BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Tuesday 24 June 2014

एनआरआई से 8.65 लाख की लूट

मिनी बाईपास पर हुई वारदात

सिरसा। चत्तरगढ़पट्टी के नजदीक मिनी बाईपास पर एक एनआरआई से 8.65 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। दो बाइकों पर सवार होकर आए चार लुटेरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मितेश जैन सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी करवा दी गई लेकिन लुटेरों का कोई सुराग अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगा है। 
हुडा निवासी मुख्तयार सिंह आज दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अपनी होंडा सिटी कार में सवार होकर पंजाब की ओर जा रहा था। मिनी बाईपास पर चत्तरगढ़पट्टी के निकट दो बाइकों पर सवार होकर आए चार युवकों ने उसकी गाड़ी रुकवा ली और डरा-धमकाकर गाड़ी में रखी 8.65 लाख रुपये की राशि लूटकर फरार हो गए। बताया जाता है कि बाईक सवार युवक सुबह से ही मुख्तयार सिंह का पीछा कर रहे थे। उसके घर के इर्द-गिर्द भी रेकी की जा रही थी। जैसे ही वह अपने घर से निकला दोनों बाइकों पर सवार युवक उसके पीछे लग गए और चत्तरगढ़पट्टी के निकट गाड़ी रुकवाई और वारदात को अंजाम दिया।
बताया गया है कि मुख्यतयार सिंह नामक जिस शख्स से इतनी बड़ी रकम लूटी गई है वह पिछले दिनों ही अमेरिका से लौटा है और इन दिनों हुडा सेक्टर में रह रहा था। उसकी पत्नी व बच्चे पंजाब गए हुए हैं। मुख्तयार आज रुपये लेकर पंजाब की ओर जा रहा था। उसका कहना है कि पंजाब से कुछ खरीददारी करनी थी इसी के चलते उसके पास इतनी बड़ी रकम थी।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक मितेश जैन ने बताया कि मुख्तयार सिंह से लूट हुई है। पुलिस इस संबंध में पीडि़त से पूछताछ कर रही है। पूरे जिला में नाकेबंदी कर दी गई है। जांच की जा रही है और शीघ्र ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

...और मौत पर झूल गया मुनाख

झूला झूलते समय पेट पर रस्सी कसने से हुई मौत
सिरसा। झूला झूलते समय संतुलन बिगडऩे से रस्सी से कसे जाने के कारण आज एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। परिजन उसे सामान्य अस्पताल लेकर गए लेकिन तब तक उसका दम टूट चुका था। पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत का मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार भादरा बाजार की गली मोचियां में रोहताश का निवास है।  गत सायं रोहताश का 11 वर्षीय पुत्र मुनाख घर में रस्सी से बने झूले पर झूल रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और रस्सी उसके पेट पर कस गई। इससे उसको सांस लेने में तकलीफ होने लगी। बताया जा रहा है कि उस वक्त घर में मुनाख की दादी के अलावा कोई नहीं था। दादी को कम दिखाई देता है जिससे वह कुछ नहीं कर समझ पाई। रोहताश एमआर है तथा गत देर सायं तक घर नहीं लौटा था। मुनाख की मां पड़ोस में ही गई हुई थी। वह जब वापिस लौटी तो मुनाख को रस्सी पर बेसुध झूलते पाया। उसने तुरंत मामले की जानकारी अपने पति रोहताश को दी। रोहताश घर पहुंचा और मुनाख को सामान्य अस्पताल लेकर गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार पेट पर रस्सी कस जाने के कारण मुनाख की दम घुटने के कारण मौत हुई है। पुलिस ने इस मामले में मरग दर्ज कर पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। 

कर्मचारी बैठे धरने पर, किया प्रदर्शन

सिरसा। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्करज यूनियन के बैनर तले आज कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकन जनस्वास्थ्य व सिंचाई विभाग में धरना-प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि कमेटी राज्य इकाई द्वारा अधीक्षण अभियंताओं के समक्ष लगातार धरने देने का कार्यक्रम बनाया गया है। इसी कड़ी में आज जनस्वास्थ्य व सिंचाई विभाग में कमेटी की जिला इकाई द्वारा प्रधान मान सिंह डागर के नेतृत्व में कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। जिला सचिव वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों को तकनीकी स्केल लागू करने, स्थायी करने, वर्कचार्ज सेवा का लाभ देने सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मैकेनिकल वर्करज यूनियन विगत लंबे समय से संघर्षरत है। सरकार कर्मचारियों की मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। आंदोलन दबाए जा रहे हैं और कर्मचारियों को प्रताडि़त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कच्चे कर्मचारियों को स्थाई करने की नीति के तहत उनके विभाग का एक भी कर्मचारी लाभ नहीं उठा पाएगा। इस अवसर पर यूनियन के राज्य उपप्रधान कृपाशंकर त्रिपाठी, सर्वकर्मचारी संघ के जिला प्रधान सोहन सिंह रंधावा, जिला कोषाध्यक्ष लालचंद मेहता, धर्मपाल सैनी आदी मौजूद थे।

कारागार से मोबाइल बरामद

सिरसा। जिला कारागार प्रशासन ने आज एक कैदी से मोबाइल बरामद किया है। कारागार अधीक्षक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 
पुलिस सूत्रों के अनुसार कारागार प्रशासन द्वारा जेल में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान बैरक-2 में कैद अमृतपाल पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी जलालआना के पास से एक सैमसंग का मोबाइल बरामद किया गया।  कारागार प्रशासन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कारागार अधीक्षक जितेन्द्र सेठी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मोबाइल कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी से सिम बरामद नहीं हुआ जिसके चलते उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। 

1.1 किलो अफीम सहित आरोपी गिरफ्तार

सिरसा। शहर थाना पुलिस ने गत रात्रि सतनाली धर्मशाला के पास से एक युवक को 1 किलो 100 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। शहर पुलिस को गत सायं मुखबिर से शहर में अफीम तस्कर होने की सूचना मिली थी। शहर थाना के एएसआई बलबीर सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन कर मामले की जांच शुरू की गई। टीम ने गश्त के दौरान सतनाली धर्मशाला के पास से राजस्थान के चुरू के गांव दयावट निवासी रोहताश पुत्र सूबेदार सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम अफीम बरामद की गई। जांच अधिकारी ने बताया कि रोहताश राजस्थान से उक्त अफीम लेकर आया था और उसे पंजाब जाना था। रात्रि ठहराव के लिए वह किसी ठिकाने की तलाश में था। इसी दौरान पुलिस ने उसे धर-दबोचा।  पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आज न्यायालय में पेश किया। 

No comments:

Post a Comment