BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Saturday 26 July 2014

किशोर से कुकर्म

सिरसा। थाना नाथुसरी चोपटा क्षेत्र के गांव कागदाना में एक 14 वर्षीय किशोर के साथ कुकर्म किए जाने का मामला सामने आया है। मेडिकल जांच में कुकर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार आठवीं कक्षा में पढऩे वाला 14 वर्षीय किशोर गांव में ही स्थित मंदिर में शिवरात्रि के कार्यक्रम में गया हुआ था। रात्रि लगभग 10 बजे गांव का ही रामनिवास उसे अपने मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया। सुनसान जगह पर उसके साथ कुकर्म किया। किशोर ने इसकी जानकारी परिवार को दी। परिजनों ने घटना के बारे पुलिस को अवगत करवाया। पुलिस ने किशोर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसकी चिकित्सीय जांच करवाई। चिकित्सीय जांच में कुकर्म की पुष्टि होने पर आरोपी को पुलिस ने काबू कर लिया।

सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत

सिरसा। डबवाली सदर थाना क्षेत्र के गांव देसूजोधा के समीप एक बाइक सवार युवक की बाइक के अनियंत्रित होने से गिरकर मौत हो गई।
गांव हैबूआना के पंच गुरदेव सिंह ने बताया कि उसका चचेरा भाई गुरदीप सिंह (27) पुत्र सुरजीत सिंह बाइक पर सवार होकर गांव देसूजोधा से गांव हैबूआना आ रहा था। रास्ते में अचानक बाइक अनियंत्रित हो गया। जिससे वह गिरकर घायल हो गया। राहगीरों ने उसे सिविल अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरदीप बिजली ठेकेदार के पास कार्यरत था। पुलिस ने मृतक के पिता सुरजीत सिंह के बयान सीआरपीसी की धारा 174 के कार्रवाई करते हुए शव का अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

कर्मचारियों ने मांगों को लेकर रखी 24 घंटे की भूख हड़ताल

सिरसा। सर्वकर्मचारी संघ की ओर से कर्मचारियों ने आज जिला मुख्यालय पर 24 घंटे की भूख हड़ताल शुरू की। 
भूख हड़ताल की अध्यक्षता कर्मचारी नेता महेंद्र शर्मा, अविनाश कंबोज व अशोक कुमार ने संयुक्त रूप से की। कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कमेटी के नेता जेपी पाण्डेय व रिटायर्ड कर्मचारी संघ के राज्य सचिव राजेंद्र अहलावत ने कहा कि हरियाणा सरकार कर्मचारियों की मांगों के प्रर्ति  गंभीर नहीं है। सरकार द्वारा हर बार बातचीत के लिए यूनियन को बुलाया जाता है तथा बातचीत में मांगों को जायज ठहरा दिया जाता है लेकिन एक भी मांग को लागू करने बारे पत्र जारी नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के साथ विश्वासघात कर रही है। सरकार द्वारा हाल ही में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की नीति छलावा साबित हुई है। उन्होंने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि समय रहते मांगों को लागू किया जाए अन्यथा सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा जिसके सरकार को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।  प्रमुख मांगों बारे जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए, हरियाणा के कर्मचारियों को केंद्र के समान वेतनमान दिया जाए, सभी विभागों में ठेका प्रथा व निजीकरण पर रोक लगाई जाए, एक्सग्रेसिया नीति लागू की जाए, काम के अनुसार पदों का सृजन किया जाए तथा पक्की भती की जाए, श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन किया जाए। भूख हड़ताली कर्मचारियों को हरियाणा मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन के जिला प्रधान टेकचंद मेहता, हेमसा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम गोदारा, कृपा शंकर त्रिपाठी, करणी सिंह भाटी, प्रेम शर्मा, रामप्यारा, नंदन सिंह, बाबूलाल, नानक देव, टेकचंद मेहता, रामकुमार भरोखां, अजीत शास्त्री, बलवीर सिंह आदि ने भी संबोधित किया।

छत से गिरने से व्यक्ति की मौत 

सिरसा। गांव जोड़किया में शनिवार सुबह एक व्यक्ति की छत से गिरने से मौत हो गई। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
मृतक के पिता गांव जोड़कियां निवासी राम प्रताप ने बताया कि उसका पुत्र कुलदीप उर्फ धोलू (40) शुक्रवार रात को एक बजे के करीब घर आया और छत पर जाकर सो गया। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह जब देर तक नही उठा तो उपर जाकर देखा तो धोलू छत से नीचे गिरा पड़ा था और उसके सिर से खून बह रहा था। पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के पिता राम प्रताप के बयान पर सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

No comments:

Post a Comment