगह जन स्वास्थ्य विभाग में सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करता था। कुछ दिन पहले मलकीत झगड़ा व छेड़छाड़ के मामले में जेल चला गया और एक सप्ताह पूर्व ही वो जमानत पर रिहा होकर घर लौटा था। उसके दोस्तों का कहना है कि दोस्तों में झगड़ा लड़की को लेकर हुआ था जो बढ़कर हत्या में बदल  गया। थाना प्रभारी मौजीराम का कहना है कि पुलिस ने चारों हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एक हमलावर को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने शव का शुक्रवार को अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

रेलवे कालोनी से शव बरामद

सिरसा। पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम रेलवे कॉलोनी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य  अस्पताल लाया गया है।
जानकारी के अनुसार रेलवे कॉलोनी वासियों ने कवार्टर नंबर 50  के समीप बृहस्पतिवार देर शाम को एक व्यक्ति का शव देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी मौजीराम मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मचारियों ने शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस का कहना है कि शव की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक की आयु 50 वर्ष से अधिक है। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। 

No comments:

Post a Comment