BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Wednesday 20 August 2014

हाथ झटक इनेलो के हुए भड़ाना

वाड्रा मामले पर सोनिया गांधी को ब्लैकमेल कर कुर्सी बचाए हुए हैं हुड्डा।
चौधरी देवीलाल के रास्ते पर वापिस लौटा हूं।
कांग्रेस पर कटाक्ष, इनेलो का गुणगान।
सिरसा। फरीदाबाद से कांग्रेस के पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने आज कांग्रेस छोड़कर इनेलो पार्टी का दामन थाम लिया। नई दिल्ली में उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा विधायक अभय सिंह चौटाला तथा प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा के समक्ष इनेलो में शामिल होने की घोषणा की। इस दौरान पत्रकारों से रू-ब-रू भड़ाना ने कांग्रेस के प्रदेश तथा राष्ट्रीय नेताओं को सीधे निशाने पर लिया। मुख्य रूप से मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पर तीखे हमले करते हुए उन्होंने उनके मुख्यमंत्री पद पर बने रहने को एक 'डीलÓ करार दिया। 
दिल्ली में पत्रकारों के समक्ष अपनी बात रखते हुए अवतार सिंह भड़ाना ने कहा कि वे चौ. देवीलाल का अनुसरण करते हुए राजनीति में उतरे थे। आज फिर वे उनके रास्ते पर वापिस लौट आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सिर्फ मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की तानाशाही चलती है। मुख्यमंत्री की तानाशाही के कारण प्रदेश कांग्रेस को नुकसान भुगतना पड़ रहा है और ऐसा ही चलता रहा तो कांग्रेस का प्रदेश से खातमा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रदेश के नेताओं के साथ उन्होंने भी राष्ट्रीय नेताओं के समक्ष मुख्यमंत्री हुड्डा की शिकायत की थी लेकिन हुड्डा का मुख्यमंत्री बना रहना एक 'डील' का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी को उनके दामाद रॉबर्ट वाड्रा के मुद्दे पर ब्लैकमेल कर अपनी कुर्सी बचाई है। यही ब्लैकमेलिंग का खेल कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर पर नुकसान पहुंचा रहा है और आने वाले समय में कांग्रेस का प्रदेश से बिल्कुल खातमा हो जाएगा। इस दौरान उन्होंने जमकर अपनी भड़ास निकाली और इनेलो के गुणगान किए। उन्होंने कहा कि वे चौधरी देवीलाल को अपना आदर्श मानते हैं और उनका अनुसरण करते हुए ही राजनीति में आए थे। बीच में वे रास्ता भटक गए थे लेकिन आज फिर वे उनके रास्ते पर वापिस लौट आए हैं और उन्हें स्वयं पर मान है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में इनेलो पूर्ण बहुमत से जीतेगी और कांग्रेस को बुरी तरह मुंह की खानी पड़ेगी। 

इनेलो को हाईकोर्ट से राहत

सिरसा। इनेलो के लिए आज दो बड़ी खुशखबरियां आईं। एक ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अवतार सिंह भड़ाना जहां हाथ झटक कर इनेलो के साथ हो लिए तो वहीं पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय से भी इनेलो को राहत की खबर मिली। जमीनों के सीएलयू मामले में कांग्रेस के चार विधायकों द्वारा मामले को रद्द करने के लिए लगाई गई याचिका को अदालत ने खारिज कर दिया। उल्लेखनीय है कि इनेलो ने राव इंद्रजीत सहित कांग्रेस के चार विधायकों व एक मुख्य संसदीय सचिव की सीडी  पेश कर कार्रवाई की मांग की थी। यह मामला लोकायुक्त की अदालत में चल रहा है। विधायकों ने इस मामले को अनुचित बताते हुए रद्द करने की मांग की थी।

दवा विक्रेता से लूट का प्रयास
लुटेरों ने किया फायर

सिरसा। खैरपुर पुलिस चौकी से महज 100 गज की दूरी पर एक दवा विक्रेता से पिस्तौल की नौक पर लूट के प्रयास का मामला सामने आया है। लूटपाट के प्रयास की इस घटना में लुटेरों द्वारा की गई फायरिंग में दवा विक्रेता बाल बाल बच गए। दवा विक्रेता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घटना रात करीब साढ़े दस बजे की है जब दो अज्ञात लुटेरे गर्ग मेडिकल स्टोर पर आए और लिवर 52 दवा की मांग की। स्टोर संचालक विशांत जब दवा देने लगा तो उनमें से एक लुटेरे ने पिस्तौल निकाल ली और कहा कि जो कुछ तेरे पास है उसे उनके हवाले कर दे। इस दौरान उन दोनों में से एक लुटेरे ने उसके गले में पहनी चैन पर झपटी मारी लेकिन चैन छीनने में कामयाब नही हुआ। स्टोर संचालक ने शोर मचाया तो एक लुटेरे ने फायर कर दिया। और गोली काउंटर पर लगी   इस घटना में दुकान संचालक बाल-बाल बच गया। घटना के बाद लुटेरे फरार हो गए।
शहर थाना प्रभारी सुरेश पाल के अनुसार घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि दवा विक्रेता की शिकायत पर लूटपाट के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।

कांडा के वकील ने मारा गीतिका के भाई को थप्पड़

नई दिल्ली। दिल्ली की रोहिणी जिला अदालत में गोपाल कांडा के वकील ने बुधवार को कथित तौर पर गीतिका शर्मा के भाई को थप्पड़ मार दिया। प्रशांत विहार थाना पुलिस ने बताया कि गीतिका कांड में आज अदालत में सुनवाई थी। अदालत में आज जज उपस्थित नहीं थे। सुनवाई की अगली तारीख को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। इस दौरान कांडा के एक वकील ने गीतिका के भाई अंकित को कथित तौर पर थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना के बाद अंकित अपनी शिकायत लिखवाने प्रशांत विहार थाने पहुंचा। थप्पड़ मारने वाला वकील कौन था उसका नाम अंकित को मालूम नहीं है।

No comments:

Post a Comment