BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Thursday, 18 September 2014

कालेजों को जड़े ताले

महिला विंग व नेशनल कालेज के मुख्य द्वार बंद

सिरसा। राजकीय नेशनल कालेज महिला विंग के नए भवन निर्माण का मुद्दा एक बार फिर  गरमा गया है। पिछले एक पखवाड़े से इस मुद्दे को लेकर छात्राओं  द्वारा कई बार  प्रदर्शन किया जा चुका है। लेकिन प्रशासन द्वारा आश्वासन के अलावा कुछ नही किया  गया यहाँ तक कि प्रशासन की  ओर से छात्राओं के लिए कोई अलग भवन की वैकल्पिक व्यवस्था तक नही की गई।   आज एक बार फिर  आक्रोशित छात्राओं ने  इस मुद्दे को लेकर महिला विंग को ताला  जड़ दिया और धरना  देकर प्रशासन  के विरुद्ध रोष जताया। उधर नेशनल कालेज के छात्रों ने संघर्षरत छात्राओं के समर्थन के कालेज के दोनों द्वारों पर ताला जड़ दिया। इसके चलते कालेज के भीतर रहे छात्रों को दीवार फांदकर बाहर आना पड़ा। सूचना मिलने के बाद  प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे  लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया। छात्राओं ने जोरदार नारेबाजी की ओर मांग नहीं माने जाने तक आंदोलन चलाए रखने की बात कही। छात्रा गुरजीत कौर और हरजीत  कौर  ने बताया कि प्रशासन द्वारा उनकी मांग की ओर कोई ठोस कदम नही उठाया जा रहा है। उन्होंने बताया की उपायुक्त ने बैठक के दौरान उन्हें वैकल्पिक भवन की व्यवस्था करवाने का  आश्वासन दिया था लेकिन कोई कार्रवाई नही की। छात्राओं को कॉलेज की मांग पर लाठीयां  खानी पड़ी लेकिन उनकी मांग पूरी  नही हुई। उन्होंने बताया की जब तक हमारी मांग पूरी नही हो जाती तब तक आंदोलन यूँही जारी रहेगा।     गौरतलब है कि सिरसा में अलग महिला विंग के भवन  की मांग को लेकर लंबे समय से छात्राओं का आंदोलन चल रहा है। इस मांग को लेकर  छात्राओं ने जाम भी  लगाया था। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। डीसी आवास का घेराव छात्राओं ने किया तो उन्हें लाठीचार्ज का सामना भी करना पड़ा। मांग अब तक पूरी नही हुई जिसके चलते आज छात्राओं ने महिला विंग पर तालाबंदी कर दी।

छात्र को चलती बस से फेंका

पुलिस कर्मियों पर आरोप
नेशनल हाइवे किया जाम
सिरसा। डबवाली के एक शिक्षण संस्थान के छात्र को मारपीट कर बस से नीचे फेंकने का आरोप लगाते हुए विद्यार्थियों ने आज गांव डबवाली के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने मामले के आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की। मौके पर पहुंचे डबवाली के डीएसपी ने विद्यार्थियों को आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव डबवाली स्थित डा. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थी आज सुबह हरियाणा रोडवेज की बस में डबवाली से सवार हुए थे। गांव डबवाली के निकट बस से उतरने को लेकर विद्यार्थियों का बस के परिचालक के साथ झगड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि परिचालक ने बस रोकने से इंकार कर दिया, जिससे विद्यार्थी उसके साथ उलझ गए। बताया जा रहा है कि सादी वर्दी में बस में सवार दो पुलिस कर्मियों ने परिचालक का पक्ष लेते हुए रवि नामक छात्र को पीटना शुरू कर दिया और गांव चोरमार के निकट चलती बस से उसे धक्का दे दिया। अगले स्टॉप पर सभी विद्यार्थी बस से उतरे और घायल रवि को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद विद्यार्थी वापिस महाविद्यालय पहुंचे और राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। विद्यार्थियों के अनुसार सादी वर्दी में एएसआई ताराचंद ने इस घटना को अंजाम दिया। जाम लगा रहे विद्यार्थियों को समझाने डीएसपी सत्यपाल यादव पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि सोमवार तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

चलती कार में गैंगरेप

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली मे मंगलवार रात को दो लोगों ने चलती कार में कथित तौर पर एक 24 वर्षीय युवती से गैंगरेप किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि हो गई है। सूत्रों ने बताया कि दोनों आरोपी युवती को जानते हैं।  पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीडिता कथित तौर पर एक महिला दलाल की सहयोगी है जिसने हाल ही में हौज खास पुलिस स्टेशन में चार लोगों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज करवा रखा है।  मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले देर रात दो बजे सामने आया जब एक ऑटो चालक ने पुलिस को सूचना दी की पीडिता नेहरू प्लेस के फ्लाइओवर पर नशे की हालत में घूम रही थी। उसकी स्थिति ठीक नहीं थी और वह ठीक से बात भी नहीं कर पा रही थी। इसके चलते ऑटो चालक को संदेह हुआ की उसके साथ रेप हुआ है। उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी।  सूचना मिलते ही एक पीसीआर वैन मौके पर तुरंत पहुंच गई और पीडिता को फौरन एम्स ले जाया गया। होश आने पर पुलिस ने उसका बयान लिया।

Wednesday, 17 September 2014

कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक पर नजरें

नई दिल्ली। कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हिमाचल भवन में जारी है। बैठक में हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के नाम सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा संभव है। बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर सहित प्रदेश के दिग्गज नेता मौजूद हैं। बैठक की अध्यक्षता स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष पीसी चाको कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक बैठक जारी थी।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में चुनाव की तिथि तय हो चुकी है। आगामी 15 अक्तूबर को चुनाव होने हैं। चुनावों को लेकर भाजपा और इनेलो सहित विभिन्न दल अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर चुके हैं लेकिन कांग्रेस की ओर से अभी तक टिकटों को लेकर माथापच्ची जारी है। कांग्रेस ने अभी तक एक भी लिस्ट जारी नहीं की है। सूत्रों के अनुसार हुड्डा और तंवर की खींचतान लिस्ट में देरी का कारण बन रही है। ऐसे में अब कांग्रेस सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों की घोषणा एक साथ करने का मन बना रही है। हाल ही में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी शकील अहमद इस बात के संकेत दे चुके हैं कि पार्टी द्वारा 50 से अधिक प्रत्याशियों की लिस्ट तय कर ली जा चुकी है लेकिन अभी कांग्रेस आधिकारिक तौर पर लिस्ट जारी करने के मूड में नहीं है। कांग्रेस द्वारा एकमुश्त सभी सीटों के लिए एक साथ लिस्ट जारी की जाएगी।    हालांकि एक धड़े ने यह भी प्रस्ताव रखा है कि जिन सीटों पर सिंगल कैंडिडेट के नाम तय किए जाने हैं। उनकी घोषणा पहले कर दी जाए, लेकिन इस पर अंतिम निर्णय पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी करेंगी।
आज स्क्रीनिंग कमेटी के बैठक को अहम माना जा रहा है। हालांकि अभी तक उम्मीदवारों की घोषणा करने के संकेत कांग्रेस की ओर से नहीं दिए गए हैं लेकिन  आज की बैठक के बाद पार्टी कोई बड़ा फैसला लेकर चौंका भी सकती है।

मुझे कोई नोटिस नहीं मिला : अभय चौटाला

नई दिल्ली। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने केवल अपनी झेंप मिटाने के लिए ही यह खबर प्रसारित कराई कि अभय सिंह चौटाला व दुष्यंत सिंह चौटाला को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा गया है, जबकि वास्तविकता यह है कि उन्हें अभी तक कोई नोटिस नहीं मिला है। यदि उन्हें ऐसा कोई नोटिस मिलता है तो वे इसका स्वागत करेंगे क्योंकि नोटिस मिलते ही मुख्यमंत्री को कानूनी तौर पर मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। आज जारी बयान में चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हुड्डा द्वारां अर्जित की गई नामी बेनामी अरबों की संपत्ति को लेकर इनेलो द्वारा राज्यपाल को सौंपी गई आरोप सूची सत्य व तथ्य पर आधारित है और वे इसे तथ्यों सहित अदालत तथा जनता में कहीं भी साबित करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वे अतिशीघ्र ही मुख्यमंत्री हुड्डा की संपत्ति की एडीशनल चार्जशीट भी जारी करेंगे। इनेलो नेता ने कहा कि पिछले दस सालों के दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जमकर हरियाणा को लूटा है और इसी लूट से अपने दामाद कुणाल भादू को भी धनबल से सुदृढ़ किया है। अभय चौटाला ने मुख्यमंत्री को उपरोक्त मुद्दे पर किसी भी सार्वजनिक मंच पर बहस करने की चुनौती भी दी।
             उन्होंने कहा कि आज जबकि हरियाणा में चुनाव घोषित हो चुके हैं और तीसरी बार सरकार बनाने का राग अलापने वाली कांग्रेस अभी तक अपने उम्मीदवारों को घोषित करने से कतरा रही है क्योंकि कांग्रेस नेताओं के बीच आपसी अंतर्कलह का माहौल है और उन्हें उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे। अभय चौटाला ने कहा कि इससे अधिक हास्यास्पद बात क्या हो सकती है कि आज कांग्रेस की लचर स्थिति के चलते कोई भी उसकी टिकट तक लेने को तैयार नहीं है। भाजपा पर व्यंग्य कसते हुए इनेलो नेता ने कहा कि इन उपचुनावों के परिणामों ने भाजपा के अच्छे दिनों की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि इन परिणामों से साबित हो गया है कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में दिन रात का अंतर है।

तीन जिलों के उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों की बैठक 19 को

सिरसा। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2014 के मद्देनजर रखते हुए तीन राज्यों के उपायुक्त एव पुलिस अधीक्षक आगामी 19 सितंबर को दोपहर 12.30 बजे स्थानीय सुरखाब टयूरिस्ट कॉपलेक्स में बैठ कर विचार विमर्श करेंगे। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने बताया कि इस बैैठक में राजस्थान के हनुमानगढ, पंजाब के मानसा, बठिंडा, मुकत्सर तथा फतेहाबाद जिलों के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक भाग लेंगे। उपायुक्त ने बताया कि इस बैठक में तीनों राज्यों की सीमा पर सुरक्षा को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा। सीमावर्ती नाकों पर राजस्थान व पंजाब प्रशासन से सहयोग का आह्वान किया जाएगा। चुनाव से पहले तीनों प्रदेशों के प्रशासन में तालमेल स्थापित रहेगा ताकि बाहरी तत्वों के कारण चुनावों में किसी प्रकार की कोई रुकावट ना पड़े। बैठक में सभी अधिकारियों से बैल जंपर व पी.ओ. की लिस्ट भी मांगी गई है।

Tuesday, 16 September 2014

महिला के गले से चेन झपटी

सिरसा। भादरा बाजार स्थित गली मोमन नंबरदार वाली में आज एक महिला के गले से पैदल व्यक्ति सोने की चेन झपटकर ले गया। महिला ने पति सहित शहर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। फिलहाल पुलिस झपटमार की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार गांव फेफाना निवासी 45 वर्षीय सरोज पत्नी रमेश कुमार आज अपने बेटी रानी के साथ सिरसा आई थी। प्रभात पैलेस के निकट बस से उतरकर वह पैदल ही अपने रिश्तेदार के गली मोमन नंबरदार वाली स्थित आवास पर जा रही थी। रास्ते में एक व्यक्ति ने सरोज के गले से चेन झपटी और फरार हो गया। सरोज का कहना है कि चेन करीब 3 तोले की थी। घटना के बारे में उसने अपने पति रमेश को सूचित किया। इसके बाद रमेश व सरोज शहर थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई।

उपायुक्त ने दिए नोडल अधिकारियों को निर्देश

सिरसा। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्यनिर्वाचन अधिकारी हरियाणा के निर्देशानुसार हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2014 के प्रबंधन के लिए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. अंशज सिंह ने  आज अपने कार्यालय में नोडल अधिकारियों की बैठक ली। जो विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर सीधे मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा तथा जिला निर्वाचन अधिकारी को रिपोर्ट करेंगे। डा. ङ्क्षसंह ने नोडल अधिकारियों की जिम्मेवारी व कार्यो के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि सभी नोडल अधिकारी चुनाव प्रक्रिया के दौरान सम्बन्धित क्षेत्रों की सूचना से अपडेट रहेंगे।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सभी प्रकार की व्यवस्था बनाए रखने के लिए व चुनाव में मैनपावर को  व्यवस्थित ढंग से डियुटी व प्रशिक्षण के लिए नगराधीश को निर्देश दिए कि वे समय पर ई वी एम के बारे में प्रशिक्षण करवाए। इसके साथ ही ई वी एम की प्रथम रेंडेमाईजेशन करवाएं। उन्होंने यातायात प्रबंध केलिए आर टी ए को निर्देश दिए कि वे चुनाव में प्रयोग होने वाली गाडिय़ों का पूर्ण प्रबंध करवाए तथा निर्धारित किए गए रेट का विवरण दें। मौलिक व मतदाता मौलिक शिक्षा प्रतिभागीय सिस्टम स्वीप के प्रबंध के लिए जिला वन अधिकारी को निर्देश दिए कि वे मतदान करने के बारे में स्वीप के माध्यम से विशेष प्रचार करवाए ताकि जिला में मतदान का प्रतिशत सबसे अधिक हो।
उपचुनाव नतीजे भाजपा के लिए मायूसी भरे
नई दिल्ली। 13 सितंबर को 10 राज्यों की तीन लोकसभा और 33 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे भाजपा के लिए करारा झटका साबित हुए हैं। इस साल लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली पार्टी बड़ी हार के कगार पर है। समाजवादी पार्टी ने जबर्दस्त वापसी की है। राज्य की जिन 11 सीटों पर उपचुनाव हुए थे, उनमें से भाजपा को अभी तक सिर्फ एक सीट पर जीत मिली है। सपा ने 2 सीटें जीती हैं। बाकी की पांच सीटों पर सपा और तीन पर बीजेपी आगे चल रही है।उधर, पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा का खाता खुला है। पार्टी ने बसीरहाट सीट पर जीत हासिल की।
राजस्थान में भी भाजपा का प्रदर्शन काफी खराब रहा है। कांग्रेस ने चार में से तीन सीटों पर जीत दर्ज की और भाजपा के खाते में सिर्फ एक सीट आई। असम में तीन सीटों में से एक पर एआईयूडीएफ, एक पर बीजेपी और एक पर कांग्रेस आगे चल रही है। गुजरात की 9 सीटों में से बीजेपी को 7 और कांग्रेस को 2 सीटों पर जीत मिली है।

आचार संहिंता का करें पालन : गोबिंद कांडा

रानियां। हरियाणा लोकहित पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पार्टी प्रत्याशी गोबिंद कांडा ने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में विधानसभा चुनाव को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांडा ने कहा कि प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लग चुकी है। कांडा ने कार्यकर्ताओं को आचार संहिता के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि सभी को प्रचार-प्रसार के दौरान आचार संहिता का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाहों की ओर ध्यान न दें। 
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर कार्य करें और अपने-अपने गांव व वार्ड में जनसम्पर्क कर लोगों को पार्टी की नीतियों व उद्देश्यों के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि पार्टी का घोषणा पत्र जारी हो चुका है जिसमें सभी वर्गों के कल्याण और प्रदेश के विकास की नीतियों का विस्तार से वर्णन किया गया है। कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वें घोषणा पत्र को हर मतदाता तक पहुंचाएं।  गोबिंद कांडा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपस में तालमेल बनाए रखें और एकजूट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ है और सभी कार्यकर्ता मेरे परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि आप लोगों के अथक प्रयासों की बदौलत ही चार माह के अल्प समय में लाखों लोग पार्टी से जुड़े हैं और पतंग का चुनाव चिन्ह घर-घर तक पहुंचा है।

Monday, 15 September 2014

लोगों के साथ फर्जीवाड़ा

नाइसर ग्रीन कंपनी कार्यालय पर जड़ा ताला
पैसे हड़पने का लगाया आरोप

सिरसा। सहारा व पर्ल जैसी कंपनियों की धोखाधड़ी के बाद एक और नाम धोखाधड़ी में शामिल हो गया है। फिरोजपुर की कंपनी नाईसर ग्रीन हाऊसिंग और एनजीएचआई कंपनी के खिलाफ आज लोग लामबंद हो गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले डेढ़ साल से कंपनी उनके साथ धोखाधड़ी कर रुपये जमा करवा रही है। अब मैच्योरटी होने के बावजूद भी उन्हें पैसा नहीं लौटाया जा रहा। आक्रोषित लोगों ने जनता भवन रोड पर इलाहाबाद बैंक के नजदीक स्थित कंपनी के कार्यालय को ताला जड़ दिया। नाईसर ग्रीन हाऊसिंग, एमजीके एग्रीकल्चर होल्डिंगस, डैवलेपर्स (इंडिया) लिमिटेड, एनजीएचआई कंपनी की ब्रांच के समक्ष प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों उपभोक्ताओं ने कपंनी के मैनेजर दलबीर सिंह और संतोख सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि एमजीके एग्रीकल्चर होल्डिंगस, डैवलेपर्स (इंडिया) लिमिटेड कंपनी यदि पैसा समय पर नहीं लौटाती है तो वह उनका पैसा मैं 15 सितंबर तक वापिस करूंगा। लेकिन आज जब सभी उपभोक्ता अपना पैसा लेना पहुंचे तो मैनेजर दलबीर सिंह और संतोख सिंह मौके पर नहीं थे और बाकी स्टाफ मैनेजर की गैरहाजिरी का सही रूप से कोई जवाब नहीं दे सके। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि कंपनी ने लोगों का पैसे को अपनी तीन अन्य कंपनियों में पैसा इन्वेस्ट कर दिया है। उपभोक्ता कमलेश भूषण सेतिया, रानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इनके सभी ग्रुप को सेबी ने बैन किया हुआ है, लेकिन फिर भी यह नाम बदलकर इन सभी कंपनियों के मालिक पीपल सिंह सिद्धू निवासी फिरोजपुर लोगों का पैसा इन्वेस्ट करवाया रहे हैं।

करें शिकायत, होगी कार्रवाई : डीसी

सिरसा। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अश्ंाज सिंह ने कहा कि हरियाण विधानसभा आम चुनाव 15 अक्तूबर को होंगे। इसके लिए अधिसूचना 20 सितंबर को जारी की जाएगी तथा 27 सितंबर को नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि होगी।
वे आज लघु सचिवालय स्थित बैठक कक्ष में पत्रकारों से बातचीत करन रहे थे। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की समीक्षा 29 सितंबर को की जाएगी तथा एक अक्तूबर को नामांकन पत्र वापस लिए जांएगे। उन्होंने बताया कि 15 अक्तूबर को मतदान होगा तथा 19 अक्तूबर को मतगणना करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त 22 अक्तूबर को चुनाव प्रक्रिया पूरी होगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा विधानसभा आम चुनाव- 2014 के लिए आदर्श आचार संहिता 12 सितंबर से लागू हो गई है तथा जिला में आदर्श आचार संहिता की घोषणा होने के साथ सभी होर्डिंग तथा बैनर हटाने बारे सभी विभागाध्यक्षों को आदेश दे दिए गए है। राजनीतिक दलों व उम्मीदवारों द्वारा लाऊउ स्पीकर व गाडिय़ों की अनुमति हेतु सभी आर ओ स्तर पर सिंगल विंडो सिस्टम शुरू कर दिया गया है। 
उन्होंने बताया कि हरियाणा विधानसभा आम चुनाव-2014 के निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण तंत्र की सरंचना का गठन किया गया है। जिसमें सहायक व्यय प्रेक्षक(एईओ), वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन टीम, लेखा टीम, शिकायत अनुवीक्षण नियंत्रण कक्ष और कॉल सैंटर, मीडिया प्रमाणन और अनुवीक्षण समिति, उडऩ दस्ते, स्थेतिक निगरानी टीम, व्यय अनुवीक्षण सेल की टीमे अलग-अलग कार्य पर निगरानी रखेगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा विधानसभा आम चुनाव में उम्मीदवार द्वारा 28 लाख तक खर्च किया जा सकता है, इससे अधिक खर्च होने पर उम्मीदवार को डिस्क्वालिफाई किया जा सकता है। चुनाव खर्च के लिए अभ्यर्थी/ एजेंट/ समर्थक नकद राशि 50 हजार रुपए से अधिक की राशि कहीं भी नहीं ले जा सकता है। इसके अतिरिक्त गिफ्ट आइटम 10 हजार रुपए की राशि से अधिक नहीं ले जा सकता। उन्होंने बताया कि सभी चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवारों को नामांकन पत्र दाखिल करने से एक दिन पहले किसी बंैक अथवा पोस्ट आफिस में अपने नाम से अलग खाता खुलवाना होगा, यह खाता चुनाव एजेंट के साथ ज्युवाईंट भी खुलवाया जा सकता है। चुनाव खर्च से सम्बंधित खर्च रजिस्ट्रर लगाना होगा तथा उसमें चुनाव से संबंधित प्रतिदिन होने वाले खर्च का विवरण दर्ज करना होगा। इस अवसर पर नगराधीश निर्मल नागर, तहसीलदार चुनाव चंदु लाल सैनी आदि उपस्थित थे। 

Saturday, 13 September 2014

चाची-भतीजे ने निगला सल्फास

प्रेम-प्रसंग के चलते उठाया कदम, दोनों की हुई मौत

डबवाली। प्रेम प्रसंग के चलते तीन बच्चों की मां व एक अविवाहित युवक द्वारा आत्महत्या कर ली गई। दोनों ने सल्फास निगल ली। गंभीर हालत में दोनों को डबवाली के सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां युवक की मौत हो गई। महिला का सिरसा सामान्य अस्पताल में दम टूट गया। बताया जा रहा है कि महिला व युवक रिश्ते में चाची-भतीजा थे और दोनों के बीच पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस संबंध में पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है। 
मिली जानकारी के अनुसार वार्ड 9 के पुराना हनुमान मंदिर क्षेत्र में रहने वाली नीतू पत्नी दर्शन कुमार का रिश्ते में भतीजा लगने वाले मलकीत के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। नीतू के पति दर्शन सिंह का कहना है कि उसने मलकीत से करीब छह माह पूर्व  कुछ रुपए उधार लिए थे। इसके बाद से मलकीत अक्सर उनके घर रुपयों का तकाजा करने के बहाने आने लगा। इस पर उसे शक हुआ तो उसने मलकीत को घर आने से रोका। 
दर्शन का कहना है कि वह पेंटर का कार्य करता है।  उसके तीन बच्चे हैं। बड़ी लड़की 10वीं कक्षा में पढ़ती है और वह पेपर देने गई हुई थी जबकि 12 वर्षीय पुत्र ननिहाल में रहता है। छोटा बेटा दूसरी कक्षा में पढ़ता है। आज सुबह वह कार्य पर गया चला। नीतू घर में अकेली थी। इसी दौरान मौका पाकर मलकीत उनके घर पहुंच गया। 
दर्शन का कहना है कि उसे भी किसी कार्यवश घर जाना पड़ा। वह घर पहुंचा तो मलकीत को अपने घर में पाकर उसने फिर से उसे चले जाने की नसीहत दी और घर से निकल गया। वह कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि पीछे से उसकी पत्नी नीतू और मलकीत चिल्लाते हुए घर से बाहर निकले। उन्होंने जहर निगल लिया था। पड़ोसियों की मदद से दोनों को डबवाली अस्पताल ले जाया गया। यहां मलकीत की मौत हो गई। चिकित्सकों ने नीतू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिरसा रैफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान नीतू की भी मौत हो गई। डबवाली पुलिस ने दोनों शवों के पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिए। शहर थाना प्रभारी दलीप सिंह व जांच अधिकारी एएसआई भूप सिंह ने बताया कि इस मामले में इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई अमल में लाई गई है। 
उधर चिकित्सकों के अनुसार दोनों ने सल्फास का सेवन किया था। मलकीत द्वारा तीन व नीतू द्वारा एक गोली का सेवन किया गया था। 

पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चला नाइट डोमिनेशन अभियान

सिरसा। पुलिस अधीक्षक मितेश जैन के नेतृत्व में गत रात्रि जिला पुलिस का विशेष नाईट डोमिनेशन अभियान चलाया गया। इस अभियान में जिला के सभी उप पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, पीसीआर इंचार्ज, नाका इंचार्ज व भारी संख्या में पुलिस बल ने भाग लिया। रात्रि को चलाए गए इस अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मितेश जैन ने शहर के सभी पीसीआर, नाके व एटीएम गार्डों को स्वयं चैक किया तथा उनको कड़ी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने जिला के साथ लगते राज्यों पंजाब व राजस्थान सीमा पर लगाए गए नाकों की चैकिंग कर उन्हें अतिरिक्त चौकसी बरतने के निर्देश दिए। इस विशेष अभियान के तहत गत रात्रि सैकड़ों वाहनों को जांचा गया तथा करीब आधा दर्जन वाहनों को इंपाऊंड किया गया। इस अभियान के दौरान गत रात्रि सदर डबवाली थाना पुलिस ने एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को सात किलो चूरापोस्त के साथ काबू किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरतेज पुत्र साधु निवासी मथाना व हंसराज पुत्र इंद्र सिंह निवासी पुतली (पंजाब)के रूप में की गई है।
पुलिस अधीक्षक मितेश जैन ने कहा कि विधानसभा चुनावों की तिथि घोषित हो चुकी है इसलिए पड़ोसी राज्यों की सीमा पर लगाए गए नाकों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा आने-जाने वाले लोगों व वाहनों की सघन चैकिंग की जाए। श्री जैन ने कहा कि नाईट डोमिनेशन का उद्देश्य जिला के लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना तथा आमजन के मन में विश्वास पैदा करना है।  उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान जिला पुलिस द्वारा समय-समय पर चलाकर अपराधिक तत्वों पर नकेल कसी जाएगी।


Thursday, 11 September 2014

कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची हुई लीक!

सिरसा।  विगत दिनों  कथित रूप से 'भाजपा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट' के रूप में एक संदेश वॉट्स ऐप, फेसबुक सरीखे सॉशल साइट्स पर वायरल हुआ था। उसी की तरह अब 'कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली लिस्ट' भी वायरल हो चुकी है। इस सूची में कुल 57 हल्कों के उम्मीदवारों का जिक्र किया गया है। बताया गया है कि ये नाम कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा बिल्कुल फाइनल कर दिए गए हैं। हालांकि कांग्रेस ने अभी तक आधिकारिक रूप से सूची जारी नहीं की है लेकिन यदि भाजपा की वायरल हुई और आधिकारिक सूची पर गौर फरमाया जाए तो इस सूची पर भी सहज ही यकीन किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि 9 सितंबर को भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। लेकिन इससे पहले ही भाजपा उम्मीदवारों की सूची सोशल साइट्स और अन्य संचार माध्यमों पर वायरल हो चुकी थी। हालांकि भाजपा ने इस सूची को विरोधियों की साजिश करार दिया था। भाजपा का कहना था कि उन्होंने अभी तक कोई सूची जारी नहीं की है। विरोधियों द्वारा उनकी पार्टी में फूट डालने के लिए यह साजिश रची जा रही है। 
लेकिन खास बात यह है कि भाजपा द्वारा आधिकारिक रूप से जारी की गई सूची में भी लगभग वही नाम सामने आए जो पहले वायरल हुई लिस्ट में थे। ऐसे में कांग्रेस की सूची पर भी यदि गौर किया जाए तो इसे कहीं न कहीं आधिकारिक तौर पर तैयार 'लीक लिस्ट' माना भी जा सकता है। 
सिरसा से होशियारी, रानियां से हरप्रीत साहुवाला, एलनाबाद से रणजीत पर दांव खेलेगी कांग्रेस!
सूची के अनुसार सिरसा से होशियारी लाल शर्मा की टिकट पक्की है। होशियारी लाल सिरसा से कांग्रेस के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। रानियां और एलनाबाद में बड़ा फेरबदल इस सूची के हिसाब से माना जा रहा है। इसके कारण भी हैं। रानियां से हरप्रीत साहुवाला का नाम सूची में बताया जा रहा है। हरप्रीत साहुवाला को रणजीत विरोधी और तंवर के नजदीकी होने  का फायदा मिला हो सकता है। साहुवाला द्वारा पूर्व में रणजीत के विरोध में नारेबाजी भी की गई थी। इससे संभावना जताई जा रही है कि रानियां सीट पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर का दबाव काम किया हो और उन्होंने साहुवाला को टिकट दिलवाई हो। उधर, रानियां से उम्मीदवारी पक्की मान कर चल रहे रणजीत सिंह को इस सूची के हिसाब से बड़ा झटका लग सकता है। रणजीत सिंह  की टिकट तो नहीं कटी लेकिन उन्हें अभय सिंह चौटाला के खिलाफ एलनाबाद में वोट काटने के लिए भेज दिया गया है। यदि सूची  सही है तो इसमें कांग्रेस की कूटनीतिक सोच उभर कर आ रही है। वहीं डबवाली में कांग्रेस की सीट के इच्छावान डा. के.वी. सिंह को भी इस सूची में जगह नहीं मिल पाई है। उनकी जगह कुलदीप गदराना का नाम वायरल हुई लिस्ट में दिखाया जा रहा है। 
वॉयरल हुई लिस्ट
1. मुलाना से वरुण मुलाना  2. कैथल से रणदीप सुरजेवाला  3.इंद्री से भीम मेहता  4.महम से आनंद दांगी  5.रोहतक बी बी बत्रा  6.झज्जर गीता भुकक्ल  7.महेंदरगढ़ से दान सिंह  8.किलोई भूपेंदर हूडा  9 .बादशाहपुर धर्मपाल  10.दादरी सतपाल सांगवान  11.करनाल सुमिता सिंह  12.नूंह आफ़्ताब अहमद  13.पिहोवा हरमोहिंदर चट्टा  14.कोसली यादवेंदर सिंह  15.बावल जवाहर  16.रेवाड़ी अजय यादव  17.बेरी बबलू  18.गोहाना कृष्णमूर्ति  19.बादली नरेश शर्मा  20.लौहारू सोमवीर सिंह  21.तौषाम किरण चौधरी  22.बाढडा अनिरुद्ध चोधरी  23.भिवानी वासुदेव  24.कलायत से जय प्रकाश  25.नांगल चिरंजीव यादव  26.कलानौर शकुंतला खटक  27.गोहाना जगबीर मालिक  28.फरीदाबाद आनन्द कौशिक  29.ऐलनाबाद रणजीत सिंह  30.परित्तला रघुवीर सिंह  31.बडख़ल महेन्द्र  32.अटेली अनीता  33.हिसार सावित्री जिंदल  34.बरवाला राम निवास  35.नलवा धर्मवीर गोयत  36.बहादुरगढ़ राजेंद्र जून  37.पंचकूला देवेंद्र कुमार  38.पानीपत बलबीर शाह  39.शाहबाद अनील धंतौरी  40.सडौरा राजपाल  41.नारायणगड राम किशन  42.गनौर कुलदीप शर्मा  43.खरखौदा जयदीप  44.रानिया हरप्रीत सिंह साहुवाला  45. बडौदा क्षी कृष्ण  46.समालखा संजय छोकर  47.डबवाली कुलदीप गदराना  48.टोहाना परमवीर सिंह  49.उकलाना नरेश सेलवाल  50.रतिया जरनेल सिंह  51.बवानी खेडा राम किशन  52.कालावाली मनीराम  53. सिरसा होशियारीलाल  54. फतेहाबाद से विनीत पूनिया  55. आदमपुर से भूपेंदर कासनिया  56. जुलाना से नवदीप दलाल

रिश्वतखोर एक्सईएन गिरफ्तार

15 हजार की रिश्वत राशि सहित रंगे हाथों धरा
जनरेटर ठेकेदार से बिल पास करवाने की एवज में ली थी रिश्वत
विजीलेंस और नायब तहसीलदार ने संयुक्त कार्रवाई कर पकड़ा
जनस्वास्थ्य विभाग डिवीजन नंबर 3 किया काबू
सिरसा। चत्तरगढ़पट्टी स्थित जनस्वास्थ्य विभाग की डिवीजन नंबर 3 में कार्यरत एक्सईएन को आज विजीलैंस तथा नायब तहसीलदार पर आधारित टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी एक्सईएन के खिलाफ मामला दर्ज कर फिलहाल पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार चत्तरगढ़पट्टी स्थित जनस्वास्थ्य विभाग की डिवीजन में राकेश शर्मा नामक एक्सईएन कार्यरत है। शर्मा द्वारा एक जनरेटर ठेकेदार के बिल पास करने की एवज में रिश्वत मांगी गई थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत विजीलेंस को की। हिसार स्थित शाखा ने आज नायब तहसीलदार के साथ मिलकर टीम का गठन किया और रिश्वतखोर एक्सईएन को रिश्वत राशि सहित रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

हादसों में दो की मौत

सिरसा। बेगू रोड व गांव मौजूखेड़ा के निकट गत रात्रि हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने इस संदर्भ में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार ढाणी सावनसिंह थेड़ी निवासी शामनाथ पुत्र दीनानाथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव बेगू से आ रहा था। गांव के पास ही खच्चर रेहड़ी से मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई। हादसे में शामनाथ की मौत हो गई। आज शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

सीवरेज समस्या : लोगों ने लगाया बेगू रोड पर जाम

सिरसा। बेगू रोड पर स्थित ग्रेवाल बस्ती के लोगों ने चरमराई सीवर व्यवस्था से परेशान होकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस व जन स्वास्थय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद कॉलोनीवासी जाम खोलने को तैयार हुए। कॉलोनीवासियों ने बताया कि बार-बार शिकायत के बाद उनकी कॉलोनी में सीवर वयवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि चरमरार्ई सीवर वयवस्था के कारण सीवर का पानी उनके घरों में घुस आया है। उन्होंने बताया कि अगर उनकी कॉलोनी की सभी गलियों का पुनर्निर्माण नहीं होता , तब तक वे किसी भी राजनैतिक पार्टी को वोट नहीं देंगे। वंही मौके पर पहुंचे जन स्वास्थय विभाग के कार्यकारी अधिकारी आर के शर्मा ने सीवर वयवस्था को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया।

Wednesday, 10 September 2014

युवक ने लगाई फांसी

डेरा के शिक्षण संस्थान में था अध्ययनरत
सिरसा। प्रीत नगर की गली नंबर दस में पेइंग गेस्ट के रूप में रहने वाले एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। मूल रूप से गांव मल्लेकां का रहने वाला नवदीप डेरा सच्चा सौदा स्थित शिक्षण संस्थान में पढ़ रहा था।  नवदीप प्रीत नगर कालोनी के एक मकान में पीजी के तौर पर रह रहा था। रात को अज्ञात कारणों से उसने गले में फंदा डालकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
जांच अधिकारी रामनिवास ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम करवाकर शव वारिसों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।

एटीएम चोरों की पुलिस को चुनौती

सदर बाजार स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को बनाया निशाना
सिरसा। शहर के बीचों-बीच सदर बाजार स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को अज्ञात लोगों ने तोडऩे का प्रयास किया। हालांकि एटीएम में नकदी नहीं थी और न ही यहां गार्ड तैनात था। सीसीटीवी कैमरों से भी छेड़छाड़ की गई। घटना रात की है लेकिन पुलिस को सुबह इसकी जानकारी मिली। मौके पर पहुंचे शहर थाना प्रभारी सुरेश पाल ने जांच की। पुलिस का दावा है कि इस क्षेत्र में हर 10 मिनट में पुलिस की पीसीआर दौड़ती है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि अज्ञात लोगों ने किस प्रकार एटीएम को तोडऩे का प्रयास किया और पुलिस को उनकी भनक तक नहीं लगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि करीब डेढ़ माह पूर्व भी सदर बाजार के नजदीक स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एक एटीएम को अज्ञात लोग उखाड़कर ले गए थे। इस घटना के बारे में पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा सकी है। इसके अलावा डिंग मोड़ पर स्थित एसबीआई के एक एटीएम को निशाना बनाते हुए अज्ञात लोग उसे उखाड़ कर ले गए थे। इस प्रकार की घटनाओं से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग रहे हैं। लेकिन पुलिस पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त के दावों तक सिमटी है।
शहर थाना प्रभारी सुरेश पाल ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें सुबह मिली। एटीएम में नकदी नहीं थी। इस एटीएम पर गार्ड भी नहीं था। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और अपराधियों को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।

रेलगाड़ी के आगे कूद दी जान

सिरसा। गाँव सुचान के नज़दीक सवारी गाडी के सामने कूद कर एक युवक ने आत्म हत्या कर ली। युवक की पहचान हिसार के गाँव नगथला निवासी राजेश पुत्र अनिल चंद के रूप में हुई है।  करीब 22 वर्षीय राजेश रिश्तेदारी में गाँव सुचान आया था। सूचना मिलने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सामान्य अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जीआरपी थाना इंचार्ज सुरेश कुमार ने बताया की आज सुबह ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव सामान्य अस्पताल भेजा गया। कारणों की जांच की जा रही है।

तंवर आवास का घेराव

सिरसा। विगत दिनों छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज व छात्र नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर आज एबीवीपी ने तंवर आवास का घेराव किया। जमकर नारेबाजी की और कांग्रेस ्रप्रदेशाध्यक्ष के नाम संबोधित ज्ञापन उनके पीए को सौंपा गया। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ता लघु सचिवालय परिसर पहुंचे और ज्ञापन की एक प्रति नायब तहसीलदार को भी सौंपी। उल्लेखनीय है कि नेशनल कालेज के गल्र्ज विंग की बदहाली को लेकर उपायुक्त आवास के समक्ष प्रदर्शन कर रही छात्राओं पर विगत दिनों लाठीचार्ज हुआ था।

गोगामेड़ी में गोली मारकर युवक की हत्या

सिरसा। राजस्थान स्थित गोगामेड़ी में धोक लगाने गए गांव कुताना के एक युवक की वहां गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारोपियों व हत्या के कारणों का फिलहाल कुछ पता नहीं लग पाया है। गोली लगने से घायल हुए युवक को उसके साथी सिरसा लेकर आ रहे थे। रास्ते में उसका दम टूट गया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सिरसा सामान्य अस्पताल लाया गया। यहां राजस्थान पुलिस ने पहुंचकर कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल राजस्थान पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव कुताना निवासी 22 वर्षीय विकास पुत्र धर्मसिंह गत दिवस गोगामेड़ी धोक लगाने गया था। बताया जा रहा है कि गत रात्रि किसी ने उसे गोली मार दी। बुरी तरह घायल अवस्था में उसे उसके साथी उपचार के लिए सिरसा ला रहे थे। रास्ते में ही विकास का दम टूट गया। शव सामान्य अस्पताल लाया गया और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद राजस्थान पुलिस सिरसा पहुंची और मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा। पुलिस के अनुसार विकास को रंजिशन गोली मारी गई है। फिलहाल हत्या के कारणों के बारे में न तो उसके साथी कुछ बता पा रहे हैं और न ही पुलिस इस बारे में कुछ बताने की स्थिति में है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।

दुर्घटनाओं में दो की गई जान

सिरसा। गांव ढुढियांवाली व गंगा के निकट हुए सड़क हादसे में दो जनों की मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम करवा आज परिजनों को सौंप दिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ के बेहरवाला गांव निवासी 40 वर्षीय सुरजीत पुत्र निराणा सिंह गत दिवस मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहा था। गांव ढुढियांवाली के निकट मोटरसाइकिल की सूमो के साथ आमने-सामने की टक्कर हो गई। भिड़ंत में सुरजीत की मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। फिलहाल पुलिस ने सूमो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उधर गांव चौटाला निवासी 22 वर्षीय शक्ति पुत्र बहादुर सिंह की भी आज मौत हो गई। शक्ति विगत छह सितंबर को मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव गंगा की जा रहा था। गांव के निकट ही ट्रैक्टर के साथ मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर घायल शक्ति को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। यहां आज सुबह उसकी मौत हो गई। सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस संदर्भ में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tuesday, 9 September 2014

चुनावों को लेकर दिल्ली में माथापच्ची

सिरसा। हरियाणा के लिए आज का दिन अहम साबित हो सकता है। प्रदेश में चुनावी रणभेरी बज सकती है। साथ ही प्रमुख दल भाजपा द्वारा अपने महारथियों की पहली सूची भी  जारी की जा सकती है। दोनों के संबंध में आज दिल्ली में माथापच्ची जारी रही। एक ओर चुनाव आयोग की बैठक तीन बजे शुरू हुई तो दूसरी ओर भाजपा चुनाव समिति की भी बैठक तय है। 
चुनावों को लेकर दिनोंदिन सरगर्मियां  बढ़ रही हैं। आचार संहिता में देरी ने सभी राजनीतिक दलों के पसीने छुड़ा रखे हैं। ऐसे में जब भी चुनाव आयोग की बैठक तय होती है तो कयास लगाए जाने लगते हैं कि बैठक में आचार संहिता व चुनाव की तिथि को लेकर फैसला आ सकता है। पिछले करीब एक माह से आज-कल की अटकलें हर रोज लगती हैं। आज फिर चुनाव आयोग की दिल्ली में बैठक हुई। समाचार लिखे जाने तक बैठक खत्म नहीं हुई थी, लेकिन यह तय माना जा रहा है कि बैठक में चुनाव की तिथि तय करने को लेकर ही चर्चा जारी है।
हरियाणा और महाराष्ट्र में होंगे चुनाव
सूत्रों की मानें तो चुनाव आयोग पहले हरियाणा व महाराष्ट्र में ही चुनाव करवाने के पक्ष में है। जम्मू में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के कारण तथा झारखंड में नक्सल प्रभाव के कारण फिलहाल इन दोनों प्रदेशों में चुनाव टाले जा सकते हैं।
भाजपा करेेगी सूची जारी
उधर भाजपा की चुनाव समिति की बैठक भी दिल्ली में तय है। बताया जा रहा है कि बैठक में चुनावों को लेकर भाजपा अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर सकती है। साथ ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों पर भी चर्चा संभव है।

रतिया की जनता अवसरवादियों को सिखाएगी सबक : गोपाल

रतिया। फतहाबाद जिला के कस्बा रतिया में आज हरियाणा लोकहित पार्टी की रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को हलोपा अध्यक्ष गोपाल कांडा व उपाध्यक्ष गोबिंद कांडा ने संबोधित किया। 
गोपाल कांडा ने कहा कि सिरसा के बाद रतिया की जनता ने उन्हें जो मान-सम्मान और प्यार दिया है उसका कर्ज वे कभी नहीं चुका सकते। उन्होंने कहा कि रतिया की जनता ने उपचुनाव में मुझ में विश्वास दिखाते हुए कांग्रेस को जीत दिलाई थी, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस ने रतिया क्षेत्र को उतना मान-सम्मान नहीं दिया। आने वाले डेढ़ माह बाद रतिया की जनता पुन: दिखाएगी की उनका विश्वास गोपाल कांडा में है।

Monday, 8 September 2014

फिर दौड़ी रोडवेज की लारी

दो दिन से चली आ रही हड़ताल समाप्त

सिरसा। प्रदेश में निजी रूट परमिट रद्द करने की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से प्रदेशभर से चक्का जाम किए बैठे रोडवेज कर्मचारियों के आंदोलन के आगे सरकार ने आखिरकार घुटने टेक दिए हैं। मुख्यमंत्री व हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी के बीच दिल्ली में हुई बातचीत में सरकार द्वारा 3519 निजी रूट परमिट पर रोक लगाने की घोषणा  कर दी गई। इसी के साथ ही प्रदेशभर में रोडवेज कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई और चक्का जाम खोल दिया गया। सरकार के इस कदम के बाद जहां आज फिर रोडवेज की बसें सड़कों पर दौड़ती दिखीं, वहीं कर्मचारी नेता भी सरकार के फैसले से खुश नजर आए। हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी के नेताओं ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया और बसों को फिर से शुरू करवाया। उल्लेखनीय है कि रोडवेज कर्मी प्रदेश सरकार द्वारा निजी रूट परमिट देने का विरोध पिछले लंबे समय से कर रहे थे। इसी के चलते विगत 6 सितम्बर को रोडवेज कर्मियों ने चक्का जाम कर दिया और डिपु में धरने पर बैठ गए। दो दिन तक रोडवेज बसों के न चलने के कारण जहां लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा वहीं सरकार को भी राजस्व का भारी नुकसान उठाना पड़ा।
आखिरकार हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी की मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली में बैठक करवाई गई। बैठक में रोडवेज कर्मियों ने अपना पक्ष रखा। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में 3519 निजी परमिट रद्द करने की सूचना आज सुबह कर्मचारियों के पास पहुंची। इसी के साथ धरने पर बैठे कर्मचारी प्रफुल्लित नजर आए। कर्मचारियों ने खुशी का इजहार करते हुए चक्का जाम खोल दिया और काम पर लौट गए।
रोडवेज तालमेल कमेटी के सदस्य आत्माराम सहारन व कर्मचारी महासंघ के मुख्य प्रवक्ता विजय पल जाखड़  ने बताया कि मुख्यमंत्री की इस घोषणा से रोडवेज कर्मचारियों का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से निजी परमिट देने की बजाय रोडवेज के बेड़े में बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई है जिसका सकारात्मक प्रत्युत्तर उन्हें मिला है। उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन रंग लाया है और इसके लिए प्रदेश भर के सभी रोडवेज कर्मी बधाई के पात्र हैं। 
लाठीचार्ज मामला

छात्राओं ने की मुख्यमंत्री व राज्यपाल से शिकायत

सिरसा। आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले नेशनल गल्र्ज कॉलेज की छात्राओं ने काली पट्टी बांध कर रोष व्यक्त किया। कॉलेज की छात्राओं का कहना है कि पुलिस प्रशासन द्वारा छात्र-छात्राओं पर जिन पुलिसकर्मियों ने लाठीचार्ज किया था उनके खिलाफ अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अगर जल्द ही कोई कार्रवाई न हुई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर छात्राओं ने सरकार व प्रशासन विरोधी नारे भी लगाए। अभाविप कार्यकर्ताओं व छात्राओं ने बताया कि आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद व छात्राओं के एक प्रतिनिधि मंडल की चंडीगढ़ में हरियाणा राज्यपाल व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा से इसी मामले को लेकर बैठक है। छात्राओं ने बताया कि बैठक में राज्यपाल व सीएम को छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज मामले में अवगत करवाया जाएगा तथा दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी। इस मौके पर अभाविप कार्यकर्ता अंकुर शर्मा, रजत, विपिन व छात्राएं गीता, परमजीत कौर, सुमन आदि मौजूद थे।

अति वांछित अपराधियों की धरपकड़ को विशेष सैल गठित

जानकारी देने वालों को मिलेगा ईनाम
सिरसा। पुलिस अधीक्षक मितेश जैन ने विभिन्न मामलों में अति वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष सैल का गठन किया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेशों में पांच सदस्यीय इस विशेष सैल का इंचार्ज सब इंस्पेक्टर अवतार सिंह को बनाया गया है। यह सैल विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर कार्रवाई करेगा। यह सैल साथ लगते जिलों तथा सीमावर्ती राज्यों पंजाब व राजस्थान की पुलिस से भी लगातार समन्वय स्थापित कर वांछित आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्रित कर उन्हें गिरफ्तार करेगा। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा तथा उन्हें विभाग की तरफ से उचित ईनाम भी दिया जाएगा।

Saturday, 6 September 2014

पत्रकार छत्रपति, रणजीत हत्याकांड व साध्वी यौन शोषण मामला

पांच घंटे अदालत में हाजिर रहा आरोपी डेरा प्रमुख
मामले की अगली सुनवाई 20 सितंबर को

सिरसा। पत्रकार छत्रपति  व रणजीत हत्याकांड तथा साध्वी यौन शोषण मामले में आरोपी डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह ने आज पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष पेशी भुगती। गुरमीत सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पंचकूला न्यायालय में हाजिरी लगाई। करीब पांच घंटे अदालत की कार्रवाई चली, इस दौरान आरोपी सिरसा न्यायालय में हाजिर रहा। तीनों ही मामलों में न्यायालय के सुनवाई के लिए आगामी 20 सितंबर की तारीख मुकर्रर की है।
ज्ञातव्य हो कि वर्ष 2002 में डेरा सच्चा सौदा की एक साध्वी ने गुमनाम पत्र के माध्यम से डेरा प्रमुख पर यौन शोषण के आरोप जड़े थे। साध्वी का आरोप था कि डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह द्वारा डेरा के अंदर रह रही साध्वियों के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है और उन्हें गुफा में बुलाकर हवस का शिकार बनाया जाता है। इस मामले में सीबीआई जांच के बाद न्यायालय में कार्रवाई चल रही है।  आज हुई अदालती कार्रवाई के दौरान साध्वी यौन शोषण मामले में बचाव पक्ष के तीन गवाह एएसआई सीता राम, एडवोकेट रोशन लाल अग्रवाल व परमजीत कौर ने गवाही दर्ज करवाई। सीबीआई के अधिवक्ता उक्त तीनों गवाहों से जिरह भी की। न्यायालय ने तीनों मामलों में आगामी कार्रवाई के लिए 20 सितंबर की तारीख मुकर्रर की है।

रोडवेज कर्मचारियों ने किया चक्का जाम

रोडवेज तालमेल कमेटी के आह्वान  पर कर्मचारी बैठे हड़ताल पर
सिरसा। रोडवेज तालमेल कमेटी  के आह्वान पर आज राज्य व्यापी रोडवेज चक्का जाम व् प्रदर्शन का असर सिरसा में भी देखने को मिला।  सिरसा बस अड्डा परिसर में  रोडवेज कर्मचारियों ने सरकार द्वारा मांगें न माने जाने  व कैथल घटना के  विरोध में चक्का जाम किया। कर्मचारी महासंघ ने भी चक्का जाम  को अपना समर्थन दिया।  कर्मचारियों ने सरकार पर वायदा खिलाफी का आरोप लगते हुआ जोरदार विरोध प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने परिवहन मंत्री व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।  कर्मचारियों का कहना था नए परमिटों पर माननीय हाई कोर्ट ने रोक लगाई है वावजूद इसके सरकार और रोडवेज अधिकारी धक्केशाही करके निजी परमिटों को चलवाना चाहते हैं। कर्मचारियों ने सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार उनकी  मांगों पर सहमति जताने के बावजूद  मांगों को लागू नहीं कर रही। चक्का जाम के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। 
रोडवेज तालमेल कमेटी के सदस्य आत्माराम सहारन व् कर्मचारी महासंघ के मुख्य प्रवक्ता विजय पल जाखड़  ने बताया कि कर्मचारी पिछले लम्बे समय से संघर्ष कर रहे हैं. कर्मचारियों की मांग है कि 3519 निजी परमिट रद्द हो और रोडवेज बेड़े में 1000 नई बसें शामिल की जाएँ लेकिन इन मांगों को मानने की बजाय कर्मचारी विरोधी नीतियों को तानाशाही पूर्ण तरीके से लागू किया जा रहा है। कैथल की घटना इस बात का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री का फूंका पुतला

अलग महिला कालेज के  मुद्दे को लेकर मनाया काला दिवस
महिला विंग के बाहर छात्राओं ने किया प्रदर्शन
सिरसा। सिरसा में कालेज की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों और कालेज प्राचार्या के विरुद्ध छात्राओं में अब तक आक्रोश बरकरार है। आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में राजकीय नेशनल गल्र्ज कॉलेज की छात्राओं के द्वारा काली पट्टी बांध कर काला दिवस मनाया गया। आज महिला विंग के समक्ष छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का पुतला जलाया। छात्राओं का कहना था कि लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और कालेज प्राचार्या के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। छात्राओं ने जोरदार नारेबाजी की ओर मांग नहीं माने जाने तक आंदोलन चलाए रखने की बात कही। राजकीय नेशनल कालेज महिला विंग की छात्राओं ने अलग महिला कालेज की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन कर रही छात्राओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। छात्रा गीता और पूजा ने बताया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही छात्राओं पर इस प्रकार लाठीचार्ज करना तानाशाहीपूर्ण रवैया है और वे इसका डटकर मुकाबला करेंगी। उनका कहना था कि लाठीचार्ज से कई छात्राएं जख्मी हो गईं। हरियाणा सरकार महिला स मान और बेहतरीन शिक्षा देने के बड़े-बड़े दावे करती है लेकिन प्रदर्शन कर रही छात्राओं पर पुरुष पुलिस कर्मियों ने लाठियां बरसाईं। जोकि बेहद निंदनीय है। ऐसा कृत्य करने वाले पुलिस कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। छात्राओं ने कहा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आह्वान पर 8 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में लाठीचार्ज के विरोध में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने सभी सामाजिक, धार्मिक, महिला, मजदूर संगठनों व आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे इस कैंडल मार्च में उनका साथ दें। इस अवसर पर अभाविप के प्रांत संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत, प्रांत सहमंत्री सुखबीर श्योराण, नगर मंत्री सुमित मेहता, जिला संयोजक अंकुर शर्मा, देवकरण, मनोज, रजत, विपिन, अमित व छात्राएं मौजूद थी।
गौरतलब है कि सिरसा में अलग महिला कालेज की मांग को लेकर लंबे समय से छात्राओं का आंदोलन चल रहा है। बुधवार को छात्राओं ने जाम लगाया था। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद गुरुवार को डीसी आवास का घेराव छात्राओं ने किया। यहां प्रदर्शन कर रही छात्राओं पर लाठीचार्ज हुआ। इसी को लेकर छात्राओं में रोष है और वे लाठीचार्ज करने के दोषी कर्मचारियों और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रही हैं।

Friday, 5 September 2014

आसमान से बरसी आफत

सिरसा। गुरुवार से रुक-रुक कर हो रही बरसात ने शहर को जलमग्र कर दिया। आज दोपहर तक बूंदाबांदी जारी रही। मानसून जाने के बाद हुई बरसात ने शहरवासियों की दिक्कतें बढ़ा दीं। प्रशासन द्वारा किए गए बरसाती पानी निकासी के दावों की पोल एक बार फिर खुलकर सामने आई। शहर के अधितकर बाजारों व कालोनियों में जलभराव हो गया।
विगत रात्रि करीब दस बजे के रिमझिम बरसात शुरू हुई। जोकि आज दोपहर तक जारी रही। लोगों को गर्मी से राहत तो मिली लेकिन साथ ही जलभराव ने विकट स्थिति पैदा कर दी। बाजारों में जहां बीच रास्ते में वाहन बंद हो गए। शहर के कई बाजारों, घरों व दुकानों में पानी घुस गया। सुबह से निरंतर चल रही बारिश के कारण काम धंधे चौपट कर दिए। शहर में चारों और पानी ही पानी हो गया। जिस कारण लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने में भी काफी दिक्कतें झेलनी पड़ी। बरसात के कारण गौशाला मोहल्ला, पटेल बस्ती, बेगू रोड, हिसारिया बाजार, चांदनी चौक, रोडी बाजार, जनता भवन रोड, अनाजमंडी क्षेत्र, बस अड्डा, बरनाला रोड, अंबेडकर चौक , शिव चौक, वाल्मीकि चौक, सूरतगढिय़ा बाजार आदि में जलभराव हो गया। किसानों के अनुसार यह बारिश फसलों के लिए भी नुकसानदायक है।

Thursday, 4 September 2014

बोलेरो गाड़ी से उड़ाए 14 लाख रुपये

डिंग के एसबीआई बैंक के बाहर हुई घटना
चोरों का नहीं लगा कोई सुराग
बैंक की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
डिंग थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
सिरसा, 4 सितम्बर। डिंग मंडी  के एसबीआई बैंक के निकट खड़ी गाड़ी से अज्ञात चोर 14 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी गई । फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज से तथ्य जुटाने में जुटी है। 
मिली जानकारी के अनुसार डिंग निवासी श्रवण जाखड़ गुरूवार दोपहर करीब डेढ बजे पीएनबी बैंक से 12 लाख 75 हजार रुपये निकालकर बेलोरो गाड़ी में सवार होकर एसबीआई बैंक गया था। श्रवण के साथ उसका परिचित दलीप भी था। बताया गया है कि गाड़ी में पहले से ही सवा लाख रुपया पड़ा था। बैंक से निकलवाए पौने तेरह लाख सहित कुल 14 लाख रुपये बोलेरो में रखे थे। दलीप सिंह किसी कार्य से एसबीआई बैंक के भीतर चला गया जबकि श्रवण गाड़ी के पास ही खड़ा रहा। बोलेरो गाड़ी के शीशे खुले हुए थे। दोनों वापिसी के लिए जब गाड़ी में सवार हुए तो पैसे गायब थे। दोनों यह देखकर सन्न रह गए। पूरी गाड़ी छानमारी लेकिन रुपयों का कोई अता-पता नहीं था। थक हारकर वे डिंग थाना पहुंचे और रपट दर्ज करवाई। सूचना मिलते ही ङ्क्षडग थाना प्रभारी विकास कुमार मौके पर पहुंचे और जांच की। डिंग थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा अलग- अलग टीमें बनाकर तफ्तीश की जा रही है। बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जांची जा रही है ताकि कुछ सुराग जुटाए जा सकें। 

मौसम ठंडा, राजनीतिक गलियारों में आई गर्मी

जनसभाओं से हुए बोर, अब डोर-टू-डोर पर जोर

सिरसा। मौसम में ठंडक के साथ ही क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। जगह-जगह भीड़ जुटाकर जनसभाएं करने वाले नेता का जोर अब डोर-टू-डोर पर अधिक है। नेता घर-घर जाकर मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। मौसम में परिवर्तन ने उन्हें काफी मदद की है। 
उल्लेखनीय है कि चुनावों के मद्देनजर क्षेत्र का राजनीतिक माहौल पिछले एक माह से काफी गर्माया हुआ है। हालांकि अभी तक चुनावों की घोषणा नहीं हुई है और न ही आचार संहिंता लगी है लेकिन यह तय है कि आचार संहिंता लगने के साथ ही चुनाव आयोग द्वारा चुनावों की तिथि की घोषणा भी कर दी जाएगी। ऐसे में चुनाव मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों के पास समय बहुत कम रहेगा। इसी के मद्देनजर नेताओं ने करीब एक माह पूर्व से ही अपनी जोर-आजमाइश करनी शुरू कर दी थी। क्षेत्र का माहौल पूरी तरह चुनावों के रंग में रंगा नजर आने लगा है। सिरसा में इनेलो ने अपने उम्मीदवार की भी घोषणा कर दी जबकि हरियाणा लोकहित पार्टी की ओर से गोपाल कांडा की उम्मीदवारी तय है। वहीं कांग्रेस के नेता टिकट की बाट जोह रहे हैं लेकिन उससे पहले क्षेत्र में अपनी सक्रियता बनाए हुए हैं ताकि समय का लाभ उठाया जा सके। भाजपा, हजकां आदि दलों के उम्मीदवारों की अभी तक घोषणा नहीं हुई है लेकिन टिकटों के चाहवान नेता मैदान में उतरने से पहले वर्जिश करने में जुटे हैं।
पिछले कुछ दिनों से मौसम ने अचानक करवट बदली और राजनीतिक गलियारों से निकल कर नेता क्षेत्र के गलियारों में घर-द्वार के चक्कर लगाने लगे। इससे पहले सुनीता सेतिया व नवीन केडिया ही क्षेत्र के लोगों से डोर-टू-डोर संपर्क साधे हुए थे। लेकिन मौसम में ठंडक के बाद गोपाल कांडा के अनुज गोबिंद कांडा, इनेलो के उम्मीदवार मक्खन सिंगला आदि भी डोर-टू-डोर में जुट गए। 
जीत के लिए अहम है डोर-टू-डोर जनसंपर्क
चुनाव चाहे जो भी हों, यदि वे आम लोगों से जुड़े हैं तो उसमें डोर-टू-डोर जाकर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील महत्ती भूमिका रखती है। और सभी राजनीतिक दल इस बात से भली-भांति वाकिफ भी हैं। इसीलिए सेतिया परिवार ने सबसे पहले डोर-टू-डोर पर ही जोर दिया। कांग्रेस के नवीन केडिया ने भी अन्य प्रचार माध्यमों की बजाय डोर-टू-डोर पर ही अधिक ध्यान दिया। गोपाल कांडा विगत चुनावों की तरह रणनीति बनाकर जुटे हैं। इस बार उन्हें पूरे प्रदेश में चुनाव मैदान में उतरना है इसलिए उनके लिए रणनीति का महत्व अधिक है। पिछली बार गोपाल कांडा ने अन्य प्रचार माध्यमों व जनसभाओं से लोगों को लुभाया और उसके बाद अंतिम दिनों में घर-द्वार जाकर मतदान की अपील की। वे इस बार भी उसी रणनीति को आजमाने जा रहे हैं। हालांकि मौसम में ठंडक के साथ ही उनके अनुज ने क्षेत्र में उनके लिए डोर-टू-डोर जाना शुरू किया है लेकिन उनके स्वयं के मैदान में उतरने की अहमियत अलग है।
बीमार पड़े इनेलो उम्मीदवार
सूत्रों की मानें तो सिरसा का मौसम इनेलो उम्मीदवार को रास नहीं आ रहा है। पिछले दिनों पड़ी उमस वाली गर्मी ने इनेलो उम्मीदवार मक्खन सिंगला को परेशान किए रखा। एसी से निकलकर अचानक राजनीतिक गर्माइश में कूदना मक्खन सिंगला को रास नहीं आया और वे अपने शुरुआती प्रचार अभियान के दौरान दो बार बीमार पड़े। इस दौरान उन्होंने केवल जनसभाएं कीं और व्यक्तिगत की बजाय अन्य प्रचार माध्यमों पर अधिक जोर दिया। लेकिन जनसंपर्क की आवश्यकता को इनेलो भली-भांति समझती है इसलिए मौसम के ठंडा होते ही सिंगला ने घर-द्वार, दुकानों, प्रतिष्ठानों पर जाकर मतदान की अपील शुरू की है।

दो जगह फिर चोरी

सिरसा। व्यापारियों के प्रदर्शन के बावजूद भी चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात चोरों ने परशुराम चौक स्थित न्यू आरएसडी मार्केट में स्टार एलजी स्टूडियो को अपना निशाना बनाते हुए स्टूडियो से कम्प्यूटर, एलसीडी व कैमरा चोरी किए। दुकान संचालक को घटना का पता सुबह लगा। स्टूडियो संचालक अनिल निवासी गांव फूलकां ने बताया कि जब वह आज सुबह दुकान पर पहुंचा तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ था। उसने जब शटर उठाकर देखा तो स्टूडियो के अंदर रखा कम्प्यूटर, एलसीडी, कैमरा व अन्य सामान गायब था। अनिल ने इसकी सूचना शहर थाना पुलिस को दी। शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने भी जांच की। पुलिस ने स्टूडियो संचालक अनिल की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया है।
वहीं गत सायं सूरतगढिय़ा बाजार में नामधारी गुरुद्वारा के सामनेे मोटरसाइकिल चोरी हो गया। मोटरसाइकिल मालिक रमेश मनचंदा ने बताया कि वह किसी कार्य से सूरतगढिय़ा बाजार में आया था। वह किसान इलेक्ट्रिक की दुकान के बाहर अपना मोटरसाइकिल खड़ा कर अंदर चला गया। जब वह बाहर आया तो उसने देखा कि मोटरसाइकिल गायब था। रमेश ने बताया कि उसने इसकी शिकायत पुलिस को दे दी है।

भाजपा की पहली लिस्ट में सेतिया का नाम!

सिरसा। भाजपा के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में सिरसा सीट के नाम होने की भी चर्चा है। यहां से सुनीता सेतिया का नाम फाइनल माना जा रहा है।  इसके अलावा रानियां से जगदीश नेहरा का नाम होने की भी जानकारी मिली है। उल्लेखनीय है कि दोनों नेता हाल ही में कांग्रेस को अलविदा कहकर भाजपा में शामिल हुए थे।  उम्मीद यही जताई जा रही थी कि दोनों नेताओं ने अपनी-अपनी टिकट पक्की होने के बाद ही भाजपा में शामिल होने का मन बनाया था।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा ने प्रदेश की करीब एक तिहाई सीटों पर उम्मीदवारों का नाम फाइनल कर लिया है। पहली ही लिस्ट में सिरसा व रानियां के उम्मीदवारों की घोषणा भी हो सकती है। इनमें सिरसा से सुनीता सेतिया व रानियां से जगदीश नेहरा का नामों पर अंतिम मुहर लग चुकी है और यह लिस्ट जल्द ही जारी भी हो सकती है। 
आज दिल्ली में भाजपा की एक अहम बैठक बीजेपी के चुनाव प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में हुई है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में विधानसभा चुनावों के दौरान प्रदेश में प्रचार करने के तौर-तरीकों की रूप रेखा तैयार की गई। स्टार प्रचारकों के नाम व दौरे भी इस बैठक में तय होने की संभावना है। बैठक में प्रदेश के लगभग सभी भाजपा सांसद मौजूद थे।
हर दिन होने वाली उच्चस्तरीय बैठकों से जाहिर है कि बीजेपी चुनावों के लिए जी-जान से जुट चुकी है और आने वाले कुछ दिनों में उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी कर दी जाएगी। वहीं कांग्रेस ने भी इस सप्ताह में ही अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए जाने का दावा किया है।

नर्स से छेड़छाड़, फूंका पुतला

सिरसा।  प्रदेश में हर रोज महिलाओं के साथ हो रही छेडख़ानी की घटनाओं को लेकर आज नागरिक अधिकार मंच सिरसा एवं विभिन्न जनसंगठनों के कार्यकर्ता शहीद भगत सिंह पार्क में एकत्रित हुए। सभा को सम्बोधित करते हुए मंच के नेता टोनी सागू ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ एवं रेप की घटनाओं में निरन्तर वृद्धि हो रही है और सरकार इन घटनाओं को रोकने में विफल रही है जिससे अपराधियों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों रंधावा प्राईमरी हेल्थ सैन्टर में नर्स के साथ डाक्टर द्वारा छेड़छाड़ की घटना बेहद दुखद है। पीडि़त नर्स द्वारा एफ.आई.आर. दर्ज करवाने के बावजूद प्रशासन द्वारा आरोपी डाक्टर को आज तक गिरफ्तार नहीं किया गया है जिससे सरकार एवं प्रशासन की नीयत पर सवाल खड़े होते हैं कि वह महिलाओं की सुरक्षा के प्रति कितनी गम्भीर है? जनसंगठनों के नेताओं ने अपने सम्बोधन में मांग की कि सभी सरकारी महकमों में महिला सुरक्षा कमेटियों का गठन किया जाए। इसके बाद उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने बाजार में रोष प्रदर्शन करते हुए सुभाष चौक पर पुतला फंूका। इसके बाद एक प्रतिनिधि मण्डल ने जिला उपायुक्त को मांग-पत्र सौंप। इस प्रदर्शन में चैना सिंह नागोकी, किसान नेता राजकुमार शेखुपुरिया, रूस्तम सैनी, सीटू नेता राजेन्द्र फतेहपुरिया, व्यापारी एसोसिएशन की ओर से पूर्ण खुराना, निर्मल, संतोष, प्रीत कौर, जसवीर कौर, गुरमेल कौर, महेन्द्र सिंह, सुखवीर सिंह, हरमेल सिंह, हरभजन सिंह, गुरदीप सिंह, गुरमीत सिंह, जोत सिंह, भजन सिंह, गुरदीप सिंह, धवन, हरजिन्द्र सिंह, हरप्रीत सिंह, नछत्र कौर, पिंकी सहित सैंकड़ों लोग उपस्थित थे।

छात्राओं की समस्या, उपायुक्त ने बनाई कमेटी

सिरसा। राजकीय नेशनल महाविद्यालय महिला विंग की छात्राओं का एक शिष्ट मंडल अपनी समस्याओं को लेकर उपायुक्त डा. अशज ङ्क्षसह से उपायुक्त केंप कार्यालय में मिला। छात्राओं ने उपायुक्त के सम्मुख अपनी समस्याएं रखी। उपायुक्त डा. ङ्क्षसह ने इस पर तुरन्त कार्यवाही करते हुए एसडीएम परमजीत सिंह चहल की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया। जिनमें प्राचार्य राजकीय नेशनल महाविद्यालय सिरसा, जिला शिक्षा अधिकारी, कार्याकारी अभियंता पंचायती राज तथा पांच छात्राओं का प्रतिनिधि मंडल शामिल किये गए हैं। उपायुक्त ने कमेटी को निर्देश दिये की विद्यार्थियों के साथ बैठक कर तीन दिन के अन्दर-अन्दर पूर्ण रूप से जांच पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट दें।

पुलिस ने किया लाठीचार्ज

डीसी आवास पर अलग से कॉलेज बनाने की मांग कर रही थी छात्राएं 

पुलिस ने एआईएसएफ के नेता रोशन सुचान, एवीबीपी के नेता राजेश कुमार व उसके अनेक साथियों को हिरासत में लिया 
सिरसा। नेशनल कॉलेज की गर्ल्ज विंग के नए भवन निर्माण व महिला विंग में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर आज छात्राओं ने सिरसा के उपायुक्त आवास का घेराव किया जहां पुलिस ने लाठीजार्च किया। उपायुक्त ने छात्राओं कोसमझाने का प्रयास किया लेकिन छात्राओं ने उनकी न मानी थकहार कर पुलिस ने भीड को तीतर बीतर करने के लिए छात्राओं पर लाठीचार्ज किया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अनेक छात्र संगठन के सदस्यों को हिरासत में भी ले लिया है।

            पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदर्शनकारी छात्राओं ने बताया कि वे अपने कॉलेज की मांग को लेकर उपायुक्त आवास के बाहर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रही थी कि तभी पुलिस ने उनपर लाठीचार्ज कर दिया। उनकी कहा कि सरकार उनके कॉलेज की मांग को पूरा करें। छात्राओं का कहना था कि गर्ल्ज विंग में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जा रही हैं। ईमारत टूटी-फूटी है, पेयजल की भी व्यवस्था नहीं है। मौत के साय में उन्हें पढ़ाई करने को मजबूर होना पड़ रहा है। नई ईमारत के लिए सरकार ने हालांकि पैसा जारी कर दिया है लेकिन प्रशासन के ढुलमुल रवैये के कारण कार्य शुरू नहीं हो रहा है।
            आपको बता दें कि महिला विंग की छात्राओं ने कल भी महिला विंग को ताला जड़ दिया था और नेशनल हाइवे 9 पर लालबत्ती चौक के निकट जाम लगा दिया। करीब चार घंटे तक जाम लगाया और मुख्यमंत्री और कालेज प्राचार्य का पुतला फूंका। काफी समय से छात्राएं महिला विंग के लिए सरकार से मांग भी कर रही है हालांकि मुख्यमंत्री भूपेद्र सिंह हुडडा ने उनकी मांग को ध्यान में रखते हुए करीब एक साल पहले अलग से कॉलेज बनाने का आश्वासन भी दिया था लेकिन अभी तक सरकार ने सिरसा की छात्राओं से किया वादा पूरा नहीं किया। 

Wednesday, 3 September 2014

राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर साढ़े तीन घंटे जाम

महिला विंग को भी जड़ा ताला
फीस बढ़ौतरी व महिला विंग के निर्माण को लेकर लगा जाम
कालेज की छात्राओं व एबीवीपी सदस्यों ने चौराहे को किया सील
घेरा लगाकर रोकी वाहनों की आवाजाही

सिरसा। नेशनल कॉलेज की गल्र्ज विंग में मूलभूत सुविधाओं को लेकर आज छात्राओं का गुस्सा राष्ट्रीय राजमार्ग पर फूटा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले सैंकड़ों छात्राओं ने आज टाउन पार्क के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। चौक  पर बैठे विद्यार्थियों ने चारों ओर का मार्ग अवरुद्ध कर दिया। जाम के कारण चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।  करीब साढे तीन घंटे बाद भी जाम नहीं खुला। मौके पर एसडीएम, तहसीलदार भी पहुंचे लेकिन छात्राएं कॉलेज प्रिंसिपल और उपायुक्त को मौके पर बुलाने की बात पर अड़ी रहीं। जब करीब साढे तीन घंटे बाद भी इनमें से कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा  तो छात्राओं ने जाम खोकर बस स्टेंड की ओर कूच कर दिया। यहां छात्राओं द्वारा नेशनल कॉलेज के समक्ष कॉलेज प्रशासन व मुख्यमंत्री का पुतला फूंका गया। 
आज सुबह करीब साढे 10 बजे नेशनल कॉलेज के गल्र्ज विंग की छात्राएं मूलभूत सुविधाओं की दुहाई देते हुए सड़क पर उतर गईं। छात्राओं का साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने दिया। छात्राओं ने कक्षाओं का बहिष्कार किया और गल्र्ज विंग से प्रदर्शन करती हुईं टाउन पार्क के निकट लाल बत्ती चौक पर पहुंचीं। यहां छात्राओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया और चारों ओर से रास्ता बंद कर दिया। छात्राओं का कहना था कि गल्र्ज विंग के नए भवन का निर्माण किया जाए। वे भय के साए में हैं। जर्जर भवन में कक्षाएं लगाते समय उनकी जान पर बनी रहती है। इसके अलावा कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की भी कमी है। पीने का पानी तक नहीं है। अगर है तो वह स्वच्छ नहीं होता। इस बाबत कॉलेज प्राचार्या सुमन  गुलाब से कई बार गुहार लगा चुकी हैं लेकिन उनका रवैया संतोषजनक नहीं रहा।
जाम की सूचना मिलने पर एसडीएम व तहसीलदार मौके पर पहुंचे लेकिन छात्राओं ने उनकी एक न सुनी। वे कॉलेज प्राचार्या सुमन गुलाब और उपायुक्त अंशज सिंह को मौके पर बुलाने की बात पर अड़ी रहीं। छात्राओं का कहना था कि जब तक उपायुक्त द्वारा उन्हें एक निर्धारित समय में नए भवन निर्माण और प्राचार्या द्वारा मूलभूत सुविधाओं बाबत आश्वस्त नहीं किया जाता, तब तक वे यहां से हिलने वाली नहीं हैं। छात्राओं ने करीब 11 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग जाम किया। अढाई बजे तक मान-मनौव्वल चलता रहा लेकिन जाम नहीं खुल पाया था। छात्राएं लगातार प्राचार्या व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रही थीं। इसके बाद भी जब प्राचार्या व उपायुक्त मौके पर नहीं पहुंचे तो छात्राओं ने जाम खोलकर मुख्य बस अड्डा की ओर कूच किया और कॉलेज के समक्ष प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका।

मोबाइल रिटेलर एसोसिएशन ने किया शहर थाना का घेराव
बढ़ती चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए थाना में दिया धरना
पुलिस पर चोरों से मिलीभगत का जड़ा आरोप

सिरसा। द सिरसा मोबाइल रिटेलर एसोसिएशन ने आज शहर में प्रदर्शन  किया और शहर थाना का घेराव किया। शहर में हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर एसोसिएशन के बैनर तले अनेक मोबाइल रिटेलर तथा अन्य व्यापारी शहर थाना के समक्ष धरने पर बैठ गए। धरनारत व्यापारियों ने नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन को जमकर कोसा। 
आज सुबह द सिरसा मोबाइल रिटेलर एसोसिएशन के बैनर तले सैंकड़ों की संख्या में व्यापारी सदर बाजार में एकत्रित हुए। यहां से प्रदर्शन करते हुए व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मार्च निकाला। व्यापारियों ने शहर थाना के समक्ष पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की और थाने का घेराव कर लिया। एसोसिएशन के प्रधान पंकज कामरा ने कहा कि पिछले कई दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं लेकिन पुलिस प्रशासन कुंभकरणी नींद सोए हुए है। उन्होंने कहा कि अभी तक एक भी चोरी की घटना ट्रेस नहीं हो पाई है। पिछले दिनों सत्यम मोबाइल के संचालक रितेश के साथ साढ़े 4 लाख रुपए की लूट हुई थी और भादरा बाजार में स्वर्णकार की दुकान में गन प्वाइंट पर लूट हुई थी। इन घटनाओं से आकोर्षित व्यापारियों ने शहर में प्रदर्शन कर थाने के सामने धरना प्रदर्शन किया था। इस दौरान सीआईए प्रभारी अरुण बिश्नोई, डीएसपी किशोरीलाल व सिटी थाना प्रभारी सहित  पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त किया था। पुलिस अधिकारियों ने कहा था कि व्यापारियों की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी और शहर में आठ पीसीआर तैनात करके हर चौक पर दो पुलिस कर्मी लगाकर ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जाएगा। कामरा ने कहा कि इसके बावजूद घटनाएं नहीं रुक रही है और व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों के प्रदर्शन के चलते शहर थाना में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

बेनीवाल ने दिखाया दम, इनेलो पर जमकर बरसे

सिरसा। इनेलो छोड़कर भाजपा में शामिल हुए जिला पार्षद व पूर्व राज्य सभा सांसद के भतीजे पवन बैनीवाल ने आज चोपटा से ऐलनाबाद तक रोड शो निकालकर अपनी राजनीतिक ताकत का अहसास करवाया। बैनीवाल सुबह चोपटा की अनाज मंडी में अपने समर्थकों से रूबरू हुए। इस मौके पर हरियाणावी गायक कर्मबीर फौजी ने रागनियां गाकर समा बांधा। 
बैनीवाल करीब साढ़े 11 बजे चोपटा से ऐलनाबाद के लिए रवाना हुए। समर्थकों ने पवन बैनीवाल जिंदाबाद के नारे लगाते हुए वंदे मातरम व भाजपा पार्टी के नारे लगाऐ।
ये बोले पवन बैनीवाल
ऐलनाबाद अनाज मंडी में रवाना होने से पूर्व पवन बैनीवाल ने कहा कि जिस तरह से पूरे प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल बना हुआ है, उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि इस बार प्रदेश में भाजपा अपने दम पर सरकार बनाएगी। ऐलनाबाद सीट से अपनी दावेदारी पेश करते हुए कहा कि यदि पार्टी ने उन्हें सीट से उम्मीदवार बनाया तो वे विकास के मायने बदल देंगे। प्रत्येक कार्यकत्र्ता के काम होंगे और वे हर समय कार्यकर्ताओं के बीच रहकर उनकी सेवा करेंगे। 
इनेला नेे नहीं किया किसी का भला
पवन बैनीवाल ने कहा कि इनेलो पार्टी किसी का भला नहीं कर सकती है। इनेलो व कांग्रेस पार्टी ने वोट की राजनीति की है। अगर विकास की राजनीति करती तो पार्टी का ये हाल नहीं होता। उन्होंने कहा कि इनेलो में पार्टी कार्यकर्ता का कोई मान सम्मान नहीं किया जाता है। जिसके कारण ही पार्टी के अनेक बड़े नेता छोड़कर भाजपा में शमिल हुए हैं। उन्होंने आह्वान किया कि इस बार कमल के फूल पर मोहर लगाकर ऐलनाबाद के विकास में अपना योगदान दें। इस पिछड़े क्षेत्र में विकास की नई दिशा देने का कार्य भाजपा करेगी। इसके उपरांत ऐलनाबाद की अनाज मंडी में आयोजित सभा को भाजपा के कई दिग्गज नेताओं ने संबोधित किया।

Tuesday, 2 September 2014

पैठ दिखाने में जुटा सेतिया परिवार

राष्ट्रीय नेताओं को किया जा रहा आमंत्रित
दावेदारों के बीच दबदबा दिखाने की होड़

सिरसा। सिरसा नरेश लछमण दास अरोड़ा की राजनीतिक वारिस भाजपा में अपनी पैठ बनाने का कोई मौका चूकने नहीं दे रही हैं। कोई भी बड़ा नेता सिरसा आता है तो उसे आमंत्रित कर क्षेत्र में अपना दबदबा दिखाने की पुरजोर कोशिश की जा रही है। गत दिवस मध्य प्रदेश के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री विजय शाह को भी सुनीता सेतिया ने अपने आवास पर आमंत्रित किया। खास बात यह कि उनका निमंत्रण सहज स्वीकार कर लिया गया। 
सिरसा क्षेत्र में लछमण दास अरोड़ा की राजनीतिक वारिस होने के कारण सेतिया की पैठ को नकारा नहीं जा सकता। सेतिया अपने बाऊ जी द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करके ही फिलहाल मैदान में हैं। देखा जाए तो सेतिया परिवार की राजनीति स्व. लछमण  दास अरोड़ा के सिरसा को दिए गए योगदान पर ही फिलहाल तो टिकी है। ऐसे में सेतिया परिवार भी लोगों को अरोड़ा द्वारा क्षेत्र की जनता पर किए गए अहसान जताने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है। 
क्षेत्र में सुनीता सेतिया के काफी 'पैट वोटÓ हैं। इस कारण क्षेत्र में वे राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करने का माद्दा तो रखती ही हैं। लेकिन भाजपा नेतृत्व को इस बात का अहसास करवाना भी वे नहीं भूलतीं कि वे एक खास मकसद के लिए भाजपा में आई हैं और इस कार्य में उनकी मदद भाजपा के वरिष्ठ नेता गणेशीलाल दिलोजान से कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि गणेशीलाल ही सेतिया को भाजपा में लाने की कड़ी बने थे।   वे जानते थे कि भाजपा के पास हालिया राजनीतिक हालातों के हिसाब से सिरसा में सभी पांचों सीटों पर कोई भी सशक्त उम्मीदवार नहीं है।  उनकी मध्यस्थता के कारण ही क्षेत्र में भाजपा को सुनीता सेतिया के रूप में चर्चित व जनबल से लैस चेहरा मिला।
चूंकि भाजपा में भी टिकट के दावेदार काफी बढ़ गए हैं और भाजपा की विजय संकल्प यात्रा के दौरान कैप्टन अभिमन्यु के समक्ष सेतिया के शक्ति प्रदर्शन के बाद सभी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ऐसे में एक-एक कर सभी दावेदार राष्ट्रीय नेताओं को आमंत्रित कर अपना दबदबा दिखाने की कोशिश में जुट गए हैं चाहे वह दयानंद शर्मा का विजय संकल्प सम्मेलन हो या फिर विजय शाह का समारोह।
लेकिन सुनीता सेतिया राजनीति की मंझी हुई खिलाड़ी के रूप में अपने पैंतरे चल रही हैं।  सभी वरिष्ठ नेताओं को लुभाने का कार्य वे बाखूबी कर रही हैं ताकि उनकी राह में रोड़ा बनने वालों को राष्ट्रीय नेतृत्व खुद-ब-खुद निपट ले। सेतिया के साथ गणेशीलाल का होना उनके लिए बड़ा सहारा है। 

कहीं महंगा न पड़ जाए दलबदल

सिरसा। भाजपा में टिकट की चाह को लेकर जिस तरह शामिल होने वालों की बाढ़ आ रही है, उससे लगता है कि आने वाले दिनों में भाजपा की मुश्किलें भी बढऩे वाली हैं। पिछले एक लंबे अरसे से भाजपा खासतौर पर हरियाणा में निष्क्रिय भूमिका में ही रही है। इनेलो व कांग्रेस के अलावा कोई दल अपना सक्रिय संगठन प्रदेश में नहीं खड़ा कर पाया। यही वजह रही कि लोकसभा चुनावों में 'मोदी लहरÓ दिखने के बाद भाजपा ने हरियाणा में भी अपने संगठन की सुध लेनी शुरू की। लोकसभा चुनावों में मोदी लहर के साथ ही भाजपा को चर्चित चेहरों की भी जरूरत रही। ऐसे में कांग्रेस से बागी होकर आए काफी चेहरे मोदी लहर में बह निकले और प्रदेश में भाजपा का शानदार प्रदर्शन रहा। 
इसी से भाजपा खासी उत्साहित है और विधानसभा में भी जीत के सपने देख रही है। दावा है कि भाजपा प्रदेश में अकेली अपने दम पर सरकार बनाएगी। अति उत्साह में पिछले तीन सालों से चल रहा हजकां के साथ गठबंधन भी तोड़ दिया गया। लेकिन लोकसभा व विधानसभा की परिस्थितियां काफी अलग हैं। पिछले काफी समय से निष्क्रिय होने के कारण भाजपा के पास विधानसभा के लिए न तो इतना सशक्त संगठन फिलहाल नजर आ रहा है और न ही चर्चित चेहरे। चेहरे तो भाजपा ला रही है लेकिन मुश्किलें कम नहीं हैं। प्रदेश में कई स्थानों पर पिछले लंबे समय से भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करने शुरू कर दिए हैं। उनका कहना है कि यदि बाहर से दल बदल कर आए लोगों को उम्मीदवारी दी जाती है तो वे विरोध करेंगे और यहां तक कि भाजपा को हराने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। ऐसे में अब भाजपा की मुश्किलें आने वाले दिनों में बढऩे की आशंका है। देखना यह होगा कि भाजपा इस परिस्थिति से कैसे निपटती है।

कमेटी की स्वीकृति के बाद लगेंगे विज्ञापन

सिरसा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव-2014 के दौरान स्थानीय केबल नेटवर्क से संबंधित न्यूज चैनलों, समाचार पत्र, प्रिंट मीडिया, इलैक्ट्रोनिक मीडिया, केबल नेटवर्क, इंटरनेट, मोबाइल नेटवर्क आदि को राजनीतिक दलों से जुड़े विज्ञापन प्रसारित करने से पहले एमसीएमसी कमेटी से स्वीकृति लेनी पड़ेगी। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पेड न्यूज और राजनीतिक दलों की ओर से दिए जाने वाले विज्ञापनों पर चुनाव आयोग की कड़ी नजर है। उन्होंने यह बात आज कार्यालय में केबल नेटवर्क से जुड़े केबल ऑप्रेटरों की एक बैठक के दौरान कही।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन विभाग की ओर से जिला में ऐसी गतिविधियों पर निगरानी के लिए मीडिया प्रमाणीकरण एवं निगरानी कमेटी (एमसीएमसी)का गठन किया गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पेड न्यूज और विज्ञापन से जुड़े मामलों को लेकर जिला स्तर पर कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कमेटी पेड न्यूज, विज्ञापन और सोशल मीडिया पर अपडेट होने वाले तथ्यों की निगरानी करेगी। उन्होंने केबल ऑप्रेटरो से कहा कि वे विज्ञापनों की संख्या और प्रत्येक विज्ञापन की प्रस्तावित दर के विवरण सहित जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में भिजवाए।

मोबाइल विक्रेता करेंगे प्रदर्शन

सिरसा। द सिरसा मोबाइल रिटेलर एसोसिएशन ने शहर में हो रही चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है। एसोसिएशन के प्रधान पंकज कामरा की अध्यक्षता में नेहरु पार्क में आयोजित बैठक में इन घटनाओं पर चर्चा करते हुए कहा गया कि पिछले कई दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं लेकिन पुलिस प्रशासन कुंभकरणी नींद सोए हुए है। उन्होंने कहा कि अभी तक एक भी चोरी की घटना ट्रेस नहीं हो पाई है। पिछले दिनों सत्यम मोबाइल के संचालक रितेश के साथ साढ़े 4 लाख रुपए की लूट हुई थी और भादरा बाजार में स्वर्णकार की दुकान में गन प्वाइंट पर लूट हुई थी। इन घटनाओं से आकोर्षित व्यापारियों ने शहर में प्रदर्शन कर थाने के सामने धरना प्रदर्शन किया था। इस दौरान सीआईए प्रभारी अरुण बिश्नोई, डीएसपी किशोरीलाल व सिटी थाना प्रभारी सहित  पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त किया था। पुलिस अधिकारियों ने कहा था कि व्यापारियों की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी और शहर में आठ पीसीआर तैनात करके हर चौक पर दो पुलिस कर्मी लगाकर ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जाएगा। कामरा ने कहा कि इसके बावजूद घटनाएं नहीं रुक रही है और व्यापारियों में रोष है इसलिए तीन सितंबर को सुबह साढ़े दस बजे सभी मोबाइल रिटेलर व अन्य व्यापारी सदर बाजार में इक_ा होंगे तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ मार्च निकालेंगे। इसके बाद सिटी थाना के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

25 गौशालाओं को मिले एक-एक लाख के चैक

सिरसा। हरियाणा गौशाला संघ की ओर से आज आर्य समाज मंदिर परिसर में मासिक बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र जांदू ने की जबकि प्रदेशाध्यक्ष आचार्य योगेंद्र आर्य विशेष रूप से उपस्थित हुए। यह जानकारी देते हुए संघ के जिला कार्यकारी अध्यक्ष एवं पार्षद रमेश मेहता ने बताया कि बैठक में गौ सेवा आयोग की ओर से जिला की गौशालाओं को आर्थिक रूप से संपन्न करने के लिए 25 लाख रुपए की अनुदान राशि गौ सेवा आयोग द्वारा जारी की गई है जिसके तहत 25 गौशालाओं को एक-एक लाख रुपए के चेक दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जो गौशालाएं शेष रह गई हैं, उन्हें संघ की अगले माह होने वाली बैठक में दे दी जाएगी। उन्होंने बताया कि संघ की अगली मासिक बैठक गांव गंगा स्थित गौशाला में होगी। रमेश मेहता ने बताया कि पूरे प्रदेश में गौ सेवा आयोग में 98 गौशालाएं रजिस्ट्रड है जिनमें अकेले सिरसा से 54 गौशालाएं शामिल हैं। मेहता ने बताया कि गौ सेवा आयोग का मुख्य मकसद प्रदेश की सभी गौशालाओं को आर्थिक रूप से संपन्न बनाना है। इस मौके पर संघ के  अनेक सदस्य व पदाधिकारी मौजूद थे।

सीडीएलयू में नॉन टीचिंग स्टाफ का प्रदर्शन

सिरसा। पिछले लंबे समय से नई भर्तियों को मांग को लेकर सीडीएलयू में नॉन टीचिंग स्टाफ हड़ताल पर है। आज भी हड़ताली कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और मांग की कि यथाशीघ्र नई भर्तियां की जानी चाहिएं।

बेसुध मिली लड़की

सिरसा। बेगू रोड स्थित पेपर मिल के नजदीक करीब 20 वर्षीय एक लड़की बेसुध हालत में मिली है। ऑटो रिक्शा चालक बलवंत ने उसे सामान्य में भर्ती करवाया। समाचार लिखे जाने तक लड़की पहचान नहीं हो पाई और न ही उसे होश आया।

Monday, 1 September 2014

हरियाणा में भी बनेगी भाजपा की सरकार:शाह

सिरसा। भाजपा नेता एवं मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह ने कहा कि देशभर में आज मोदी लहर चल रही है, जोकि हरियाणा प्रदेश में भी देखने को मिल रही है। मौजूदा सरकार ने प्रदेश को इस तरह बर्बाद कर दिया है कि अब जनता चुनाव में इस सरकार को सबक सिखाने का मन बना चुकी हैै। केंद्र सरकार की तर्ज पर जनता अब हरियाणा में भी भाजपा की सरकार चाहती है। 
वे भाजपा नगर मंडल की ओर से डबवाली रोड स्थित एक मैरिज पैलेस में आयोजित विधानसभा बूथ समिति सम्मेलन में उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। शाह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जनता के अंदर एक सोच बन चुकी है कि प्रदेश में भाजपा की ही सरकार लानी है। सरकार बनाने के लिए जरूरी है कि कार्यकर्ता लोगों का दिल जीते, जनता की सेवा करें ताकि जनता दिल से वोट करें। भाजपा ने पहले भी 50 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण दिया है, जिसके चलते भी लोग भाजपा की सरकार बनाना चाहते है। एक सवाल के जवाब में शाह ने कहा कि केंद्र में मोदी की सरकार बनी है, धीरे-धीरे विकास भी होंगे और लोगों को जो सपना दिखाया गया था, उसकी शुरूआत बैंक की जनधन योजना से शुरू हो चुकी है। प्रो.गणेशी लाल ने कहा कि भाजपा ने 90 विधानसभाओं में बूथ सम्मेलन का आयोजन शुरू कर दिया है, जिसमें भाजपा के बड़े-बड़े मंत्री शिरकत कर रहे है। यह सम्मेलन एक माह तक चलेगा, जिसमें खासतौर कार्यकर्ता हरसंभव योगदान दे रहे है। इस सम्मेलन का लक्ष्य पूरे हरियाणा को कांग्रेस मुक्त व भाजपा युक्त बनाना है। हाल ही में भाजपा की विजय संकल्प यात्रा संपन्न हुई है, जोकि ऐतिहासिक रही है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अमीर चंद मेहता, नगर प्रधान सतपाल मेहता, प्रभारी ओम प्रकाश, राहुल सेतिया, जगदीश चौपड़ा, राजेश बजाज, सुनीता सेतिया, रोहताश जांगड़ा, प्रदीप रातूसरिया, डॉ.वेद बैनीवाल, श्याम बजाज, प्रो.दयानंद शर्मा, अमर सिंह गोटिया, लखविंद्र कौर, राजकुमार सिंघानिया, जसविंद्र पाल पिंकी, आशा जैन आदि मौजूद थे।

होॄडग्स, बैनर, जनसभा व हैलीपैड के लिए स्थान निर्धारित

सिरसा। हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2014 में 46- ऐलनाबाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में राजनैतिक दलों द्वारा की जाने वाली रैली, होॄडग्स, पोस्टर, बैनर तथा हैलीपैड के लिए स्थान निर्धारित किए गए है। रिट्रङ्क्षनग अधिकारी एवं एसडीएम धीरेंद्र कुमार ने बताया कि राजैनतिक पाॢटयों को जनसभा करने के लिए थाना रोड स्थित रामलीला ग्राऊंड एवं नई अनाजमंडी व अतिरिक्त अनाजमंडी निर्धारित की गई है जबकि हाॄडग्स, बैनर व पोस्टर का साइज 5 गुणा 4 फिट रखा गया है और शहर में इनके लगाने का स्थान बस स्टैंड, ममेरां रोड पशु हस्पताल के साथ, देवीलाल पार्क, वाटर बक्स रेलवे रोड तथा वाल्मिकी चौक इसी प्रकार हैलीपेड के लिए बाइपास रोड स्थित नचिकेतन स्कूल का खुला मैदान निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले 75 अन्य गांवों मेें होॄडग्स, बैनर व जनसभा आदि के लिए स्थानों की सूची भी जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इसकी एक प्रति नगरपालिका को भेजकर होॄडग्स, बैनर आदि के लिए निर्धारित की गई फीस पालिका के कार्यालय के लिपिक भगवती प्रसाद की ड्यूटी एकल खिड़की पर लगाई गई है।

डीएमसी न मिलने पर विद्यार्थियों ने किया प्रदर्शन

सिरसा। चौ. देवीालाल विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सिरसा व फतेहाबाद के कालेजों में विभिन्न स्ट्रीम में पढऩे द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने डीएमसी न मिलने पर सोमवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों का एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग दिया। 
प्रदर्शनकारियों ने कुलपति राधेश्याम शर्मा के समक्ष समस्या रखी और चेतावनी दी कि यदि जल्द डीएमसी जारी नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे। एबीवीपी के पदाधिकारी सुमित, अंकुर, अमरीक, कमलेश, साक्षी, स्वाती, हरप्रीत, ओमप्रकाश आदि ने बताया कि सीडीएलयू द्वारा द्वितीय वर्ष का रिजल्ट तो काफी समय पहले घोषित कर दिया था लेकिन अभी तक डीएमसी जारी नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि अनेक विद्यार्थियों की परीक्षा में री-अपियर आई है जिसके फार्म भरने की अंतिम तिथि पांच सितंबर है। उन्होंने कहा कि विवि का नॉन टीचिंग स्टाफ काफी समय से हड़ताल पर है तथा कोई काम नहीं कर रहा, जिस कारण सिरसा, डबवाली, फतेहाबाद आदि के महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को डीएमसी जारी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि जब कॉलेज प्रशासन से बात की जाती है तो वे विवि  जाकर बात करने को कहते हैं और जब विवि प्रशासन से बात करते हैं तो वे कॉलेज प्रशासन से बात करने को कहकर भेज देते हैं। उन्होंने वीसी से शीघ्र से शीघ्र डीएमसी जारी करने तथा री-अपियर की अंतिम तिथि आगे बढ़ाने की मांग की।

लापता युवती का शव नहर से बरामद

दो दिन से थी लापता
सिरसा। नाथुसरी चौपटा थाना क्षेत्र के गांव पीली मंदोरी निवासी एक युवती का शव सोमवार सुबह नोहर फीडर से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। 
जानकारी के अनुसार गांव पीली मंदोरी निवासी मोनिका (21) पुत्री दलीप सिंह बीकॉम की छात्रा थी। मोनिका के परिजनों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थी। शनिवार शाम को वह घर से गायब थी, तब से उसकी तलाश कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि मोनिका की गुमशुदगी की शिकायत नाथुसरी चौपटा थाना में दर्ज करवाई थी। रविवार शाम को ग्रामीण ने एक युवती को नहर में गिरते देखकर शोर मचाया। मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। सिंचाई विभाग को सूचित कर नहर को बंद करवाया और उसकी तलाश शुरु की। सोमवार सुबह युवती का शव गांव लुदेसर के समीप नोहर फीडर से बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती के शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयानों के आधार पर सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर  परिजनों को सौंप दिया। 

मजदूर छत से गिरा, गंभीर

सिरसा। रविवार रात को रोड़ी बाजार एकता चौक के समीप मकान में किराये पर रहने वाला मजदूर छत से गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां से उसे रोहतक रैफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार मूलरुप से बिहार के जिला मोतीहारी निवासी  नसीम पिछले काफी समय से सिरसा में रहकर मजदूरी कर जीवन यापन करता था। नसीम रोड़ी बाजार स्थित एकता चौक के समीप एक मकान में कमरा किराये पर लेकर रहता था। बताया गया कि रविवार रात को नसीम कमरे की छत पर सोया हुआ था कि रात को अचानक नींद में छत से नीचे आ गिरा। छत से गिरने की आवाज सुनकर उसके साथी उठे और उसे उपचार के लिए अस्पताल में लेकर गए। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक रैफर कर दिया गया। 

रेत खनन करने पर चार गिरफ्तार, दो ट्रेक्टर जब्त

सिरसा। सदर थाना पुलिस ने घग्घर नदी से अवैध रेत खनन के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ट्रेक्टर भी जब्त किए है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अवैध खनन का मामला दर्ज किया है। 
जानकारी के अनुसार घग्घर नदी में गांव फरवाई के समीप रेत का खनन किया जा रहा था। जिला खनन निरीक्षक महाबीर सिंह ने इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और चार लोगों को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो ट्रेक्टर भी जब्त किए। आरोपियों की पहचान गांव फरवाई निवासी नरेश कुमार पुत्र शंकरलाल, महेंद्र व दलीप पुत्रगण हरिराम व गांव फतेहपुरिया निवासी कालूराम पुत्र भूप सिंह के रूप में की गई है। पुलिस ने जिला खनन निरीक्षक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

सड़क किनारे से वृद्धा का शव बरामद

सिरसा। सदर थाना पुलिस ने गांव मोरीवाला के समीप से एक वृद्धा का शव बरामद किया है। मृतका की आयु 60-65 वर्ष के करीब बताई जाती है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल पहुंचाया है। शव को पहचान के लिए मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस ने इस बारे में आसपास के ग्रामीणों से शव की शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई है।