BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Friday 30 January 2015

नवजात लड़के का शव मिला

मिट्टी में दबा था शव
सामान्य अस्पताल के सामने ग्रीन बेल्ट से हुआ बरामद
पुलिस ने की जांच शुरू

सिरसा। सामान्य अस्पताल के सामने ग्रीन बेल्ट में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक बच्चे का शव गड्ढे में दबा हुआ मिला। खेलते हुए बच्चों को मिट्टी में दबे शव का कुछ हिस्सा दिखाई दिया। उन्होंने परिजनों को इसकी जानकारी दी। मौके पर पुलिस बुलाई गई। इस प्रकार शव को दबाए जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। मौके पर काफी लोग जमा हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बीडीपीओ सिरसा की मौजूदगी में बच्चे को शव को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सभी अस्पतालों में छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नवजात लड़का है और यह हत्या या स्वाभाविक मौत इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
दूसरी ओर पूरे मामले को लेकर कई तरह की चर्चा है। ऐसा भी माना जा रहा है कि किसी कुंवारी मां ने लोक-लाज के चलते नवजात शिशु को इस प्रकार मिट्टी में दफन कर दिया हो। फिलहाल जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
मौके पर मौजूद महिला भिन्द्र कौर, सुरेश कुमार व तजेन्द्र सिंह ने बताया कि आज सुबह बच्चे खेल रहे थे। खेलने के दौरान ग्रीन बेल्ट में बने एक गड्ढे में उन्हें बच्चे का सिर दिखाई दिया। पूरा शरीर जमीन में दबा हुआ था। केवल सिर ही दिखाई दे रहा था। बच्चे घबरा गए और उन्होंने परिजनों को सारी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। लोगों का कहना है कि शव यहां किस ने दफनाया इसका पता नहीं चला।
जांच अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस को इस बारे में सूचना मिली थी। जे-जे कालोनी चौकी और शहर थाना से टीम मौके पर पहुंची। बच्चे के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस अधिकारी का कहना है कि बच्चा नवजात है और लड़का है। सामान्य अस्पताल के साथ-साथ अन्य अस्पतालों में भी हाल ही में पैदा हुए बच्चों के बारे में छानबीन की जाएगी। उनका कहना है कि बच्चे की स्वाभाविक मौत हुई है या किसी ने इसे मार कर दफना दिया, यह तफ्तीश में ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए शव को सामान्य अस्पताल में भेजा गया है।

No comments:

Post a Comment