BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Saturday, 11 October 2014

सिरसा के लिए विशेष मॉडल की योजना : प्रधानमंत्री

सिरसा संसदीय क्षेत्र के 9 प्रत्याशियों के लिए किया जनसभा को संबोधित

सिरसा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने पर सिरसा के लिए विशेष मॉडल की योजना बनवाऊंगा। जिससे सिरसा का विकास हो, क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिल सके।
वे आज हुडा सेक्टर 19 में भाजपा की ओर से आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। मोदी 12:52 मिनट पर मंच पर आए, 12:54 पर भाषण शुरु किया और 1:15 पर भाषण समाप्त किया। मोदी ने अपने 21 मिनट के भाषण में कहा कि मैं सिरसा में कई साल बाद आया हूं। इससे पहले 1995 में डबवाली आया था, जब डबवाली में हुए भीषण अग्रिकांड में कई सौ बच्चे काल का ग्रास बन गए थे। उन्होंने कहा कि चुनावी सर्वे में हरियाणा में भाजपा को कोई पूर्ण बहुमत दिखा रहा है तो कोई एक नंबर पर। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास, प्रगति चाहिए तो भाजपा की पूर्ण बहूमत की सरकार बनाएं ताकि प्रदेश में विकास हो, युवाओं को रोजगार मिले। उन्होंने कहा जैसे भोजन की जगह पेट मेें भोजन से ही सतुष्टि होती है, वैसे ही पूर्ण बहुमत के बिना प्रदेश का भला नहीं हो सकता। मोदी ने मंच से सिरसा से भाजपा प्रत्याशी सुनीता सेतिया, डबवाली से देव कुमार शर्मा, कांलावाली से राजेंद्र देसूजाधा, ऐलनाबाद से पवन बैनीवाल, रानियां से जगदीश नेहरा, फतेहाबाद से स्वतंत्र बाला, टोहाना से सुभाष बराला व रतिया से सुनीता दुग्गल को विजयी बनाने की अपील की।
25 सालों तक पांच परिवारों ने राज किया:मोदी ने कहा कि प्रदेश में पिछले 25 सालों में पांच परिवारों ने राज चलाया। इन परिवारों का तो भला हो गया लेकिन प्रदेश की जनता का नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि इन पांचों परिवारों ने कभी भी प्रदेश की भलाई का नहीं सोचा। इनका आपसी गठबंधन है। पांच एक परिवार और पांच साल दूसरा परिवार। लोगों के सामने नूरा कुश्ती और पर्दे के पीछे दोस्ती रहती है इन परिवारों की।
हरियाणा का जवान व किसान देश की शान:नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा का जवान और किसान बहुत मेहनती है। इन दोनों से देश की शान है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के जवानों ने सबसे ज्यादा शहादत दी है। वहीं हरियाणा के किसान को अगर पानी मिल जाए तो वह मिट्टी से सोना पैदा कर सकता है। किसान पैदावार तो कर सकता है, उसके लिए प्रदेश में इंडस्ट्रीज होनी चाहिए। फसल पैदावार की मुल्यवृद्धि चाहिए और किसान की फसल को रखने के लिए वेयर हाउस चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान को यह सुविधाएं मिल जाए तो किसान की जेब खाली नही रहेगी। नागरिक का पेट खाली नही रहेगा।
सिरसा टापू जैसा है:मोदी ने स्कील डवलपमेंट पर जोर देते हुए कहा कि सिरसा जिला अलग थलग टापू जैसा है। मेरा सपना है, यहां पर स्कील डवलपमेंट की जरुरत है। सिरसा को रेल, सड़क आदि से जोडऩे की आवश्यता है। इसके लिए सरकार का सहायक होना जरुरी है। इसके बाद ही सिरसा में विकास हो सकता है। नौजवानों को रोजगार मिल सकता है। उन्होंने कहा कि विकास के बिना समस्या का समाधान नही।
50 साल में नहीं हुआ वो पांच साल में करुंगा:मोदी ने कहा कि हरियाणा में गुंडाशाही व परिवारवाद, भाई भतीजावाद की राजनीति होती रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 50 सालों में जो नही हो सका वो मैं पांच साल में करुंगा।

Friday, 10 October 2014

अदालतों में गुजरा चौटाला का दिन

दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट तथा उच्च न्यायालय में लगाई हाजिरी

शनिवार तक करना होगा तिहाड़ में सरेंडर
सिरसा। इंडियन नेशनल लोकदल सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला का दिन आज अदालतों में पेशी भुगतने में बीता। आय से अधिक संपत्ति के मामले में दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में सुबह हाजिरी लगाने के बाद वे दोपहर बाद करीब अढाई बजे दिल्ली हाईकोर्ट में पेश हुए। तीस हजारी कोर्ट में आय से अधिक संपत्ति मामले में सुनवाई के लिए अब आगामी तारीख 30 अक्तूबर निर्धारित की गई है। अंतरिम जमानत रद्द करने को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई।  उल्लेखनीय है कि ईलाज के लिए जमानत पर रिहा पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला द्वारा प्रदेश में राजनैतिक रैलियां करने को लेकर सीबीआई ने कड़ा रुख अखतियार कर लिया है। चौटाला के वकील ने विगत सुनवाई के दौरान 17 अक्तूबर को सरेंडर करने की बात कही थी लेकिन सीबीआई ने इसके विरुद्ध न्यायालय में याचिका दायर कर दी। सीबीआई का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री जमानत का दुरुपयोग कर रहे हैं। आज ओपी चौटाला हाई कोर्ट में पेश हुए। सुनवाई के बाद कोर्ट ने चौटाला को शनिवार तक तिहाड़ जेल में सरेंडर करने के आदेश दिए। 
अदालत में याचिका दायर कर सीबीआई ने कहा कि चौटाला को न्यायालय द्वारा स्वास्थ्य कारणों के चलते जमानत  दी गई थी। विगत काफी समय से वे बीमार होने के चलते जमानत पर थे और गुडग़ांव स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। लेकिन  विगत दिनों सबसे पहले उन्होंने जींद में रैली को संबोधित किया और उसके बाद वे प्रदेश में लगातार राजनीतिक रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। सीबीआई का कहना है कि राजनैतिक रैलियों को संबोधित करना अदालत द्वारा दी गई जमानत की शर्तों के खिलाफ है।
आज आय से अधिक संपत्ति तथा हाईकोर्ट के आदेश के चलते ओमप्रकाश चौटाला को दोनों अदालतों में पेश होना पड़ा। पहले करीब साढे 11 बजे वे दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में पेश हुए। यहां उन्होंने हाईकोर्ट में पेशी का हवाला देकर समय बढ़ाने की मांग की जिस पर अगली कार्रवाई के लिए 30 अक्तूबर की तारीख निर्धारित की गई। इसके बाद करीब अढाई बजे चौटाला दिल्ली उच्च न्यायालय पहुंचे।

कल आएंगे मोदी
कार्यकर्ता जोश में और प्रशासन चौकस

सिरसा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सिरसा में होंगे। यहां बाईपास रोड स्थित हूडा के ग्राउंड में प्रधानमंत्री चुनावी रैली को संबोधित  करेंगे। मोदी की रैली को लेकर जहां भाजपा कार्यकर्ता व नेता पूरे जोश में हैं वहीं प्रशासन भी पूर्ण रूप से चौकस दिखाई दे रहा है। 
चुनावों के मद्देनजर सिरसा लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं व नेताओं में नया जोश व उमंग भरने के उद्देश्य से इस रैली को अहम माना जा रहा है। विगत लोकसभा चुनावों में नरेन्द्र मोदी की रैली को लेकर अटकलें लगाई गईं लेकिन ऐन मौके पर उनकी रैली स्थगित कर दी गई। अब सिरसा लोकसभा क्षेत्र में उनकी रैली को राजनीतिक माहौल बदलने के रूप में देखा जा रहा है। सिरसा लोकसभा की 9 सीटों के उम्मीदवार इस रैली में मौजूद रहेंगे। प्रशासन की ओर से भी रैली को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पूरे प्रबंध किए गए हैं। 

बच्ची से छेड़छाड़, नानी की बाजू तोड़ी
पीडि़त परिवार मिला उपपुलिस अधीक्षक से

सिरसा। ऑटो मार्किट स्थित झुग्गी-झोंपड़ी में रह रही एक नाबालिग लड़की जब 4 अक्तूबर की सुबह नहाने के लिए अपने घर से बाहर निकली तो कुछ शरारती तत्वों ने लड़की के साथ कथित तौर पर छेडख़ानी की जिसके विरोधस्वरूप लड़की की नानी शांति देवी के शोर मचाने पर आरोपी विष्णु व उसके साथियों ने उस पर कस्सी से हमला करके लड़की की नानी की बाजू तोड़ दी। पीडि़त परिवार द्वारा आरोपियों के विरूद्ध कीर्तिनगर पुलिस चौकी में सूचना दर्ज करवा दी गई थी। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी मामला दर्ज न होने व आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के रोषस्वरूप पीडि़त परिवार ने गत दिवस हरियाणा बेरोजगार युवा संगठन के जिला प्रधान विजय कण्डारा ने मुलाकात कर हस्तक्षेप करने की मांग की। इसके बाद विजय कण्डारा ने पीडि़त परिवार के साथ उपपुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह से मुलाकात कर पीडि़त परिवार की व्यथा सुनाई तथा मामला दर्ज कर आरोपियों को तुरन्त गिरफ्तार करने की मांग की। इस पर उपपुलिस अधीक्षक ने पुलिस प्रशासन को तुरन्त मामला दर्ज करने व जल्द-से-जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए विजय कण्डारा ने बताया कि आरोपी अब तक खुले आम घूम रहे हैं और पीडि़त परिवार को बार-बार मामला वापिस लेने बारे धमकियां दे रहे हैं। विजय कण्डारा ने इस सम्बन्ध में जिला प्रशासन से भी हस्तक्षेप की मांग करते हुए आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Thursday, 9 October 2014

दलबदल : पांचों विधायक अयोग्य

हाईकोर्ट ने सुनाया फैसला, प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग

चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाईकोर्ट ने कांग्रेस में शामिल हरियाणा जनहित कांग्रेस के पांच सदस्यों की सदस्यता रद्द कर दी है। यह सभी वर्ष 2009 में विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए थे। विधानसभा स्पीकर द्वारा इन सदस्यों के इस तरह से दल बदलने को सही ठहराया था।
हजकां सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई ने विधानसभा स्पीकर के उस आदेश को हाईकोर्ट में याचिका दायर कर चुनौती दी थी। जिसके तहत स्पीकर ने इन सभी पांचों विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने को सही करार दिया था। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2009 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनावों के बाद हजकां की टिकट से विजयी पांच विधायक सतपाल सांगवान, विनोद भ्याना, राव नरेंद्र सिंह, जिले राम शर्मा व धर्म सिंह छोकर चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए थे। इसे लेकर हजकां की ओर से आपत्ति जाहिर की गई और इस प्रकार दलबदल को कानूनन अवैध बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा के समक्ष इन सभी की सदस्यता रद्द करने की मांग की। विगत वर्ष विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विधायकों के पक्ष में फैसला सुनाया जिसके बाद कुलदीप बिश्रोई ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट के फैसले के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार के अल्पमत में आने के कारण प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है।

भय और दबाव के बिना करें मतदान : वशिष्ठ

सिरसा। पुलिस महानिदेशक हरियाणा एसएन वशिष्ठ ने निष्पक्ष व स्वतंत्र विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सिरसा पहुंचे।  उन्होंने कहा कि मतदाता बिना किसी भय व दबाव के अपने मत का प्रयोग करें, यही लोकतंत्र की सच्ची परिभाषा है। इसे सुनिश्चित करना पुलिस का दायित्व है। श्री वशिष्ठ आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला पुलिस अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर हिसार रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हनीफ कुरैशी, जिला पुलिस अधीक्षक मितेश जैन, डीएसपी कुलदीप सिंह बैनीवाल, डीएसपी वीरेंद्र श्योराण, डीएसपी बिजेंद्र मलिक, डीएसपी सत्यपाल यादव तथा जिला के सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।
पुलिस महानिदेशक एसएन वशिष्ठ ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्वक चुनाव करवाना पुलिस की ड्यूटी है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों की पालना की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्घोषित अपराधियों, मोस्ट वांटेड अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में तेजी लाई जाए तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगाह रखी जाए। उन्होंने कहा कि अवैध असलाधारकों तथा गैर-कानूनी धंधा करने वालों पर शिकंजा कसें। 
पुलिस महानिदेशक श्री वशिष्ठ ने निर्देश दिए कि संवेदनशील व अति संवेदनशील क्षेत्रों में डीएसपी और थाना प्रभारी स्वयं नियमित रूप से जाकर दौरा करें और कड़ी सतर्कता बरते। उन्होंने कहा कि जिला की राजस्थान व पंजाब के साथ लगती सीमा पर प्रभावी रूप से नाकाबंदी कर हथियार, नशीले पदार्थों व असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर पूर्णतया अंकुश लगाए। उन्होंने चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशानुसार जिला की सीमाओं को भी सील किया जाए और कड़ी निगरानी रखी जाए। 

Wednesday, 8 October 2014

वोटों के लिए डेरों की शरण में जाना निंदनीय : योगेन्द्र यादव

नेताओं के पास या तो मुद्दे नहीं या फिर मुद्दों को जनता के बीच ले जाने की हिम्मत नहीं
दागी नेता गोपाल कांडा व अभय चौटाला के खिलाफ निकाला मार्च

सिरसा। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता योगिंदर यादव ने कहा है कि राजनेताओं का वोट की अपील के लिए धार्मिक डेरों की शरण में जाना लोकतन्त्र के हिसाब से निंदनीय है। यह लोकतंत्र के लिए शुभ नहीं है। उन्होंने कहा या तो जनता के सामने मुद्दे लेकर जाने की नेताओं में हिम्म्मत नहीं है या फिर इनके पास मुद्दे नहीं है। योगिंदर यादव आज सिरसा में स्वच्छ राजनीति मार्च में भाग लेने से पहले प्रेसवार्ता सम्बोधित कर रहे थे।
योगिंदर यादव ने मुख्यमंत्री हुड्डा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों के कांग्रेस कार्यकाल में जितने घोटाले हुए हंै उनमें से भूमि घोटाला सबसे बड़ा घोटाला साबित होगा इसलिए इसकी जांच करवाई जानी चाहिए। उन्होंने इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस आदमी को आज जेल में रहना चाहिए था वह वोट मांग रहा है। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात है कि इस मुद्दे पर न्यायपालिका, चुनाव आयोग सहित अन्य राजनैतिक पार्टियां चुप हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के 13 दागी प्रत्याशियों की सूची तैयार की है जिनके विरोध के लिए स्वछ राजनीति मार्च निकाल कर दागी प्रत्याशियों को वोट न देने की अपील की जा रही है। उन्होंने बताया कि सिरसा से हलोपा के गोपाल कांडा व इनेलो के अभय सिंह चौटाला शामिल हैं जिनके विरुद्ध आज सिरसा में मार्च निकाला जा रहा है।
पत्रकार वार्ता के बाद उन्होंने टाउन पार्क में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोंधित किया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में शहर में स्वच्छ राजनीति रोष मार्च निकाला। रोष मार्च शहर के विभिन्न बाजारेां से होकर गुजरा। जिसमें आप पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोगों को जागरुक किया। इस अवसर पर प्रदेश सयोंजक आशवंत गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता राजीव गोदारा, सचिव परमजीत सिंह, प्रहलाद सिंह भारुखेड़ा, सुरेश मेहता, प्रदीप सचदेवा आदि उपस्थित थे।

छेड़छाड़ से परेशान नाबालिगा ने किया आत्मदाह
मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज

सिरसा। आए दिन छेड़छाड़ से परेशान लड़कियों द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में प्रकाश में आ रहे हैं। पुलिस इन मामलों को लेकर सक्रिय भी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसके बावजूद ऐसे मामलों में कमी नहीं आती दिखाई दे रही। आज सुभाष बस्ती निवासी एक नाबालिगा द्वारा छेड़छाड़ से परेशान होने के कारण आत्मदाह कर लिया गया। नाबालिगा को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे यहां मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता बीरूराम मेहरा की शिकायत पर राहुल नामक युवक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में बीरूराम ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री विगत कई दिनों से राहुल नामक युवक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने से परेशान थी। इस बाबत उसने परिजनों को भी बताया। युवक को कई बार समझाया गया लेकिन वह नहीं माना। बीरूराम का कहना है कि उसकी पुत्री से इसी से क्षुब्ध होकर स्वयं पर मिट्टी का तेल छिड़का और आग लगा ली। बुरी तरह झुलसी अवस्था में उसे सामान्य अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर लिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Tuesday, 7 October 2014

साध्वी यौन शोषण मामले में गवाह ड्रॉप

सिरसा। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह ने आज साध्वी यौन शोषण मामले में पंचकूला की सीबीआई अदालत के समक्ष वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हाजिरी लगाई। आज मामले में गवाह ड्रॉप किए जाने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले में अगली सुनवाई 18 अक्तूबर को होगी। उल्लेखनीय है कि साध्वी यौन शोषण सहित डेरा के मैनेजर रणजीत सिंह तथा  पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामलों में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह मुख्य आरोपी है। अदालत में तीनों मामले विचाराधीन हैं और गवाहियों का दौर जारी है। 
साध्वी यौन शोषण मामले में आज गुरमीत सिंह ने अदालत के समक्ष हाजिरी लगाई। अदालत में कल हुई सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने डेरा के स्कूल की प्रिंसिपल के जमानती वारंट जारी किए थे। गौरतलब है कि साध्वियों से यौन शोषण मामले में बचाव पक्ष की गवाहियां चल रही हैं। डेरा के गवाहों की लिस्ट में शामिल डेरा के स्कूल की प्राचार्या शीला पूनियां तथा एक अन्य ज्योति अरोड़ा के समन तामील हो चुके थे और उन्हें कल अदालत में हाजिर होना था। लेकिन कल दोनों गवाह अदालत में हाजिर नहीं हुए।
ज्योति अरोड़ा ने बच्चे की बीमारी का हवाला दिया। अदालत ने अरोड़ा को अगली पेशी पर आने का आदेश दिया जबकि शीला पूनियां ने डेरा के अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल सर्टिफिकेट देकर बीमार होने का हवाला देकर पेशी से छूट मांगी। अदालत ने शीला पूनियां के खिलाफ जमानती वारंट जारी करते हुए डेरा के अस्पताल का रिकॉर्ड पेश करने को कहा। साथ ही अस्पताल के प्रबंधक को अदालत के समक्ष पेश होकर अपना पक्ष रखने का नोटिस जारी किया। 
आज गवाह ड्रॉप किए जाने के कारण अदालत ने साध्वी यौन शोषण प्रकरण में कार्रवाई के लिए आगामी 18 अक्तूबर की तारीख निर्धारित की है। दोनों हत्याकांड में भी 18 अक्तूबर की तारीख पहले से मुकर्रर है। 

कांग्रेस-चौटाला ने मिलकर हरियाणा को लूटा : शाह

सिरसा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि अबकी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार अपने दम पर बनेगी। इसके लिए पार्टी पूरी तरह से तैयार है। शाह आज एलनाबाद से भाजपा प्रत्याशी पवन बेनीवाल व रानियां से प्रत्याशी जगदीश नेहरा के समर्थन में अनाज मंडी में रैली को संबोधित कर रहे थे। शाह ने विपक्षी दलों पर जमकर भड़ास निकाली।
उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी व भ्रष्टाचार के मामले में सजायाफ्ता इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला पर कड़े प्रहार किए। उन्होंने कहा कि इनेलो सुप्रीमो ओपी चौटाला तिहाड़ में बैठकर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की सोच रहे हैं लेकिन किसी भी आम नागरिक को तिहाड़ जाना पसंद नहीं है, इसलिए प्रदेश की जनता असंवैधानिक प्रक्रिया का साथ नहीं देगी। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करना इनेलो का पुराना काम है। भारतीय जनता पार्टी हमेशा विकास के नारे पर चुनावी मैदान में उतरी है और भारी बहुमत से जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि इस बार हरियाणा की जनता बीजेपी को भारी बहुमत से जिता रही है। जीत की इस भागीदारी में सिरसा की भूमिका बहुत अहम रहने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी भेदभाव की राजनीति नहीं करती। भाजपा की सरकार बनते ही पूरे प्रदेश का समान रूप से विकास होगा और विकास की शुरुआत पिछड़े क्षेत्रों से होगी। 
अमित शाह ने सोनिया गांधी की नेतृत्व वाली यूपीए सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कोलगेट घोटाला मामले में यूपीए सरकार के तमाम मंत्री शामिल रहे। देश का खरबों रुपया कांग्रेसी खा गए। आजादी के बाद से कांग्रेस ने मात्र देश को लूटने का काम किया। 60 साल तक देश में कांग्रेस की सरकार रही लेकिन देश में गरीब जनता की स्थिति पहले की भांति ही है। कांग्रेस नारा देती है कि कांग्रेस का हाथ गरीबों के साथ लेकिन यह हाथ गरीबों का गला घोंटने में लगा है। देश में भाजपा की दो तिहाई बहुमत से सरकार बनी तो विदेशी राष्ट्रों के अध्यक्ष हिंदुस्तान को अलग नजरिए से देखने लगे। प्रधानमंत्री की अमेरिका यात्रा इसका सबसे बड़ा सुबूत है जहां ओबामा से ज्यादा प्रधानमंत्री मोदी की एक झलक पाने को हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उमड़ पड़े।
उन्होंने कहा कि पूरे देशवासियों का एक ही सपना है, कांग्रेस मुक्त भारत। भारतीय जनता पार्टी गरीब, मजदूर, किसान व आम आदमी की पार्टी है।  उनके हित में तमाम कड़े फैसले बीजेपी द्वारा लिए जा रहे हैं। इन फैसलों का परिणाम कुछ समय बाद देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता मन बना चुकी है कि इस बार प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाई जाए। उन्होंने कहा कि इनेलो के गुंडाराज, कांग्रेस के भ्रष्टाचार को हरियाणा वासी भुला नहीं सकते। 

मनीराम केहरवाला भाजपा में शामिल

सिरसा। कांगे्रस को तगड़ा झटका लगा है जब पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ नेता मनीराम केहरवाला ने सैंकड़ों समर्थकों सहित मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम लिया। प्रदेश के बड़े एससी लीडरों में से एक केहरवाला ने मंच से तंवर के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। बोले तंवर को अपनी औकात का पता अभी विधानसभा चुनाव के परिणाम आते ही लग जायेगा। कहा मेरे सारे कार्यकर्ता सिरसा लोकसभा में कांग्रेस की खिलाफत करने का काम करेंगे। इन्हीं कार्यकर्ताओं के दम पर दावा करता हूं कि मेरे कर्मठ कार्यकर्ता लोकसभा की सभी नौ सीटें कांग्रेस को हरवाकर तंवर को ट्रेलर दिखाने का काम करेंगे। केहरवाला ने भाजपा ज्वाईन करने से पूर्व अपने समर्थकों की भी बैठक ली जिसमें संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर को सिरसा सीट से लोकसभा चुनाव लडऩे की चुनौती दी। केहरवाला ने यहां तक कहा कि तंवर के सामने अगर मैं चुनाव हार गया तो राजनीति से सन्यास ले लूंगा।
        यहां बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि मेरे लिये कार्यकर्ता परिवार के सदस्य हैं। यही परिवार मेरी ताकत है। कहा मैंने ईमानदारी व सराफत की राजनीति की है जो आगे भी करता रहूंगा। बोले कि मेरे कोई पेट पाप नहीं है, जैसा बोलता हूं, वैसा ही करता हूं। दिल की आवाज से फैसले लेता हूं। बोले कार्यकर्ताओं के मेरे पूरे परिवार के हौंसले व ताकत के दम पर मंच से कहता हूं कि तंवर सिरसा छोड़कर न भाग जायें। केहरवाला बोले कि पद के अभिमान में चूर तंवर जब मेरे सामने चुनाव लड़ेंगे तो उन्हें अपनी असली औकात का पता चल जायेगा कि कौन जनाधार वाला नेता है। बैठक में मनीराम तब भावुक भी हो गये जब उन्होंने कांग्रेस को अलविदा करने की वजह बताई। बोले कि मेरे रग-रग में कांग्रेस बसी थी। पीढिय़ों से कांग्रेस में रहकर केहरवाला परिवार ने सेवा की मगर आज तंवर ने कांग्रेस का बेड़ा गर्क करने का काम किया है। बोले कांग्रेस छोडऩे की वजह एकमात्र अशोक तंवर है जिसने कार्यकर्ताओं के साथ दुव्र्यवहार किया। बोले कार्यकर्ता ही मेरी जान हैं, जिनके लिए मैं कुछ भी कर सकता हूं। मनीराम केहरवाला ने आधा घंटे से ज्यादा के भाषण में अनेक पुरानी बातें भी ताजा की और पिता स्व. केसराराम से जुड़े सस्मरण सुनाये। साथ ही कहा कि महसूस हो रहा है कि मुझे आज की राजनीति शायद आती नहीं है। मैं तो दिल से बात करना जानता हूं।

लंबी राजनीतिक विरासत है केहरवाला की

सिरसा। मनीराम केहरवाला की बड़ी राजनीतिक विरासत है। वे ऐलनाबाद से पूर्व विधायक हैं तो कांग्रेस के जिला अध्यक्ष व हरको बैंक के चेयरमैन भी रह चुके हैं। वहीं वर्ष 1989 में जब ओमप्रकाश चौटाला मुख्यमंत्री थे तब केहरवाला ने सिरसा संसदीय सीट से चुनाव लड़ा जो वो मात्र 32 हजार वोटों से हार गये। पूर्व विधायक के पिता स्व. केसराराम तीन बार विधायक बनने के साथ ही हरियाणा अलग होने के बाद पहले सिंचाई एवं ऊर्जा मंत्री थे। इसके अलावा पूर्व विधायक के पुत्र यशपाल केहरवाला मौजूदा समय में युवा कांग्रेस के सिरसा लोकसभा से उपाध्यक्ष एवं युवा मेघवाल सभा के प्रदेशाध्यक्ष हैं। यशपाल कालांवाली व टोहाना के प्रभारी का कार्यभार भी रहे हैं। एससी लीडर के तौर पर पहचान रखने वाले मनीराम केहरवाला के समर्थक पूरे सिरसा लोकसभा क्षेत्र हैं। ऐसे में केहरवाला के कांग्रेस छोडऩे से जिला की लगभग सभी सीटों से कांग्रेस के उम्मीदवारों की नींद उड़ गई है। खासतौर पर रानियां, कालांवाली व ऐलनाबाद के कांग्रेसियों के लिए समीकरण पूरी तरह बिगड़ गये हैं। केहरवाला ने पार्टी छोडऩे की वजह पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर को बताया है। आरोप जड़े हैं कि तंवर पार्टी के सीनियर लीडरों का सम्मान करना नहीं जानते। तंवर के रवैये से ही पूरे प्रदेश में कांग्रेस कमजोर हुई और अनेक नेता पार्टी छोडऩे को मजबूर हुए। सिरसा जिला के लिहाज से देखा जाये तो यहां पुराने कांग्रेसियों में केहरवाला व नेहरा परिवार ही रहे हैं। नेहरा पहले ही भाजपा का दामन थाम चुके हैं तो केहरवाला ने अब कांग्रेस छोडऩे का ऐलान कर दिया।

Monday, 6 October 2014

जेलों से समर्थन की जरूरत नहीं : मोदी

हिसार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हरियाणा में सभी दल पैसे के ठेकेदार हैं और जेलों में जिंदगी गुजारते रहे हैं। रैलियां करके झूठ फैला रहे हैं। जेलों में बैठकर सत्ता पाने का सपना देख रहे हैं, फिर जिंदगी जेल में बीतने का रोना भी रो रहे हैं। क्या उन्हें नहीं पता कि जेलों में सजा मिलती है, सत्ता नहीं। मुझे जेलों में से सर्मथन की जरूरत नहीं। मुझे आपसे समर्थन चाहिए। प्रधानमंत्री आज हिसार तथा कुरुक्षेत्र में रैलियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस तथा इनेलो को जमकर आड़े हाथों लिया। 
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र को पर्यटन क्षेत्र बनाने से ही है। मोदी ने कहा कि टैरेज्मि डिवाइड टूरिज्म, टूरिज्म डिवाइड टैरेज्मि, अर्थात टैरेज्मि बढ़ता है तो टूरिज्म खत्म होता है और टूरिज्म बढ़ते ही टैरेज्मि खत्म होने लगता है। अकेला कुरुक्षेत्र ही ऐसा है, जहां से पूरा हरियाणा संचालित होता है। हरियाणा में ऐसी सरकार का क्या फायदा, जो मुझे यहां घुसने नहीं देगी। हरियाणा में भाजपा सरकार बनी तो इसका सीधा फायदा आपको मिलेगा। 5 साल बाद आप मुझसे भी हिसाब मांग सकते हैं और मेरी हरियाणा सरकार से भी।
कुरुक्षेत्र को बनाएंगे टूरिज्म का हब
कुरुक्षेत्र रैली में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र को टूरिज्म का हब बनाने की बात कही। मोदी ने बताया कि वे अमेरिका गए तो ओबामा से कुरुक्षेत्र की बात की। चीन और जापान के प्रधानमंत्री आए तो कुरुक्षेत्र की बात कही। मैंने तीनों को गीता भी भेंट की। मोदी ने कहा कि टूरिज्म एक ऐसा क्षेत्र है, जहां कम पैसा लगता है और कमाई ज्यादा होती है। हमारी कमाई होगी, दूसरे देशों की संस्कृति, सभ्यता से मेल जोल।
मोदी ने कहा कि आतंकवाद बांटता है और टूरिज्म जोड़ता है। कुरुक्षेत्र को टूरिज्म का हब बनाया गया तो हरियाणा विदेशों से जुड़ेगा। हरियाणा विदेशों से जुड़ेगा तो देश विदेशों से जुड़ेगा। लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
पूर्वजों की विरासत यहां आज भी मौजूद
नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जो विरासत हमें दी है, वह आज भी मौजूद है और अपना अस्तित्व बनाए हुए है। आज भी इस विरासत से लोगों को रोजगार मिलता है। ताजमहल हो या एलोरा की गुफाएं, कुरुक्षेत्र का मैदान हो या दिल्ली का लाल किला। आज भी लोगों को रोजी-रोटी दे रहे हैं। मोदी ने कहा कि अमेरिका, चीन और जापान ने भारत में लाखों करोड़ रुपयों के निवेश की बात की है। यह पैसा आएगा, कारखाने लगेंगे। सड़कों, रेलों का मार्ग बनेगा। जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा।  मोदी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में हम सरस्वती के रास्ते की तलाश कराएंगे। सरस्वती का उद्गम मिला तो कुरुक्षेत्र की धरती फिर हरी होगी। किसानों को पानी मिलेगा और ज्यादा उत्पादन होगा।
हरियाणा में भाजपा सरकार बनना जरूरी
मोदी ने कहा कि लोगों से किए सभी वायदे पूरे होंगे, लेकिन तभी जब भाजपा को हरियाणा में जगह दी जाएगी। अगर लोग किसी दूसरी पार्टी को जगह देंगे तो मुझे हरियाणा में घुसने नहीं दिया जाएगा। फिर मैं आपसे किए वायदे पूरे नहीं कर पाऊंगा। 
कांग्रेस तो सिर्फ अपने परिवार का सोचती है। मुझसे 100 दिन का हिसाब मांगती है, अपने 60 सालों में विकास का रोना रोती है, लेकिन मैं जानना चाहता हूं कि विकास कहा है। देश आज भी गरीब के दर पर खड़ा है। आज भी युवाओं के पास रोजगार नहीं है। आज भी किसानों के हाल बेहाल हैं। ऐसे में बताइए विकास कहां है? प्रगति कहां है? सुकून की जिंदगी कहां है?
दामाद जी को जमीन देने का काम फाइनल
हरियाणा के हिसार की चुनावी रैली में पीएम नरेंद्र मोदी ने राबर्ट वाड्रा के बहाने सोनिया गांधी और सीएम हुड्डा पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि हुड्डा जी ने मान लिया है कि हरियाणा में उनकी हार तय है। हुड्डा ने दामाद जी को जमीन देने का काम फाइनल कर दिया है. उन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए यह काम किया है, उनपर उपर से डंडा चला है, वे जानते हैं चुनाव के बाद हरियाणा में ये सब नहीं चलेगा। मुझे विश्वास है, चुनाव आयोग इस तरह के लाभप्रद निर्णयों पर जरूर गंभीरता से विचार करेगा।
साफ-सुथरी सरकार है, साफ-सुथरी सरकार बनाऊंगा
मोदी ने कहा कि मेरी सरकार जनता के समर्थन से चल रही है। मुझे देश की सवा करोड़ जनता का साथ मिल गया है। अब मुझे जेलों से समर्थन नहीं चाहिए। गुंडों और माफियाओं का साथ नहीं चाहिए। मेरी सरकार साफ सुथरी है। हरियाणा में भी साफ सुथरी सरकार बनाऊंगा। मोदी ने कहा कि मेरी सरकार विकास करने के लिए हरियाणा में चुनाव लड़ रही है। परिवारशाही का खात्मा करके लोकशाही स्थापित करने को चुनाव लड़ रही है। इसलिए झूठे, जेलों में बैठे लोगों की बातों में न आइए।

डबवाली में गरजे बादल

डबवाली। कांग्रेस हमेशा बदले की भावना व क्षेत्रीय दलों पर दबाव की नीति पर काम करती है। इसी नीति पर काम करते हुए कांग्रेस ने सीबीआई को हथियार बना कर इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला व अजय चौटाला को जेल भिजवाया है। पंजाब में भी कांग्रेस ने मुझे व मेरे परिवार के खिलाफ झूठे मुकद्देम बना कर जेल में डाल दिया था परन्तु पंजाब की जनता ने इस अन्याय का बदला लिया और अकाली-दल का साथ लेकर कांग्रेस को पंजाब से चलता कर दिया। अब हरियाणा से इस कांगे्रस को चलता करने की बारी है। हरियाणा की जनता की अब इनेलो का साथ देकर देवीलाल परिवार पर कांग्रेस के जुल्मों का जबाव दे ताकि आने वाले समय में कांग्रेस इतिहास बन कर रह जाए। यह आह्वान पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार प्रकाश सिंह बादल ने सोमवार को डबवाली हलके से इनेलो प्रत्याशी नैना सिंह चौटाला के पक्ष में चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत करते हुए गांव सक्ताखेड़ा में किया।
उन्होंने डबवाली हलके की जनता से आह्वान किया कि इस हलके से नैना चौटाला को जीताओ, राज आपका ही होगा। अकाली नेता ने कहा कि देश में जो पार्टियां राजनैतिक जुल्म करती है जनता उन्हें बर्दाश्त नहीं करती और मौका मिलते ही जनता उनकी ज्यादतियों का माकुल जवाब देती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के जुल्मों का जवाब लोकसभा में कांग्रेस को मिल गया और देश से सफाया हो गया अब हरियाणा से भी कांग्रेस का जाना तय है। उन्होंने कहा कि  प्रदेश की जनता में कांग्रेस की ज्यादतियों के खिलाफ गुस्सा है और 15 अक्टूबर को अपने गुस्से को वोट के माध्यम से जाहिर करेगी। उन्होंने कहा कि इनेलो प्रमुख प्रदेश की जनता को नौकरियां देने के लिए जेल गए हैं और प्रदेश की जनता ओमप्रकाश चौटाला के साथ है।
पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि ओमप्रकाश चौटाला व अजय चौटाला की गैर हाजिरी में कार्यकर्ताओं को दोगुने जोश व मेहनत से काम करना है ताकि किसी प्रकार की कोर-कसर न रहे। उन्होंने कहा कि आने वाला समय इनेलो का है। उन्होंने कहा कि अब तो मीडिया के सर्वे भी कह रहे हैं कि हरियाणा में इनेलो सत्ता में आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का भला इनेलो सरकार बनने पर ही होगा। इनेलो जमीन से जुड़ी हुई पार्टी है और जनता से सीधा संपर्क रखते हुए उनके लिए संर्ष करती है। है। श्री बादल ने कहा कि मैने और स्व. देवीलाल ने मिलकर राजनीति में बहुत काम किया है। स्व. देवीलाल किसान, दलित, कमेरे वर्ग और आम जनता का दुख दर्द और उनकी जरूरते समझते थे। उन्हीं की नीतियों पर इनेलो चल रही है। उन्होंने कांग्रेस को अमर बेल की संज्ञा देते हुए कहा कि जिस प्रकार अमर बेल किसी वृक्ष पर पनप कर उसे समाप्त कर देती है, उसी प्रकार कांग्रेस ने देश के किसान व गरीब आदमी को उबरने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि देश में सर्वाधिक राज कांग्रेस का रहा है इसलिए आज देश व प्रदेश का किसान व कमेरा खून के आंसू रो रहा है।

Saturday, 4 October 2014

दिल से नहीं, दिमाग से फैसला लें : सोनिया

सिरसा के भगत सिंह स्टेडियम में किया रैली को संबोधित

सिरसा। प्रदेश में विधानसभा चुनावों के प्रचार ने गति पकड़ ली है। मतदाताओं के बीच उम्मीदवारों की पहचान बनने के बाद अब स्टार प्रचारकों का दौर शुरू हो चुका है। आने वाले 10 दिन सभी दलों के लिए निर्णायक साबित होने हैं। ऐसे में सभी दल एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं। एक ओर जहां भाजपा की ओर से आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रैली को संबोधित कर अपने प्रचार की शुरुआत की तो वहीं सोनिया गांधी का पहला पड़ाव महम के बाद सिरसा रहा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने भाषण में कांग्रेस सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने देश के बाद प्रदेश में भी बीजेपी की सरकार बनाने का आह्वान किया। 
आज सुबह एक तरफ जहां पीएम मोदी ने बीजेपी के लिए चुनाव प्रचार की शुरूआत करते हुए कहा कि जो लोग 60 सालों में कुछ नहीं कर पाए वो मेरे 60 दिन का हिसाब मांगते हैं तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पीएम मोदी का नाम लिए बगैर उनके बारे में कहा कि जो लोग चिल्लाते हैं वो सच नहीं बोलते हैं। कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी आज सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में रैली को संबोधित कर रहीं थीं। मंच से उन्होंने सिरसा लोकसभा क्षेत्र के सभी उम्मीदवारों का परिचय प्राप्त किया और लोगों को उन्हें विजयश्री दिलवाने का आह्वान किया। इस दौरान मंच पर सिरसा संसदीय क्षेत्र के सभी 9 हल्कों के उम्मीदवारों के साथ मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा तथा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर भी मौजूद रहे।
कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने अपने भाषण के दौरान प्रदेश को नंबर वन बताते हुए इसकी तुलना देश के विभिन्न भाजपानीत राज्यों से की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों का असर कभी भी विधानसभा चुनावों पर नहीं पड़ता क्योंकि प्रदेश और देश की जरूरतें और परिस्थितियां अलग-अलग होती हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जितना विकास हुआ है, उतना किसी भाजपा की सरकार वाले राज्य में आज तक नहीं हुआ। कांग्रेस की सोच सभी वर्गों के हित की है। उन्होंने कहा कि देश एक दिन में नहीं बनते। प्रादेशिक सहित देश के विभिन्न मुद्दों पर मोदी सरकार को घेरते हुए कांग्रेस अध्यक्षा ने कहा कि अब तक जितने भी कार्य हुए हैं, वे या तो कांग्रेस सरकार में पूरे हो चुके थे और उनके उद्घाटन हुए या फिर वे कांग्रेस सरकार में शुरू हो चुके थे। अब पूरे हुए हैं तो भाजपा की सरकार उनका श्रेय मात्र ले रही है।  मंगलयान जैसी सफल योजनाओं पर कांग्रेस अध्यक्ष बोलीं कि पहले जिन योजनाओं की बीजेपी आलोचना करती थी अब उन्ही योजनाओं योजनाओं का लाभ उठा रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी हमारे द्वारा शुरु की गई योजनाओं को उपलब्धि के तौर पर पेश कर रही है।
मंहगाई कम नहीं कर पाने और 100 दिनों में काला धन वापस नहीं ला पाने का हवाला देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी ने खोखले वादे बेचे हैं साथ ही उन्होंने अपील की कि इस बार दिल से नहीं दिमाग से फैसले करें। वहीं उन्होंने राज्य को यूनिवर्सिटी से लेकर मेट्रो तक देने के वादे किए।

Friday, 3 October 2014

युवक ने फांसी लगाकर दी जान

सिरसा। कंगनपुर रोड स्थित शिवनगर में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह मिली। पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
      जानकारी के अनुसार शिवनगर में राजू पुत्र लालचंद अपनी पत्नी व परिवार के साथ रहता था। बताया जाता है कि वह खच्चर रेहड़ी पर सामान ढोने का काम करता था। गत दिवस उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को परिवार के सदस्य घर की छत पर सो रहे थे और राजू अकेला नीचे कमरे में सो रहा था। शुक्रवार सुबह परिवार के सदस्य जब नीचे आए तो राजू को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। उन्होंने बताया कि राजू पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची औश्र शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

Wednesday, 1 October 2014

अदालत को झूठ बोल रहा डेरा सच्चा सौदा

स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर पेशी से छूट लेकर हिमाचल में फिल्म की शूटिंग में जुटा हत्या व बलात्कार का आरोपी

सिरसा। गुरुनानक देव के सच्चा सौदा के नाम पर धर्म का धंधा चला रहे डेरा का मुखिया कितना सच्चा है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अदालत के समक्ष पेशी से छूट पाने के लिए स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर वह हिमाचल की वादियों में अपने व्यापार के लिए फिल्म की शूटिंग में व्यस्त है। उल्लेखनीय है कि आज डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह को पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष हाजिर होना था। अदालत में गुरमीत सिंह पर चल रहे हत्या व यौन शोषण के मामलों में सुनवाई हुई। लेकिन गुरमीत गैर हाजिर रहा। अदालत के समक्ष पीठ में दर्द का हवाला दिया गया और पेशी से छूट ले ली। हालांकि गुरमीत सिंह की गैर हाजिरी में अदालती कार्रवाई हुई। आज रणजीत हत्याकांड में प्रतिवादी पक्ष के गवाह निपटा दिए गए। अब इस मामले में आगामी तारीख 18 अक्तूबर निर्धारित की गई है। इसके अलावा साध्वी यौन शोषण मामले में अगली सुनवाई छह अक्तूबर को होनी तय हुई है।
उल्लेखनीय है कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख पर डेरा में रह रही साध्वियों के साथ यौन शोषण तथा डेरा के एक मैनेजर रणजीत सिंह तथा पत्रकार रामचन्द्र छत्रपति की हत्या के मामले अदालत में विचाराधीन हैं। तीनों मामलों में आज सुनवाई हुई। रणजीत हत्याकांड में डेरा प्रमुख के बचाव में गवाह भुगताया गया। इसी के साथ इस मामले में गवाहियों का निपटारा हो गया। अब इस मामले में मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह के 313 के तहत बयान होने बकाया है। छत्रपति व रणजीत हत्याकांड में अब अगली सुनवाई 18 अक्तूबर को होगी। वहीं साध्वी यौन शोषण मामले में छह अक्तूबर की तारीख मुकर्रर की गई है।
आज की कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह गैर हाजिर रहा। इससे पूर्व हुई सुनवाई में भी गुरमीत सिंह द्वारा स्वस्थ न होने के चलते अदालत से पेशी की छूट मांगी गई थी। सूत्रों के अनुसार गुरमीत सिंह ने उस दिन हिमाचल में डेरा सच्चा सौदा द्वारा बनाई जा रही फिल्म की शूटिंग की। अभी भी गुरमीत सिंह इसी कार्य में व्यस्त है। ऐसे में सच्चा सौदा के सच पर सवाल खड़े होना लाजमी है।

Tuesday, 30 September 2014

4 अक्तूबर को सिरसा आएंगी सोनिया

सिरसा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी 4 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे सिरसा आएंगी। वे यहां कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगी। कांग्रेस के सिरसा हलके से उम्मीदवार नवीन केडिया ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कांग्रेस के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने के लिए सिरसा पहुंच रही हैं। वे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर के विशेष आग्रह पर सिरसा आएंगी। इस अवसर पर सोनिया गांधी के साथ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी डॉ. शकील अहमद, सह प्रभारी आशा कुमारी, मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर भी उपस्थित होंगे। 

दुकान में लगी आग, लाखों का सामान राख

सिरसा। सुभाष चौक स्थित एक कपड़े की दुकान में गत रात्रि आग लग गई। दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की तीन गाडिय़ां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
दुकान मालिक सुरेश कुमार ने बताया की दुकान के बेसमेंट से धुआं निकालता दिखाई दिया। गेट खोले जाने पर पता चला कि आग लगी हुई है। दुकान के बैसमेंट में आग लगने की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। संभावना व्यक्त की जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी।

Monday, 29 September 2014

सिरसा जिला की पांचों विधानसभा सीटों से रद्द हुए 49 नामांकन

पांचों सीटों पर 73 उम्मीदवारों से 76 नामांकन सही पाए गए

ऐलनाबाद से सर्वाधिक 19 प्रत्याशी मैदान में

सिरसा। जिला की पांचों विधानसभा सीटों के नामांकन पत्रों की जांच आज हुई। जांच के बाद 49 नामांकन पत्र रद्द किए गए। सिरसा व डबवाली से 14-14 नामांकन पत्र रद्द हुए। ऐलनाबाद व कालांवाली से 8-8 तथा रानियां विधानसभा सीट से 5 नामांकन पत्र रद्द किए गए हैं। रानियां विधानसभा सीट से 11 प्रत्याशियों के 14 नामांकन सही पाए गए हैं। रद्द हुए नामांकन कवरिंग प्रत्याशियों व आजाद उम्मीदवारों के हैं। सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए हैं।
             सिरसा विधानसभा सीट से 31 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे जिनमें से 17 नामांकन सही पाए गए हैं जबकि 14 नामांकन रद्द किए गए हैं। इसी तरह डबवाली विधानसभा सीट से 28 नामांकन दाखिल हुए थे जिनकी जांच के बाद 14 नामांकन सही पाए गए हैं। ऐलाबाद व कालांवाली विधानसभा सीटों से 27 व 20 नामांकन दाखिल हुए थे। दोनों ही सीटों से 8-8 नामांकन रद्द हुए हैं। रानियां विधानसभा सीट से 19 नामांकन दाखिल हुए थे जिनमें से पांच रद्द हुए हैं जबकि 11 प्रत्याशियों के 14 नामांकन सही पाए गए हैं। 
             सिरसा जिला की पांचों विधानसभा सीटों से चुनाव लडऩे के लिए 125 नामांकन दाखिल हुए थे। जिनमें से 49 नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए हैं। 76 नामांकन सही पाए गए हैं। नामांकन वापिस की तारीख एक अक्तूबर है। एक अक्तूबर को साफ हो जाएगा कि पांचों विधानसभा सीटों से कितने प्रत्याशी मैदान में डटे रहते हैं।
          आपको बता दें सिरसा जिला की पांचों विधानसभा सीटों में से सर्वाधिक 31 नामांकन सिरसा विधानसभा सीट से दाखिल हुए थे जबकि रानियां से सबसे कम 19 नामांकन दाखिल हुए थे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब ऐलनाबाद से सर्वाधिक प्रत्याशी 19 मैदान में हैं जबकि सबसे कम प्रत्याशी रानियां सीट से 11 बचे हैं। हालांकि रानियां से नामांकन 14 सही पाए गए हैं लेकिन सही पाए गए 14 नामांकन 11 ही प्रत्याशियों के हैं। इसके बाद कालांवाली सीट से 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। सिरसा विधानसभा सीट से 17, डबवाली सीट से 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।

दलों का नए चेहरों पर दांव

मुख्य पार्टियों के जिला में सभी हल्कों से सिर्फ 4 पुराने प्रत्याशी

सिरसा। विधानसभा चुनाव में इस बार लगभग सभी पार्टियों ने नए चेहरों पर दांव खेला है। सभी पार्टियों ने नए चेहरे को चुनावी मैदान में उतारा है।  
सिरसा विधान सभा सीट से इनेलो के मखनलाल सिंगला, भाजपा प्रत्याशी सुनीता सेतिया, कांग्रेस के नवीन केडिया, हजकां के श्याम मेहता ऐसे चेहरे हैं जो पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। सिरसा से केवल गोपाल कांडा ऐसे उम्मीदवार हैं जो दूसरी बार मैदान में उतरे हैं। कालांवाली से कांग्रेस के शीशपाल केहरवाला, शिरोमणि अकाली दल-इनेलो के बलकौर सिंह, भाजपा के राजेंद्र देसूजोधा, हजकां के मेला सिंह, हलोपा के निर्मल सिंह सहित लगभग सभी प्रत्याशी पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। डबवाली में इनेलो प्रत्याशी नैना सिंह भी पहली बार चुनावी मैदान में हैं। 
रानियां में हलोपा के गोबिंद कांडा, इनेलो के रामचंद्र कंबोज चुनावी मैदान में नए चेहरे हैं। ऐलनबाद में इनेलो को छोड़ कर बाकी सभी पार्टियों के प्रत्याशी पहली बार चुनाव मैदान में आए हैं। ऐलनबाद से भाजपा के प्रत्याशी पवन बैनीवाल, कांग्रेस के रमेश भादू, हजकां के कुलदीप सहित सभी उम्मीदवार पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। इनेलो ने जिला में पांच में से चार सीटों पर नए चेहरे उतार कर कार्यकर्ताओं को नेतृत्व करने का मौका प्रदान किया है। हालांकि कांग्रेस पांचों सीटों पर नए चेहरे उतारने की मूड में थी पर कुछ कारणों के चलते तीन नए चेहरे ही आ पाए। पहली बार चुनाव लड़ रहे सभी चेहरे काफी उत्साहित दिख रहे हैं। ज्यादा संख्या में पहली बार चुनाव मैदान में आने से सभी पार्टियों के कार्यकर्ताओं के हौसले भी बढ़े हैं। इससे यह संदेश तो जरूर गया है कि निष्ठा से काम करने वाले किसी भी कार्यकर्ता को नेतृत्व का मौका मिल सकता है।

19 नामांकन हुए रद्द

सिरसा। विधानसभा चुनाव के लिए रानियां व डबवाली विधानसभा क्षेत्रों के नामांकन पत्रों की जांच के बाद 19 नामांकन रद्द किए गए हैं। रानियां से 19 नामांकन दाखिल हुए थे जिनमें से 11 उम्मीदवारों के 14 नामांकन सही पाए गए है जबकि पांच नामांकन रद्द किए गए। डबवाली में 28 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे जिनकी जांच के बाद 14 नामांकन रद्द किए गए हैं। यह जानकारी देते हुए रानियां के रिट्रनिंग अधिकारी यतिन्द्र सिंह छोकर व डबवाली के रिट्रनिंग अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब नाम वापिसी की तिथि के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न अलाट कर दिए जाएंगे।

युवक ने की आत्महत्या

सिरसा। डिंग के निकट एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल लाया गया। जानकारी के अनुसार दीपक उर्फ दीपू पुत्र छोटूराम निवासी डिंगमंडी सिरसा से हिसार जाने वाली गाड़ी की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिरसा के सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। परिजनों के अनुसार दीपक शादीशुदा था और पिछले एक साल से मानसिक रूप से परेशान था। फिलहाल पुलिस ने सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।

Saturday, 27 September 2014

आखिरी दिन अनेकों ने किया नामांकन, शहर में गूंजे नारे

सिरसा। जिला से आज नामांकन पत्र दाखिल करने के आखिरी दिन इनेलो, कांग्रेस, भाजपा व हजकां प्रत्याशियों ने अपने-अपने पर्चे दाखिल किए। सभी पार्टियों ने प्रत्याशियों ने नामांकन से पूर्व जनसभाएं की और इसके बाद शहर में जुलूस निकालते हुए पर्चे दाखिल किए। सभी नेताओं ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया। इसके अलावा आज नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन कई प्रत्याशियों ने आजाद उम्मीदवार के रूप में भी नामांकन दाखिल किया। इससे पूर्व शुक्रवार तक सिरसा जिला में कुल 27 प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर चुके थे।
सिरसा में कांग्रेस प्रत्याशी नवीन केडिया का नामांकन करवाने के लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर यहां पहुंचे थे। तंवर ने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में बेगू रोड स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। तंवर ने इनेलो पर कटाक्ष करते हुए कहा कि तिहाड़ में बैठकर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने का दावा करने वालों को जनता किसी सूरत में कबूल नहीं करेगी। उन्होंने हलोपा अध्यक्ष गोपाल कांडा पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांडा जैसे तैसे हैं आप सब जानते हैं। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी नवीन केडिया व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर काफिले के साथ शहर में जुलूस निकालते हुए लघु सचिवालय पहुंचे और यहां नामांकन पत्र दाखिल किया।
सिरसा से इनेलो प्रत्याशी मक्खन लाल सिंगला के समर्थन में इनेलो कार्यकर्ता कपास मंडी में एकत्रित हुए और यहां से जुलूस निकालते हुए लघु सचिवालय पहुंचे और यहां नामांकन दर्ज करवाया। इससे पूर्व इनेलो की हरी झण्डियों से सजे हजारों स्कूटर, मोटरसाईकिलों पर सवार कार्यकर्ताओं ने नामांकन यात्रा की अगवानी की।
रानियां से भाजपा प्रत्याशी जगदीश नेहरा अपने समर्थकों सहित लघु सचिवालय पहुंचे और नामांकन दाखिल किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने दावा किया रानियां की जनता उनके साथ है और भाजपा रानियां क्षेत्र से बड़ी जीत हासिल करेगी।
डबवाली से निवर्तमान विधायक अजय सिंह चौटाला की पत्नी नैना चौटाला ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला व इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला मौजूद थे। नामांकन से पूर्व नैना चौटाला के समर्थन में एक जनसभा भी हुई।
एलनाबाद में इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने जुलूस के साथ रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि ऐलनाबाद सहित समूचे हरियाणा में इनेलो की जो लहर चल रही है, वह वर्ष 1987 की याद दिलाती है जब कांग्रेस को महज पांच सीटें ही हासिल हुई थी, मगर इस बार लोगों का कांग्रेस के प्रति ऐसा गुस्सा है कि उसे पांच सीटें भी हासिल नहीं होगी।
वहीं महिला नेत्री शिल्पा वर्मा ने आज रानियां विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। हजकां नेता मेला सिंह ने हजकां की ओर से कालांवाली विधानसभा क्षेत्र से हजकां उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। 

आग से नष्ट हुआ विद्युत निगम का रिकॉर्ड

सिरसा। बरनाला रोड स्थित बिजली घर के एक्सईएन कार्यालय में गत रात्रि आग लग गई। आग से कार्यालय में रखा कम्प्यूटर व रिकॉर्ड जल गया। आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। संभावना व्यक्त की जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। 
घटना की जानकारी देते हुए एक्सईएन एम.एल. सुखीजा ने बताया कि गत रात्रि करीब साढे 11 बजे उन्हें कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। बिजली बंद करवाकर फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि आगजनी के कारण ऑफिस में रखा 1970 से लेकर अब तक का रिकॉर्ड, आरटीआई के आवेदन, कम्प्यूटर व सर्वर सिस्टम नष्ट हो गए। संभावना व्यक्त की जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। 
उधर काठ मंडी स्थित बिजली बोर्ड के कम्प्लेंट सेंटर की छत गिरने से वहां रखे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट हो गया। तुरंत वहां की बिजली काटी गई। बिजली काटे के कारण देर रात्रि तक क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप्प रही। लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। 

Friday, 26 September 2014

बुरे फंसे ओपी चौटाला

सिरसा। जेबीटी भर्ती घोटाले में सजायाफ्ता प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को कल हुई जींद रैली में शामिल होना महंगा पड़ सकता है। दिल्ली की अदालत ने चौटाला को तुरंत आत्मसमर्पण करने को कहा है।
उल्लेखनीय है कि चौटाला स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर जमानत पर चल रहे हैं। उन्हें 17 अक्तूबर तक राहत मिली हुई थी, लेकिन आज दिल्ली की अदालत ने चौटाला को तुरंत सरेंडर करने के आदेश जारी किए हैं। कल जींद में अपने पिता स्वर्गीय देवीलाल की पुण्यतिथि पर आयोजित रैली में चौटाला न केवल शामिल हुए बल्कि उन्होंने मंच से लोगों को संबोधित भी किया और इनेलो के पक्ष में मतदान का आह्वान किया था।

कई असंतुष्ट भरेंगे नामांकन
अहम होगा नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन

सिरसा। कल कई दिग्गजों सहित विभिन्न आजाद उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल होने की संभावना है। इसमें कई ऐसे लोग भी शामिल हो सकते हैं जो किसी पार्टी से टिकट न  मिलने के कारण नाराज हैं। ऐसे में वे गुपचुप नामांकन भरकर चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि कल दोपहर तीन बजे तक नामांकन भरे जाने हैं। नामांकन का आखिरी दिन काफी अहम रहने वाला है। इस दौरान कई उन लोगों के आजाद उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरने की संभावना है जो पार्टी द्वारा टिकट न मिलने या किसी अन्य कारण से पार्टी से खफा चल रहे हैं। सूत्रों की मानें तो कई असंतुष्टों ने कल नामांकन दाखिल कर चौंकाने का मन बना रखा है क्योंकि कल नामांकन का आखिरी दिन है। 
सिरसा से कांग्रेस उम्मीदवार नवीन केडिया, इनेलो के मक्खन सिंगला, रानियां से भाजपा विधायक जगदीश नेहरा सहित नामांकन दाखिल करने से अभी तक वंचित रहे सभी प्रत्याशियों द्वारा कल अपना नामांकन दाखिल किया जाएगा। 
कांग्रेस उमीदवार नवीन केडिया कल सुबह 11 बजे अपना  नामांकन पत्र  भरेंगे। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. अशोक तंवर भी उनके साथ होंगे। 
वहीं इनेलो प्रत्याशी मक्खन लाल सिंगला भी कल अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन पूर्व इनेलो कार्यकर्ता प्रात: साढे दस बजे कपास मण्डी में एकत्रित होंगे।
भारतीय जनता पार्टी के रानियां विधानसभा के प्रत्याशी चौ. जगदीश नेहरा भी कल दोपहर 12 बजे अपना नामांकन पत्र सिरसा में लघुसचिवालय स्थित नामांकन कक्ष में दाखिल करेंगे। नामांकन प्रक्रिया से पहले भाजपा प्रत्याशी जगदीश नेहरा रानियां के मेला ग्रांऊड में जनसभा को संबोधित करेंगे।

सड़क दुर्घटना : दो बारातियों की मौत

सिरसा। गांव सिकन्दरपुर के पास बीती रात बारातियों से भरी एक कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। 
मिली जानकारी के अनुसार मंडी सिवानी निवासी जयदीप की शादी सिरसा की संजय कॉलोनी में तय हुई थी। कल बारात सिवानी से सिरसा आई। विवाहोपरांत दूल्हे जयदीप के रिश्तेदार गुलाब पुत्र बलवंत, सोनू पुत्र रतन अपनी इंडिका कार में सवार होकर वापिस जा रहे थे। गांव सिकंदरपुर के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में गुलाब व सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल लाया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम करवा उनके परिजनों को सौंप दिए हैं।

Thursday, 25 September 2014

तिहाड़ से लूंगा मुख्यमंत्री पद की शपथ : चौटाला

इलाज हेतु जमानत ले पूर्व मुख्यमंत्री ने लिया रैली में हिस्सा, बढ़ सकती हैं मुश्किलें

सिरसा। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं इंडियन नेशनल लोकदल के अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता यदि उनकी पार्टी को जिताकर विधानसभा में बहुमत दिलाती है तो वे तिहाड़ से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। चौटाला आज जींद में अपने पिता एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री स्वर्गीय देवीलाल की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे। चौटाला के रैली में पहुंचने को लेकर विगत लंबे समय से अटकलें जारी थीं। इनेलो कार्यकर्ता हालांकि पहले से ही प्रचारित कर रहे थे कि ओम प्रकाश चौटाला रैली में पहुंचेंगे लेकिन कानूनी दांव-पेंच को देखते हुए उनके कार्यक्रम में पहुंचने की संभावनाएं कम आंकी जा रही थी। लेकिन सभी सवालों का जवाब उस वक्त मिला जब ओमप्रकाश चौटाला का हैलीकॉप्टर रैली स्थल पर उतरा। कानूनी जानकारों के अनुसार भ्रष्टाचार के मामले में सजायाफ्ता इनेलो सुप्रीमो का इलाज हेतु जमानत पर होने के बावजूद रैली में आना आने वाले समय में उनके लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है। कानूनी जानकारों के अनुसार कानून में हालांकि इस तरह के बर्ताव के लिए कोई सजा का प्रावधान नहीं है लेकिन इसे नाजायज माना जा सकता है और आने वाले समय में जब चौटाला जमानत अवधि बढ़ाने के लिए अर्जी देते हैं तो दूसरे पक्ष द्वारा इस आधार पर आपत्ति जाहिर की जा सकती है।
जींद रैली में पहुंचे ओमप्रकाश चौटाला ने अपने करीब 10 मिनट के भाषण के दौरान कांग्रेस सरकार को जमकर लताड़ा। उन्होंने यहां तक कहा कि उन्हें जेल से डर नहीं लगता है लेकिन उन्हें इस बात का मलाल है कि उन्हें अपराधी के तौर पर जेल में रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि 3000 गरीबों को नौकरी देना अपराध है तो वे ऐसा अपराध बार-बार करेंगे।

राजनीतिक मंच बनकर रह गया पुण्यातिथि कार्यक्रम

सिरसा। इनेलो द्वारा जींद में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय देवीलाल की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने को लेकर आयोजित की गई यह रैली पूरी तरह से राजनीतिक मंच बनकर रह गई। रैली के माध्यम से वक्ताओं ने देवीलाल को कम याद किया, जबकि मौजूदा सरकार पर कटाक्ष करते हुए मतदान की अपील अधिक की। कोई दो राय नहीं कि रैली पूरी तरह से सफल रही और इनेलो अपने मंसूबों में कामयाब भी रही। रैली को पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतिश कुमार, देवगौड़ा सहित कई दिग्गजों ने संबोधित किया और प्रदेश में आने वाले चुनावों में इनेलो के पक्ष में मतदान की अपील की।

अब तक हुए दस नामांकन
गोबिंद, सेतिया व बेनीवाल ने किया पर्चा दर्ज

सिरसा। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अब तक कुल 10 नामांकन दाखिल हो चुके हैं। इनमें कवरिंग प्रत्याशी भी शामिल हैं। आज कई दिग्गजों सहित सात मुख्य प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। उल्लेखनीय है कि एक प्रत्याशी द्वारा इससे पूर्व नामांकन दाखिल किया जा चुका है।
आज रानियां से हलोपा उम्मीदवार गोबिंद कांडा ने निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने दावा किया कि रानियां की जनता उनके साथ है और वे भारी मतों से विजयी होंगे। खास बात यह रही कि गोबिंद कांडा ने नामांकन बिलकुल सादे तरीके से दाखिल किया। उनके साथ उनके परिजन व कुछ खास लोग ही मौजूद थे।
सिरसा से बीजेपी की उम्मीदवार सुनीता सेतिया तथा एलनाबाद से बीजेपी के पवन बेनीवाल ने जोरशोर से शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन दाखिल किया। सुनीता सेतिया ने रानियां रोड स्थित सेतिया रिसोर्ट में जनसभा को संबोधित किया जबकि पवन बेनीवाल ने एलनाबाद की अनाज मंडी में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए अपनी जीत का दावा किया। इसके बाद दोनों प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में रोड शो करते हुए नामांकन भरने पहुंचे।   खास बात यह रही कि सुनीता सेतिया के नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री संजीव बालयान मौजूद रहे। उन्होंने साफ छवि की भाजपा प्रत्याशी सेतिया को विजयी बनाने की अपील की। केन्द्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री हुड्डा को पत्र लिखने वाला सीएम बताया।
इसके अलावा आज डबवाली से बीजेपी प्रत्याशी देव कुमार, रानियां से कम्प्यूनिस्ट पार्टी के जगतार सिंह, कालांवाली से कम्प्यूनिस्ट पार्टी के चेन सिंह तथा डबवाली से आजादी प्रत्याशी पवन कुमार ने नामांकन दाखिल किए।
उधर कल भी नामांकन भरने वालों की भागदौड़ जारी रहेगी। कल नामांकन भरने वालों में मुख्य रूप से कांग्रेस, हजकां, भाजपा व हलोपा के प्रत्याशी शामिल होंगे।

सात वर्षीय बच्ची को अगवा कर किया दुष्कर्म

सिरसा। मेला ग्राउंड क्षेत्र में बीती रात एक किशोरी को अगवा करके अज्ञात शख्स खेतों में ले गया और उससे दुराचार किया। पुलिस ने पीडि़ता के बयान दर्ज कर केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। सुबह पुलिस पीडि़त किशोरी की मेडिकल जांच करवाने के लिए उसे सामान्य अस्पताल लेकर आई। जांच के दौरान उसके साथ दुराचार किए जाने की पुष्टि हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मेला ग्राउंड क्षेत्र की रहने वाली एक 7 वर्षीय किशोरी नर्सरी कक्षा की छात्रा है। उसका कहना है कि उनके  घर के आंगन का कोई मुख्य द्वार नहीं है जिसके चलते वह अपनी मां के साथ बाहर आंगन में सोई हुई थी। किशोरी ने बयान दिया है कि रात को एक युवक उसके मुंह पर हाथ रखकर उठाकर ले गया। इसके बाद कुछ ही दूरी पर जाकर उसने अपने मोटरसाइकिल पर उसे बैठाया और खेतों में ले गया। वहां जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीडि़ता का कहना है कि उक्त युवक ने चश्मा पहना हुआ था और उसका रंग गोरा और शरीर भारी था।  रात को उसकी मां ने जब उसे गायब देखा तो उसकी तलाश शुरू की गई। सुबह वह रोती-बिलखती अपने घर के नजदीक मिली। परिजनों को पीडि़ता ने आपबीती सुनाई। मामले की जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि पीडि़ता के 164 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज करवाए जाएंगे।

Wednesday, 24 September 2014

तंवर ने की इस्तीफे की पेशकश

सिरसा। कांग्रेस के टिकट वितरण से नाखुश प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने आज पार्टी हाईकमान के समक्ष अपने इस्तीफे की पेशकश कर डाली। इसे राजनीतिक गलियारों में तंवर की धमकी के रूप में देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस प्रत्याशियों को लेकर दिल्ली में माथापच्ची जारी है। प्रत्याशियों के चयन को लेकर मुख्यमंत्री हुड्डा व तंवर के बीच तनातनी की खबरें कई दिनों से आ रही थीं। समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस की सूची जारी नहीं हो पाई थी।

बेनीवाल ने भी किया तंवर का विरोध

सिरसा। टिकट वितरण को लेकर चल रहे घमासान के बीच आज भरत सिंह बेनीवाल ने भी तंवर का विरोध खुलेआम कर दिया। उल्लेखनीय है कि हाईकमान के समक्ष तंवर द्वारा पूर्व विधायक भरत सिंह बेनीवाल को एलनाबाद से टिकट दिए जाने का विरोध किया जा रहा है। इसी को लेकर एक पत्रकारवार्ता के दौरान भरत सिंह बेनीवाल ने तंवर पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि तंवर स्वयं उनके खिलाफ चुनाव लड़कर देख लें। उन्होंने कहा कि यदि उनको टिकट नहीं मिल पाती है तो वे सिरसा संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नौ विधानसभा क्षेत्रों में तंवर समर्थक कांग्रेस प्रत्याशियों का खुलेआम विरोध करेंगे। चुनाव लडऩे संबंधी सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस लिस्ट जारी होने के बाद फैसला लेंगे।

यमुनानगर और हिसार में बनवाऊंगा कारगो अड्डे : गोपाल

सिरसा। हरियाणा लोकहित पार्टी के प्रमुख गोपाल कांडा ने कहा कि किसानों के लिए हरियाणा लोकहित पार्टी की सरकार में अनेक योजनाओं को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश के किसानों को उनकी उपज का बेहतरीन भाव दिलवाने के लिए प्रदेश के यमुनानगर और हिसार क्षेत्र में दो कारगो स्टेशन हलोपा की सरकार में स्थापित किए जाएंगे। गोपाल कांडा सिरसा विधानसभा क्षेत्र के गांव जोधकां में भीड़भरी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। पूरा का पूरा गांव ही इस जनसभा में उत्साह के साथ शामिल हुआ। विशेष रूप से गांव के युवा विशाल जुलूस के साथ लोकहित पार्टी के सुप्रीमों गोपाल कांडा को गांव से पांच किलोमीटर पहले ही अभिनन्दन करते हुए जनसभा स्थल तक लाए। लोगों ने हलोपा नेताओं की एक-एक बात पर ताली बजाते हुए मोहर लगाई। अभिनन्दन से अभिभूत गोपाल कांडा ने जोधकां गांव के युवाओं को आश्वस्त किया कि प्रदेश में हलोपा की सरकार बनने के बाद किसी भी युवा को बेरोजगार नहीं रहने दिया जाएगा। पिछली बार भी इसी गांव से उन्हें सबसे पहले जीत का आशीर्वाद देकर लोगों ने विधानसभा भेजा था। इस बार मुख्यमंत्री बनने के लिए वे आशीर्वाद मांगने आए हैं। इस अवसर पर गांव के कई परिवारों ने दूसरी पार्टियों को छोड़कर हरियाणा लोकहित पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। इस अवसर पर ग्रामीणों ने गोपाल कांडा को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और कहा कि सिरसा हलके से सर्वाधिक वोटों से जिताकर विधानसभा भेजेंगे और भाई गोपाल को इस बार विधायक और मंत्री नहीं बल्कि मुख्यमंत्री बनाएंगे।

Tuesday, 23 September 2014

सुरा के सुरुर में हो गया पंगा

लोगों ने पुलिस के खिलाफ किया जमकर प्रदर्शन
मेडिकल रिपोर्ट में खुलासा, नहीं पी रखी थी पुलिस कर्मियों ने शराब
पुलिस ने किया करीब पांच दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
तीन लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में


सिरसा। घंटाघर चौक पर शराबी पुलिस कर्मियों ने रेहड़ी चालकों के साथ बदसलूकी की। आरोप है कि शराब के नशे में पुलिस की पीसीआर नंबर 5 पर तैनात पुलिस कर्मियों ने राहगीरों और रेहड़ीचालकों के साथ गालीगलौच किया। मारपीट का भी आरोप पुलिस कर्मियों पर लगा है। गुस्साए लोगों ने पीसीआर 5 का घेराव कर लिया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भारी भीड़ एकत्रित हो गई और पुलिस उच्चाधिकारियों का भी लोगों ने घेराव किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने जिप्सी को भगाने का प्रयास किया जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस जिप्सी को भी पलटने का प्रयास किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को तीतर-बीतर करने के लिए हलका बल प्रयोग भी पुलिस ने किया। इस दौरान पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें थाना में ले गए। आरोपियों पुलिस कर्मियों का मेडिकल करवाया गया है और रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात कही गई है। पीडि़त अरुण कुमार ने बताया कि वह मौके पर मौजूद था। इस दौरान नशे में धुत पुलिस कर्मियों ने पीसीआर उस पर चढ़ाने की कोशिश की। जिससे उसे चोट भी लगी। इसके अलावा रेहड़ीवालों के साथ भी मारपीट की गई और गालीगलौच किया गया। इसी बात का लोगों में गुस्सा है। उन्होंने दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस कर्मियों ने नहीं पी थी शराब : एसएचओ
शहर थाना प्रभारी सुरेशपाल ने बताया कि लोगों के बवाल के बाद पीसीआर नंबर 5 में तैनात सभी कर्मचारियों का मेडिकल करवाया गया था। मेडिकल रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया है कि किसी भी कर्मचारी ने शराब नहीं पी रखी थी। उन्होंने बताया कि रात्रि को बवाल करने वाले करीब पांच दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।


जनसंपर्क के बहाने गोपाल कांडा ने किया शक्ति प्रदर्शन

सिरसा। हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष व सिरसा से पार्टी उम्मीदवार गोपाल कांडा ने आज भादरा भादरा गेट से जनता भवन रोड तक दुकानदारों से वोटों की अपील की। जनता से संपर्क साधने के बहाने कांडा ने जोरदार शक्तिप्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों का लंबा काफिला कांडा के साथ नजर आया। पूरे बाजार में जाम लगा दिखाई दिया। 
आज सुबह कांडा ने अपने जनसंपर्क अभियान की शुरुआत भादरा बाजार से की। यहां से सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ वे विभिन्न बाजारों से होते हुए जनता भवन रोड तक गए। उन्होंने बाजारों में दुकान दर दुकान व्यापारियों से अपने पक्ष में मतदान की अपील की। कार्यकर्ताओं के लंबे काफिले के कारण इस जनसंपर्क अभियान ने रोड शो का रूप धारण कर लिया और कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने गोपाल कांडा जिंदाबाद, हरियाणा लोकहित पार्टी जिंदाबाद आदि नारों के साथ बाजार में खूब शक्ति प्रदर्शन किया। 
इस दौरान अपने संबोधन में गोपाल कांडा ने कहा कि हलोपा की सरकार आने पर दुकानों व व्यापारी प्रतिष्ठानों का बीमा करवाया जाएगा ताकि अनहोनी होने पर दुकानदारों की पूर्ण क्षतिपूर्ति की जा सके। उन्होंने कहा कि हलोपा की सरकार व्याापारियों को सुरक्षा और सम्मान दिए जाने के लिए वचनबद्ध है और सरकार आने पर प्रत्येक बाजार और मंडियों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

विजय झूंथरा होंगे बसपा के उम्मीदवार

सिरसा। बहुजन समाज पार्टी ने सिरसा विधानसभा क्षेत्र से बतौर आजाद उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे विजय झंूथरा को सिरसा सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। इस सम्बन्ध में आज यहां जारी संयुक्त बयान में बसपा के प्रदेश महासचिव मूलचन्द राठी, जिला महासचिव भूषण लाल बरोड़, मास्टर रामभगत प्रभारी, हल्का सिरसा प्रधान राजकुमार व रामसिंह हांडीखेड़ा ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी पूरे प्रदेश में अपने दम पर विधानसभा चुनाव लड़ रही है और बसपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जोरों-शोरों से प्रचार एवं प्रसार कर रहे हैं।

Monday, 22 September 2014

हलोपा अध्यक्ष ने की उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी

दूसरी सूची में 34 उम्मीदवारों के नाम घोषित
सिरसा से गोपाल कांडा, एलनाबाद से गुरतीज सिंह कोड़ा व कालांवाली से निर्मल सिंह मलड़ी उतरेंगे चुनाव मैदान में
हलोपा अब तक कर चुकी 40 उम्मीदवारों की घोषणा

सिरसा। हरियाणा में राजनीतिक गठबंधन की संभावनाओं को नकारते हुए हरियाणा लोकहित पार्टी ने आज अपने 34 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। जैसा कि संभावित था, गोपाल कांडा स्वयं सिरसा से चुनाव मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा जिला की कालांवाली व ऐलनाबाद सीटों पर भी महारथी उतार दिए गए हैं लेकिन डबवाली पर फैसला अभी नहीं लिया गया है। हलोपा अब तक 40 प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतार चुकी है। हलोपा द्वारा तीसरी व अंतिम सूची आगामी दो दिनों में जारी की जाएगी।
हलोपा अध्यक्ष एवं सिरसा के विधायक गोपाल कांडा ने आज यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में परिवर्तन का नारा देते हुए दो मई को हरियाणा लोकहित पार्टी का गठन किया गया था। हलोपा के साथ प्रदेश में अबतक 20 लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। बदलाव की इस मुहिम में पूरा हरियाणा शामिल हो चुका है। गोपाल कांडा ने हाल ही में जारी किए गए चुनाव घोषणा पत्र को सभी दलों के मुकाबले बेहतर घोषणा पत्र करार देते हुए कहा कि हलोपा के गठन के समय जो एजेंडा जारी किया गया था, उसे प्रदेश की मौजूदा सरकार ने स्वीकार करते हुए हलोपा की घोषणाओं को लागू करने का प्रयास किया है। गोपाल कांडा ने कहा कि वह जातिवाद में यकीन नहीं रखते। फिर भी समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है। हलोपा प्रत्याशियों की सूची में महिलाओं तथा युवाओं का  विशेष ध्यान रखा गया है। एक सवाल के जवाब में गोपाल कांडा ने कहा कि हलोपा का प्रदेश की जनता के साथ गठबंधन हो चुका है। ऐसे में राजनीतिक गठबंधन के कोई मायने नहीं हैं।
पांव की मोच और घटिया सोच कभी इंसान को आगे नहीं बढऩे देती
इनेलो पर कड़ा कटाक्ष करते हुए गोपाल कांडा ने कहा कि पांव की मोच और घटिया सोच कभी इंसान को आगे नहीं बढऩे देती। उन्होंने कहा कि वे सिरसा के बेहतरीन विधायक साबित हुए हैं लेकिन उनके बहुत कार्य इनेलो की घटिया सोच के कारण पूरे नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि सिरसा की नगर परिषद पर इनेलो काबिज थी। इसके बावजूद उन्होंने नगर परिषद को करोड़ों की राशि उपलब्ध करवाई लेकिन उस राशि का सदुपयोग इनेलो ने नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि पहली बार उन्होंने बतौर विधायक नगरपरिषद के घोटालों की जांच की मांग विधानसभा में उठाई लेकिन हुड्डा और इनेलो के गठजोड़ के कारण उन्हें पूरी सफलता नहीं मिल पाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इनेलो की मिलीभगत इसी से जाहिर होती है कि इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला जेल में होने के बावजूद अभी तक विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं।  उन्होंने कहा कि वे 26 सितम्बर को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

सीवरेज जाम के विरोध में सड़क जाम

सिरसा। लक्खी तालाब मौहल्ला निवासियों ने आज सीवरेज व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए बाल्मीकि चौक पर जाम लगा दिया गया। लोगों ने जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि उनके मौहल्ले में विगत लंबे समय से सीवर जाम  हुए पड़े हैं। सीवर की गंदगी पेयजल आपूर्ति के साथ मिलकर आ रही है। इससे वे गंभीर बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। अनेक बार इस बाबत जनस्वास्थ्य विभाग को लिखित व मौखिक रूप से सूचित किया जा चुका है लेकिन अधिकारियों के कानों तले जूं तक नहीं रेंगती। मजबूरन उन्हें मार्ग जाम करने का कदम उठाना पड़ा है। आज सुबह कॉलोनीवासी एकत्रित हुए और बाल्मीकि चौक पर जाम लगा दिया। जाम के कारण रानियां, ऐलनाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोग सड़क के बीचों बीच बैठ गए। इससे मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। काफी समय बाद शहर थाना से पुलिस मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझा कर शांत किया गया और जाम खुलवाया गया।  विभाग के अधिकारियों ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। 

Saturday, 20 September 2014

'पारिवारिक सीटों' पर इनेलो ने नहीं खोले पत्ते

अभय चौटाला ने जारी की प्रत्याशियों की तीसरी सूची

सिरसा। इनेलो द्वारा आज प्रदेश के विधानसभा की जंग के मैदान में आठ और महारथियों को उतार दिया गया। इसी के साथ इनेलो के कुछ घोषित प्रत्याशियों की संख्या 81 हो गई। इससे पूर्व इनेलो अपने 73 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। खास बात यह है कि आज घोषित प्रत्याशियों की सूची में एक हल्का ऐसा भी रहा जहां पर प्रत्याशी बदल दिया गया है। इसी के साथ इनेलो के परिवार की परंपरागत सीटों पर अभी तक कोई फैसला पार्टी नहीं ले पाई है। 
आज चंडीगढ़ में इनेलो नेता एवं एलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने पत्रकार वार्ता कर इनेलो की तीसरी सूची जारी की। इनेलो की सूची में आज आठ प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। इनमें हिसार से भीम महाजन, हांसी से उमेद लोहान, रोहतक से राजकुमार शर्मा, महम से सतीश दान, गोहाना से केसी बांगड़, बड़ोदा से डा. कपूर सिंह, सोहना से किशोर यादव तथा पूंडरी से तेजबीर सिंह शामिल हैं। इसके अलावा महेन्द्रगढ़ सीट से पहले घोषित प्रत्याशी राव बहादुर की जगह पर निर्मला तंवर को मैदान में उतार दिया गया है। इनेलो द्वारा जारी इस सूची में अभी तक इनेलो सुप्रीमों ओमप्रकाश चौटाला तथा महासचिव अजय चौटाला की पारंपरिक सीटों के बारे में फैसला नहीं हो पाया है।
उल्लेखनीय है कि ओमप्रकाश चौटाला तथा अजय चौटाला क्रमश: उचाना और डबवाली से विधायक हैं। विगत लंबे समय से यह चौटाला परिवार से जुड़े लोगों की पारंपरिक सीटें रही हैं, लेकिन अब जेबीटी भर्ती घोटाले में ओमप्रकाश चौटाला व अजय चौटाला तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं। इसी के चलते इन दोनों सीटों पर पार्टी क्या फैसला लेगी इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। हालांकि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता यही कहते आए हैं कि डबवाली में चौटाला परिवार से ही उम्मीदवार मैदान में उतरेगा। ऐसे में इनेलो की इस सूची पर सभी की निगाहें टिकी थीं, लेकिन आज भी इनेलो ने इन दोनों सीटों पर अपने पत्ते नहीं खोले। इनेलो नेता अभय चौटाला ने पत्रकारों से बातचीत में अगली व अंतिम लिस्ट दो दिन में जारी करने की बात कही है। इसी के साथ डबवाली व उचाना का फैसला भी आ जाएगा।

कवरेज करने गए पत्रकार से दुर्व्यवहार

सिरसा। सामान्य अस्पताल की अव्यवस्थाओं को कैमरे में कैद करने गए पत्रकार विजय जसूजा को मामला उल्टा पड़ गया। वहां मौजूद महिला चिकित्सक ने पत्रकार के साथ दुव्र्यवहार किया। एक बारगी तो मामला शांत हो गया, लेकिन बाद में चिकित्सक द्वारा ही उल्टे पत्रकार पर जे.जे. कालोनी चौकी में सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने की शिकायत दे दी गई। समाचार लिखे जाने तक शहर थाना में दोनों पक्ष जुटे हुए थे और चिकित्सक पत्रकार पर मामला दर्ज करवाने को लेकर अड़े  हुए थे। वहीं पत्रकार विजय का कहना है कि वे अस्पताल में भर्ती महिलाओं की शिकायत पर कवरेज करने गए थे।

सदर थाना के समक्ष धरने पर बैठे ग्रामीण

सिरसा। गांव की एक युवती पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए सिकंदरपुर के लोग आज सदर थाना के समक्ष सड़क पर धरने देकर बैठ गए। लोगों का कहना है कि युवती का चरित्र संदेहजनक है तथा उसके साथ सदर थाना पुलिस की भी मिलीभगत है। पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन ग्रामीण युवती पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की ही एक युवती भोले-भाले ग्रामीण युवकों को छेड़छाड़ के मामले में फंसाकर ब्लैकमेल करती है। पहले युवकों पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज करवा दिया जाता है और फिर समझौते के नाम पर मोटे पैसे ऐंठ लिए जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार युवती ने इस घिनौने कार्य को अंजाम दिया है। इसमें उन्होंने सदर थाना पुलिस की संलिप्तता भी बताई। ग्रामीणों को कहना है कि युवती को पुलिस की शह प्राप्त है। युवती की एक शिकायत पर पुलिस गांव में पहुंच जाती है और भोले-भाले युवकों को प्रताडि़त किया जाता है। बाद में पुलिस की मिलीभगत से ही युवकों पर समझौते का दबाव बनाकर मोटे पैसे ऐंठ लिए जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त युवती का चरित्र संदेहजगह है। वह ब्लैकमेलिंग के नाम पर धंधा कर रही है। वे युवती पर कार्रवाई होने तक आंदोलन करते रहेंगे।

मतदाता जागरूकता अभियान शुरू

सिरसा। मतदाताओं को ज्यादा से ज्यादा मतदान करने के लिए प्रेरित करने हेतु जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। जिला प्रशासन की तरफ से सूचना, जनसम्पर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की वीडियो वैन द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए वाहन चलाया है। इसके अलावा विभाग की भजन पार्टियां भी मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करेंगीं। आज उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. अंशज सिंह ने कार्यालय से वीडियों वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सिंह ने कहा कि जागरूकता वाहन जिला के विभिन्न शहरों व गांवों में मतदाताओं को अपने मताधिकार के उपयोग बारे जागरूक करेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए शत-प्रतिशत मतदान आवश्यक है। इसी उद्देश्य के लिए मतदाताओं को जागरूक करने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण मे मतदाता जागरूकता वाहन उन गांवों व शहरों के वार्डो में मतदान के प्रति लोंगों को जागरूक करेगी जिनमें गत लोकसभा चुनाव में कम मतदान हुआ है। 
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने वोट का अवश्य सदुपायोग करें। एक मजबूत लोकतंत्र की नींव मताधिकार से ही होती हैं। भारतीय लोकतंत्र में हर 18 वर्ष से अधिक आयु के पात्र नागरिक को वोट का अधिकार दिया गया है। वोट के अधिकार से ही मतदाता अपनी पसन्द के प्रत्याशी का चयन कर सकता है। इसके साथ-साथ चुनाव आयोग ने इस बारे नोटा की सुविधा भी मतदाताओं को दी है जिसमें कोई भी मतदाता अगर किसी प्रत्याशी को अपना वोट नहीं देना चाहता या उसे कोई भी प्रत्याशी पसन्द नहीं है तो वह नोटा का बटन दबा सकता है। इस सुविधा से मतदाता को वोट का भुगतान का जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमें अपने वोट का भुगतान बहुत सोच-समझ कर करना चाहिए। किसी भय, जाति, सांप्रदाय, वर्ग, लोभ व लालच के बगैर अपने मताधिकार का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आग्रह किया कि शत प्रतिशत मतदात का संदेश अपने आसपास रहने वाले परिवारों को भी दें। चुनाव एक पर्व है और इसे हम सबको मिलकर मनाना चाहिए। विवेक से फैसला करना चाहिए ताकि एक बेहतर सरकार का चयन हो सके।
उन्होंने कहा कि सूचना, जनसम्पर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग का प्रचार वाहन और भजन पार्टियां गांवों व शहरों में जाकर लोगों को वोट के महत्व के बारे में जागरूक करेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में नारों के माध्यम से लोगों को वोट के भुगतान का संदेश दिया जाएगा। वहीं शहरी क्षेत्रों के में प्रचार सामग्री के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करेंगे। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त राजेश जोगपाल, नगराधीश निर्मल नागर, तहसीलदार चुनाव चंदू लाल सैनी, ईओ नगर परिषद बीएन भारती सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Friday, 19 September 2014

पांच जिलों के अधिकारियों ने बनाई साझी रणनीति

शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न करवाने को लेकर सीमावर्ती जिलों में होगी विशेष निगरानी

सिरसा। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2014 के मद्देनजर रखते हुए तीन राज्योंं व समीपवर्र्ती जिलों के उपायुक्तों एव पुलिस अधीक्षकों की बैठक आज लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में सम्पन्न हुई। इस बैैठक में राजस्थान के हनुमानगढ, पंजाब के मानसा, बठिंडा, मुकत्सर तथा फतेहाबाद जिलों के अधिकारियों ने भाग लिया। 
उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने उपस्थित उपायुक्तों एवं पुलिस अधीक्षकों व अन्य अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव 2014 को स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांति पूर्ण ढग से करवाने में पूरा सहयोग दें। उपायुक्त ने जिला सिरसा के साथ जिन दूसरे राज्यों की सीमा लगती हंै उनके बारे में जानकारी दी तथा कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नाका लगाकर साथ लगने वाले राज्यों पंजाब व राजस्थान की पुलिस मिलकर कार्यवाही करे। उन्होंने दूसरे राज्यों के पुलिस अधीक्षकों से कहा कि वे 15 अक्तूबर को होने वाले चुनाव से एक सप्ताह से पहले अपने-अपने क्षेत्र में नाका लगवाएं ताकि एक राज्य से दूसरे राज्य मे आने जाने वाले वाहनों की चैकिंग ठीक से की सके। उपायुक्त ने विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए रिटर्निंग अधिकारियों तथा कराधान अधिकारियों को दूसरे राज्य व जिला के साथ लगने वाले एरिया पर तीन दिन पहले से ही शराब की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिये।  उन्होंने दूसरे राज्यों के अधिकारियों से कहा कि वे सिरसा के साथ लगने वाले एरिया के ऐसे घोषित अपराधी व बेल जंपरों की सूची की जानकारी दें ताकि चुनाव के समय उन पर निगरानी रखी जा सके। उन्होंने कहा कि एक राज्य की पुलिस दूसरे राज्य की पुलिस से प्रतिदिन सूचना का आदान प्रदार करे ताकि चुनाव के समय अपराधी तत्वों पर मिलकर कार्यवाही की जा सके।
इस बैठक में फतहाबाद के उपायुक्त राजीव रतन, हनुमानगढ के डीएम पूर्ण चन्द किसन, पुलिस अधीक्षक हिसार विकास धनखड़, पुलिस अधीक्षक फतहाबाद शिव चरण अत्री, पुलिस अधीक्षक बलराज सिंह सिधू, एडीएम मुक्तसर कैप्टन कर्नल सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त मानसा सुश्री ईशा कालिया, अतिरिक्त उपायुक्त बठिंडा सुमित कुमार आदि मौजूद थे।

जनविरोधी सोच रखने वालों ने नहीं होने दिया शहर का विकास
हलोपा अध्यक्ष ने किया शहर में जनसंपर्क, विपक्षियों पर साधा निशाना

सिरसा। पिछले पांच वर्षों में सिरसा की नगर परिषद को सर्वाधिक 56 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध करवाई गई। परंतु विकास विरोधी सोच रखने वाले नगर परिषद के पदाधिकारियों ने कमिशनखोरी के चक्कर में यह पैसा शहर के विकास में नहीं लगने दिया। यह बात हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष एवं सिरसा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार गोपाल कांडा ने वार्ड नम्बर 23 में जनसम्पर्क करने के पश्चात उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कही। कांडा ने कहा कि सिरसा नगर परिषद में उपलब्ध करवाई धनराशि से प्रत्येक वार्ड का कायाकल्प किया जा सकता था। परंतु जनविरोधी सोच व अपने घर भरने की नीयत रखने वालों ने विकास कार्यों को बाधित करवाया।
गोपाल कांडा ने कहा कि हलोपा की सरकार आने पर सिरसा का समग्र विकास होगा। उन्होंने कहा कि हलोपा की नीति है कि हर सिर को पक्की छत उपलब्ध हो। हलोपा की सरकार आने पर गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार को प्लॉट नहीं बल्कि मकान बनाकर देंगे। कांडा ने कहा कि आज प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में जमीन की रजिस्ट्रियों पर पाबंदी लगी हुई है। जिस कारण भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। परंतु हलोपा भ्रष्टाचार की जननी इस नीति को खत्म करेगी और पूरे प्रदेश में प्लॉटों और जायदाद की खरीद-बेच पर लगी पाबंदी को हटाएगी। 
गोपाल कांडा ने कहा कि हलोपा की सरकार अनियमित कॉलोनियों को नियमित करके वहां रहने वालों को बिजली, पानी, सड़क, सीवरेज सहित सभी मुलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। गोपाल कांडा ने कहा कि आप लोगों ने सदैव मेरा साथ दिया है। मैं अपने खून का एक-एक कतरा देकर भी आपका अहसान नहीं चुका सकता। इस अवसर पर रानियां के विधायक कृष्ण कम्बोज ने कहा कि पिछली बार आप लोगों ने गोपाल कांडा को विधायक और मंत्री बनाने के लिए वोट दिया परंतु इस बार आपने पतंग के निशान वाला बटन दबाकर मुख्यमंत्री बनाने के लिए अधिक से अधिक मतदान करना है। पार्षद राजेंद्र गुर्जर ने कहा कि कांडा परिवार के सहयोग के कारण थेहड़वासी विस्थापित होने से बचे। क्योंकि कांडा बंधुओं ने ही उच्च न्यायालय में थेहड़वासियों की पैरवी के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई थी। इस अवसर पर गोबिंद कांडा, तेज प्रकाश बांसल एडवाकेट, सूबे राम, फूल चंद जोगी, कपूर गर्जर, पवन गुर्जर, रमेश गुर्जर, चंद्रकला, सूरजभान गुर्जर, सिकंदर खट्टर, रानी रंधावा, महेंद्र सिंह, दीपक गुर्जर, हनुमान गुर्जर, रोहताश गुर्जर, भूप सिंह, भागीरथ सैनी आदि उपस्थित थे।