BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Thursday 19 June 2014

मामा की हत्या

पत्नी से अवैध संबंध होने के संदेह में भानजे ने दिया वारदात को अंजाम
सिरसा। थाना रानियां क्षेत्र के गांव भडोलियावाली में गत रात्रि भानजे ने धारदार हथियार से गला रेतकर मामा की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया। हत्या का कारण आरोपी का अपनी पत्नी के साथ मामा के अवैध संबंध होने का संदेह बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव भडोलियावाली की ढाणी बाजीगर निवासी बलकार सिंह (55) पुत्र दलीप सिंह बुधवार रात को आठ बजे के करीब सड़क किनारे पुलिया पर बैठा था। इसी दौरान बलकार सिंह का भानजा जरनैल सिंह (45) पुत्र बचन सिंह मौके पर पहुंचा और अचानक अपने मामा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जरनैल सिंह ने अपने मामा बलकार सिंह का गला काट दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या अवैध संबधों को लेकर शक पर की गई। बताया जाता है कि इस मामले को लेकर परिवारिक लोगों में पहले भी पंचायतें हो चुकी हैं। हत्या के बाद जरनैल सिंह सीधा रानियां थाना में पंहुचा। पुलिस ने जरनैल सिंह को हिरासत में लिया और घटना स्थल पर पंहुच शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। आज सिरसा के सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।

फांसी लगाकर दी जान

सिरसा। गांव नौरंग में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई। मृतक सिरसा में वैल्डिंग का कार्य करता था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि मृतक अविवाहित था और विगत दिनों उसकी भाभी द्वारा उस पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया था। परिजनों के अनुसार इसी से आहत होकर उसने आत्महत्या कर ली। अब पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर युवक की भाभी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कालांवाली क्षेत्र के गांव नौरंग का रहने वाला हरमीत उर्फ मीता पुत्र जीत सिंह सिरसा में वैल्डिंग का कार्य करता था। गत देर रात उसने अंगोछे का फंदा बनाकर घर के कमरे में फांसी लगा ली। आज सुबह परिजनों ने उसका शव फंदे पर लटकता पाया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। यहां पुलिस को दी शिकायत में परिजनों का कहना है कि विगत दिनों हरमीत की भाभी कर्मजीत पत्नी अमरीक ने उस पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी गई थी। इसी से आहत होकर हरमीत ने फांसी लगा ली। परिजनों की शिकायत पर कालांवाली पुलिस ने हरप्रीत की भाभी कर्मजीत के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया। शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

युवती ने निगली कीटनाशी, हालत स्थिर

सिरसा। गांव फूलकां में बृहस्पतिवार को एक युवती ने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।  परिजनों ने उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। 
जानकारी के अनुसार गांव फूलकां निवासी अनीता (19) पुत्री सतबीर ने बुधवार शाम को अपने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया। बाद में उसकी हालत बिगडऩे पर परिजनों से उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

वृद्ध व महिला के मिले शव

सिरसा। पुलिस ने आज सुबह जीवननगर के बस स्टेंड से 55 वर्षीय वृद्ध का शव बरामद किया। मृतक की पहचान पंजाब के जिला बठिंडा के गांव भैणी निवासी तारा सिंह के रुप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम  के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। 
जानकारी के अनुसार पंजाब के जिला बठिंडा के गांव भैणी निवासी निवासी तारा सिंह (55)पुत्र मुंशी सिंह राजस्थान के श्रीगंगानगर में रिश्तेदारों से मिलने गया हुआ था। वापसी के दौरान बुधवार रात को जीवननगर के बस स्टेंड पर उतरा था। बताया गया कि मृतक नशे का आदी था, बृहस्पतिवार सुबह वह बस स्टेंड पर मृत अवस्था में मिला। मृत्यु के कारण का पता नहीं चला है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवाया। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से मिले मोबाइल से उसके परिजनों के नंबर पर फोन करके मृतक की शिनाख्त हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
चोपटा पुलिस ने कुतियाना माईनर से चोपटा पुल के समीप एक महिला का क्षत विक्षत शव बरामद किया है। शव नग्नावस्था में है। मृतका की आयु करीब 25-26 वर्ष है। शव को पहचान हेतु सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।

No comments:

Post a Comment