BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Saturday 21 June 2014

विवाहिता की हत्या!

सिरसा। एलनाबाद के वार्ड 1 निवासी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने से मौत हो गई। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। शव का पोस्टमार्टम कर वारिसों को सौंप दिया गया। मृतका के मायके पक्ष के लोग जहां इसे हत्या बता रहे हैं वहीं ससुराल पक्ष हादसा करार दे रहा है। इस मामले में एलनाबाद पुलिस जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार एलनाबाद के वार्ड 1 निवासी 32 वर्षीय वीना पत्नी प्रकाश आज सुबह करीब पांच बजे झुलस गई। परिजनों ने उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसकी मौत हो गई। नोहर निवासी मृतका के मायके पक्ष ने पुलिस के समक्ष मामले को संदिग्ध बताया। उनका आरोप है कि वीना की हत्या की गई है। मृतका के भाई व मां ने आरोप लगाया है कि वीना को पिछले काफी समय से ससुराल में परेशान किया जा रहा था। आज उसे आग के हवाले कर जलाकर मार दिया गया। वहीं ससुरालपक्ष का कहना है कि वीना आज सुबह चाय बना रही थी। इसी दौरान अचानक उसके कपड़ों में आग लग गई जिससे वह करीब 85 प्रतिशत झुलस गई। झुलसी अवस्था में उसे सामान्य अस्पताल लाया गया लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव छोड़ चल दिए परिजन
अस्पताल में शव को पोस्टमार्टम के बाद वारिसों के हवाले किया जाना था। पुलिस ने अपनी कार्रवाई पूरी की और शव सौंपने के लिए परिजनों को ढूंढने लगी। लेकिन वहां शव लेने के लिए कोई मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि मृतका के मायके पक्ष के लोग अपने गांव से लोगों को एकत्रित करके लाने के लिए वापिस नोहर चले गए थे। वहीं ससुरालपक्ष के लोग भी आरोप मढ़े जाने से परेशान हो गए और शव को वहीं छोड़ चले गए। इस कारण पुलिस को शव सौंपने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।

गर्मी का कहर, मजदूर की मौत

सिरसा। गांव बाहिया के बस स्टेंड पर गर्मी की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल लाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव म_दादू निवासी 56 वर्षीय देवी लाल पुत्र रावता राम मजदूरी करता है। आज सुबह वह दिहाड़ी के लिए गांव बाहिया आया था। बाहिया पहुंचने पर बस स्टेंड पर वह बेसुध होकर गिर गया। आसपास मौजूद लोग उसे अस्पताल लेकर गए और पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में चिकित्सक ने मजदूर को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार मजदूर की मौत गर्मी की वजह से हुई है। पुलिस शव को सामान्य अस्पताल लाई और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

हरियाणा, असम और महाराष्ट्र के सीएम देंगे इस्तीफा?

गुवाहाटी। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद जिन राज्यों में कांग्रेस पार्टी की सरकार हैं, वहां लगातार नेतृत्व में बदलाव की मांग उठ रही है। पार्टी सूत्रों की माने तो महाराष्ट्र के पृथ्वीराज चव्हाण और असम के तरूण गोगोई सहित तीन मुख्यमंत्रियों पर तलवार लटकी हुई है। महाराष्ट्र में नए मुख्यमंत्री की दौड़ में सुशील कुमार शिंदे सबसे आगे हैं। महाराष्ट्र में कांग्रेस की सहयोगी पार्टी एनसीपी के प्रमुख शरद पवार ने राज्य में नेतृत्व बदलाव की मांग उठाई थी। हालही में आई खबरों के मुताबिक अब कांग्रेस पार्टी ने असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई को सीएम पद से हटाने का मन बना लिया है। लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद पिछले महीने गोगोई द्वारा दिए गए इस्तीफे को पार्टी ने स्वीकार करने से मना कर दिया था। लेकिन अब पार्टी की राज्य यूनिट में में पार्टी के उस फैसले पर दोबारा से विचार करने की मांग उठ रही है। राज्य शिक्षा और स्वास्थय मंत्री हिमांता बिस्वा शर्मा के नेतृत्व में राज्य यूनिट नेतृत्व में बदलाव के लिए केंद्रीय नेतृत्व पर दबाव बना रही है। कांग्रेस के 78 विधायकों में से 45 विधायक नेतृत्व में बदलाव चाहते हैं। आशंका जताई जा रही है कि अगर ऐसा नहीं होता है, तो पार्टी में बगावत भी हो सकती है। सूत्रों की माने तो कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़ेगे अगले सप्ताह स्थिती का जायजा लेने गुवाहाटी जाएंगे। कांग्रेस विधायकों की बैठक के बाद ही इस मुद्दे पर फैसला लेगी। महाराष्ट्र और असम के अलावा हरियाणा में भी पार्टी नेतृत्व में बदलाव की मांग उठ रही है, जिसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के घर बैठक हुई।

हलोपा की राज्यकारिणी घोषित

गुडग़ांव। हरियाणा लोकहित पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की स्थापना करते हुए प्रदेश कार्यकारिणी की पहली सूची तथा जिला प्रभारियों की घोषणा कर दी गई है। पहली कार्यकारिणी में सभी जातियों एवं जिलों को नेतृत्व देने का प्रयास किया गया है। भविष्य में इस कार्यकारिणी के विस्तार की संभावनाओं के मद्देनजर हलोपाअध्यक्ष गोपाल कांडा ने शनिवार को यहां कार्यकारिणी की घोषणा की। जिसमें पार्टी केवरिष्ठ नेता गोबिंद कांडा सिरसा को वरिष्ठ उपप्रधान, जय सिंह बिश्नोई हिसार, अशोक बुवानीवाला भिवानी तथा उमेश शर्मा गोहाना को पार्टी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार झज्जर के पूर्व विधायक हरिराम वाल्मीकि तथा एडवोकेट तेज प्रकाश को पार्टी का महासचिव नियुक्त किया गया है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता वेदप्रकाश यादव बल्लभगढ़, वरिष्ठ महिला नेत्री भारती उकलाना, कर्मवीर फरमाणा खरखौदा, प्रेम शर्मा सिरसा तथा कृष्ण सैनी को सचिव नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार पार्टी नेता सतवीर सैनी हिसार, एन.के. गोयल हिसार, संध्या शर्मा यमुनानगर, बिजेंद्र कुमार झज्जर को पार्टी का सहसचिव नियुक्त किया गया है। पार्टी के साथ सक्रिय रूप से जुड़े कृष्ण सैनी को पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार राज्य कार्यकारिणी के नेताओं को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह नेता हरियाणा के तमाम जिलों की कार्यकारिणी का प्रारूप तैयार करेंगे। हलोपा अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक बुवानीवाला को भिवानी, महेंद्रगढ़, गुडग़ांव, रेवाड़ी जिलों का प्रभारी तथा वरिष्ठ नेता जय सिंह बिश्नोई को हिसार, रोहतक, झज्जर, जींद जिलों का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार प्रेम शर्मा को सिरसा तथा फतेहाबाद, उमेश शर्मा को सोनीपत, पानीपत, करनाल तथा यमुनानगर जिला प्रभारी, गोबिंद कांडा को कैथल, कुरूक्षेत्र, अंबाला तथा पंचकुला जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। हरियाणा के फरीदाबाद, पलवल तथा मेवात जिलों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति तक पार्टी अध्यक्ष गोपाल कांडा ही इन जिलों का कार्य देखेंगे।

No comments:

Post a Comment