BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Saturday 9 August 2014

खुली गठबंधन की गांठ

हजकां-भाजपा अध्यक्षों का दावा
प्रदेश की सभी 90 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

सिरसा। हजकां-भाजपा गठबंधन की गांठ आखिरकार खुल ही गई। दोनों दलों के अध्यक्षों के बयानों पर गौर फरमाएं तो ऐसा ही लगता है। हालांकि अभी तक किसी भी पार्टी ने आधिकारिक घोषणा नहीं की है और कोई भी पार्टी इस मामले में पहल करती दिखाई नहीं दे रही।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने साफ कर दिया था कि भाजपा प्रदेश की 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके बाद आज हजकां अध्यक्ष कुलदीप बिश्रोई ने भी तल्ख टिप्पणी करते हुए एक रैली में हजकां के 90 सीटों पर चुनाव लडऩे का ऐलान कर दिया। दोनों दलों का कोई भी नेता अभी तक आधिकारिक तौर पर गठबंधन के टूटने की बात कहने से बच रहा है। भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेता हालांकि पहले ही गठबंधन से इंकार करते रहे हैं, लेकिन हजकां के नेता किसी प्रकार की आधिकारिक घोषणा तक गठबंधन धर्म निभाते रहने की बात कह रहे हैं।
ज्ञातव्य हो कि लोकसभा चुनाव में हजकां की असफलता को देखते हुए भाजपा ने गठबंधन की शर्तों में फेरबदल के प्रयास शुरू कर दिए थे। भाजपा किसी भी हाल में कुलदीप बिश्रोई को मुख्यमंत्री पद और आधी सीटें देने को राजी नहीं थी, जबकि कुलदीप गठबंधन की पहले की शर्तों पर अडिग थे। लोकसभा चुनाव के बाद दोनों दलों के नेताओं के बीच तल्खी बढ़ती गई और भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं को भी प्रदेश के प्रतिनिधियों की बातें जचने लगीं। ऐसे में शुरू से ही गठबंधन की गांठ खुलने के आसार बनने लगे थे, लेकिन दोनों दलों में से कोई भी पहल नहीं करना चाहता था। कल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने गठबंधन के ताबूत में कील ठोंकते हुए दावा कर दिया कि भाजपा हरियाणा में सभी 90 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। ताबूत में दूसरा कील आज हजकां सुप्रीमों कुलदीप बिश्रोई ने ठोंका। उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यदि भाजपा गठबंधन की शर्तों पर राजी नहीं है तो वे भी प्रदेश की सभी 90 सीटों पर अकेले चुनाव लड़कर दिखाएंगे। उन्होंने भाजपा पर हालांकि ज्यादा कड़े आक्षेप नहीं लगाए लेकिन कार्यकर्ताओं को साफ कर दिया कि वे प्रदेशभर में अपने दम पर चुनाव की तैयारी शुरू कर दें। दोनों दलों की गांठ टूटने के बाद अब प्रदेश की राजनीति में नया मोड़ आने की संभावना है। हाल ही में आए एक एजेंसी के सर्वे की मानें तो भाजपा अकेले प्रदेश में 43 सीटों पर जीत सकती है, जबकि हजकां को हर हाल में तीन सीटों पर ही संतोष करना पड़ेगा। सरकार भाजपा की ही बनेगी लेकिन चुनाव बाद गठबंधन किसके साथ होगा यह वक्त बताएगा।

अभाविप ने फूंका पुतला

सिरसा। आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शिक्षा के मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने छात्र नेताओं पर 4 अगस्त को प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई पर निंदा व्यक्त की और कहा कि अभाविप ने तो केवल सीडीएलयू का घेराव करने का निर्णय लिया था परन्तु प्रशासन ने उन पर बेबुनियाद आरोप लगाकर आधी रात को कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया तथा उन पर मुकदमा दर्ज कर दिया। जो कि छात्रों के अधिकारों का सरासर हनन है तथा लोकतंत्र की हत्या के समान है। विद्यार्थी परिषद का कहना है कि क्या छात्रों को इतना भी अधिकार नहीं कि वो अपनी मांग जैसे नेशनल कॉलेज महिला विंग भवन का पुनर्निर्माण, फीस वृद्धि वापिस हो, ग्रामीण इलाके के विद्यार्थियों के लिए सरकारी बसों की व्यवस्था हो आदि को मुख्यमंत्री या विश्वविद्यालय के कुलपति के सामने रख सकें? पुतला दहन करने के बाद छात्र नेताओं ने कहा कि अगर उनकी मांगों को हल नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज होगा तथा अभाविप कार्यकर्ता झूठे मुकदमों से नहीं डरती। वह सदैव अपनी उचित मांगों पर अडिग रहेगी। इस मौके पर नगर मंत्री सुमित मेहता, जिला संयोजक अंकुर शर्मा, राहुल बांसल, हिमांशु शर्मा, विपिन, देवकरण, शुभम, रजत मंत्री उपस्थित थे।

गीतिका कांड को भुनाने में जुटी कांगे्रस

सिरसा। एयरहोस्टेस गीतिका सुसाईड मामले में गीतिका शर्मा के परिजनों को न्याय दिलवाने की मांग को लेकर गत देर सायं संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं तथा अन्य संगठनों ने अवंतिका माकन तंवर के आह्वान पर कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च शहर के टाऊन पार्क से शुरू हुआ, जोकि विभिन्न बाजारों से होते हुए वापस टाऊन पार्क में समाप्त हुआ। इस कैंडल की अगुवाई वरिष्ठ नेत्री सुनीता सेतिया, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता होशियारी लाल शर्मा, भूपेश मेहता, आनंद बियानी, उॢमल भारद्वाज सहित अन्य लोग कर रहे थे। कैंडल मार्च में भारी संख्या में महिलाओं ने भी भागीदारी सुनिश्चित की। टाऊन पार्क में उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए सुनीता सेतिया ने कहा कि गीतिका शर्मा के परिवार को न्याय दिलवाने की मांग को लेकर वे निरंतर यह अभियान जारी रखेंगी। उन्होंने अदालत से आग्रह किया कि गीतिका कांड के आरोपियों को तुरंत सजा मिलनी चाहिए।

No comments:

Post a Comment