BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Thursday, 17 April 2014

किशोरी बरामद, खरीद-बेच करने वाला काबू

सिरसा। लड़कियों की खरीद-फरोख्त मामले में सदर थाना पुलिस ने गांव बेगू निवासी विष्णु व उसकी सहयोगी महिला को काबू किया है। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने गांव दड़बा में बेची गई किशोरी लक्ष्मी को कल सायं ही बरामद कर लिया था। मैजिस्ट्रेट के समक्ष लक्ष्मी के बयान दर्ज करवाने के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में एक अन्य बेची गई किशोरी निशा का अभी कोई सुराग नहीं लगा है।

बबली हत्याकांड : आरोपी जेठ गिरफ्तार

सिरसा। पुलिस ने गांव चत्तरगढ़पट्टी के पूर्व सरपंच की पत्नी की हत्या मामले में उसके जेठ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। उल्लेखनीय है कि चत्तरगढ़पट्टी के सरपंच जसबीर सिंह की हत्या मामले में पैरोल पर आई उसकी पत्नी निर्मला उर्फ बबली की 10 अप्रेल की शाम तेजधार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप उसके जेठ सतबीर पुत्र पाला राम व उसके पुत्र विक्रम उर्फ विक्की व एक अन्य ओमप्रकाश मेहता पर लगा था। आरोपियों के खिलाफ हुड्डा चौकी में भादंसं की धारा 302, 459, 34 व 120 बी के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। आज पुलिस ने मुख्य आरोपी मृतका के जेठ सतबीर पुत्र पालाराम को काबू कर लिया।

अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठा छात्र

सिरसा। सीडीएलयू प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आज विधि विभाग का एक छात्र भूख हड़ताल पर बैठ गया। आरोप है कि स्वास्थ्य कारणों के चलते वह कुछ दिन कक्षाएं नहीं लगा पाया जिस कारण उसका नाम काट दिया गया। बाकायदा इसके लिए उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और न्यायालय ने भी सीडीएलयू प्रशासन को नाम वापिस लिखे जाने के आदेश दिए। बावजूद इसके अभी तक विभाग द्वारा उसकी नहीं सुनी गई है। परेशान होकर छात्र आज अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गया। अनशन पर बैठे विकास ने बताया कि वह सीडीएलयू में बीएएलएलबी का छात्र है। विवि ने 26 सितंबर 2013 को उसका नाम काट दिया। उसने बताया कि बीमारी की वजह से वह कालेज में कक्षाएं नहीं लगा पाया था। उसने अपना मेडिकल भी दिया। बावजूद इसके उसका नाम काट दिया गया। उसने बताया कि सीडीएलयू द्वारा अनेक छात्रों को पुन: प्रवेश दिया है, जिनके नाम काट दिए गए थे। इन छात्रों के मेडिकल को स्वीकार कर लिया गया और उसके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। लॉ डिपार्टमेंट उसके साथ भेदभाव कर रहा है। उसने बताया कि वह दिसंबर में नौंवे सेमेस्टर की परीक्षा नहीं दे पाया। इसी के चलते उसने सिरसा अदालत में वाद दायर किया। न्यायालय ने उसके पक्ष में फैसला सुनाया और सीडीएलयू प्रशासन को नाम दर्ज करने के आदेश दिए। करीब डेढ़ माह का समय बीत जाने के बाद भी उसका नाम पुन: नहीं लिखा गया। इसी के चलते आज से उसने एडमिशन की बहाली न होने तक भूख हड़ताल पर रहने का ऐलान किया।

Wednesday, 16 April 2014

सिरसा में बिक रहीं लड़कियां


दुर्घटना में युवक व वृद्धा की मौत

सिरसा। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दस पर गांव खैरेकां स्थित हनुमान मंदिर के निकट इनोवा की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार एक युवक व वृद्धा की मौत हो गई। हादसे के बाद इनोवा सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के कस्बा नोहर के गांव चक्काआरपीएन निवासी राकेश पुत्र लालचंद अपने मित्र की मां लक्ष्मी पत्नी देवीलाल को उपचार के लिए ओढ़ा लेकर आया था। आज सुबह 11 बजे वह बाइक पर वापस लौट रहा था। खैरेकां के निकट स्थित हनुमान मंदिर के पास इनोवा ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाईक सवार राकेश व लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इनोवा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

हथियारबंद युवकों ने बोला धावा

सिरसा। आधा दर्जन लुटेरों द्वारा गत रात्रि में कोर्ट कालोनी स्थित एक घर को निशाना बनाया गया। यहां लुटेरों ने तेजधार हथियारों से एक दंपती को घायल कर दिया और उसने छह हजार रुपये नकदी से फरार पर्स छीनकर ले गए। घायल दंपती ने एक युवक को पकड़ लिया जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कोर्ट कालोनी निवासी विजय तनेजा पुत्र नामदेव तनेजा अपनी पत्नी के साथ कहीं बाहर गया था। इस दौरान घर में उसका 11 वर्षीय बेटा आर्यन व पड़ोसन रेखा मौजूद थे। रात्रि करीब डेढ़ बजे पांच-छह लोगों ने घर की डोर बैल बजाई। रेखा ने दरवाजा खोला और सभी अंदर घुस गए। उक्त लोगों ने रेखा को तेजधार हथियार दिखाकर डराया और उससे तिजोरी की चाबियां मांगी। इस बीच विजय अपनी पत्नी सहित वापिस लौट आया। उन्होंने शोर मचाया जिस पर लुटेरे भाग खड़े हुए। लेकिन उनमें से एक को उन्होंने दबोच लिया। जिसे पुलिस के हवाले किया गया। जहां उसकी पहचान विजय पुत्र मदनलाल निवासी फतेहाबाद के रूप में हुई। लुटेरे घर से एक पर्स उठाकर ले गए जिसमें छह हजार रुपये की नकदी है। मामले की जांच बस अड्डा चौकी पुलिस द्वारा की जा रही है।

ओलावृष्टि व बारिश से फसलों को नुकसान

सिरसा। जिला में गत दिवस धूल भरी तेज हवाएं चलने से जनजीवन काफी प्रभावित रहा। वहीं देर रात के समय मौसम का  मिजाज अचानक बदल गया। आंधी, बारिश के साथ ओले भी पड़े। जिससे फसलों का भारी नुकसान हुआ।
गत दिवस दिनभर धूलभरी आंधी चलती रही। जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर रात को तेज हवाओं के साथ मौसम ने एकदम से मिजाज बदला और आंधी के बाद तेज बरसात शुरु हुई। आंधी के बाद आई तेज बरसात से किसानों की फसलें जमीन पर बिछ गई। इससे तो किसानों का नुकसान हुआ ही, साथ बरसात के साथ जिला के कई क्षेत्रों में ओले पर पड़े। गोरीवाला क्षेत्र में लगभग एक घंटे तक तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि होती रही। जिससे क्षेत्र के कई गांवों में किसानों की गेहूं, सरसों, जौ व चना की फसल खराब हो गई। किसान मनफुल, लीलूराम, जयदयाल, रामस्वरूप, कान्हाराम, हरजीत व प्रेमकुमार आदि ने बताया कि बेमौसम बारिश ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है, क्योंकि इस समय फसलें पककर बिल्कुल तैयार है, ऐसे में तेज हवाओं के साथ हुई बरसात से जहां फसलें जमीन पर बिछ गई वहीं ओलावृष्टि से भी काफी नुकसान हुआ है।

Tuesday, 15 April 2014

जिलाभर में धूमधाम से मनाई गई हनुमान जयंती

श्रद्धालुओं ने हनुमान मंदिरों में की पूजा अर्चना

सिरसा। हनुमान जंयती जिलाभर के हनुमान मंदिरों में धूमधाम से मनाई गई। मंगलवार को सुबह से ही हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मुख्य आयोजन श्रीसालासर धाम मंदिर में किया गया।
हनुमान जयंती पर जिलाभर में हुनमान मंदिरों को भव्य रुप से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज की पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। हनुमान जयंती समारोह को लेकर लालबत्ती चौक स्थित श्री सालासर धाम मंदिर में भव्य आयोजन किया गया। मंदिर में को बिजली चलित लडिय़ों और फूलों द्वारा भव्य रुप से सजाया गया। सुबह श्रीबालाजी महाराज की आरती की गई। बाबा को सवामण के एक लड्डू का भोग लगाया गया। उसके बाद हवन यज्ञ करके विश्व शांति की कामना की गई। बाद में लंगर भंडारे का आयोजन किया गया। बालाजी महाराज के दर्शनों को शहर के अलावा आसपास के गांवों से भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। इसके अलावा रानियां रोड स्थित हनुमान मंदिर, गौशाला मोहल्ला स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर, सर्राफों का हुनमान मंदिर, खजांचियान मंदिर, नोहरिया बाजार स्थित इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर सहित बाबा बजरंग बली के मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

डिग्गी में डूबने से वृद्ध की मौत

सिरसा। गांव उमेदपुरा स्थित जलघर की डिग्गी में डूबने से सोमवार सायं एक अधेड़ की मौत हो गई। ग्रामीणों ने डिग्गी में शव देखा। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव बाहर निकाल पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल पहुंचाया। 
मिली जानकारी के अनुसार एलनाबाद के गांव उमेदपुरा निवासी 50 वर्षीय बेगराज पुत्र जगमाल खेतीबाड़ी करता था। वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। सोमवार सुबह वह घर से लापता हो गया। परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। शाम के वक्त ग्रामीणों ने जलघर की डिग्गी में शव बहते देखा। तुरंत पुलिस व सरपंच को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बाहर निकलवाया। आज शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया है कि मृतक शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे भी हैं।

नाबालिग किशोरी की मौत

सिरसा। गांव दैय्यड़ की एक नाबालिग किशोरी की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। 
जानकारी के अनुसार 15 वर्षीय किशोरी मोनिका पुत्री देवेन्द्र सिंह पिछले काफी वर्षोँ से अपनी ननिहाल दैय्यड़ में रह रही थी। बताया गया है कि मोनिका की मां का 10 वर्ष पूर्व देहांत हो गया था। तभी से वह अपने ननिहाल में रह रही थी। पिछले कुछ समय से उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी जिसके चलते उसका उपचार चल रहा था। सोमवार को उसने दवा के धोखे में कीटनाशी का सेवन कर लिया। हालत बिगडऩे पर परिजनों ने उसे सिरसा के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां मंगलवार प्रात: उसका निधन हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस निजी अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल पहुंचाया।

दो दुकानों में सेंधमारी
नकदी व सामान पर किया हाथ साफ

सिरसा। सोमवार रात चोरों ने रानियां बाजार घंटाघर चौक के निकट स्थित दो दुकानों में सेंध लगाकर हजारों रुपये की नकदी व कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात की जानकारी मिलने पर सहायक पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र कुमार मीणा, शहर थाना के कार्यवाहक प्रभारी शिवनारायण शर्मा व अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे।
मिली जानकारी के मुताबिक चोरों ने रानियां बाजार में स्थित लढा इलेक्ट्रोनिक्स की प्रथम मंजिल पर स्थित एक  कार्यालय में सेंध लगाकर करीब 42,000 रुपए की नकदी, तीन कैमरे चुराए। इसके बाद चोरों ने लढा इलैक्ट्रोनिक्स में घुसकर 25,000 रुपए की नकदी, 2 ओरियंट पंखों के डिब्बे जिनमें 3-3 पंखें थे तथा पंखों की राड का एक पैकेट चुरा ले गए। चोर साथ लगती नाथन लाल साईकिल स्टोर में भी घुसे तथा वहां से 3-4 हजार रुपए की नकदी, डीवीआर कैमरा, 1 साईकिल का डिब्बा ले गए तथा दुकान में लगा कैमरा तोड़ गए। चोरी की वारदात की जानकारी देते हुए नंद किशोर लढ़ा व नाथन लाल साईकिल स्टोर के संचालक गौरव ने बताया कि चोर दुकानों के साथ सुनसान पड़ी दुकान में से घुसे तथा छतों के रास्ते से अंदर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई। पुलिस ने बारिकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए।

बाबा भुम्मणशाह का जन्मोत्सव मनाया
327वें जन्मोत्सव पर 327 किलो का काटा गया केक

सिरसा। मुख्य डेरा बाबा भूमणशाह ग्राम बाबा भूमणशाह (संगर साधा) में मंगलवार को महान् उदासीन संत बाबा भूमणशाह का 327वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डेरे में स्थित गुरूद्वारे में श्री अखंड पाठ का भोग डालकर हुआ, इसके पश्चात डेरे के गद्दीनशीन संत बाबा ब्रह्मदास महाराज ने बाबा भूमणशाह के 327वे जन्मोत्सव पर बनाए गए 327 किलोग्राम के केक काटकर श्रद्धालुओं को जन्मदिवस की बधाई दी।
श्रद्धालुओं को प्रवचन करते बाबा ब्रह्मदास ने कहा कि बाबा भूमणशाह उदासीन संत थे उन्होंने अपना जीवन दीन:दुखियों की सेवा,गोसेवा व लंगर सेवा में व्यतीत किया। बाबा भूमणशाह का जन्म सन् 1687 को पाकिस्तान के गांव बहलोलपुर निवासी हस्साराम पंधू व उनकी पत्नी राजो बाई के घर हुआ था। बाबा भूमणशाह के पिता हस्सारामव माता राजोबाई दोनों ईश्वर के परम भक्त थे और उदासीन आचार्य बाबा श्रीचंद जी में अनन्य श्रद्धा और निष्ठा रखते थे। माता-पिता के पदचिन्हृों पर चलते हुए बाबा भूमणशाह परमात्मा की भक्ति में लीन रहने लगे और उन्होंने वर्ष 1704 में पाकिस्तान के गांव भूमिया में गरीबों के लिए लंगर सेवा शुरू की जिससे वही गांव भी बाबा भूमणशाह के नाम से प्रसिद्ध हो गया और उनकी मान्यता हो गई।
बाबा भूमणशाह ने बचपन से ही गोसेवा को अपने जीवन का लक्ष्य बनाया और वह बचपन में गऊए चराया करते थे। सत्संग के पश्चात सूफी गायक कंवर ग्रेवाल ने बाबा भूमणशाह का गुणगान किया और डेरे के गद्दीनशीन संत बाबा ब्रह्मदास महाराज से आशीर्वाद लिया। सत्संग के पश्चात श्रद्धालुओं ने लंगर का प्रसाद छका।

सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब बिक्री पर पाबंदी

सिरसा। आगामी 17 अप्रैल को राजस्थान में होने वाले लोकसभा के आम चुनाव को मद्देनजर रखते हुए आबकारी विभाग ने राजस्थान की सीमा से सटे सिरसा जिला के तीन किलोमीटर के क्षेत्र में शराब की बिक्री , शराब लाने ले जाने व परोसे जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने बताया कि 15 अपै्रल सायं छह बजे से 17 अप्रैल सांय छह बजे तक शराब की बिक्री, परोसने व लाने ले जाने पर रोक रहेगी।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार से  30 अप्रैल को पंजाब में होने वाले लोकसभा के आम चुनाव को मद्देनजर रखते हुए आबकारी विभाग ने  पंजाब  की सीमा से सटे सिरसा जिला के तीन किलोमीटर के क्षेत्र में  28 अपै्रल सायं छह बजे से 30 अप्रैल सायं छह बजे तक शराब  की बिक्री, परोसने व लाने ले जाने पर रोक रहेगी।

Monday, 14 April 2014

घग्घर पार से जुड़ेंगे गांव

मल्लेवाला की तर्ज पर पनिहारी से भी होगा पुल निर्माण

सिरसा। मुख्य डेरा बाबा भूमणशाह ग्राम बाबा भूमणशाह संगर साधा के गद्दीनशीन संत बाबा ब्रह्मदास महाराज ने आज पनिहारी गांव में घग्घर नदी पर बनने वाले पुल का भूमि पूजन किया और 51 गांवों के ग्रामीणों को पुल के निर्माण की बधाई दी। पुल के भूमि पूजन से पूर्व श्री अखंड पाठ का भोग डाला गया और प्रसाद वितरित किया गया।
बाबा ब्रह्मदास महाराज ने कहा कि इस नेक कार्य में सबको अपनी हक-हलाल की कमाई का कुछ अंश दान करना चाहिए ताकि पुल का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण कार्य शुरू होने से पनिहारी के अलावा आसपास के करीब 51 गांवों के ग्रामीणों को लाभ होगा, क्योंकि पुल न होने के कारण विभिन्न गांवों के ग्रामीणों को सिरसा व सरदुलगढ़ होकर लंहगेवाला, नागोकी, रंगा, मलड़ी, फग्गू, थिराज सहित विभिन्न गांवों में जाना पड़ता था। जिसके कारण ग्रामीणों को 60 किलोमीटर का अधिक सफर तय करना पड़ता था। इससे धन के साथ-साथ समय की भी बर्बादी होती थी। 51 गांवों की ग्राम पंचायते पुल के निर्माण की मांग को लेकर कई बार मुख्यमंत्री भूपेंद्र ङ्क्षसह हुड्डा, केंद्रीय मंत्री कुमार शैलजा व सांसद अशोक तंवर को मिल चुकी है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। पुल का निर्माण 51 गांवों के ग्रामीणों व मुख्य डेरा बाबा भूमणशाह के सहयोग से किया जा रहा है। इस अवसर पर सरपंच मनजिंद्र ङ्क्षसह ने बाबा ब्रह्मदास महाराज को सिरोंपा भेट करके स्वागत किया।

ग्रामीणों ने किया घेराव
हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग

सिरसा। गांव सुचान में चुनावी रंजिश के चलते हमले के मामले में आज ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय का घेराव किया और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन डीएसपी को सौंपा। ज्ञापन में हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग रखी गई है।
उल्लेखनीय है कि 12 अप्रैल को दविंद्र सिंह, सोनू, प्रभजोत अपने साथियों सहित गाडिय़ों में सवार हो कर आए और उन्होंने एआइएसएफ के छात्र नेता सी. भोला पर गोली चलाई। भोला को गोली नहीं लगी। इसके बाद हमलावरों ने लाठी व डंडों से उसे बुरी तरह पीटा। इस मामले में डिंग थाना में शिकायत की गई। दो दिन बीत जाने के पश्चात भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इससे क्षुब्ध ग्रामीण आज पुलिस अधीक्षक से मिलने के लिए पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को जानबूझकर गिरफ्तार नहीं कर रही है। पुलिस अधीक्षक की गैर मौजूदगी में डीएसपी धर्मवीर सिंह को ज्ञापन सौंपा। डीएसपी ने दो दिन के भीतर हमलावरों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।

ठेके से 45 हजार की लूट!

सिरसा। डिंग मंडी में एक शराब के ठेके से लूट का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने आरोपी ठेका संचालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। 
डिंग थाना में दी शिकायत में ठेका संचालक महाबीर पुत्र बद्रीप्रसाद ने बताया कि विगत 12 अप्रेल की रात हथियारों से लैस करीब दर्जनभर लोगों ने ठेके पर हमला बोल दिया। ठेके के कारिंदों से मारपीट की गई और करीब 45 हजार रुपए की राशि लूट कर ले गए। पुलिस ने महाबीर की शिकायत पर कालू पुत्र राजपाल निवासी डिंग, गोलू, सुभाष, सूर्या, अशोक निवासी किरडान, मुकेश निवासी किरडान, नरेश निवासी डूमरा के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दुर्घटना में व्यापारी की मौत

सिरसा। गांव नारायणखेड़ा के पास गत सायं अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक व्यापारी की मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार गांव पीलीमंदौरी निवासी रणधीर पुत्र इंद्राज सरसों का व्यापारी था। कल वह गांव गदली गया हुआ था। वापिस लौटते समय गांव नारायणखेड़ा के पास कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। आसपास के ग्रामीणों ने घायल को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Sunday, 13 April 2014

वडोदरा से नहीं लड़ेंगे मोदी

वडोदरा। निर्दलीय उम्मीदवार नरेन्द्र बाबूलाल मोदी ने वडोदरा लोकसभा सीट से अपना नाम वापस ले लिया। अब वडोदरा में सिर्फ आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं,इनमें भाजपा के पीएम पद के प्रत्याशी नरेन्द्र मोदी भी शामिल है। वडोदरा मेे 30 अप्रेल को मतदान होगा।
बाबूलाल मोदी ने किस वजह से नाम वापस लिया,इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद राव ने बताया कि 17 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे,इनमें से आठ को खारिज कर दिया गया। भाजपा ने आरोप लगाया था कि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुनील कुलकर्णी और निर्दलीय प्रत्याशी बाबूलाल मोदी ने अपने नामांकन पत्रों में जरूरी जानकारी छिपाई है। इस पर राव ने दोनों उम्मीदवारों से स्पष्टीकरण मांगा था। जब दोनों उम्मीदवार ने अनिवार्य जानकारी दे दी तो राव ने आपत्तियों को खारिज कर दिया। इसी दौरान बाबूलाल मोदी ने अपना नाम वापस ले लिया। शनिवार को नाम वापस लेने का आखिरी दिन था। अब वडोदरा से जो आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं उनमें भाजपा के नरेन्द्र मोदी,कांग्रेस के मधुसूदन मिस्त्री,सपा के पठान साहेबखान,जदयू के अंबालाल के, अपनादेश के पठान महमूदखान,एसयूसीआई के तपनदास गुप्ता और बसपा के मधुसूदन रोहित और आम आदमी पार्टी के सनुली कुलकर्णी शामिल है।

चेन स्नेचिंग की तीन वारदातें
प्रतापगढ़ में एक युवक को लोगों ने किया काबू

सिरसा। जंडवाला मौहल्ला स्थित प्रतापगढ़ में मावडिय़ा मेले में तीन महिलाओं के गले से चेन स्नेचरों ने चेन उड़ा ली। चेनों का वजन साढ़े चार तोले बताया गया है। लोगों ने एक व्यक्ति को काबू कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ में मेला लगा हुआ है। भारी संख्या में श्रद्धालु मेले में शिरकत करने पहुंच रहे हैं। भीड़ का फायदा चेन स्नेचरों ने खूब उठाया। आज सुबह एक के बाद एक तीन महिलाओं के गले से सोने की चेन उड़ा ली गई। चौथी महिला के गले से चेन निकालने के प्रयास में एक व्यक्ति को भीड़ ने काबू कर लिया।
बेगूरोड निवासी सीमा पत्नी आनंद जांगड़ा ने बताया कि उसकी दो तौले की सोने की चेन अज्ञात व्यक्ति ने निकाल ली। जबकि रानियां निवासी बिमला पत्नी बलबीर निवासी रानियां ने डेढ़ तौले व पूजा पत्नी मुकेश निवासी रानियां ने एक तौले चेन झटकने की शिकायत की। चेन स्नेचिंग के आरोप में काबू किए गए ग्रेवाल बस्ती निवासी किशन से पुलिस पूछताछ जारी है।

चुनावी रंजिश में फायरिंग
ग्रामीणों ने लगाया जाम

सिरसा। मतदान के दिन हुई कहासुनी ने गत सायं तूल पकड़ लिया। एक पक्ष के लोगों ने गत सायं दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला बोल दिया। झगड़े के दौरान हवाई फायर भी किए गए। पीडि़त पक्ष ने गत रात्रि राष्ट्रीय राजमार्ग पर शेरपुरा मोड के निकट दो घंटे तक जाम लगा दिया। पीडि़त पक्ष की मांग थी कि हमलावरों को पुलिस शीघ्र गिरफ्तार करे।
जानकारी के अनुसार गांव सुचान में मतदान के दिन बूथ पर दो पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने शांत करवा दिया। इस मामले में पुलिस थाना व चुनाव आयोग में भी शिकायत की गई। छात्र नेता रोशन सुचान ने बताया कि गत सायं सात बजे तीन दर्जन से अधिक हथियाबंद लोगों ने उसके भाई अनिल, भोला व प्रवीण पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने पहले हवाई फायर किए और बाद में डंडों से पीटा और भाग गए। इस मामले में हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गांव सुचान के लोगों ने गत रात्रि राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। लगभग दो घंटे तक जाम लगा रहा। जाम की सूचना मिलने के बाद डीएसपी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत करवाया।

Saturday, 12 April 2014

(dera sacha sauda head gurmeet singh to appear now on 26 april in CBI Court)

गुरमीत सिंह की गैर हाजिरी में बचाव पक्ष ने पेश किए तीन गवाह

साध्वी यौन शोषण प्रकरण में हुई सुनवाई

gurmeet singh
सिरसा। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह द्वारा अपनी साध्वियों के साथ बलात्कार तथा पत्रकार रामचन्द्र छत्रपति हत्याकांड के चर्चित मामलों में आज सीबीआई की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। अदालत में साध्वी यौन शोषण प्रकरण में बचाव पक्ष द्वारा अपने गवाह पेश किए गए। इस मामले में सुनवाई के लिए आगामी तारीख 26 अप्रेल निर्धारित की गई है। वहीं छत्रपति हत्याकांड में सुनवाई के लिए 17 मई की तारीख मुकर्रर की गई है।
उल्लेखनीय है कि सिरसा के डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह पर अपनी साध्वियों से बलात्कार सहित सिरसा के पत्रकार रामचन्द्र छत्रपति तथा डेरा के ही एक पूर्व मैनेजर की हत्या के मामले पंचकूला स्थित सीबीआई अदालत में चल रहे हैं। आज छत्रपति हत्याकांड तथा यौन शोषण प्रकरण में सुनवाई निर्धारित थी। डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह हर तारीख पर सिरसा स्थित अदालत से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हाजिरी लगाता है। आज अदालत द्वारा गुरमीत सिंह को पेशी से छूुट दी गई थी। लेकिन अदालत में सुनवाई जारी रही। अदालत में आज यौन शोषण प्रकरण में बचाव पक्ष द्वारा गंगानगर के चिकित्सक समीर बहल, राजेन्द्र कुमार, चरणजीत सिंह को गवाह के रूप में पेश किया गया। ज्ञातव्य हो कि इस मामले में सीबीआई अपने सभी गवाहों को पहले ही पेश कर चुकी है। सुनवाई के बाद न्यायाधीश ने इस मामले में गुरमीत सिंह को 26 अप्रेल को हाजिर होने के आदेश दिए हैं। छत्रपति हत्याकांड में सुनवाई 17 मई को होगी।

बसंती के लिए वीरू चढ़ा टंकी पर

शराब के नशे में जलघर की डिग्गी पर चढ़कर करवाई पुलिस और प्रशासन की परेड

सिरसा। चत्तरगढ़पट्टी के नजदीक पेयजल आपूर्ति के लिए बने टैंक पर आज एक युवक शराब के नशे में चढ़ गया। युवक आत्महत्या करने के लिए टैंक पर चढ़ा था। करीब दो घंटे तक वह टैंक पर चढ़ा रहा और मायके गई पत्नी को बुलवाने की मांग करता रहा। साथ ही युवक ने अपने पिता पर धोखेबाजी करने का आरोप भी लगाया। इस बीच क्षेत्र के लोग व पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल की गाड़ी भी युवक को टंकी से नीचे उतारने के लिए बुलवाई गई लेकिन टंकी की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण दमकल कर्मी भी बेबस खड़े रहे। दो घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास चलता रहा। इसी बीच युवक का ससुर व अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उनके समझाने के बाद वह टंकी से लडखड़़ाते हुए नीचे उतारा। पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया और शहर थाना ले जाया गया।
बताया गया है कि पुरानी हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी विनोद यादव पुत्र विक्रम यादव की पत्नी कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही है। दोनों में अक्सर झगड़ा रहता था और विनोद शराब पीकर उसे पीटा करता था। इसी से तंग आकर वह अपने मायके चली गई। गत दिवस विनोद उसे लिवाने के लिए गया लेकिन उसने साथ आने से इंकार कर दिया। इसी के चलते आज सुबह विनोद ने शराब पी और आत्महत्या के लिए टंकी पर चढ़ गया। करीब दो घंटे तक वह टंकी पर चढ़ा। युवक के टंकी पर चढ़े होने की जानकारी मिलने के बाद शहर थाना से टीम एएसआई शिवनारायण के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। युवक को नीचे उतारा गया और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

महिला कांग्रेस ने फूंका मोदी का पुतला

सिरसा। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी  ने अपनी पत्नी को गुमनामी का जीवन जीने को मजबूर करने के चलते पूरे महिला वर्ग का अपमान किया है। जिसके रोष स्वरुप महिला कांगे्रस की कार्यकर्ताओं ने आज जिला प्रधान रीना बिरट के नेतृत्व में मोदी का पुतला फूंका। 
महिलाओं को संबोधित करते हुए रीना बिरट ने कहा कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी द्वारा वर्षों तक अपनी पत्नी को गुमनामी जीवन व्यतीत करने के लिए मजबूर किया गया था। इससे पूरे महिला वर्ग का अपमान हुआ है। देश की महिलाओं में इस घटना से रोष है। बिरट ने कहा कि भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने इससे पूर्व किसी भी चुनाव में अपनी पत्नी का जिक्र नहीं किया। मोदी ने अपनी पत्नी को गुमनामी का जीवन जीने पर मजबूर किया। इससे केवल महिलाओं का अपमान ही नहीं हुआ बल्कि पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को भी कलंकित किया है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी पत्नी को सम्मान नहीं दे सकता वह देश की महिलाओं की सुरक्षा क्या करेगा। ऐसी पत्नी जिसने अपने पति के प्रधानमंत्री बनने के लिए चावल न खाने व नंगे पैर रहने का व्रत रखा हो, ऐसी पत्नी को गुमनाम रखना कहां उचित है। बाद में महिला कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी और गोल डिग्गी चौक पर मोदी का पुतला फूंक कर रोष प्रकट किया। इस अवसर पर राजबाला सुथार, सुनीता भाटी, सुखविंद्र कौर, आशा रानी, बिमला जलालआना, सावित्री देवी, अंग्रेज कौर, संदीप कौर, कुलदीप कौर आदि उपस्थित थी।

Friday, 11 April 2014

लापता व्यक्ति का खाले से मिला शव

सिरसा। गांव बाजेकां में विगत दिनों घर से लापता हुए एक व्यक्ति का शव गत दिवस गांव के ही एक खाले में पड़ा मिला। शव का पोस्टमार्टम करवा आज परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में परिजनों के बयानों के आधार पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।
बताया गया है कि गांव बाजेकां निवासी 35 वर्षीय गोपाल पुत्र प्रताप विगत 6 अप्रेल को घर से लापता था। परिजनों के अनुसार गोपाल काफी बीमार चल रहा था। बीमारी की हालत में वह घर से सैर के लिए निकला था लेकिन वापिस नहीं लौटा। उसकी खोजबीन की गई लेकिन कोई अता-पता नहीं चला। गत दिवस मतदान कर वापिस लौट रहे लोगों ने गांव के बस अड्डे के पास खाले में एक शव पड़े देखा। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। शव गोपाल का ही था।
तूफान बना मौत का कारण
परिजनों का कहना है कि बीमारी की हालत में सैर पर निकला गोपाल  बस अड्डे के निकट थक कर बैठ गया। इसी दौरान आए भयंकर तूफान के कारण वह संभवत: खाले में गिर गया। खाला काफी गहरा था और बीमारी के कारण गोपाल उसमें से निकलने में असमर्थ था जिससे उसकी मौत हुई। चिकित्सकों ने हत्या का मामला होने से इंकार किया है। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर इत्तेफाकिया मौत का मामला बनाया है।

सरंपच की पत्नी की हत्या मामले में तीन पर मामला
पुलिस ने मृतका पुत्री की शिकायत पर किया मामला दर्ज

सिरसा। चतरगढ़पट्टी में बृहस्पतिवार शाम को तीन लोग एक महिला की चाकूओं से गोदकर हत्या कर मौके से फरार हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने मृतका के पुत्री की शिकायत पर मृतका के जेठ व उसके पुत्र के अलावा एक अन्य के खिलाफ मामला दर्जकर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतका निर्मला देवी उर्फ बबली की पुत्री सिमरन (14) ने पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत में बताया कि वह अपने छोटे भाई के साथ गांव हांडीखेड़ा में दादा के पास रहती है। जबकि उसकी मां बबली अपने मायके रानियां में रह रही थी। उसने बताया कि उसकी मां का वोट चत्तरगढ़पट्टी में बना हुआ है, इसलिए मां बृहस्पतिवार को वोट डालने के लिए यहां आई हुई थी। सिमरन ने बताया कि वह अपनी मां से मिलने के लिए यहां आई हुई थी। उसने बताया कि शाम को पांच बजे के करीब उसका ताऊ सतबीर व ताऊ का लड़का विक्की वहां आए और उन्होंने चाकू से गोदकर उसकी मां की हत्या कर दी। पुलिस ने सिमरन की शिकायत पर मृतका के जेठ सतबीर पुत्र पाला राम व उसके पुत्र विक्रम उर्फ विक्की के अलावा ओमप्रकाश मेहता के खिलाफ धारा 302, 459, 34,120बी के तहत मामला दर्जकर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने शुक्रवार को अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
गौरतलब है कि 10 फरवरी 2013 को गांव चत्तरगढ़पट्टी के सरपंच जसबीर कार समेत गायब हो गया था। उसके बड़े भाई सतबीर ने 14 फरवरी को पुलिस में अपने भाई के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। बाद में पुलिस ने लापता सरपंच का शव राजस्थान कैनाल से बरामद कर लिया था। पुलिस ने 23 फरवरी को सरपंच की हत्या का खुलासा करते हुए इस मामले में मृतक सरपंच की पत्नी निर्मला उर्फ बबली चतरगढ़पट्टी निवासी उसका प्रेमी अश्विनी और गांव पंजूआना निवासी राजेंद्र को गिरफ्तार किया था। दोनों ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया था कि उन्होंने सरपंच को पहले शराब पिलाई और बाद में उसकी हत्या कर शव को राजस्थान कैनाल में फैंक दिया था।
बबली थी सरपंच की दूसरी पत्नी:सरपंच जसबीर की शादी 1999 में रानियां के डेरा सच्चा सौदा मोहल्ला निवासी बबली की बड़ी बहन बिमला के साथ हुई थी। बड़ी बहन की पहली डिलीवरी के दौरान मौत हो गई थी। बाद में जसबीर ने अपनी छोटी साली बबली से दूसरी शादी कर ली। बबली के एक 14 वर्षीय पुत्री समिरन है तो उसकी बड़ी बहन के 17 वर्षीय एक लड़का पंकज है।
बबली पर था पति की हत्या का आरोप:बबली पर प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या करने का आरोप था। बबली जेल में बंद थी। हाल ही में बबली जेल से जमानत पर आई थी। बताया गया कि वह रानियां में अपने मायके में ही रहती थी। बृहस्पतिवार को बबली सिरसा में वोट डालने आई थी और शाम को वह अपनी पुत्री सिमरन के साथ घर पर थी। इसी दौरान बबली के जेठ सतबीर उसके बेटे विक्रम और ओमप्रकाश मेहता घर में घुसे और बबली पर चाकूओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बबली अपने को बचाने के लिए गली में भागी, जहां पर तीनों ने उसे फिर से पकड़ कर चाकूओं से गोद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जेल में कैदी ने किया आत्महत्या का प्रयास

सिरसा। शहर थाना पुलिस ने जेल उपाधीक्षक की शिकायत पर एक कैदी के खिलाफ आत्महत्या की कोशिश करने व प्रिजन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

जेल उपाधीक्षक अमित भादू ने शहर थाना में दर्ज करवाई शिकायत में बताया कि दीपक पुत्र जगतार निवासी गांव भावदीन ने बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे के करीब अपनी बैरक में आत्महत्या का प्रयास किया। इस शिकायत के आधार पर शहर सिरसा पुलिस ने दीपक के खिलाफ धारा 309 व प्रिजन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

धीमी गति से चल रहा पाईप लाईन डालने का कार्य
लोगों में रोष

एलनाबाद। वार्ड नं. 2 की गली डा. मदन जैन वाली में पाइप लाइन के धीमे चल रहे कार्य से लोगों में रोष है। पाईप लाइन डालने के लिए पूरी गली की खुदाई कर दी गई है जिससे लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 
उल्लेखनीय है कि गली डा. मदन जैन वाली में विगत एक सप्ताह से जलापूर्ति के लिए पाईप लाईन डालने का कार्य किया जा रहा है। पाईप लाईन डालने के लिए पूरी गली में खुदाई की गई है। जेसीबी मशीन द्वारा खुदाई के दौरान फोन लाईनें काट दी गई हैं। यही नहीं गली में पूरा पानी भरा हुआ है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गली निवासी बृजलाल सैनी, भगवान दास, मोहनलाल, रवि कुमार ने बताया कि गली में पाईप लाईन डालने का कार्य बहुत ही धीमी गति से चल रहा है। पूरी गली में खुदाई कर दी गई है जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।

सुरक्षा बीच ईवीएम पहुंची स्ट्रांग रूम

सिरसा। सिरसा जिला के अंतर्गत आने वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना केंद्र महिला बहुतकनीकी में बनाए गए है। जहां पांचों विधानसभा क्षेत्रों के इल्क्ट्रोनिक वोटिंग मशीन स्ट्रांग रूम में रख दी गई है। सुरक्षा की दृष्टि से स्ट्रांग रुम पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों क्रो तैनात किया गया है जो 24 घंटे स्ट्रांग रुम की सुरक्षा को सम्भालेंगे। स्ट्रांग रुम के बाहर हरियाणा सशस्त्र पुलिस को तैनात किया गया है। यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी डा. अंशज सिंह ने बताया कि मतगणना केंद्रो के अंदर की सुरक्षा की जिम्मेवारी सीमा सुरक्षा बलों दी गई है।  सीमा सुरक्षा बल की एक प्लाटुन सिरसा पहुंच चुकी है। उपनिरीक्षक के नेतृत्व में सीमा सुरक्षा बल के जवानों को तैनात भी कर दिया गया है। इसी तरह से मतगणना केंद्रो के बाहर भी सुरक्षा की जिम्मेवारी आज सांय हरियाणा  सुरक्षा बल के जवानों को सौंप दी गई है। इससे पहले हरियाणा पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की ओवर आल जिम्मेवारी उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विजय जाखड़ को दी गई है।  समय-समय पर सिटी थाना के एस.एच.ओ. पुलिस सुरक्षा का जायजा लेंगे।  उन्होंने बताया कि कोई भी उम्मीदवार कभी भी मतगणना केंद्रो की सुरक्षा  का जायजा ले सकता है।  किसी भी बाहरी सामान्य आदमी को मतगणना केंद्रो के पास तक भी फटकने नहीं दिया जाएगा।

मतदान में सिरसा सिरमौर
कालांवाली में हुआ सर्वाधिक 80.88 प्रतिशत मतदान

सिरसा। लोकसभा चुनाव - 2014 के संसदीय क्षेत्र 03 सिरसा में कल 10 अप्रैल को 77.11 प्रतिशत मतदान हुआ जो एक रिकॉर्ड है यह मतदान प्रतिशत प्रदेश में सर्वाधिक है।  यह जानकारी देते हुए संसदीय क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी डा. अंशज सिंह ने बताया कि  सिरसा संसदीय क्ष्ेात्र में  सबसे अधिक  80.88 प्रतिशत मतदान कालांवाली विधानसभा क्षेत्र में हुआ जहां एक लाख 60 हजार 430 मतदाताओं में से एक लाख 29 हजार 753 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।  कालांवाली के बाद सबसे अधिक मतदान प्रतिशत ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र में रहा जहां 80.76 मतदाताओ  ने अपने मत का प्रयोग किया।  ऐलनाबाद में कुल एक लाख  34 हजार 547 मतदाताओं ने वोट डाला। इसके बाद रानियां विधानसभा क्षेत्रों में 80.51 प्रतिशत मतदाताओं ने आने मत का प्रयोग किया जहां एक लाख 31 हजार 253 मतदाताओं ने वोट डाला ।  इसी तरह से  डबवाली विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत 79 .63 रहा।  जहां एक लाख 44 हजार 778 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।  रतिया विधानसभा क्षेत्र में 77.89 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। रतिया में कुल एक लाख 51 हजार 689 मतदाताओं ने  अपना वोट डाला।  टोहाना विधानसभा क्षेत्र में 77.05 मतदान प्रतिशत रहा , जहां एक लाख 56 हजार 765 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।  उन्होंने बताया कि  नरवाना विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 43 हजार 67 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया और नरवाना में मतदान 76.27 रहा है।  फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत 74.35  रहा। जहां पर एक लाख 62 हजार 903 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।  इसी तरह से  सिरसा विधानसभा क्षेत्र में मत प्रतिशत 68.26 रहा । जहां एक लाख 24 हजार 116  मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया, इस तरह से पूरे संसदीय क्षेत्र में 75.75 महिलाओं ने अपने मत का प्रयोग किया और 78.30 पुरूषो ने वोट डाला। संसदीय क्षेत्र के कुल 16 लाख 58 हजार 575 मतदाताओं में से 12 लाख 78 हजार 871 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।  जिला स्तर पर देखा जाए तो सिरसा जिला भी वोट प्रतिशतता के मामले में पूरे हरियाणा मे अव्वल रहा है। सिरसा जिला के आठ लाख 53 हजार 689 मतदाताओं में से  छह लाख 64 हजार 447 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। इस प्रकार से अपने जिले का मत प्रतिशत 77.83 रहा जो पूरे हरियाणा में सर्वाधिक है, इसके लिए  उन्होंने सभी अधिकारियों/ कर्मचारियों को  शाबाशी दी है और जिला वासियों को बधाई दी।

Wednesday, 9 April 2014

इनेलो प्रत्याशी को नोटिस

24 घंटे में देना होगा जवाब

सिरसा। इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह रोड़ी द्वारा आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामने आया है। इस संबंध में चुनाव आयोग ने रोड़ी को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। रोड़ी को 24 घंटे में जवाब देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार विगत दिनों इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह ने रोड शो निकाला था। रोड शो के माध्यम से जनता से वोट की अपील की गई थी। रोड शो में भारी संख्या में इनेलो कार्यकर्ता भी रोड़ी के साथ थे।  बताया गया है कि इस रोड शो के लिए चरणजीत ने प्रशासन से अनुमति नहीं ली थी। यह खबर समाचार पत्रों में छपी। इस पर संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने रोड़ी को आचार संहिता के उल्लंघन का आरोपी मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 

क्रूजर व टैंकर में भिड़ंत
एक की मौत, दर्जनभर घायल

सिरसा। गांव मोरीवाला के पास एक क्रूजर गाड़ी और टैंकर की जबरदस्त भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव धोलू निवासी देसराज पुत्र कांशीराम की बारात कल सिरसा के गांव केलनियां आई थी। देर रात बारात वापिस लौटी। करीब डेढ़ बजे मोरीवाला के पास बारात में शामिल क्रूजर गाड़ी की फतहाबाद से आ रहे एक टैंकर से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में क्रूजर सवार 65 वर्षीय मनफूल पुत्र लालचंद निवासी शेखुपूर (फतहबाद) की मौत हो गई। चालक की दोनों टांगे टूट गईं। उसे वहीं से हिसार रैफर कर दिया गया। इसके अलावा सुभाष पुत्र मनोहर, रवि पुत्र रामप्रसाद, भागा राम व उसका बंसी तथा पौत्र राजेश,  मनीराम पुत्र पुरखा राम, कैलाश पुत्र किशन गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में ईलाज चल रहा है।  बताया गया है कि दुर्घटना के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शीघ्र ही चालक को गिरफ्तार करने की बात की जा रही है।

युवक ने लगाई फांसी

सिरसा। शिव चौक के निकट गली चोपड़ावाली में आज एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।  आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार गली चोपड़ावाली निवासी मोहित (21) पुत्र लालचंद ने आज सुबह अपने घर पर दुपट्टे का फंदा बनाया और पंखे से बांधकर उस पर झूल गया। आज सुबह मोहित अपनी मां को रेलवे स्टेशन छोड़कर वापिस आया था। इसके बाद उसने फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पार्टी पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया।

Tuesday, 8 April 2014

शबाब पर आकर समाप्त हो गया चुनाव प्रचार

सिरसा लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार आज पहली बार शबाब पर दिखाई दिया। लेकिन चुनाव प्रचार का अंतिम दिन होने के कारण शबाब पर आकर यह प्रचार समाप्त हो जाएगा। आज शहर का राजनीतिक पारा सभी सीमाएं पार कर गया। सभी प्रमुख दलों ने शहर में अपने जोर की नुमाइश की। इनेलो ने जहां रैली की, वहीं कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी ने शहर में जुलूस निकाल लोगों से अपने-अपने पक्ष में मतदान की अपील की।

रद्द हो तंवर की उम्मीदवारी : चोपड़ा

सिरसा। भाजपा के सिरसा लोकसभा संयोजक जगदीश चोपड़ा ने निर्वाचन अधिकारी को शिकायत देकर सिरसा से कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक तंवर की उम्मीदवारी रद्द करने और तमाम विज्ञापन खर्चों को उनके चुनाव खर्च में शामिल करने का आग्रह किया है। 
चोपड़ा ने इस शिकायत पत्र की एक प्रति भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त को प्रेषित करते हुए कहा  है कि लगभग 10 दिनों से हरियाणा में प्रकाशित व प्रसारित लगभग 50 से अधिक समाचार पत्रों, टीवी चैनलों पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जो विज्ञापन प्रकाशित प्रसारित किए जा रहे हैं उनमें सिरसा के कांग्रेस उम्मीदवार अशोक तंवर का नाम चित्र सहित दिखाया जा रहा है। वे सिरसा से प्रत्याशी हैं और इन चैनलों और विज्ञापनों पर करोड़ो रुपए खर्च की जा रही राशि का उल्लेख तंवर के चुनावी खर्च में शामिल किया जाए। चोपड़ा ने इसी आधार पर तंवर की उम्मीदवारी को अवैध घोषित करके रद्द करने की मांग की है।

कारागार की सुरक्षा संदेह के घेरे में
कैदी से मिला मोबाइल

सिरसा। जिला कारागार में कैदी से मोबाइल मिला है। कैदी से मोबाइल मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोलकर रख दी है। हालांकि जेल अधिकारी सतर्कता बरतने का दावा करते हैं लेकिन जेल के भीतर तक मोबाइल व सिम के पहुंचने से दावों की हवा निकलती दिखाई पड़ती है। फिलहाल जेल उपाधीक्षक सरवन सिंह की शिकायत पर कैदी अंग्रेज सिंह पुत्र गुरजंट सिंह निवासी हरिपुरा के खिलाफ प्रिजन एक्ट के तहत शहर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। कैदी से मिला सैमसंग का मोबाइल व वोडाफोन का सिम पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

एटीएम पर अटैक

सिरसा। बरनाला रोड स्थित जेसीडी परिसर में स्टेट बैंक आफ इंडिया के एटीएम को तोडऩे के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्जकर चार युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस ने किसी को हिरासत में लेने से इंकार किया है।
जानकारी के अनुसार स्टेट बैंक के एटीएम को सोमवार रात्रि चार युवकों ने तोडऩे का प्रयास किया। बताया जाता है कि एटीएम पर तैनात गार्ड ने उनका विरोध किया तो उन्होंने गार्ड की धुनाई कर दी। गार्ड द्वारा शोर शराबा किए जाने पर युवक मौके से फरार हो गए। तोडफ़ोड़ करने वाले युवक एटीएम से नगदी लूट लेने में कामयाब नहीं हो पाए। मामले की सूचना मिलते ही हुडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और उसने मौका मुआयना किया। बताया जाता है कि इस मामले में पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया है।

हवन यज्ञ के साथ नवरात्र सम्पन्न

सिरसा। नवरात्र के समापन पर आज  जिलाभर में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर हवन यज्ञ किया और कंजकों को भोजन कराया। नोहरिया बाजार की गली गोलछावाली स्थित इच्छापूर्ण श्री हनुमान मंदिर में आज 35वां नवरात्रा महोत्सव पर अष्टमी को हवन यज्ञ किया गया। पूजा अर्चना के बाद 108 कन्याओं को भोजन करवाया गया।
मंदिर के पुजारी बालकृष्ण दायमा ने बताया कि मंदिर में नवरात्रा के समापन पर नवमी को हवन यज्ञ किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति डालकर विश्वशांति की कामना की। उन्होंने बताया कि यज्ञ के बाद मां भगवती की आरती की गई। बाद में 108 कन्याओं की पूजा कर उन्हे भोजन करवाया गया। उन्होंने बताया मंदिर में यह 35वां अद्र्धवार्षिक नवरात्रा महोत्सव मनया गया। इसके अलावा शहर में श्रद्धालुओं ने अष्टमी को मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर कंजकों की पूजा की और उन्हे भोजन करवाकर भेंट स्वरुप दक्षिणा देकर विदा किया। 
नवरात्रा पर रही कंजकों की कमी:
नवरात्रा के समापन पर लोगों को पूजा के लिए जब कन्याओं की जरुरत पड़ी तब उन्हे एक घर से दूसरे घर भटकते हुए देखा गया। कन्या भू्रण हत्या का असर नवरात्रा के समापन पर देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने तो प्रण किया कि वे न तो स्वयं ही कन्या भू्रण हत्या करेंगे और न ही अपनी परिचितों को करने देंगे।

Monday, 7 April 2014

सियासी उठापटक के नाम रहा सोमवार

कांडा ने झटका हाथ तो वेद बेनीवाल ने थामा कमल, सेतिया ने चलाए बयानबाजी के तीर

Gobind Kanda
Addressing to Media
सिरसा। सिरसा के विधायक गोपाल कांडा के अनुज गोबिंद कांडा  ने आज प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस्तीफा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मलकीत सिंह खोसा व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर को प्रेषित कर दिया है। आज यहां एक पत्रकार वार्ता में उन्होंने अपने इस्तीफे की आधिकारिक घोषणा की। उल्लेखनीय है कि कल शाम गोबिंद कांडा द्वारा तंवर के पक्ष में प्रचार किए जाने से उनके समर्थक नाराज हो गए थे। इसी घटनाक्रम पर स्पष्टीकरण देते हुए उन्होंने कहा कि उनके साथ विश्वासघात किया गया है। वे तंवर के प्रचार के लिए नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री हुड्डा से व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए गए थे। 
आज बाबा तारा कुटिया स्थित एमडीएलआर कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांडा ने कहा कि चुनाव के दौर में लोग ओछे हथकंडे अपनाते ही हैं। ऐसा ही ओछापन कांग्रेस प्रत्याशी ने दिखाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी के इसी ओछेपन और धोखे से आहत होकर उन्हें पार्टी छोडऩे जैसा कदम उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अगर हमने अपना समर्थन कांग्रेस प्रत्याशी को देना होता तो मुख्यमंत्री पहले भी दो बार सिरसा में आए थे, लेकिन हमने इस बारे में उनसे मुलाकात नहीं की। कल की राहुल की रैली में न जाना भी हमारा कांग्रेस प्रत्याशी को असमर्थन ही जताता है। 
आज कांग्रेस नेता राहुल सेतिया द्वारा पत्रकार वार्ता में कांडा के संबंध में  की गई टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग आज असली और नकली कांग्रेस की बात करके लोगों को गुमराह करते हैं लेकिन हमने कभी नकली-असली की बात नहीं की, केवल जनता की बात की है। हम अपने समर्थकों की भावनाओं का सम्मान करते हैं।
फिर हुई नमो-नमो
कांडा से जब किसी अन्य दल को समर्थन की बाबत पूछा गया तो उन्होंने दोहराया कि देश में परिवर्तन की लहर है, और वह लहर हरियाणा में भी है। वे और उनके कार्यकर्ता भी इस लहर के साथ हैं। उनके इतना कहने पर ही उनके साथ बैठे कार्यकर्ताओं ने नमो-नमो का जाप करना शुरू कर दिया।
शीघ्र देंगे राजनीतिक विकल्प
उन्होंने कहा कि इस समय हरियाणा प्रदेश को सार्थक व क्रांतिकारी राजनीतिक विकल्प देने की जरूरत है। इसके लिए गोपाल कांडा प्रदेशभर के अपने समर्थकों से रायशुमारी कर रहे हैं। बाकायदा इसके लिए भाई गोपाल कांडा ने प्रदेशभर में विभिन्न वर्गों से चर्चा की है। सर्वेक्षण भी करवाया है और समर्थकों की भावनाओं के अनुरूप निर्णय करते हुए शीघ्र ही प्रदेशवासियों के समक्ष एक मजबूत विकल्प लाया जाएगा। इस मौके पर कांडा समर्थक नगर पार्षद राजेंद्र गुज्र्जर, हुक्मचंद वर्मा, गुरनाम सिंह व राजेश खनगवाल ने कांग्रेस पार्टी छोडऩे का ऐलान किया।
तो क्या अल्पमत में आएगी सरकार?
सिरसा। गोबिंद ने कहा कि गोपाल कांडा द्वारा शीघ्र ही नई पार्टी बना ली जाएगी और इससे पहले वे सरकार से समर्थन वापिस ले लेंगे।  तो सवाल उठते हैं कि सरकार अल्पमत में आएगी? प्रदेश में समय पूर्व चुनाव होंगे? लेकिन साथ ही गोबिंद यह भी कहना नहीं भूले कि सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। यदि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की घोषणा होती है तो वह जल्द से जल्द होगी और यदि गोपाल व उनके साथी सरकार से समर्थन वापिस लेते हैं तो कार्यकाल पूरा कैसे होगा?

कांडा ने किया सिरसा को मशहूर : सेतिया

सिरसा। अखिल भारतीय पंजाबी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सेतिया ने कहा कि राजनीतिज्ञों से तो लोग पहले ही नफरत करते थे, यह क्या कर दिया कांडा जी। कौन भरोसा करेगा राजनीतिज्ञों की जुबान पर आपने राजनीति की शुरुआत की आपने चौटाला जाप से। मतलब निकला हुड्डा जपने लगे। बड़ी जल्दी तेवर दिखाए। हवा के रूख का हवाला देख नमो नमो जपने लगे। बड़ी जल्दी तेवर दिखाए और कहने लगे के देश और प्रदेश बदलाव चाहता है। मैं कार्यकर्ताओं के साथ हूं। तथा कथित सेवादार और धर्म के ठेकेदारों ने चार दिन पहले तो अपने कार्यकर्ताओं को नमो नमो का पाठ पढ़ाया था कल वही शाम 4 बजे नमो नमो छोड़ हुड्डा के रथ पर सवार हो लिए। पांच घंटे तक कांग्रेस जिंदाबाद करते रहे और 9:30 बजे फिर नमो नमो करने लगे। यह कैसी राजनीति है। कहते हैं कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हैं यह मतलबी लोग किसी का भी सम्मान नहीं करते। इनके लिए राजनीति पूरी तरह दुकानदारी है। सेतिया ने सिरसा की जनता से प्रश्र किया यह कैसा बहरुपिया तथाकथित सेवादार धर्मात्मा नमूना चुना है जो गिरगिट की तरह रंग बदलता है जिसने आया राम, गया राम के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं और वो भी सिरसा से। जहां से पूर्व मंत्री लक्ष्मण दास अरोड़ा को पांच बार आपने विधायक चुना और जब वो चंडीगढ़ विधानसभा की दहलीज पर पैर रखते थे तो लोग कहते थे कि यह है सिरसा का विधायक जो दबंग और बात का धनी कहलाता था। जिसे विपक्षी भी सिरसा नरेश कहते थे। यह धर्मनगरी है। सिरसा का नाम जाकर कहीं बताते हैं कि हम सिरसा से है तो लोग कहते हैं कि कांडा वाला सिरसा। आप सोचिए कि सिरसा को शोहरत मिली है या कलंकित हुआ है। इन बंधुओं का नाम तो गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड  रिकार्ड में होना चाहिए। सेतिया ने कहा कि जो हवा के रुख के साथ बदल जाएं वो इंसान नहीं होता। सेतिया ने कहा कि कांडा बंधु अपना स्टैंड क्लीयर करें। कल दिन में दो बार बदले आज कितनी बार बदलेंगे और चुनाव तक कहां खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि बेशक कोई आए कोई जाए सम्मान से राजनीति करेंगे। उन्होंने कहा कि हम हवाई राजनीति नहीं करते। हम ठहराव, सम्मान और सेवा की राजनीति करते हैं। कभी भी पूर्व मंत्री स्व. लक्ष्मण दास अरोड़ा ने राजनीति को दुकानदारी नहीं बनाया और न ही हम बनने देंगे। सेवा की राजनीति कर सिरसा का सम्मान बढा़एंगे।

देश में भाजपा की लहर

सिरसा। प्रमुख समाज सेवी डॉ. वेद बैनीवाल आज अपने साथियों सहित भाजपा में शामिल हो गए। पूर्व मंत्री प्रो. गणेशी लाल तथा भाजपा प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक जगदीश चोपड़ा की उपस्थिति में डॉ. वेद बैनीवाल ने आज बेगू रोड पर एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज देश को परिवर्तन की जरुरत है और नरेंद्र मोदी इस परिवर्तन के परिचायक हैं। उनके नेतृत्व में देश में भाजपा की लहर चल रही है और देश विकास व सुशासन की ओर बढ़ रहा है। बैनीवाल ने कहा कि सामाजिक काम करते हुए कई बार ऐसी अड़चनों का सामना करना पड़ा है। जिनका उपचार राजनीति में शामिल होकर किया जा सकता है। इससे पहले जगदीश चोपड़ा ने डॉ. बैनीवाल और उनके साथ भाजपा में शामिल होने वाले डॉ. एस पी शर्मा, डॉ. सुशील सिंगला, डॉ. के के गोयल का परिचय करवाते हुए उनका भाजपा में स्वागत किया। चोपड़ा ने कहा कि बैनीवाल समाज सेवा का पर्याय बन चुके हैं और वो समाज के सबसे बड़े हित चिन्तक हैं। रक्त दान और आपसे भाईचारे को मजबूत रखने के क्षेत्र में डॉ. बैनीवाल का योगदान अतुलनीय है। पूर्व मंत्री प्रो. गणेशी लाल ने कहा कि भाजपा में शामिल होकर बैनीवाल और उनके साथियों ने पार्टी का सम्मान किया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष अमीरचंद मेहता ने सभी साथियों को फूल मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। प्रो. गणेशी लाल ने बताया कि आज झज्जर में नरेंद्र मोदी की रैली हो रही है और मोदी के व्यक्तिगत निमंत्रण पर डॉ. सुशील इंदौरा रैली में मोदी के साथ मंच पर हैं। सिरसा में कांडा बंधुओं से संबंधित एक सवाल में गणेशी लाल ने कहा कि सब लोग जानते हैं कि कांडा बंधु सिरसा में डॉ. इंदौरा का समर्थन कर रहे हैं।

हादसे में पिता-पुत्र की मौत

सिरसा। डबवाली रोड पर हुए सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
गांव किराड़कोट निवासी 47 वर्षीय बहादुर पुत्र अजमेर सिंह आज सुबह करीब साढ़े 5 बजे अपने 17 वर्षीय बेटे जसकरण को रेलवे स्टेशन छोडऩे के लिए आ रहा था। बताया जा रहा है कि जसकरण भिवानी में पढ़ता है और उसे आज रेलगाड़ी से जाना था। डबवाली रोड पर होटल आरोमाइन के पास एक ट्रक ने उनके मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बहादुर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घायल जसकरण को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Sunday, 6 April 2014

हरियाणा को नहीं चाहिए गुजरात मॉडल : राहुल गांधी

अब गैस गुब्बारे में होगा धमाका, कांग्रेस नहीं करती बांटने की राजनीति

अरिदमन छत्रपति 
सिरसा। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा को गुजरात मॉडल की जरूरत नहीं है। हर प्रदेश का अपना अलग मॉडल होता है और वह प्रदेश उसी मॉडल के अनुसार ही चलता है। हरियाणा का मॉडल प्रदेश की जरूरतों व परिस्थितियों के हिसाब से सर्वश्रेष्ठ है। राहुल गांधी आज यहां के हुडा ग्राउंड में कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी अशोक तंवर के प्रचार हेतु आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही विपक्ष बोलना शुरू कर देता है। 2004 में 'इंडिया शाइनिंग' नाम से गुब्बारे में हवा भरकर उड़ाया गया। मतदान हुआ और गुब्बारा फूट गया। 2009 में फिर 'इंडिया शाइनिंग-2' गुब्बारा भी फूटा। अब भाजपा ने 'गुजरात मॉडल' के नाम से गैस का गुब्बारा उड़ाया है। चुनावों के बाद धमाके के साथ गुब्बारा फूटेगा और भाजपा अपने करोड़ों के खर्च को हवा में उड़ते देखेगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव में सिर्फ दो दिन शेष हैं और भाजपा अभी तक घोषणापत्र भी जारी नहीं कर पाई है। कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र आम लोगों से पूछकर बनाया है। रोजगार व भोजन का अधिकार वे दे चुके हैं और आपने मौका दिया तो अब हर व्यक्ति को छत व ईलाज का अधिकार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जो दिया है, उतना किसी ने पहले नहीं दिया। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने बल देते हुए कहा कि भाजपा को छत्तीसगढ़, कर्नाटक और गुजरात में भ्रष्टाचार और अपने भ्रष्टाचारी नेता नहीं दिखाई देते। भाजपा शासित राज्यों में दूसरे प्रदेशों के लोगों को बाहरी बताकर हमले किए जाते हैं, लेकिन कांगे्रस ने कभी बांटने की राजनीति नहीं की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी अशोक तंवर जुझारू नेता हैं और वे उनकी जनता के प्रति सेवा की लगन से प्रभावित हैं।

देर से पहुंचे राहुल

सिरसा। राहुल गांधी करीब 2:30 बजे मंच पर पहुंचे। करीब सवा दो बजे राहुल का हैलीकॉप्टर रैली स्थल के ऊपर से होकर गुजरा और विश्वविद्यालय परिसर में निर्धारित स्थान पर उतारा गया। उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, हरियाणा प्रभारी शकील अहमद तथा रणधीर सिंह भी थे। तंवर ने यहां उनका स्वागत किया और उन्हें रैली स्थल पर लेकर आए। शकील अहमद ने मंच संचालन का कार्य संभाला और सबसे पहले अपना संबोधन भी दिया।

भाजपा प्रत्याशी चाइना का माल : हुड्डा

सिरसा। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने भाजपा के सभी प्रत्याशियों को 'चाइना का मालÓ बताया। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा-हजकां के आधे से ज्यादा प्रत्याशी इधर-उधर से लाए गए हैं। ये लोग चाइना के माल की तरह हैं, ज्यादा समय तक चलने वाले नहीं हैं। इसके अलावा उन्होंने इनेलो को प्लॉट कब्जाने वाला दल बताया। उन्होंने कहा कि चौटाला सरकार के समय वे प्रदेश में जहां भी जाते थे उन्हें प्लाटों पर कब्जे होने की ही खबर मिलती थी जबकि उनके राज में गुंडागर्दी पूरी तरह से समाप्त कर दी गई है। अपने भाषण के दौरान भूपेन्द्र हुड्डा धीरे-धीरे लय में आए और उन्होंने प्रदेश भर में किए गए कार्यों व सभी वर्गों के लिए बनाई गई नीतियों का राहुल गांधी के समक्ष जमकर गुणगान किया।  उन्होंने कहा कि यदि वे हरियाणा में गुजरात मॉडल लागू करेंगे तो लोगों को जो सुविधाएं मिल रही हैं, वे वापिस लेनी पड़ेंगी। उन्होंने कहा कि केेंद्र को चाहिए कि पूरे देश में गुजरात नहीं, बल्कि हरियाणा मॉडल लागू करें। 

राहुल गांधी को पीएम चाहते हैं लोग : तंवर

सिरसा। कांग्रेस प्रत्याशी अशोक तंवर ने कहा कि लोग राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के लिए हर प्रकार की सहूलियत लाने की जी-तोड़ कोशिश की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बजट में क्षेत्र को कुछ न कुछ अलग मिला है और यदि उन्हें मौका मिला तो वे मैट्रो शहरों की तर्ज पर इस लोकसभा क्षेत्र को विकसित करने का माद्दा रखते हैं। उन्होंने कहा कि नेहरू-गांधी परिवार से सिरसा के पुराने संबंध रहे हैं। उन्होंने अपने संबोधन में चौ. दलबीर सिंह और कुमारी शैलजा का नाम भी लिया।

बयानों पर उलझन

1. राहुल के आने से पहले पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा मंच से उवाच रहे थे कि तंवर यहां से चुनाव नहीं लडऩा चाहते थे लेकिन उन्होंने जोर डाला कि उन्हें यहीं से लडऩा चाहिए। जनता आपके साथ है और आपकी जीत सुनिश्चित है।  राहुल के आने के बाद हरियाणा प्रभारी शकील अहमद बोले कि वे तंवर को अंबाला से लड़वाने के इच्छुक थे लेकिन तंवर बोले कि सिरसा ही उनका रणक्षेत्र है और वे सिरसा के लोगों की सेवा करना चाहते हैं। वे वहीं से चुनाव लड़ेंगे। और उन्होंने यह भी कहा कि इस बात का जिक्र वे खास तौर पर यहां करना चाहते हैं। उल्लेखनीय है कि टिकट बंटवारे से पूर्व अशोक तंवर के सिरसा से न लडऩे की इच्छा सामने आई थी। ऐसे में विरोधी धड़ा इस बात को प्लस प्वाइंट बना रहा था कि तंवर तो यहां के लोगों से भागने की फिराक में थे, वे मजबूरी में यह चुनाव लड़ रहे हैं। शकील अहमद का यह बयान उपरोक्त बातों की काट करने के तौर पर देखा जा रहा है। 
2. मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी से मुखातिब होते हुए कहा कि 'आपके आने के बाद यहां कांग्रेस जरूर जीतेगी'।  इससे यह माना जाए कि हुड्डा स्वयं मानते हैं कि कांग्रेस यहां हार रही थी और राहुल के आने के बाद जीतेगी? इसके अलावा हुड्डा ने इस बात पर विशेष बल दिया कि सिरसा लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है।

अमित सिहाग ने किया सम्मानित

सिरसा। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अमित सिहाग ने अंत में राहुल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा किसी को भी मंच पर जाने की इजाजत नहीं मिल पाई। रैली में कांग्रेस के छोटे-बड़े लगभग सभी नेता एक अलग मंच पर आसीन थे। राहुल के आने से पहले यहीं से उन्होंने संबोधित भी किया। जगदीश नेहरा, भूपेश मेहता, प्रहलाद सिंह गिल्लांखेड़ा, मलकीत सिंह खोसा सहित विभिन्न नेताओं ने भी रैली स्थल पर पहुंचे लोगों को संबोधित किया। 

Saturday, 5 April 2014

सिलेंडर में लगी आग

कार में भरी जा रही थी गैस, लीकेज से हुआ हादसा

सिरसा। बेगू रोड पर गोल डिग्गी के समीप लोहिया बस्ती की गली नंबर पांच में आज दोपहर को कार में रसोई गैस सिलेंडर से गैस भरते समय गैस लीक होने पर अचानक आग लग गई। आग से कार का पिछला हिस्सा और साथ में एक दुकान में रखा सामान जल गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार लोहिया बस्ती की गली नंबर पांच में चंद्र मेहता पुत्र हंसराज मेहता शनिवार दोपहर को अपनी वेगनार कार में रसोई गैस सिलेंडर से गैस भर रहा था। बताया जाता है कि कार में गैस भरते समय गैस लीक कर रही थी तथा इसी दौरान उपर से गुजर रही बिजली का तारों में स्पार्किंग से आग लग गई। आग लगते ही लोगों में हड़कंप मच गया। दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि गैस सिलेंडर ने आग नही पकड़ी वर्ना बडा हादसा हो सकता था। आग से जहां कार का पिछला भाग बुरी तरह जल गया। वहीं साथ में गांव बेगू निवासी राज कुमार नढ़ा की टीवी रिपेयर आदी की दुकान में भी आग लग गई। आग से कार का करीब तीस हजार रुपए का नुकसान हो गया। वहीं राज कुमार की दुकान में रखे दो टीवी, कांउटर व अलमारी आदि जल गई जिससे उसका करीब दस हजार रुपए का नुकसान हो गया। 

दो महिलाओं की गई जान

झुलसी विवाहिता ने तोड़ा दम
सिरसा। संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी विवाहिता की गत सायं मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव आज परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार गांव बालासर निवासी रामप्रताप की पत्नी भावना 3 अप्रेल को झुलस गई थी। बताया गया है कि रात्रि को विद्युत आपूर्ति न होने के चलते भावना ने मोमबत्ती जलाई थी। रात को सोते समय रजाई में आग लगने के कारण वह झुलस गई। उपचार के लिए डबवाली रोड स्थित प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां बीती सायं उसका दम टूट गया। आगजनी की इस घटना में रामप्रताप भी झुलस गया था जिसका उपचार भी निजी अस्पताल में चल रहा है। आज सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया है कि राजस्थान के गांव टोपरिया निवासी भावना का विवाह 8 वर्ष पूर्व गांव बालासर में हुआ था। उसके एक लड़की व दो लड़के हैं।
कूदी नहर में
उधर चोपटा-नोहर फीडर में कूदकर अ ाज एक महिला ने आत्महत्या कर ली। गांव चिंदड़ निवासी सुभाष की पत्नी भगवानी मानसिक रूप से परेशान थी। आज सुबह चोपटा के पास ग्रामीणों ने नहर में शव बहते देखा। मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव वारिसों को सौंप दिया गया।

राहुल की रैली कल, तैयारियां पूरी

सिरसा। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की कल 6 अप्रेल को प्रस्तावित चुनाव रैली की तैयारियां पूरी हो गई हैंं। सिरसा से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार एवं निवर्तमान सांसद डॉ. अशोक तंवर व पूर्व सांसद चौ. रणजीत सिंह ने सुबह रैली स्थल का दौरा किया और तैयारियों की समीक्षा की।
इस मौके पर उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं व लोगों को संबोधित करते हुए अशोक तंवर ने कहा कि आसन्न लोकसभा चुनावों में सिरसा की जनता पिछले पांच साल में हुए विकास कार्यों पर मोहर लगाएगी। उन्होंने बताया कि हुडा के विशाल ग्राउंड में राहुल गांधी बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पार्टी के प्रदेश प्रभारी शकील अहमद राष्ट्रीय महासचिव आशा कुमारी सहित अन्य नेता शिरकत करेंगे। डॉ. तंवर ने बताया कि रैली के लिए सिरसा लोकसभा क्षेत्र के तमाम 9 हलकों के लोगों व पार्टी कार्यकर्ताओं को निमंत्रण दिया गया है। हमने पिछले 5 साल के कार्यकाल में 40 हजार करोड़ रुपए विकास कार्यों पर खर्च किए हैं।

Friday, 4 April 2014

मासूम व अध्यापक की मौत

डिंग के निकट ट्रैक्टर ने बच्चे को कुचला

सिरसा। डिंग मंडी में स्थित ईंटभ_े पर ट्रैक्टर ने एक बच्चे को कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के जिला कासगंज के गांव एटा निवासी कमलेश कुमार अपने परिवार के साथ डिंग मंडी स्थित श्याम बीकेओ पर ईंटें पाथने का काम करता है। बताया गया कि शुक्रवार सुबह एक ट्रैक्टर भ_े पर ईंट लेने आया। ट्राली में ईंटें लादने के बाद जैसे ही भ_े से रवाना हुआ उसने पास में ही खेल रहे कमलेश के पांच वर्षीय बेटे कृष्ण को कुचल दिया। भ_े पर काम रहे मजदूरों ने ट्रैक्टर चालक को मौके पर ही पकड़ लिया तथा पुलिस को सूचित किया। डिंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी चालक को हिरासत में लिया। परिजन घायल बच्चे को उपचार के लिए तुरंत सामान्य अस्पताल में लेकर आए, जहां चिकित्सक ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

ट्रैक्टर ने मारी मोटरसाइकिल सवार अध्यापक को टक्कर

सिरसा। राष्ट्रीय राज मार्ग नंबर दस पर गांव दरियापुर के समीप बाइक सवार अध्यापक की ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को फतेहाबाद के सामान्य अस्पताल में पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार गांव नाथूसरी कलां निवासी हरपाल (30) पुत्र बृजलाल गांव दरियापुर स्थित एक निजी शैक्षणिक संस्थान में अध्यापक के पद पर कार्यरत था। हरपाल अपने दोस्त गांव रामसरां निवासी रवि कुमार के साथ बृहस्पतिवार शाम को बाइक पर सवार होकर फतेहाबाद से गांव लौट रहा था। बताया गया कि दरियापुर के समीप बस के ट्रैक्टर-ट्राली को क्रॉस करते समय ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई। हादसे में हरपाल की मौत हो गई जबकि रवि गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी तथा घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद के सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

Thursday, 3 April 2014

नमो की ना, राहुल के स्वागत की तैयारियां शुरू

सिरसा। सिरसा लोकसभा चुनावों में अपने उम्मीदवारों की हौसला अफजाई और मतदाताओं को लुभाने के लिए राहुल का पहुंचना जहां तय हो चुका है वहीं हजकां-भाजपा गठबंधन के हिस्से मायूसी आई है। कांग्रेसी खेमा राहुल के आने की तैयारियों में जुट गया है तो वहीं नमो की ना ने गठबंधन के लिए सिरदर्द बढ़ा दिया है।
उल्लेखनीय है कि सिरसा में राहुल व मोदी के सभा करने की चर्चाएं दोनों दलों द्वारा बहुत पहले से शुरू कर दी गई थीं। मोदी के सात अप्रैल को सिरसा में सभा करने की बात भाजपा की ओर से कही गई। इसके बाद कार्यक्रम में तबदीली हुई और उनके फतहबाद में रैली करने की बात सामने आई। मतलब अपनी प्रस्तावित रैलियों में से एक रैली नरेन्द्र मोदी द्वारा सिरसा संसदीय क्षेत्र में जरूरी की जानी थी। लेकिन सूत्रों के अनुसार मोदी का सिरसा संसदीय क्षेत्र में रैली का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। आज मोदी गाजियाबाद में गरजे और कुरुक्षेत्र में भी उन्होंने कांग्रेस पर कठोर कटाक्ष किए। लेकिन मोदी के कदम सिरसा की ओर बढ़ते दिखाई नहीं दे रहे। अनुमान लगाया जा रहा है कि सिरसा में हजकां का प्रत्याशी होने के कारण मोदी का कार्यक्रम रद्द किया गया है। क्षेत्र के स्थानीय नेताओं ने हालांकि अभी भी आस नहीं छोड़ी है। उनका कहना है कि मोदी का सिरसा दौरा किन्हीं कारणों से अभी तक पूरी तरह तय नहीं हो पाया है। लेकिन वे सिरसा संसदीय क्षेत्र में यहां के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान के लिए जरूर पहुंचेंगे।
मोदी पहुंचें या नहीं लेकिन उनके न आने से यहां के सियासी समीकरणों को काफी झटका लग सकता है। अभी तक इनेलो के पक्ष में हवा बहती बताई जा रही है। आगामी कुछ दिन हवा का रूख बदलने में अहम साबित होंगे। इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि राहुल की रैली के बाद तस्वीर काफी कुछ बदलेगी। ऐसे में मोदी का आना, राहुल की हवा खराब करना माना जा रहा था लेकिन वे नहीं आते तो राहुल की हवा में पत्ते तंवर की झोली में गिरने की आशंका अधिक बलवान होगी।

राहुल की रैली के लिए स्थान तय, तंवर ने लिया जायजा

सिरसा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष एवं कांग्रेस अध्यक्ष डा. अशोक तंवर के समर्थन में सिरसा के हुडा ग्राउंड में छह अप्रैल को जनसभा संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के आगमन व जनसभा की तैयारियों को लेकर हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने वीरवार को जनसभा स्थल पर निरीक्षण किया।
डा. अशोक तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि सिरसा शहर में जनसभा के लिए हुडा ग्राउंड सबसे बड़ा मैदान है। उन्होंने रैली से जुड़े विभिन्न पहलूओं का निरीक्षण किया और अपने सहयोगियों के साथ तैयारियों को लेकर चर्चा भी की। उल्लेखनीय है कि सिरसा से कांग्रेस उम्मीदवार और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष डा. अशोक तंवर राहुल गांधी के करीबियों  में से एक है। 2009 के लोकसभा चुनाव में भी राहुल गांधी ने अशोक तंवर के चुनाव प्रचार के लिए सिरसा में आकर जनसभा की थी और इस बार के लोकसभा चुनाव में भी राहुल गांधी अशोक तंवर के लिए सिरसा आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि राहुल की जनसभा के लिए कांग्रेस की ओर तैयारियां आरंभ हो चुकी है और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गांव से लेकर कस्बों में तैयारी चल रही है।

हादसों में तीन की मौत
एक की हालत गंभीर

सिरसा। गांव बकरियांवाली व संघर के निकट हुए हादसों में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। 
मिली जानकारी के अनुसार रोहिड़ांवाली निवासी सुनील कुमार अपने जमाल निवासी रवि व जोधपुरिया निवासी राकेश कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी कार्य से गांव बकरियांवाली जा रहा था। बकरियांवाली के निकट सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में सुनील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने राकेश व रवि को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। उपचार के दौरान रवि की भी मौत हो गई। दुर्घटना का आरोपी चालक ट्रैक्टर सहित फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
उधर गांव संघर के निकट एक मोटरसाइकिल व ट्रैक्टर के बीच हुई भिड़ंत में गांव संघर निवासी चैला राम पुत्र जेसा राम की मौत हो गई।

Wednesday, 2 April 2014

हरियाणा में इनेलो को समर्थन : सुखबीर

सिरसा। पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा देश के नेताओं ने काफी संघर्ष के बाद अंग्रेजों से मुक्ति पाई थी मगर उनके बाद एक बार फिर कांग्रेस की काली सरकार से पीछा छुड़वाने के लिए पूरा संघर्ष करना होगा और आगामी 10 अपै्रल को कांग्रेस के खिलाफ मतदान कर उसे धूल चटा दो। वे आज ओढ़ां की अनाजमंडी में इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह रोड़ी के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सिख मतदाताओं से आह्वान किया कि वे वर्ष 1984 के सिख दंगों के दौरान हुए अत्याचारों को न भूलें क्योंकि उसी समय के दौरान हरियाणा में भजनलाल की सरकार ने सिख परिवारों पर दमन किया था। अब अपनी वोट की ताकत से कांग्रेस पर चोट कर उसे बदलने में सहयोग दें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बेशक उनकी पार्टी एनडीए की घटक है मगर हरियाणा में चौटाला परिवार के साथ उनका गहरा रिश्ता है और आगामी लंबे समय तक वे इस रिश्ते को निभाएंगे। उन्होंने यूपीए की चेयरपर्सन पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें न तो देश की संस्कृति पता है और न ही किसानों, मजदूरों की समस्याओं की जानकारी। वहीं इसके विपरीत हरियाणा में चौधरी देवीलाल परिवार और पंजाब में प्रकाश सिंह बादल परिवार को हरेक वर्ग की समस्याओं की बारीकी से जानकारी है और जब भी उन्हें अवसर मिलता है वे आमजन की समस्याओं को दूर करना प्राथमिकता मानते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चौटाला परिवार पर अत्याचार कर रही है मगर वह नहीं जानती कि इस परिवार की जड़ें बहुत गहरी हैं और जनता का प्यार व समर्थन सदैव उनके साथ है जिससे कांग्रेस उन्हें रतिभर भी नुकसान नहीं पहुंचा सकती। अकाली नेता बादल ने कहा कि जब से हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आई है तभी से हरियाणा विकास के मामले में काफी पिछड़ गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को केवल रोहतक में ही समूचा हरियाणा नजर आता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले मध्यप्रदेश, गुजरात, बिहार, उड़ीसा व छत्तीसगढ़ आदि प्रदेशों से पूरी तरह से साफ हो चुकी है और इन संसदीय चुनावों में कांग्रेस पूरे देश से साफ हो जाएगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इनेलो प्रत्याशी के समर्थन में वोटों की अपील की। इस अवसर पर इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, चरणजीत सिंह रोड़ी, पदम जैन, कृष्ण कंबोज, भागीराम, हरदयाल सिंह गदराना, डॉ. सीताराम, राज्य कार्यकारिणी सदस्य जसवीर सिंह जस्सा, मंदर सिंह सिहाग, धर्मवीर सिंह नैन, सर्वजीत मसीतां, संदीप गंगा, विनोद दड़बी, वीरभान मेहता, भगवान कोटली, जगसीर सिंह मांगेआना आदि ने भी अपने विचार रखे।

हर्षोल्लास से मनाया गणगौर

सिरसा। राजस्थान सीमा से सटे सिरसा की संस्कृति पर राजस्थान के तीज त्यौहार की झलक साफ दिखलाई पड़ती है। राजस्थान में धूमधाम से मनाया जाने वाला गणगौर उत्सव सिरसा में भी हर्षाेल्लास व श्रद्धा से मनाया जाता है। नोहरिया बाजार स्थित प्राचीन सत्यनारायण मंदिर में आज से तीन दिवसीय गणगौर उत्सव आरंभ हो गया है। गणगौर उत्सव के पहले दिन आज सुहागिनों ने गणगौर व ईशर की पूजा अर्चना कर अपने सुहाग की दीर्घायु की कामना की। सत्यनारायण मंदिर में सुबह सवेरे से ही महिलाओं का तांता लगना शुरू हो गया। इस अवसर पर मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया था। मंदिर में गणगौर-ईशर के साथ साथ पार्वती व भगवान शिव की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। श्रद्धालु महिलाएं सुहाग की प्रतीक वस्तुएं गणगौर को अर्पित करती है। इस अवसर पर मंदिर पुजारी सुशील शर्मा व गौतम शर्मा ने विधिवत पूजा अर्चना करवाई। महिला श्रद्धालुओं ने गणगौर से संबधित पौराणिक गीत गाकर पूजा अर्चना की।

Tuesday, 1 April 2014

अभय चौटाला भी जेल जाने के लिए लाइन में

कुलदीप बिश्नोई ने किया सिरसा में जनसंपर्क, इनेलो रही निशाने पर

Kuldeep Bishnoi on the stage
सिरसा। हजकां-भाजपा गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि 6 साल तक सत्ता में होने के बावजूद भी चौटाला परिवार सिरसा क्षेत्र का पिछड़ापन दूर नहीं कर पाया। यही कारण है कि आज क्षेत्र के लोग बिजली, पानी, सड़कें, रोजगार की बाट जोह रहे हैं। इन लोगों ने सत्ता में रहते हुए क्षेत्र के विकास की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। भय, आतंक और भ्रष्टाचार फैलाने से ही इनको फुर्सत नहीं मिली। हजकां-भाजपा गठबंधन इन लोगों के आतंक को समाप्त करना चाहता है और इसीलिए मैं आपसे ताकत मांगने आया हूं। आगामी 10 अपै्रल को टै्रक्टर के सामने वाला बटन दबाकर विकास के लिए, देश व प्रदेश की मजबूती के लिए वोट कीजिए।  हजकां अध्यक्ष कुलदीप बिश्रोई आज सिरसा से गठबंधन प्रत्याशी डॉ. सुशील इंदौरा के पक्ष में अनेक जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि आपके क्षेत्र में आतंक फैलाने वालों से आपको अब डरने की जरूरत नहीं, क्योंकि इनेलो नामक पार्टी का वजूद अब समाप्ति की ओर है। इसलिए आप खुलकर मतदान कीजिए। उन्होंने कहा कि अपने शासनकाल में की गई तानाशाही, गुंडागर्दी के कारण आज एक तिहाई चौटाला परिवार जेल में है और आय से अधिक संपत्ति के मामले में अभय चौटाला भी जेल जाने के लिए लाईन में लगे हुए हंै। झूठ व लूट के सहारे राजनीति करने वालों के दिन अब लद गए हैं। उन्होंने कहा कि मेरी किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं है। मैं सिर्फ भ्रष्टाचार का दुश्मन हूं और राजनीति से भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों को समाप्त करने तक मेरा संघर्ष जारी रहेगा।
हजकां अध्यक्ष ने कहा कि अपने 6 साल के राज में चौटाला परिवार ने क्षेत्र समेत पूरे प्रदेश को गहरे जख्म दिए। जमीनों पर कब्जे, दुकानों कब्जे करना इन लोगों की मुख्य पहचान थी। इनेलो ने अपने शासनकाल में गुंडागर्दी की सभी हदें पार कर दी थीं। चौटाला पिता-पुत्रों ने पूरे प्रदेश को अपनी बपौती समझकर लूट-खसोट का तांडव मचाया था। हरियाणा का छोटे से लेकर बड़ा व्यापारी तक चौटाला का काफिला देखकर डर जाता था। उस समय में कहावत थी जिसकी दुकान पै चौटाला की नजर पडग़ी, समझो उसका बंटाधार है। चौटाला सरकार में अपराधियों के बुलंद हुए हौंसले आज तक भी हरियाणा के लिए कलंक साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे तानाशाही व गुंडाराज को आप लोग कैसे भूल सकते हैं। इन लोगों के अपराध तो अब माननीय अदालतों में भी साबित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. सुशील इंदौरा आपका अपना उम्मीदवार है और इंदौरा के पक्ष में मतदान करके जहां आप नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में अमूल्य सहयोग करेंगे, वहीं आपके क्षेत्र में आतंक फैलाने वालों को भी करारा सबक सिखाओगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में नरेन्द्र मोदी की लहर है, क्योंकि जनता उनमें मजबूत प्रधानमंत्री देख रही है, जो कि देश को विकास की नई बुलंदियों पर लेकर जाएंगे। इसी तरह हरियाणा में हजकां-भाजपा गठबंधन को जनता अपना आशीर्वाद दे चुकी है और गठबंधन सत्ता मेंं देखना चाहती है। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. गणेशीलाल, जगदीश चोपड़ा, हजकां ग्रामीण जिलाध्यक्ष कुलदीप भांभू, शहरी जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश फुटेला, जिलाध्यक्ष भाजपा अमीर चंद मेहता, पाला सिंह कंबोज, अरूण बेनीवाल, मनप्र्रीत सिंह आजाद,  हेतराम कड़वासरा, राधेश्याम शर्मा,  राम कुमार कड़वासरा इत्यादि  मौजूद थे।

दिल में नमो, ज़बां पर हुड्डा

परिवर्तन की लहर के साथ बहने को आतुर दिखे कांडा

सिरसा (हस)। सिरसा के निर्दलीय विधायक गोपाल कांडा इन चुनावों में खुले तौर पर समर्थन का फैसला शायद नहीं लेने वाले हैं। हरियाणा के पिछले विधानसभा चुनावों से ही पूरी तरह सक्रिय राजनीति में उतरे कांडा ने इस दौर में कई सबक लिए हैं। वे जान चुके हैं कि राजनीति के इस खेल में किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में वे इस बार दांव इस बार एक मंझे हुए खिलाड़ी की तरह खेल रहे हैं। वे न तो कांग्रेस का विरोध खुलकर करते दिखाई दे रहे हैं और न ही किसी अन्य का समर्थन। यानी चित भी उनकी और पट भी।
आज गोपाल कांडा ने अपने कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई थी। माना जा रहा था कि वे इस दौरान पिछले कई दिनों से चल रही अटकलों पर विराम लगाएंगे। लेकिन उन्होंने बहुत ही चालाकी से अपने संदेश में 'परिवर्तन की लहर' का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि देश में परिवर्तन की लहर है और हरियाणा भी इससे अछूता नहीं है। हालांकि उन्होंने कार्यकर्ताओं को साफ संकेत दे दिया कि वे क्या चाहते हैं लेकिन पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने खुलकर कुछ भी नहीं कहा।
पुरानी डील की दिखी मजबूरी
कांडा की बातों में उनकी विधानसभा चुनावों के दौरान प्रदेश की हुड्डा सरकार के साथ हुई डील की मजबूरी साफ झलकती दिखी। कांडा निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में सिरसा से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। बाद में प्रदेश में भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में निर्दलीय बैसाखी के सहारे कांग्रेस सरकार बना पाई। ऐसा माना जाता है कि कुल सात निर्दलीय विधायकों को कांग्रेस के साथ जोडऩे की सबसे मजबूत कड़ी गोपाल कांडा ही थे। अब अगर इन चुनावों में गोपाल कांग्रेस के खिलाफ अगर खुलकर नहीं जा रहे तो इसके पीछे कहीं न कहीं उनकी पूर्व की डील भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि वे तो निर्दलीय हैं और हुड्डा को समर्थन दे रहे हैं और वे यह समर्थन पूरे पांच साल के कार्यकाल तक देंगे।
बातों ही बातों में इशारा हो गया
सवाल चाहे समर्थन का रहा या चुनावों में संभावित जीत का, आज कांडा ने जवाब दिए तो वे कुछ न कहते हुए भी सबकुछ कह गए। लोकसभा चुनावों में किसकी जीत होगी? इस सवाल के जवाब में कांडा ने कहा कि विकास की जीत होती है। यदि विकास हुआ है तो मौजूदा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान होगा और अगर विकास नहीं हुआ तो विरोध में। अब यह जनता ही बताएगी कि विकास हुआ या नहीं।
जल्द होगा पार्टी पर फैसला
स्वयं की पार्टी के बारे में कांडा ने कहा कि उन्हें प्रदेशभर से कार्यकर्ताओं द्वारा प्रोत्साहन मिल रहा है। जल्द ही वे इस संबंध में औपचारिक घोषणा करेंगे। कांगे्रस के बागी विनोद शर्मा के साथ मिलकर पार्टी बनाने की संभावनाओं को फिलहाल उन्होंने सिरे से नकार दिया। उल्लेखनीय है कि विनोद शर्मा द्वारा भी स्वयं की पार्टी खड़ी किए जाने की चर्चा है।