BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Monday, 12 May 2014

दो ऑब्जर्वरों की निगरानी में होगी गिनती

थ्री टॉयर होंगे सुरक्षा के प्रबंध
मतगणना से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल
पंचायत भवन में हुई रिहर्सल

सिरसा। आगामी 16 मई को लोकसभा चुनाव की मतगणना और अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से इस बार भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा सिरसा लोकसभा क्षेत्र के मतगणना केन्द्रों में दो मतगणना पर्यवेक्षक (काउंटिंग आब्जर्वर) नियुक्त किए गए हैं जिनमे से एक सिरसा के मतगणना केन्द्र में तथा दूसरा पर्यवेक्षक फतहाबाद जिला के मतगण्ना केन्द्र में तैनात रहेंगे।  यह जानकारी रिटर्निंग अधिकारी डा. अंशज सिंह ने आज पंचायत भवन में मतगणना के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में दी। आज सुपरवाईजर, मतगणना सहायक तथा स्टेटिक माइक्रो ऑब्जर्वर को प्रशिक्षण दिया गया और मशीन से मतगणना की पूरी प्रक्रि या बारे विस्तार पूर्वक बताया गया।
उपायुक्त डा अंशज सिंह ने मशीन की पहली सील खोलने से लेकर मतों की गणना तक की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी टेबल इंचार्ज मशीनों के डाटा को फार्म नं. 17 ए के डाटा से मिलान करें और किसी भी तरह का अंतर दिखाई दे तो वे तुरन्त सम्बन्धित ए आर ओ को इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि पूरे आत्मविश्वास और धैर्य के साथ मतगणना की प्रक्रिया पूरी करें। मशीन में किसी प्रकार की दिक्कत आने पर मतगणना केन्द्र में सम्बन्धित ए आर ओ के साथ-साथ ईवीएम इंजीनियर व मास्टर टे्रनर मौजूद रहेंगे इसलिए किसी भी प्रकार की दिक्कत की कोई संभावना नहीं है। 
उन्होंने बताया कि मतगणना केन्द्रों में सबसे पहले बैलेट पेपरों की गिनती की जाएगी। सिरसा व फतहाबाद के मतगणना केन्द्रों में 400 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सिरसा में मतगणना के लिए 65 टीमें बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम में तीन-तीन कर्मचारी सदस्य होंगे। सिरसा के सभी पांच विधानसभा क्षेत्र के मतगणना केन्द्रों में 10-10 टेबल लगाई गई हैं जबकि फतहाबाद व जींद जिला के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों में 14-14 टेबल लगाई गई हैं। इस तरह से सिरसा जिला में पडऩे वाले सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में 18 से 20 राउंउ की मतगणना प्रक्रि या होगी। उन्होंने बताया कि मतगणना केन्द्रों के आसपास व अन्दर सुरक्षा के सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत सुरक्षा की दृष्टि से मतगणना केन्द्रों के 300 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि मतगणना केन्द्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। राजकीय महिला बहुतकनीकी कालेज के आस पास आठ नाके लगाए गए हैं जिन सभी पर उप निरीक्षक पुलिस को इंचार्ज बनाया गया है। मतगणना केन्द्र भवन परिसर व आसपास के क्षेत्र में जिला पुलिस व रिजर्व पुलिस की पांच कम्पनियां तैनात होंगी जो चप्पे-चप्पे पर नजर रखेगी और अनाधिकृत किसी भी व्यक्ति को मतगणना केन्द्रों में नहीं जाने दिया जाएगा। मतगणना के लिए थ्री टॉयर सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। सभी विधानसभा क्षेत्रवार मतगणना केन्द्रों में डयूटी मैजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके साथ-साथ सुरक्षा का जिम्मा सुरक्षा अधिकारियों को सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि मतगणना केन्द्रों में किसी भी व्यक्ति को मोबाईल फोन, पैन, पेन्सिल व किसी भी प्रकार की वस्तु ले जाने की इजाजत नहीं होगी। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शिवप्रसाद शर्मा, चुनाव तहसीलदार चंदुलाल सैनी सहित मतगणना डयूटी पर लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

शिक्षामंत्री का पुतला फूंका

सिरसा। दलित एवं पिछड़ा वर्ग महापंचायत संघ व हरियाणा बेरोजगार युवा संगठन के जिलाध्यक्ष विजय कंडारा के नेतृत्व में बच्चों के अभिभावकों ने आज अंबेडकर चौक पर प्रदेश की शिक्षा मंत्री व शिक्षा विभाग के निदेशक का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। 
विजय कंडारा ने कहा कि शिक्षा विभाग ने गरीब परिवारों के बच्चे जो कि धारा 134-ए के अंतर्गत आते हैं, उन पर लर्निंग लेवल असेसमैंट टेस्ट थोपकर इस वर्ग का अपमान किया है। शिक्षा विभाग के पास ऐसा कोई आदेश नहीं है जिसके तहत बच्चों पर इस टेस्ट का बोझ डाला जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग ने स्वयं पूर्व में कहा था कि किसी बच्चे का टेस्ट नहीं लिया जाएगा। जब तक प्रदेश सरकार निजी स्कूलों की मान्यता रद्द नहीं करती तब तक निजी स्कूल अपनी मनमर्जी करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा इस संबंध में प्रदेश के राज्यपाल को भी एक ज्ञापन सौंपकर इस दिशा में तुरंत कार्रवाई करने बारे लिखा जाएगा क्योंकि सरकार तीन माह का समय बीत जाने के बावजूद भी इन मासूम बच्चों के भविष्य का कोई फैसला नहीं कर पाई। जिन बच्चों ने धारा 134-ए के तहत दाखिला लिया है उन पर भी निजी स्कूल अपनी मनमर्जी थोप रहे हैं। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि लर्निंग लेवल असेसमेंट टेस्ट के लिए जिलाभर से कुल 1208 बच्चों ने आवेदन किया था जबकि परीक्षा में केवल 282 बच्चे ही बैठे। ऑन-लाइन आवेदन पर फोटो न होने के कारण 34 बच्चों को परीक्षा केंद्र में जाने से रोका गया जिस पर अभिभावकों ने हंगामा किया। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी के आने पर परीक्षा में उक्त विद्यार्थियों को बैठने की अनुमति मिली लेकिन इस दौरान इन विद्यार्थियों का एक घंटा खराब हो चुका था। इस प्रकार प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग ने अपनी मनमर्जी करते हुए बच्चों के भविष्य को अधर में लटका दिया है। बाद में संघ के प्रदेशाध्यक्ष वीर शांतिस्वरूप, जिलाध्यक्ष विजय कंडारा, महिला प्रधान कौशल्या देवी, एकता कपूर, अनिता रानी, ओमप्रकाश, अवतार सिंह, विक्रम सिंह, विनोद कुमार, रेशमा देवी, जुगल किशोर आदि ने प्रदेश की शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल व शिक्षा विभाग के निदेशक का पुतला फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कृषि से जुड़े व्यवसायों को दिया जाएगा बढ़ावा

सिरसा। जिला में कृषि से जुड़े अन्य व्यवसायों को बढ़ावा देने के लिए इंटरग्रेटिड फार्मिंग योजना पर बल दिया जाएगा ताकि किसान मधुमक्खी, पशु पालन, मत्स्य पालन तथा बागवानी जैसे व्यावसायों को अपना कर स्वयं को समृद्ध बना सकें और देश की आर्थिक व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। यह बात सिरसा के उपायुक्त डा अंशज सिंह ने आज कृषि ज्ञान केन्द्र में कांफ्रेस हाल के जीर्णाेद्धार का उद्घाटन करने पश्चात कही। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त श्री शिवप्रसाद शर्मा, कृषि विज्ञान केन्द्र के समन्वयक डा लक्ष्यवीर सिंह बैनीवाल, उप निदेशक कृषि वजीर सिंह व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।  उपायुक्त ने बताया कि इस कांफ्रेस हाल के जीर्णाेद्धार पर 30 लाख रुपए की राशि खर्च की गई है और हाल को पूरी तरह वातानुकूलित बनाया गया है। हॉल में गद्देदार कुर्सियों के साथ-साथ आधुनिक स्तर का साउंड सिस्टम व स्टेज तैयार किया गया है। हाल में 300 व्यक्तियों के बैठने की क्षमता की गई है। यह कांफ्रे स हाल कृषि व्यवसाय से जुड़े कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगा। हाल को पूरी तरह अपग्रेड करके इसे अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का लुक दिया गया है। कृषि ज्ञान केन्द्र द्वारा आयोजित किए जाने वाले सेमिनार, कार्यक्रमों के साथ-साथ कोई भी विभाग यहां अपने कार्यक्रम आयोजित कर पाएगा जिनसे हाल को व्यवस्थित रखने के लिए वाजिब से वाजिब किराया लिया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर कृषि ज्ञान केन्द्र की गतिविधियो बारे भी विस्तार पूर्वक जानकारी ली और कहा कि कृषि वैज्ञानिक अधिक से अधिक किसानों तक कृषि से सम्बन्धित योजनाएं, कार्यक्रम लेकर जाएं जिससे किसान नई तकनीक अपनाए और फसल पैदावार में बढ़ौतरी हो।

बच्चे के बाद गर्भवती मां की भी मौत

सिरसा। शेरपुरा मोड़ के निकट गत सायं हुए हादसे में घायल गर्भवती महिला की सामान्य अस्पताल में मौत हो गई। हादसे में मृतका के एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी। सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
उल्लेखनीय है कि शेरपुरा मोड़ के निकट खड़ी जायलो को स्कारपियो ने पीछे से टक्कर मार दी थी। जायलो पर नीलम पत्नी महेन्द्र निवासी फतहाबाद, उसका पुत्र नक्श व मां शकुंतला देवी सवार थे। गाड़ी चालक सोनू चला रहा था। चालक ने जायलो को शेरपुरा मोड़ के पास सड़क किनारे रोका। इस दौरान पीछे से आ रही स्कारपियों ने टक्कर मार दी। हादसे में अढ़ाई वर्षीय बच्चे नक्श की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नीलम, शकुंतला व सोनू घायल हो गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान नीलम की गत रात्रि मौत हो गई। बताया गया है कि नीलम करीब चार माह की गर्भवती थी। अस्पताल में शव पोस्टमार्टम के बाद आज परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Sunday, 11 May 2014

दुर्घटना में दो युवकों की मौत

सिरसा। चत्तरगढ़पट्टी मिनी बाईपास पर गत रात्रि को एक तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंबे से टकरा गई। हादसे में बाइक पर सवार सीडीएलयू के दो छात्रों की मौत हो गई। दोनों शवों का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार गत देर रात्रि में चत्तरगढ़पट्टी मिनी बाईपास पर वाटर वक्र्स के नजदीक एक बाइक अनियंत्रित होकर खंबे से टकरा गया। बाइक पर दो युवक सवार थे। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के छात्र रवि पुत्र राजेंद्र निवासी सोतर भट्टू(फतहाबाद) तथा देसराज पुत्र सीताराम निवासी गांव मौजू की ढाणी एलनाबाद के रूप में की गई। मृतकों के सहपाठियों ने बताया कि परीक्षा के दिनों में रात को पढ़ाई के बाद रवि व देसराज चाय पीने के लिए रेलवे स्टेशन पर गए थे, लौटते समय यह हादसा हुआ। रवि एमबीए के पांचवें सेमेस्टर का छात्र था, जबकि देसराज एलएलबी के प्रथम वर्ष का छात्र था। 

एटीएम गार्ड का किया अपहरण

सिरसा। अग्रसेन कालोनी स्थित स्टेट बैंक के एटीएम पर तैनात गार्ड को अगवा किए जाने का मामला सामने आया है। अपहरणकर्ता गार्ड को उठाकर ले गए तथा उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी गांव फरवाईकलां के निकट गार्ड को फेंककर फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
जानकारी के अनुसार स्टेट बैंक के एटीएम पर तैनात गार्ड रात्रि में सोया हुआ था। पुलिस में दर्ज करवाए बयान में गार्ड ने बताया कि बुलेरो पर सवार आधा दर्जन लोगों ने उसे जबरन उठाया और गाड़ी में डाल लिया। उसने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट भी की और बाद में उसे गांव फरवाईकलां के पास फैंक कर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी है।

Saturday, 10 May 2014

ठेके पर तोडफ़ोड़

सिरसा। बेगू रोड पर गत्ता फैक्ट्री के निकट स्थित एक शराब ठेके के समक्ष महिलाओं ने प्रदर्शन किया और ठेके व साथ बने अहाते में जमकर तोडफोड़ की। प्रदर्शनकारी महिलाएं इस ठेके को बंद करवाने की मांग कर रही थीं। प्रदर्शकारियों का कहना था कि ठेके को बंद करवाने को लेकर वे कई बार जिला प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं। बावजूद इसके प्रशासन ने कौई कार्रवाई नहीं की। आखिरकार उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। विरोध कर रही महिलाओं ने कहा कि ठेका होने से माहौल बिगड़ता है। असामाजिक तत्वों का जमावड़ा हर समय ठेके के इर्द-गिर्द लगा रहता है।  इस स्थान पर ठेका खुलने के बाद से ही इसका विरोध शुरू हो गया था। लोगों ने उपायुक्त व डीटीसी से ठेका हटाए जाने संबंधी मांग कई बार की। लेकिन अधिकारी इस मामले में सुनवाई करने को तैयार नहीं थे। आज सुबह लोग एकत्रित हुए और ठेके के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते महिलाओं ने ठेके में तोडफोड़ शुरू कर दी और सिरसा चोपटा मार्ग पर जाम लगा दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम के पहुंचने के बाद भी लोगों ने जाम नहीं खोला और अपनी मांग पर अड़े रहे। प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। ठेके पर तोडफ़ोड़ की सूचना मिलने पर तहसीलदार ओपी बिश्नोई, डीटीसी आरसी रंगा, डीएसपी, शहर थाना प्रभारी मौजीराम, कीर्तिनगर चौकी प्रभारी राम कुमार व अन्य मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने ठेके को ताला लगा दिया तथा आश्वासन दिया कि ठेका सप्ताह भर में यहां से हटवा दिया जाएगा। जिसके बाद महिलाएं शांत हुई व जाम खोल दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी अम्बेडकर चौक पर स्थित एक शराब ठेके को लोगों के विरोध के चलते बंद कर दिया गया था।

नौकरी दिलाने के नाम पर सात लाख ठगे

सिरसा। ढाणी तेजा सिंह निवासी एक युवक को नौकरी लगवाने का झांसा देकर सात लाख रुपए ठगने का मामला प्रकाश में आया है। युवक की मां की शिकायत पर शहर थाना में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीडि़ता ने हिसार रेंज के आईजी को एफआईआर की कॉपी भेजकर मामले में उचित कार्रवाई शीघ्र करने की मांग की है। 
शहर थाना में दी शिकायत में ढाणी तेजा सिंह निवासी भजन कौर पत्नी धीरा सिंह ने बताया कि राय सिंह नामक व्यक्ति ने उसके पुत्र संदीप को रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर सात लाख रुपए की मांग की थी। आरोप है कि राय सिंह तीन लाख रुपए एडवांस तथा चार लाख रुपए ज्वायनिंग होने के बाद में देने की शर्त रखी थी। भजन कौर ने बताया कि उन्होंने दो लाख रुपए बतौर पेशगी राय सिंह को सौंप दिए। कुछ समय बाद राय सिंह ने उसके बेटे संदीप को कोलकाता में किसी व्यक्ति का नाम व पता देकर भेज दिया। संदीप कोलकाता गया और चार दिन तक व्यक्ति को तलाशता रहा। हार कर वह वापिस लौट आया। राय सिंह से जब इस बाबत दोबारा बात की तो उसने और रुपए देने की बात कही। इसके बाद उन्होंने दो लाख रुपए राय सिंह को और दे दिए। अब राय सिंह ने संदीप को दिल्ली भेजा लेकिन वहां भी उसे कोई नहीं मिला। इसके बाद राय सिंह ने संदीप को हाजीपुर में कर्मवीर नामक व्यक्ति के पास भेजा। संदीप को हाजीपुर में कर्मवीर तो मिल गया लेकिन कर्मवीर ने उनसे तीन लाख रुपए देने के बाद ही ज्वायनिंग करवाने की बात कही। इस पर संदीप ने अपनी मां को फोन पर जानकारी दी। भजन कौर ने तीन लाख रुपए की राशि सिरसा में राय सिंह को नकद सौंप दी। इसके बावजूद काफी समय तक संदीप को न तो नौकरी मिली और न ही कोई संतोषजनक जवाब। थक हार कर भजन कौर ने शहर थाना पुलिस को मामले बाबत शिकायत दी। शिकायत में राय सिंह, कर्मवीर, मांगे सिंह तथा एक महिला सिमरणजीत कौर पर नौकरी के नाम पर रुपए ऐंठने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने चारों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीडि़ता भजन कौर ने पुलिस एफआईआर की एक कॉपी हिसार रेंज के आईजी को भेजकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा उनकी मांग है कि उन्हें उनकी राशि जल्द दिलवाई जाए क्योंकि इससे उनकी आर्थिक स्थिति पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।

झुलसी किशोरी की मौत

सिरसा। गांव बणी में चाय बनाते झुलसी किशोरी की आज मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार रानियां के अंतर्गत गांव बणी निवासी 12 वर्षीय पूजा पुत्री पवन सातवीं कक्षा की छात्रा थी। विगत आठ मई को पूजा चाय बना रही थी। उस दौरान घर पर कोई नहीं था। चाय बनाते समय उसके कपड़ों में अचानक आग लग गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। शोर सुनकर पड़ोसियों ने उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। आज घाव का ताव न सहते हुए पूजा का दम टूट गया।

मशीन चालक से 22 हजार रुपये छीने

सिरसा। गांव बुर्जकर्मगढ़ में तूड़ी की मशीन चलाने वाले एक व्यक्ति से मारपीट कर 22 हजार रुपये छीनने का मामला प्रकाश में आया है। घायल को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पीडि़त ने गांव के ही चार लोगों पर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव बुर्जकर्मगढ़ निवासी नारायण पुत्र रामप्रकाश गांव के ही सुखचैन की तूड़ी बनाने वाली मशीन पर चालक का कार्य करता था। नारायण का आरोप है कि विगत दिनों उसने सुखचैन के पास से कार्य छोड़ दिया। उसे सुखचैन को कुछ राशि लौटानी थी। गत सायं वह उसे राशि लौटाने गया। उसके पास करीब 30 हजार रुपये की नकदी थी। आरोप है कि जब उसने सुखचैन को देने के लिए रुपये जेब से निकाले तो उसकी नीयत खराब हो गई और उसने वहां मौजूद तारा सिंह व दो अन्य के साथ मिलकर उससे मारपीट की। वह जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद सुखचैन इत्यादि उसकी जेब में रखी 22 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।

Thursday, 8 May 2014

विरोध के बाद ठेका बंद

स्कूल व मंदिर के नजदीक था ठेका
डीटीसी ने मौके पर पहुंच की कार्रवाई

सिरसा। स्कूल व मंदिर के नजदीक स्थित एक ठेके को आज लोगों के विरोध के बाद बंद कर दिया गया। इस संबंध में उपायुक्त व डीटीसी को शिकायत की गई थी। दोपहर को स्वयं डीटीसी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जांच के बाद ठेके को बंद करवा दिया।
उल्लेखनीय है कि महाराजा अग्रसेन पार्क के निकट गली रामस्वरूप बंसल वाली के कॉर्नर पर इस वर्ष से ठेका खोला गया था। गली निवासी एसएल अग्रवाल राजकुमार, सीवी गुप्ता आदि ने बताया कि ठेका महाराजा अग्रसेन स्कूल, सनातन धर्म मंदिर, तुलाराम धर्मशाला व अग्रसेन मंदिर तथा पार्क से तय मानकों के आधार पर कम दूरी पर स्थित है। इससे जहां एक ओर लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं, वहीं स्कूल के निकट ठेका होने से माहौल बिगड़ता है। इस स्थान पर ठेका खुलने के बाद से ही इसका विरोध शुरू हो गया था। लोगों ने उपायुक्त व डीटीसी से ठेका हटाए जाने संबंधी मांग कई बार की। लेकिन अधिकारी इस मामले में सुनवाई करने को तैयार नहीं थे। आज सुबह लोग एकत्रित हुए और ठेके के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर डीटीसी आरसी रंगा, एईटीओ आरके रोज, शेर सिंह बिश्रोई पर आधारित टीम मौके पर पहुंची। टीम के पहुंचने के बाद लोगों ने घेराव कर जमकर नारेबाजी की। जांच के बाद डीटीसी रंगा ने बताया कि ठेका नियमों के मुताबिक नहीं है। इस कारण ठेका बंद करवा दिया गया है।

कांग्रेस की महिला महासचिव ने छोड़ी पार्टी
पत्रकारवार्ता में प्रदेशाध्यक्ष तंवर व उनकी पत्नी पर लगाए दुव्र्यवहार करने के आरोप

सिरसा। हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव शिल्पा वर्मा ने पार्टी छोडऩे का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस में पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की अध्यक्ष रहने के साथ-साथ सिरसा महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रह चुकीं शिल्पा वर्मा ने अपने कई समर्थकों सहित कांग्रेस को अलविदा कहते हुए पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर और उनकी पत्नी अवंतिका तंवर पर गंभीर आरोप लगाए। शिल्पा वर्मा ने सिरसा के विधायक गोपाल कांडा के नेतृत्व में आस्था जताते हुए नवगठित हरियाणा लोकहित पार्टी में शामिल होने की घोषणा भी की।
सिरसा में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान शिल्पा वर्मा के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस लीगल सैल के महासचिव नरेन्द्र शर्मा, वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह गिल एडवोकेट व कांग्रेस की महासचिव नीतू रानी ने भी कांग्रेस छोडऩे की घोषणा की और हरियाणा लोकहित पार्टी की नीतियों का समर्थन किया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए शिल्पा वर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने मान-सम्मान नहीं दिया। सरकार के दौरान भी कार्यकर्ताओं की नहीं सुनी गई और जबसे प्रदेश कांग्रेस की कमान अशोक तंवर ने संभाली है, पार्टी कार्यकर्ताओं की हालत खराब हो गई है। उनके साथ दुव्र्यवहार किया जाता है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर पर एक के बाद एक गंभीर आरोप लगाते हुए कांग्रेस की प्रदेश महासचिव शिल्पा वर्मा ने तंवर की पत्नी अवंतिका पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप तक लगा दिया। उन्होंने हलोपा सुप्रीमो गोपाल कांडा के धार्मिक और सामाजिक कार्य की सराहना की और उनके नेतृत्व में आस्था जताते हुए हरियाणा लोकहित पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।

तस्कर गिरफ्तार, 16 किलो पोस्त बरामद

सिरसा। सीआईए पुलिस ने गत सायं गश्त के दौरान नाथुसरी चोपटा थाना क्षेत्र के गांव नेजिया के समीप से एक स्कूटर सवार को 16 किलो चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार सीआईए सिरसा पुलिस ने गत सायं को गश्त के दौरान गांव नेजिया के समीप एक स्कूटर सवार को शक के आधार पर रोककर जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 16 किलो चूरापोस्त बरामद हुआ। आरोपी की पहचान सिरसा के बाजीगर मौहल्ला निवासी गुरमेल पुत्र संतासिंह के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ नाथुसरी चोपटा थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Wednesday, 7 May 2014

क्रिकेट बुकी काबू

सिरसा। जिला की ऐलनाबाद थाना पुलिस ने गत रात्रि आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान मुम्बई और बंगलौर के बीच खेले जा रहे मैच में क्रिकेट सट्टा लगाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विनोद पुत्र बनारसी दास निवासी वार्ड नंबर 10 ऐलनाबाद, गुरबचन सिंह पुत्र आत्मा सिंह निवासी वार्ड नंबर 6 ऐलनाबाद तथा सुरेश पुत्र रामचंद निवासी तलवाड़ा खुर्द के रूप में की गई है। ऐलनाबाद थाना के उपनिरीक्षक छबीलदास को गश्त के दौरान सूचना मिली की वार्ड नंबर 6 स्थित एक किराए के मकान में मोबाइल व टीवी की मदद की मदद से क्रिकेट सट्टा खेला जा रहा है। इस आशय की सूचना पाकर उपनिरीक्षक छबीलदास ने उक्त स्थान पर दबिश देकर क्रिकेट सट्टा लगाते आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने मौके से आठ मोबाइल फोन, एक टीवी, स्वीच बोर्ड, रिमोर्ट, चार्जर तथा केलकुलेटर तथा एक हजार रुपये की नगदी बरामद कर थाना ऐलनाबाद में अभियोग दर्जकर दिया है।

एसडीएम को सौंपी सरपंच की जांच

सिरसा। गांव रामनगरिया के सरपंच के खिलाफ की जा रही घोटालों की जांच का जिम्मा अब एसडीएम सिरसा को सौंपा गया है। उल्लेखनीय है कि पहले इस जांच का जिम्मा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अनुभव मेहता के पास था, जिनका फरवरी माह में स्थानांतरण होने की वजह से जांच आगे नहीं बढ़ पाई। जिसके संबंध में गांव रामनगरिया निवासी सुभाष सैनी पुत्र रामलाल सैनी ने उपायुक्त सिरसा से मिलकर इस जांच का जिम्मा एसडीएम को सौंपे जाने की गुहार लगाई, जिस पर उपायुक्त ने एसडीएम सिरसा को इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि सुभाष सैनी ने 4 सितम्बर 2013 को रामनगरिया के सरपंच पर गांव में विकास कार्यों के नाम पर घोटालों के आरोप लगाते हुए आरटीआई एक्ट के तहत जन सूचना अधिकारी से जानकारी मांगी थी। इस मामले में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को इस मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का जिम्मा सौंपा गया था। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अनुभव मेहता ने इस संबंध में सुभाष सैनी से लिखित में बयान भी लिए लेकिन उसके कुछ दिन बाद ही उनका यहां से स्थानांतरण हो गया। इसके बाद यह जांच कार्य अधर में ही लटक गया, जिस पर सुभाष ने जिला उपायुक्त से मिलकर इस पूरे मामले की जांच दोबारा से एसडीएम के मार्फत करवाए जाने की गुहार लगाई, जिस पर संज्ञान लेेते हुए जिला उपायुक्त ने इस मामले की जांच एसडीएम  सिरसा को 20 दिन में करके रिपोर्ट मांगी है। 
वहीं जांच का जिम्मा मिलने पर एसडीएम ने संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को पत्र जारी कर इस पूरे मामले की फाईलें व आवश्यक कागजात दो दिन में उपलब्ध करवाने के आदेश दिए लेकिन दस दिन बीत जाने के बाद भी संबंधित अधिकारी ने फाईले एसडीएम को उपलब्ध नहंी करवाई। 

Tuesday, 6 May 2014

अब नहीं उड़ेगी शहर में धूल

सड़कों के किनारे बनेंगे इंटरलाकिंग बर्म

सिरसा। सिरसा शहर में सड़कों के दोनों ओर धूल-मिट्टी की समस्या खत्म करने के लिए इंटरलॉकिंग बर्म बनाने की तैयारी कर ली गई है इसके लिए बाकायदा नगरपरिषद द्वारा सात करोड़ रुपए का एस्टीमेट भी तैयार कर लिया गया है। इंटरलॉकिंग बर्म का शीघ्र ही कार्य शुरू होगा। यह मानना है, जिला के उपायुक्त डा. अंशज सिंह का, जिन्होंने बताया कि सबसे पहले राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर बने पक्के नाले की मरम्मत व सफाई का कार्य किया जाएगा इसके बाद डबवाली रोड़ पर इंटरलॉकिंग बर्म बनाने का कार्य शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर बने नाले की सफाई व मरम्मत का कार्य लोक निर्माण विभाग को दिया गया है जिनके द्वारा प्रथम चरण की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं शीघ्र ही सफाई व मरम्मत का कार्य शुरू हो जाएगा। इसके लिए उन्होंने जिलाधीश की हैसियत से आदेश भी जारी कर दिए हैं। इन आदेशों में कहा है कि लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क शाखा)राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रांतीय उपमंडल  अभियंता न.-2 द्वारा  सिरसा शहर में अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनो ओर बने नाले की सफाई का कार्य  करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई की प्रक्रिया शुरु करने से पहले उपमंडल अभियंता स्थानीय लोगो द्वारा नाले में किए गए सभी अवैध सीवर कनैक्शनों को बंद किया जाए। अवैध सीवर कनैक्शन बंद करने के दौरान  कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए  स्थानीय पुलिस की सहायता ली जाएगी।  उन्होंने इस कार्य के लिए डयूटी मैजिस्टे्रट की भी तैनाती की है। उपमंडल अभियंता( राष्ट्रीय राजमार्ग ) सम्बंधित अधिकारियों से जरूरत अनुसार सहयोग लेंगे। उपायुक्त ने बताया कि डबवाली रोड़ पर इंटरलॉकिंग बर्म के लिए 113 लाख का एस्टीमेट है। नाले की सफाई के तुरन्त बाद यह कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद शहर में प्राथमिकता के आधार पर बर्म का कार्य करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय राष्ट्रीय राजमार्ग पर जहां जहां भी बरसात के समय पानी का ठहराव होता है वहां पर नाले पर इंलेट बनाए जाएंगे ताकि पानी ठहराव की समस्या खत्म हो। जहां भी मेन सीवर लाईनों में नाले को जोडऩे की संभावना नजर आएगी वहां मेन सीवर लाईन में भी जोड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई का कार्य प्राथमिकता के तौर पर होगा। जहां भी जिस अथोरिटी के तहत क्षेत्र आएगा उसी अथोरिटी को सफाई हेतू आदेश दिए गए हैं। मण्डी टाउन के ए, बी सी सहित सभी ब्लाकों में सफाई की जिम्मेवारी हुडा विभाग की होगी। इसके साथ-साथ ग्रीन बैल्ट में मरम्मत व सफाई कार्य भी हुडा विभाग के जिम्मे होगा। शेष शहर में सफाई का कार्य नगर परिषद विभाग द्वारा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में सड़क सफाई व सीवर का दुरूस्त होना अनिवार्य है इसलिए इन पर जिला प्रशासन का विशेष ध्यान होगा।

10 हजार का ईनामी मोस्ट वांटेड काबू

सिरसा। ऐलनाबाद पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर 10 हजार रुपये ईनामी मोस्टवांटेड को एक अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत एक ओर मामला दर्ज किया है।
आरोपी स्टालिन पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी दड़ौली जिला हिसार के खिलाफ सात नवंबर 2011 को शहर थाना सिरसा में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी वारदात के समय से ही फरार चल रहा था। ऐलनाबाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत एक ओर मामला दर्ज किया है। 

उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार

सिरसा। रोहतक क्राइम ब्रांच ने सात अगस्त 2013 को मादक पदार्थ अधिनियम के तहत कालांवाली थाना में दर्ज मामले की जांच करते हुए वांछित उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। 
आरोपी डूंगर सिंह पुत्र बसंत सिंह निवासी जंडवाला जटान के खिलाफ थाना कालांवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था जोकि घटना के समय से ही फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना कालांवाली में धारा 174ए के तहत एक ओर मामला दर्ज किया गया है। 

अश्लील छेड़छाड़ का मामला दर्ज

सिरसा। रानियां पुलिस ने गांव मंगालिया निवासी एक विवाहिता की शिकायत पर मेहनाखेड़ा के व्यक्ति के खिलाफ अश्लील छेड़छाड़ व दलित उत्पीडऩ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
गांव मंगालिया निवासी एक विवाहिता ने रानियां पुलिस में दी शिकायत में बताया कि पांच मई को वह मंगालिया रोड पर जा रही थी कि गांव मेहनाखेड़ा निवासी अशोक पुत्र मांगेराम ने उसके साथ अश£ील छेड़छाड़ की। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ल कर जांच शुरु कर दी है।

हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौत

सिरसा। गांव सलारपुर के निकट मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने के कारण एक युवक की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार रानियां के वार्ड 11 निवासी 26 वर्षीय लवजोत पुत्र मिलख राम गत दिवस सिरसा आया हुआ था। वापिस लौटते समय सलारपुर स्थित हनुमान मंदिर के निकट मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गया। हादसे में लवजोत बुरी तरह घायल हो गया। राहगीरों ने उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई।

Sunday, 4 May 2014

करंट लगने से विद्युत कर्मी की मौत

विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप

कालांवाली। क्षेत्र के गांव पक्का शहीदां में किसान के  खेत में बिजली की मोटर का कनैक्शन करते समय ठेके पर कार्यरत एक विद्युतकर्मी की मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बावजूद विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसी के चलते लोगों में रोष फैल गया और उन्होंने प्रदर्शन किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना कालांवाली प्रभारी सुभाष बिश्रोई, डीएसपी डबवाली व रोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। मृतक का शव आज सुबह तारों से उतारा गया और पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया।
जानकारी अनुसार गांव पाना निवासी सोनू पुत्र पप्पी राम गत सांय लगभग सात बजे अपने साथी नरेंद्र के साथ किसान दर्शन सिंह के खेत में मोटर का कनेक्शन कर तारें लगा रहा था। अचानक तारों में करंट आने से सोनू को करंट का झटका लग गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया और विद्युत विभाग को जानकारी दी। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों के समय पर न पहुंचने के कारण ग्रामीणों में रोष फैल गया और उन्होंने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मामला बिगड़ता देख थाना कालांवाली के प्रभारी सुभाष बिश्रोई, रोडी पुलिस व डीएसपी डबवाली मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया। काफी समय बाद विभाग के जेई विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बात की लेकिन ग्रामीण एसडीओ को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। मौके पर पहुंचे एसडीओ पंकज गंडा द्वारा मृतक के परिवार को मुआवजा देने का आश्वासन दिलाने और माफी मांगने पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। पुलिस व गंाव सरपंच मनजीत सिंह राजा व गणमान्य लोगों के प्रयासों से मामला निपटने के बाद आज सुबह  मृतक के शव को खंबे से उतारा गया।
किसान यूनियन के प्रधान गुरनाम पक्का ने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही की वजह से युवक की जान गई है। जब सोनू ने लाईट बंद करने को कहा था तो लाईट बिना बताए क्यों चालू की गई। उन्होंने दोषी लोगों पर उचित कार्रवाई करने और मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
मामले की जांच कर रहे सिंघपुरा चौकी के प्रभारी खेता राम ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता पप्पी राम के ब्यान पर धारा 174 के तहत इतिफाकिया कारवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सोंप दिया है। वहीं बिजली विभाग के एसडीओ पंकज गंडा ने कहा कि विभाग द्वारा मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाएगा तथा बिजली के करंट लगने की जांच की जाएगी।

Friday, 2 May 2014

सिरसा से सरकार का सपना

पार्टी के गठन के साथ ही सभी वर्गों को लुभाने में जुटे कांडा
मंच से किया 'घोषणापत्र' जारी

Gopal Kanda & Gobind Kanda in Party Release Ceremony
गुडग़ांव। सिरसा के निर्दलीय विधायक गोपाल कांडा ने जब नई पार्टी के गठन की विधिवत घोषणा की तो सीधे सरकार बनाने का सपना ही उनकी आंखों में उतरता दिखा। पार्टी के गठन के लिए आयोजित कार्यक्रम को कांडा ने कुछ यूं संबोधित किया ज्यों चुनाव पूर्व एक बड़े दल का मुखिया अपना घोषणापत्र जारी कर रहा हो।  गोपाल कांडा ने जहां सत्तासीन कांग्रेस पर आरोपों की बौछार की वहीं इनेलो को भी आड़े हाथों लिया। यही नहीं उन्होंने एक चतुर राजनीतिज्ञ की माफिक सभी वर्गों से जुड़ी घोषणाएं भी मंच से कर दीं। 
आज अक्षय तृतीया के अवसर पर झाड़सा रोड पर सिरसा के विधायक गोपाल कांडा द्वारा हरियाणा को एक और क्षेत्रीय दल हरियाणा लोकहित पार्टी के रूप में दिया। सर्वप्रथम कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को लोकहित में काम करने की शपथ दिलवाई गई। ऑडिया-वीडियो के माध्यम से हाईटैक तकनीक द्वारा पार्टी की नीतियों को प्राथमिक कार्यकर्ताओं को दिखाया गया। इसके पश्चात गोपाल कांडा ने अपने गुरु बाबा तारा को नमन् करने के बाद भाषण शुरू किया।
अपने भाषण में कांडा ने मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा व सिरसा से सांसद डा. अशोक तंवर पर सीधे-सीधे वार किए। उन्होंने दोनों नेताओं को प्रदेश की तरक्की में रोड़ा बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में आज कोई भी राजनीतिक पार्टी नहीं है बल्कि दो घरानों ने मात्र प्रदेश को लूटने का काम किया है। चंद राजनीतिक परिवारों ने हाथों में हरियाणा की बागडोर 48 बरस तक रही है लेकिन किसी ने विकास नहीं किया। कांडा ने कहा कि प्रदेश की जनता को नेताओं की नहीं सेवा करने वालों की जरूरत है। कांडा ने कहा कि आज के बाद प्रदेश में हरियाणा लोकहित पार्टी और लोकहित में काम करने वालों की सरकार रहेगी। जातिवाद हरियाणा के सभी मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने समय खूब फैलाया। कांडा ने पुलिस कर्मचारियों का वेतन पंजाब की तर्ज पर करने की बात कहते हुए कहा कि गृहराज्यमंत्री रहते उन्होंने मुख्यमंत्री के आगे यह सुझाव रखा था परन्तु किसी कारण से वह स्वीकार नहीं किया गया। खेल विभाग के मंत्री रहते भी मुझे खिलाडिय़ों के पक्ष में बड़ा निर्णय लेने से रोका गया। तभी मेरे मन में हरियाणा को नया विकल्प देने की बात आई। सिरसा के सांसद को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए बड़े उद्योग स्थापित करने की हिमाचल की बद्दी की तर्ज पर सिरसा-हिसार के बीच में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की बात रखी थी परन्तु उन्होंने मेरा कोई साथ नहीं दिया। कांडा ने कहा कि राज्य में सारी सत्ता एक ही हाथ में है। बाकी सब नाम के लोग हैं। परन्तु शीघ्र ही बदलाव आने वाला है।
हरियाणा लोकहित पार्टी का 'घोषणापत्र'
गुडग़ांव। हरियाणा में विधानसभा चुनावों की अभी आहट भर है लेकिन गोपाल कांडा ने अपना चुनावी घोषणा पत्र आज मंच से ही मौखिक रूप में जारी कर दिया। उन्होंने उनकी सरकार बनने पर फिल्म सिटी, स्पोट्र्स सिटी बनाने, छात्र संघ चुनावों पर रोक हटवाने जैसी युवाओं को लुभाने वाली घोषणाएं कीं तो लंबे समय से जारी मांगों पर भी अपना रुख स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर हरियाणा प्रदेश टोल फ्री होगा, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को मान्यता दी जाएगी, पुलिसकर्मियों को पंजाब से भी अधिक वेतनमान दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने बुजुर्गों को 5 हजार रुपए सम्मान भत्ता देने का भी ऐलान किया।

गड्ढे में गिरने से बच्ची की मौत

सिरसा। चतगढ़पट्टी में एक घर के बाहर पानी की निकासी करने के लिए बनाए गए गढ्ढे में गिरने से बच्ची की मौत हो गई। परिजन बच्ची को सामान्य अस्पताल लेकर गए। यहां पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया। मिली जानकारी के अनुसार चतढ़पट्टी निवासी बलवंत की दो वर्षीय बच्ची लक्ष्मी घर के बाहर खेल रही थी। घर से पानी की निकासी एक बड़े गड्ढे में की जा रही थी जिसे ढका नहीं गया था। बच्ची खेलते समय गड्ढे में जा गिरी और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने काफी समय बाद लक्ष्मी को संभाला तो वह गड्ढे में मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में इत्तेफाकिया मौत का मामला दर्ज किया है। 

समाचार पत्र वितरण के लिए जा रही कार दुर्घटनाग्रस्त
चालक बुरी तरह घायल

सिरसा। डिंग के निकट कार हादसे में चालक बुरी तरह घायल हो गया। घायल को पुलिस ने एंबुलेंस के माध्यम से सामान्य अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि चालक का एक पैर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ से एक राष्ट्रीय अंग्रेजी समाचार पत्र पहुंचाने के लिए इंडिका कार में चालक सिरसा आ रहा था। सुबह करीब साढे पांच बजे डिंग के निकट चालक को अचानक झपकी आ गई जिससे कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में चालक  कार में बुरी तरह फंस गया जिससे वह बाहर नहीं निकल पाया। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंची और घायल को कार से बाहर निकालकर सामान्य अस्पताल पहुंचाया।

Thursday, 1 May 2014

उपचाराधीन महिला से मारपीट

सिरसा। गांव मौजूखेड़ा की एक विवाहिता से उसके पति द्वारा अस्पताल में मारपीट करने व धमकाने का आरोप लगा है। ज्ञातव्य हो कि गत दिवस भी उसके ससुरालियों ने उससे मारपीट की थी जिसके चलते उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। मारपीट के दौरान उसका अढ़ाई माह का गर्भ भी गिर गया। खास बात यह है कि पति को कल पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। मिली जानकारी के अनुसार कंगनपुर की रहने वाली भूपेन्द्र कौर का विवाह पांच साल पहले गांव मौजूखेडा के हरजिन्द्र सिंह के साथ हुआ था। विवाह से उसे दो लड़कियां हैं और वह तीसरी बार गर्भवती थी। पीडि़ता भूपेन्द्र कौर का कहना है कि ससुराल में उसके साथ मारपीट की जाती थी। अब गर्भवती होने के वावजूद उसे पीटा गया। जिससे उसका अढ़ाई माह का गर्भ गिर गया। आज सामान्य अस्पताल में दाखिल भूपेन्द्र कौर के साथ उसके पति हरजिन्द्र सिंह ने फिर से मारपीट की व उसे जान से मारने की धमकी दी।

दमकल पलटी

एलनाबाद। गांव कुमथला में आग बुझाने जा रही नगर पालिका की फायर बिग्रेड हादसे का शिकार होकर पलट गई। मिली जानकारी के अनुसार गांव कुमथला व भुर्टवाला में आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को मिली थी। मार्केट कमेटी की फायर ब्रिगेड कम पड़ जाने के कारण नगर पालिका द्वारा अपनी फायर ब्रिगेड कुमथला के लिए रवाना की गई थी। रास्ते में सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में गाड़ी पलट गई। मिली जानकारी के अनुसार कुमथला में अजीत पुत्र लाजपत राय तथा प्रदीप खोड़ पुत्र रणजीत के खेत में आग लगी थी।

अनिश्चितकालीन धरना शुरू

एलनाबाद। उठान न होने और ठेकेदार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए आज मंडी के आढ़तियों ने अनिश्चितकाली धरना शुरू कर दिया। आढ़तियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं वे धरने पर बैठे रहेंगे और मंडी में कोई कार्य नहीं होने दिया जाएगा। आढ़तियों के धरने से प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए हैं लेकिन अभी तक किसी प्रकार का ठोस कदम इस ओर नहीं उठाया गया है। 
आज सुबह आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान जसबीर चहल के नेतृत्व में सभी आढ़ती धरना स्थल पर पहुंचे। यहां आढ़तियों को संबोधित करते हुए जसबीर चहल ने कहा कि मंडी में से गेहूं का उठान न होने के कारण उनका कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मंडी में ठेकेदार की मनमानी के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि उनसे उठान की एवज में ठेकेदार द्वारा रुपयों की मांग की जाती है। यही नहीं गांव नीमला में जाकर गेहूं की चैकिंग की जाती है जो कि सरासर गलत है। यहां ठेकेदार द्वारा चैकिंग के नाम पर उन्हें प्रताडि़त किया जाता है और यदि उसकी मांगें नहीं मानी जाती तो उनके ट्रकों को वापिस लौटा दिया जाता है जिससे उन्हें दोगुना चूना लगता है। उन्होंने कहा कि यदि गेहूं की चैकिंग की जानी है तो मंडी में ही की जानी चाहिए।

सांप ने महिला को डसा, मौत

सिरसा। चत्तरगढ़पट्टी में एक महिला की बीती रात सांप के डसने से मौत हो गई। शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार चत्तरगढ़पट्टी निवासी श्रीराम की पत्नी शांति देवी गत रात्रि घर में खाना बना रही थी। अचानक उसे सांप ने डस लिया। शाांति के चिल्लाने पर परिजन किचन में पहुंचे और उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में लाए। सांप के डसने से महिला अचेत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया लेकिन रात्रि लगभग डेढ़ बजे महिला का दम टूट गया। आज शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग दर्ज की है।
नशे में खाई सल्फास
गौशाला मोहल्ला निवासी अशोक पुत्र राधेश्याम ने नशे में सल्फास की गोलियों का सेवन कर लिया। युवक को अचेतावस्था में उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। युवक की बेहोशी दोपहर तक नहीं टूट पाई।

Wednesday, 30 April 2014

कांडा ने लिया समर्थन वापिस

सरकार को नहीं खतरा
हुड्डा का गुणगान करने वाले कांडा के बदले सुर
मंत्रियों व विधायकों के फोन टैपिंग का लगाया आरोप

सिरसा। क्षेत्र के विधायक गोपाल कांडा ने आज हुड्डा सरकार से समर्थन वापस लेने की घोषणा की। उन्होंने चंडीगढ़ स्थित राजभवन में राज्यपाल जगननाथ पहाडिय़ा से मुलाकात की और उन्हें हुड्डा सरकार से समर्थन वापिस लेने का पत्र थमाया। इस मौके पर तेज बांसल एडवोकेट, अशोक बुआनीवाला, जय सिंह बिश्रोई, राकेश मित्तल, हरिओम भाली, दीपक कुमार व अन्य भी उनके साथ मौजूद थे। ज्ञातव्य हो कि गोपाल कांडा ने अपनी पार्टी बनाने की घोषणा की है और पार्टी के गठन का आधिकारिक ऐलान वे 2 मई को गुडग़ांव में करने वाले हैं। 'हरियाणा लोकहित पार्टीÓ के नाम से गठित होने वाले नए दल का मुख्यालय भी गुडग़ांव में ही होगा। 
आज सुबह करीब 11 बजे गोपाल कांडा चंडीगढ़ स्थित हरियाणा राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को पार्टी से समर्थन वापिस लेने संबंधी पत्र सौंपा। इसके बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांडा ने हुड्डा पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए कांग्रेस को समर्थन दिया था। इस दौरान वे अपने वायदों पर खरे उतरे लेकिन मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने वायदाखिलाफी की। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार में मंत्री पद केवल नाम के लिए ही मिलता है, सभी मंत्रालयों की कमान  स्वयं हुड्डा के हाथों में है। वे लोकहित में कार्य करना चाहते हैं जबकि कांग्रेस में रहते हुए ऐसा संभव नहीं है। इसलिए वे अपनी अलग पार्टी बनाने जा रहे हैं जिसकी नींव आमजन की सेवा भावना पर आधारित होगी। इसी के चलते उन्होंने कांग्रेस सरकार से समर्थन वापिस लिया। इसके साथ ही जब गोपाल कांडा से यह पूछा गया कि उनके साथ कौन-कौन से दिग्गज राजनीतिज्ञ आ रहे हैं तो उन्होंने कहा कि उनके फोन टेप करवाए जा रहे हैं और फोन टेप करवाने वालों से ही पूछ लें, उन्हें सब पता होगा। पत्रकार वार्ता के दौरान गोपाल कांडा ने नई पार्टी की नीतियों के बारे में 2 मई को गुडग़ांव में विस्तार से बताने की बात कही। इस दौरान कांडा ने क्रांतिकारी और लोकहित की सोच रखने वालों से  नई पार्टी से जुडऩे की अपील भी की। 
प्रदेश में जिस प्रकार की स्थिति बनी हुई थी, उसके अनुसार विधायक गोपाल कांडा के हुड्डा सरकार से समर्थन वापस लेने के कयास लगाए जा रहे थे। लोकसभा चुनावों में भी विधायक गोपाल कांडा तटस्थ बने रहे और उन्होंने कांग्रेस से बराबर दूरी बनाए रखी थी।

बच्ची सहित दो की मौत
कार की टक्कर लगने से एक बच्चा घायल

सिरसा। क्षेत्र में हुए विभिन्न हादसों में आज एक बच्ची सहित दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद वारिसों को सौंप दिए गए हैं।
गांव साहुवाला प्रथम निवासी रोहताश की 6 वर्षीय पुत्री रूचिका और 5 वर्षीय पुत्र प्रिंस अपनी दादी के साथ गांव के ही मेडिकल स्टोर पर दवा लेने के लिए गए थे। वापिस लौटते समय सड़क पार करते हुए एक कार ने दोनों बच्चों को चपेट मार दी। हादसे में रूचिका की मौके पर ही मौत हो गई जबकि प्रिंस घायल हो गया। घायल को सिरसा के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल लाया गया।
उधर गांव तारुआना में ट्रैक्टर पलटने से किसान जसबीर पुत्र हरचरण सिंह की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जसबीर अपने खेत में हल चला रहा था। इसी दौरान अचानक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया। जसबीर ट्रैक्टर के नीचे दब गया। आसपास के लोगों ने उसे ट्रैक्टर के नीचे से निकाला। बुरी तरह घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। कुछ ही देर बाद उसका दम टूट गया। पुलिस ने इस संदर्भ में इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

तूड़ी बनाते लगी आग, लाखों जलकर राख

सिरसा। एलनाबाद के गांव मि_नपुरा में खेत में तूड़ी बनाते समय लगी आग में तूड़ी बनाने की मशीन, ट्रैक्टर-ट्राली सहित लाखों जलकर राख हो गए। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक 15 एकड़ का रकबा आग से तबाह हो चुका था।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह मि_नपुरा गांव के किसान देवीलाल भांभू पुत्र दूड़ाराम के खेत में तूड़ी बनाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान तूड़ी बनाने वाली मशीन में चिंगारी से आग लग गई। आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लिया और मशीन, ट्रैक्टर-ट्राली को अपनी चपेट में ले लिया। मामले की जानकारी फायर बिग्रेड को दी गई। दमकल की गाड़ी में ड्राइवर कृष्ण, फायर मैन रंजीत, पंजाब सिंह व कुलवंत इत्यादि कर्मी मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग में जला ट्रैक्टर भूप सिंह पुत्र श्योचंद का था। आग बुझाने तक 15 एकड़ में पड़ा भूसा जलकर राख हो गया था। किसानों का कहना है कि मशीनरी व भूसे की अनुमानित कीमत करीब दस लाख रुपये है।

Tuesday, 29 April 2014

नाबालिगा से दुष्कर्म

आरोपी युवक को पुलिस हिरासत में

सिरसा। ओढां में नाबालिगा के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की सिरसा के सामान्य अस्पताल में चिकित्सीय जांच करवाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
गांव ओढां निवासी पीडि़ता की मां ने बताया कि दो दिन पूर्व उनका पूरा परिवार खेत में गया हुआ था। इस दौरान उनकी 16 वर्षीय पुत्री जोकि नौंवी कक्षा में पढ़ती है घर पर अकेली थी। आरोप है कि गांव में शैटरिंग की दुकान पर कार्य करने वाला अश्विनी उनके पीछे से घर में आया और उसकी पुत्री को नशीली वस्तु सुंघा दी। इसके बाद उसकी पुत्री बेसुध हो गई और अश्विनी उसे उठाकर ले गया। इस संबंध में उन्होंने पुलिस में शिकायत भी दी। आज पुलिस ने उनकी पुत्री को गांव से ही बरामद किया और अश्विनी को भी हिरासत में ले लिया। नाबालिगा ने परिजनों को उसके साथ दुष्कर्म की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस पीडि़ता को चिकित्सीय जांच के लिए सिरसा सामान्य अस्पताल लाई। पुलिस का कहना है कि चिकित्सीय रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

सातवें चरण का मतदान कल

सिरसा। लोकसभा चुनाव के सातवें चरण के तहत कल पंजाब सहित देश के सात राज्यों व दो केन्द्रशासित प्रदेशों में मतदान प्रक्रिया होगी। इसी के चलते सिरसा से पंजाब के साथ लगती सीमाओं को सील कर दिया गया है। वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Monday, 28 April 2014

हाथ काटा, मौत

अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

सिरसा। चोपटा के गांव रुपाणा में एक व्यक्ति की तेजधार हथियारों से काटकर हत्या कर दी गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की शिकायत पर चोपटा थाना में तीन अज्ञात हमलावरों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार गांव रुपाणा गंजा निवासी 55 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र सोहन लाल आज सुबह घर से बाजार गया था। वापिस लौटते समय गांव के मंदिर के पास तीन मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उसे रोका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों में से एक युवक ने सुरेन्द्र का हाथ पकड़ा और एक अन्य ने तेजधार हथियार से बाजू काट दी। हमलावर मौके से फरार हो गए। सुरेन्द्र बेसुध होकर गिर पड़ा। मामले की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को सिरसा सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार अत्याधिक रक्त स्राव के कारण सुरेन्द्र की मौत हुई है। परिजनों का कहना है कि सुरेन्द्र की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। ऐसे में पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर तीन अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया गया।

छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार

सिरसा। सदर सिरसा पुलिस ने घर में घुसकर दलित युवती से छेड़छाड़ करने पर महिला की शिकायत पर थाना में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को छेड़छाड़ व एससीएसटी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार गांव शहीदांवाली निवासी राणो पत्नी सिद्धूराम ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि इसी गांव निवासी महाबीर पुत्र पृथ्वीराम 26 अप्रैल की दोपहर उसके घर में आ घुसा और उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ की। पुलिस ने महिला के बयान पर महाबीर के खिलाफ छेड़छाड़ व एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। 

मिला मच्छर का लारवा तो होगा जुर्माना : डीसी

सिरसा। उपायुक्त डा अंशज सिंह ने बताया कि जिला के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में एनाफलीज मच्छर का लारवा पाए जाने पर सम्बन्धित संस्थानों व परिसरों के मालिकों का चालान कर 500 रुपए से 2000 रुपए तक का जुर्माना किया जाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा है कि लारवा पाए जाने के मामले में किसी भी व्यक्ति से किसी प्रकार की ढील न बरती जाए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे शहर में एंटी लारवा टैमीफॉस नामक दवाई का छिड़काव नगर परिषद अधिकारियों से मिल कर करें। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों से भी कहा कि वे शहर में हाईरिस्क क्षेत्र की पहचान भी करें और एंटी लारवा दवाई के छिड़काव के साथ-साथ मच्छर पैदा होने से रोकने सम्बन्धित जरूरी कदम उठाएं। उन्होंने बताया कि मलेरिया उन्मूलन के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्त के नमूने लेने के लिए 240 फीवर ट्रीटमैंट डिपो (एफटीडी) बनाए गए हैं जिन पर बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी वर्कर और आशा वर्करों की रक्त नमूने लेने के लिए डयूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के एमपीएचडबल्यू स्तर के अधिकारी स्कूलों में असैम्बली के दौरान मलेरिया बुखार से बचाव के बारे में बच्चों को जागरूक करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि ये फीवर ट्रीटमैंट डिपो मलेरिया संवदेनशील गांवो के सरकारी स्कूलों में भी स्थापित किए जाएंगे ताकि स्कूल समय में बुखार होने पर बच्चे  के रक्त का नमूना लेकर लैबोट्रेरी में जांच करवाई जा सके क्योंकि बुखार के समय रक्त का नमूना लेने पर की गई जांच में मलेरिया होने या न होने की स्पष्ट रिपोर्ट मिल पाती है। जिला में मलेरिया रोकने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा चालू वर्ष 2014 में 34 हजार  रक्त की स्लाइडें तैयार कर मलेरिया की जांच की जा चुकी हैं जिनमें से 14 मलेरियाग्रस्त मामले सामने आए हैं। रक्त स्लाइड तैयार करने के लिए जिला में आशा वर्करों व आंगनवाड़ी वर्करों की भी सहायता ली जा रही है।

बसपा ने शव यात्रा निकाल फूंका पुतला

सिरसा। बहुजन समाज पार्टी की जिला सिरसा इकाई ने पिछले दिनों योग गुरू बाबा रामदेव द्वारा दलितों के प्रति दिए गए आपत्तिजनक ब्यान के विरोध में सभी जिला पदाधिकारियों ने आज बाबा रामदेव की शवयात्रा निकाली और बाबा रामदेव मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए शहर भर में प्रदर्शन किया। बाद में सभी जिला कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर बाबा रामदेव का पुतला फूंका। इस दौरान बसपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त था तथा सभी ने एक सुर में कहा कि ये साधु नहीं बल्कि स्वादु हैं, ऐसे ढोंगी बाबा को फौरी तौर पर गिरफ्तार करके जेल में भेजा जाना चाहिए। सुभाष चौक पर उपस्थितजनों को सम्बोधित करते हुए बसपा के प्रदेश महासचिव मूलचन्द राठी ने कहा कि आज देश-प्रदेश के दलित जागरूक हो चुके हैं। दलितों से जहां भी अन्याय एवं अत्याचार होगा वहां पर बसपा उनके साथ खड़ी है।

Sunday, 27 April 2014

कांग्रेस ने फूंका रामदेव का पुतला

सिरसा। बाबा रामदेव के दलितों के प्रति की गई टिप्पणी के विरोध स्वरुप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता होशियारी लाल शर्मा के नेतृत्व में आज सुभाष चौक पर बाबा रामदेव का पुतला फंूका और उनकी गिरफ्तारी की मांग की। 
कांग्रेस कार्यकर्ता शर्मा के नेतृत्व में आज सुबह सुभाष चौक पर एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने बाबा रामदेव के खिलाफ नारेबाजी की और रामदेव के पुतल फूंका। शर्मा ने कहा कि बाबा रामदेव द्वारा कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर दिए गए विवादास्पद बयान जिसमें उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दलितों की बस्ती में हनीमून मनाने जाते हैं पर लोगों द्वारा भारी विरोध हो रहा है। यदि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार नहीं किया गया तो अव्यवस्था फैलने का खतरा है। उन्होंने रामदेव के बयान की कड़ी निंदा करते हुए दलितों से माफी मांगने की बात कही। उन्होंने कहा कि विवाद और बाबा रामदेव के बीच चोली दामन का रिश्ता हो गया है। देश के लिए यह और भी दुर्भाग्य की बात है कि जिस बयान की देश भर के राजनेता व आम जनता विरोध कर रही है वहीं भारतीय जनता पार्टी बाबा रामदेव के पक्ष में सफाई पेश कर रही है। योग के बहाने राजनीति का पाठ पढ़ाने वाले रामदेव ने उन संत फकीरों को भी कलंकित किया है जिन्होंने लोगों को ज्ञान दिया व समाज सुधार में विशेष भूमिकाएं निभाई हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता जानती है कि गांधी परिवार ने देश सेवा के लिए अपना जीवन कुर्बान कर दिया। राहुल गांधी जैसे युवा नेता आज देश के करोड़ों युवाओं के रोल मॉडल हैं। उन पर इस प्रकार की टिप्पणी करना दूषित मानसिकता को दर्शाता है। इस अवसर पर राजकुमार वर्मा, हरीश सोनी, पूर्णचंद गिरधर, संगीत कुमार, गंगाबिशन चालिया, निर्मल गनेरीवाला, चंद्रभान गोयल, रमेश खट्टर, जगदीश कुमार, बजदान चारण, रामकुमार निरंकारी, कंवर सैन आर्य, फूला राम योगी आदि मौजूद थे।

उपवासियों का पारना 2 को सिरसा में

सिरसा। अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य महाश्रमण जी ने कहा कि आचार्य तुलसी के जन्म शताब्दी अवसर पर चल रही अहिंसा यात्रा का दो मई को अक्षय तृतीया के अवसर पर सिरसा में पड़ाव होगा और इस दिन विशाल समागम में उपवासियों का पारना होगा। यात्रा के दौरान ङ्क्षडग मंडी के निकट एक सरकारी स्कूल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आचार्य महाश्रमण ने बताया कि यह यात्रा 2013 में शुरु हुई थी जो अक्तूबर 2014 में दिल्ली में संपन्न होगी। आचार्य तुलसी की जन्म स्थली लाडनू से शुरु हुई। इस यात्रा के दौरान वे अब तक राजस्थान के बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, पंजाब के बङ्क्षठडा, मानसा होते हुए सिरसा की तरफ बढ़ रही है। हरियाणा यात्रा के दौरान 18 मई को जमालपुर गांव में आचार्य तुलसी के जन्म शताब्दी अवसर पर प्रांत स्तरीय कार्यक्रम होगा। उन्होंने बताया कि जैन समाज के साधु और गृहस्थ जीवन से जुड़े हुए लोग वर्ष भर एक दिन उपवास व एक दिन भोजन की तपस्या करते हैं और इस तपस्या का समारोह 2 मई को सिरसा मेें होगा। भगवान ऋषभ ने एक वर्ष तक निरंतर भूखे रहकर यह तपस्या शुरु की थी। जिसे बाद में संत जैन समाज ने इसे एक दिन उपवास व एक दिन भोजन के रुप में अपनाया है। आचार्य श्री ने बताया कि यात्रा के   यात्रा के दौरान वे जन्नोत्थान का काम कर रहे हैं और लोगों में नैतिकता, अङ्क्षहसा, नशा मुक्ति आदि के लिए प्रेरित कर रहे हैं। एक प्रश्र के उत्तर में आचार्य श्री ने बताया कि देश में राजनीति अति आवश्यक है,लेकिन राजनीति में आने वाले लोगों को जनसेवा भावना से काम करना चाहिए। नैतिकता, संयम और अणुव्रत पर आधारित राजनीति ही सच्ची सेवा कर सकती है। उन्होंने कहा कि भारत के पास ऐसा बहुत कुछ है जिस पर गौरव किया जा सकता है। सर्वप्रथम यह संतों और तपस्वियों की भूमि है जो अत्यंत गौरव का विषय है इसके साथ-साथ भारत के पास विशिष्ट ज्ञान का खजाना है। संस्कृत-पाली सहित अनेक भाषाओं में ऋषियों ने यहां ज्ञान ग्रंथ लिखे हैं, जिन पर गौरव किया जा सकता है। एक अन्य प्रश्र के उतर ने आचार्य श्री ने कहा कि भारत में सभी वर्गों में सद्भाव का प्रयास करना चाहिए और नैतिकता का विकास होना चाहिए। सभी लोग झूठ बोलने से बचें, तो स्वत: ही भ्रष्टाचार और अनैतिकता पर अंकुश लग जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्ता किसेे मिले यह प्रश्र  महत्वपूर्ण नहीं है, सत्ता जिसका मिले वे लोग इसे सेवा का माध्यम समझकर कार्य करें और जनता को सर्वोपरि समझे तो राजनीति भी अच्छी होगी और देश का विकास भी अच्छा होगा। संतों के राजनीतिक दखल के प्रश्र का जवाब देते हुए आचार्य श्री ने कहा कि यदि सेवा भावना से कोई संत राजनीति में प्रवेश करता है तो आपत्ति नहीं होनी चाहिए, लेकिन प्राय: प्राय: संत समाज को सीधे राजनीतिक दखल से बचना चाहिए बल्कि दूर रहकर राजनीतिक को दिशा निर्देशित करना चाहिए। धर्म क्या है का जवाब देते हुए आचार्य श्री ने कहा कि आत्म शुद्धि व चेतना शुद्धि करने के साधनों को धर्म कहा गया है। इस अवसर पर शासन सेवी पदम जैन, प्रदीप मेहता, घीसा राम जैन, देवेंद्र डागा, मनोज डागा, महावीर शर्मा, बंसत गुजरानी, कमल जैन सहित जैन समाज से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

बाजार में सांप, लोगों में हड़कंप

सिरसा। आज दोपहर को शहीद भगत सिंह चौक में अचानक एक सांप रेंगता हुआ आया और दुकान के आगे खड़ी स्कूटी में घुस गया। स्कूटी में सांप घुसता देख लोगों में हड़कंप मच गया। बाद में दो युवको सांप को काबू किया। तब लोगों ने राहत की सांस ली।
हुआ यूं कि आज दोपहर को कृष्ण नामक युवक स्कूटी पर सवार होकर भगत सिंह चौक में खरीददारी करने के लिए आया। जैसे ही कृष्ण ने स्कूटी खड़ी कि इसी दौरान एक करीब दो फूट लंबा सांप रेंगता हुआ आया और लोगों को देख अपनी जान बचाने के चक्कर में स्कूटी में जा घुसा। सांप को स्कूटी में घुसता देख लोगों ने शोर मचाया। स्कूटी मालिक कृष्ण ने अपनी स्कूटी सड़क पर ही गिरा दी और सांप को तलाशने में जुट गया। उसके साथ अन्य युवक भी सांप को तलाशने में जुट गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लाठी व कपड़ों की सहायता से सांप को कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा जा सका। सांप को पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

Saturday, 26 April 2014

अस्पताल के समक्ष बवाल

चिकित्सक पर ईलाज में लापरवाही का आरोप
सिरसा। उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए आज गांव मल्लेवाला के लोगों ने डबवाली रोड स्थित आस्था अस्पताल के समक्ष बवाल काटा। परिजनों का कहना था कि अस्पताल के कंपाउंडर की लापरवाही की वजह से महिला मरीज का हाथ काटने की नौबत आ गई है। उन्होंने कंपाऊडर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अस्पताल के संचालक चिकित्सक ने तमाम आरोपों को खारिज करते हुए मरीज के परिजनों की कार्रवाई को गलत बताया।
जानकारी के अनुसार गांव मल्लेवाला निवासी जसप्रीत पत्नी गुरलाल को कुछ समय पूर्व ईलाज के लिए आस्था अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अस्पताल में जसप्रीत को इंजेक्शन लगाया गया और उसके बाद छुट्टी दे दी गई। आरोप है कि गलत ढंग से इंजेक्शन लगाने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई और उसे उपचार के लिए बठिंडा के अस्पताल में दाखिल करवाना पड़ा। यहां चिकित्सकों ने हाथ काटने की सिफारिश की है। बठिंडा के चिकित्सकों ने इसे ईलाज में लापरवाही बताया है। इसी के गुस्साए मरीज के परिजन आज अस्पताल के समक्ष एकत्रित हुए और मुआवजे के रूप में साढ़े चार लाख रुपये की मांग की। आस्था अस्पताल के संचालक डा. रजनीश नरूला ने बताया कि ईलाज में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती गई है। मरीज के परिजन रुपये ऐंठने के लिए इस तरह दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

Friday, 25 April 2014

शॉपिंग काम्पलेक्स में लगी आग

सिरसा। हुडा सेक्टर 20 के शॉपिंग काम्प्लेक्स में स्थित एक दुकान में आज आग लग गई। आग से दुकान के फर्नीचर सहित काफी सामान जलकर राख हो गया। मामले की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह हुडा सेक्टर 20 स्थित शापिंग काम्पलेक्स की दुकान नंबर 109 में शॉट सर्किट से आग लग गई। दुकान मालिक वरुण ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंचने के लिए रवाना हुई। सीडीएलयू के प्रवेश द्वार के नजदीक दमकल गाड़ी खराब हो गई। काफी समय तक माथापच्ची करने के बाद भी गाड़ी ठीक नहीं हो सकी। इसके बाद दूसरी गाड़ी मौके के लिए रवाना की गई। दमकल की गाड़ी के पहुंचने से पहले दुकान का फर्नीचर, इंवर्टर, बैटरी, एलसीडी सहित अन्य सामान आग की चपेट में आ चुका था। दुकान मालिक वरुण ने बताया कि आगजनी की इस घटना से उसका करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

दो उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार

सिरसा। जिला पुलिस ने दो उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भादंसं की धारा 174ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शहर सिरसा पुलिस ने 6 फरवरी 2014 को अदालत द्वारा उद्घोषित अपराधी करार दिए गए सिरसा निवासी सोमनाथ को गिरफ्तार किया है। सोमनाथ के खिलाफ 19 जून 2011 को थाना शहर में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। एलनाबाद पुलिस ने वार्ड 11 निवासी लालचंद को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ 2 जनवरी 2012 को जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। कोर्ट ने लालचंद को 3 अप्रैल 2014 को उद्घोषित अपराधी करार दिया था।

सिने गार्डन पर मनमानी का आरोप

सिरसा। हिसार रोड स्थित इंटरटेनमेंट सेंटर की सेवाओं को लेकर सिविल अस्पताल के चिकित्सक ने स्थायी लोक अदालत का द्वार खटखटाया है। मामले की सुनवाई 6 मई को होगी। इस मामले में आबकारी एवं कराधान विभाग को भी पक्षकार बनाया गया है।
सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डा. गुलशन चौहान ने स्थायी लोक अदालत में वाद दायर कर ओम सिने गार्डन के संचालकों पर मनमानी करने और ग्राहकों को परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा उपभोक्ताओं को प्रताडि़त किया जाता है। उन्होंने कहा कि यहां पर पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं है। ग्राहकों को पानी खरीदकर ही प्यास बुझानी पड़ती है। टिकट के लिए खुले पैसे को लेकर भी ग्राहकों को ही प्रताडि़त किया जाता है। संस्थान द्वारा वाहन पार्किंग की एवज में 20 रुपये वसूले जाते है, जबकि वाहन के चोरी होने अथवा डेंट-पेंट होने पर अपनी जिम्मेवारी महज 250 रुपये निर्धारित की गई है।

Thursday, 24 April 2014

खेतों में लगी आग, लाखों का नुकसान

गांव बेगू व बाजेंका में लगी आग

सिरसा। गांव बेगू के खेतों में आज सुबह अचानक आग लगने से 25 एकड़ पराली जलकर राख हो गई। आग लगने का कारण तूड़ी बनाने वाली मशीन में घर्षण बताया गया है। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की एक के बाद एक तीन गाडिय़ां मौके पर पहुंची। गाडिय़ों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आस-पड़ोस के खेतों को आग से बचाने के लिए फायर बिग्रेड की गाडिय़ों ने नष्ट हुए खेतों की घेराबंदी कर पानी डाला ताकि आग को आगे बढऩे से रोका जा सके। ग्रामीणों ने खेतों के चारों ओर व भीतर ट्रैक्टर की मदद से आग पर काबू पाने में मदद की।
खेत मालिक जयमल सिंह ने बताया कि आज सुबह वह खेत में तूड़ी बनाने का काम कर रहे थे। अचानक मशीन से निकली चिंगारी से आग फैल गई। आग से उसकी 10 एकड़ में पराली नष्ट हुई है जबकि साथ लगते खेतों में 15 एकड़ पराली नष्ट हुई है।
सहायक फायर ऑफिसर सुरेन्द्र कुमार लांबा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद तुरंत दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि तूड़ी बनाने वाली मशीन में घर्षण की वजह से आग लगी है।
उधर दोपहर बाद गांव बाजेकां के निकट खेत में आग लग गई। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाडिय़ां रवाना हुईं। समाचार लिखे जाने पर आग पर काबू पाने के प्रयास जारी थे।

पूर्व सीएम ने किया मंडियों का निरीक्षण

सिरसा। हजकां नेता तथा हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्र मोहन बिश्रोई ने हजकां प्रत्याशी डॉ.सुशील इंदौरा के साथ जिला सिरसा की विभिन्न विभिन्न मंडियों का दौरा करके गेहूं की खरीद का जायजा लिया तथा किसानों से बातचीत की। इस दौरान वे सिरसा की अराऊंड एडीनशल मंडी में जुगल किशोर सुदर्शन कुमार(आढ़ती) के प्रतिष्ठान पर पहुंचे, जहां जुगल किशोर बजाज, भागीरथ बजाज, सुदर्शन चावला व राजेश बजाज(भाजपा नगर महामंत्री) ने फूलमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पत्रकारों से रूबरू होते हुए चंद्रमोहन बिश्रोई ने सरकार को चेताया कि यदि गेहूं की खरीद के प्रबंधों में सुधार तथा किसानों की उचित समस्याओं का 72 घंटे में समाधान न किया गया, तो हजकां प्रदेशभर में आंदोलन छेडऩे पर मजबूर होगी। मौजूदा हुड्डा सरकार को किसान विरोधी सरकार करार देते हुए बिश्रोई ने कहा कि प्रदेश में किसान निरंतर समस्याओं से जूझ रहे है। हजकां-भाजपा की सरकार बनने का दावा करते हुए बिश्रोई ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा तथा ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि किसानों को अपनी ऊपज बेचते समय किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर आढ़तियां एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र्र मिचनाबादी, उप प्रधान विजय चौधरी, कोषाध्यक्ष रविंद्र दुआ, भाजपा नगराध्यक्ष सतपाल मेहता, आईटी सैल प्रभारी हर्ष अग्रवाल इत्यादि मौजूद थे।

Wednesday, 23 April 2014

अस्पताल में तोडफ़ोड़, रोड जाम

चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप
शव देने से पहले मांगे रुपये

सिरसा। निजी अस्पताल के चिकित्सक पर ईलाज में लापरवाही के कारण एक व्यक्ति की मौत का आरोप लगा है। यही नहीं आरोप है कि मौत के बाद उन्हें तुरंत जानकारी भी नहीं दी गई और उनसे बकाया राशि की मांग कर शव सौंपने की शर्त रख दी गई। गुस्साए परिजनों ने आज अस्पताल के समक्ष ही डबवाली रोड पर जाम लगा दिया और अस्पताल में तोडफ़ोड़ भी की। मौके पर शहर थाना प्रभारी दलबल सहित पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार रानियां गेट निवासी आत्माराम पुत्र कश्मीरी लाल विगत 21 अप्रेल को मोरीवाला के निकट एक सड़क हादसे में घायल हो गया था। घायल को डबवाली रोड स्थित गंगा अस्पताल में भर्ती करवाया गया। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक द्वारा आप्रेशन की बात कहकर उनसे 65 हजार रुपये की राशि ले ली गई थी। आरोप है कि इस दौरान उन्हें घायल से मिलने तक नहीं दिया गया। परिजनों ने संदेह जताया है कि आप्रेशन से पहले ही आत्माराम की मौत हो चुकी थी जबकि चिकित्सक ने पैसे ऐंठने के लालच में उन्हें जानकारी तक नहीं दी। यही नहीं जब उन्हें आत्माराम की मौत की जानकारी मिली तो उन्होंने शव मांगा। इसके बाद चिकित्सक ने शव लौटाने से पूर्व एक लाख 60 हजार रुपये की राशि जमा करवाने की शर्त रख डाली। इससे परिजन गुस्सा गए और अस्पताल में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। डबवाली रोड जाम कर दिया गया। करीब एक घंटे तक लगे जाम के कारण यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी मौजीराम दलबल सहित मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल भिजवाकर जाम खुलवाया।

बच्ची सहित दो की मौत, तीन घायल

सिरसा। अलग-अलग सड़क हादसों में एक बच्ची सहित दो की मौत हो गई। हादसों में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल मेें भर्ती करवाया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव मोचीवाला के निकट अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे शौच के लिए बैठी छह वर्षीय बच्ची दीक्षा को कुचल दिया। बताया जा रहा है कि मोचीवाली स्थित मोडर्न ईंट भट्टे पर कार्य करने वाले हरीशंकर की पुत्री दीक्षा अपने चाचा मनीष के साथ शौच के लिए गई थी। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा रही कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और बच्ची को कुचलते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे में बच्ची की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो लोग भी मामूली घायल हो गए।
एक अन्य हादसे में गांव बणी से सूरेवाला सड़क निर्माण के दौरान रोड रोलर के नीचे कुचले जाने से बिहार मूल के मजदूर मोहम्मद इरफाक पुत्र मोहम्मद रसूल की मौत हो गई। रानियां क्षेत्र के अंतर्गत गांव बणी के निकट सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। मजदूर इरफाक रोड रोलर के आगे तारकोल डाल रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह कुचला गया।
वहीं घुक्कांवाली निवासी केवल पुत्र बूटा राम को गत सायं अज्ञात वाहन ने चपेट मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

Tuesday, 22 April 2014

मलिक को छत्रपति अवार्ड

जींद में आयोजित समारोह में मिला सम्मान

जींद। बुलन्द्र युवा परिवार द्वारा जींद के सागर होटल में राज्यस्तरीय छत्रपति अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 'ए1 तहलका हरियाणाÓ समाचार चैनल के निदेशक हरविन्द्र मलिक ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।  अध्यक्षता हरियाणा पत्रकार संघ के प्रदेशाध्यक्ष केबी पण्डित ने की। वर्ष 2014 का छत्रपति अवार्ड  हरविन्द्र मलिक को दिया गया। 
छत्रपति अवार्ड से सम्मानित हरविन्द्र मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में पत्रकारों के समक्ष अनेक चुनौतियां हैं और हमें इन चुनौतियों को स्वीकार करके पत्रकार रामचन्द्र छत्रपति की तरह अपना कार्य निष्ठा व ईमानदारी से करना होगा। उन्होंने कहा कि आज के दौर में मीडिया का अहम योगदान है, मगर बड़े दुख की बात है कि आज हम अपने पथ पर विमुख होते जा रहे हंै। उन्होंने कहा कि पत्रकारों पर समाज की अहम जिम्मेदारी है इसलिए हमें सच्चाई और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी को निभाना होगा। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एंव हरियाणा पत्रकार संघ के प्रदेशाध्यक्ष केबी पण्डित ने कहा कि आज के दौर में हमारे सामने पत्रकारिता एक चुनौती बनकर खड़ी है। पत्रकारों को अपने कर्तव्य को समझते हुए एक अच्छी सोच के साथ अपनी जिम्मेदारी को निभाना होगा। 
छत्रपति अवार्ड के अलावा विभिन्न श्रेणियों में भी प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित किया गया। खेल रत्न अवार्ड सोनिया लाठर को दिया गया जबकि पूनम दलाल को कला रत्न अवार्ड मिला। प्रसिद्ध हास्य कलाकार महेन्द्र झंडू व जया रोहिला को युवा रत्न अवार्ड रामसिंह परदेशी व समाज रत्न अवार्ड से वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. राजेश भोला को नवाजा गया। मीडिया रत्न अवार्ड अजय भाटिया को दिया गया। समारोह में वरिष्ठ पत्रकारों, साहित्यकारों, मेधावी छात्र-छात्राओं, खिलाडिय़ों एवं समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता लीलाधर मित्तल, डा. समुन्द्र सिंह लाठर, डा. डीपी जैन वरिष्ठ पत्रकार डा. सर्वदमन सांगवान, बलराम शर्मा, कार्यक्रम के संयोजक रविशंकर शर्मा भी मौजूद थे।

दुर्घटना में दो युवकों की मौत

सिरसा। सूरतिया रोड पर एक मोटरसाइकिल सवार युवक की दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार रोड़ी निवासी राजू पुत्र गिन्दर सोमवार रात्रि मोटरसाइकिल पर अपने घर आ रहा था। सूरतिया रोड पर अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी गई। दुर्घटना में राजू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने बाद रोड़ी थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश राय टीम सहित मौके पर पहुंचे। घायल को उपचार के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल लाया जा रहा था। रास्ते में उसका दम टूट गया। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस संदर्भ में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
उधर गांव गोबिंदपुरा निवासी अमीर पुत्र धनराज साइकिल पर सवार होकर मंडी में कार्य करने जा रहा था। रास्ते में मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में मौके पर ही अमीर की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

किसान की हृदयघात से मौत

सिरसा। कालांवाली क्षेत्र के गांव असीर में गत दिवस अपने खेत में गेहूं काटते किसान की दिल का दौरा पडऩे से मौत हो गई। मिली जानकारी अनुसार गांव असीर निवासी किसान गुरजंट सिंह पुत्र केहर सिंह अपने क्षेत्र में मजदूरों सहित गेहूं की कटाई कर रहा था कि इस दौरान उस के दिल में दर्द हुआ। जिस पर उसे खेत में काम कर रहे मजदूर और पारिवारिक सदस्य एक डाक्टर के पास लेकर गए। डाक्टर ने उसे मृतघोषित कर दिया।

प्राथमिक परिवारों की सूची शीघ्र भेजे मुख्यालय : प्रधान सचिव
वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिला उपायुक्तों को दिए निर्देश

सिरसा। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती नवराज संधू ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पहचान किए गए अन्य प्राथमिक परिवारों की सूची सत्यापन करवाकर शीघ्र ही मुख्यालय भिजवाएं ताकि इन परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना के तहत लाभ मिले। श्रीमती संधू वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए उपायुक्तों से बातचीत कर रही थीं।
उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने बताया कि जिला में 93 हजार 875 प्राथमिक परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है। इन परिवारों की सत्यापन ग्रामीण स्तर पर पटवारियों द्वारा तथा शहरी क्षेत्रों में नगर परिषद कर्मचारियों द्वारा की जानी है। पूरे जिला में कल यानी 23 अप्रैल से यह कार्य शुरू कर दिया जाएगा। तहसील स्तर पर कल जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों द्वारा पात्र परिवारों के फार्म दिए जाएंगे जिनमें परिवार का जमीन सम्बन्धित सम्पति का ब्यौरा भरा जाना है। ग्रामीण स्तर पर फार्म में दिए गए 13 नम्बर कॉलम को ही भरा जाना है जिसमें जमीन सम्पति का ब्यौरा पटवारियों द्वारा दिया जाना है। फार्म वितरित करने के इस कार्य में सम्बन्धित सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी तथा सम्बन्धित डिपो होल्डर सहयोग करेंगे। इन अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा सम्बन्धित गांवों के पटवारियों को पहचान किए गए प्राथमिक परिवारों के फार्म दिए जाएंगे। इसी तरह से शहरी स्तर पर नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा फार्म का वैरिफिकेशन किया जाना है जिसमें फार्म में दिए गए कॉलम नं. 18 व 19 भरा जाना है। इस कॉलम में भी प्राथमिक परिवार का जमीन से सम्बन्धित ब्यौरा भरा जाना है।
उन्होंने बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा अभी तक इस स्कीम का लाभ पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जा रहा है। योजना के तहत प्रत्येक प्राथमिक परिवार को प्रतिमाह पांच किलोग्राम गेंहू प्रति इकाई प्रति माह दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी तहसीलदारों व पटवारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शत प्रतिशत प्राथमिक परिवारों का सत्यापन करें और सम्बन्धित कॉलम में पूरी जानकारी भरें। प्राथमिक परिवार भी प्रशासन के इस कार्य में पूरा सहयोग करें। उन्होंने बताया कि पहले से तैयार किए गए फार्म में ग्रामीण क्षेत्रों में पटवारियों द्वारा 13 नम्बर कॉलम में यह भरा जाना है कि परिवारों के पास कुल कितने एकड़ जमीन है और शहरी क्षेत्र में कॉलम नं. 18 व 19 में यह भरा जाना है कि प्राथमिक परिवार के पास कितने वर्ग गज जगह व मकान है। जिला एवं खाद्य आपूर्ति नियंत्रक रामअवतार ने सभी डिपू धारकों को निर्देश दिए हैं कि वे बिना पात्रता फार्म के सत्यापन करवाए किसी भी प्राथमिक परिवार को गेंहू का वितरण न करें। उन्होंने बताया कि फार्म सत्यापन करवाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शिवप्रसाद शर्मा, डबवाली के उपमण्डल अधिकारी ना. सतीश कुमार, नगराधीश नरेन्द्रपाल मलिक व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Monday, 21 April 2014

मिला दाखिला, समाप्त हुआ अनशन

सिरसा। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में पिछले पांच दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे लॉ स्टूडेंट को गत रात्रि जबरदस्ती उठाने का प्रयास किया गया। इसी के चलते आज सुबह विश्वविद्यालय में छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर जोरदार प्रदर्शन किया।  मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
पिछले पांच दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे विधि विभाग के छात्र विकास का आरोप है कि गत रात्रि पुलिस बल सीडीएलयू में पहुंचा था। पुलिस ने उसपर व उसके साथियों युनुस, नरेन्द्र, अमरीक, दलजीत व गौरव पर लाठीचार्ज किया। पुलिस की बर्बरतापूर्ण कार्रवाई में उक्त सभी छात्र घायल हो गए। आरोप है कि पुलिस कर्मी उसे धरनास्थल से उठाकर साथ ले गए और शहर से बाहर छोड़ दिया। आज सुबह वह पुन: विश्वविद्यालय में पहुंचा और अपने साथ हुई ज्यादती के बारे में छात्रों को बताया। इसके बाद सीडीएलयू के छात्रों ने कक्षाओं का बाहिष्कार किया और सभी विकास के साथ धरने पर बैठ गए। छात्रों की बढ़ती भीड़ देखकर सीडीएलयू प्रशासन के हाथ पांव फूल गए और पुलिस को सूचना दी गई। कुलपति डा. राधेश्याम शर्मा ने प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगे माने जाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
ज्ञातव्य हो कि सीडीएलयू प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विधि विभाग का एक छात्र विकास भूख हड़ताल पर बैठा था। विकास का कहना था कि स्वास्थ्य कारणों के चलते वह कुछ दिन कक्षाएं नहीं लगा पाया जिस कारण उसका नाम काट दिया गया। बाकायदा इसके लिए उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और न्यायालय ने भी सीडीएलयू प्रशासन को नाम वापिस लिखे जाने के आदेश दिए। बावजूद इसके अभी तक विभाग द्वारा उसकी नहीं सुनी गई है।
नहीं किया लाठीचार्ज
शहर थाना प्रभारी मौजीराम का कहना है कि पुलिस द्वारा छात्र विकास व उसके साथियों पर लाठीचार्ज नहीं किया गया।
विकास को मिला एडमिशन
चौ. देवी लाल विश्वविद्यालय के प्रशासन ने विधि विभाग के विद्यार्थी के भविष्य तथा स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रोविजिनल दाखिला दे दिया है। यह निर्णय विश्वविद्यालय के कुलपति डा. राधे श्याम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया है।

गेहूं लूट मामले का आरोपी रिमांड पर

सिरसा। सीआईए डबवाली पुलिस ने गत 24 फरवरी को गांव शेरगढ़ स्थित खाद्य एवं आपूर्ति गोदाम से 21 क्विंटल गेहूं की लूट मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कैंटर व जीप बरामद कर ली है। जबकि चोरीशुदा गेहूं की बरामदगी के लिए आरोपियों को अदालत में पेशकर तीन दिन का रिमांड हासिल किया है।
सीआईए डबवाली के सहायक उपनिरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक अरविंद पूनियां की शिकायत दर्ज करवाई थी कि 24 फरवरी की रात को शेरगढ़ स्थित गोदाम से कैंटर व पिकअप जीप पर सवार लगभग दस लोगों ने चौकीदार को बंधक बनाकर 42 बैग गेहूं चोरी करके ले गए। इस मामले की जांच करते हुए सीआईए पुलिस ने सुराग जुटाते हुए घटना के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान पतराम पुत्र पूर्ण सिंह निवासी माडीमूसतबा, दलवारा सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी सदोके, गुरदेव पुत्र गुरमुख निवासी माडीमूसतबा, छिंद्र पुत्र शमशेर निवासी सदोके (पंजाब) व राजू पुत्र श्रवण निवासी दाडू (राजस्थान) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले के बाकी आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

रेलगाड़ी की चपेट में आने से मजदूर की मौत

सिरसा। बड़ागुढा रेलवे स्टेशन पर सवारी गाड़ी की चपेट में एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। मृतक झारखंड का रहने वाला था। मृतक पांच लड़कियों का पिता था। सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार गत रात्रि किसान एक्सप्रेस सिरसा से बड़ागुढ़ा पहुंची थी। बताया गया है कि स्टेशन के नजदीक एक व्यक्ति रेलगाड़ी की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव सामान्य अस्पताल लाया गया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय अनिल पुत्र मनुवर निवासी गांव जबरा झारखंड के रूप में हुई। हाल अनिल गांव छतरिया स्थित एक पोल्ट्री फार्म में कार्यरत था।

लुटेरे का स्कैच जारी

सिरसा। सीआईए पुलिस ने गत 18 अप्रैल को अग्रसेन कालोनी क्षेत्र से 22 लाख रुपये छीनने की घटना में जांच के बाद मुनीम व कार चालक से पूछताछ कर उनके बताए गए हुलिए के आधार पर एक युवक का स्कैच जारी किया है।
सीआईए सिरसा प्रभारी निरीक्षक कुलवंत सिंह ने बताया कि इस संबंध में थाना शहर सिरसा में 18 अप्रैल को भादंसं की धारा 382/34 के तहत मामला दर्ज कर जांच सीआईए को सौंपी गई थी। उन्होंने बताया कि जारी किए गए स्कैच हुलिए के संबंध में अगर किसी को किसी प्रकार की सूचना मिलती है तो उनके मोबाइल नंबर 88140-11606 पर सूचना दें। उन्होंने बताया कि इस घटना के संबंध में किसी प्रकार की सूचना देने वाले का नाम, पता पूर्ण रूप से गुप्त रखा जाएगा और उसे उचित ईनाम भी दिया जाएगा। 

Saturday, 19 April 2014

ढहाए अवैध निर्माण


सिरसा। गांव नटार में पंचायती भूमि पर बने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई को लेकर बीडीपीओ के नेतृत्व में आज टीम कब्जा हटाने को भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। मामूली विरोध के बीच जेसीबी की मदद से टीम ने पंचायती भूमि में बने तीन पक्के कमरोंं को ढहा दिया। जबकि दो कब्जाधारियों को नोटिस दिया गया है। बीडीपीओ जितेंद्र अहलावत ने बताया कि गांव की जमीन पर कब्जा कर पांच लोगों द्वारा अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत ग्राम पंचायत द्वारा प्रशासन को की गई थी। गांव के सरपंच जीत सिंह की ओर से उन्हें शिकायत मिली थी। जिसके बाद उन्होंने मौका मुआयना कर लोगों को निर्माण नहीं करने की बात कही थी। लेकिन वे नहीं माने। इसी के चलते शनिवार को कार्रवाई अमल में लाई गई। शेष दो कब्जाधारियों को नोटिस दिया गया है और भूमि की पैमाइश के बाद अगर कब्जा पाया जाता है तो इन्हें भी ढहाने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल के चलते मामूली विरोध के बीच जेसीबी की मदद से तीन पक्के कमरोंं को ढहा दिया गया।  उधर कब्जाधारियों का कहना है कि गत 40 वर्षों से इस जगह पर उनके निर्माण हैं। लंबे समय से यहां कच्चे कमरे बने हुए थे जिन्हें उन्होंने सिर्फ पक्का किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि गांव के सरपंच द्वारा प्रति निर्माण दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। रिश्वत नहीं देने के कारण उनके निर्माण ढहाए गए हैं। निर्माण ढहाने से पूर्व उन्हें कोई नोटिस भी नहीं दिया गया इसलिए प्रशासनिक कार्रवाई भेदभावपूर्ण है। पीडि़त लोगों ने मांग की है कि इस तरह उनके निर्माण ढहाए जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है जिसके चलते उन्हें मुआवजा दिया जाना चाहिए। पीडि़त महिलाओं शांति देवी व कमला रानी का कहना है कि पिछले 40 वर्षों से वे इस जगह पर काबिज थे। अभी उन्होंने अपने भवनों को पक्का किया था। बिजली कनैक्शन व अन्य सुविधाएं भी इन्हें यहां मिल रही थीं। बावजूद इसके अधिकारियों ने उनकी एक नहीं सुनीं और निर्माण ढहा दिए। उनका कहना है कि गांव के सरपंच ने रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत नहीं देने के चलते उनके निर्माण ढहाए गए हैं।

खेल-खेल में गई जान
झूला-झूलते बच्चों पर गिरा पिल्लर

सिरसा। बेगू रोड स्थित जनकल्याण कालोनी में गेट पर झूलते समय पिल्लर गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई। उसका भाई गंभीर घायल है। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार बेगू रोड स्थित जनकल्याण कालोनी में प्रभजोत का आवास है। कल शाम प्रभजोत के दोनों पुत्र कृष (7) व नैतिक (5) घर के मुख्य द्वार पर लगे गेट पर झूल रहे थे। इसी दौरान गेट का पिल्लर उनपर आ गिरा। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। कृष के हाथ की हड्डी टूट गई जबकि नैतिक के सिर में चोट लगी। परिजन दोनों को अस्पताल लेकर गए और उपचार करवाया। बताया जा रहा है कि चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी। आज सुबह नैतिक की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसे खून की उल्टी भी आई। प्रभजोत उसे लेकर पुन: अस्पताल पहुंचा। यहां चिकित्सकों ने नैतिक को मृत घोषित कर दिया। आज सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस संदर्भ में मर्ग दर्ज कर ली है।

विदेश भेजने के नाम पर ठगी

सिरसा। चतरगढ़पट्टी निवासी व्यक्ति से एक महिला सहित चार लोगों द्वारा विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। पीडि़त ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत दी है। शिकायत में बताया है कि उससे 1.70 लाख रुपये की ठगी हुई है। तकाजा करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार चतरगढ़पट्टी निवासी शशी पुत्र नानकचंद टैक्सी चालक है। आरोप है कि कुवैत में रहने वाले रमेश व राकेश नामक भाइयों ने उसे वहां नौकरी दिलवाने का झांसा दिया। इसके एवज में उससे करीब 1.70 लाख रुपये ऐंठ लिए। शशी का कहना है कि रमेश व राकेश पहले सिरसा में ही रहते थे जिस कारण वह उनके संपर्क में था। शशी के अनुसार उसने जून 2013 में 70 हजार रुपये की राशि दोनों भाइयों को दी थी। इसके बाद इनके कहने पर उनकी मां दर्शना देवी को आदमपुर में जाकर 72 हजार रुपये की राशि दी। शशी का कहना है कि इस गौरखधंधे में तीनों मां-पुत्रों के अलावा सोमनाथ निवासी फगवाड़ा भी शामिल है। रमेश इत्यादि के कहने पर वीजा लगवाने के नाम पर उसने 28 हजार रुपये की राशि सोमनाथ के खाते में जमा करवाई थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो उसका वीजा लगा और न ही नौकरी की कोई बात बनी। इसी के चलते उसने रमेश इत्यादि से रुपये वापिस लौटाने की बात कही। आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई। शशी ने आज पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले में जांच की मांग की है।

लूट मामला : दो हिरासत में

सिरसा। अग्रसेन कालोनी से हुई 22 लाख की लूट के मामले में पुलिस ने ड्राइवर व मुनीम को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मामले में मिलीभगत की संभावनाओं से भी इंकार नहीं कर रही। विभिन्न कोणों से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि शीघ्र ही इस मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि गत रात्रि करीब 8 बजे अग्रसेन कालोनी की आठ नंबर गली के नजदीक आढ़ती महेश बांसल के आवास के बाहर से 22 लाख रुपये की लूट हुई थी। यह राशि हिसार से लाई जा रही थी और ड्राइवर प्रदीप व आढ़ती का मुनीम अमित कार में यह राशि लाए थे। अग्रसेन कालोनी स्थित आढ़ती के आवास के बाहर पहुंचने पर मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने पिस्तौल की नोक पर उनसे रुपयों का बैग छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने मुनीम अमित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने प्राथमिक जांच मुनीम व ड्राइवर से ही शुरु की है।  इसके अलावा यह भी सूचना मिली है कि स्वयं आढ़ती ने मुनीम पर संदेह जताया है। दोनों को देर रात्रि तक पुलिस ने हिरासत में रखकर कीर्तिनगर चौकी में पूछताछ की। इस दौरान डीएसपी, शहर थाना प्रभारी व सीआईए प्रभारी भी मौजूद रहे।
इसलिए हुआ संदेह
आढ़ती की मानें तो राशि के बारे में मुनीम व ड्राइवर को ही पता था। इस प्रकार की लूट की घटना से बचने के लिए बाकायदा राशि को दिल्ली पुल के निकट दूसरी कार में शिफ्ट किया गया था। दिल्ली पुल से अग्रसेन कालोनी पहुंचने से पूर्व लुटेरों को गाड़ी में राशि होने का पता कैसे चला? लुटेरे गाड़ी पहुंचने से पूर्व ही मौके की ताक में थे।

Friday, 18 April 2014

युवतियों की खरीद-बेच का मामला

सरगना चढ़ा हत्थे

सिरसा। नौकरी का झांसा देकर लड़कियों की खरीद-बेच के मामले में पुलिस ने एक 70 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति इस गौरखधंधें का संचालन कर रहे गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। सिरसा पुलिस ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी को आज पुलिस ने न्यायालय में पेश किया जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि इस मामले में गांव बेगू निवासी एक महिला सहित दो लोगों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
ज्ञात रहे कि विगत 16 अपे्रल को सदर थाना में नोएडा निवासी शंभू साहनी की शिकायत पर उसकी नाबालिग पुत्री लक्ष्मी को दड़बा निवासी विनोद को बेचे जाने का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लक्ष्मी को उसी शाम गांव दड़बा से बरामद कर लिया था जबकि मामले के दो आरोपी गांव बेगू निवासी विष्णु व उसकी सहयोगी रामप्यारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसी मामले में जांच करते हुए पुलिस ने गोबिंदपुरी तुगलकाबाद निवासी एक वृद्ध मिथुन विश्वास पुत्र देवन को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार मिथुन इस गिरोह का सरगना है। उसकी गिरफ्तारी के बाद लड़कियों की खरीद-फरोख्त के अन्य कई मामलों के खुलासे की भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। इसी के साथ पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचने की कोशिश कर रही है।
निशा का नहीं लगा सुराग : लक्ष्मी के अनुसार उसकी एक सहेली निशा को भी विष्णु उसके साथ ही लाया था। रास्ते में राजस्थान में पडऩे वाले किसी इलाके में निशा को कुछ लोगों के सुपुर्द कर दिया गया। लक्ष्मी ने हिम्मत की और अपने खरीददार विनोद के फोन से परिजनों को सूचित कर दिया। जिससे इस पूरे मामले का पटाक्षेप हुआ और वह सकुशल परिजनों तक पहुंच गई लेकिन निशा के बारे में अभी तक कुछ पता नहीं लग पाया है। न तो निशा के कोई सगे-संबंधी सामने आए हैं और न ही पुलिस ही अभी तक इस मामले में कोई कदम उठाती दिख रही है। क्या ऐसे में निशा का जीवन खरीददारों की अंधेरगर्दी की बलि चढ़ जाएगा? 
यहां से मिली थी पुलिस को लक्ष्मी
खरीददार को बचा रही पुलिस : सूत्रों के अनुसार लक्ष्मी को पुलिस ने गांव दड़बा की एक कोठी से बरामद किया है लेकिन पुलिस ने अपनी कार्रवाई में कहीं भी बरामदगी के स्थान का सही विवरण नहीं दिया है। यही नहीं, पुलिस लक्ष्मी के खरीददार विनोद नामक युवक तक पहुंचने का प्रयास भी नहीं कर रही। ऐसे में यही माना जा रहा है कि विनोद दड़बा के रसूखदार घराने से संबंध रखता है। उल्लेखनीय है कि लक्ष्मी द्वारा पिता को किए गए फोन की रिकॉर्डिंग में उसने विनोद नामक खरीददार का जिक्र किया है। इसके अलावा पुलिस गिरफ्त में आए मामले के आरोपी विष्णु ने भी लक्ष्मी को दड़बा के विनोद को बेचे जाने की बात कही थी।  हालांकि पुलिस ने किशोरी को दड़बा की कोठी से बरामद कर लिया लेकिन आरोपी खरीददार का गिरेबान पकडऩे की कोशिश न करना कई सवाल खड़े करता है।