BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Thursday 5 December 2013

दिल्ली वाले दुल्हनियां ले आएंगे!

सिरसा से पहुंची बारात पर समारोह में हमला


दुल्हन छो्ड़ लौटे बाराती

File Photo of Marriage
सिरसा। दिल्ली में बारात लेकर पहुंचे वर पक्ष के लोग वहां शरारती तत्वों के कोप का भाजन बन गए। विवाह समारोह में हुए इस औचक हंगामे से घबराया वर पक्ष दुल्हन लिए बिना ही सिरसा वापिस लौट आया। आलम यह है कि अब वर पक्ष दुल्हन लेने के लिए दिल्ली नहीं जाना चाहता। हालांकि वे शादी को तैयार हैं लेकिन चाहते हैं कि शादी सिरसा में हो या फिर पुलिस सुरक्षा के बीच। वहीं वधु पक्ष द्वारा दिल्ली में वर पक्ष के खिलाफ वरमाला की रस्म पूरी होने के बावजूद भी दुल्हन न ले जाने की शिकायत स्थानीय पुलिस को दर्ज करवाई गई है।
वर पक्ष के लोग आज यहां एसपी के समक्ष अपनी व्यथा सुनाने पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने मामले को महिला सैल को प्रेषित कर दिया। जांच अधिकारी कृष्णा यादव ने वर पक्ष की व्यथा तो सुनी लेकिन मामले के दिल्ली से सम्बंधित होने के कारण इस मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई करने में असमर्थता जताई।
Victims in the SP Office Sirsa
हुआ यूं कि सिरसा की सुभाष बस्ती निवासी जयप्रकाश ने अपने पुत्र विनोद का विवाह दिल्ली में तय किया था। कल वर पक्ष बारात लेकर दिल्ली पहुंचा। विवाह समारोह जारी था। वरमाला की रस्म चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान करीब दर्जनभर हथियार बंद युवकों ने समारोह में हंगामा खड़ा कर दिया। वे लोग बारातियों को निशाना बना रहे थे।  यह देख वहां भागदौड़ शुरू हो गई। आननफानन में वधू पक्ष ने मौके से खिसकना ही उचित समझा। हमले में दूल्हे का भाई व दादी को काफी चोटें आईं। किसी तरह जान बचाकर बाराती वापिस ठिकाने पहुंचे। आज सुबह वर पक्ष दुल्हन लिए बिना ही सिरसा लौट आया। इस मामले में सिरसा पुलिस द्वारा दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई करने की बात की गई है।

अजय को राहत, कांडा पर सुनवाई कल से

सिरसा। दिल्ली की एक अदालत ने जहां विधायक गोपाल कांडा के मामले की सुनवाई कल से शुरू करने के आदेश दिए हैं वहीं डबवाली के विधायक अजय सिंह चौटाला की अंतरिम जमानत की अवधि बढ़ा दी गई है। आज रोहिणी कोर्ट में पुलिस द्वारा पेश किए गए चालान पर कांडा के विरुद्ध सुनवाई शुरू होनी थी, जिसे न्यायालय ने एक दिन के लिए टाल दिया। वहीं अजय सिंह चौटाला को दिल्ली न्यायालय ने मेडिकल ग्राउंड पर राहत देते हुए अंतरिम जमानत 16 दिसंबर तक बढ़ा दी है।

गोदाम में गोलमाल-2
400 कट्टे यूरिया खाद बरामद

सिरसा। गेहूं बीज के गोलमाल का पर्दाफाश होने के बाद आज कृषि विभाग ने एक निजी गोदाम में यूरिया खाद के काले कारनामे का भंडाफोड़ किया है। गोदाम से करीब 400 कट्टे यूरिया खाद बरामद की गई है। विभाग के अधिकारी इस बड़े स्तर पर किए गए भंडारण की जांच कर रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार रंगड़ी रोड पर खेत में गोदाम बना हुआ है। गत दिवस कृषि विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि गोदाम में बड़े स्तर पर यूरिया खाद का भंडारण किया गया है। कृषि विभाग के एसडीओ सुखदेव कम्बोज व क्वालिटी अधिकारी सुभाष चन्द्र ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा तो गोदाम से बड़ी मात्रा में खाद का भंडारण मिला। लेकिन वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। शाम को अधिकारियों ने गोदाम को सील कर दिया। आज सुबह अधिकारियों द्वारा जांच आगे बढ़ाई गई। गोदाम संचालक राजेन्द्र चावला से पूछताछ शुरू हुई। चावला ने बताया कि उसने उक्त खाद अनाज मंडी की 33 नंबर दुकान रवि कुमार एंड कंपनी से ली है। अधिकारियों ने चावला द्वारा खाद रखे जाने व फर्म द्वारा बेचे जाने के रिकॉर्ड की मांग सम्बंधित लोगों से की है। अधिकारियों ने बताया कि खेत मालिक खाद का भंडारण जमीन के हिसाब से कर सकते हैं। इस मामले में पूरे रिकॉर्ड की जांच के बाद ही किसी फैसले पर पहुंचा जा सकता है।
गेहूं बीज मामले में जांच जारी
वहीं गत दिवस गेहूं के बीज की कालाबाजारी के मामले में भी आज उच्चाधिकारियों ने जांच आगे बढ़ाई है। जांच में काफी तथ्यों का खुलासा हुआ है। अतिरिक्त उपायुक्त शिवप्रसाद शर्मा का कहना है कि इसमें हरियाणा बीज विकास निगम के अधिकारियों की संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता।

झुलसी विवाहिता की मौत

सिरसा। आत्मदाह करने वाली खैरपुर की जंडीवाली गली निवासी विवाहिता की आज उपचार के दौरान मौत हो गई। मृत्युपूर्व बयानों के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति, सास-ससुर व ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। विवाहिता का एक साल के बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है। आरोपी फरार हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। ज्ञातव्य हो कि गत दिवस खैरपुर की मनीषा पत्नी जितेन्द्र ने स्वयं को आग लगा ली थी। इस घटना में उसका एक वर्षीय बच्चा भी झुलस गया था।

लूट के बाद ट्रेन से फेंका, मौत

सिरसा। बठिंडा से दिल्ली जा रही रेलगाड़ी में बदमाशों ने दो युवकों को लूटकर गाड़ी से बाहर फेंक दिया। इनमें से एक की मौत हो गई जबकि दूसरे का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। राजकीय रेलवे पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार बिहार निवासी छोटे लाल पुत्र प्रकाश शर्मा व विपिन पुत्र रफीक लाल गत रात्रि बठिंडा से भट्टू जाने के लिए गाड़ी पर सवार हुए थे। गांव जोधकां व सुचान के बीच कुछ युवकों ने विपिन को गाड़ी से नीचे फेंक दिया। उसके बाद छोटे लाल से 50 हजार रुपये की नकदी व मोबाइल छीनकर उसे भी गाड़ी से बाहर फेंक दिया। छोटे लाल की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने विपिन को ईलाज के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सूचित कर दिया। फिलहाल राजकीय रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ट्रिपल मर्डर का आरोपी चार दिन के रिमांड पर
सिरसा। प्रेम प्रसंग के चलते गांव नथौर के विनोद पुत्र हंसराज द्वारा पत्नी व दो बच्चों को मौत के घाट उतारने के मामले में आरोपी को आज न्यायालय द्वारा चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। नहर से अभी शव बरामद नहीं हुए हैं।

भ्रूण मिला
सिरसा। रानियां के वार्ड 9 में आज सुबह मुख्य सड़क पर करीब पांच माह का भ्रूण मिला।

No comments:

Post a Comment