BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Thursday 30 January 2014

छाया कोहरा, बढ़ी ठंड

मौसम ने बदली करवट, फसलों को मिलेगा लाभ

सिरसा। दो दिन मौसम साफ रहने के बाद बुधवार रात्रि से कोहरे का कहर फिर शुरू हो गया। रात करीब 10 बजे ही कायनात में कोहरा पूरी तरह छा गया। गुरुवार सुबह दृश्यता शून्य थी। वाहन रेंग रहे थे। जनजीवन अस्त-व्यस्त था। शहर में भी दुकान व ऑफिस जाने वाले लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्कूली बच्चों के लिए तो यह धुंध आफत बनी रही। करीब 11 बजे मौसम कुछ साफ हुआ और कुछ समय बाद सूर्य ने दर्शन दिए।
घने कोहरे के कारण जहां ठंड का प्रकोप बढ़ गया वहीं वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। आज सुबह-सवेरे से चलने वाली बसों व अन्य वाहनों को रफ्तार काफी कम रही। सिरसा स्टेशन पर टे्रनें भी अपने निर्धारित समय से लेट पहुंचीं। ज्ञातव्य हो कि विगत दो दिनों से मौसम साफ था और धूप भी तेज थी। लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा था। लेकिन कल अचानक मौसम ने करवट बदल ली। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार धुंध व ठंड फसलों के लिए लाभकरी है।

बस के नीचे कुचले जाने से मौत

सिरसा। रोडवेज की बस के नीचे कुचले जाने से गुरुवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने सामान्य अस्प्ताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार गांव बेगू निवासी रमेश सेठी पुत्र चिमन लाल गुरुवार सुबह गांव से रोडवेज की बस में सवार होकर सिरसा आया था। बेगू रोड पर बस की गति धीमी हुई तो रमेश ने उतरने के लिए छलांग लगा दी। इस दौरान रमेश बस के पिछले टायर के नीचे आ गया। हादसे में रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। कीर्तिनगर पुलिस चौकी के कर्मियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया और मृतक के परिजनों को सूचित किया।

सीटू ने किया लघुसचिवालय का घेराव
मांगों को लेकर धरना दूसरे दिन भी जारी



सिरसा। सीटू व खेत मजदूर यूनियन के सदस्यों ने विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को दूसरे दिन लघु सचिवालय का घेराव किया और धरने पर बैठे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। घेराव की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त उपायुक्त शिव प्रसाद शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घेराव कर रहे लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को शीघ्र ही पूरा किया जाएगा। इसके बाद घेराव समाप्त कर खेत मजदूरों ने लघु सचिवालय में ही धरना लगा दिया। तदोपरांत उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
सीटू व अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने आंगनबाड़ी वर्कर्स, आशा वर्कर्स, मिड-डे-मील कर्मी, सफाई कर्मी आदि का वेतनमान बढ़ाने की मांग के अलावा भ_ा मजदूरों को श्रम कल्याण बोर्ड में शामिल करना, 2 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से प्रत्येक माह 35 किलोग्राम अनाज देना, मनरेगा में भ्रष्टाचार पर रोक लगाना, कच्चे कर्मचारियों व परियोजनाओं में काम करने वाले कर्मियों को कम से कम 15 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने की मांग उठाई। उक्त मांगों को लेकर कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
मजदूर नेता भालाराम, चैन सिंह, राजेंद्र फतेहपुरिया, का. राजकुमार शेखूपुरिया, ओपी सुथार आदि ने कहा के उक्त मांगों को लेकर इससे पूर्व भी कई बार धरने-प्रदर्शन किए जा चुके हैं और कई बार सरकार को ज्ञापन भी दिए जा चुके हैं पर सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। अब उनका संघर्ष तेज होगा।

भाजपा किसान मोर्चा ने धरना लगा की नारेबाजी

सिरसा। प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के चलते गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने प्रदेश स्तर पर धरने-प्रदर्शन किए। सिरसा के लघु सचिवालय में भी भाजपा किसान मोर्चा ने धरना दिया।  धरने पर भाजपा नेता जगदीश चोपड़ा, श्रीमती रेणू शर्मा, हजकां जिलाध्यक्ष कुलदीप भांभु, अमीर चन्द मैहता, अशोक शर्मा सहित अन्य भाजपा व हजकां नेता बैठे। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष डा. लाल चन्द शर्मा ने धरने पर बैठे लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसान विरोधी नीतियों को अपनाकर किसानों के दुखों को बढ़ाने का काम कर रही है। किसानों की जमीन ओने-पोने दामों में खरीदने की बात हो, चाहे किसानों को 2-2 रूपये के चैक मुआवजे के रूप में बांटने की, सरकार ने किसानों के साथ धोखा ही किया है। उन्होंने मांग की कि गेंहू का समर्थन मूल्य 1350 रूपये से बढ़ाकर 2100 रूपये प्रति क्विंटल किया जाए। गन्ने का समर्थन मूल्य भी 250 रूपये से बढ़ा कर 375 रूपये और धान का लागत से ज्यादा मूल्य सरकार निश्चित करे। पैट्रोल, डीजल व गैस पर सबसीडी देकर किसानों को राहत देने का कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं होता तो 7 फरवरी से भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा प्रदेश भर में रेल रोको अभियान शुरू करेगा।

No comments:

Post a Comment