BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Friday 22 August 2014

...आखिर अटकलों पर लगा विराम

प्रदेशाध्यक्ष से नाराज सुनीता सेतिया ने छोड़ी कांग्रेस, थामा कमल

सिरसा। कांग्रेस की टिकट के लिए सिरसा से सबसे सशक्त दावेदार मानी जा रही सुनीता सेतिया ने आज हाथ छोड़कर कमल थाम लिया। सेतिया विगत लंबे समय से कांग्रेस में उपेक्षित महसूस कर रही थीं। इस कारण वे पिछले कुछ अर्से से कांग्रेस के कार्यक्रमों में भी भाग नहीं ले रही थीं। उनकी तनातनी कांग्रेस के मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के साथ थी। तंवर के 2009 में सांसद बनने के साथ ही कई कांग्रेसी नेताओं को वे अखरने लगे थे। इन नेताओं में तत्कालीन विधायक व सिरसा का पांच बार प्रतिनिधित्व कर चुके लक्ष्मण दास अरोड़ा व सेतिया परिवार भी शामिल थे। कारण चाहे जो भी रहे हों लेकिन लक्ष्मण दास अरोड़ा की हार तथा उनके स्वर्गवास के बाद उनकी राजनीतिक वारिस सुनीता सेतिया ने इस दुश्मनी को भी निभाया। काफी समय तक वे कांग्रेस से नाराज रहीं। उनके कांग्रेस छोडऩे की अटकलें कई बार लगीं लेकिन मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के कारण हर बार मामला सुलझ जाता। लेकिन इस बार शायद होनी को यह मंजूर नहीं था।
गत दिवस सुनीता सेतिया ने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के कार्यक्रम में शिरकत की। संभावना जताई जा रही है कि इस दौरान उन्होंने तंवर से उम्मीदवारी से संबंधित मुद्दे पर चर्चा करनी चाही लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कहा यह भी जा रहा है कि कांग्रेस के इस कार्यक्रम में उनकी जरा भी पूछ नहीं हुई और उन्हें कार्यकर्ताओं के साथ पीछे खड़ा होना पड़ा। भाजपा शायद इसी मौके की तलाश में थी। संपर्क तो पहले से ही था लेकिन कल की उपेक्षा ने उन्हें कांग्रेस का हाथ छोडऩे पर मजबूर कर दिया।
आज सुबह सुनीता सेतिया ने गुडग़ांव में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रामविलास शर्मा की मौजूदगी में भाजपा का कमल थाम लिया। आज शाम करीब चार बजे सुनीता सेतिया सिरसा पहुंचेंगी। समर्थकों द्वारा दिल्ली पुल पर उनका स्वागत किया जाएगा।

कर्मचारियों ने किया घेराव

सिरसा। पंजाब के समान वेतनमान की मांग को लेकर हरियाणा मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन (सम्बन्ध सर्वकर्मचारी संघ हरियाणा) के बैनर तले प्रदेश भर से हजारों लिपिक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लघु सचिवालय में एकत्रित हुए। इस अवसर पर एसोसिएशन के कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का नेतृत्व एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष महेन्द्र प्रताप ने किया जबकि मंच संचालन प्रदेश महासचिव सतीश सेठी ने किया। इससे पूर्व एसोसिएशन के कर्मचारियों ने दोपहर 1 बजे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर के निवास स्थान की तरफ कूच किया। कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष महेन्द्र प्रताप गुलिया ने कहा कि हरियाणा सरकार लिपिक वर्गीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के साथ दिन-रात गुलामों की तरह काम लेकर उनका वेतनमान के मामले में जमकर शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन पिछले तीन वर्षों से पंजाब के समान वेतनमान की मांग को लेकर आंदोलनरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते वेतनमानों में संशोधन नहीं किया गया तो आने वाले समय में चुनाव के दौरान सरकार को मुंह की खानी पड़ेगी।

हलोपा की सरकार आने पर शुरु होगी बेटी घर का चिराग योजना : गोबिंद कांडा

सिरसा। हरियाणा लोकहित पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोबिंद कांडा ने डिंग मंडी, ढ़ाणी माजरा, मोचीवाली, कुक्कड़थाना, जोधकां सहित सिरसा विधानसभा के अनेक गांवों को दौरा किया व ग्रामीणों से रु-ब-रु हुए और जींद रैली में बढ़-चढ़कर शिरक्त करने के लिए ग्रामीणों को आभार व्यक्त किया। गोबिंद ने कहा कि भाई गोपाल कांडा ने सिरसा विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्होंने पिछले 5 साल में 40 वर्षों से अधिक  के काम करवाए। उन्होंने कहा कि सिरसा विधानसभा क्षेत्र के गांवों को जोडऩे वाली मुख्य 29 सड़कों में से 21 का निर्माण करवाया, जबकि 5 सड़कों के टेंडर हो चुके हैं और उनका निर्माण पूर्ण हो जाएगा।

No comments:

Post a Comment