BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Tuesday 13 January 2015

जल संरक्षण करने वाली पंचायतें होंगी सम्मानित

सिरसा। उपायुक्त निखिल गजराज ने कहा कि पीने के पानी संबंधी यदि कोई व्यक्ति जनस्वास्थ्य विभाग को शिकायत करना चाहता है तो उनके लिए विभाग ने 1800-180-5678 टोल फ्री नंबर स्थापित किए हैं। 
उपायुक्त अपने कार्यालय में जल संरक्षण एवं जल स्वच्छता बारे अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पीने के पानी से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत कोई भी व्यक्ति उपरोक्त टोल फ्री नंबर पर दर्ज करवा सकता है। उन्होंने जल बचाओ बारे में संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि विभाग यह सुनिश्चित करे कि गांवों में घरों में खुला जल नहीं बहना चाहिए तथा नल पर टूंटी आदि लगाने के लिए लोगों से कहें और पानी की कीमत के बारे में अवगत करवाएं। उन्होंने कहा कि गांव में बह रहे पानी के लिए घरों के आगे सोखते गड्ढे बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है इसका सदुपयोग करना चाहिए इसके लिए गांव में होने वाली ग्राम सभा की बैठकों में लोगों को जल बचाने बारे प्रेरित करें। 
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण करने वाली जिला की पंचायतों को विशेष अवसरों पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह में प्रमाण-पत्र देने के साथ-साथ जल संरक्षण के मानदंडों में खरी उतरने वाली सभी पंचायतों को 20 हजार से 50 हजार रुपए तक की राशि ईनाम के रूप में दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला की उन ग्राम पंचायतों को भी सम्मानित किया गया है जिन गांवों में 75 प्रतिशत घरों में नियमित पानी के कनेक्शन हैं। इस बैठक में कृषि विभाग, जनस्वास्थ्य विभाग, नेहरू युवा केंद्र के सदस्य, पंचायत विभाग, शिक्षा विभाग तथा समेकित बाल विकास विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित हुई सिरसा की बेटी
असम में हुए राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने किया सम्मानित

सिरसा। गांव दड़बी निवासी अनामिका को विगत 12 जनवरी विवेकानंद जयंती पर भारत सरकार की ओर से राष्ट्रीय पुरस्कार द्वारा सम्मानित किया गया। असम, गोवाहटी में राष्ट्रीय स्तर के एक कार्यक्रम में देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा यह सम्मान दिया गया। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष यह सम्मान कठिन चयन प्रक्रिया के बाद देशभर से 10 प्रतिभागियों तथा 5 संस्थाओं को उनकी विलक्षण प्रतिभा तथा राष्ट्र कल्याण के लिए अनुकरणीय कार्यों हेतु प्रदान किया जाता है। अनामिका को यह पुरस्कार उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों, युवा विकास तथा राष्ट्र कल्याण के लिए किए गए कार्यों के आधार पर प्रदान किया गया है। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अनामिका अपने माता-पिता तथा पति डा. विनोद कम्बोज को देती हैं जो विकट परिस्थितियों में भी उन्हें आगे बढऩे का साहस प्रदान करते रहे।
इससे पहले भी अनामिका अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर जापान सरकार से छात्रवृति प्राप्त कर चुकी है। यह छात्रवृति देशभर से चयनित केवल 4 प्रतिभागियों को दी गई। एम.एस.सी. फॉरेंसिक साइंस, क्रिमिनोलॉजी, पुलिस एडमिन की शिक्षा प्राप्त कर चुकी अनामिका फिलहाल फोरेंसिक लैब मोहाली में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है तथा अस्त्र-शस्त्र से जुड़े अपराधों को सुलझाने की नई तकनीक विकसित करने के शोध कार्यों में जुटी है। उनका कहना है कि वे नई तकनीक के माध्यम से न्याय प्रक्रिया को गति प्रदान करना चाहती हैं।

हादसे में मौत

सिरसा। रानियां क्षेत्र के गांव मौजदीन के निकट एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल भिजवाया। जानकारी के अनुसार गांव माधोसिंघाना निवासी संदीप पुत्र महावीर अपने दोस्त को गांव मौजदीन छोडऩे गया था। वापिस लौटते समय उसकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। जिससे संदीप की मौत हो गई। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

No comments:

Post a Comment