BREAKING NEWS
Tuesday, 10 June 2014
Monday, 9 June 2014
निर्जला एकादशी पर लगी छबीलें
सिरसा। निर्जला एकादशी पर आज जिलाभर में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं व दुकानदारों तथा राजनीतिज्ञों ने छबील लगाकर जलसेवा की। कुछ स्थानों पर छोले पूरी का प्रसाद भी वितरित किया गया। शहर में जगह-जगह छबीलें लगाकर राहगीरों को ठंडा जल, शीतल पेय व दूध-शर्बत पिलाया गया।
समाजसेवी संस्था सर्वधर्म एकता सोसायटी द्वारा निर्जला एकादशी के पर्व पर न्यू हाऊसिंग बोर्ड कालोनी में ठंडे पानी की छबील लगाई गई। इस दौरान युवाओं ने राहगीरों को ठंडा-मीठा जल पिलाया।
श्री कृ ष्ण मानव कल्याण समिति द्वारा निर्जला एकादशी पर्व के उपलक्ष्य में नये बस स्टैण्ड पर ठंडे-मीठे जल का भंडारा लगाया गया। इस अवसर पर सैंकड़ों यात्रियों ने प्यास बुझाई व संस्था को आशीर्वाद दिया।
निर्जला एकादशी के पावन पर्व ऑटो मार्किट के प्रधान अनिल बांगा, बाबा श्योराम दास के सुपुत्र लीलाराम गुर्जर व समस्त ऑटो व्यवसायियों द्वारा डबवाली रोड स्थित बाबा श्योराम दास डेरा के सामने ठंडे-मीठे पानी की छबील लगाई गई। इस दौरान राहगीरों एवं यात्रियों ने तपती गर्मी में ठंडा जल पीकर अपनी प्यास बुझाई।
निर्जला एकादशी के उपलक्ष्य में कांग्रेस के पूर्व प्रांतीय संगठन सचिव नवीन केडिया के कार्यालय पर शीतल लैमन राहगीरों को पिलाकर भीषण गर्मी से कुछ राहत दिलवाने का प्रयास किया गया। केडिया ने बताया कि निर्जला अर्थात जल के बिना व्रत रखने पर व्यक्ति को दीघार्यु तथा मोक्ष की प्राप्ति होती है।
लायन्स क्लब सिरसा अमर के सहयोग से स्थानीय कोर्ट कालोनी रोड पर आज निर्जला एकादशी के अवसर पर मिल्क शेक की छबील लगाई गई जिसका उदघाटन अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के जिलाध्यक्ष रमेश साहुवाला ने किया।
लुटेरे काबू, पूछताछ जारी
सिरसा। कीर्तिनगर चौकी पुलिस ने अग्रसेन कालोनी में विगत 18 अप्रेल की रात्रि को हुई 22 लाख की लूट मामले को सुलझा लिया है। इस मामले में लूट गिरोह के मुख्य सरगना अमर बहादुर निवासी गांव भावदीन जिला सिरसा, सदस्य पंजाब सिंह, भाग सिंह, तरसेम उर्फ शंटी व हरप्रीत को काबू किया है। इनके अलावा लूट में प्रयुक्त गाड़ी के चालक की गिरफ्तारी अभी बाकी है। बताया गया है कि आरोपी पंजाब का रहने वाला है। कीर्तिनगर चौकी पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर चार दिन का रिमांड हासिल किया है। आरोपियों से लूट में प्रयुक्त हथियार, बाईक, गाड़ी व लूटी गई राशि बरामद की जानी है। साथ ही लूट की इस योजना में अन्य लोगों की संलिप्तता का भी पता लगाया जाना है। उल्लेखनीय है कि गिरोह सरगना अमर बहादुर निवासी गांव भावदीन जिला सिरसा के खिलाफ पहले से ही लूट व डकैती के कई मामला दर्ज हैं।
कीर्तिनगर चौकी पुलिस रामनिवास ने बताया कि तीन जून को ऐलनाबाद में डकैती की योजना बनाते हुए पुलिस ने पांच लोगों को काबू किया था। पांचों को एलनाबाद कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद कीर्तिनगर चौकी पुलिस ने सिरसा न्यायालय ने प्रोडक्शन वारंट पर आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में इन पांचों ने अग्रसेन कालोनी निवासी महेश बांसल के आवास से 22 लाख रुपये की लूट किया जाना स्वीकार किया। जिसके बाद पुलिस ने पांचों को न्यायालय से चार दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि में इनसे लूट में प्रयुक्त हथियार, गाड़ी, मोटरसाइकिल व नकदी बरामद की जानी है। साथ ही लूट के इस मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जानी है। जांच अधिकारी रामनिवास ने बताया कि पूछताछ में यह भी पता चला है कि आरोपी पिछले छह माह से लूट की योजना बना रहे थे। कई बार प्रयास भी किया लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। उन्होंने बताया कि लूट के इस मामले में महेश बांसल का एक नौकर भी संदेह के घेरे में है जो लुटेरों को पल-पल की जानकारी उपलब्ध करवा रहा था।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपियों से लूटी गई राशि का कुछ हिस्सा बरामद कर लिया गया है। लेकिन पुलिस अभी इसका खुलासा नहीं कर रही है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस शीघ्र ही महेश बांसल के उस नौकर और लूट में शामिल एक अन्य आरोपी गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर सकती है। इसके बाद ही और खुलासे होंगे।
Sunday, 8 June 2014
Saturday, 7 June 2014
सामान्य अस्पताल की सुविधाएं फर्श पर
ईलाज के लिए आई वृद्धा को फर्श पर लिटा लगाई बोतल
तीमारदार बने स्टैंड
सिरसा। मुख्यमंत्री चाहे स्वास्थ्य सेवाओं के लिए करोड़ों खर्च करने की छाती ठोकते हों, सांसद चाहे लाख स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करवाने का दावा करते हों और प्रशासनिक अधिकारी भी चाहे आए दिन मीडिया में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की हुंकार भरते हों, लेकिन उन सभी छाती ठोक दावों पर आम लोग सिर्फ छाती ही पीट सकते हैं। विदेशों की तर्ज पर स्वास्थ्य सेवाएं और उपकरण उपलब्ध होने की बानगी पेश करने के लिए यह चित्र ही काफी है। खैरेकां निवासी अक्की बाई पत्नी दाना राम को उसके परिजन टीबी की शिकायत होने पर अस्पताल लाए। चिकित्सक ने उसे ट्रोमा सेंटर में भेज दिया। यहां पर स्वास्थ्य कर्मियों ने उसे बैड उपलब्ध नहीं करवाया, बल्कि बैंच के पास फर्श पर ही लेटने के लिए कहा। यहीं पर वृद्धा के साथ आई महिला के हाथ में ग्लूकोज की बोतल थमा दी।
यह हालात सभी उच्च स्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित एक जिलास्तरीय सामान्य अस्पताल के हैं। वह अस्पताल, जिसमें ट्रामा सेंटर बना है। वह अस्पातल, जिसमें इमरजेंसी के लिए हर प्रकार के उपकरण व स्टाफ हर समय उपलब्ध रहता है। वह अस्पताल, जिसमें सभी बीमारियों के लिए मोटी तनख्वाह पर विशेषज्ञ रखे गए हैं। वह अस्पताल, जिसमें बीमारियों के हिसाब से विभागों का बांटा गया है। ऐसे अस्पताल में यदि किसी का ईलाज इस प्रकार होता है तो अंदाजा लगा लीजिए कि दूर-सुदूर गांवों की स्थिति क्या होगी?
नर्स व मजदूर ने की आत्महत्या
एएनएम ने खासा सल्फास, मजदूर ने लगाई फांसी
सिरसा। क्षेत्र में दो लोगों ने आज मानसिक परेशानी के चलते जीवनलीला समाप्त कर ली। निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स ने सल्फास खा ली जबकि दुग्ध डेयरी पर कार्य करने वाले मजदूर ने फांसी लगाई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार शक्तिनगर निवासी गुरप्रीत की पत्नी एएनएम राजबीर कौर (27) ने कल देर शाम सल्फास निगल ली। बताया जा रहा है कि राजबीर कौर एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्य करती थी। गत सायं वह ड्यूटी के बाद घर पहुंची। उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था। बताया गया है कि राजबीर मानसिक रूप से परेशान रहती थी, इसी के चलते उसने घर में रखी सल्फास निगल ली। हालत बिगडऩे पर आस-पड़ोस के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां देर रात उसका दम टूट गया। वहीं जंडवाला मोहल्ला में स्थित एक डेयरी पर कार्य करने वाले झारखंड निवासी 25 वर्षीय अशोक पुत्र हिमानी ने गत रात्रि अपने कमरे में गार्डर से फंदा लगाकर जान दे दी। उसके साथ कार्य करने वाले लोगों का कहना है कि वह परेशान रहता था। संभवत इसी के चलते उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिए।
Friday, 6 June 2014
एचएसजीपीसी पर होगा पुनर्विचार : हुड्डा
कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले सीएम
हरियाणा में मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच
सिरसा। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बनाने को लेकर सरकार पुनर्विचार करेगी। मुख्यमंत्री ने यह बात कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष द्वारा अनाज मंडी की सभा में रखी गई मांग पर कही। लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस द्वारा विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं को ठोंकने-पीटने की कवायद शुरू की है। इसी कड़ी में आज दूसरा सम्मेलन सिरसा की अनाज मंडी में हुआ।
सम्मेलन में हुड्डा ने कांग्रेस की हार को पूर्ण रूप से केन्द्र से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में तस्वीर बिलकुल उलट होगी और कांग्रेस प्रदेश में हैट्रिक बनाएगी। कई बड़े मुद्दों पर हुड्डा खुलकर बोले। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव कांग्रेस व भाजपा में ही होगा। इनेलो, हजकां व नवगठित दल हलोपा के अस्तित्व को ही उन्होंने नकार दिया। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के तहत प्रत्येक जिला स्तर पर 28 जून तक दो लाख कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा। प्रदेश में विकास कार्यों को देखकर चुनाव होंगे और अब की बार किसी की हवा काम नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सिरसा में विकास के मामले में कभी भी भेदभाव नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कई कारणों से विकास कार्यों में देरी जरूर हुई लेकिन अब वे इस कमी को पूरा कर देंगे।
'कभी सोए-कभी जागे'
केवी की भी फिसली जुबान
सिरसा। कांग्रेस के सम्मेलन में लगभग सभी बड़े नेताओं का ध्यान भटका नजर आया। सम्मेलन के मंच पर जहां मुख्यमंत्री टैंशन में दिखे, वहीं तंवर की बीच-बीच में आंख लगती दिखी। लगभग सभी बड़े नेता थकावट का अहसास करवा रहे थे। तंवर पहले सोए, लेकिन जब बोलने की बारी आई तो पूरी तरह सक्रिय दिखे। दिल का पूरा दर्द उन्होंने लफ्जों में बयां कर दिया। कांग्रेस के दगाबाजों को नाम सहित कोसा तो मीडिया को भी लपेटे में लिया। इसी के साथ ही उन्होंने साफ किया कि विधानसभा चुनाव में किसी भी दगाबाज को टिकट नहीं मिलने दूंगा। इससे पहले मंच से उवाच रहे मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार डा. केवी सिंह की जुबान इस कदर फिसली कि उन्होंने 'कांग्रेस को हराने में कसर नहीं छोड़ूगां' की बात कह डाली। हालांकि साथ ही उन्होंने अपनी गलती सुधारी।
राजकुमार हत्या मामले में आरोपी भाई गिरफ्तार
सिरसा। डीसी कालोनी में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की धारा जोड़ दी है। आरोप मृतक के भाई और मां पर लगे हैं। आज खैरपुर चौकी पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल कर ली। उल्लेखनीय है कि राम कॉलोनी निवासी लैब टैक्निशियन राजकुमार की विगत 31 मई की रात्रि को रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई थी। राजकुमार का शव उसके घर में ही कमरे में पड़ा मिला था। कई दिनों की जांच-पड़ताल के बाद आखिरकार पुलिस ने राजकुमार की हत्या के मामले में उसकी मां चंपा देवी व भाई श्रीराम को ही आरोपी पाया था। खास बात यह है कि हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद मामला स्पष्ट होने के बावजूद भी पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया था। इसी से गुस्साए राजकुमार की पत्नी, परिजनों, दोस्तों, दुकानदार साथियों व अन्य शुभचिंतकों ने गत दिवस बरनाला रोड जाम कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाए थे। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई थी।
आज खैरपुर पुलिस ने इस मामले में मृतक राजकुमार के भाई श्रीराम को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। पुलिस प्रवक्ता ने आधिकारिक तौर पर गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि श्रीराम की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच को सही दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा। इस मामले में जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए श्रीराम से पूछताछ के बाद शीघ्र ही इस मामले में और गिरफ्तारियां भी संभव हैं।
व्यक्ति की संदिग्ध मौत
सिरसा। गांव नथौर में एक व्यक्ति की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। व्यक्ति का शव गांव के ही एक किसान के खेत की डिग्गी में पड़ा मिला। व्यक्ति की मौत संदिग्ध होने के पीछे उसकी गांव के ही एक व्यक्ति से रंजिश होना बताया जा रहा है। हालांकि परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाए हैं। जिसके चलते पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत बताकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव नथौर निवासी महावीर पुत्र राय साहब का शव आज सुबह किसान भीम राय के खेत की डिग्गी से मिला। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। महावीर के जानकारों के अनुसार उसकी गांव के ही सोहन लाल से रुपयों के लेन-देन को लेकर रंजिश चल रही थी। गत सायं महावीर अपने एक हमनाम दोस्त के साथ गांव से निकला था। आज सुबह उसका शव डिग्गी में पड़े होने की सूचना मिली। ग्रामीणों के अनुसार डिग्गी के पास ही सोहन लाल की कार भी खड़ी मिली। जिससे यह मामला संदिग्ध बनता है। लेकिन मृतक महावीर के परिजनों ने इस सम्बंध में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। पुलिस को दी जानकारी में भी किसी प्रकार की रंजिश का जिक्र नहीं किया गया। पुलिस ने शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया और मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
करंट लगने से टूटा दम
सिरसा। चतरगढ़ पट्टी क्षेत्र में स्थित एक हरे चारे की दुकान में बिहार मूल के युवक की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमार्टम के बाद वारिसों को सौंप दिया। मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से बिहार का निवासी 26 वर्षीय अमिलेश पुत्र दशरथ यादव चतरगढ़पट्टी में हरा चारे की एक दुकान (टाल) में कार्य करता था। गत देर सायं टाल पर ही तार में जोड़ पर उसका पैर पड़ गया जिससे उसे जोरदार करंट लगा। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी टाल संचालक ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि अमिलेश विगत काफी समय से बिहार गया हुआ था और कल ही वहां से वापिस सिरसा लौटा था।
Wednesday, 4 June 2014
मां-पुत्र ने की हत्या!
जमीनी विवाद बना कारण
पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज
सिरसा। डीसी कालोनी में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के मामले की परतें धीरे-धीरे खुलने लगी हैं। पुलिस द्वारा मृतक राजकुमार की मां व भाई से पूछताछ के बाद इसे हत्याकांड ही कहा जा सकता है। प्रारंभिक पूछताछ व मृतक की पत्नी द्वारा पुलिस को बताई कहानी पर नजर दौड़ाएं तो बड़े ही सुनियोजित तरीके से राजकुमार को मौत के घाट उतारा गया। और इस कांड को किसी और ने नहीं, राजकुमार की मां व भाई ने ही अंजाम दिया। इस मामले में एक-दो और लोगों के शामिल होने से भी इंकार नहीं किया जा रहा है। लेकिन फिलहाल पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर मां-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी की बात से हालांकि पुलिस इंकार कर रही है लेकिन यह स्पष्ट है कि दोनों आरोपी मां-पुत्र पुलिस हिरासत में ही हैं।
मृतक की पत्नी की शिकायत
मृतक राजकुमार की पत्नी संतोष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उनकी पुश्तैनी जमीन को लेकर उनके घर में अक्सर तनाव रहता था। इसी के चलते एक साजिश के तहत उसकी सास चंपा देवी व जेठ ने उसके पति की हत्या की। आरोप है कि साजिश के तहत ही उसकी सास ने उसे मायके भेज दिया। दो दिन बाद उसे फोन पर सूचना दी गई कि उसके पति की मौत दौरा पडऩे से हो गई है। जब तक वह वापिस लौटी उसके पति के कपड़े बदल दिए गए थे। आरोप है कि उसकी सास ने खून से सने कपड़ों को पहले धोया और फिर आग लगा दी। इसके बाद भी राजकुमार का पोस्टमार्टम न करवाने और आनन-फानन में ही दाह-संस्कार की कोशिश करने से उसका शक और गहरा गया।
जिम पार्टनर ने भी जताया संदेह
मृतक राजकुमार के जिम में पार्टनर शिव गोदारा का कहना है कि राजकुमार लड़ाई-झगड़ा नहीं करता था। जब उसे राजकुमार के सिर पर लगी चोट का पता चला तो वह पता लेने उसके घर गया लेकिन परिजनों ने उससे मिलने नहीं दिया। फोन किया तो राजकुमार का फोन भी बंद था। जो भी दोस्त घर पर पता करने गए किसी से भी मिलने नहीं दिया। उन्होंने संदेह व्यक्त किया है कि शायद परिजनों ने ही उसकी हत्या की है।
यह था मामला
डीसी कालोनी निवासी लैब टैक्निशियन राजकुमार की विगत 31 मई की रात्रि को रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई थी। राजकुमार का शव उसके घर में ही कमरे में पड़ा मिला था। परिजनों के अनुसार राजकुमार देर रात वापिस लौटा था और उसकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं थी। परिजनों का कहना था कि जिम में उसकी किसी के साथ लड़ाई हुई थी जिसके चलते उसके सिर पर चोट भी लगी थी। इस बारे राजकुमार ने घर पर कुछ नहीं बताया था। उस समय शक की सुई जिम पार्टनर शिव गोदारा पर भी उठी थी। लेकिन अब इस मामले में नया मोड़ आया है। पुलिस का कहना है कि वह सभी कोणों से जांच कर रही है।
दुकानदार से लूट
सिरसा। पूर्व सांसद एवं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के निवास के सामने तीन नकाबपोश युवकों ने एक मोटरसाइकिल सवार को घायल कर एक लाख रुपये की नकदी लूट ली। आरोपी कार में सवार होकर आए और वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो गए। पीडि़त को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल में उपचाराधीन न्यू हाउसिंग बोर्ड निवासी विक्रम पुत्र पाल सिंह ने बताया कि वह वैल्डिंग की दुकान करता है। सुबह वह किसी को रुपये देने के लिए मोटरसाइकिल पर घर से निकला था। उसके पास एक लाख रुपये थे। सुबह करीब साढ़े 8 बजे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के निवास के पास एक सिल्वर रंग की कार में सवार तीन लोगों ने उसे रोका। कार से एक नकाबपोश युवक बाहर निकला और उसके सिर पर डंडा दे मारा। वह घायल होकर गिर पड़ा और युवक ने उसके पास से एक लाख रुपये की नकदी लूटी और कार में सवार होकर फरार हो गए। उसे जब सुध आई तो वह अस्पताल उपचार के लिए पहुंचा और पुलिस को मामले की जानकारी दी। हुडा चौकी पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपियों की छानबीन शुरू कर दी है।
हादसे में व्यक्ति की मौत
सिरसा। ओढां थाना क्षेत्र के गांव खुइयां नेपालपुर में एक व्यक्ति की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार गांव खुइया नेपालपुर निवासी रामस्वरूप उर्फ रामू (40) आज सुबह घर से नहर में पानी का पता करने गया था। वापिस लौटते समय अचानक एक गली से निकले ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ट्रैक्टर को गांव का ही शंकर पुत्र लाधूराम चला रहा था। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। एएसआई कृष्ण बिश्रोई ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान पर मामला दर्ज का जांच शुरु कर दी है। शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
80 किलो पोस्त बरामद
सिरसा। गांव मल्लेकां से एक व्यक्ति के घर से पुलिस ने 80 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के साथ सप्लायर के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार मल्लेकां चौकी पुलिस को गांव के सोमनाथ पुत्र हरदेव के घर बड़ी मात्रा में चूरापोस्त पड़े होने की सूचना मिली थी। एएसआई प्रेम कुमार के नेतृत्व में टीम ने सोमनाथ के घर पर दबिश दी। छापे में पुलिस को 80 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि यह चूरापोस्त वह राजस्थान से लेकर आया था। सप्लायर के खिलाफ भी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
Tuesday, 3 June 2014
पेयजल किल्लत बनी मासूम का काल
सिरसा। गांव पन्नीवाला मोटा में पानी की किल्लत एक मासूम की मौत बनकर आई। जलापूर्ति न होने के कारण ग्रामीणों को पानी के टैंकर मंगवाने को मजबूर होना पड़ा। आज सुबह एक ट्रैक्टर चालक जब पानी का टैंकर लेकर गया तो अढाई वर्षीय मासूम उसके नीचे आ गया। आरोपी चालक टैंकर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव पन्नीवाला मोटा में विगत काफी समय से पानी किल्लत चल रही है। इसी के चलते लोगों को टैंकर मंगवाकर पानी की आपूर्ति की जा रही थी। आज सुबह एक ट्रैक्टर चालक कैंटर में पानी लेकर नाथ मौहल्ले में जा रहा था। इसी दौरान घर के बाहर खेल रहा अढाई वर्षीय मोहित पुत्र ओमपाल टैंकर के नीचे आ गया। हादसे में मोहित बुरी तरह घायल हो गया वहीं चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीण मोहित को गांव के स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए जहां से उसे सिरसा रैफर कर दिया गया। यहां सामान्य अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया है।
पेयजल आपूर्ति को लेकर प्रदर्शन
सिरसा। गांव पन्नीवाला मोटा में मंगलवार को नाथ समुदाय के लोगों ने पेयजल किल्लत को लेकर विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त कर मटके फोड़ते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि उनक ा मौहल्ला काफी समय से पेयजल संकट से जूझ रहा है परंतु संबंधित अधिकारी आंखे मूंदे हुए हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद भी समस्या के समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्हें भीषण गर्मी व धूप में पानी के लिए दूर जाना पड़ता है। इसके अलावा टैंकर वाले पूरा फायदा उठाते हुए 500 रुपये तक प्रति टैंकर मांगते हैं। मजबूरन उन्हें टैंकर मंगवाना पड़ रहा है।
संदिग्ध मौत : मां-पुत्र हिरासत में
सिरसा। डीसी कालोनी में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में शक की सुई उसके भाई व मां पर आकर अटकी है। आज पुलिस ने दिनभर दोनों मां-पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अभी तक किसी भी तरह की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता। पुलिस इस मामले में कुछ भी बताने से इंकार कर रही है।
ज्ञातव्य हो कि डीसी कालोनी निवासी लैब टैक्निशियन राजकुमार की विगत 31 मई की रात्रि को रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई थी। राजकुमार का शव उसके घर में ही कमरे में पड़ा मिला था। परिजनों के अनुसार राजकुमार देर रात वापिस लौटा था और उसकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं थी। यही नहीं परिजन इस मामले की जांच तक नहीं करवाना चाहते थे। इसी कारण पुलिस को उस दिन घर में मौजूद मृतक की मां व बड़े भाई जीतराम पर संदेह हुआ। आज जांच अधिकारी शिवचरण शर्मा ने खैरपुर पुलिस चौकी में मां-पुत्र को हिरासत में लेकर घंटों पूछताछ की। समाचार लिखे जाने तक पूछताछ जारी थी। लेकिन अधिकारी कुछ भी बताने से बच रहे थे।
झुलसने से पथेर की मौत
सिरसा। गांव नटार स्थित ईंट भ_े पर कार्य करने वाले एक 50 वर्षीय पथेर की झुलसने से मौत हो गई। हादसा चाय बनाते समय आग भभकने से हुआ। मिली जानकारी के अनुसार लक्खी तालाब मोहल्ला निवासी बुधराम पुत्र बचनाराम गांव नटार स्थित ईंट भ_े पर पथेर के रूप में कार्य करता था। गत रात्रि वह चाय बना रहा था कि आग की चपेट में आ गया। बुरी तरह झुलसी अवस्था में उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में लाया गया, जहां देर रात्रि उसका दम टूट गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
अब बनेगी भाजपा सरकार : रामविलास
कहा : गठबंधन पर अंतिम फैसला हाईकमान का
मौन रखकर मुंडे को दी श्रद्धांजलि
सिरसा। भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है और लोकसभा चुनावों की भांति हरियाणा में भी भाजपा सरकार बनाने जा रही है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा ने आज वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश चोपड़ा के आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बात कही। उनके साथ भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुभाष बराला, जिला प्रभारी श्रीनिवास गोयल, जिला प्रधान अमीर चंद मेहता भी मौजूद थे। इससे पहले केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे के आकस्मिक निधन पर पत्रकार वार्ता में ही दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
जगदीश चोपड़ा ने अपने आवास पहुंचने पर रामबिलास शर्मा व प्रदेश के साथ-साथ जिले भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। रामबिलास शर्मा ने कहा कि आज सिरसा और हिसार लोकसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं व मतदाताओं का आभार व्यक्त करने के लिए बैठकें बुलाई गई थी, लेकिन उन्हें दिवंगत मुंडे के सम्मान में श्रद्धांजलि सभा में बदला गया। उन्होंने लोकसभा चुनावों में गठबंधन के प्रत्याशी डा. सुशील इंदौरा को सहयोग और समर्थन करने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। रामबिलास शर्मा ने कहा कि इन चुनावों में गठबंधन ने 68 सीटों पर बढ़त हासिल की है और 74 सीटों पर सत्ताधारी कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 3 साल से प्रदेश में भाजपा का हजकां के साथ गठबंधन है और वे स्वयं इस गठबंधन को बनाए रखने के पक्षधर हैं, लेकिन अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व ने ही करना है। उन्होंने कहा कि वे केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष प्रदेश की जनता और नेतृत्व की बात रखेंगे तथा उसके बाद गठबंधन पर अंतिम निर्णय होगा। रामबिलास शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता प्रदेश में यह नारा लगा रहे हैं कि दिल्ली हुई हमारी है, अब चंडीगढ़ की बारी है। एक अन्य प्रश्र के उत्तर में रामबिलास शर्मा ने कहा कि पहले राजनीतिक दलों के एजेंडे पर काम होता था, लेकिन अब लोगों के एजेंडे पर राजनीतिक दल काम करते हैं। भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री पद का दावेदार कौन होगा, इसका जवाब देते हुए शर्मा ने कहा कि यह निर्णय भी केंद्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने अधिकतर सवालों के जवाब केंद्रीय नेतृत्व पर छोड़ दिए।
नई नवेली 62 दुल्हनों की बनाई ब्लू फिल्म
वैशाली। लड़कियों के साथ प्यार और शादी के नाम पर धोखाधड़ी के मामले दिनों-दिन बढ़ते जा रहे हैं। ऎसा ही एक मामला बिहार के वैशाली जिले में सामने आया। 62 वर्षीय महिला ने एक युवक पर आरोप लगाया कि उसने झांसा देकर शादी रचाई और उनमें से कई महिलाओं की अश्लील फिल्में बनाकर बेची। गिरफ्तारी के बाद थाने पहुंची करीब दो दर्जन से अधिक महिलाओं ने उसकी पहचान अपने पति के रूप में की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि टीटीई की ड्रेस में ट्रेनों में सफर कर महिलाओं को फंसाता था। आरोपी युवक ने बताया कि वह अब तक कुल 62 शादियां कर चुका है। उसकी मोबाइल में राजकुमार राय उर्फ मुहम्मद निजाम उर्फ मुहम्मद सिजाम नाम से पत्नियों का पता चला। साथ ही बताया कि कुछ दिन तक नई-नवेली दुल्हन के साथ रहता है और उसी दौरान अश्लील फिल्म तैयार कर बेच देता है। पुलिस ने ऎसी दर्जनों अश्लील सीडियों को अपने कब्जे में लिया। गौरतलब है कि जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर काबा गांव से 14 वर्षीय किशोरी गायब हुई थी। उसकी तलाश के दौरान ही आरोपी युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा।
Monday, 2 June 2014
वैष्णो देवी के भवन में हुआ कुछ ऐसा, सुनकर चौंक जाएंगे
दर्शन के लिए लाइन में लगी थी महिला
जम्मू में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए भवन के बाहर लंबी पंक्ति में खड़ी एक गर्भवती महिला ने बच्चे को जन्म दिया।
अपने आप में अनोखे इस मामले के संबंध में पुलिस ने बताया कि मेरठ निवासी सुरवेश कुमार की गर्भवती पत्नी राज बाला (35) पवित्र गुफा के बाहर गेट नंबर तीन पर दोपहर लगभग एक बजे अपनी बारी का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान महिला को प्रसव पीड़ा उठी और वह वहीं बैठ गई। सूचना पाकर भवन डिस्पेंसरी से एक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पंक्ति में खड़ी अन्य महिलाओं के सहयोग से राज बाला ने एक लड़के को जन्म दिया। बाद में उसे तत्काल हेल्थ सेंटर ले जाया गया। पुलिस के अनुसार महिला और बच्चे को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
पवित्र गुफा में इस तरह की यह पहली घटना है। भवन डिस्पेंसरी के डॉक्टर का कहना है कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। नवजात शिशु का वजन भी सामान्य से बेहतर है।
'खुशी है कि मां ने मेरी प्रार्थना सुनी'
लड़के को जन्म देने के बाद महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। राज बाला ने बताया कि इससे पहले उसकी दो लड़कियां हैं। गर्भ का अंतिम समय होने के बावजूद वह मां के पास लड़के की आस के साथ प्रार्थना करने पहुंची थी। वह पंक्ति में खड़ी होकर मां से प्रार्थना कर रही थी कि उसे दर्द उठा। मुझे खुशी है कि मां ने मेरी प्रार्थना सुनी और झोली में बेटा डाला।
मंत्रालयों में स्टेनोग्राफर की बंपर भर्ती
स्टेनोग्राफर बनने का सुनहरा अवसर
कर्मचारी चयन आयोग ने विभिन्न मंत्रालयों में स्टेनोग्राफर के ग्रुप सी व ग्रुप डी के कुल 534 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की है। इन पदों में ग्रुप सी के 38 पद व ग्रुप डी के 496 पद शामिल हैं। जिनमें सामान्य वर्ग के 327 पद, ओबीसी के 105 पद, अनुसूचित जाति के 63 पद व जनजाति के 39 पद शामिल हैं।इन पदों के लिए शैक्षिक योग्यता 12वीं निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी की स्टेनोग्राफर में 80 शब्द प्रति मिनट की गति होनी चाहिए।
चाबी के एक ही छल्ले में सबकुछ: चार्जर, केबल, लोकेटर, मेमोरी
अब "गोकी" नाम से एक ऎसी अनोखी डिवाइस आ चुकी है जिसमें मोबाइल फोन चार्जर, केबल, लोकेटर तथा मेमोरी जैसे सारे फीचर्स एकसाथ उपलब्ध है। यह एक चाबी का छल्ला है इसमें जिसमें ये सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। गोकी को फिलहाल यूएस मार्केट में उपलब्ध कराया गया है। मेमोरी के अनुसार इसमें 8 जीबी, 16 जीबी एवं 32 जीबी इन तीन वेरियंट्स में उतारा गया है। इसकी सबसे खास बात ये कि इस छल्ले में ब्लूटुथ कनेक्टिविटी दी गई है जिससें यह स्मार्टफोन से कनेक्ट हो जाता है। यह आईफोन, एंड्रॉयड एवं विण्डोज ओएस वाले गेजेट्स से कनेक्ट होता है।
ये खासियत-
बैटरी-
मल्टीपरपज डिवाइस गोकी में बैटरी दी गई है जिसें चार्ज करनेके बाद उसका उपयोग स्मार्टफोन को चार्ज करने में किया जा सकता है।
लोकेटर-
इसमें दी गई ब्लूटुथ सुविधा के तहत स्मार्टफोन से जोड़ा जा सकता है। ब्लूटुथ के तहत फोन से जुड़ने के बाद यह मोबाइलफोन लोकेटर का काम करता है। इतना ही नहीं बल्कि इस छल्ले के खो जाने पर भी स्मार्टफोन से उसका पता लगाया जा सकता है।
मेमोरी-
यह एक मेमोरी डिवास भी है। इसें 8, 16 एवं 32 जीबी मेमोरी वेरियंट में उतारा गया है जिसमें फोटो, म्यूजिक, वीडियोज एवं फाइल्स सेव करके रखे जा सकते हैं।
कैबल-
इसमें यूएसबी कैबल लगी है जिसके तहत इसें फोन एवं कम्प्यूटर दोनों से जोड़ा जा सकता है। इसमें स्टोर डाटा को कंप्यूटर एवं स्मार्टफोन में शेयर किया जा सकता है।
उत्तर प्रदेश कैसे बनेगा उत्तम प्रदेश?
सपा के 224 विधायकों में से 172 दागी
नई दिल्ली। यूपी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अखिलेश यादव ने कहा था कि कानून व्यवस्था हमारी प्राथमिकता है। आज से हमारी यह जिम्मेदारी है। अब तक तक हम दूसरों पर आरोप लगा रहे थे।
जब अखिलेश ने मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली तब कहा गया कि यूपी को युवा और पढ़ा लिखा मुख्यमंत्री मिला है इसलिए प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा लेकिन उनके अब तक के कार्यकाल पर नजर दौड़ाएं तो स्थितियां ठीक विपरीत नजर आती है। यूपी में महिलाओं के खिलाफ होने वाली अपराध की घटनाओं में काफी बढ़ोतरी हुई है। इन घटनाओं ने कानून व्यवस्था की स्थिति की पोल खोल कर रख दी है। बदायूं में दो दलित बहनों की सामूहिक बलात्कार के बाद हुई हत्या ने पूरे देश को हिला कर रखा दिया है। खुद एसटीएफ के आईजी कह चुके हैं कि प्रदेश में हर रोज औसतन 10 बलात्कार होते हैं। इससे साफ है कि यूपी में कानून व्यवस्था के क्या हालात हैं? कानून व्यवस्था की स्थित तब सुधरती है जब जन प्रतिनिधियों की छवि स्वच्छ हों लेकिन यूपी में तो हालत ठीक उल्टे हैं। 403 विधायकों में से 189 तो आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं। इस मामले में खुद सपा का रिकॉर्ड काफी खराब है। सपा के 224 विधायकों में से 172 के खिलाफ आपराधिक मामले लंबित हैं। विधायकों के खिलाफ जो मामले लंबित हैं वे काफी गंभीर किस्म के हैं। अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री पद की कुर्सी संभालने के कुछ महीने बाद ही इस तरह के शीर्षकों वाली चेतावनियां आई थी कि अब यूपी में गुंडा राज आने वाला है और महिलाएं अनिवार्य रूप से पीडित होंगी।
2013 में एक सप्ताह में बलात्कार के 126 मामले दर्ज हुए थे। ये आंकड़ें खुद गवाही दे रहे हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति के खराब होने के संकेत उसी वक्त मिलने शुरू हो गए थे जब मार्च में अखिलेश ने नई कैबिनेट की घोषणा की थी और रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को शामिल किया था। हत्या की कोशिश और अपहरण के आठ मामलों में आरोपी राजा भैया को अखिलेश ने जेल विभाग दिया। इसके बाद खाद्य एवं वितरण विभाग की जिम्मेदारी दी। यह ए.राजा को दूरसंचार मंत्रालय की जिम्मेदारी देने से भी बुरा विचार था।
प्रियंका चोपड़ा ने पूर्व ब्वॉयफ्रेंड को भेजा कानूनी नोटिस
मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने अपने पूर्व ब्वॉयफ्रेंड असीम मर्चेन्ट को कानूनी नोटिस भेजा है। असीम मर्चेन्ट प्रियंका के पूर्व मैनेजर प्रकाश जाजू की जीवनी पर एक फिल्म बना रहे हैं।
प्रियंका चोपड़ा ने इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि फिल्म उनकी निजी जिंदगी के ईर्द-गिर्द फिल्माई जा रही है। प्रियंका ने मर्चेन्ट को कानूनी नोटिस भेजा है, इसकी कॉपी प्रकाश जाजू को भी भेजी गई है। नोटिस प्रियंका के वकील आनंद देसाई की ओर से भेजा गया है। आनंद देसाई का कहना है कि असीम मर्चेन्ट जाजू की जीवनी पर फिल्म बनाने के बहाने उनकी मुवक्किल की निजता के अधिकार का उल्लंघन कर रहे हैं| अपनी निजी जिंदगी को विषय बनाने से उनकी मुवक्किल हैरान है। मर्चेन्ट की यह हरकत उनकी मुवक्किल प्रियंका चोपड़ा के निजता के अधिकार का उल्लंघन है। यह उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला होगा। यह उनकी मानहानि है। मर्चेन्ट फिल्म के प्रमोशन के लिए प्रियंका चोपड़ा से जुड़ी चीजों का इस्तेमाल ना करें और मर्चेन्ट बिना शर्त माफी मांगे।मर्चेन्ट ने हाल ही में अपना प्रोडक्शन हाउस लॉन्च किया है। 2004 में प्रियंका और जाजू के बीच विवाद हो गया था। प्रियंका के पिता ने जाजू पर प्रियंका को धमकाने का आरोप लगाया था। प्रियंका के पिता ने जाजू के खिलाफ केस दर्ज कराया था,जिसके चलते जाजू को 67 दिन की जेल भी हुई थी।
चौटाला पंचतत्व में विलीन
सिरसा। पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के पुत्र व इनेलो सुप्रीमो तथा पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के भाई व एलनाबाद के पूर्व विधायक प्रताप सिंह चौटाला का सोमवार को गांव चौटाला में गमगीन माहौल में संस्कार किया गया। स्व. प्रताप सिंह चौटाला के ज्येष्ठ पुत्र जितेंद्र ने उन्हें दोपहर करीब पौने दो बजे मुखाग्नि दी। 74 वर्षीय प्रताप सिंह चौटाला के निधन के शोकस्वरूप गांव का समूचा बाजार बंद रहा और लोगों ने अश्रुपूरित नेत्रों से उन्हें अंतिम विदाई दी। अपने छोटे भाई की अंत्येष्टि में पूर्व मुख्यमंत्री हरियाणा ओमप्रकाश चौटाला सोमवार को सीधे तिहाड़ कारागार से अपने पैतृक गांव चौटाला पहुंचे। हजारों ग्रामीणों ने स्व. प्रताप सिंह चौटाला के दर्शन कर उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। संस्कार कार्यक्रम में चौटाला परिवार के सभी सदस्य शामिल हुए।
इनमें इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला, पूर्व सांसद रणजीत सिंह, एलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला, इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, इनेलो नेता रवि चौटाला, हिसार के सांसद दुष्यंत सिंह चौटाला, सिरसा के सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, युवा इनेलो नेता दिग्विजय सिंह चौटाला, कर्ण सिंह चौटाला, मुख्यमंत्री हरियाणा के पूर्व ओएसडी डॉ. केवी सिंह, पूर्व स्पीकर सतबीर सिंह कादियान, पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपीचंद गहलोत, विधायक परमिंद्र सिंह ढुल, विधायक रामपाल माजरा, विधायक कृष्ण कंबोज, विधायक कृष्ण पंवार, पूर्व मंत्री प्रो. गणेशीलाल, विधायक डॉ. हरिचंद मिढा, इनेलो जिलाध्यक्ष पदम जैन, पूर्व मंत्री भागीराम, प्रदीप गोदारा, कुलदीप गोदारा, पूर्व चेयरमैन इंद्रसिंह ढुल, पूर्व चेयरमैन अमीर चावला, इनेलो के शहरी जिलाध्यक्ष प्रदीप मेहता, इनेलो के जिला प्रधान महासचिव महावीर बागड़ी, जिला प्रेस प्रवक्ता तरसेम मिढा, सहप्रवक्ता महावीर शर्मा, कृष्ण गुंबर,डॉ. आरएस सांगवान व बलदेव वाल्मीकि सहित अनेक राजनीतिक हस्तियां मौजूद थी। सभी ने पूर्व विधायक स्व. प्रताप सिंह चौटाला को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
बालवाड़ी सेविकाओं ने किया प्रदर्शन
सिरसा। बालवाड़ी केंद्रों पर कार्यरत बाल सेविकाओं व सहायिकाओं ने बालवाड़ी केंद्रों को बंद किए जाने के विरोध में आज जिला प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी सेविकाओं व सहायिकाओं ने जिला प्रशासन द्वारा भारतीय बाल कल्याण परिषद दिल्ली के माध्यम से चल रहे 64 बालवाड़ी केंद्रों को बंद किए जाने के विरोध में जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंची। उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर पुन: बहाली की मांग की। बाल सेविकाओं की मांगों का समर्थन करते हुए सर्वकर्मचारी संघ के सदस्य भी उनके साथ उपायुक्त से मिले। गौरतलब है कि बाल सेविकाओं ने गत दिवस कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को भी इस संबंध में ज्ञापन सौंपा था।
जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान महेंद्र शर्मा, राजकुमार शेखुपुरिया, महिला नेत्री बलवीर कौर गांधी, शीला देवी, सरोज रानी, नीलम रानी, अनिता रानी, किरण रानी, सीमा रानी, बलजीत कौर आदि ने बताया कि सभी बाल सेविकाएं व सहायिकाएं पिछले 20 वर्षों से बालवाड़ी केंद्रों में कार्य कर रही हैं। अब बिना किसी कारण के उन्हें नोटिस देकर हटा दिया गया है। जिससे उनका रोजगार छिन गया है तथा वे बेरोजगार हो गई हैं। उन्होंने बताया कि बालवाड़ी केंद्रों में बाल सेविकाओं को 1400 रुपए व सहायिकाओं को 600 रुपए प्रतिमाह मानदेय दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर महिला सशक्तिकरण की बात करती है वहीं दूसरी ओर महिलाओं का रोजगार छीन रही है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि अगर जल्द ही उन्हें बहाल नहीं किया गया तो वे छह जून को मुख्यमंत्री को सिरसा दौरे पर मांग पत्र देंगी। अगर फिर भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन तेज करेंगी।
Sunday, 1 June 2014
291 रूपए में प्लेन से करें गोवा से बेंगलूरू की यात्रा
पणजी। 12 जून को अगर आपको गोवा से बेंगलूरू जाना है तो अभी से टिकट बुक करा लीजिए। एयर एशिया की फ्लाइट सिर्फ 291 रूपए में आपको गोवा से बेंगलूरू ले जाएगी। इसमें सभी टैक्स शामिल है।
हालांकि रिटर्न फ्लाइट की टिकट थोड़ी महंगी होगी। गोवा से बेंगलूरू का किराया 491 रूपए है। एयर एशिया के एक प्रतिनिधि ने बताया कि बेंगलूरू एयरपोर्ट के चार्जेज गोवा के मुकाबले महंगे हैं। एयर एशिया की फ्लाइट का किराया बस के किराए से भी कम है। 12 जून को एयर एशिया का विमान पहली उड़ान भरेगा। एयर एशिया के ये ऑफर अक्टूबर तक कुछ चुनिंदा दिनों के लिए ही है। अन्य एयरलाइन्स ने भी अपने किराए में कमी की है। गो एयर की फ्लाइट का किराया 1,449 रूपए से शुरू होता है। यह एयर एशिया से (1,699 रूपए) काफी कम है। यह ऑफर सिर्फ 13 जून के लिए है। इंडिगो इसी दिन 1,848 रूपए का ऑफर दे रही है। जुलाई के अंत तक के लिए एयर एशिया की ज्यादातर फ्लाइटों में कुछ ही सीटें बची है।
चुनाव का बिगुल फूंकेगी कांग्रेस
अनाज मंडी में बोले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष, 6 को होगी सभा
सिरसा। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि सिरसा में 6 जून को कांग्रेस का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा और यह सम्मेलन विधानसभा चुनाव के आगाज के रूप में होगा।
डॉ. तंवर रविवार को अनाज मंडी में सभास्थल का दौरा करने के पश्चात लोगों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 6 जून को सिरसा की अनाज मंडी के शैड के नीचे कांग्रेस का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन होगा जिसमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी डॉ. शकील अहमद, सह प्रभारी आशा कुमारी सहित कई बड़े नेता शामिल होंगे। यह कार्यकर्ता सम्मेलन सुबह 10 बजे रखा गया है। तंवर ने कहा कि विकास कांग्रेस के लिए सबसे बड़ा मुद्दा है। लोकसभा के चुनावों में भाजपा ने वोटों का धु्रवीकरण कर लिया जो लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है।
उन्होंने कहा कि आचार संहिता लगने के कारण अनेक विकास कार्य बीच में अटके हुए थे जिन्हें आचार संहिता हटने के बाद शुरू कर दिया गया है। बेगू रोड पर 7 करोड़ 64 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। इतना ही नहीं जिले में 250 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाएं और शुरू की गई हैंं। पीने के पानी की व्यवस्था, बिजली, सड़कें, रेलवे के दूसरी तरफ प्लेटफार्म सहित अनेक विकास कार्य शीघ्र ही पूरे होने हैंं। उन्होंने हरियाणा में विपक्ष को दिशाहीन बताते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव लगातार तीसरी बार कांग्रेस ही जीतेगी और सरकार बनाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे गिले शिकवे भुलाकर एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करें ताकि जनविरोधी पार्टियां सिर न उठा सकें। इस अवसर पर उनके साथ उपायुक्त डॉ. अंशज सिंह, एसडीएम मनजीत सिंह, डीएसपी सिटी धर्मवीर सिंह, मार्केट कमेटी सचिव यशपाल मेहता, होशियारी लाल शर्मा, राहुल सेतिया, भूपेश मेहता सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कांग्रेस नेता मौजूद थे।
संदिग्ध हालात में युवक की मौत
सिरसा। डीसी कालोनी में एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। राजकुमार नामक इस युवक का शव उसके घर से ही बरामद किया गया। सिर पर चोटों के निशान हैं, जिससे हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया। शहर की इस पाश कालोनी में इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से हड़कंप मच गया।
मृतक राजकुमार एक लैबोरेट्री टैक्रिशियन था और लैब चलाता था। साथ ही एक जिम में भी उसकी हिस्सेदारी थी। बताया गया है कि देर रात वह घर लौटा था। सुबह परिजनों ने जब उसे संभाला तो वह मृत पड़ा था। सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर शहर थाना पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम पहुंची। सूत्रों का कहना है कि कल रात उसका किसी के साथ झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह देर रात घर लौटा। सुबह उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक के बड़े भाई जीत राम व किराएदार रमेश बाना ने बताया कि रात नौ बजे वह घर से गया था। देर रात ही घर लौटा। सुबह उसे देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। उसकी किसी के साथ कोई रंजिश भी नहीं थी। जांच अधिकारी शिवचरण शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची थी। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
चौटाला का निधन
सिरसा। पूर्व विधायक प्रताप ङ्क्षसह चौटाला का आज निधन हो गया। वे पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार कल 2 जून को उनके पैतृक गांव चौटाला में 12 बजे होगा। प्रताप ङ्क्षसह चौटाला पूर्व उपप्रधानमंत्री चौ. देवीलाल के बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के अनुज थे। प्रताप ङ्क्षसह चौटाला 1967 में एलनाबाद विधानसभा से चुनाव जीते थे। वे काफी अरसे तक अपने पिता देवीलाल के नेतृत्व में सियासी गतिविधियों में शरीक रहे। 90 के दशक में उन्होंने लोकदल से किनारा कर लिया था। इसके बाद वे अधिक समय कांग्रेस में रहे। अलबत्ता बीच में वे कांग्रेस से भी दूर हो गए। जनवरी 2010 में हुए ऐलनाबाद उपचुनाव में प्रताप चौटाला फिर कांग्रेस में शामिल हो गए। 2007 में वे नवगठित हरियाणा जनहित कांग्रेस में आ गए। पिछले वर्ष 16 जनवरी को जब उनके बड़े भाई एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला व भतीजे अजय ङ्क्षसह चौटाला को एक मामले में जेल हुई तो प्रताप चौटाला ने पारिवारिक हितों को सर्वोपरि रखते हुए परिवार के साथ खड़े हो गए। वे पिछले 1 वर्ष से काफी बीमार चल रहे थे और उसी बीमारी के चलते आज उनका निधन हो गया। बता दे कि बेशक प्रताप चौटाला एक बार विधायक बने, लेकिन सियासी गलियारों में उनकी हाजिर जवाबी एवं गजब की स्मरण शक्ति चर्चा का विषय रहती थी। सियासी पंडित उन्हें राजनीतिक किस्से व आंकड़ों का इनसाइक्लोपिडिया कहते थे।
Saturday, 31 May 2014
दीवार ढही, दो लड़कियों की मौत
पीडि़त परिजनों ने अस्पताल में किया प्रदर्शन
गौशाला प्रबंधन व चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग
सिरसा। गांव ढुढियांवाली में गत दिवस गौशाला की दीवार ढहने से मलबे के नीचे दबी दोनों लड़कियों की मौत हो गई। देर रात शव सामान्य अस्पताल पहुंचाए गए। यहां परिजनों ने आज सुबह शव लेने से इंकार कर दिया। मृतक लड़कियों के परिजनों ने गौशाला प्रबंधन व रानियां के चिकित्सक को कटघरे में खड़ा करते हुए गिरफ्तारी की मांग की। गिरफ्तारी होने के बाद ही शव लिए जाने की बात कही गई। आखिरकार रानियां से पहुंची पंचायत, गौशाला प्रबंधन समिति तथा पुलिस के समझाइश के बाद परिजन शव लेकर रवाना हुए।
ज्ञातव्य हो कि कल देर सायं आई तेज आंधी के कारण गांव ढुंढियांवाली स्थित गौशाला की दीवार ढह गई थी। दीवार ढहने से अमीनाथ की 18 वर्षीय पुत्री कविता व 13 वर्षीय निशा मलबे के नीचे दब गईं। हादसे में कविता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निशा घायल हो गई। परिजनों ने बताया कि घायलों को गौशाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने रानियां के निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। तीन घंटे तक परिजनों को भी बच्ची से मिलने नहीं दिया गया। इसके बाद परिजन घायल बच्ची को लेकर रानियां के सरकारी अस्पताल में पहुंचे। जहां से उसे रैफर कर दिया। सिरसा पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि चिकित्सक ने समय रहते ईलाज शुरू किया होता तो जान बचाई जा सकती थी। इसी को लेकर आज प्रात: परिजन सामान्य अस्पताल में एकत्रित हुए और शव लेने से इंकार कर दिया। गांव से सैकड़ों की संख्या में लोग भी उनके समर्थन में पहुंच गए। गौशाला प्रबंधन समिति के सदस्य व प्रधान भी अस्पताल पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन मृतक लड़कियों के परिजन गौशाला प्रबंधन सदस्यों व चिकित्सक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। अस्पताल में प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। इसी बीच रानियां थाना से भी टीम अस्पताल पहुंची। अस्पताल में पंचायत हुई जिसके बाद पीडि़त परिवार शवों को लेकर रवाना हो गया। उधर गौशाला के प्रधान अजायब सिंह ने ने पीडि़त परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
युवक ने निगली कीटनाशी
सिरसा। गांव नहराना में एक युवक ने कीटनाशी का सेवन कर लिया। हालत बिगडऩे पर उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव नहराना निवासी 20 वर्षीय कुलदीप ने आज सुबह घर में रखी कीटनाशी दवा का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगड़ी तो परिजनों ने उसे संभाला। उसे तुरंत सामान्य अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों के अनुसार कुलदीप की हालत स्थिर है। युवक द्वारा कीटनाशी के सेवन के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
Friday, 30 May 2014
डिंग डकैती के आरोपी धरे
न्यायालय ने तीनों आरोपियों को भेजा न्यायिक हिरासत में
सिरसा। जिला की डिंग थाना पुलिस ने बीती एक फरवरी की रात्रि को डिंग मंडी स्थित एक स्वर्णकार के घर पर हुई डकैती के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चैन, सोने के टोप्स व करीब 400 ग्राम चांदी तथा वारदात में प्रयुक्त बुलेरो गाड़ी भी बरामद कर ली है। मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए डिंग थाना के प्रभारी उपनिरीक्षक जंगीर ङ्क्षसह ने बताया कि बीती 23 मई को इस मामले के तीन आरोपियों को सिरसा अदालत से प्रोडेक्शन वांरट पर लेकर सात दिन का रिमांड हासिल किया गया था। उन्होंने बताया कि जो तीन आरोपी इस मामले में गिरफ्तार किए गए, उनकी पहचान रामपाल व भूपेंद्र पुत्र गोबिंद राम निवासी बल्लभगढ़ व राजू पुत्र हरि सिंह निवासी गिरधरपुर मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के बाद तीन अन्य साथियों की भी पहचान कर ली गई है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा तथा लूटी गई संपत्ति भी बरामद की जाएगी। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों को आज सिरसा अदालत में पेश किया गया है, जिन्हें न्यायिक हिरासत में सिरसा जेल भेजा गया है। डिंग थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना में रतनलाल व उसका बेटा मुकेश दोनों घायल हुए थे और बाद में 16 फरवरी को हिसार के निजी अस्पताल में मुकेश की मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में घटना में घायल रतनलाल की शिकायत पर भादंसं की धारा 458, 459, 395, 364 व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ यूपी के मथूरा क्षेत्र में लूट, डकैती व हत्या जैसे अनेक आपराधिक मामले दर्ज है। उन्होंने बताया कि इस गिरोह के सदस्य वारदात से पहले एरिया की रेकी करते है और मौका पाकर वारदात को अंजाम देते है।
पंजाबियों को मिले आरक्षण : सेतिया
सिरसा। अरोड़वंश चौक पर महाराज अरुट की जयंती श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई। सबसे पहले विद्वान विप्रजनों ने हवन यज्ञ किया जिसमें पंजाबी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सेतिया व मुख्यातिथि सुनीता सेतिया सहित अरोड़वंश सभा के प्रधान विरेंद्र बाहिया, उत्तरी अरोड़वंश के पूर्व प्रधान सतपाल मानकटाला, अरोड़वंश सभा केप्रधान ए सी गाडी, पूर्व प्रधान हरबंस लूथरा, कश्मीरी लाल नरुला, नगर परिषद के पूर्व प्रधान ओमप्रकाश सेठी सहित सैंकड़ों गणमान्य लोगों ने आहुति डाली। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए राहुल सेतिया ने कहा कि पंजाबी समाज ने जितना संघर्ष किया है व जितनी राजनैतिक यातनाएं सही है वे जगजाहिर हैं। बटवारे का शिकार हुआ यह समाज अपने सम्मान के लिए पाकिस्तान को छोड़ कर भारत आ गया और मेहनत मजदूरी करके अभी खड़े होने का प्रयास कर रहे थे कि 1966 में पंजाब के दो टुकड़े कर दिए गए। हमें एक ओर बंटवारे का सामने करना पड़ा। 1966 में सरकारी नौकरियों में 80 प्रतिशत पंजाबी थे जो आज सिमट कर 5 प्रतिशत तक रह गए हैं और आने वाले समय में यह समाज ओर वंचित हो जाएगा। सेतिया ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र ङ्क्षसह हुड्डा से अपील करते हुए कहा कि हरियाणा को बनाने में पंजाबी समाज का बहुत बड़ा योगदान है इसलिए इस समाज को भी आरक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सड़कों पर उतरना नहीं चाहते लेकिन हक नहीं मिला तो मजबूरन सड़कों पर आना पड़ेगा। उन्होंने इस मौके पर सभी को महाराजा अरुट जी के जन्मदिन की बधाई दी और इस मौके पर जुड़े हजारों की संख्या में अरोड़वंशियों ने लंगर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और हवन यज्ञ मेें आहुति डाली।
Thursday, 29 May 2014
हुडा चौकी में हुड़दंग
पंचायत करने आए लोग भिड़े, चौकी के मुंशी सहित तीन पुलिस कर्मी घायल
सिरसा। हुडा चौकी में पंचायत के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। बीच-बचाव करते तीन पुलिस कर्मियों को भी मामूली चोटें आईं। चौकी के मुंशी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव नेजाडेला कलां निवीसी जसबीर कौर उर्फ जस्सू पुत्री जोगा सिंह का गांव के ही तेजा सिंह पुत्र करनैल सिंह के साथ करीब डेढ़ वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। विवाहोपरांत दोनों के बीच संबंध ठीक नहीं चले। इस कारण कई पंचायतें भी हुईं लेकिन दोनों की निभ नहीं पाई। आखिरकार पंचायत में दोनों के अलग रहने पर समझौता हुआ और तलाक के लिए न्यायालय में अर्जी दे दी गई। सूत्रों के अनुसार गत दिवस जसबीर कौर के बयान अदालत के समक्ष होने थे। इस दौरान तेजा सिंह भी मौजूद था। न्यायालय परिसर में ही तेजा ने जसबीर व उसके पिता के साथ मारपीट की जिसकी शिकायत जसबीर कौर ने हुडा चौकी में दी।
आज इसी को लेकर हुडा चौकी में दोनों पक्षों की पंचायत बुलाई गई थी। बताया गया है कि पंचायत के दौरान तेजा सिंह व उसके कुछ साथी तैश में आ गए और दूसरे पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी बसंत व अमरपाल नें बीच-बचाव करते हुए मामले को शांत करने के लिए तेजा सिंह को एक कमरे में बंद कर दिया। इस पर तेजा सिंह पक्ष के कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई की जिसमें उन्हें हल्की चोटें भी आई। उनके साथियों ने उन्हें छुड़ाया और झगड़ा बंद करवाया। मारपीट करने के आरोपियों के खिलाफ चौकी के मुंशी बसंत की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। वहीं जसबीर कौर व उसके पिता से मारपीट के मसले पर बुलाई गई पंचायत धरी की धरी रह गई। जसबीर कौर ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
तीन दिन बाधित रहेगी बिजली
सिरसा। शहर के एक बड़े हिस्से में 31 मई से 2 जून तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। बरनाला रोड पर बस स्टेंड के सामने स्थित 33 केवी सबस्टेशन में ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया के कारण विद्युत आपूर्ति नहीं हो पाएगी।
बिजली निगम के एसडीओ इंजीनियर दलबीर सिंह ने बताया कि 33 केवी सबस्टेशन पर लगे 5 एमवी के ट्रांसफार्मर को बदलकर 8 एमवी का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। यह कार्य 31 से शुरू होगा और करीब तीन दिन तक चलेगा। इसके चलते शहर के बेगू रोड, भादरा बाजार, अग्रसेन कालोनी, गोल डिग्गी क्षेत्र, गांधी मार्केट, अम्बेडकर चौक, एमसी कालोनी, कोर्ट कालोनी, बांसल कालोनी सहित अन्य साथ लगते क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि नया ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद बेहतर विद्युत आपूर्ति की जा सकेगी।
ठेके के खिलाफ फिर प्रदर्शन
सिरसा। अग्रसैन चौक पर खुले शराब ठेके के विरोध में आज फिर कालोनिवासियों ने ठेके के सामने प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शकारियों में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे सोमप्रकाश सेठी, निलेश बांसल, सुरेश गोयल, अजय नंदा, डॉ. जी के अग्रवाल आदि ने बताया कि अवैध रुप से स्थापित इस ठेके को हटाने के लिए क्षेत्र के लोग लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं और प्रशासन के बार-बार आश्वासन के बावजूद यहां से ठेका नहीं हटाया जा रहा। अभी तक ठेके में मौजूद शराब को ही बाहर नहीं निकाला गया है। लोगों ने कहा कि इस जगह पर अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब रखी है लेकिन विभाग जानते हुए भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। इस बारे में 28 अप्रैल से कई बार प्रदर्शन करके जिला उपायुक्त व डीटीसी सहित अनेक अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है। जिला उपायुक्त ने इस ठेके को एक-एक हफ्ते के लिए बंद करने के लिए कई बार निर्देश दिए हैं और उन्होंने अपनी रिपोर्ट में यह भी कहा है कि लोगों में रोष के कारण ठेके को यहां से हटाया जाए। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि ठेके को तुरंत यहां से बदला जाए और इस दुकान में मौजूद शराब को कहीं ओर ले जाया जाए।
Wednesday, 28 May 2014
हादसों के नाम रहा दिन
बुधवार का दिन क्षेत्र के लिए हादसों से भरा रहा। एक प्रेमी युगल ने ट्रेन तले कटकर जान दे दी। दो सड़क हादसे हुए जिनमें दो की मौत हो गई जबकि 10 लोग घायल हो गए। साथ ही क्षेत्र विभिन्न माइनरों से तीन शव बरामद हुए। अस्पताल में आज चीख-चीत्कार और रोना-धोना दिनभर चलता रहा। एक के बाद एक शव अस्पताल पहुंचे और एमरजेंसी व शव गृह में भागदौड़ रही।
प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
सिरसा। गांव बुर्जभंगू से गुजर रही रेलवे लाईन पर आज एक युगल ने रेवाड़ी से फाजिल्का जा रही सवारी गाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। प्रथम दृष्टया इसे प्रेम-प्रसंगों को परवान न चढ़ता देख हताश होकर उठाया गया कदम बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 10 बजे बुर्जभंगू गांव से गुजर रही रेलवे लाईन पर एक युवक व युवती ने गाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मामले की जानकारी रेलवे पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल पहुंचाया। युवक की पहचान फतहाबाद निवासी 22 वर्षीय दिनेश पुत्र रतन लाल तथा युवती की पहचान किरण पुत्र ओमप्रकाश निवासी अलीकां के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों एक मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे और फाटक के नजदीक मोटरसाइकिल रोक कुछ ही दूरी पर जाकर गाड़ी के आगे कूद गए। सूत्रों के अनुसार युवती 12वीं कक्षा की छात्रा है और वह स्कूल की वर्दी में ही थी। घर पहुंचते ही उसने अपना बैग रखा और परिजनों को बैंक जाने की बात कहकर घर से निकल गई।
सड़क दुर्घटनाओं में दो की मौत, 10 घायल
सिरसा। दो सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए। पहली घटना खैरेकां के पास थ्री व्हीलर का टायर फटने के कारण हुई। टायर फटने से थ्री व्हीलर पलट गया और उसमें सवार दीन दयाल पुत्र ईश्वर दास की मौत हो गई। इसके अलावा रमेश कुमारी, बिमला रानी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। करीब छह अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
दूसरी घटना गांव जोधपुरिया के पास हुई। सोनू निवासी ढाणी 400 अपनी पत्नी सुनीता व बेटी नीरू के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जोधपुरिया गया हुआ था। वापिस लौटते समय ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में सुनीता की मौत हो गई। सोनू व उसकी पुत्री नीरू घायल हो गए।
माइनरों से जेई सहित तीन शव बरामद
सिरसा। कालांवाली क्षेत्र से गुजरने वाली भाखड़ा नहर में गिरे रामामंडी रिफाइनरी के जेई सुखचैन ङ्क्षसह का शव आज देसूमलकाना के पास से बरामद हो गया। इसके अलावा नाथूसरी चौपटा से निकलने वाली गीगोरानी माईनर व खैरेकां से निकलने वाली बणी माईनर से पुुरुष व महिला के शव बरामद हुए। पुलिस ने सभी शव कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल पहुंचाए।
उल्लेखनीय है कि देसूमलकाना से मिले जेई के शव को ढूंढने के लिए पिछले तीन दिनों से प्रशासन जी जान से जुटा था। आज आखिरकार शव आज बरामद हो गया। वहीं गीगोरानी माईनर से करीब 40 वर्षीय महिला का शव मिला है। पुलिस के अनुसार शव दो-तीन दिन पुराना है। वहीं बणी माईनर से पुरुष का शव बरामद हुआ। दोनों शवों की पहचान नहीं हो पाई है। शव पहचान के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखे गए हैं।
रानियां से गोबिंद कांडा लड़ेंगे चुनाव
हलोपा प्रदेशाध्यक्ष ने किया रानियां कार्यालय का उद्घाटन
रानियां। हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा ने हल्का रानियां के पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर हलोपा की ओर से रानियां की सीट पर गोबिंद कांडा को उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा भी की गई। उमड़े जनसैलाब से गद्गद् गोपाल कांडा ने कहा कि किसी भी पार्टी कार्यालय के शुभारंभ के अवसर पर इतना जनसैलाब एवं उत्साह शायद ही पहले कभी किसी ने देखा होगा। गोपाल कांडा ने रैली में तबदील हुए कार्यालय उद्घाटान समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधीत करते हुए कहा कि राजाओं-महाराजाओं का शहर रानियां आज मूलभूत सुविधाओं से महरुम है। यहां पर छात्र-छात्राओं के लिए हरियाणा बनने के 48 साल बाद भी कॉलेज तक नहीं है। यहां के हॉकी खिलाडिय़ों ने पूरे विश्व में प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है, परंतु सुविधाओं के नाम पर उनके लिए सरकार ने कुछ नहीं किया। वे गुरुओं की कृपा और अपनी मेहनत के बल पर मैडल हासिल करने में सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की जनता को लोकहित में काम करने वाली सरकार चाहिए, क्योंकि हरियाणावासी 2-3 परिवारों से मुक्ति पाना चाहते हैं। जिन्होंने सदैव लोगों को जातिवाद, क्षेत्रवाद, परिवारवाद के नाम पर गुमराह करके प्रदेश को लूटने का काम किया है। गोपाल कांडा ने कहा कि जैसे ही प्रदेश में हलोपा की सरकार आएगी 1 महीने में हरियाणा के लिए अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का गठन कर दिया जाएगा। उन्हाोंने कहा कि हलोपा की सरकार आने पर एक भी गाएं सड़क पर बेसहारा नजर नहीं आएगी। चाहे इसके लिए कितनी भी गौशालाएं बनानी पड़े। गोपाल कांडा ने कहा कि सरकार का कार्यकाल केवल 3-4 माह शेष रह गया है और अब इन्हें विकास कार्य करवाने की याद आई है।
Tuesday, 27 May 2014
कार सवारों से लाखों की लूट
पुलिस की सक्रियता के कारण पकड़े गए लुटेरे
सिरसा। हुडा के सैक्टर-19 क्षेत्र से गत रात्रि कार सवारों द्वारा पिस्तौल की नोक पर एक व्यक्ति को लूट जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी लाखों की नकदी छीन हिसार की ओर फरार हुए, जिन्हें पुलिस की सक्रियता के कारण धर दबोच लिया गया। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त कार व नकदी बरामद कर ली गई है। मिली जानकारी के अनुसार प्रेम नगर निवासी बलराज पुत्र लाल सिंह गत सायं कार पर दिल्ली पुल से अपने घर जाने के लिए सैक्टर-19 से होकर गुजर रहा था। उसके पास करीब तीन लाख 30 हजार रुपये की नकदी थी। बलराज के अनुसार सैक्टर 19 क्षेत्र में आई-20 कार में सवार पांच लोगों ने उसकी कार को रोका। जैसे ही उसने कार रोकी, उक्त लोगों ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल रख दी और उसके पास मौजूद तीन लाख 30 हजार रुपये की नकदी छीन फरार हो गए। उसने तुरंत मामले की जानकारी शहर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और हिसार के पास से उन्हें काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान हिसार निवासी सतनाम व गुरमीत तथा हनुमागढ़ निवासी मंगल, जसपाल व सुक्खा के रूप में हुई है।
टायर फटने से ट्रैक्टर पलटा, एक की मौत
सिरसा। गांव धोलपालिया के पास ट्रैक्टर पलटने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो सवार घायल हो गए। हादसा ट्राली का टायर फटने के कारण हुआ। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। मृतक के शव का पोस्टमार्टम सामान्य अस्पताल में करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ जिला के गांव रणजीतपुरा निवासी रमेश्वर पुत्र मल्लूराम, अशोक पुत्र कृष्ण लाल व संदीप पुत्र शेरराम गत दिवस ट्रैक्टर पर सवार होकर एलनाबाद आए थे। देर सायं वापिस लौटते समय गांव धोलपालिया के निकट ट्राली का टायर फट गया। जिस कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। तीनों ट्रैक्टर सवार नीचे दब गए। राहगीरों ने तीनों को किसी तरह बाहर निकाला। लेकिन रामेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और अशोक व संदीप को हनुमानगढ़ अस्पताल ले जाया गया। जबकि मृतक रामेश्वर का शव सिरसा सामान्य अस्पताल लाया गया। यहां आज सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले में पुलिस ने मर्ग दर्ज कर ली है।
निभाएंगे वायदा, रोशन होंगी ढाणियां : गोपाल कांडा
ढाणियों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का वायदा शीघ्र होगा पूरा
हलोपा अध्यक्ष ने किया सिरसा के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा
सिरसा। सर छोटूराम किसानों व मेहनतकशों के मसीहा थे और किसानों को उनका हक दिलाने में उनका अहम योगदान रहा है। यह बात हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा ने गांव जोधकां के दीनबंधु सर छोटूराम पार्क में सर छोटू राम की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद भारी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। कांडा ने कहा कि हमें सर छोटूराम के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और सदैव जरुरतमंदो की सहायता करनी चाहिए। ग्रामीणों ने गोपाल कांडा, गोबिंद कांडा व हरियाणा लोकहित पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए। कांडा बंधुओं के गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने भारी उत्साह के साथ फूल मालाएं पहनाकर व आतिशबाजी कर उनका स्वागत किया। बुजुर्गों ने गोपाल कांडा को आशीर्वाद दिया। कांडा ने कहा कि सिरसा विधानसभा क्षेत्र की सभी ढ़ाणियां 24 घंटे रोशन रहेंगी। उन्होंने कहा कि हलोपा के सत्ता में आने पर प्रदेश से बेरोजगारी खत्म कर देंगे और युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाएंगे। ग्रामीणों ने गोपाल कांडा को पगड़ी पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान गांव के सरपंच रवि गोदारा, राकेश सहारण, राकेश गिरी, अनुप गिरी, एसपी गर्ग सहित अन्य गणमान्य लोगों ने गोपाल कांडा द्वारा पार्क में ट्यूबवैल, स्कूल के कमरे, पार्क के गेट पर नेता जी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा लगवाने की बातें मानने को लेकर आभार जताया। इसके पश्चात गोपाल कांडा ने गांव के मंदिर में माथा टेका। कांडा ने कहा कि सिरसा विधानसभा क्षेत्र की सभी ढ़ाणियों को रोशन करने का वायदा भी पूरा किया जाएगा। विधायक कांडा ने आज गांव कुक्कड़थाना, गदली, डिंग मंडी सहित अनेक गांवो का दौरा किया।
Monday, 26 May 2014
दुर्घटनाओं में दो की मौत, तीन घायल
सिरसा। क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए।
प्रथम दुर्घटना को एक शराबी कैंटर चालक ने अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बेगू रोड पर एक तेज रफ्तार कैंटर ने सर्वप्रथम मोटरसाइकिल पर जा रहे रवि नामक युवक को पीछे से टक्कर मारी। रवि ने कैंटर का पीछा शुरू किया गया तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। इसी प्रयास में कैंटर अनियंत्रित हो गया और बेगू रोड स्थित पैट्रोल पंप के पास साइकिल सवार मेला ग्राउंड निवासी सुनील को टक्कर दे मारी और आगे जाकर एक खंबे से टकरा गया। खंबे के साथ ही रिक्शा खड़ा कर खाना खा रहा रिक्शा चालक कैंटर की चपेट में आ गया। हादसे की रिक्शा चालक देवकी यादव पुत्र झुग्गर यादव की मौत हो गई। मृतक मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था। हादसे के बाद चालक कैंटर छोड़कर फरार हो गया। उधर आसाखेड़ा ढाणी निवासी दलीप चंद पुत्र श्योकरण अपने पुत्र कैलाश के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था। पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दलीप की मौत हो गई।
जांच को लेकर आप ने सौंपा ज्ञापन
सिरसा। आम आदमी पार्टी की जिला इकाई ने आज ओएचएम प्रबंधन के खिलाफ जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और डा. गुलशन चौहान मामले में जांच की मांग की। ज्ञापन की प्रति राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, हाईकोर्ट के न्यायाधीश, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, राज्य उपभोक्ता फोरम सहित अन्य को भेजी गई है।
आप कार्यकर्ता नरेंद्र भटनागर, मोहन कंबोज व अन्य ने उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में बताया कि ओएचएम में उपभोक्ता हितों का हनन किया जा रहा है। यहां पर उपभोक्ताओं के पीने के लिए निशुल्क पानी तक की व्यवस्था नहीं है। हर चीज के दोगुने-तीगुणे भाव है तथा किसी भी चीज की खरीद पर बिल नहीं दिया जाता। मांग पत्र में पार्किंग रसीद को लेकर भी सवाल उठाया गया है कि यहां पर वाहन खड़ा करने की पर्ची की एवज में 20 रुपये लिए जाते है और इसके लिए जवाबदेही मात्र 250 रुपये की दर्शायी गई है। मांगपत्र में बताया गया है कि सिविल अस्पताल के डा. गुलशन चौहान द्वारा ओएचएम प्रबंधन के खिलाफ वाद दायर किया गया है, जिसके कारण उनके खिलाफ झूठी शिकायत दी गई है।
टीएनए परीक्षा का बाहिष्कार
सिरसा। शिक्षा विभाग द्वारा ली जा रही ट्रेनिग नीड एसेस्मेंट परीक्षा का आज जिलाभर के प्राथमिक शिक्षकों ने बाहिष्कार कर दिया और परीक्षा केन्द्रों के समक्ष धरने पर बैठ गए। राजकीय प्राथमिक शिक्षा संघ व हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के आह्वान पर प्रदेशभर में प्राथमिक अध्यापकों ने विभाग द्वारा ली जा रही इस परीक्षा को बेमानी बताया। आज सुबह टीएनए परीक्षा शुरू हुई तो स्कूलों में इक्का-दुक्का अध्यापक ही परीक्षा देने पहुंचे। कई जगह तो एक भी परीक्षार्थी नहीं था। संघ के आह्वान पर अध्यापकों ने अपने-अपने स्कूल के बाहर ही धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अध्यापकों का आरोप है कि परीक्षा लेकर उन्हें प्रताडि़त किया जा रहा है। यह सरकार की निजी क्षेत्र को लाभ पहुंचाने की नीति है। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा का कोई औचित्य नहीं है। परीक्षा लेकर केवल अध्यापकों के सब्र का इम्तिहान लिया जा रहा है। उधर जिला शिक्षा अधिकारी कुमकुम ग्रोवर ने विभिन्न सेंटरों का निरीक्षण किया और धरनारत अध्यापकों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन अध्यापक टस से मस नहीं हुए।
Saturday, 24 May 2014
नहीं बच पाया प्रिंस
विगत माह कार की टक्कर लगने से हुआ था घायल
सिरसा। विगत 29 अप्रेल को गांव साहुवाला में सड़क पार करते समय कार की चपेट में आए बच्चे की विगत दिवस जयपुर के अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के शव का गत रात्रि सिरसा के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कर वारिसों को सौंप दिया गया है। उल्लेखनीय है कि उक्त दुर्घटना में एक बच्ची की पहले ही मौत हो गई थी।
ज्ञातव्य हो कि गांव साहुवाला प्रथम निवासी रोहताश की 6 वर्षीय पुत्री रूचिका और 5 वर्षीय पुत्र प्रिंस अपनी दादी के साथ गांव के ही मेडिकल स्टोर पर दवा लेने के लिए गए थे। वापिस लौटते समय सड़क पार करते हुए एक कार ने दोनों बच्चों को चपेट मार दी। हादसे में रूचिका की मौके पर ही मौत हो गई जबकि प्रिंस घायल हो गया था। घायल को सिरसा के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां से उसे रैफर कर दिया गया। परिजन उसे जयपुर के निजी अस्पताल ले गए। वहां एक माह तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद विगत दिवस प्रिंस का दम टूट गया। शव को सिरसा स्थित सामान्य अस्पताल लाया गया और पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में कार चालक के खिलाफ दर्ज मामले में प्रिंस की गैर इरादतन हत्या का मामला भी जुड़ गया।
जमीन को लेकर विवाद
सिरसा। शहर के प्रतापगढ़ पार्क की जमीन पर कब्जे को लेकर आज दो पक्षों में तनातनी हो गई। मौके पर शहर थाना प्रभारी को भी दलबल सहित पहुंचना पड़ा। आखिरकार कीर्तिनगर चौकी में दोनों पक्षों में समझौता करवा दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव बनसुधार निवासी सुरेश पुत्र ज्ञान प्रकाश गोस्वामी आज कुछ लोगों के साथ प्रतापगढ़ पार्क पहुुंचे और वहां की दो किला, दो मरले जमीन पर अपना मालिकाना हक जताते हुए तारबंदी शुरू कर दी। सुरेश गोस्वामी का दावा था कि उनके पूर्वजों ने प्रतापगढ़ अखाड़ा को जमीन दान में दी थी, लेकिन यह दो किले, दो मरले जमीन उस दान की जमीन में शामिल नहीं है। पार्क की देखरेख कर रही कमेटी को जब इस बात की भनक लगी तो वे मौके पर पहुंचे। प्रतापगढ़ अखाड़ा संघ के अध्यक्ष लीलाधर सैनी, नवीन केडिया, पार्षद बृजलाल सैनी सहित अखाड़ा की सर्वहितकारिणी सभा के सदस्य भी मौके पर पहुृंच गए। लीलाधर सैनी ने दावा किया कि अखाड़ा की सर्वहितकारिणी सभा के अधीन करीब 16 एकड़ जमीन आती है और उक्त जमीन भी उसी में शामिल है। दोनों पक्षों में खूब तनातनी हो गई। मामले की सूचना शहर थाना को दी गई। मौके पर स्वयं थाना प्रभारी मौजीराम पुलिस टीम के साथ पहुंचे। थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों को कीर्तिनगर चौकी में तलब किया। यहां काफी खींचतान के बाद समझौता इस बात पर हुआ कि सुरेश गोस्वामी का उस जमीन पर कोई हक नहीं है और वे भविष्य में कभी भी उस जमीन पर मालिकाना हक नहीं जताएंगे।
आत्मरक्षा के गुर सीखना जरूरी : शिवप्रसाद
राज्य स्तरीय ऐस-टु-डु प्रतियोगिता शुरू
सिरसा। डबवाली रोड स्थित चौ. दलबीर सिंह इंडोर स्टेडियम में छठी राज्य स्तरीय ऐस टु डू प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। दो दिनों तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से सैंकड़ों खिलाडिय़ों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त शिवप्रसाद शर्मा ने किया जबकि अध्यक्षता एस टु डू संस्था के प्रधान भूपेश मेहता ने की।
डिस्ट्रिक्ट ऐस टु डू एसोसिएशन तथा ओलंपिक एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित छठी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर मुख्यातिथि एडीसी शिवप्रसाद शर्मा ने कहा कि आत्मरक्षा के गुर सिखना सबके लिए जरूरी है, खासकर लड़कियों के लिए तो यह वरदान साबित होता है। उस टु डू संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि एस टु डू आत्मरक्षा में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। इससे बच्चों का आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
इस अवसर पर खिलाडिय़ों ने हैरत अंगेज करतब दिखलाए। मंच संचालन सीमा गिल ने किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधान भूपेश मेहता ने मुख्यातिथि व विशिष्ट अतिथियों को शॉल ओढां कर सम्मानित किया। शाम को आयोजित होने वाले मैडल डिस्ट्रिब्यूशन समारोह में प्रतियोगिता में विजयी रहने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर संस्था के जनरल सचिव वीरेंद्र रावत, ज्वाईंट सैकेंट्री युद्धवीर सिंह व अन्य उपस्थित थे।
Friday, 23 May 2014
लघु सचिवालय में दिन-दिहाड़े चोरी
लाखों की लगी चपत
सिरसा। लघु सचिवालय परिसर में बनी कालोनी में दिन-दिहाड़े चोरों ने एक क्वार्टर को निशाना बनाया। चोर करीब सात तोले सोने के गहने व तीन लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर गए। खास बात यह है कि चोरी के वक्त साथ लगते क्वार्टरों में भी लोग मौजूद थे। यही नहीं सरकारी कालोनी में दिन-दिहाड़े हुई इस वारदात ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। दूसरी ओर शहर की सुखसागर कालोनी में भी चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों के सामान पर हाथ साफ किया है।
मिली जानकारी के अनुसार लघु सचिवालय परिसर में स्थित सरकारी कालोनी के क्वार्टर नंबर 16सी में सुभाष बिश्रोई रहते हैं। बिश्रोई के अनुसार आज सुबह वे अपनी ड्यूटी पर चले गए। उनकी पत्नी नीलम किसी कार्यवश बाजार गई थी और बेटी स्कूल। दोपहर करीब डेढ़ बजे जब उसकी पत्नी और बेटी घर लौटे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा पाया। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। घर का नजारा देख नीलम ने फोन पर उसे सूचित किया। उन्होंने तुंरत पुलिस को मामले की जानकारी दी। सुभाष के अनुसार घर से सात तोले सोने के गहने और तीन लाख रुपये की नकदी चोर उड़ा ले गए।
वहीं सुख सागर कालोनी में गुरदास सिंह के घर से भी चोरों ने नकदी व सोने पर हाथ साफ कर दिया। गुरदास के अनुसार वे गत रात्रि अपनी पत्नी और बच्चों को लेने गए थे। घर पर कोई मौजूद नहीं था। आज सुबह जब वे घर लौटे तो ताले टूटे पाए। सभी अलमारियां भी बुरी तरह तोड़ी गई थीं। जांच केे बाद घर में रखे करीब तीन-चार तोले सोने के गहने व कुछ नकदी नदारद मिली। इसके अलावा कई छोटे सामान को भी चोरों ने नहीं छोड़ा। मामले की जानकारी पुलिस को दी। दोनों मामलों में फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस का दावा है कि शीघ्र ही चोरों को दबोच लिया जाएगा।
माईनर से महिला का नग्र शव बरामद
सिरसा। गांव भंगू के निकट माइनर से महिला का शव नग्रावस्था में बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल पहुंचाया। शव की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
मिली जानकारी के अनुसार बड़ागुढ़ा क्षेत्र के गांव भंगू के निकट से गुजर रही माईनर में आज सुबह ग्रामीणों ने एक महिला शव देखा। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को माईनर से बाहर निकलवाकर सामान्य अस्पताल पहुंचाया। महिला की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। शव को पहचान के लिए सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
Thursday, 22 May 2014
चलती कार में लगी आग
हादसे में बाल-बाल बचा चालक
सिरसा। गांव फरवाईं के निकट चलती कार में आग लग गई। हादसे में कार चालक बाल-बाल बच गया। मिली जानकारी के अनुसार गांव भरोखां निवासी धीरज अपनी मारुति 800 कार में सवार होकर सरदूलगढ़ की तरफ से आ रहा था। गांव फरवाईं के निकट अचानक कार में आगे से धुआं उठने लगा। धीरज के अनुसार उसने कार सड़क किनारे खड़ी कर दी और जैसे ही समस्या देखने के लिए बोर्नट उठाया, अचानक आग भभक उठी। आग पर काबू पाने के लाख प्रयास किए गए लेकिन पल भर में ही पूरी कार आग की चपेट में आ गई और जलकर खाक हो गई। धीरज के अनुसार उसने यह गाड़ी करीब 3 माह पूर्व ही नई ली थी। उसने बताया कि वह वक्त रहते कार से बाहर निकल गया अन्यथा सेंटर लॉकिंग की वजह से वह मौत का ग्रास बन सकता था। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।
Subscribe to:
Posts (Atom)






















