BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Thursday 23 January 2014

व्यापारियों ने किया थाने का घेराव


सिरसा। शहर में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और पुलिस प्रशासन की कार्य प्रणाली को लेकर लोगों का आक्रोश अब सड़कों पर उतरने लगा है। सिरसा के व्यापारियों ने आज शहर में रोष प्रदर्शन किया और शहर थाने का घेराव किया। सभी व्यापारी शहर थाने के समक्ष धरना लगाकर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। थाने के सामने किए गए इस रोष प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। व्यापारियों की मांग थी कि किसी भी लूटपाट की घटना का अब तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है। पिछले 20 दिन के अंतराल में व्यापारियों से लूट की तीन बड़ी वारदातें हो चुकी हैं लेकिन पुलिस लुटेरों को पकडऩा तो दूर अब तक किसी का कोई भी सुराग नहीं लगा पाई है। व्यापारियों का कहना था कि कल उन्हें मोबाइल विक्रेता से हुई लूट में प्रयुक्त बैग बरामद हुआ है। इस बैग को बरामद करने के लिए पुलिस को आग्रह किया गया था लेकिन आठ घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस बैग बरामद करने नहीं पहुंची। व्यापारियों का नेतृत्व कर रहे मोबाइल विक्रेता एसोसिएशन के प्रधान पंकज कामरा ने बताया कि मोबाइल विक्रेता से हुई लूट के मामले में पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। उस पर पुलिस का रवैया ढुलमुल है। इसी के विरोध में आज उन्होंने शहर थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया है। अब प्रशासन अब भी नहीं चेता तो व्यापारी प्रदेशस्तरीय आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शनकारी व्यापारियों को सीआईए प्रभारी अरुण बिश्रोई ने बातचीत कर शांत करवाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे। 

इनेलो में तीन लाख से अधिक सक्रिय बूथ कार्यकर्ता : अभय

सिरसा। एलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि यह समूचे इनेलो कार्यकर्ताओं के लिए गर्व की बात है कि पूरे देश में उनका सबसे बड़ा और सबसे मजबूत संगठन है जिसमें तीन लाख से भी अधिक सक्रिय बूथ कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभाने को हर पल तैयार हैं। वे आज एलनाबाद हलके के गांव मल्लेकां की अनाजमंडी में कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण सम्मेलन में उपस्थित इनेलो पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एलनाबाद हलके में 4 हजार सक्रिय बूथ लेवल कार्यकर्ता तैयार हुए हैं जो बेमिसाल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बेशक कुछ आवश्यक जिम्मेदारियों के चलते वे अपने कार्यकर्ताओं से पिछले कुछ समय से नहीं मिल सके मगर उनसे भी अधिक जिम्मेदारी हलके के इनेलो कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है जो सतत सक्रिय रहकर न केवल अपनी पार्टी की नीतियों को मजबूत करें बल्कि कांग्रेस सरकार को चलता करने का काम करें।  उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं को प्र्रेरित करते हुए कहा कि वे प्रतिदिन एक घंटा पार्टी की नीतियों को प्रचारित करने का कार्य करें ताकि अन्य राजनीतिक दल के लोग भी इनेलो में शामिल हो सकें। इस अवसर पर गांव जसानिया के सरपंच जयवीर सिंह सहारण ने अपने अनेक साथियों सहित इनेलो में शामिल होने की घोषणा की। उनके साथ इनेलो में शामिल होने वालों में महावीर बाजीगर, दलीप, महावीर सहारण, हंसराज बाजीगर, रूलीचंद न्यौल, रणसिंह सहारण, प्रताप आदि अनेक लोग मौजूद थे। ऐलनाबाद विधायक अभय सिंह चौटाला ने इस मौके पर बूथ लेवल कार्यकर्ताओं को पहचान पत्र भी वितरित किए। इससे पूर्व इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती का आकलन उसके कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से होता है और इनेलो इस मामले में सबसे अव्वल है।

No comments:

Post a Comment