BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Thursday 19 December 2013

पीट-पीटकर हत्या

ऊंची आवाज में डैक बजाने से रोकने की मिली सजा
पिता-पुत्र सहित पांच के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

सिरसा। गांव बीरूवालागुढ़ा में ऊंची आवाज में डैक बजाने से रोकने पर एक खेत मजदूर की हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्र सहित पांच के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बड़ागुढ़ा थाना क्षेत्र के गांव बीरुवालागुढ़ा में काकलू राम पुत्र बुद्धराम खेत मजदूरी करता है। पड़ोस की ढाणी में रहने वाले बलबीर पुत्र अमर सिंह के साथ उसका विवाद चल रहा था। बताया गया है बलबीर इत्यादि ऊंची आवाज में डैक बजाते थे जिसपर काकलू को आपत्ति थी। उसने कई बार उक्त लोगों को डैक धीमी आवाज में बजाने की बात कही। इस मसले पर गांव में पंचायत भी हुई। एक बारगी तो मामला शांत हो गया। मिली जानकारी के अनुसार गत रात्रि बलबीर इत्यादि ऊंची आवाज में डैक बजा रहे थे। इस दौरान काकलू ने उन्हें रोका।  इसके बाद वह खेत में कार्य करने लगा। आरोप है कि बलबीर, उसके पुत्र शंभू, बलवान पुत्र नत्थूराम ने दो अन्य के साथ मिलकर काकलू पर हमला बोल दिया। लाठियों व डंडों से काकलू को बुरी तरह पीटा गया। मौके पर ही उसका दम टूट गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ागुढ़ा थाना पुलिस एएसआई दलबीर सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल लाया गया। दलबीर सिंह ने बताया कि सोना देवी की शिकायत पर बलबीर, उसके पुत्र शंभू, बलवान व दो अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दहेज को लेकर विवाहिता की हत्या
भाई की शिकायत पर पति व सास के खिलाफ मामला दर्ज

सिरसा। गांव मम्मडख़ेड़ा में ससुराल पक्ष द्वारा विवाहिता की दहेज को लेकर हत्या कर दी गई। विवाहिता के भाई की शिकायत पर रानियां थाना में पति व सास के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शव का सिरसा के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार रानियां क्षेत्र के अंतर्गत गांव ठोबरियां निवासी बहादुर राम की पुत्री सुनीता का विवाह मम्मडख़ेड़ा निवासी नत्थू राम के साथ हुआ था। आज सुबह सुनीता के मायके पक्ष को उसकी मौत की खबर मिली। परिजन मौके पर पहुंचे और शव को सामान्य अस्पताल लाया गया। जांच में सुनीता के शरीर में जहर होने की पुष्टि हुई। सुनीता के भाई रोहताश कुमार का आरोप है कि विवाह के बाद से सुनीता को दहेज के लिए प्रताडि़त किया जाता था। आए दिन पति नत्थू राम व सास सुखवंती उससे मायके से सामान व पैसे लाने की मांग करते थे। इस बाबत उसकी बहन ने उन्हें कई बार बताया। आरोप है कि पति व सास ने ही जबरन जहर देकर सुनीता को मौत के घाट उतार दिया। रानियां थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति नत्थूराम व सास सुखवंती के खिलाफ 304बी, 498ए, 328 व आईपीसी की धारा 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी महावीर सिंह ने बताया कि मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरा खुलासा हो पाएगा। फिलहाल उन्होंने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

सड़क हादसे में फौजी की मौत
सिरसा। रोड़ी कालांवाली रोड पर सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रोड़ी निवासी रणजीत पुत्र दर्शन सिंह रोड़ी से मोटरसाइकिल पर सवार होकर कालांवाली जा रहा था। रास्ते में उसका मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि रणजीत कानपुर में बतौर फौजी तैनात है। वह 10 दिन की छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था।

मानसिक परेशानी के चलते युवक ने की आत्महत्या

सिरसा। एकता चौक के निकट रहने वाले एक युवक ने पंखे से फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि युवक पिछले लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को नीचे उतारा। पोस्टमार्टम के लिए शव सामान्य अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार एकता चौक के निकट 32 वर्षीय लवित अपने परिवार सहित रहता है। बताया गया है कि उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। आज सुबह वह जल्दी उठा और चाय पी। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया और उसकी मां भी नीचे आराम करने लगी। काफी समय तक लवित कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को चिंता हुई। मां ने जाकर देखा तो लवित फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस को सूचना दी गई। मृतक के परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।

'आप' को मिलेगा और समय

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने आज कहा कि वह दिल्ली में सरकार बनाने की संभावनाएं तलाशने के लिए आम आदमी पार्टी को और वक्त देगी। दिल्ली के विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के कारण सरकार नहीं बन पा रही है।
गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने बताया कि केन्द्र सरकार ने दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग से पूछा है कि दिल्ली में सरकार बनाने के लिए आम आदमी पार्टी ने कितना वक्त मांगा है। हम सरकार बनाने के लिए आप को कुछ और वक्त देंगे। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। शिंदे के बयान से संकेत मिले हैं कि केन्द्र सरकार दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाने की जल्दबाजी में नहीं है। सरकार सोमवार तक का इंतजार करने के लिए तैयार है जब आम आदमी पार्टी सरकार बनाने या नहीं बनाने को लेकर अपना फैसला बताएगी। उप राज्यपाल ने सबसे बड़ा दल होने के नाते भाजपा को सरकार बनाने का न्योता दिया था लेकिन पार्टी ने सरकार बनाने से इनकार कर दिया। इस बीच कांग्रेस ने उप राज्यपाल को पत्र लिखकर कहा कि वह आप को बिना शर्त समर्थन देने को तैयार है। दिल्ली में आप के 28 विधायक हैं। कांग्रेस के 8 विधायकों के समर्थन से आप सरकार बना सकती है। कांग्रेस के बिना शर्त समर्थन के बाद उप राज्यपाल ने आप सरकार बनाने का न्योता दिया। आप के नेता अरविंद केजरीवाल ने उप राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने या नहीं बनाने का फैसला लेने के लिए वक्त मांगा। केजरीवाल ने कांग्रेस के सामने 18 शर्ते रख दी। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह को पत्र लिखर 18 मुद्दों पर राय स्पष्ट करने को कहा था। केजरीवाल ने कहा कि जब कांग्रेस और भाजपा मुद्दों पर अपनी राय स्पष्ट कर देगी तो वह जनता के पास जाएंगे और उनकी राय के बाद ही सरकार बनाने या नहीं बनाने के संबंध में फैसला लेंगे। कांग्रेस ने केजरीवाल के पत्र का जवाब दे दिया है। भाजपा ने केजरीवाल के पत्र का जवाब नहीं देने का फैसला किया है।

No comments:

Post a Comment