BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Thursday 27 February 2014

मिट्टी में दबा युवक

खोद रहा था कुई, बचाने में जुटे प्रशासन और ग्रामीण

सिरसा। गांव गदराना में पुरानी कुई से ईंटे निकालते समय मिट्टी का तोंदा गिरने से एक युवक दब गया। समाचार लिखे जाने तक मजदूर को निकालने का प्रयास जारी था।
मिली जानकारी के अनुसार गांव गदराना निवासी गुरदेव अपने खेत में बनी पुरानी कुई से ईंटें निकलवाने का कार्य करवा रहा था। गुरदेव का 20 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुई के अंदर था। दोपहर करीब 3 बजे मिट्टी का तोंदा गिरा और अमरजीत उसके नीचे दब गया। मामले की सूचना मिलने पर तुरंत गांववासी एकत्रित हो गए। मामले की सूचना मिलने पर कानूनगो, तहसीलदार, पुलिस बल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी की सहायता से अमरजीत को कुई से निकालने में जुट गए। अमरजीत किस हाल में है, इसका अभी तक कोई पता नहीं लग पाया। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन का प्रयास जारी था।

हत्या प्रयास मामले में तीन को चार-चार वर्ष कारावास

सिरसा। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने हत्या के प्रयास के एक मामले का निपटारा करते हुए तीन लोगों को दोषी करार दिया है। प्रत्येक दोषी को चार वर्ष कारावास व पांच हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई है। 
मामले के अनुसार 5 अक्तूबर 2012 को एक व्यक्ति ने थाना में कालांवाली निवासी टेला सिंह व बल्ला पुत्र निरंजन सिंह, प्रेम पुत्र टेला सिंह तथा प्यारा पुत्र टहल सिंह के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने तथा हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने भादंसं की धारा 308 व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद उक्त सभी को मामले में आरोपी पाते हुए पुलिस ने चालान न्यायालय में पेश किया। सभी पर आरोप तय हुए और न्यायालय में चली सुनवाई के बाद आज अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप सिंह ने टेला, प्रेम व बल्ला को दोषी करार दिया। दोषियों को चार-चार वर्ष कारावास व पांच-पांच हजार रुपए जुर्माना अदा करने की सजा सुनाकर दंडित किया गया। आरोपी प्यारा सिंह को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया। 

अनशन ने उड़ाई प्रशासन की नींद

सिरसा। सांसद आवास पर अनशन से उठाए गए जरनैल सिंह बराड़ के बाद अब स्वर्ण सिंह बराड़ आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। सिखों के आमरण अनशन ने प्रशासन की नींद हराम कर रखी है। इसी के साथ पूरे प्रदेश के सिख भी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष के आवास पर जुटने लगे हैं। उल्लेखनीय है कि अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की मांग को लेकर जरनैल सिंह बराड़ विगत कई दिनों से आमरण अनशन पर बैठे थे। गत रात्रि उनकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में प्रशासन ने उन्हें सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। हालांकि बताया जा रहा है कि जरनैल सिंह किसी भी प्रकार का उपचार लेने को राजी नहीं हैं। 
बैठक के बाद स्वर्ण सिंह बैठे अनशन पर 
जरनैल सिंह के अस्पताल में भर्ती होने के बाद आज प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे सिख समुदाय के सदस्यों ने अनशन स्थल पर ही बैठक की। बैठक के बाद जरनैल सिंह बराड़ के स्थान पर रतिया निवासी स्वर्ण सिंह बराड़ आमरण अनशन पर बैठ गए। सिख समुदाय के लोगों का कहना है कि सरकार चाहे जितना जोर लगा ले लेकिन उनके इरादे बुलंद हैं। जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, अनशन जारी रहेगा। सरकार के इशारे पर प्रशासनिक अधिकारी उनके आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन चाहे जितने मर्जी जरनैल सिंह बराड़ अनशन से उठा दिए जाएं, उनका संघर्ष जारी रहेगा। 
जरनैल ने किया उपचार का विरोध
सामान्य अस्पताल के निजी वार्ड में भर्ती जरनैल सिंह के भी हौसले डिगे नहीं हैं। गत रात्रि चिकित्सकों द्वारा उन्हें बांधकर ग्लूकोज़ चढ़ाई गई लेकिन जरनैल ने इसका विरोध किया और बाद में स्वयं ही ड्रिप उतार दी। उन्होंने किसी भी प्रकार का उपचार लेने से मना कर दिया। उनका कहना है कि प्रशासन उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा सकता है लेकिन उनका अनशन नहीं टूटा है। वे किसी भी हालात में अपने उसूलों से समझौता नहीं करेंगे। जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, वे अस्पताल में ही अनशन करेंगे। 
चिकित्सकों ने जताई चिंता
अस्पताल में चिकित्सक उनके स्वास्थ्य की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार कई दिनों से कुछ न खाने-पीने के कारण जरनैल सिंह के शरीर में बहुत कमजोरी आ चुकी है। शुगर की कमी हो गई है और रक्तचाप भी असंतुलित है। आज चिकित्सा अधीक्षक डा. सुभाषिनी ने भी उनकी स्वास्थ्य जांच की। उन्होंने कहा कि जरनैल को तुरंत उचित उपचार की आवश्यकता है।

खाईवाली गली से कार चोरी

सिरसा। रानियां गेट स्थित खाई वाली गली से गत रात्रि चोरों ने कार पर हाथ साफ कर दिए। यह कार हजकां के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश फुटेला के पुत्र धीरज फुटेला की थी। इस संबंध में सब्जी मंडी चौकी में शिकायत दर्ज करवाई गई है। 
पुलिस को दी शिकायत में धीरज फुटेला ने बताया कि उन्होंने गत रात्रि अपनी कार नंबर एचआर-24 आर 0999 घर के बाहर खड़ी की थी। आज सुबह देखा तो कार नदारद थी। काफी खोजबीन की गई लेकिन कार का कोई अता-पता नहीं मिला। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महाशिवरात्रि की धूम
जगह-जगह लगे भंडारे

सिरसा। जिलाभर में महाशिवरात्रि पर्व आज धूमधाम से  मनाया गया। श्रद्धालुओं ने शिवालयों में जलाभिषेक किया। वहीं शहर में जगह जगह लंगर भंडारे का आयोजन किया गया। शिवभक्तों ने हरिद्वार से लाई गई कांवड से शिवभोले का जलाभिषेक किया। मुख्य आयोजन शिवपुरी स्थिति भूतेश्वरनाथ मंदिर में किया गया। मंदिर परिसर में सुबह हवन यज्ञ किया गया। बाद में भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं की कतारे लगी हुई थी। वहीं कांवडिय़ों ने हरिद्वार से लाए गंगाजल से शिव भोले का जलाभिषेक कर पूजा अर्चन की। श्रद्धालुओं ने दुध, दही, घी, शहद, चीनी, मिष्ठाण, फल आदि के साथ पूजा अर्चना की। साथ ही शिवपुरी रोड पर मेला लगा था। जहां पर बच्चों और महिलाओं ने खरीददारी की तो युवा वर्ग भांग की पकौड़ी और कचौड़ी खरीदने के लिए उमड़ा हुआ था। श्री सरसांई नाथ डेरा और सनातन धर्म मंदिर में इस मौके पर लंगर भंडारे का आयोजन किया गया। सिरसा के संस्थापक सरसांई नाथ बाबा की पूजा अर्चना की साथ ही जलाभिषेक किया। परसुराम चौक स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया और लंगर का प्रसाद ग्रहण किया।
रानियां रोड स्थित श्री बाबा तारा कुटिया परिसर में गोबिंद कांडा ने कुटिया परिसर में हवन यज्ञ कर भगवान भोलेनाथ व तारा बाबा से सर्वकल्याण की कामना की। सुबह-सवेरे से ही बाबा तारा कुटिया में स्थित शिवालय पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। काशी के विद्वान पंडितों ने विधिविधान पूर्वक पूजा-अर्चना की तथा महामत्युंज्य मंत्र का जाप किया। इसके पश्चात हजारों भक्तों ने कुटिया परिसर में आयोजित भंडारे का प्रशाद ग्रहण किया। इसके साथ ही गौशाला स्थित प्राचीन शिव मंदिर, भादरा पार्क स्थित सर्राफों वाला शिव मंदिर, खजांचियों वाला शिवालय, गली पारखांवाली स्थित शिव मंदिर, भादरा बाजार स्थित प्राचीन दूधेश्वर मंदिर, बी ब्लाक स्थित दुर्गा मंदिर, मुलतानी कालोनी स्थित शिव मंदिर, सब्जी मंडी स्थित शिव मंदिर में शिवालय पर जलाभिषेक किया गया। दिनभर मंदिरों में भगवान शिव के भजनों का गुणगान होता रहा। शहर में शिवभक्तों ने जगह जगह लंगर भंडारों का आयोजन किया गया। इसके अलावा ऐलनाबाद, डबवाली, रानियां, नाथुसरी चौपटा, कालांवाली, ओढ़ां, गौरीवाला आदि में महाशिवरात्रि का पर्व बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया।

No comments:

Post a Comment