BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Saturday, 17 August 2013

डेरा प्रमुख के खिलाफ पर्याप्त सबूत : जांच अधिकारी

यौन शोषण व हत्या मामलों में हुई सुनवाई

सीबीआई के तत्कालीन डीआईजी सहित कई गवाह हुए पेश

सिरसा। पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में आज पत्रकार छत्रपति, रणजीत मर्डर केस व साध्वी यौन शोषण मामले में सुनवाई हुई। इस दौरान तीनों मामलों में गवाहों ने अदालत के समक्ष अपनी गवाही दर्ज करवाई। न्यायालय ने साध्वी यौन शोषण मामले में 24 अगस्त व छत्रपति व रणजीत मर्डर मामले में तीन सितंबर की तारीख मुकर्रर की है।
            ज्ञातव्य हो कि पत्रकार छत्रपति व रणजीत हत्याकांड और साध्वी यौन शोषण प्रकरण की सुनवाई सीबीआई की विशेष अदालत में चल रही है। उक्त मामलों में सीबीआई ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह को मुख्य आरोपी बनाया है। तीनों मामलों में डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को अदालत के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। आज उक्त तीनों मामलों में अदालत के समक्ष गवाह पेश हुए। साध्वी यौन शोषण प्रकरण में सीबीआई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतीश डागर से जिरह हुई। डागर उक्त तीनों मामलों में जांच अधिकारी हैं और अदालत के समक्ष साध्वी यौन शोषण प्रकरण में गवाही दर्ज करवा चुके हैं। विगत तीन तारीखों से डागर को जिरह में आरोपी पक्ष के वकीलों द्वारा उलझाने का प्रयास किया जा रहा है। डागर ने अदालत को बताया था कि यौन शोषण मामले में जांच के दौरान डेरा प्रमुख के खिलाफ उन्होंने पुख्ता सबूत जुटाए हैं व दुष्कर्म पीडि़त साध्वियां भी उक्त मामले में अदालत के समक्ष सच्चाई बयां कर चुकी हैं।
              दूसरी ओर पत्रकार छत्रपति व रणजीत हत्याकांड मामले में सीबीआई के तत्कालीन उपमहानिरीक्षक बी.एल. सोनी ने अपनी गवाही दर्ज करवाई। सोनी ने अदालत को बताया कि उक्त मामलों के गवाह खट्टा सिंह ने उनके समक्ष पेश होकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी। सोनी ने बताया कि खट्टा सिंह उनके कार्यालय में आया और डेरा सच्चा सौदा से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा मांगी। डीआईजी के अनुसार खट्टा सिंह ने बताया था कि उसे डेरा सच्चा सौदा की ओर से बयान बदलने को लेकर धमकियां मिल रही हैं। इसी के चलते उसे व उसके परिवार को खतरा बना हुआ है।
          गौरतलब है कि खट्टा सिंह सीबीआई अदालत में अपने बयानों से मुकर गया था। इसी के चलते सीबीआई ने तत्कालीन डीआईजी बी.एल. सोनी को गवाह बनाए जाने के लिए अदालत के समक्ष याचिका लगाई थी। अदालत ने याचिका को स्वीकार करते हुए सोनी को आज गवाही के लिए तलब किया था। इसके अलावा खट्टा सिंह के बयानों के आधार पर समाचार पत्र में खबर प्रकाशित करने वाले कई मीडियाकर्मियों को भी अदालत में पेश होने के लिए समन किया गया था। आज दॅ ट्रिब्यून व दैनिक भास्कर के प्रतिनिधि अदालत में पेश हुए और अपना पक्ष रखा।

दूषित पेयजल से लोग परेशान

खरीदकर पानी पीने को मजबूर

सिरसा। वार्ड 14, बेगू रोड ग्रेवाल बस्ती की गली नम्बर 1 के निवासी दूषित पेयजल पानी पीने को मजबूर हैं। सीवरेज का पानी पेयजल सप्लाई में मिक्स होकर आ रहा है। गली के लोग इस बाबत विभागीय अधिकारियों को कई बार सूचना दे चुके हैं, लेकिन अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है। अधिकारियों की लापरवाही के चलते गली वासी गंदा पानी पीकर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। बीते दिवस गली वासियों ने पानी का टैंकर मंगवाया। इस मौके पर हेमकांत शर्मा, सुषमा, मधु, पूजा, रेणू, हरबाई, राजेंद्र, जोनी, जेसिका, दीपू, आकाश, नमन, पंकज आदि गली वासियों ने रोषपूर्ण स्वर में बताया कि बारिश के दिनों में कभी भी गली में स्वच्छ पेयजल आपूॢत नहीं होती।

सूचना क्रांति का युग : तंवर

कमाल व भरोखां में ई-लाइब्रेरी शुरू

बाल भवन में मॉडल क्रैच का उद्घाटन

सिरसा। आज संचार एवं सूचना क्रांति का युग है और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार के कार्यकाल में देश में सूचना क्रांति का सूत्रपात हुआ है। इसी कड़ी में जिला सिरसा ने इस क्षेत्र में एक नया आयाम रचते हुए ग्रामीण क्षेत्र में ई-लाइब्रेरी योजना के जरिए एक नई पहचान करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
    यह बात सांसद डा. अशोक तंवर ने गांव भरोखां और कमाल में ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन करने के दौरान कही। इन गांवों में पिछड़ा अनुदान निधि के तहत लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला के उपायुक्त डा. जे. गणेसन ने की। सांसद तंवर ने कहा कि  ये दोनो ई-लाईब्रेरी देश की पहली ग्रामीण ई-लाईबे्ररी होगी। उन्होंने बताया कि ढाणी भरोखां गांव में पिछड़ा क्षेत्र अनुदान निधि के तहत 2 लाख रुपए की लागत से ई-लाईब्रेरी स्थापित की गई है। कमाल गांव में डी प्लान के तहत ई-लाइब्रेरी बनाई गई है। इन दोनों लाइब्रेरी में 10-10 हजार पुस्तकों के साथ-साथ इंटनरनैट सुविधा वाले कम्प्यूटर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कम्प्यूटर, साफ्टवेयर व किताबें, मैगजीन की व्यवस्था करने बारे लाइफ स्किल डेवलमैंट नामक कम्पनी के साथ समझौता किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला के जिन 50 गांवों में भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्रों का निर्माण किया गया है उन सभी गांवों में एक करोड़ रुपए की लागत से लाइब्रेरी भी स्थापित की जाएंगी। सांसद ने बताया कि ये लाइब्रेरी भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्रों के भवन में ही स्थापित होंगी और प्रत्येक गांव में लाइबे्ररी की स्थापना पर दो लाख रुपए की राशि खर्च होगी। इन पुस्तकालयों में कम्प्यूटर के साथ-साथ विभिन्न विषयों से सम्बन्धित पुस्तकें भी रखी जाएंगी। इन पुस्तकालयों में इंटरनेट की सुविधा होने से ग्रामीण पाठक इन्साइक्लोपीडिया के माध्यम से किसी प्रकार की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके पश्चात सांसद ने बरनाला रोड स्थित बाल भवन में पिछड़ा क्षेत्र अनुदान निधि योजना के तहत लगभग 9 लाख 20 हजार रुपए की लागत से तैयार हुए मॉडल क्रैच का उद्घाटन किया। क्रैच में  6 माह से पांच वर्ष तक के बच्चों के लिए सभी तरह की आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाई गई हैं। वातानुकूलित क्रैच के साथ-साथ बच्चों के खेलने के लिए खिलौने, खाने के लिए बर्तन व आधुनिक प्रकार के झूलों की व्यवस्था की गई है और बच्चों के लिए आधुनिक किस्म के बैडों का भी प्रबन्ध किया गया है। बाल भवन में बच्चों क ो खेल-खेल में शिक्षा के लिए तैयार करने हेतू वाल पैंटिंग भी करवाई गई है। वहीं उन्होंने बाल भवन में ही ट्वाय टे्रन का भी उद्घाटन भी किया। इस ट्वाय टे्रन में डेढ दर्जन तक बच्चों के बैठने की क्षमता होगी जो बच्चों को टे्रन की सवारी करवाएगी। ट्वाय टे्रन की इस योजना पर 6 लाख रुपए की राशि खर्च हुई है यह टे्र्रन पूरी तरह इलैक्ट्रिकल होगी। साथ ही उन्होंने टाउन पार्क में 5 लाख रुपए की लागत से बने शैड व रेलवे पार्क में 5 लाख रुपए की लागत से बने शौचालय का उद्घाटन किया। वहीं उन्होंने भाई कन्हैया आश्रम में वोकेशनल ट्रैङ्क्षनग संैटर व स्थानीय खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय के पास बने डी.आर.डी.ए. हाल में स्किल टे्रनिंग सैंटर का उद्घाटन किया।

अधर में अटका 'आधार'

सिरसा। वार्ड नंबर 19 के पार्षद रोहित गनेरीवाला ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आमजन को सरकारी सुविधाएं देने के उद्देश्य से आरंभ की गई आधार कार्ड योजना को सरकारी तंत्र ही फेल करने में जुटा हुआ है।
    गनेरीवाला ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से शहर के हजारों लोगों के आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया आरंभ की गई थी और अब जब ये कार्ड बनकर आ गए हैं तो उन्हें पात्रों तक न
हीं पहुंचाया जा रहा। पार्षद रोहित गनेरीवाला ने कहा कि सिरसा के मुख्य डाकघरों में लोगों के बने हुए आधार कार्ड आ चुके हैं मगर वे डाक विभाग की लापरवाही की भेंट चढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग के डाकिए इन आधार कार्डों को वितरित करने की एवज में सुविधा शुल्क की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक किसी योजना का सही अर्थों में उसका लाभ उसके पात्र लोगों तक नहीं पहुंचता तब तक उस योजना का कोई औचित्य नहीं होता। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि यदि सही मायने में वह देशवासियों को सरकारी योजनाओं का लाभ देना चाहती है तो उसे धरातल पर भी सही अर्थों में लागू कराना उसका दायित्व है।

कांग्रेस का कल्याण करेगी जींद रैली : नेहरा

पत्रकारवार्ता को किया संबोधित
सिरसा। राज्यसभा सांसद विरेन्द्र सिंह द्वारा पूर्व प्रधान मंत्री स्व. राजीव गांधी के जन्म दिवस पर 20 अगस्त को जीन्द में की जाने वाली कांग्रेस की सद्भावना रैली में सिरसा जिला से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे और रैली प्रदेश में कांग्रेस को और ज्यादा मजबूती प्रदान करेगी। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य व पूर्वमंत्री जगदीश नेहरा ने अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। नेहरा ने कहा कि इस रैली को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित अनेक केन्द्रीय मंत्री व केन्द्र तथा प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता संबोधित करेंगे। उन्होंंने कहाकि सद्भावना रैली के आयोजक विरेन्द्र सिंह कांग्रेस के एक कद्दावर नेता हैै और कांग्रेस की मजबूती में उनकी अहम भूमिका रही है। जीन्द रैली से भी हरियाणा में कांग्रेस को भारी लाभ होगा। जगदीश नेहरा ने कहाकि 20 अगस्त को ही कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी हरियाणा में राष्ट्रीय खाद्य अध्यादेश लागू करेंगी, जिससे प्रदेश में लाखों लोगों को भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित बनेगी। इस अवसर पर एआईसीसी मैम्बर जसवीर सिंह रियाड़, सुरेन्द्र नेहरा, डा. बीआर बिश्रोई, डा.पी.दयाल, कश्मीरी लाल नरूला आदि मौजूद थे।

Friday, 16 August 2013

सोना 31 हजार के पार, चांदी 3270 रुपए उछली

नई दिल्ली: सरकार की ओर से सोने के आयात पर सख्ती के बीच आपूर्ति घटने की आशंकाओं के साथ ही वैश्विक स्तर पर आई तेजी से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 1310 रुपए उछलकर 31010 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया और चांदी 3270 रुपए की छंलाग लगाकर 49220 प्रति किलो बोली गई। विदेशी बाजारों में पीली धातु में जबदरस्त तेजी रही।
             डॉलर में आई मजबूती के बावजूद निवेशकों ने सोने में पैसा लगाना अधिक सुरक्षित समझा साथ ही चीन से पीली धातु की मांग में भी बढोतरी रही। अमेरिका में दिसंबर सोना वायदा 0.1 प्रतिशत की मामली गिरावट के साथ 1360.40 डॉलर प्रति औंस पर रहा। पिछले दिवस वैश्विक स्तर पर जबदरस्त तेजी रही थी। हालांकि स्वतंत्रता दिवस पर अवकाश की वजह से घरेलू बाजार में कारोबार नहीं हुआ था लेकिन आज बाजार खुलते ही घरेलू स्तर पर कीमती धातुओं में जबदरस्त तेजी देखी गई।
                 औद्योगिक मांग आने से चांदी भी 3270 रुपए उछलकर 50 हजार के स्तर को छूने को बेताब नजर आई और 49220 प्रतिकिलो बोली गई। जानकारों का कहना है कि मिस्र में व्याप्त तनाव से आपूर्ति बाधित होने की आशंका और वैश्विक स्तर शेयर बाजार में आई गिरावट की वजह से सुरक्षित निवेश की मांग बढने से कीमती धातुओं में तेजी लौटी है।

200 टेस्ट खेलने के बाद रिटायर होंगे सचिन !

कोलकाता। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के सन्यास पर आए दिन अटकलें और अफवाहों से बाजार गर्म रहता है। इसी बीच पूर्व टेस्ट पेसर करसन घवरी ने यह अनुमान लगाया है कि सचिन अपना 200वां टेस्ट खेलने के बाद क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। 
                गौरतलब है कि नवंबर में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर सचिन अपना 200वां टेस्ट मैच खेलेंगे। घवरी ने कहा, "सचिन की जेब में पहले से ही सभी रिकॉर्ड मौजूद है और क्रिकेट प्रेमी खासकर सचिन के फैन्स उन्हें एक और लैंडमार्क को पाते हुए देखना चाहेंगे। यह लैंडमार्क है उनका 200वां टेस्ट मैच। मुझे लगता है कि वे सही वक्त का इंतजार कर रहे थे और 200वां गेम खेलने के बाद वे सन्यास की घोषणा कर सकते हैं।"
                घवरी ने कहा, "ऎसा नहीं है कि रिटायरमेंट के बाद सचिन क्रिकेट से दूर हो जाएगें। सचिन बड़ा नाम है और वे हमेशा क्रिकेट से जुड़े रहेंगे। उनके लगभग सभी रिकॉर्ड्स को तोड़ना नामुमकिन काम है। इसी बीच यह 200वां टेस्ट अविश्वस्नीय है।"

साध्वी यौन शोषण मामला

जांच अधिकारी के बयानों पर जिरह

सिरसा। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह पर अपनी साध्वियों का यौन शोषण करने के मामले में आज सुनवाई हुई। कार्रवाई के दौरान मामले के जांच अधिकारी सीबीआई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतीश डागर की गवाही पर आरोपी पक्ष द्वारा जिरह की गई। इस मामले में सुनवाई के लिए न्यायालय द्वारा कल की तारीख तय की गई है। ज्ञातव्य हो कि पत्रकार छत्रपति तथा रणजीत हत्याकांड में भी कल की तारीख मुकर्रर है।  आज अदालत में साध्वी यौन शोषण पर सुनवाई शुरू हुई। मामले के जांच अधिकारी डीएसपी सतीश डागर को आरोपी पक्ष द्वारा सवालों में उलझाने का प्रयास किया गया लेकिन डागर अपने बयानों पर अडिग रहे। उन्होंने बताया कि उन्होंने ही गुरमीत सिंह की हवस का शिकार हुई साध्वियों से पूछताछ की थी। इसके अलावा गुरमीत सिंह ने भी पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दिए थे।

ठंडे मौसम में लोगों में उबाल

अध्यापकों व ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

सिरसा। शहर में विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शनों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज करीब आधा दर्जन धरना-प्रदर्शन हुए। अध्यापकों ने जहां जिला शिक्षा अधिकारी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए रोष जताया वहीं अलीकां व कंगनपुर के ग्रामीणों का गुस्सा भी अपनी समस्याओं को लेकर फूटा। उधर सीडीएलयू में अध्यापकों की सियासत भी आज प्रदर्शन के रूप में उभरकर आई।
    जिलाभर के अध्यापकों ने आज जिला शिक्षा अधिकारी कुमकुम ग्रोवर और विभाग के लिपिकों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया। अध्यापकों ने कहा कि विगत दिनों उनके एक साथी के साथ शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में हुई मारपीट के मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। हरियाणा अध्यापक संघ के फूल सिंह लुहानी ने कहा कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे राज्यस्तरीय आंदोलन चलाएंगे।
    उधर गांव कंगनपुर के ग्रामीणों ने गांव की गलियों की बदहाली को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कंगनपुर रोड जाम कर दिया और सरकार व विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
    गांव शेरगढ़ व अलीकां के किसानों ने नहरी विभाग के एससी कार्यालय के समक्ष अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। नहर का लेवल सही न होने के आरोप लगाते हुए किसान भड़के।

युवक की हत्या

सिरसा। डबवाली में कनफैक्शनरी दुकान चलाने वाले एक युवक की आज हिसार में उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
    जानकारी के अनुसार डबवाली के प्रेम नगर निवासी दीपक पुत्र मक्खन सिंह 14 अगस्त की रात डबवाली मेें अपनी कनफैक्शनरी की दुकान पर बैठा था। इस दौरान कुछ लोगों ने उसपर तेजधार हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गया। उसका हिसार के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था। आज प्रात: उसकी मौत हो गई। हिसार के सामान्य अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया गया। मृत्युपूर्व दीपक द्वारा दिए गए बयानों के आधार पर डबवाली पुलिस ने सुमित, मंटू व कुछ अन्य के खिलाफ भादंसं की धारा 307, 452, 324 व 34 के तहत मामला दर्ज किया था। दीपक की मृत्यु उपरांत दर्ज मामले में धारा 302 भी जोड़ दी गई है।

लूट की योजना बनाते गिरफ्तार

सिरसा। डिंग थाना पुलिस ने लूट की योजना बनाते तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हथियार व एक जीप बरामद की गई है। आरोपियों के विरुद्ध सम्बंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। डिंग थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गदली-शेरपुरा रोड पर कुछ लोग राहगीरों को लूटने की योजना बना रहे हैं। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और सुनील उर्फ छोटू पुत्र जगदीश निवासी कुलेरी हिसार, सोहन उर्फ सोनू व सलीम खान पुत्र शेर मोहम्मद निवासी पीली मंदोरी को गिरफ्तार किया। आरोपियों से कापा, लोहे की पाइप, बेसबाल का डंडा तथा एक महेन्द्रा मैक्स जीप बरामद की गई है। आरोपियों को सिरसा अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।

पति के अपहरण का आरोप

सिरसा। एलनाबाद तहसील के गांव कोटली निवासी महेन्द्र कौर पत्नी जसपाल सिंह ने आज धानक धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अपने ही गांव के निवासी बली सिंह उर्फ बलराज व गांव कुत्ताबढ़ निवासी तरसेम सिंह पर अपने पति जसपाल सिंह के अपहरण कर गायब करने का आरोप लगाया है। महेन्द्र कौर ने बताया कि इसी साल 15 अप्रैल 2013 को वह  अपने घर से अपनी बहन के साथ एक रिश्तेदारी में शोक प्रकट करने गांव कुत्ताबढ़ गई थी उसी दिन शाम को घर लोटी तो मेरा पति जसपाल सिंह घर पर नहीं था। घर में मौजूद रहे आठवीं कक्षा मेें पढऩे वाले मेरे बेटे ने बताया कि उसके पिता को बली सिंह उर्फ बलराज बुलाकर ले गया है। महेन्द्र कौर ने बताया कि शिकायत के बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही।

अभी चुनाव तो कांग्रेस को भारी नुकसान

बनेगी थर्ड फ्रंट की सरकार

नई दिल्ली। अगर इस महीने लोकसभा चुनाव होते हैं तो कांग्रेस को भारी नुकसान होगा। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए को 122 सीटों का नुकसान हो सकता है। इंडिया टुडे-सी वोटर के ओपिनियन पोल में यह बात सामने आई है।
यूपीए को मिल सकती है 135 सीटें
सर्वे के मुताबिक यूपीए को 135 सीटें मिल सकती है। पिछले चुनाव में उसे 259 सीटें मिली थी। इसका मतलब यह नहीं है कि ये सीटें एनडीए के खाते में जाएगी। सर्वे के अनुसार भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को भी चार सीटों को नुकसान होगा। एनडीए को सिर्फ 155 सीटें मिलेगी। यूपीए को जिन सीटों को नुकसान होता दिख रहा है वे अन्य दलों खासतौर पर क्षेत्रीय दलों के खाते में जाएगी।
कांग्रेस को हो सकता है 85 सीटों का नुकसान
अन्य दलों को 126 सीटें मिल सकती है। 251 सीटों के साथ अन्य दल थर्ड फ्रंट के रूप में सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। सर्वे के मुताबिक 2010 से यूपीए का जनाधार खिसकता जा रहा है। कांग्रेस को 121 सीटें मिलेगी। इस तरह उसे 85 सीटों का नुकसान होगा। भाजपा को 130 सीटें मिलेगी। उसे 14 सीटों का फायदा होगा।
एनडीए को मिलेंगे 6 फीसदी ज्यादा वोट
यूपीए को सिर्फ 28 फीसदी वोट मिलेंगे। उसे पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले 8 फीसदी वोट कम मिलेंगे। वहीं एनडीए को पिछली बार के मुकाबले 6 फीसदी ज्यादा वोट मिलेंगे। उसे कुल 32 फीसदी वोट मिलेंगे। भाजपा से अलग होने के बाद बिहार में जदयू को 10 सीटों का नुकसान होगा। हालांकि भाजपा को भी ज्यादा फायदा नहीं होगा। फायदे में रहेंगे लालू प्रसाद यादव जिनकी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के सीटों की संख्या 4 से 14 हो जाएगी। 
गुजरात में चल रही है मोदी की लहर 
गुजरात में मोदी की लहर है। यहां भाजपा को 25 और कांग्रेस को सिर्फ 5 सीटें मिलेगी। कर्नाटक में भाजपा को 12 सीटों का नुकसान होगा। इसका सीधा फायदा कांग्रेस को मिलेगी। महाराष्ट्र में शिवसेना को फायदा होगा और कांग्रेस को नुकसान। यूपी की 80 सीटों में से सपा को 34 और बसपा को 27 सीटें मिलेगी। भाजपा को सिर्फ दो सीटों को फायदा होगा। 2009 के चुनाव में उसे 10 सीटें मिली थी। कांग्रेस को सीटों का नुकसान होगा। पश्चिम बंगाल की 42 में से आधी से ज्यादा सीटें तृणमूल कांग्रेस जीत सकती है। लेफ्ट फ्रंट को दो सीटों का फायदा होगा।

Thursday, 15 August 2013

"पहले मामा-भांजा,अब सास-बहू-दामाद सीरियल"

"पहले मामा-भांजा,अब सास-बहू-दामाद सीरियल"

"पहले मामा-भांजा,अब सास-बहू-दामाद सीरियल"

भुज। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर केन्द्र की यूपीए सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया। भ्रष्टाचार के मसले पर यूपीए सरकार को घेरते हुए मोदी ने कहा कि जैसे पहले टीवी सीरियल आते थे वैसे अब करप्शन के धारावाहिक आते हैं। पहले भाई-भतीजावाद के सीरियल का दौर था। फिर मामा-भांजे का सीरियल आया। अब हम सास-बहू और दामाद सीरियल देख रहे हैं। मोदी का इशारा पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उनके दामाद रॉबर्ट वाड्रा की ओर था। मोदी ने कहा कि देश भाई भतीजावाद और परिवारवाद से मुक्ति चाहता है। मोदी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की भी खिल्ली उड़ाई। मोदी ने कहा कि टीवी चैनलों पर चल रहा है कि प्रधानमंत्री का लाल किले से यह आखिरी भाषण है लेकिन प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि हमें अभी और फासला तय करना है। प्रधानमंत्री कौन से रॉकेट में बैठकर फासला तय करेंगे। देश को अब फासलों की बातों में भरोसा नहीं है।

बसों के ठहराव की मांग को लेकर दुकानदारों ने निकाला रोष मार्च

काला दिवस के रुप में मनाया स्वतंत्रता दिवस


सिरसा, 15 अगस्त। ऐलनाबाद रानियां की ओर जाने वाली बसों के शिवचौक पर ठहराव की मांग को लेकर 14 दिनों से धरनारत शिवचौक, सूरतगढिय़ा बाजार, वाल्मीकि चौक, सरकूलर रोड, अनाज मंडी रोड के दुकानदारों ने आज अपनी दुकानें बंद करके स्वतंत्रता दिवस को काला दिवस के रूप में मनाते हुए रोष मार्च निकाला।
               रोष मार्च में माकपा नेता राजकुमार शेखुपुरिया, ओपी सुथार, टोनी सागु, भूषणलाल बरोड़, प्रदीप सचदेवा, व्यापार मंडल के प्रधान हीरालाल शर्मा, इनेलो के शहरी जिला प्रधान प्रदीप मेहता, पार्षद सीताराम बटनवाला, मनोहर मेहता, लक्की चौधरी, राजेंद्र टिंडी, सतपाल अरोड़ा, रोहित गनेरीवाला, प्रेम सहगल, नीरू बजाज, रमेश गुलाटी, जगमोहन सहगल, हरीश चुघ, राकेश जैन, गोपाल मेहता, कुलदीप, गुरमीत, रामनिवास आदि उपस्थित थे। व्यापारी संघर्ष समिति के आह्वान पर धरने के 15वें दिन आज सैंकड़ों व्यापारी शिवचौक पर एकत्रित हुए। बाद में सभी ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शहीदों की कुर्बानियों को याद किया तथा देश की आन-बान व शान के लिए हर प्रकार के बलिदान का संकल्प लिया। दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद करके स्वतंत्रता दिवस को काला दिवस के रूप में मनाया।
               समिति के महासचिव पंकज कामरा ने कहा कि जिला प्रशासन कुछ लोगों के बहकावे में आकर तथा अपनी कमियों को छुपाने के लिए यातायात का बहाना लगाकर इस मुद्दे को जीवंत रखना चाहता है ताकि लोगों की नजर में प्रशासनिक बदइंतजामी न आ सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को पता है कि प्रशासन के इस कदम से सैंकड़ों व्यापारियों की रोजी-रोटी पर संकट आ सकता है। समिति के प्रधान पूर्ण खुराना ने कहा कि जिला प्रशासन ने व्यापारियों को इतना मजबूर कर दिया है कि स्वतंत्रता दिवस के दिन तिरंगा झंडा उठाने की बजाय उन्हें काले झंडे उठाकर रोष मार्च निकालना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि अब भी प्रशासन नहीं जागा तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस समारोह

खेल राज्य मंत्री ने फहराया तिरंगा

ली मार्च पास्ट की सलामी, किया परेड का निरीक्षण

सिरसा, 15 अगस्त। शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में हरियाणा के खेल एवं युवा कार्यक्रम,कृषि एवं सहाकारिता राज्य मंत्री सुखबीर कटारिया ने 67 वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। कटारिया ने शहीदी स्मारक स्थल व स्वतंत्रता सेनानी स्थल पर ज्ञात-अज्ञात शहीदों व देशभक्तों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कटारिया ने सभी ज्ञात-अज्ञात अमर शहीदों को याद करते हुए कहा कि जिनके अनुपम बलिदान के कारण हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे है। उन्होंने उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों को भी नमन करते हुए कहा कि देश के उन शूरवीर सैनिकों को भी नमन करता हूं, जिन्होंने आजादी के बाद देश की एकता तथा अखण्डता को बनाए रखने के साथ-साथ देश की सीमाओं के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। हमें अपने शहीदों, महान स्वतंत्रता सेनानियों और भूतपूर्व सैनिकों पर गर्व है और हम सब उनके सदा ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे देश को आजाद हुए 66 वर्ष हो गये हैं। जब भारत स्वाधीन हुआ था, तो हमें सूई से लेकर अनाज, कपड़ा, मशीनरी आदि सभी कुछ बाहर से मंगवाना पड़ता था। लेकिन, आज स्थिति बदल चुकी है। आज हम न केवल अन्न के मामले में आत्मनिर्भर हुए हैं बल्कि विज्ञान और टैक्नोलॉजी में भी विश्व में हमने अपना स्थान बनाया है। आज भारत की गणना परमाणु संपन्न देशों में की जाती है।
उन्होंने समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजनों, उत्कृष्ट कार्य वाले व समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया। इस समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। समारोह में भव्य मार्च पास्ट में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा की एनसीसी की टुकड़ी प्रथम व  राजकीय उच्च विद्यालय सिकंदपुर की टुकड़ी द्वितीय व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा की गल्र्ज गाइड्ज की टुकड़ी तृतीय पर रही।  इसके साथ-साथ समारोह में रोमांचकारी एक्रोबेटिक जिमनास्टिक शो का भी प्रदर्शन किया गया। इन सभी बच्चों को मुख्यातिथि ने अपने कर कमलों से सम्मानित किया और इनकी खुराक के लिए 31 हजार रूपए भी दिए। इनके साथ-साथ अन्य सभी बच्चो को जिन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में प्रस्तुति उनकी मिठाई के लिए 51 हजार रूपए भी दिए।
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुलदीप जैन, उपायुक्त डा. जे. गणेसन, पुलिस अधीक्षक सौरभ सिंह, उपमंडलाधिकारी संतलाल पचार, नगराधीश प्रेम चंद , पूर्व जिला कांग्रेस प्रधान होशियारी लाल शर्मा व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।जिला के उपमंडल डबवाली मेंं उपमंडल अधिकारी नागरिक सुभाष श्योराण, एलनाबाद में उपमंडलाधिकारी नागरिक प्रभजोत सिंह ने उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया। आज जिला के सभी स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस का पर्व धूमधाम से मनाया गया और ध्वजारोहण किया गया।








Wednesday, 14 August 2013

गूंजे विरोध के स्वर

हरियाणा में सोनिया के दामाद रोबर्ट वाड्रा द्वारा जमीन खरीदफरोख्त व सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ सिरसा में धरना-प्रदर्शन किया गया। हजकां-भाजपा गठबंधन ने जहां वाड्रा विवाद के साथ मुख्यमंत्री हुड्डा का नाम जोड़ा वहीं खेत मजदूर यूनियन ने भी सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।

सिरसा। प्रदेश में भूमि अधिग्रहण के नाम मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, सोनिया के दामाद रोबर्ट वाड्रा को प्रसन्न करने में जुटे हैं। आवासीय तथा औद्योगिक लाइसेंस जारी कर हुड्डा सरकार प्रदेशवासियों पर कुठाराघात कर रही है। उक्त मामले की उच्च स्तरीय जांच की जानी चाहिए। इसी मुद्दे को लेकर आज हजकां-भाजपा गठबंधन ने लघु सचिवालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री प्रो. गणेशीलाल ने कहा कि जब से प्रदेश में हुड्डा ने कमान संभाली है, प्रदेश का विकास नहीं बल्कि विनाश हुआ है। वीरभान मेहता ने कहा कि अधिग्रहण के नाम पर किसानों को लूटा जा रहा है। वरिष्ठ नेता जगदीश चौपड़ा ने कहा कि यदि मामले की उच्च स्तरीय जांच हो तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
    उधर अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के राज्य स्तरीय नेता का. राजकुमार शेखूपुरिया ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार कल्याणकारी योजनाओं के बजट में कमी कर पंूजीपतियों को लाभ पहुंचा रही है। आजादी और विकास के असली लाभ से गरीब आदमी कोसों दूर है। मजदूरों के हकों को लेकर आज अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन ने लघुु सचिवालय में समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा। यूनियन के जिला प्रधान भालाराम भारूखेड़ा ने कहा कि हुड्डा सरकार ज्यादा दिन नहीं चलेगी। मजदूरों को अपना हक लेने के लिए प्रदर्शनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

तैयारियां पूर्ण, ध्वजारोहण कल

सुरक्षा के कड़े प्रबंध, शहर की हुई नाकेबंदी

सिरसा। जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस समारोह में कल प्रात: ठीक 8 बजकर 58 मिनट पर हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री सुखबीर सिंह कटारिया ध्वजारोहण करेंगे। शहर में सफाई व सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है।
    यह जानकारी देते हुए उपायुक्त डा. जे. गणेसन ने बताया कि समारोह स्थल के साथ-साथ पूरे शहर को सजाया गया है। उन्होंने बताया कि समारोह स्थल में रंग-बिरंगे झंडों के अलावा मुख्य द्वार व मंच के सामने विशेष प्रकार की रंगोली से सजावट की गई है। शहर में विभिन्न चौकों को सजाया गया है और स्थानीय विश्वकर्मा चौक से लेकर बरनाला रोड पर भी रंगे-बिरंगे झंडे लगाने का कार्य किया गया है। समारोह स्थल पर मैडिकल सुविधा को मद्देनजर रखते हुए दो एम्बुलेंस व दो डॉक्टरों को तैनात किया गया है। इसके साथ-साथ समारोह में आने वाले लोगों व विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से क्लोरिनेटिड पानी का प्रबंध किया गया है। समारोह स्थल के मुख्य द्वार पर स्वागत बैनर भी लगाए गए हैं। स्टेडियम में अग्रिशमन की दो गाडिय़ों का भी प्रबंध किया गया है।
    जिला स्तरीय इस समारोह के लिए अतिरिक्त उपायुक्त  शिव प्रसाद शर्मा को ओवर आल इंचार्ज बनाया गया है। इस बार समारोह में सरकारी स्कूलों की पूरी भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
    जिला पुलिस अधीक्षक  सौरभ सिंह  ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से समारोह स्थल पर यानि शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में 250 से भी अधिक पुलिस जवानों व अधिकारियों को तैनात किया गया है। इसके साथ-साथ समारोह स्थल पर मेटल डिटेक्टर के अलावा आधा दर्जन से भी अधिक एचएचएमडी उपकरणों से लैस जवानों को तैनात किया गया है जो सुरक्षा के पुख्ता प्रबंधों को देखेंगे। स्टेडियम में ही कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।  सौरभ सिंह ने बताया कि जिला के उपमण्डल डबवाली, ऐलनाबाद के साथ-साथ कालांवाली, रानिया कस्बों में भी सुरक्षा के पुख्ता प्रबन्ध किए गए हैं। पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल के जवान तैनात किए गए हैं।

Tuesday, 13 August 2013

मुश्किल में आया डेरा मुखी

सीबीआई के एएसपी ने खोला बाबा काला चिटठा

अब पेशी 16 को

सिरसा, 13 अगस्त। साध्वियों से दुराचार करने वाले व पत्रकार छत्रपति तथा रणजीत हत्याकांड के मुख्य आरोपी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह की मुसीबतें बढ़ गई हैं। आज हुई पेशी के दौरान जिस प्रकार से मामले के जांच अधिकारी ने न्यायालय के समक्ष गवाही दर्ज करवाई है, उससे साफ जाहिर हो रहा है कि डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह पर संकट के बादल गहरा गए हैं। आज हुई अदालती कार्रवाई में उक्त तीनों ही मामलों के जांच अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सीबीआई) सतीश डागर ने अपनी गवाही दर्ज करवाई। गवाही पूरी कर ली गई। अब इस मामले में सीबीआई के विशेष जज नाजर सिंह ने 16 अगस्त की तारीख निर्धारित की है। आगामी 16 अगस्त से साध्वी यौन शोषण मामले में दोनों पक्षों में जिरह होगी।
    सीबीआई अदालत के समक्ष सीबीआई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतीश डागर ने जो गवाही दी वह चौंकाने वाली थी। डागर ने न्यायालय में बताया कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख ने ही साध्वियों से बलात्कार किया। उन्होंने उक्त मामले में पीडि़त साध्वियों से जो बयान लिए थे वो रोंगटे खड़े कर देने वाले थे। जांच अधिकारी ने बताया कि वे डेरा सच्चा सौदा गए थे। उन्होंने मामले के मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह से भी पूछताछ की थी। वहीं साध्वियों ने डेरा प्रमुख द्वारा की गई ओछी हरकतों को बयां किया। साध्वियों  ने बताया कि डेरामुखी ने उनके साथ गुफा में दुराचार किया था। जब डेरामुखी की इस हरकत का विरोध किया तो उसने रिवाल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी थी। जांच अधिकारी ने साध्वियों द्वारा बयां की गई पीड़ा को न्यायालय के समक्ष रखा और डेरा मुखी की काली करतूतों का चि_ा खोला। एएसपी द्वारा दी गई गवाही पूर्ण कर ली गई। अब आगामी 16 अगस्त से उक्त मामले में जिरह शुरू होगी। उधर माननीय उच्च न्यायालय ने भी सीबीआई अदालत को विशेष निर्देश दिए हैं कि उक्त मामले का शीघ्र निपटारा किया जाए। उच्च न्यायालय के आदेश और सीबीआई के उच्चाधिकारी के बयानों ने डेरा सच्चा सौदा में हड़कंप मचा दिया है।

Monday, 12 August 2013

ट्रक ने कुचला मोटरसाइकिल चालक

सिरसा। (सुनीत सरदाना) आज प्रात: सांगवान चौक पर नशे में धुत्त ट्रक चालक ने बाइक चालक को कुचल दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया गया। चौक पर तैनात पुलिस कर्मियों ने ट्रक चालक को काबू कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार खैरेकां निवासी राजकुमार कम्बोज आज प्रात: बाइक पर सवार होकर सिरसा आया था। सांगवान चौक पर वह बाईक खड़ी कर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। 

कांडा ने रचि साजिश : सैनी

सिरसा। मुल्तानी कालोनी में विजय मेहता के आवास पर हुई गोलीबारी के मामले में इनेलो नेता लीलाधर सैनी ने गोबिंद कांडा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सैनी ने आज प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि गोबिंद कांडा ने ही साजिश रची थी। उक्त साजिश के तहत उनके पुत्र विक्रम सैनी व भतीजे राम सिंह सैनी की हत्या का प्रयास किया गया था। सैनी ने कहा कि अगर प्रशासन ने आगामी 3 दिनों में उक्त मामले से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उक्त आंदोलन में शहर बंद या थाने का घेराव भी किया जा सकता है।
                 सैनी का आरोप है कि उनका श्री तारा बाबा कुटिया में आना-जाना है। गोबिंद कांडा इस आवाजाही का विरोध करता है। यही नहीं कुटिया में राजनीतिक लोगों के पोस्टर लगाए गए हैं। उनका हमेशा विरोध किया गया है। इसी बात के चलते कांडा परिवार उनसे रंजिश रखता है। यही नहीं कांडा परिवार उनपर पूर्व भी झूठे मुकद्दमें दर्ज करवा चुका है।

जनआंदोलन चलाएंगे वामदल

सिरसा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी एवं माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा सभी के लिए रोजगार, स्वास्थ्य-शिक्षा सुविधाओं, आवास हेतु भूमि व ग्रांट, भूमि अधिग्रहण के विरूद्ध, भूमि सुधार, भ्रष्टाचार के खात्मे, ओटू झील की खुदाई मुक्कमल करके सूखे व बाढ़ हेतु प्रबन्ध करने की मांगों को लेकर जनआंदोलन चलाने का फैसला लिया गया है।
               इस सम्बन्ध में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की एक संयुक्त बैठक  का. राजकुमार शेखुपुरिया की अध्यक्षता में करतार सिंह सराभा भवन में सम्पन्न हुई जिसमें सी.पी.आई. की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य स्वर्ण सिंह विर्क, जिला सचिव जयचन्द सहारणी, वरिष्ठ नेता लक्ष्मण सिंह शेखावत, छात्र नेता रोशन सुचान एवं का. सुरजीत सिंह शामिल हुए। बैठक में उपस्थितजनों द्वारा देश व प्रदेश की राजनैतिक स्थिति पर चर्चा करते हुए मांगों पर आंदोलन करके जनता को लामबन्द करने हेतु 13 सितम्बर को सराभा हाल में दोनों दलों की एक संयुक्त कन्वेंशन करने का फैसला लिया गया। इसके अलावा आगामी 4 अक्तूबर को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा इन मांगों पर राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह कर जेल भरो आंदोलन चलाने का फैसला लिया गया। बैठक में एक अन्य प्रस्ताव पास क रके इंग्लैंड के शहर लैस्टर में नामधारी मुखी सतगुरू उदय सिंह पर हुए जानलेवा हमले को कायराना कार्यवाही बताते हुए सभी ने एक उसकी एक सुर में निंदा की व समुदाय के लोगों से बहकावे में न आकर सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

100,000 लोग जाना चाहते हैं मंगल ग्रह पर


मंगल ग्रह जाने के लिए एक लाख से अधिक लोगों ने आवेदन दिया है. यह आवेदन लाल ग्रह पर बस्तियां बसाने की करोड़ों डॉलर की एक परियोजना के तहत किए गए हैं. ‘द मार्स वन’ नामक इस परियोजना की शुरूआत वर्ष 2022 में होगी.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मंगल पर मनुष्य जीवित कैसे रहेंगे. लेकिन यह बात लोगों को इस परियोजना के लिए आवेदन करने से नहीं रोक सकी.
‘मार्स वन’ के सीईओ और सह संस्थापक बैस लैन्सड्रॉप ने कहा ‘कई लोग आवेदन कर चुके हैं और कई इसके लिए तैयारी कर रहे हैं. इन लोगों ने आवेदन की फीस न देने का फैसला किया या अभी भी अपना वीडियो बना रहे हैं या फिर अपने बायोडेटा तैयार कर रहे हैं या प्रश्नावली भर रहे हैं.’ उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि कितने लोगों ने फीस का भुगतान किया है.
आवेदन के लिए आयु सीमा 18 साल या उससे अधिक निर्घारित है. लेकिन फीस आवेदक की नागरिकता पर निर्भर करती है.
सीएनएन की खबर के अनुसार, अमेरिकी नागरिकों के लिए आवेदन की फीस 38 डॉलर है.

Sunday, 11 August 2013

4 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास

सिरसा। थाना नाथूसरी चौपटा के अंतर्गत गांव नहराना में एक चार वर्षीय बच्ची के साथ दुराचार के प्रयास का मामला प्रकाश मेंं आया है। पुलिस ने गांव के ही दो आरोपियों के खिलाफ अभियोग अंकित कर जांच शुरू कर दी है।
    जानकारी के अनुसार सुनील पुत्र दलीप की चार वर्षीय बच्ची को गांव के ही अमित पुत्र रमन व धोलू पुत्र रोहताश उठाकर स्कूल ले गए। यहां दोनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची के चिल्लाने पर लोग एकत्रित हुए। दोनों वहां से फरार हो गए। मामले की जानकारी चौपटा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने सुनील कुमार की शिकायत पर दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जोहड़ में डूबने से भाइयों की मौत

नहाने के लिए निकले थे घर से, गांव में छाया मात

डबवाली। गांव चौटाला के बाहर बने जोहड़ में डूबने से गत रात्रि दो सगे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रेम कुमार पुत्र लीलूराम के बेटों 8 वर्षीय विनोद व 6 वर्षीय विक्रम के रूप में हुई है। चौटाला पुलिस ने मामले मेें इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिए हैं। गमगीन माहौल में दोनों को अंतिम संस्कार किया गया।
    मृतक के दादा लीलूराम ने बताया कि वह अपनी पोती मंजली को खिला रहे थे जबकि विनोद व विक्रम खेलने के लिए घर से बाहर चले गए। काफी देर तक दोनों नहीं लौटे। इस पर बेटे व परिवारजनों को बताया। दोनों की काफी तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला। उन्होंने सभी गांवों में लाउडस्पीकर से अनाउसमेंट करवाई गई। आज प्रात: खेतों में जा रहे लोगों ने जोहड़ में दो बच्चों के शव बहते देखे। लीलूराम के घर सूचना दी गई। जानकारी मिलने पर चौटाला पुलिस मौके पर पहुंची। जोहड़ से शवों को निकालकर सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए ले पहुंचाया। मौके पर पहुंचे सदर थाना प्रभारी भारतेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस ने मृतकों के पिता प्रेमकुमार के बयान पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है।

डाककर्मी के घर चोरी

लाखों के जेवरात, नकदी व दो मोबाइल ले गए चोर

सिरसा। शहर में चोरियों का सिलसिला जारी है। पुलिस चोरियों की वारदातों को रोकने में असफल साबित हुई है। गत रात्रि चोरों ने एमसी कालोनी में एक घर को निशाना बनाया। यहां एक डाककर्मी के घर से लाखों रुपये के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ किया।
    जानकारी के अनुसार एमसी कालोनी निवासी डाककर्मी सूबे सिंह गत रात्रि परिवार सहित छत पर सो रहा था। रात्रि करीब सवा एक बजे सूबे सिंह पानी पीने के लिए नीचे उतारा। घर के दरवाजे खुले देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। भीतर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। सूबे सिंह के अनुसार चोर लाखों रुपये के सोने व चांदी के आभूषण तथा सात हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए। आरोपी दो मोबाइल भी उठाकर ले गए। आज प्रात: घटना की जानकारी बस अड्डा चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम व पुलिस कर्मी मौके पर पहुंची। सूबे सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों  के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह

बाजेकां बिखेरेगा हरियाणी छटा

सिरसा। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरे जोर शोर के साथ चल रही है। आज शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रथम रिर्हसल की गई । इस स्वतंत्रता दिवस समारोह में हरियाणा के खेल एव युवा मामले राज्य मंत्री  सुखबीर सिंह कटारिया राष्ट्रीय ध्वजरोहण कर परेड की सलामी लेंगे। स्टेडियम में आयोजित आज चयन कार्यक्रम में नगराधीश  प्रेम चंद, जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी  सतीश कुमार मेहरा,जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कुमकुम  ग्रोवर ने सांस्कृतिक टीमों की रिर्हसल देखी। नगराधीश  प्रेम चंद ने सभी प्रस्तुति में और सुधार बारे आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में हरियाणवी नृत्य के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाजेकां द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा ,इस नृत्य में पचास से भी अधिक बच्चे भाग लेंगे जो मै घूम घूम देखूंगी सारा हरियाणा पर नृत्य प्रस्तुत करेंगे। राजस्थानी डांस में राजकीय उच्च विद्यालय खैरकां के100 बच्चे भाग लेंगे जो  बना रे बागां में झूला घाल्या पर अपनी प्रस्तुति देंगे। इसीप्रकार राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा की  50  छात्राएं गिद्धा प्रस्तुत करेंगी।  राजकीय वरिष्ठ विद्यालय नेजाडेला कलां तथा न्यू सतलुज स्कूल के 150 बच्चे जय भारत वंदे मातरम एक् शन सांग प्रस्तुत करेंगे। दी सिरसा स्कूल के 120 बच्चे  भाग फिरंगी भाग पर कोरियोग्राफी, प्रयास, दिशा, श्रवण वाणी विकलांग केंद्र के बच्चों द्वारा एक्शन सॉग, हेलन केलर दृष्टिबाधित बच्चों द्वारा  गु्रप सॉग तथा डी ए वी स्कूल के बच्चों द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम के सभी इंचार्ज व अध्यापको को निर्देश दिए कि वे सभी कार्यक्रमों का लगातार अभ्यास करवाएं ताकि जिला स्तरीय समारोह में सभी टीमें बेहतर प्रदर्शन करें। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम में जहां कहीं भी कमियां दिखाई दी उन्हें भी दूर करने के निर्देश दिए।

खाद्य सुरक्षा योजना : मुख्य सचिव कल लेंगे बैठक

सिरसा। खाद्य सुरक्षा योजना से राज्य की एक करोड़ 26 लाख 49 हजार लोगो को सस्ता अनाज मिलेगा। जिसमें 90 लाख 28 हजार ग्रामीण क्षेत्र के और 36 लाख 21 हजार शहरी क्षेत्र के लोग शामिल होंगे। प्रदेश में आगामी 20 अगस्त से खाद्य सुरक्षा योजना लागू करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। इस सम्बंध में कल 12 अगस्त को मुख्य सचिव पी के चौधरी  ने राज्य के सभी उपायुक्तों की बैठक बुलाई है इस बैठक में सभी खाद्य एवं पूर्ति विभाग के आला अधिकारियों के साथ-साथ जिला स्तर के अधिकारी भी उपस्थित होंगे।  इस योजना के क्रियान्वयन के लिए खाद्य एवं पूर्ति विभाग तथा  विकास एवं पंचायत विभाग को  प्रायर्टी हॉऊस होल्ड को लाभाविंत करने बारे तैयार की जाने वाली सूचि में शामिल करने के लिए मापदंड बारे विस्तार से बताया जाएगा साथ ही अधिकारियों को प्रिटिंग मैटीरियल देकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे। उपायुक्त डा. जे गणेसन ने बताया कि सिरसा जिला में प्रायटी हाऊस हॉल्ड के कार्डो पर स्टैैपिंग यानि मोहर लगाने की सभी तैयारिया ंपूरी कर ली गई हैं।  आगामी एक - दो दिन में  पूरे जिला में कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि  इस कार्य के लिए  विभागीय निरीक्षको, उप निरीक्षक, डिपूधारकों, सरपचों, नम्बरदारों व शहर क्षेत्रों में पार्षदों आदि की जिम्मेवारी लगाई जाएगी।
             उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा तय किए गए  मापदंडों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र में भारत सरकार की वर्तमान नीति के तहत अन्तोदय अन्न परिवार स्वत: शामिल होंगे। केन्द्रीय बी.पी.एल. तथा राज्य बी.पी.एल. परिवार स्वत: प्राथमिक परिवार की श्रेणी में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि बेघर परिवार, वह परिवार जिसका मुखिया विकलांग व्यक्ति हो, सभी भूमिहीन कृषि मजदूर परिवार, सभी किसान परिवार जिनके पास 5.0 एकड़ तक किसी भी तरह की जमीन हो,  सभी परिवार जिसकी मुखिया विधवा, अकेली महिला (अविवाहित/अलग/  परित्यक्त ) हो शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में अति संवेदनशील व्यवसायिक परिवार जिनका मुख्य आय का साधन कृषि, हस्तशिल्प मजदूर,    अशंकालिक व पूर्णकालिक घरेलू सेवा,कचरा उठाने वाले,गैर-कृषि स्वयं उद्यमी, भीख/दान/भीख संग्रह, अन्य जैसा निर्दिष्ट किया जाए, शामिल है।  उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में सभी करदाता, सभी वैट दाता, सभी सेवा कर दाता, सभी व्यवसायिक करदाता, कोई भी परिवार जिसके पास किसी  भी प्रकार की 5 एकड़ से अधिक जमीन हो, चौपहिया वाहन का स्वामी, कोई भी परिवार जिसका अपना उद्योग  सरकार द्वारा पंजीकृत हो, यंत्रीकृत चौपहिया कृषि यंत्र का स्वामी, भारत सरकार, राज्य सरकार और संघ राज्य क्षेत्र व उसके बोर्डो/निगमों/ उद्यमों/उपक्रमों/नगर निगमों/नगर परिषदों/नगर पालिकाओं व सुधार न्यास इत्यादि केे कर्मचारियों को छोड़कर अन्य कर्मचारी जैसे अनुबन्धित/कार्मिक/ दैनिक वेतन भोगी, कोई भी परिवार जिसकी वार्षिक आय सभी मदों से 2 लाख रूपये से अधिक न हो, कोई भी परिवार जो निर्धारित किये जाने वाले किसी अन्य मापदण्ड के अनुसार पात्र न हो, शामिल नहीं होंगे।

किश्तवाड़ दंगा : विहिप ने जताया विरोध

सिरसा। विश्व हिन्दू परिषद की जिला स्तरीय बैठक आज विभाग अध्यक्ष बृज मोहन शर्मा की अध्यक्षता में नेहरू पार्क कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में सिरसा जिला से सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। बृज मोहन शर्मा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे देश की एकता व अखंडता के लिए हमेशा एकजुट होकर कार्य करें। बृज मोहन शर्मा ने जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में हुए साम्प्रदायिक दंगों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए, अन्यथा ऐसी घटनाओं की प्रतिक्रिया पूरे भारत का हिंदू समाज देगा। कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथि एवं परिषद के प्रांतीय प्रवक्ता विजय शर्मा ने बताया कि परिषद अपने स्थापना के स्वर्ण जयंती वर्ष में पूरे देश में एक लाख समितियों का गठन करेगी। हरियाणा में एक हजार समितियों का गठन किया जाएगा। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष हरिकृष्ण गोयल, जिला संगठन मंत्री देशराज, एसआर कालिया, संदीप वर्मा, अश्विनी कुमार, प्रेम सिंह, लाल चंद, रण सिंह चौहान, मेवा सिंह जांगड़ा, बजरंग लाल, सुनील कुमार आदि उपस्थित थे।