BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Monday 24 February 2014

डेरा आई महिला की संदिग्ध मौत

सिरसा। डेरा सच्चा सौदा आई एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आज मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। मिली जानकारी के अनुसार फाजिल्का के गांव माहूआना बोदला निवासी माया बाई पत्नी गुरमीत सिंह गत दिवस डेरा सच्चा सौदा आई थी। यहां उसकी मौत हो गई। डेरा के लोग माया बाई के शव को पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल लेकर आए। मृतका के परिजनों को मामले की जानकारी दी गई। महिला की मौत कैसे हुई, इस उसके परिजन कुछ भी बोलने को राजी नहीं हैं। हालांकि डेरा के लोग इसे हृदयाघात से हुई मौत बता रहे हैं। पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर इसे इत्तेफाकिया मौत बता रही है। पुलिस ने इस मामले में मरग दर्ज कर है। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को पता लग पाएगा। 

भर्ती में शामिल होने आए युवक का हाथ कटा

सिरसा। सेना की भर्ती में शामिल होने आए जींद के एक युवक का हाथ गन्ने का रस निकालने वाली मशीन में आ गया। युवक को गंभीर हालत में सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक रैफर कर दिया गया। 
मिली जानकारी के अनुसार जींद के गांव शीसर निवासी सोहन उर्फ सोनू पुत्र रघुबीर सेना की भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए सिरसा आया था। आज सुबह उसने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया लेकिन उसका चयन नहीं हुआ। करीब साढे 10 बजे वह पुलिस लाइन के समक्ष गन्ने के जूस की रेहड़ी के पास खड़ा था। इस दौरान गन्ने के साथ अटक कर उसकी जैकेट जूस निकालने वाली मशीन में फंस गई। जैकेट को निकालने के प्रयास में उसका हाथ मशीन में आ गया और बुरी तरह पिस गया। यह मंजर देखकर आसपास हो-हल्ला मच गया। वहां से गुजर रहे शहर थाना प्रभारी दलीप सिंह ने उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई हेतु रैफर कर दिया। 
भर्ती के दौरान हुआ बेसुध
भर्ती प्रक्रिया के दौरान बेसुध हुए एक युवक को सामान्य अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया। जींद जिला के गांव मोना निवासी कुलदीप पुत्र रामपाल ने आज सुबह दौड़ में हिस्सा लिया। इस दौरान वह बेसुध होकर गिर पड़ा। वहां मौजूद एंबुलेंस ने उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया।

दुर्घटना में दो ने गंवाए प्राण

सिरसा। हाथी पार्क के पास आज सुबह सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हो गई। सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। 
मिली जानकारी के अनुसार अग्रसेन कॉलोनी निवासी भीमसैन पुत्र शिवदयाल आज सुबह घर से सैर के लिए निकला था। हाथी पार्क के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से भीमसैन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। शहर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया गया।
उधर डबवाली में गत रात्रि सड़क दुर्घटना में घायल हुए आरएमपी चिकित्सक की आज यहां सामान्य अस्पताल में मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार आरएमपी चिकित्सक पवन पुत्र ज्ञान सिंह गत रात्रि डबवाली बाजार से अपने घर जा रहा था। रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। उसे डबवाली के अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने सिरसा रैफर कर दिया। आज यहां उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया।

No comments:

Post a Comment