BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Wednesday 28 January 2015

सरकार में सिरसा!

वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश चोपड़ा बने मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार

सिरसा। जिला के वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश चोपड़ा को प्रदेश के मुख्यमंत्री का राजनीतिक सलाहकार बनाया गया है। चोपड़ा की नियुक्ति को सिरसा को सरकार में प्रतिनिधित्व देने के रूप में देखा जा रहा है। उनकी नियुक्ति से जिला के भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं ने खुशी जाहिर की है। वहीं चोपड़ा ने इसे जिला के लोगों का सम्मान बताते हुए ईमानदारी से पद का निर्वहन करने की बात कही है। 
जगदीश चोपड़ा विगत 35 वर्षों से आरएसएस से जुड़े हुए हैं। 1977 से 2000 तक उपभोक्ता फोरम जींद व 2001 से 2003 तक उपभोक्ता फोरम रोहतक के अध्यक्ष रहे। इसी बीच वर्ष 2000 में उन्होंने सिरसा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर चुनाव भी लड़ा लेकिन कांग्रेस के लछमण दास अरोड़ा से हार गए। इसके अलावा वे क्षेत्र की विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं से भी जुड़े रहे और हाल में नागरिक परिषद और शिक्षा बचाओ समिति के अध्यक्ष हैं। 
चोपड़ा का पार्टी के प्रति समर्पण का अंदाजा इसी से  लगाया जा सकता है कि प्रदेश में नामलेवा न होने के बावजूद वे निरंतर भाजपा से जुड़े रहे। जिला में अब तक भाजपा के चुनिंदा मजबूत नेताओं में उनकी गिनती होती है और इसी के बूते उन्होंने पार्टी की प्रदेश स्तरीय कमेटियों में जगह बनाई। अब वे भाजपा के प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष भी हैं। इसी समर्पण के चलते उन्हें प्रदेश की नवनियुक्त भाजपा सरकार के सारथी मनोहर लाल खट्टर को राजनीतिक सलाह देने के लिए नियुक्त किया गया है।

No comments:

Post a Comment