BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Wednesday 7 January 2015

सिखों ने किया प्रदर्शन

जेलों में बंद कैदियों की रिहाई व डेरा प्रमुख की फिल्म पर प्रतिबंध की मांग

सिरसा। जेलों में बंद सिखों की रिहाई की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे भाई गुरबख्श सिंह के समर्थन में आज सिरसा व कालांवाली में सिख समुदाय के लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपे। कालांवाली में प्रदर्शन का नेतृत्व सिख धर्म के प्रचारक व पंथक सेवा लहर के प्रमुख संत बाबा बलजीत सिंह दादूवाल ने किया जबकि सिरसा में गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार सभा के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह खालसा ने। सिखों की रिहाई की मांग के साथ ही दोनों सिख नेताओं ने देश-प्रदेश में भाईचारे व शांति कायम रखने के लिए डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह की फिल्म पर पाबंदी की मांग भी की। 
सिरसा में गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार सभा के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह खालसा के नेतृत्व में सैंकड़ों सिख गुरुद्वारा दशम पातशाही में एकत्रित हुए और बैठक की। बैठक के दौरान सुखविंद्र सिंह खालसा ने कहा कि जेलों में विगत कई वर्षों से सिख समुदाय से जुड़े लोग कैदी बनकर रह रहे हैं। उनके गुनाहों के अनुसार उनकी सजा पूरी हो चुकी है लेकिन उन्हें रिहाई नहीं दी जा रही। इसी को लेकर सिख समुदाय के एक प्रहरी बाबा गुरबख्श सिंह विगत 56 दिनों से अंबाला के गुरुद्वारा लखनौर साहिब में भूख हड़ताल पर हैं लेकिन सरकार को उनकी जान की परवाह नहीं है। इसी को लेकर अब सिख समुदाय को ही सजग होना होगा। इसके अलावा डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह की फिल्म पर पाबंदी की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह द्वारा समाज में शांति भंग करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डेरा प्रमुख पर हत्या, बलात्कार व अपने साधुओं को नपुंसक बनाने के गंभीर आरोप हैं। इसके बावजूद वह खुद को भगवान के अवतार के रूप में प्रस्तुत कर रहा है जो कि सभी धर्मों के लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। ऐसी समाज विरोधी फिल्म को सरकार द्वारा कतई इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। 
वहीं इसी मकसद के साथ कालांवाली में भी सिख धर्म के प्रचारक व पंथक सेवा लहर के प्रमुख संत बाबा बलजीत सिंह दादूवाल ने गुरूद्वारा श्री हजूर साहिब में अरदास की और संगतों के साथ बैठक की। बैठक के बाद गुरूद्वारा साहिब से हाथों में काली झंडी लेकर रोष मार्च निकाला और ज्ञापन सौंपा। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार दयाल सिंह को ज्ञापन सौंपा। 

विवाहिता ने लगाया जेठ पर दुष्कर्म का आरोप

सिरसा। इंदिरा विकास कॉलोनी निवासी एक विवाहिता ने अपने जेठ पर बलात्कार का आरोप लगाया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
मिली जानकारी के अनुसार इंदिरा विकास कॉलोनी निवासी सुनील की पत्नी ने कीर्तिनगर चौकी पुलिस में शिकायत दी थी। शिकायत में पीडि़ता का आरोप था कि उसका जेठ सुरेन्द्र एमसी कॉलोनी में रहता है। विगत 27 सितम्बर 2014 को वह एमसी कॉलोनी स्थित अपने जेठ के घर परिवार से मिलने के लिए गई थी। इस दौरान घर पर उसका जेठ सुरेंद्र अकेला था। मौका पाकर उसके जेठ ने उससे बलात्कार किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दे डाली। पीडि़ता का कहना है कि वह डर के कारण इस बारे में किसी को बता नहीं पाई। कुछ दिन पूर्व पीडि़ता ने पुलिस को इस संबंध में शिकायत दी। आज कीर्तिनगर चौकी पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर जेठ सुरेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीडि़ता का मेडिकल भी करवाया गया है।

अरनियांवाली से युवती का अपहरण

सिरसा। गांव अरनियांवाली से एक लड़की के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। लड़की के पिता की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार अरनियांवाली निवासी कमलेश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी पुत्री गत दिवस घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन पर सवार युवक उसका अपहरण करके ले गया। इस संबंध में जब परिवार को जानकारी मिली तो वाहन का पता लगाने की काफी कोशिश की गई लेकिन उसका कुछ अता-पता नहीं चला। लड़की के पिता ने आज सुबह सदर थाना में शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

No comments:

Post a Comment