BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Sunday 22 June 2014

राजनीतिक उठापठक : कुलदीप पकड़ेंगे हाथ, बीरेन्द्र कमल!

विनोद शर्मा ने की नए दल की आधिकारिक घोषणा

सिरसा। प्रदेश में हर दिन सियासत की नई इबारत लिखे जाने की तैयारियां हो रही हैं। मुख्यमंत्री हुड्डा से ताज छिनने की संभावना अभी कमतर नहीं हुई थी कि इसी बीच आज उनके धुरविरोधी चौ. बीरेन्द्र सिंह ने उनके नेतृत्व में चुनाव लडऩे पर पार्टी छोडऩे का ही ऐलान कर दिया। उनके इस ऐलान ने मुख्यमंत्री के साथ-साथ हाई कमान की भी मुसीबतें बढ़ा दी हैं। अभी तक हुड्डा पर सख्त कार्रवाई के आसार कम ही नजर आ रहे थे, लेकिन अब उनके तख्त के पलटने से इंकार नहीं किया जा सकता। इसी के साथ अंबाला के विधायक विनोद शर्मा ने आज आधिकारिक तौर पर अपने दल का गठन कर दिया। उन्होंने अपने दल का नाम 'जनचेतना पार्टीÓ रखा है। कांग्रेस से अलग होने के बाद उनके द्वारा पार्टी बनाए जाने की अटकलें चल रही थीं। आज सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए उन्होंने पार्टी की घोषणा तो की ही, साथ ही प्रदेश की सभी 90 सीटों पर विधानसभा में प्रत्याशी खड़े करने का भी ऐलान कर दिया।
इन दोनों प्रादेशिक हलचलों के अलावा एक और मुद्दे ने राजनीतिक गलियारों को गर्मी दे रखी है। वह है हरियाणा जनहित पार्टी के कांग्रेस में विलय की। हजकां-भाजपा गठबंधन को लेकर भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेताओं की एक ही राय है कि इस गांठ को जल्द से जल्द खोल देना चाहिए। गांठ सुलझाने के पक्ष में कम से कम प्रदेश की भाजपा इकाई तो नहीं दिख रही। ऐसे में गठबंधन के टूटने के आसार ज्यादा बनते हैं। इसी बीच आज कांग्रेस के विधायक राव धर्मपाल सिंह ने अप्रत्यक्ष रूप से कुलदीप को कांग्रेस में वापिसी करने का निमंत्रण दिया है। राव धर्मपाल सिंह ने आज कहा कि कुलदीप व उनका परिवार पुराने कांग्रेसी हैं। यदि कुलदीप चाहें तो वापिस कांग्रेस में आ सकते हैं। राव का बयान ऐसे समय में आया है जब हजकां-भाजपा गठबंधन टूटने की कगार पर है और कुलदीप के पास कोई कड़ा विकल्प नहीं है। राव के निमंत्रण को राजनीतिक समीक्षकों द्वारा पूर्व में जताई गई आशंकाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

डेरा में व्यक्ति की संदिग्ध मौत

सिरसा। आज सुबह डेरा सच्चा सौदा में एक व्यक्ति मृत हालत में पाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक की पहचान उत्तरप्रदेश के सहारनपुर निवासी प्रेम सिंह के रुप में हुई है।
जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के सहारनपुर निवासी प्रेम सिंह (45) कुछ दिन पूर्व डेरा सच्चा सौदा में आया था। बताया गया कि रविवार सुबह डेरा के सत्संग हाल में एक व्यक्ति को बेहोशी हालत में पड़ा देखकर चिकित्सक के पास लेकर गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले मोबाइल से उसके परिजनों को सूचित किया। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद उनके बयान व पोस्टमार्टम रिपार्ट के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
दुर्घटना में बच्चे की मौत
अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से डबवाली रोड स्थित गांव छतरियां में भट्टे पर कार्य करने वाले महेश के 5 वर्षीय पुत्र अर्जित की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।

No comments:

Post a Comment