BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Thursday 28 August 2014

कपड़ा व्यापारी ने लघु सचिवालय में निगला जहर

हालत गंभीर, अस्पताल में दाखिल

सिरसा। लघुसचिवालय में आज एक कपड़ा व्यापारी ने जहर का सेवन कर लिया। व्यापारी को गंभीर हालत में सामान्य अस्पताल लाया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। 
बताया गया है कि भादरा बाजार निवासी संजय पुत्र बालकृष्ण मोहता मार्केट में कपड़े की दुकान चलाता है। आज वह किसी कार्य से लघु सचिवालय गया। यहां उसने अज्ञात कारणों के चलते जहर निगल लिया। थोड़ी ही देर में वह बेसुध होकर गिर पड़ा और उसके मुंह से झाग निकलने लगा। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस में संजय को सामान्य अस्पताल ले जाया गया। समाचार लिखे जाने तक उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी। 

हलोपा का पहला और इनेलो का यह आखिरी चुनाव : गोपाल कांडा

नीयत में खोट का नतीजा गठबंधन में टूट
हलोपा अगले सप्ताह करेगी घोषणा पत्र जारी

सिरसा। हलोपा सुप्रीमो गोपाल कांडा ने कहा कि उनकी पार्टी अगले सप्ताह अपना घोषणा पत्र जारी कर देगी। इसी के साथ ही पार्टी के शेष उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी जाएगी। गोपाल कांडा आज यहां पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। गठबंधन में टूट पर बोलते हुए उन्होंने इसे नीयत में खोट का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि गठबंधन करते वक्त दोनों दलों की नीयत सही नहीं थी और यह बात प्रदेश की जनता भली भांति जान चुकी है। इनेलो पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यह हलोपा का पहला और इनेलो का आखिरी चुनाव साबित होगा।
इससे पहले वार्ड 16 स्थित चोपड़ा वाली गली में जनसभा को संबोधित करते हुए कांडा ने कहा कि उनकी सरकार आने पर प्रदेश में प्लॉटों की रजिस्ट्रियों पर लगाया गया प्रतिबंध हटाया जाएगा और पूरे प्रदेश में लोगों को जमीन खरीदने व बेचने का पूर्ण अधिकार दिया जाएगा। इस मौके पर वार्डवासियों ने कांडा को लड्डुओं से तौला।
गोपाल कांडा ने कहा कि शहर के विकास के लिए उन्होंने नगर परिषद को पिछले पांच वर्षों में रिकार्ड 60 करोड़ रुपये की विकास राशि उपलब्ध करवाई। लेकिन नगर परिषद पर काबिज इनेलो ने इस विकास राशि का उपयोग ही नहीं किया। नगर परिषद के बैंक खातों में 23 करोड़ से अधिक की राशि पड़ी है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के गठन से लेकर 2009 तक जितनी धनराशि सिरसा को मिली, उससे अधिक विकास राशि पिछले पांच वर्षों में सिरसा को मिली। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के अधिकारियों व पदाधिकारियों की कमीशनखोरी और घपलेबाजी की वजह से अनेक गलियों और सड़कों का निर्माण नहीं हो पाया।
गोपाल कांडा ने कहा कि नगर परिषद सिरसा के पदाधिकारियों की विकास विरोधी सोच का प्रमाण है कि नगर परिषद में आठ महीनें तक 65 लाख से अधिक के स्ट्रीट लाईट के पोल पड़े रहे और इन लोगों ने शहर की गलियों को रोशन करने के लिए कोई कार्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि ऑटो मार्केट में 90 से अधिक दुकानें बनकर तैयार हो चुकी हैं, परंतु विकास विरोधी सोच रखने वाले लोगों ने इन दुकानों को मिस्त्रियों और ऑटो व्यवसायियों को अलॉट नहीं किया। हलोपा सुप्रीमो गोपाल कांडा ने कहा कि आज मुख्यमंत्री प्रदेश को नम्बर-वन का नारा देकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। 

पानी के लिए बहा दिया अपने का खून

सिरसा। सिरसा के  गांव नागोकी की ढाणी पुनियांवाली में खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर अपने ही चाचा की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।  पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल में भेज दिया है।  पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। मृतक के पुत्र बजरंग ने बताया कि वारदात के समय ढाणी में उसका पिता निहाल सिंह अकेला ही था और बाकी सभी पास ही खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान साथ लगती ढाणी से निहाल सिंह का भतीजा अनिल व उसके चार पांच अन्य साथी ढाणी में आए और निहाल सिंह को जबरन उठाकर अपनी ढाणी में ले गए। यहां पर उन्होंने निहाल सिंह को लाठियों से पीटना शुरू कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
वहीं इस मामले में सिरसा के डीएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

भाजपा से नाता तोड़ हरियाणा जनचेतना पार्टी से जुड़ी हजकां

भारतीय जनता पार्टी और हरियाणा जनहित कांग्रेस का गठबंधन आखिरकार टूट गया है। हरियाणा जनहित कांग्रेस सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई ने आज चंडीगढ़ के प्रेस क्लब में पत्रकारों के समक्ष गठबंधन तोडऩे की घोषणा की। उन्होंने भाजपा पर झूठ बोलने और मर्यादा तोडऩे का आरोप लगाया है। कुलदीप ने बताया कि नए समीकरण के तहत अब पूर्व कांग्रेस मंत्री विनोद शर्मा के दल हरियाणा जनचेतना पार्टी के साथ हजकां गठबंधन करने जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इसी तरह से पूर्व गृह मंत्री गोपाल कांडा से भी बातचीत चल रही है। कुलदीप की इस घोषणा के बाद प्रदेश में नए समीकरण बनने की आशंका है। कुलदीप बिश्नोई की कोशिश है कि गैर जाट की राजनीति करने वाले सभी नेताओं को एक मंच पर लाया जाए। इसी क्रम में उन्होंने विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले भाजपा से किनारा कर लिया।
चंडीगढ़। भाजपा को धोखेबाज पार्टी करार देते हुए कुलदीप बिश्नोई  ने आज नाता तोडऩे का ऐलान कर दिया। उन्होंने बताया कि भाजपा ने हमेशा मुझे नीचा दिखाने की कोशिश की है। करनाल में मेरे उम्मीदवार को बीजेपी ने बदलवाया। वादा करके मोदी मेरी रैली में नहीं आए। रेवाड़ी रैली में मोदी ने मेरा नाम तक नहीं लिया। विनोद शर्मा को भाजपा में शामिल होने के लिए सुषमा स्वराज ने रोका।
कुलदीप ने आगे बताया कि लोकसभा सीटों पर भाजपा ने हमें 2 सीटें दी, जबकि खुद 8 सीटों पर लड़े। उन दोनों सीटों पर भाजपा ने ही हमें हराया। भाजपा हमें शुरू से ही धोखा देती आ रही है। लोकसभा चुनाव से ही भाजपा की मंशा खराब थी और हमारी शुरू से ही नीयत साफ थी। चाहे मोदी की रैली थी, सुषमा की रैली थी, राजनाथ की रैली थी, हमने शुरू से ही पार्टी के दिग्गज नेताओं को उनकी रैली में भेजा, लेकिन भाजपा ने पल-पल हमारे साथ धोखा किया। 80 फीसदी गांवों में हमारा जनाधार है। हम जनता के प्रति जवाबदेह हैं। भाजपा ने केवल मुझे नहीं, देवी लाल, ओम प्रकाश चौटाला को भी धोखा दिया। हम इस धोखेबाज पार्टी का साथ नहीं देंगे।

हजकां नेताओं ने फूंका भाजपा का पुतला

सिरसा। भाजपा पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए आज हजकां कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर भाजपा का पुतला फूंका। हजकां नेता कुलदीप भांभू के नेतृत्व में हजकां के अनेक नेता आज सुभाष चौक में एकत्रित हुए। यहां भाजपा का पुतला फूंका गया। हजकां नेताओं का कहना है कि भाजपा ने हजकां के साथ धोखाधड़ी की है। भाजपा ने हमेशा ही धोखे की राजनीति की है और इसी धोखे का शिकार हजकां सुप्रीमो कुलदीप बिश्रोई भी हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हजकां सुप्रीमो कुलदीप बिश्रोई को भाजपा ने गठबंधन तोडऩे को विवश किया, जिसका खामियाजा भाजपा को विधानसभा चुनावों में भुगतना पड़ेगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा के साथ गठबंधन टूटने के बाद हजकां और मजबूत होकर उभरेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा जनचेतना पार्टी के अध्यक्ष विनोद शर्मा के साथ आने से उन्हें लाभ मिलेगा। हजकां कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा किसी भी हाल में प्रदेश में सरकार बनाने में सक्षम नहीं है। हजकां का साथ छूटने के बाद तो भाजपा का सरकार बनाने का सपना चकनाचूर होकर रहेगा। 

No comments:

Post a Comment