BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Friday 27 March 2015

जाट आरक्षण पर केन्द्र ले फैसला : हुड्डा

विस में इनेलो मुख्य विपक्षी दल की बजाए भाजपा की मुख्य सहयोगी वाली भूमिका निभा रही

सिरसा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उसे जनविरोधी सरकार बताया है। हुड्डा ने कहा कि राज्य सरकार के खिलाफ कांग्रेस मई महीने में जींद से आंदोलन का आगाज करेगी। उन्होंने कैग रिपोर्ट पर कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान सभी कार्य नियमानुसार ही करवाए गए थे। उन्होंने राज्य सरकार पर राजनैतिक द्वेष से काम करने का भी आरोप लगाया। सिरसा में कार्यकर्ताओं से रूबरू होने के बाद हुड्डा ने पत्रकारवार्ता को संबोधित किया।
    पूर्व मुख्यमंत्री ने जाट आरक्षण और राजधानी चंडीगढ़ जैसे मामलों पर भी भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जाट आरक्षण की गेंद केन्द्र सरकार के पाले में है। केन्द्र सरकार आरक्षण पर फैसला ले। उन्होंने भाजपा नेताओं की ओर से चंडीगढ़ को लेकर दिए जाने बयानों पर कहा कि चंडीगढ़ पर हरियाणा का ही हक है। साथ ही एसवाईएल के पानी पर भी प्रदेश के लोगों का ही अधिकार है। उन्होंने मुख्य विपक्षी पार्टी इनेलो पर भी निशाना साधा। हुड्डा ने कहा कि इनेलो विधानसभा में मुख्य विपक्षी पार्टी की बजाए भाजपा के मुख्य सहयोगी की भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को 5000 पैंशन देने की बात पर उन्होंने कहा कि यह भी दूसरे वायदों की तरह झुनझुना ही बनकर न रह जाए क्योंकि इसपर सरकार ने नीति स्पष्ट नहीं की है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को पैंशन देने का प्रचार तो भाजपा सरकार खूब कर रही है। सरकार यह तो बताए कि पैंशन देने के लिए क्या नीति निर्धारित की गई है? कौन से किसान इसमें शामिल होंगे? कांग्रेस की गुटबाजी भी हुड्डा के बयान में नजर आई। सिरसा में कांग्रेस की मजबूत टीम में शामिल जिन नेताओं के नाम हुड्डा ने गिनवाए उनमें प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर का जिक्र नहीं था। इस पर पूछे गए सवाल पर हुड्डा टाल गए और कांग्रेस में किसी भी तरह की गुटबाजी से साफ इंकार किया। उन्होंने भाजपा सरकार को सभी मोर्चों पर विफल करार देते हुए कहा कि झूठ बोलकर सत्ता हथियाने वालों की पोल जनता के सामने खुल गई है। पैंशन, बेरोजगारी भत्ते व कर्मचारियों को वेतनमान तथा अतिथि अध्यापकों को लेकर भाजपा से सत्ता में आने से पहले जो वायदे किए थे उन्हें पूरा करे।

No comments:

Post a Comment