BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Monday 9 December 2013

हादसे में तीन की मौत

दहेज का सामान लादकर लौट रहे थे बाराती

सिरसा। राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर बाजेकां पुलिस नाके के निकट गत रात्रि भीषण हादसा हुआ। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर घायल हो गए। उक्त लोग दहेज का सामान कैंटर में लादकर आदमपुर के खैरमपुर गांव से सुखचैन जा रहे थे। 
मिली जानकारी के अनुसार  सुखचैन निवासी एक युवक का विवाह आदमपुर के अंतर्गत गांव खैरमपुर में हुआ था। गत रात्रि दूल्हे के रिश्तेदार ओमप्रकाश (60) पुत्र समराराम, सुनील (30) पुत्र कुलवंत निवासी सुखचैन, डूंगरराम (45) पुत्र हरलाल निवासी रूडय़ांवाली तथा भट्टूराम, भूप राम निवासी सुखचैन, अमरनाथ व बंताराम निवासी करड़ांवाली, राजस्थान और कैंटर मालिक कृष्ण व पवन निवासी डोभीकलां दहेज का सामान लादकर वापिस लौट रहे थे। रात्रि करीब साढे 11 बजे कैंटर बाजेकां स्थित पुलिस नाके के निकट पहुंचा। चालक कृष्ण को नींद की झपकी आ गई। अनियंत्रित कैंटर सड़क किनारे शीशम के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक कृष्ण के साथ बैठे सुनील, डूंगरराम व ओमप्रकाश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य सवार घायल हो गए। बताया जा रहा है कि चालक खिड़की से बाहर जा गिरा और बाकी लोग कैंटर में लदे सामान के साथ सवार थे। टक्कर के बाद सभी लोग सामान के साथ कई फीट दूर जा गिरे। कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदा सामान भी पूरा तहस-नहस हो गया।
टक्कर की आवाज सुनकर चौकी में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से सभी को सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। यहां सभी घायलों का इलाज जारी है। मृतकों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिए गए हैं। जैसे ही घटना की सूचना सुखचैन पहुंची तो पूरे गांव में मातम पसर गया।

लूट व हत्या के आरोपी गिरफ्तार
चलती ट्रेन से फेंकने का मामला

सिरसा। चलती ट्रेन में लूटपाट कर हत्या करने के आरोप में राजकीय रेलवे पुलिस ने दो युवकों को काबू कर लिया है। तीन आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि विगत 3 दिसंबर को मूल रूप से बिहार का रहने वाला छोटे लाल पुत्र प्रकाश शर्मा अपने मित्र विपिन पुत्र रसिक लाल के साथ ट्रेन में सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान जोधकां व सुचान के बीच कुछ युवक उनके पास आ पहुंचे और उनसे 50 हजार रुपये की नकदी तथा मोबाइल लूट लिया। लूटपाट के बाद दोनों युवकों को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। हादसे में छोटे लाल की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया। राजकीय रेलवे पुलिस के इंस्पेक्टर सुखविन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने जांच करते हुए फतहाबाद के अंतर्गत गांव बनावाली निवासी चमन लाल पुत्र बलवंत व बाबू लाल पुत्र ओमप्रकाश निवासी अरनियांवाली को गिरफ्तार किया है। तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। सुखविन्द्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर अन्य आरोपियों को भी शीघ्र काबू कर लिया जाएगा।

सुरक्षा गार्ड से हुई चूक, बैंक में चली गोली

सिरसा। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ओवरब्रिज के साथ लगते हरियाणा ग्रामीण बैंक के सुरक्षा गार्ड से चूक हो गई। गार्ड की बंदूक से अचानक गोली चल गई। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार ओवरब्रिज के निकट हरियाणा ग्रामीण बैंक है। रोजमर्रा की भांति बैंक खुला और ग्राहकों का आना-जाना आरंभ हुआ। इसी बैंक में फतहाबाद के अंतर्गत गांव करनौली का रहने वाला सतनाम सिंह सुरक्षा गार्ड है। सतनाम सिंह डेल्टा कंपनी के अंतर्गत इस बैंक में बतौर गार्ड पद पर कार्यरत है। आज दोपहर बैंक में ग्राहकों का तांता लगा हुआ था। सुरक्षा गार्ड सतनाम सिंह भी अपनी बंदूक लिए बैंक में ड्यूटी कर रहा था। सतनाम सिंह ने अपनी बंदूक को कंधे पर लटकाया हुआ था। अचानक बंदूक कंधे से नीचे जा गिरी। जैसे ही बंदूक फर्श पर गिरी तो झटका लगने के कारण गोली चल गई। गोली उपप्रंधक के कैबिन को चीरती हुई छत पर जा लगी। बैंक में गोली चलने के कारण अफरा-तफरी मच गई। बाद में सुरक्षा गार्ड ने अपनी बंदूक संभाली। बैंक प्रबंधक अजायब सिंह का कहना है कि सुरक्षा गार्ड से चूक हुई है। फिलहाल बैंक प्रबंधन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सतनाम सिंह को भविष्य में सावधानी बरतने को कहा गया है।

आग से हजारों का नुकसान

सिरसा। गांव ढाबा में एक युवक के आवास पर अचानक आग लग गई। आगजनी में नरमा, टीवी व अन्य सामान जलकर राख हो गया। मिली जानकारी के अनुसार गांव ढाबा निवासी हरपाल सिंह पुत्र गंगाराम गांव में जमीदार की भूमि पर हिस्से पर काश्त करता है। गत रात्रि उसके घर में अचानक आग लग गई। मकान में रखा टीवी, चारपाई व नरमा जलकर राख हो गया। हरपाल की पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हुए और आग पर काबू पाया।

No comments:

Post a Comment