BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Wednesday, 9 April 2014

इनेलो प्रत्याशी को नोटिस

24 घंटे में देना होगा जवाब

सिरसा। इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह रोड़ी द्वारा आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामने आया है। इस संबंध में चुनाव आयोग ने रोड़ी को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। रोड़ी को 24 घंटे में जवाब देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार विगत दिनों इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह ने रोड शो निकाला था। रोड शो के माध्यम से जनता से वोट की अपील की गई थी। रोड शो में भारी संख्या में इनेलो कार्यकर्ता भी रोड़ी के साथ थे।  बताया गया है कि इस रोड शो के लिए चरणजीत ने प्रशासन से अनुमति नहीं ली थी। यह खबर समाचार पत्रों में छपी। इस पर संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने रोड़ी को आचार संहिता के उल्लंघन का आरोपी मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 

क्रूजर व टैंकर में भिड़ंत
एक की मौत, दर्जनभर घायल

सिरसा। गांव मोरीवाला के पास एक क्रूजर गाड़ी और टैंकर की जबरदस्त भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव धोलू निवासी देसराज पुत्र कांशीराम की बारात कल सिरसा के गांव केलनियां आई थी। देर रात बारात वापिस लौटी। करीब डेढ़ बजे मोरीवाला के पास बारात में शामिल क्रूजर गाड़ी की फतहाबाद से आ रहे एक टैंकर से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में क्रूजर सवार 65 वर्षीय मनफूल पुत्र लालचंद निवासी शेखुपूर (फतहबाद) की मौत हो गई। चालक की दोनों टांगे टूट गईं। उसे वहीं से हिसार रैफर कर दिया गया। इसके अलावा सुभाष पुत्र मनोहर, रवि पुत्र रामप्रसाद, भागा राम व उसका बंसी तथा पौत्र राजेश,  मनीराम पुत्र पुरखा राम, कैलाश पुत्र किशन गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में ईलाज चल रहा है।  बताया गया है कि दुर्घटना के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शीघ्र ही चालक को गिरफ्तार करने की बात की जा रही है।

युवक ने लगाई फांसी

सिरसा। शिव चौक के निकट गली चोपड़ावाली में आज एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।  आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार गली चोपड़ावाली निवासी मोहित (21) पुत्र लालचंद ने आज सुबह अपने घर पर दुपट्टे का फंदा बनाया और पंखे से बांधकर उस पर झूल गया। आज सुबह मोहित अपनी मां को रेलवे स्टेशन छोड़कर वापिस आया था। इसके बाद उसने फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पार्टी पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया।

Tuesday, 8 April 2014

शबाब पर आकर समाप्त हो गया चुनाव प्रचार

सिरसा लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार आज पहली बार शबाब पर दिखाई दिया। लेकिन चुनाव प्रचार का अंतिम दिन होने के कारण शबाब पर आकर यह प्रचार समाप्त हो जाएगा। आज शहर का राजनीतिक पारा सभी सीमाएं पार कर गया। सभी प्रमुख दलों ने शहर में अपने जोर की नुमाइश की। इनेलो ने जहां रैली की, वहीं कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी ने शहर में जुलूस निकाल लोगों से अपने-अपने पक्ष में मतदान की अपील की।

रद्द हो तंवर की उम्मीदवारी : चोपड़ा

सिरसा। भाजपा के सिरसा लोकसभा संयोजक जगदीश चोपड़ा ने निर्वाचन अधिकारी को शिकायत देकर सिरसा से कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक तंवर की उम्मीदवारी रद्द करने और तमाम विज्ञापन खर्चों को उनके चुनाव खर्च में शामिल करने का आग्रह किया है। 
चोपड़ा ने इस शिकायत पत्र की एक प्रति भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त को प्रेषित करते हुए कहा  है कि लगभग 10 दिनों से हरियाणा में प्रकाशित व प्रसारित लगभग 50 से अधिक समाचार पत्रों, टीवी चैनलों पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जो विज्ञापन प्रकाशित प्रसारित किए जा रहे हैं उनमें सिरसा के कांग्रेस उम्मीदवार अशोक तंवर का नाम चित्र सहित दिखाया जा रहा है। वे सिरसा से प्रत्याशी हैं और इन चैनलों और विज्ञापनों पर करोड़ो रुपए खर्च की जा रही राशि का उल्लेख तंवर के चुनावी खर्च में शामिल किया जाए। चोपड़ा ने इसी आधार पर तंवर की उम्मीदवारी को अवैध घोषित करके रद्द करने की मांग की है।

कारागार की सुरक्षा संदेह के घेरे में
कैदी से मिला मोबाइल

सिरसा। जिला कारागार में कैदी से मोबाइल मिला है। कैदी से मोबाइल मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोलकर रख दी है। हालांकि जेल अधिकारी सतर्कता बरतने का दावा करते हैं लेकिन जेल के भीतर तक मोबाइल व सिम के पहुंचने से दावों की हवा निकलती दिखाई पड़ती है। फिलहाल जेल उपाधीक्षक सरवन सिंह की शिकायत पर कैदी अंग्रेज सिंह पुत्र गुरजंट सिंह निवासी हरिपुरा के खिलाफ प्रिजन एक्ट के तहत शहर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। कैदी से मिला सैमसंग का मोबाइल व वोडाफोन का सिम पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

एटीएम पर अटैक

सिरसा। बरनाला रोड स्थित जेसीडी परिसर में स्टेट बैंक आफ इंडिया के एटीएम को तोडऩे के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्जकर चार युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस ने किसी को हिरासत में लेने से इंकार किया है।
जानकारी के अनुसार स्टेट बैंक के एटीएम को सोमवार रात्रि चार युवकों ने तोडऩे का प्रयास किया। बताया जाता है कि एटीएम पर तैनात गार्ड ने उनका विरोध किया तो उन्होंने गार्ड की धुनाई कर दी। गार्ड द्वारा शोर शराबा किए जाने पर युवक मौके से फरार हो गए। तोडफ़ोड़ करने वाले युवक एटीएम से नगदी लूट लेने में कामयाब नहीं हो पाए। मामले की सूचना मिलते ही हुडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और उसने मौका मुआयना किया। बताया जाता है कि इस मामले में पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया है।

हवन यज्ञ के साथ नवरात्र सम्पन्न

सिरसा। नवरात्र के समापन पर आज  जिलाभर में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर हवन यज्ञ किया और कंजकों को भोजन कराया। नोहरिया बाजार की गली गोलछावाली स्थित इच्छापूर्ण श्री हनुमान मंदिर में आज 35वां नवरात्रा महोत्सव पर अष्टमी को हवन यज्ञ किया गया। पूजा अर्चना के बाद 108 कन्याओं को भोजन करवाया गया।
मंदिर के पुजारी बालकृष्ण दायमा ने बताया कि मंदिर में नवरात्रा के समापन पर नवमी को हवन यज्ञ किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति डालकर विश्वशांति की कामना की। उन्होंने बताया कि यज्ञ के बाद मां भगवती की आरती की गई। बाद में 108 कन्याओं की पूजा कर उन्हे भोजन करवाया गया। उन्होंने बताया मंदिर में यह 35वां अद्र्धवार्षिक नवरात्रा महोत्सव मनया गया। इसके अलावा शहर में श्रद्धालुओं ने अष्टमी को मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर कंजकों की पूजा की और उन्हे भोजन करवाकर भेंट स्वरुप दक्षिणा देकर विदा किया। 
नवरात्रा पर रही कंजकों की कमी:
नवरात्रा के समापन पर लोगों को पूजा के लिए जब कन्याओं की जरुरत पड़ी तब उन्हे एक घर से दूसरे घर भटकते हुए देखा गया। कन्या भू्रण हत्या का असर नवरात्रा के समापन पर देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने तो प्रण किया कि वे न तो स्वयं ही कन्या भू्रण हत्या करेंगे और न ही अपनी परिचितों को करने देंगे।

Monday, 7 April 2014

सियासी उठापटक के नाम रहा सोमवार

कांडा ने झटका हाथ तो वेद बेनीवाल ने थामा कमल, सेतिया ने चलाए बयानबाजी के तीर

Gobind Kanda
Addressing to Media
सिरसा। सिरसा के विधायक गोपाल कांडा के अनुज गोबिंद कांडा  ने आज प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस्तीफा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मलकीत सिंह खोसा व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर को प्रेषित कर दिया है। आज यहां एक पत्रकार वार्ता में उन्होंने अपने इस्तीफे की आधिकारिक घोषणा की। उल्लेखनीय है कि कल शाम गोबिंद कांडा द्वारा तंवर के पक्ष में प्रचार किए जाने से उनके समर्थक नाराज हो गए थे। इसी घटनाक्रम पर स्पष्टीकरण देते हुए उन्होंने कहा कि उनके साथ विश्वासघात किया गया है। वे तंवर के प्रचार के लिए नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री हुड्डा से व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए गए थे। 
आज बाबा तारा कुटिया स्थित एमडीएलआर कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांडा ने कहा कि चुनाव के दौर में लोग ओछे हथकंडे अपनाते ही हैं। ऐसा ही ओछापन कांग्रेस प्रत्याशी ने दिखाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी के इसी ओछेपन और धोखे से आहत होकर उन्हें पार्टी छोडऩे जैसा कदम उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अगर हमने अपना समर्थन कांग्रेस प्रत्याशी को देना होता तो मुख्यमंत्री पहले भी दो बार सिरसा में आए थे, लेकिन हमने इस बारे में उनसे मुलाकात नहीं की। कल की राहुल की रैली में न जाना भी हमारा कांग्रेस प्रत्याशी को असमर्थन ही जताता है। 
आज कांग्रेस नेता राहुल सेतिया द्वारा पत्रकार वार्ता में कांडा के संबंध में  की गई टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग आज असली और नकली कांग्रेस की बात करके लोगों को गुमराह करते हैं लेकिन हमने कभी नकली-असली की बात नहीं की, केवल जनता की बात की है। हम अपने समर्थकों की भावनाओं का सम्मान करते हैं।
फिर हुई नमो-नमो
कांडा से जब किसी अन्य दल को समर्थन की बाबत पूछा गया तो उन्होंने दोहराया कि देश में परिवर्तन की लहर है, और वह लहर हरियाणा में भी है। वे और उनके कार्यकर्ता भी इस लहर के साथ हैं। उनके इतना कहने पर ही उनके साथ बैठे कार्यकर्ताओं ने नमो-नमो का जाप करना शुरू कर दिया।
शीघ्र देंगे राजनीतिक विकल्प
उन्होंने कहा कि इस समय हरियाणा प्रदेश को सार्थक व क्रांतिकारी राजनीतिक विकल्प देने की जरूरत है। इसके लिए गोपाल कांडा प्रदेशभर के अपने समर्थकों से रायशुमारी कर रहे हैं। बाकायदा इसके लिए भाई गोपाल कांडा ने प्रदेशभर में विभिन्न वर्गों से चर्चा की है। सर्वेक्षण भी करवाया है और समर्थकों की भावनाओं के अनुरूप निर्णय करते हुए शीघ्र ही प्रदेशवासियों के समक्ष एक मजबूत विकल्प लाया जाएगा। इस मौके पर कांडा समर्थक नगर पार्षद राजेंद्र गुज्र्जर, हुक्मचंद वर्मा, गुरनाम सिंह व राजेश खनगवाल ने कांग्रेस पार्टी छोडऩे का ऐलान किया।
तो क्या अल्पमत में आएगी सरकार?
सिरसा। गोबिंद ने कहा कि गोपाल कांडा द्वारा शीघ्र ही नई पार्टी बना ली जाएगी और इससे पहले वे सरकार से समर्थन वापिस ले लेंगे।  तो सवाल उठते हैं कि सरकार अल्पमत में आएगी? प्रदेश में समय पूर्व चुनाव होंगे? लेकिन साथ ही गोबिंद यह भी कहना नहीं भूले कि सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। यदि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की घोषणा होती है तो वह जल्द से जल्द होगी और यदि गोपाल व उनके साथी सरकार से समर्थन वापिस लेते हैं तो कार्यकाल पूरा कैसे होगा?

कांडा ने किया सिरसा को मशहूर : सेतिया

सिरसा। अखिल भारतीय पंजाबी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सेतिया ने कहा कि राजनीतिज्ञों से तो लोग पहले ही नफरत करते थे, यह क्या कर दिया कांडा जी। कौन भरोसा करेगा राजनीतिज्ञों की जुबान पर आपने राजनीति की शुरुआत की आपने चौटाला जाप से। मतलब निकला हुड्डा जपने लगे। बड़ी जल्दी तेवर दिखाए। हवा के रूख का हवाला देख नमो नमो जपने लगे। बड़ी जल्दी तेवर दिखाए और कहने लगे के देश और प्रदेश बदलाव चाहता है। मैं कार्यकर्ताओं के साथ हूं। तथा कथित सेवादार और धर्म के ठेकेदारों ने चार दिन पहले तो अपने कार्यकर्ताओं को नमो नमो का पाठ पढ़ाया था कल वही शाम 4 बजे नमो नमो छोड़ हुड्डा के रथ पर सवार हो लिए। पांच घंटे तक कांग्रेस जिंदाबाद करते रहे और 9:30 बजे फिर नमो नमो करने लगे। यह कैसी राजनीति है। कहते हैं कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हैं यह मतलबी लोग किसी का भी सम्मान नहीं करते। इनके लिए राजनीति पूरी तरह दुकानदारी है। सेतिया ने सिरसा की जनता से प्रश्र किया यह कैसा बहरुपिया तथाकथित सेवादार धर्मात्मा नमूना चुना है जो गिरगिट की तरह रंग बदलता है जिसने आया राम, गया राम के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं और वो भी सिरसा से। जहां से पूर्व मंत्री लक्ष्मण दास अरोड़ा को पांच बार आपने विधायक चुना और जब वो चंडीगढ़ विधानसभा की दहलीज पर पैर रखते थे तो लोग कहते थे कि यह है सिरसा का विधायक जो दबंग और बात का धनी कहलाता था। जिसे विपक्षी भी सिरसा नरेश कहते थे। यह धर्मनगरी है। सिरसा का नाम जाकर कहीं बताते हैं कि हम सिरसा से है तो लोग कहते हैं कि कांडा वाला सिरसा। आप सोचिए कि सिरसा को शोहरत मिली है या कलंकित हुआ है। इन बंधुओं का नाम तो गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड  रिकार्ड में होना चाहिए। सेतिया ने कहा कि जो हवा के रुख के साथ बदल जाएं वो इंसान नहीं होता। सेतिया ने कहा कि कांडा बंधु अपना स्टैंड क्लीयर करें। कल दिन में दो बार बदले आज कितनी बार बदलेंगे और चुनाव तक कहां खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि बेशक कोई आए कोई जाए सम्मान से राजनीति करेंगे। उन्होंने कहा कि हम हवाई राजनीति नहीं करते। हम ठहराव, सम्मान और सेवा की राजनीति करते हैं। कभी भी पूर्व मंत्री स्व. लक्ष्मण दास अरोड़ा ने राजनीति को दुकानदारी नहीं बनाया और न ही हम बनने देंगे। सेवा की राजनीति कर सिरसा का सम्मान बढा़एंगे।

देश में भाजपा की लहर

सिरसा। प्रमुख समाज सेवी डॉ. वेद बैनीवाल आज अपने साथियों सहित भाजपा में शामिल हो गए। पूर्व मंत्री प्रो. गणेशी लाल तथा भाजपा प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक जगदीश चोपड़ा की उपस्थिति में डॉ. वेद बैनीवाल ने आज बेगू रोड पर एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज देश को परिवर्तन की जरुरत है और नरेंद्र मोदी इस परिवर्तन के परिचायक हैं। उनके नेतृत्व में देश में भाजपा की लहर चल रही है और देश विकास व सुशासन की ओर बढ़ रहा है। बैनीवाल ने कहा कि सामाजिक काम करते हुए कई बार ऐसी अड़चनों का सामना करना पड़ा है। जिनका उपचार राजनीति में शामिल होकर किया जा सकता है। इससे पहले जगदीश चोपड़ा ने डॉ. बैनीवाल और उनके साथ भाजपा में शामिल होने वाले डॉ. एस पी शर्मा, डॉ. सुशील सिंगला, डॉ. के के गोयल का परिचय करवाते हुए उनका भाजपा में स्वागत किया। चोपड़ा ने कहा कि बैनीवाल समाज सेवा का पर्याय बन चुके हैं और वो समाज के सबसे बड़े हित चिन्तक हैं। रक्त दान और आपसे भाईचारे को मजबूत रखने के क्षेत्र में डॉ. बैनीवाल का योगदान अतुलनीय है। पूर्व मंत्री प्रो. गणेशी लाल ने कहा कि भाजपा में शामिल होकर बैनीवाल और उनके साथियों ने पार्टी का सम्मान किया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष अमीरचंद मेहता ने सभी साथियों को फूल मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। प्रो. गणेशी लाल ने बताया कि आज झज्जर में नरेंद्र मोदी की रैली हो रही है और मोदी के व्यक्तिगत निमंत्रण पर डॉ. सुशील इंदौरा रैली में मोदी के साथ मंच पर हैं। सिरसा में कांडा बंधुओं से संबंधित एक सवाल में गणेशी लाल ने कहा कि सब लोग जानते हैं कि कांडा बंधु सिरसा में डॉ. इंदौरा का समर्थन कर रहे हैं।

हादसे में पिता-पुत्र की मौत

सिरसा। डबवाली रोड पर हुए सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
गांव किराड़कोट निवासी 47 वर्षीय बहादुर पुत्र अजमेर सिंह आज सुबह करीब साढ़े 5 बजे अपने 17 वर्षीय बेटे जसकरण को रेलवे स्टेशन छोडऩे के लिए आ रहा था। बताया जा रहा है कि जसकरण भिवानी में पढ़ता है और उसे आज रेलगाड़ी से जाना था। डबवाली रोड पर होटल आरोमाइन के पास एक ट्रक ने उनके मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बहादुर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घायल जसकरण को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Sunday, 6 April 2014

हरियाणा को नहीं चाहिए गुजरात मॉडल : राहुल गांधी

अब गैस गुब्बारे में होगा धमाका, कांग्रेस नहीं करती बांटने की राजनीति

अरिदमन छत्रपति 
सिरसा। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा को गुजरात मॉडल की जरूरत नहीं है। हर प्रदेश का अपना अलग मॉडल होता है और वह प्रदेश उसी मॉडल के अनुसार ही चलता है। हरियाणा का मॉडल प्रदेश की जरूरतों व परिस्थितियों के हिसाब से सर्वश्रेष्ठ है। राहुल गांधी आज यहां के हुडा ग्राउंड में कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी अशोक तंवर के प्रचार हेतु आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही विपक्ष बोलना शुरू कर देता है। 2004 में 'इंडिया शाइनिंग' नाम से गुब्बारे में हवा भरकर उड़ाया गया। मतदान हुआ और गुब्बारा फूट गया। 2009 में फिर 'इंडिया शाइनिंग-2' गुब्बारा भी फूटा। अब भाजपा ने 'गुजरात मॉडल' के नाम से गैस का गुब्बारा उड़ाया है। चुनावों के बाद धमाके के साथ गुब्बारा फूटेगा और भाजपा अपने करोड़ों के खर्च को हवा में उड़ते देखेगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव में सिर्फ दो दिन शेष हैं और भाजपा अभी तक घोषणापत्र भी जारी नहीं कर पाई है। कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र आम लोगों से पूछकर बनाया है। रोजगार व भोजन का अधिकार वे दे चुके हैं और आपने मौका दिया तो अब हर व्यक्ति को छत व ईलाज का अधिकार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जो दिया है, उतना किसी ने पहले नहीं दिया। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने बल देते हुए कहा कि भाजपा को छत्तीसगढ़, कर्नाटक और गुजरात में भ्रष्टाचार और अपने भ्रष्टाचारी नेता नहीं दिखाई देते। भाजपा शासित राज्यों में दूसरे प्रदेशों के लोगों को बाहरी बताकर हमले किए जाते हैं, लेकिन कांगे्रस ने कभी बांटने की राजनीति नहीं की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी अशोक तंवर जुझारू नेता हैं और वे उनकी जनता के प्रति सेवा की लगन से प्रभावित हैं।

देर से पहुंचे राहुल

सिरसा। राहुल गांधी करीब 2:30 बजे मंच पर पहुंचे। करीब सवा दो बजे राहुल का हैलीकॉप्टर रैली स्थल के ऊपर से होकर गुजरा और विश्वविद्यालय परिसर में निर्धारित स्थान पर उतारा गया। उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, हरियाणा प्रभारी शकील अहमद तथा रणधीर सिंह भी थे। तंवर ने यहां उनका स्वागत किया और उन्हें रैली स्थल पर लेकर आए। शकील अहमद ने मंच संचालन का कार्य संभाला और सबसे पहले अपना संबोधन भी दिया।

भाजपा प्रत्याशी चाइना का माल : हुड्डा

सिरसा। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने भाजपा के सभी प्रत्याशियों को 'चाइना का मालÓ बताया। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा-हजकां के आधे से ज्यादा प्रत्याशी इधर-उधर से लाए गए हैं। ये लोग चाइना के माल की तरह हैं, ज्यादा समय तक चलने वाले नहीं हैं। इसके अलावा उन्होंने इनेलो को प्लॉट कब्जाने वाला दल बताया। उन्होंने कहा कि चौटाला सरकार के समय वे प्रदेश में जहां भी जाते थे उन्हें प्लाटों पर कब्जे होने की ही खबर मिलती थी जबकि उनके राज में गुंडागर्दी पूरी तरह से समाप्त कर दी गई है। अपने भाषण के दौरान भूपेन्द्र हुड्डा धीरे-धीरे लय में आए और उन्होंने प्रदेश भर में किए गए कार्यों व सभी वर्गों के लिए बनाई गई नीतियों का राहुल गांधी के समक्ष जमकर गुणगान किया।  उन्होंने कहा कि यदि वे हरियाणा में गुजरात मॉडल लागू करेंगे तो लोगों को जो सुविधाएं मिल रही हैं, वे वापिस लेनी पड़ेंगी। उन्होंने कहा कि केेंद्र को चाहिए कि पूरे देश में गुजरात नहीं, बल्कि हरियाणा मॉडल लागू करें। 

राहुल गांधी को पीएम चाहते हैं लोग : तंवर

सिरसा। कांग्रेस प्रत्याशी अशोक तंवर ने कहा कि लोग राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के लिए हर प्रकार की सहूलियत लाने की जी-तोड़ कोशिश की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बजट में क्षेत्र को कुछ न कुछ अलग मिला है और यदि उन्हें मौका मिला तो वे मैट्रो शहरों की तर्ज पर इस लोकसभा क्षेत्र को विकसित करने का माद्दा रखते हैं। उन्होंने कहा कि नेहरू-गांधी परिवार से सिरसा के पुराने संबंध रहे हैं। उन्होंने अपने संबोधन में चौ. दलबीर सिंह और कुमारी शैलजा का नाम भी लिया।

बयानों पर उलझन

1. राहुल के आने से पहले पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा मंच से उवाच रहे थे कि तंवर यहां से चुनाव नहीं लडऩा चाहते थे लेकिन उन्होंने जोर डाला कि उन्हें यहीं से लडऩा चाहिए। जनता आपके साथ है और आपकी जीत सुनिश्चित है।  राहुल के आने के बाद हरियाणा प्रभारी शकील अहमद बोले कि वे तंवर को अंबाला से लड़वाने के इच्छुक थे लेकिन तंवर बोले कि सिरसा ही उनका रणक्षेत्र है और वे सिरसा के लोगों की सेवा करना चाहते हैं। वे वहीं से चुनाव लड़ेंगे। और उन्होंने यह भी कहा कि इस बात का जिक्र वे खास तौर पर यहां करना चाहते हैं। उल्लेखनीय है कि टिकट बंटवारे से पूर्व अशोक तंवर के सिरसा से न लडऩे की इच्छा सामने आई थी। ऐसे में विरोधी धड़ा इस बात को प्लस प्वाइंट बना रहा था कि तंवर तो यहां के लोगों से भागने की फिराक में थे, वे मजबूरी में यह चुनाव लड़ रहे हैं। शकील अहमद का यह बयान उपरोक्त बातों की काट करने के तौर पर देखा जा रहा है। 
2. मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी से मुखातिब होते हुए कहा कि 'आपके आने के बाद यहां कांग्रेस जरूर जीतेगी'।  इससे यह माना जाए कि हुड्डा स्वयं मानते हैं कि कांग्रेस यहां हार रही थी और राहुल के आने के बाद जीतेगी? इसके अलावा हुड्डा ने इस बात पर विशेष बल दिया कि सिरसा लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है।

अमित सिहाग ने किया सम्मानित

सिरसा। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अमित सिहाग ने अंत में राहुल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा किसी को भी मंच पर जाने की इजाजत नहीं मिल पाई। रैली में कांग्रेस के छोटे-बड़े लगभग सभी नेता एक अलग मंच पर आसीन थे। राहुल के आने से पहले यहीं से उन्होंने संबोधित भी किया। जगदीश नेहरा, भूपेश मेहता, प्रहलाद सिंह गिल्लांखेड़ा, मलकीत सिंह खोसा सहित विभिन्न नेताओं ने भी रैली स्थल पर पहुंचे लोगों को संबोधित किया। 

Saturday, 5 April 2014

सिलेंडर में लगी आग

कार में भरी जा रही थी गैस, लीकेज से हुआ हादसा

सिरसा। बेगू रोड पर गोल डिग्गी के समीप लोहिया बस्ती की गली नंबर पांच में आज दोपहर को कार में रसोई गैस सिलेंडर से गैस भरते समय गैस लीक होने पर अचानक आग लग गई। आग से कार का पिछला हिस्सा और साथ में एक दुकान में रखा सामान जल गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार लोहिया बस्ती की गली नंबर पांच में चंद्र मेहता पुत्र हंसराज मेहता शनिवार दोपहर को अपनी वेगनार कार में रसोई गैस सिलेंडर से गैस भर रहा था। बताया जाता है कि कार में गैस भरते समय गैस लीक कर रही थी तथा इसी दौरान उपर से गुजर रही बिजली का तारों में स्पार्किंग से आग लग गई। आग लगते ही लोगों में हड़कंप मच गया। दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि गैस सिलेंडर ने आग नही पकड़ी वर्ना बडा हादसा हो सकता था। आग से जहां कार का पिछला भाग बुरी तरह जल गया। वहीं साथ में गांव बेगू निवासी राज कुमार नढ़ा की टीवी रिपेयर आदी की दुकान में भी आग लग गई। आग से कार का करीब तीस हजार रुपए का नुकसान हो गया। वहीं राज कुमार की दुकान में रखे दो टीवी, कांउटर व अलमारी आदि जल गई जिससे उसका करीब दस हजार रुपए का नुकसान हो गया। 

दो महिलाओं की गई जान

झुलसी विवाहिता ने तोड़ा दम
सिरसा। संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी विवाहिता की गत सायं मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव आज परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार गांव बालासर निवासी रामप्रताप की पत्नी भावना 3 अप्रेल को झुलस गई थी। बताया गया है कि रात्रि को विद्युत आपूर्ति न होने के चलते भावना ने मोमबत्ती जलाई थी। रात को सोते समय रजाई में आग लगने के कारण वह झुलस गई। उपचार के लिए डबवाली रोड स्थित प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां बीती सायं उसका दम टूट गया। आगजनी की इस घटना में रामप्रताप भी झुलस गया था जिसका उपचार भी निजी अस्पताल में चल रहा है। आज सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया है कि राजस्थान के गांव टोपरिया निवासी भावना का विवाह 8 वर्ष पूर्व गांव बालासर में हुआ था। उसके एक लड़की व दो लड़के हैं।
कूदी नहर में
उधर चोपटा-नोहर फीडर में कूदकर अ ाज एक महिला ने आत्महत्या कर ली। गांव चिंदड़ निवासी सुभाष की पत्नी भगवानी मानसिक रूप से परेशान थी। आज सुबह चोपटा के पास ग्रामीणों ने नहर में शव बहते देखा। मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव वारिसों को सौंप दिया गया।

राहुल की रैली कल, तैयारियां पूरी

सिरसा। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की कल 6 अप्रेल को प्रस्तावित चुनाव रैली की तैयारियां पूरी हो गई हैंं। सिरसा से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार एवं निवर्तमान सांसद डॉ. अशोक तंवर व पूर्व सांसद चौ. रणजीत सिंह ने सुबह रैली स्थल का दौरा किया और तैयारियों की समीक्षा की।
इस मौके पर उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं व लोगों को संबोधित करते हुए अशोक तंवर ने कहा कि आसन्न लोकसभा चुनावों में सिरसा की जनता पिछले पांच साल में हुए विकास कार्यों पर मोहर लगाएगी। उन्होंने बताया कि हुडा के विशाल ग्राउंड में राहुल गांधी बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पार्टी के प्रदेश प्रभारी शकील अहमद राष्ट्रीय महासचिव आशा कुमारी सहित अन्य नेता शिरकत करेंगे। डॉ. तंवर ने बताया कि रैली के लिए सिरसा लोकसभा क्षेत्र के तमाम 9 हलकों के लोगों व पार्टी कार्यकर्ताओं को निमंत्रण दिया गया है। हमने पिछले 5 साल के कार्यकाल में 40 हजार करोड़ रुपए विकास कार्यों पर खर्च किए हैं।

Friday, 4 April 2014

मासूम व अध्यापक की मौत

डिंग के निकट ट्रैक्टर ने बच्चे को कुचला

सिरसा। डिंग मंडी में स्थित ईंटभ_े पर ट्रैक्टर ने एक बच्चे को कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के जिला कासगंज के गांव एटा निवासी कमलेश कुमार अपने परिवार के साथ डिंग मंडी स्थित श्याम बीकेओ पर ईंटें पाथने का काम करता है। बताया गया कि शुक्रवार सुबह एक ट्रैक्टर भ_े पर ईंट लेने आया। ट्राली में ईंटें लादने के बाद जैसे ही भ_े से रवाना हुआ उसने पास में ही खेल रहे कमलेश के पांच वर्षीय बेटे कृष्ण को कुचल दिया। भ_े पर काम रहे मजदूरों ने ट्रैक्टर चालक को मौके पर ही पकड़ लिया तथा पुलिस को सूचित किया। डिंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी चालक को हिरासत में लिया। परिजन घायल बच्चे को उपचार के लिए तुरंत सामान्य अस्पताल में लेकर आए, जहां चिकित्सक ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

ट्रैक्टर ने मारी मोटरसाइकिल सवार अध्यापक को टक्कर

सिरसा। राष्ट्रीय राज मार्ग नंबर दस पर गांव दरियापुर के समीप बाइक सवार अध्यापक की ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को फतेहाबाद के सामान्य अस्पताल में पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार गांव नाथूसरी कलां निवासी हरपाल (30) पुत्र बृजलाल गांव दरियापुर स्थित एक निजी शैक्षणिक संस्थान में अध्यापक के पद पर कार्यरत था। हरपाल अपने दोस्त गांव रामसरां निवासी रवि कुमार के साथ बृहस्पतिवार शाम को बाइक पर सवार होकर फतेहाबाद से गांव लौट रहा था। बताया गया कि दरियापुर के समीप बस के ट्रैक्टर-ट्राली को क्रॉस करते समय ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई। हादसे में हरपाल की मौत हो गई जबकि रवि गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी तथा घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद के सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

Thursday, 3 April 2014

नमो की ना, राहुल के स्वागत की तैयारियां शुरू

सिरसा। सिरसा लोकसभा चुनावों में अपने उम्मीदवारों की हौसला अफजाई और मतदाताओं को लुभाने के लिए राहुल का पहुंचना जहां तय हो चुका है वहीं हजकां-भाजपा गठबंधन के हिस्से मायूसी आई है। कांग्रेसी खेमा राहुल के आने की तैयारियों में जुट गया है तो वहीं नमो की ना ने गठबंधन के लिए सिरदर्द बढ़ा दिया है।
उल्लेखनीय है कि सिरसा में राहुल व मोदी के सभा करने की चर्चाएं दोनों दलों द्वारा बहुत पहले से शुरू कर दी गई थीं। मोदी के सात अप्रैल को सिरसा में सभा करने की बात भाजपा की ओर से कही गई। इसके बाद कार्यक्रम में तबदीली हुई और उनके फतहबाद में रैली करने की बात सामने आई। मतलब अपनी प्रस्तावित रैलियों में से एक रैली नरेन्द्र मोदी द्वारा सिरसा संसदीय क्षेत्र में जरूरी की जानी थी। लेकिन सूत्रों के अनुसार मोदी का सिरसा संसदीय क्षेत्र में रैली का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। आज मोदी गाजियाबाद में गरजे और कुरुक्षेत्र में भी उन्होंने कांग्रेस पर कठोर कटाक्ष किए। लेकिन मोदी के कदम सिरसा की ओर बढ़ते दिखाई नहीं दे रहे। अनुमान लगाया जा रहा है कि सिरसा में हजकां का प्रत्याशी होने के कारण मोदी का कार्यक्रम रद्द किया गया है। क्षेत्र के स्थानीय नेताओं ने हालांकि अभी भी आस नहीं छोड़ी है। उनका कहना है कि मोदी का सिरसा दौरा किन्हीं कारणों से अभी तक पूरी तरह तय नहीं हो पाया है। लेकिन वे सिरसा संसदीय क्षेत्र में यहां के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान के लिए जरूर पहुंचेंगे।
मोदी पहुंचें या नहीं लेकिन उनके न आने से यहां के सियासी समीकरणों को काफी झटका लग सकता है। अभी तक इनेलो के पक्ष में हवा बहती बताई जा रही है। आगामी कुछ दिन हवा का रूख बदलने में अहम साबित होंगे। इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि राहुल की रैली के बाद तस्वीर काफी कुछ बदलेगी। ऐसे में मोदी का आना, राहुल की हवा खराब करना माना जा रहा था लेकिन वे नहीं आते तो राहुल की हवा में पत्ते तंवर की झोली में गिरने की आशंका अधिक बलवान होगी।

राहुल की रैली के लिए स्थान तय, तंवर ने लिया जायजा

सिरसा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष एवं कांग्रेस अध्यक्ष डा. अशोक तंवर के समर्थन में सिरसा के हुडा ग्राउंड में छह अप्रैल को जनसभा संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के आगमन व जनसभा की तैयारियों को लेकर हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने वीरवार को जनसभा स्थल पर निरीक्षण किया।
डा. अशोक तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि सिरसा शहर में जनसभा के लिए हुडा ग्राउंड सबसे बड़ा मैदान है। उन्होंने रैली से जुड़े विभिन्न पहलूओं का निरीक्षण किया और अपने सहयोगियों के साथ तैयारियों को लेकर चर्चा भी की। उल्लेखनीय है कि सिरसा से कांग्रेस उम्मीदवार और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष डा. अशोक तंवर राहुल गांधी के करीबियों  में से एक है। 2009 के लोकसभा चुनाव में भी राहुल गांधी ने अशोक तंवर के चुनाव प्रचार के लिए सिरसा में आकर जनसभा की थी और इस बार के लोकसभा चुनाव में भी राहुल गांधी अशोक तंवर के लिए सिरसा आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि राहुल की जनसभा के लिए कांग्रेस की ओर तैयारियां आरंभ हो चुकी है और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गांव से लेकर कस्बों में तैयारी चल रही है।

हादसों में तीन की मौत
एक की हालत गंभीर

सिरसा। गांव बकरियांवाली व संघर के निकट हुए हादसों में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। 
मिली जानकारी के अनुसार रोहिड़ांवाली निवासी सुनील कुमार अपने जमाल निवासी रवि व जोधपुरिया निवासी राकेश कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी कार्य से गांव बकरियांवाली जा रहा था। बकरियांवाली के निकट सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में सुनील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने राकेश व रवि को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। उपचार के दौरान रवि की भी मौत हो गई। दुर्घटना का आरोपी चालक ट्रैक्टर सहित फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
उधर गांव संघर के निकट एक मोटरसाइकिल व ट्रैक्टर के बीच हुई भिड़ंत में गांव संघर निवासी चैला राम पुत्र जेसा राम की मौत हो गई।

Wednesday, 2 April 2014

हरियाणा में इनेलो को समर्थन : सुखबीर

सिरसा। पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा देश के नेताओं ने काफी संघर्ष के बाद अंग्रेजों से मुक्ति पाई थी मगर उनके बाद एक बार फिर कांग्रेस की काली सरकार से पीछा छुड़वाने के लिए पूरा संघर्ष करना होगा और आगामी 10 अपै्रल को कांग्रेस के खिलाफ मतदान कर उसे धूल चटा दो। वे आज ओढ़ां की अनाजमंडी में इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह रोड़ी के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सिख मतदाताओं से आह्वान किया कि वे वर्ष 1984 के सिख दंगों के दौरान हुए अत्याचारों को न भूलें क्योंकि उसी समय के दौरान हरियाणा में भजनलाल की सरकार ने सिख परिवारों पर दमन किया था। अब अपनी वोट की ताकत से कांग्रेस पर चोट कर उसे बदलने में सहयोग दें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बेशक उनकी पार्टी एनडीए की घटक है मगर हरियाणा में चौटाला परिवार के साथ उनका गहरा रिश्ता है और आगामी लंबे समय तक वे इस रिश्ते को निभाएंगे। उन्होंने यूपीए की चेयरपर्सन पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें न तो देश की संस्कृति पता है और न ही किसानों, मजदूरों की समस्याओं की जानकारी। वहीं इसके विपरीत हरियाणा में चौधरी देवीलाल परिवार और पंजाब में प्रकाश सिंह बादल परिवार को हरेक वर्ग की समस्याओं की बारीकी से जानकारी है और जब भी उन्हें अवसर मिलता है वे आमजन की समस्याओं को दूर करना प्राथमिकता मानते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चौटाला परिवार पर अत्याचार कर रही है मगर वह नहीं जानती कि इस परिवार की जड़ें बहुत गहरी हैं और जनता का प्यार व समर्थन सदैव उनके साथ है जिससे कांग्रेस उन्हें रतिभर भी नुकसान नहीं पहुंचा सकती। अकाली नेता बादल ने कहा कि जब से हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आई है तभी से हरियाणा विकास के मामले में काफी पिछड़ गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को केवल रोहतक में ही समूचा हरियाणा नजर आता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले मध्यप्रदेश, गुजरात, बिहार, उड़ीसा व छत्तीसगढ़ आदि प्रदेशों से पूरी तरह से साफ हो चुकी है और इन संसदीय चुनावों में कांग्रेस पूरे देश से साफ हो जाएगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इनेलो प्रत्याशी के समर्थन में वोटों की अपील की। इस अवसर पर इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, चरणजीत सिंह रोड़ी, पदम जैन, कृष्ण कंबोज, भागीराम, हरदयाल सिंह गदराना, डॉ. सीताराम, राज्य कार्यकारिणी सदस्य जसवीर सिंह जस्सा, मंदर सिंह सिहाग, धर्मवीर सिंह नैन, सर्वजीत मसीतां, संदीप गंगा, विनोद दड़बी, वीरभान मेहता, भगवान कोटली, जगसीर सिंह मांगेआना आदि ने भी अपने विचार रखे।

हर्षोल्लास से मनाया गणगौर

सिरसा। राजस्थान सीमा से सटे सिरसा की संस्कृति पर राजस्थान के तीज त्यौहार की झलक साफ दिखलाई पड़ती है। राजस्थान में धूमधाम से मनाया जाने वाला गणगौर उत्सव सिरसा में भी हर्षाेल्लास व श्रद्धा से मनाया जाता है। नोहरिया बाजार स्थित प्राचीन सत्यनारायण मंदिर में आज से तीन दिवसीय गणगौर उत्सव आरंभ हो गया है। गणगौर उत्सव के पहले दिन आज सुहागिनों ने गणगौर व ईशर की पूजा अर्चना कर अपने सुहाग की दीर्घायु की कामना की। सत्यनारायण मंदिर में सुबह सवेरे से ही महिलाओं का तांता लगना शुरू हो गया। इस अवसर पर मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया था। मंदिर में गणगौर-ईशर के साथ साथ पार्वती व भगवान शिव की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। श्रद्धालु महिलाएं सुहाग की प्रतीक वस्तुएं गणगौर को अर्पित करती है। इस अवसर पर मंदिर पुजारी सुशील शर्मा व गौतम शर्मा ने विधिवत पूजा अर्चना करवाई। महिला श्रद्धालुओं ने गणगौर से संबधित पौराणिक गीत गाकर पूजा अर्चना की।

Tuesday, 1 April 2014

अभय चौटाला भी जेल जाने के लिए लाइन में

कुलदीप बिश्नोई ने किया सिरसा में जनसंपर्क, इनेलो रही निशाने पर

Kuldeep Bishnoi on the stage
सिरसा। हजकां-भाजपा गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि 6 साल तक सत्ता में होने के बावजूद भी चौटाला परिवार सिरसा क्षेत्र का पिछड़ापन दूर नहीं कर पाया। यही कारण है कि आज क्षेत्र के लोग बिजली, पानी, सड़कें, रोजगार की बाट जोह रहे हैं। इन लोगों ने सत्ता में रहते हुए क्षेत्र के विकास की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। भय, आतंक और भ्रष्टाचार फैलाने से ही इनको फुर्सत नहीं मिली। हजकां-भाजपा गठबंधन इन लोगों के आतंक को समाप्त करना चाहता है और इसीलिए मैं आपसे ताकत मांगने आया हूं। आगामी 10 अपै्रल को टै्रक्टर के सामने वाला बटन दबाकर विकास के लिए, देश व प्रदेश की मजबूती के लिए वोट कीजिए।  हजकां अध्यक्ष कुलदीप बिश्रोई आज सिरसा से गठबंधन प्रत्याशी डॉ. सुशील इंदौरा के पक्ष में अनेक जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि आपके क्षेत्र में आतंक फैलाने वालों से आपको अब डरने की जरूरत नहीं, क्योंकि इनेलो नामक पार्टी का वजूद अब समाप्ति की ओर है। इसलिए आप खुलकर मतदान कीजिए। उन्होंने कहा कि अपने शासनकाल में की गई तानाशाही, गुंडागर्दी के कारण आज एक तिहाई चौटाला परिवार जेल में है और आय से अधिक संपत्ति के मामले में अभय चौटाला भी जेल जाने के लिए लाईन में लगे हुए हंै। झूठ व लूट के सहारे राजनीति करने वालों के दिन अब लद गए हैं। उन्होंने कहा कि मेरी किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं है। मैं सिर्फ भ्रष्टाचार का दुश्मन हूं और राजनीति से भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों को समाप्त करने तक मेरा संघर्ष जारी रहेगा।
हजकां अध्यक्ष ने कहा कि अपने 6 साल के राज में चौटाला परिवार ने क्षेत्र समेत पूरे प्रदेश को गहरे जख्म दिए। जमीनों पर कब्जे, दुकानों कब्जे करना इन लोगों की मुख्य पहचान थी। इनेलो ने अपने शासनकाल में गुंडागर्दी की सभी हदें पार कर दी थीं। चौटाला पिता-पुत्रों ने पूरे प्रदेश को अपनी बपौती समझकर लूट-खसोट का तांडव मचाया था। हरियाणा का छोटे से लेकर बड़ा व्यापारी तक चौटाला का काफिला देखकर डर जाता था। उस समय में कहावत थी जिसकी दुकान पै चौटाला की नजर पडग़ी, समझो उसका बंटाधार है। चौटाला सरकार में अपराधियों के बुलंद हुए हौंसले आज तक भी हरियाणा के लिए कलंक साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे तानाशाही व गुंडाराज को आप लोग कैसे भूल सकते हैं। इन लोगों के अपराध तो अब माननीय अदालतों में भी साबित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. सुशील इंदौरा आपका अपना उम्मीदवार है और इंदौरा के पक्ष में मतदान करके जहां आप नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में अमूल्य सहयोग करेंगे, वहीं आपके क्षेत्र में आतंक फैलाने वालों को भी करारा सबक सिखाओगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में नरेन्द्र मोदी की लहर है, क्योंकि जनता उनमें मजबूत प्रधानमंत्री देख रही है, जो कि देश को विकास की नई बुलंदियों पर लेकर जाएंगे। इसी तरह हरियाणा में हजकां-भाजपा गठबंधन को जनता अपना आशीर्वाद दे चुकी है और गठबंधन सत्ता मेंं देखना चाहती है। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. गणेशीलाल, जगदीश चोपड़ा, हजकां ग्रामीण जिलाध्यक्ष कुलदीप भांभू, शहरी जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश फुटेला, जिलाध्यक्ष भाजपा अमीर चंद मेहता, पाला सिंह कंबोज, अरूण बेनीवाल, मनप्र्रीत सिंह आजाद,  हेतराम कड़वासरा, राधेश्याम शर्मा,  राम कुमार कड़वासरा इत्यादि  मौजूद थे।

दिल में नमो, ज़बां पर हुड्डा

परिवर्तन की लहर के साथ बहने को आतुर दिखे कांडा

सिरसा (हस)। सिरसा के निर्दलीय विधायक गोपाल कांडा इन चुनावों में खुले तौर पर समर्थन का फैसला शायद नहीं लेने वाले हैं। हरियाणा के पिछले विधानसभा चुनावों से ही पूरी तरह सक्रिय राजनीति में उतरे कांडा ने इस दौर में कई सबक लिए हैं। वे जान चुके हैं कि राजनीति के इस खेल में किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में वे इस बार दांव इस बार एक मंझे हुए खिलाड़ी की तरह खेल रहे हैं। वे न तो कांग्रेस का विरोध खुलकर करते दिखाई दे रहे हैं और न ही किसी अन्य का समर्थन। यानी चित भी उनकी और पट भी।
आज गोपाल कांडा ने अपने कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई थी। माना जा रहा था कि वे इस दौरान पिछले कई दिनों से चल रही अटकलों पर विराम लगाएंगे। लेकिन उन्होंने बहुत ही चालाकी से अपने संदेश में 'परिवर्तन की लहर' का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि देश में परिवर्तन की लहर है और हरियाणा भी इससे अछूता नहीं है। हालांकि उन्होंने कार्यकर्ताओं को साफ संकेत दे दिया कि वे क्या चाहते हैं लेकिन पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने खुलकर कुछ भी नहीं कहा।
पुरानी डील की दिखी मजबूरी
कांडा की बातों में उनकी विधानसभा चुनावों के दौरान प्रदेश की हुड्डा सरकार के साथ हुई डील की मजबूरी साफ झलकती दिखी। कांडा निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में सिरसा से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। बाद में प्रदेश में भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में निर्दलीय बैसाखी के सहारे कांग्रेस सरकार बना पाई। ऐसा माना जाता है कि कुल सात निर्दलीय विधायकों को कांग्रेस के साथ जोडऩे की सबसे मजबूत कड़ी गोपाल कांडा ही थे। अब अगर इन चुनावों में गोपाल कांग्रेस के खिलाफ अगर खुलकर नहीं जा रहे तो इसके पीछे कहीं न कहीं उनकी पूर्व की डील भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि वे तो निर्दलीय हैं और हुड्डा को समर्थन दे रहे हैं और वे यह समर्थन पूरे पांच साल के कार्यकाल तक देंगे।
बातों ही बातों में इशारा हो गया
सवाल चाहे समर्थन का रहा या चुनावों में संभावित जीत का, आज कांडा ने जवाब दिए तो वे कुछ न कहते हुए भी सबकुछ कह गए। लोकसभा चुनावों में किसकी जीत होगी? इस सवाल के जवाब में कांडा ने कहा कि विकास की जीत होती है। यदि विकास हुआ है तो मौजूदा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान होगा और अगर विकास नहीं हुआ तो विरोध में। अब यह जनता ही बताएगी कि विकास हुआ या नहीं।
जल्द होगा पार्टी पर फैसला
स्वयं की पार्टी के बारे में कांडा ने कहा कि उन्हें प्रदेशभर से कार्यकर्ताओं द्वारा प्रोत्साहन मिल रहा है। जल्द ही वे इस संबंध में औपचारिक घोषणा करेंगे। कांगे्रस के बागी विनोद शर्मा के साथ मिलकर पार्टी बनाने की संभावनाओं को फिलहाल उन्होंने सिरे से नकार दिया। उल्लेखनीय है कि विनोद शर्मा द्वारा भी स्वयं की पार्टी खड़ी किए जाने की चर्चा है।

Monday, 31 March 2014

विशेष बल पहुंचा सिरसा

सिरसा। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से गुजरात आम्र्ड पुलिस की दो टीमें आज सिरसा पहुंची। इनमें से एक टुकड़ी को सिरसा की बिश्नोई धर्मशाला जबकि दूसरी को डबवाली में ठहराया गया है। उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनावों की कड़ी में सबसे पहले हरियाणा व दिल्ली में चुनाव होने प्रस्तावित हैं। ऐसे में प्रदेश की पुलिस के साथ सुरक्षा का जिम्मा विशेष फोर्स के हवाले रहेगा। यह फोर्स उन क्षेत्रों से मंगवाई जा रही है जहां चुनाव देरी से होंगे। ऐसे में सिरसा में जो टुकडिय़ां अद्र्धसैनिक बलों की मंगवाई गई हैं, वे गुजरात से पहुंची हैं।
आज डीएसपी टीवी रावल के नेतृत्व में 180 जवानों की दो टुकडिय़ां सिरसा पहुंची हैं। इनमें इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर तथा कांस्टेबल रैंक के जवान शामिल हैं। क्षेत्र के अति संवेदनशील मतदान केंद्र खास तौर पर इन विशेष बलों के हवाले रहेंगे। इसके अलावा भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम चुनाव के दौरान किए जाएंगे। लेकिन अति संवेदनशील व संवेशनशील मतदान केंद्रों व क्षेत्रों में इन विशेष जवानों की तैनाती काफी अहमियत रखती है। 

नवसम्वत् पर टेका माथा
नवरात्र शुरू, सजे मंदिर, हुई पूजा-अर्चना

सिरसा। नव संवत 2071 के शुभारंभ पर आज डेरा बाबा सरसाईं नाथ में विशाल मेले का आयोजन किया गया। वहीं दूसरी ओर प्रथम नवरात्र पर दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। नव संवत के उपलक्ष्य में डेरा बाबा सरसाईनाथ में आयोजित नवसंवतोत्सव में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। इस अवसर पर सरसाईनाथ डेरा को भव्य तरीके से सजाया गया था। डेरे को फूलों से सजाया गया था तथा देवी देवताओं की भव्य प्रतिमाओं से पंडाल सजाया गया था। नव संवत पर डेरा बाबा सरसाई नाथ में सभी बिरादरी के लोग नतमस्तक होते हैं। श्रद्धालुओं ने बाबा सरसाईनाथ की समाधि पर भगवा रंग की चद्दर, प्रसाद आदि चढ़ाकर मनोकामनाएं मांगी। डेरा के महंत बाबा सुंदराईनाथ ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अशोक तंवर, रणजीत सिंह, कांग्रेसी नेत्री सुनीता सेतिया सहित अनेक गणमान्य लोगों ने डेरा में पहुंचकर बाबा की समाधि पर शीश नवाया। श्रद्धालुओं को चूरमे का प्रसाद तथा बाबा सरसाईनाथ के कलैंडर वितरित किए गए।
बाबा सरसाईनाथ ने रखी थी सिरसा की नींव:सिरसा शहर का बहुत पुराना इतिहास है। सरस्वती नदी के तट पर बसा होने के चलते सिरसा को पूर्व में सरस्वती नगर के नाम से जाना जाता था। सरस्वती नगर को 1192 ईसवी में शाहबुद्दीन गौरी ने हमला कर नष्ट कर दिया था। उस समय नगर के तत्कालीन राजा कुंवरपाल ने गौरी का डटकर मुकाबला किया लेकिन राजा की सेना गौरी की विशाल सेना के सामने ज्यादा देर टिक नहीं पाई। बताया जाता है कि इसके बाद गौरी ने सिरसा को जमकर लूटा एवं उसके बाद नगर को आग लगा दी। पूरा नगर आग की भेंट चढ़ गया। बाद में सिद्धपुरुष बाबा सरसाईनाथ ने सिरसा नगर की नींव रखी, इसलिए सिरसा को सरसाईनाथ नगरी के नाम से जाना जाने लगा। मुगल बादशाह शाहजहां के पुत्र दारा शिकोह को भी सरसाईनाथ मंदिर में जीवन दान मिला था, जिसके पश्चात शाहजहां ने लाल रंग का गुंबद निर्माण करवाया तथा शाही फरमान जारी कर हजारों एकड़ भूमि डेरा के नाम करवाई। उक्त शाही फरमान आज भी डेरा के पास है।
दूसरी ओर प्रथम नवरात्रा के आरंभ पर शहर के दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा अर्चना की। सालासर धाम में नवरात्रों के उपलक्ष्य में मां दुर्गा की 251 अखंड ज्योत जलाई गई। ब्रह्मणों द्वारा सत चंडी का पाठ किया जा रहा है जो अष्टमी तक निरंतर जारी रहेगा। इसके अलावा गली गोलछावाली स्थित इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर, वहीं बी ब्लाक स्थित दूर्गा मंदिर, भादरा गेट स्थित दुर्गा मंदिर सहित शहर के अनेक मंदिरों  में भी नवरात्रों को लेकर भव्य सजावट की गई। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को चुनरी, नारियल व अन्य पूजा सामग्री भेंट कर पूजा अर्चना की।

हादसों में दो की मौत

सिरसा। गांव चोरमार व भावदीन के पास हुए हादसों में एक बच्चे सहित दो जनों की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लापरवाही के वाहन चलाकर दुर्घटना करने के आरोपी चालकों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गांव चोरमार निवासी जगसीर पुत्र मोहन सिंह अपने 12 वर्षीय पुत्र सुखदीप के साथ साइकिल पर सवार होकर गांव लौट रहा था। गांव के निकट अज्ञात वाहन ने साइकिल को टक्कर मार दी। जिससे पिता-पुत्र सड़क पर जा गिरे। सुखदीप की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका पिता जगसीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
दूसरी घटना गांव भावदीन के निकट हुई। बताया गया है कि भिरडाना निवासी मांगेराम पुत्र कुशाल बाईक पर सवार होकर जा रहा था। भावदीन के निकट अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में मांगेराम गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगर उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Sunday, 30 March 2014

सेतिया का इकरार, कांडा पर सस्पेंस बरकरार

घुड़की पिलाने ही आए हुड्डा

जैसी संभावना जताई जा रही थी वैसा ही हुआ। हुड्डा आए और पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को घुड़की पिला गए। एक तरफ हुड्डा कांगे्रस भवन में कार्यकर्ताओं को खरी-खोटी सुना रहे थे, दूसरी तरफ असली व नकली कांग्रेस का खेल खेल रहे सिरसा नरेश स्वर्गीय लछमण दास अरोड़ा के राजनीतिक वारिसों ने भी अपने पत्ते शो कर दिए। कांग्रेस की बैठक में ही हुड्डा को सेतिया के निर्णय की सूचना मिल गई। सेतिया ने तंवर को समर्थन देने पर सहमति जताई है। बिना देरी किए सीएम ने भी मंच से यह फैसला सभी कांग्रेसियों को सुना दिया। इसके बाद सीएम का काफिला सेतिया के आवास पर आभार जताने पहुंचा। सेतिया ने भी मिठाई लेकर कांग्रेस उम्मीदवार अशोक तंवर और मुख्यमंत्री का स्वागत किया। हुड्डा ने अपने संदेश में खुलकर साफ किया कि जो भी कार्यकर्ता या नेता पार्टी का विरोध करेगा, भविष्य में पार्टी द्वारा भी उसकी नहीं सुनी जाएगी। हुड्डा ने आज क्षेत्र के कस्बा रानियां, एलनाबाद, डबवाली, कालांवाली में रोड शो किया और इस रोड शो के माध्यम से उन्होंने सिर्फ और सिर्फ एकजुटता पर जोर दिया। कांग्रेस की सभा में लगभग सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, लेकिन कांग्रेस को समर्थन दे रहे सिरसा के विधायक गोपाल कांडा व प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि गोबिंद कांडा की गैर मौजूदगी की चर्चाएं जरूर रहीं। पत्रकारों से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की लहर है और दूसरी पार्टियों की कोई पूछ नहीं हो रही। सब कांग्रेस-कांग्रेस हो रहा है।

सीएम ने कांग्रेस भवन में किया कार्यकर्ताओं को संबोधित

सिरसा। कांग्रेस की विजय सुनिश्चित करने के लिए पूरे प्रदेश में रोड शो निकाल रहे भूपेन्द्र सिंह हुड्डा आज सिरसा पहुंचे। उन्होंने यहां कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पार्टी के उम्मीदवार अशोक तंवर के लिए वोट की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सीख भी दी। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता या नेता चुनाव में पार्टी की मदद नहीं करेगा, वक्त आने पर पार्टी में भी उसकी कोई सुनवाई नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास चुनाव लड़ाने के लिए उम्मीदवार ही नहीं हैं। जिस पार्टी के पास उम्मीदवार ही न हो वो कैसे जीत सकती है। निर्दलीय प्रत्याशी जगदीश उर्फ जग्गी बाजेकां ने तंवर को समर्थन देने की घोषणा की।
    मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि गत लोकसभा चुनाव में भी कांगे्रस जिला कार्यालय से चुनाव प्रचाार की शुरुआत की थी, जीत हासिल हुई। इस बार भी प्रचार कांगे्रस कार्यालय से शुरु कर रहा हूॅँ, अशोक तंवर भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि सभी कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी में आस्था से काम करेंगे तो वे स्वयं और पार्टी दोनों ही कार्यकर्ता का साथ देगी। सभा के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी जगदीश उर्फ जग्गी बाजेकां ने सीएम की मौजूदगी में तंवर को समर्थन देने की घोषणाा की। इसके बाद सीएम प्रचार वाहन में सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री हुड्डा ने जिला के सभीं विधानसभा क्षेत्र सिरसा, कालांवाली, डबवाली, रानिया व एलनाबाद में रोड शो के जरिए चुनाव में कांग्रेस को मजबूत बनाने की बात कही। इस अवसर पर कांगे्रस प्रदेश प्रवक्ता होशियारी लाल शर्मा, चौ. रणजीत सिंह, प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा, डॉ. केवी सिंह, पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल, अमित सिहाग, जिला अध्यक्ष मलकीत सिंह, भूपेश मेहता, नवीन केडिया, कुलदीप गदराना, आनंद बियानी आदि मौजूद थे। 

पुलिस ने की सड़क जाम

सिरसा। सुबह मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांगे्रस प्रत्याशी अशोक तंवर के प्रचार के लिए सिरसा दौरे पर आए। सीएम हुड्डा जैसे ही कांगे्रस भवन पहुंचे, पुलिस ने गोल डिग्गी चौक पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। पुलिस द्वारा आवागमन अवरुद्ध करने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। 

हाथ मिलाया तो आंख भी दिखाई

सिरसा। सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व अशोक तंवर ने सेतिया निवास पर पहुंचकर उन्हें चुनाव प्रचार में शामिल होने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने सुनीता सेतिया का सिर पर हाथ फेरा तथा राहुल सेतिया का मुंह मीठा करवाया। अशोक तंवर ने भी राहुल सेतिया का मुंह मीठा करवाकर गिला शिकवा दूर करने के लिए आभार व्यक्त किया। राहुल सेतिया व सुनीता सेतिया ने ऐलान किया है कि वे कांग्रेस में रहकर कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे। साथ ही सेतिया परिवार ने कांग्रेस नेताओं को चेतावनी भी दी कि भविष्य में उनके कार्यकत्र्ताओं का अपमान किया गया तो सहन नहीं होगा। सेतिया कि इस घोषणा से उन सभी चर्चाओं पर विराम लग गया। जिनमें कहा गया था कि सेतिया परिवार कांग्रेस प्रत्याशी अशोक तंवर के लिए कोई परेशानी खड़ी कर सकते हैं।

Saturday, 29 March 2014

दोहराएंगे 2009!

कल आएंगे सीएम
फैसला लेंगे सेतिया व कांडा

सिरसा। कल का दिन सिरसा संसदीय क्षेत्र के लिए काफी अहम रहने वाला है। जिस तरह की चर्चाएं हैं, उससे कयास लगाए जा रहे हैं कि कल के बाद सिरसा में चुनावी हवा एकदम से बदल जाएगी। कल मुख्यमंत्री भूपेंन्द्र सिंह हुड्डा सिरसा संसदीय क्षेत्र में रोड शो करेंगे। कल ही सिरसा नरेश व यहां की राजनीति के भीष्म पितामह कहे जाने वाले लछमण दास अरोड़ा की राजनीतिक वारिस सुनीता सेतिया और राहुल सेतिया अपने पत्ते खोलेंगे। गोपाल कांडा भी इन चुनावों में अभी तक निष्क्रिय ही रहे हैं। उनके कई दिनों से दिन-प्रतिदिन अपनी रणनीति जाहिर करने की खबरें आ रही हैं। अब खबर है कि कांडा भी कल मुख्यमंत्री के दौरे के बाद ही तस्वीर साफ करेंगे। 
कल मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का सिरसा संसदीय क्षेत्र में रोड शो का कार्यक्रम प्रस्तावित है। सिरसा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अशोक तंवर की स्थिति यहां अभी तक कुछ अच्छी नहीं मानी जा रही है। तंवर को विपक्षियों से ज्यादा अपनों से लड़ाई लडऩी पड़ रही है। अपनों की नाराजगी और नापसंद प्रत्याशी फिलहाल कांग्रेस की सबसे बड़ी कमजोरी है। कांग्रेस में सभी नेता अपनी डफली अपना राग अलाप रहे हैं। प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस प्रत्याशी अशोक तंवर को ही इसका नुकसान उठाना पड़ेगा। ऐसे में हाईकमान के लिए सभी को एकजुट करने का दबाव बड़ी चुनौती है।
सिरसा में अच्छी पैठ रखने वाले सुनीता सेतिया व मौजूदा विधायक गोपाल कांडा का कांग्रेस प्रत्याशी अशोक तंवर से सीधा-सीधा टकराव जगजाहिर है। इन दोनों ने ही अभी तक पत्ते शो नहीं किए हैं। सेतिया ने हुड्डा का कार्यक्रम तय होने के बाद से ही कह दिया था कि वे 30 अप्रेल को अपना निर्णय करेंगे। उन्होंने बाकायदा अखबारों में विज्ञप्ति व विज्ञापन देकर कार्यकर्ताओं को 30 अप्रेल के लिए आमंत्रित किया है ताकि वे निर्णय कर सकें। पहले उनके इनेलो में शामिल होने की चर्चा थी लेकिन अब बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के दौरे के बाद वे अपना निर्णय बदल सकते हैं। मुख्यमंत्री के उनसे मिलने की संभावना भी जताई जा रही है। 
वहीं गोपाल कांडा फिलहाल सक्रिय रूप से चुनावी दंगल से दूर ही दिखे हैं। हालांकि बाहर से वे अपनी अलग राजनीति खेल रहे हैं। हजकां-भाजपा की टिकट का तबादला और सिरसा से सुशील इंदौरा के हजकां के बैनर तले चुनाव लडऩे के पीछे भी कांडा की राजनीति बताई जा रही है। खैर कुछ भी हो लेकिन यह जाहिर है कि कांडा और तंवर का 36 का आंकड़ा है और अब तक वे तंवर के पक्ष में तो कम से कम नहीं प्रचार कर रहे। चुनावों में समर्थन को लेकर गोपाल कांडा द्वारा आए दिन कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई जाती है लेकिन कुछ भी खुलकर सामने नहीं आ रहा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांडा भी कल के इंतजार में हैं और मुख्यमंत्री के दौरे के बाद वे अपना निर्णय लेंगे। 

मुख्यमंत्री की घुड़की ही बदलेगी फिज़ा

वर्ष 2009 में भी हालात कमोबेश यूं ही थे। तंवर के पक्ष में सिर्फ एक बात यह थी कि उनके राहुल के करीबी होने ढिंढोरा पीटा गया। ऐसे में मुख्यमंत्री को चुनाव पूर्व दौरा हवा बदल गया। उन्होंने एक-एक नेता व कार्यकर्ता को ऐसी घुड़की दी कि सब एक ही जगह मंचासीन दिखाई दिए। सभी के सुर भी मिलने लगे। 
आने वाले समय में सिरसा में राहुल, सोनिया व मनमोहन के आने की भी संभावना जताई जा रही है। उससे पहले हुड्डा पूरा माहौल बदलने की कोशिश करेंगे। सिरसा में तंवर को जितवाना नाक का सवाल बना हुआ है और यह बात कांग्रेस के उच्च पदासीन लोगों को भी मालूम है। कहीं न कहीं 'ऊपरी' आदेश के कारण इस हॉट सीट पर मुख्यमंत्री को अधिक मेहनत भी करनी पड़ सकती है। देखना यह होगा कि अब क्या फिर से 2009 दोहराया जाएगा?

डेरामुखी ने भुगती पेशी

सिरसा। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह ने आज जिला न्यायालय से सीबीआई की विशेष कोर्ट के समक्ष हाजिरी लगाई। आज छत्रपति व रणजीत हत्याकांड में सुनवाई हुई। छत्रपति हत्याकांड में आगामी सुनवाई के लिए 12 अप्रेल की तारीख निर्धारित की गई है जबकि रणजीत हत्याकांड में सुनवाई 26 अप्रेल को होगी। आज सुबह गुरमीत सिंह ने जिला अदालत में पेश होकर सीबीआई की पंचकुला स्थित विशेष अदालत के समक्ष हाजिरी लगाई। आज सीबीआई के जांच अधिकारी डीएसपी सतीश डागर की गवाही होनी थी। निजी कारणों के चलते अदालत के समक्ष पेश नहीं हो पाए।

Friday, 28 March 2014

अब बजेगा नमो-रागा

सिरसा। प्रदेश में चुनावों की सरगर्मियां दिनों-दिन बढ़ती जा रही हैं। आने वाले दिनों में माहौल और गर्माने की आशंका है। अभी तक छोटे-मोटे नेताओं सहित उम्मीदवार व कार्यकर्ता मैदान में जुटे हैं। लेकिन आगामी दिनों में कई बड़े नाम इस चुनाव दंगल में प्रत्याशियों का जोश बढ़ाने पहुंचने वाले हैं। इनमें नमो यानी नरेन्द्र मोदी और रागा यानी राहुल गांधी प्रमुख रूप से शामिल हैं।
सिरसा लोकसभा क्षेत्र की बात करें तो यह प्रदेश के चुनावों में सबसे हॉट सीट मानी जा रही है। यहां कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व मौजूदा सांसद अशोक तंवर ने ताल ठोकी है तो इनेलो के चरणजीत सिंह रोड़ी व हजकां-भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार डा. सुशील इंदौरा उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इसके अलावा आप उम्म्मीदवार पूनम चंद रत्ती व कम्यूनिस्ट पार्टी के राम कुमार बहबलपुरिया भी आंकड़े गड़बड़ाने का कार्य करेंगे। ऐसे में कोई भी दल यहां विरोधियों को हल्के में नहीं ले रहा। मुख्य राष्ट्रीय पार्टियों कांग्रेस व भाजपा ने पूरे देश के लिए चुनावी रोड़ मैप तैयार किया हुआ है। इसमें सिरसा संसदीय क्षेत्र को भी अहम स्थान दिया गया है। खास बात यह है कि दिल्ली व हरियाणा में सबसे पहले चुनाव होने हैं, तो यहां प्रचार को भी दलों द्वारा प्राथमिकता में रखा गया है।
मोदी चुनावों तक 187 रैलियां करेंगे। इनमें से एक रैली सिरसा क्षेत्र में प्रस्तावित है। सूत्रों की मानें तो भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी 7 अप्रेल को सिरसा में रैली करेंगे। वहीं कांग्रेस मोदी की काट राहुल से कर सकती है। राहुल गांधी के मोदी से एक दिन पहले यानी 6 अप्रेल को सिरसा आने की खबरें आ रही हैं। यही नहीं चुनाव पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व सोनिया गांधी के भी सिरसा क्षेत्र में आने की चर्चा है। हालांकि किसी प्रकार की रैली की जाएगी या रोड शो होगा इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा रहा। इसके अलावा 30 मार्च को मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के सिरसा संसदीय क्षेत्र में रोड शो का कार्यक्रम प्रस्तावित है। 
आम आदमी पार्टी के स्टार प्रचारक फिलहाल स्वयं चुनावी मैदान में मोर्चा संभाले हैं। पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, योगेन्द्र यादव, मनीष सिसोदिया, कुमार विश्वास आदि अपनी व्यस्तता के चलते अन्य उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने में असमर्थ जान पड़ रहे हैं। केजरीवाल के देशभर में अपने दौरे के तहत हरियाणा में आने की सूचना है लेकिन वे सिरसा संसदीय क्षेत्र के उम्मीदवार के व्यक्तिगत प्रचार के लिए नहीं पहुंच पाएंगे, ऐसा माना जा रहा है।
इनेलो के पास मौजूदा हालात के अनुसार स्टार प्रचारकों की कमी है। इसके बावजूद इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह रोड़ी की स्थिति काफी अच्छी है। चौटाला और पंजाब में सत्तासीन बादल के पारिवारिक रिश्ते जग जाहिर हैं। उल्लेखनीय है कि इनेलो के प्रत्याशी चरणजीत सिंह रोड़ी विधानसभा में भी अकाली दल के सदस्य के रूप में पहुंचे थे। ऐसे में बादल परिवार भाजपा के साथ गठबंधन में होने के बावजूद हरियाणा में इनेलो के स्टार प्रचारकों के तौर पर खुलकर प्रचार कर रहा है। सिरसा में एक अप्रेल को इनेलो की रैली है, जिसमें पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल भी मंचासीन रहेंगे।
किस स्टार प्रचारक का जादू मतदाता पर असर करेगा, नमो या रागा में से कौन सा राग मतदाताओं को लुभाता है या कोई तीसरा राग अलापा जाएगा, यह तो निर्णय के बाद पता चलेगा। लेकिन चुनावों तक आने वाले समय में माहौल खूब गर्म रहने वाला है।

ट्रक ने मारी कार को टक्कर, जेई की मौत
इनेलो नेता घायल

कालांवाली। ओढां रोड पर डेरा मंढाला के पास एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई जबकि एक घायल हो गया। घायल को सहारा कल्ब की एंबूलेंस की मदद से सिरसा के अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
जानकारी अनुसार लोक निर्माण विभाग में जेई सुभाष कंबोज व इनेलो के जिला कार्यालय प्रभारी हरी सिंह भारी लीवा कार में कालांवाली से सिरसा जा रहे थे कि ओढां रोड पर डेरा मंढाला के पास सामने से आ रहे एक ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में जहां ट्रक पलट गया वहीं कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षृतिग्रस्त हो गया। हादसे में जेई सुभाष कंबोज ने मोके पर ही दम तोड दिया। जबकि हादसे में घायल हुए हरी सिंह भारी को एंबूलेंस की मदद से सिरसा के अस्पताल में पहुंचाया गया। हादसे का पता चलने पर काफी संख्या में इनेलो के नेता व कालांवाली पुलिस मौके पर पहुंची।

Thursday, 27 March 2014

अवंतिका तंवर के खिलाफ मुकद्दमा

गांव सुरतिया में दिया था मतदाताओं को प्रलोभन
रोड़ी थाना में भादंसं की धारा 171बी के तहत हुआ मामला दर्ज
आर्म लाइसेंस बनाने का दिया था प्रलोभन

यह बोली अवंतिका तंवर देखें वीडिओ :  


सिरसा। लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। उनकी पत्नी अवंतिका तंवर के गांव सुरतिया में दिए गए बयान ने तंवर को परेशानी में डाल दिया है। अवंतिका तंवर के खिलाफ रोड़ी थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 171बी के तहत मुकद्दमा दर्ज किया गया है। मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए इसी प्रकार का प्रलोभन देने को लेकर इस धारा के तहत मुकद्दमा दर्ज किया जाता है। कालांवाली के सहायक निर्वाचन अधिकारी की शिकायत पर अवंतिका के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज किया गया है।
              विगत 23 मार्च को अवंतिका तंवर ने गांव सुरतिया में लोगों को संबोधित करते हुए कहा था कि पिछला डीसी खराब था सुनवाई नहीं करता था। चुनाव आचार संहिता लगने से 10 दिन पहले ही उसे बदलवा दिया। नया डीसी घबराता है। अब आपके सभी हथियारों के लाइसेंस बन जाएंगे। इस बयान को लेकर अवंतिका तंवर और अशोक तंवर को न केवल चौतरफा आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही उनकी कानूनी मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।  बाकायदा चुनाव आयोग की ओर से अशोक तंवर को नोटिस भेजा गया था जिसका जवाब तंवर ने दे दिया है। इस पर कानूनी विशेषज्ञों की राय के बाद कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अब अवंतिका तंवर के खिलाफ मतदाताओं को रिझाने का मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है।
           सिरसा लोकसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी अंशज सिंह ने बताया कि बयान को लेकर मामला दर्ज किया गया है।

Wednesday, 26 March 2014

लोस चुनाव में सिरसा से 18 उम्मीदवार

निर्वाचन अधिकारी ने अलॉट किए चुनाव चिह्न

सिरसा। आज उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की वापिसी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस की प्रक्रिया के बाद अब कुल 18 उम्मीदवार चुनाव मैदान में बचे है। दो नामांकन वापिस लेने के बाद 03-सिरसा संसदीय क्षेत्र से अब चुुनाव मैदान में कुल 18 प्रत्याशी इस प्रकार है।
1. डा अशोक तंवर पुत्र दिलबाग सिंह कांग्रेस पार्टी (हाथ)
2 चरणजीत सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह रोड़ी (सिरसा)आईएनएलडी (चश्मा) 
3 डा सुशील कुमार पुत्र लक्ष्मी नारायण फतेहाबाद हरियाणा जनहित कांग्रेस (ट्रैक्टर)
4 राजकुमार पुत्र हरसुख राम गांव संगरसाधा (सिरसा) समाजवादी पार्टी उम्मीदवार (साईकिल)
5. मांगेराम दहिया पुत्र घासीराम दहिया, बी एस  पार्टी (हाथी) 
6 पूनमचंद रती पुत्र नंद लाल ठाकर बस्ती फतेहाबाद ने आम आदमी पार्टी (झाडू) 
7 बलवंत सिंह पुत्र मनफुल फतेहाबाद भारतीय संतमत पार्टी उम्मीदवार (कैमरा) 
8 हंसराज पुत्र नंद लाल भिवानी जनमोर्चा पार्टी उम्मीदवार (ऑटो रिक्शा) 
9 राम कुमार पुत्र मंगत राम, सीपीआई (एम)पार्टी से फतेहाबाद(हथौडा हासिया सितारा)
10 मेवा सिंह पुत्र बनवारी लाल भूना फतेहाबाद आजाद उम्मीदवार (बल्ला) 
11 राजबीर सिंह पुत्र ओम प्रकाश मेहूवाला फतेहाबाद आजाद उम्मीदवार(सिलाई मशीन) 
12 संजीव कुमार पुत्र भगवान दास गांव भोजराज(हिसार) आजाद उम्मीदवार(गैस सिलेंडर) 
13 रणबीर खोबड़ा पुत्र हवा सिंह खोबड़ा (फतेहाबाद) आजाद उम्मीदवार (गैस चूल्हा) 
14. जयपाल सिंह पुत्र सखी राम, पती राठावास(सिरसा)आजाद उम्मीदवार (छत का पंखा)
15 मनजीत सिंह पुत्र जीताराम आजाद  उम्मीदवार(अलमारी)
16 फकीर चंद पुत्र जमुनादास गांव दड़बी (सिरसा) आजाद उम्मीदवार(ए. सी)
17 जगदीश पुत्र उत्तम चंद बाजेकां सिरसा आजाद उम्मीदवार (फलो से युक्त टोकरी)
18 सुरेंद्र कुमार पुत्र शंकर लाल गांव फूलां आजाद उम्मीदवार फतेहाबाद(हारमोनियम)
आज दो उम्मीदवारों ने नाम वापिस लिए जिनमें जोगिन्द्र राम पुत्र जीवनराम
गांव अभोली सिरसा से आजाद उम्मीदवार तथा रमेश कुमार पुत्र श्योचंद गांव बरूवाली प्रथम आजाद उम्मीदवार हैं।

उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन

सिरसा। आरा संचालकों की मनमानी के खिलाफ दर्जनों आरा मजदूरों व मिस्त्रियों ने गुरु गोबिंद सिंह आरा लेबर एसोसिएशन के बैनर तले आज उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि आरा संचालकों द्वारा मजदूरों व मिस्त्रियों का शोषण किया जा रहा है। उनसे 12-12 घंटे काम बिना कोई अवकाश के लिए लिया जाता है। त्यौहार पर भी छुट्टी नहीं दी जाती। 
उधर गांव पंजुआना व खुइयांनेपालपुर की दर्जनों महिलाओं ने डिपू संचालकों की मनमानी के खिलाफ उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और राशन दिलवाए जाने की मांग की।

मुंह की खाएगी भाजपा : अभय

सिरसा। एलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि देश में 200 से ज्यादा सीटें जीतकर केंद्र में सरकार बनाने का सपना देख रही भाजपा के पास हरियाणा में खड़े करने के लिए खुद के विश्वसनीय उम्मीदवार तक नहीं है। उधार के उम्मीदवारों के सहारे चुनाव मैदान में उतरी भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी तथा हरियाणा में सभी 10 सीटों पर पराजय झेलनी पड़ेगी। 
वे आज एलनाबाद में आयोजित चुनावी रैली में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस की भी किरकिरी होगी, क्योंकि आज कांग्रेस की हालत यह है कि कोई इसकी टिकट पर चुनाव लडऩे को तैयार नहीं है। जिन नेताओं के सहारे कांग्रेस तीसरी बार केंद्र में सत्तासीन होने का सपना संजो रही है, कांग्रेस के वही सूरमा नेता अपनी हार को निश्चित देखते हुए किसी न किसी बहाने टिकट लौटाकर चुनावी दंगल से भाग रहे हैं।

खाना बनाते महिला झुलसी, हालत गंभीर

सिरसा। गांव अहमदपुर में आज सुबह रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने से एक महिला गंभीर रुप से झुलस गई। परिजनों ने महिला को गंभीर अवस्था में शहर के निजी अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल करवाया।
जानकारी के अनुसार गांव अहमदपुर निवासी बंसा बाई (50)पत्नी देस राज आज सुबह चाय बनाने के लिए रसोई में जैसे ही गैस लाइटर जलाया कि एक तेज धमाके के साथ आग भड़क गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने मिट्टी और पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से बंसा बाई गंभीर रुप से झुलस गई। परिजनों ने बंसा बाई को उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। आग से रसोई की खिड़की, दरवाजा और रसोई में रखा सामान जलकर राख हो गया।

बार चुनाव : नामांकन दाखिल

सिरसा। जिला बार एसोसिएशन के चुनावों ने गर्माहट पकड़ ली है। बार एसोसिएशन के आगामी 24 अप्रैल को होने वाले चुनावों के लिए बार सदस्यों ने विभिन्न पदों के लिए अपने पर्चे दाखिल किए। समाचार लिखे जाने तक प्रधान पद के लिए संजय गोयल एडवोकेट, एडवोकेट भीष्मपितामह, एडवोकेट रमेश मेहता ने अपने नामांकन दाखिल किए।
सचिव पद के लिए एडवोकेट मधुर कंबोज व एडवोकेट जगजीत टाडा ने, उपप्रधान के लिए एडवोकेट राहुल शर्मा तथा सह-सचिव के लिए एडवोकेट ममता बांगा ने पर्चे समाचार लिखे जाने तक दाखिल कर दिए थे। प्रधान पद के उम्मीदवार संजय गोयल एडवोकेट के साथ नामांकन पत्र दाखिल करते एडवोकेट पंकज सिंगला, एडवोकेट प्रिंस, एडवोकेट अमर साहुवाला, एडवोकेट राजकुमार व अन्य अधिवक्ता उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि संजय गोयल बार  एसोसिएशन के दो बार उपप्रधान रह चुके है और उन्होंने अपने कार्यकाल में सराहनीय कार्य किए।

Tuesday, 25 March 2014

अवंतिका को दिया 'जवाब'

उपायुक्त को डरपोक कहने का मामला
निर्वाचन अधिकारी ने तंवर से मांगा 24 घंटे में जवाब

डीसी  द्वारा दिया गया नोटिस
सिरसा। जिला के उपायुक्त को 'डरपोक' कहने वाली अवंतिका तंवर के उम्मीदवार पति को उसी डीसी ने अब 'आंख' दिखाई है। उपायुक्त तथा जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस बयान को आचार संहिंता का उल्लंघन बताते हुए अशोक तंवर को नोटिस जारी किया है। उल्लेखनीय है कि सिरसा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक तंवर के चुनावी अभियान के दौरान कल गांव सुरतिया में उनकी पत्नी ने ग्रामीणों से रूबरू होते हुए उपायुक्त के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा था कि पहले वाला डीसी बहुत बेकार था। आचार संहिंता लगने से पहले ही उसका ट्रांसफर हो गया। अब वाला डीसी नया है। वह हमसे घबराता है। अब आपके सभी काम करवाए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों को हथियारों के लाइसेंस बनवाए जाने का भी लालच दिया था। 
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. अंशज सिंह ने अवंतिका के इस बयान को आचार संहिंता का उल्लंघन मानते हुए अशोक तंवर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि चुनाव अभियान के दौरान उपायुक्त या निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ इस प्रकार के शब्दों का इस्तेमाल आचार संहिंता का उल्लंघन है। इसके लिए आपके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए? निर्वाचन अधिकारी ने अशोक तंवर को 24 घंटे में जवाब देने को कहा है।

रहें सख्त और सतर्क : एलेनगोवन

पर्यवेक्षक ने संसदीय क्षेत्र के अधिकारियों को दिए निर्देश, चुनाव से जुड़े पहलुओं पर की चर्चा
बैठक लेते सामान्य पर्यवेक्षक

सिरसा। निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक डा. के एलेनगोवन ने आज लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में सिरसा संसदीय क्षेत्र में आने वाले तीनों जिलों(सिरसा, फतहाबाद व जींद) के जिला निर्वाचन अधिकारियों, विधानसभा क्षेत्रों के एआरओ तथा चुनाव से जुड़े अन्य अधिकारियों की बैठक ली।
डा. एलेनगोवन ने सिरसा संसदीय क्षेत्र में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों से चुनाव से जुड़े विभिन्न पहलूओं पर चर्चा भी की। उन्होंने फोटोयुक्त मतदाता सूची व मतदान केंद्रों की जानकारी ली। साथ ही तीनों जिलों के संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की। इसके अलावा चुनाव में ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों व मतदाताओं को ईवीएम प्रशिक्षण के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी निर्वाचन अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता जागरुकता अभियान चलाएं तथा मतदाताओं को नोटा के प्रयोग संबंधी जानकारी भी दी।
सामान्य पर्यवेक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह पालन कराएं। साथ ही शराब की बिक्री,  नकदी के लेन-देन तथा अवैध हथियारों पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए। चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवारों की जनसभाओं में स्टार प्रचारकों के भाषण की वीडियो रिकार्डिंग, जनसभा के लिए अनुमति, वाहनों के लिए परमिट तथा रैली आदि से संबंधित निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई राजनीतिक दल या उम्मीदवार आचार संहिता का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ मामला दर्ज करें। उन्होंने चुनाव में मीडिया को महत्वपूर्ण मानते हुए कहा कि पेड न्यूज पर विशेष निगरानी की जाए। उन्होंने चर्चा के दौरान कहा कि पिछले चुनावों में दी गई ड्यूटी के अनुभवों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। उम्मीदवारों की ओर से किए जाने वाले खर्च की गहनता से निगरानी करें और शैडो रजिस्टर में पूरा खर्च दर्ज करें।  उन्होंने चुनाव लडऩे वाले सभी उम्मीदवारों विशेषकर डम्मी उम्मीदवारों के बारे में भी पूरी निगरानी रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सिरसा के जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. अंशज सिंह, फतहाबाद के उपायुक्त डी.के.बेहरा, जींद के उपायुक्त राजीव रतन, सिरसा के अतिरिक्त उपायुक्त शिवप्रसाद शर्मा, सिरसा के एसएसपी सौरभ सिंह, फतहाबाद के एसपी शिवचरण, जींद के एसपी बलवान सिंह व सभी विधानसभा क्षेत्रों के एआरओ मौजूद रहे।

बर्बाद फसलों के मुआवजे की मांग

सिरसा। गांव जमाल के किसानों ने ओलावृष्टि से हुए फसलों के नुकसान को लेकर मुआवजे की मांग की है। आज सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपायुक्त से मिले और उनके समक्ष दुखड़ा रोया। उपायुक्त ने इस संबंध में किसानों को न्याय दिलवाने की बात कही है। आज जमाल के किसान एकत्रित होकर लघु सचिवालय पहुंचे और उपायुक्त से मिले। ग्रामीणों ने बताया कि विगत दिवस हुई मुस्लाधार बारिश और ओलावृष्टि से उनकी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। सरसों व गेहूं की फसल जमीन पर बिछ गई जिससे उनका आर्थिक नुकसान हुआ है। किसानों ने उपायुक्त से मुआवजा दिलवाए जाने की मांग की है।

Monday, 24 March 2014

Ten lakhs children effected by TB eyery year

टीबी की चपेट में हर साल 10 लाख बच्चे

वॉशिंगटन। एक ओर जहां पूरी दुनिया सोमवार को विश्व टीबी दिवस मना रही है, वहीं दूसरी और एक शोध से पता चला है कि चिकित्सा में सुधार और सरकार तथा सहायता एजेंसियों के प्रयासों के बावजूद 2011 से अब तक तपेदिक (टीबी) का शिकार होने वाले बच्चों की संख्या बढ़कर दोगुनी हो गई है।
           बोस्टन में ब्रिघम एंड वूमेंस हॉस्पिटल (बीडब्ल्यूएच) और हार्वर्ड मेडिकल स्कूल (एचएमएस) के शोधकर्ताओं का अनुमान है कि सालाना 10 लाख बच्चे टीबी का शिकार होते हैं। शोधकर्ताओं का अनुमान है कि 32,000 बच्चे मल्टीड्रग रेसिस्टेंट टीबी (एमडीआर-टीबी) से पीडित हैं। यह रिपोर्ट "द लेंसेट" जर्नल में प्रकाशित हुई है। हार्वर्ड स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के सहायक टेड प्रोफेसर कोहेन ने बताया, ""हमारा अनुमान है कि बच्चों में टीबी के कुल नए मामलों की संख्या, डब्ल्यूएचओ के 2011 के अनुमान की दोगुनी है।"" शोधकर्ताओं द्वारा किए शोध के परिणाम दर्शाते हैं कि 2010 में लगभग 10,00,000 बच्चों को टीबी हुआ था, जिनमें से 32,000 बच्चे एमडीआर-टीबी से ग्रसित थे।

बैकफुट पर भाजपा,बदला चुनावी नारा,मोदी का नाम हटाया

नई दिल्ली। पीएम पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के पार्टी से बड़े होने के आरोपों के चलते भाजपा ने अपना चुनावी नारा बदल दिया है। भाजपा के नए नारे से मोदी का नाम हटा दिया है। भाजपा ने सोमवार को नया नारा जारी किया। यह है "अबकी बारी भाजपा सरकार।" पहले नारा हुआ करता था "अब की बार मोदी सरकार।" भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने नया नारा जारी किया। टाइम फॉर चैंज,टाइम फॉर बीजेपी। पहले भाजपा का नारा हुआ करता था टाइम फॉर चैंज,टाइम फॉर मोदी। हालांकि मोदी अभी भी लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रमुख चेहरा रहेंगे। भाजपा कार्यकर्ता अबकी बार भाजपा सरकार के नारे को इस्तेमाल करते हुए पार्टी के लिए वोट मांगेंगे। गौरतलब है कि वाराणसी में हर-हर मोदी,घर-घर मोदी का नारा लग रहा था। इस नारे को लेकर काफी विवाद हुआ था। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने नारे की आलोचना करते हुए कहा था कि मोदी की तुलना भगवान शिव से की जा रही है। मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से यह नारा नहीं लगाने की अपील की थी। भाजपा ने भी खुद को इस नारे से अलग करते हुए कहा था कि उसका आधिकारिक नारा है "अब की बार मोदी सरकार"। पार्टी प्रवक्ता निर्मला सीतारमन ने एक बयान में कहा था,हमारे नोटिस में आया है कि कुछ समाचार चैनलों पर बहस हो रही है कि हर-हर मोदी भाजपा का नारा है। यह हमारा नारा नहीं है। भाजपा का नारा" अब की बार मोदी सरकार" है। लेकिन भाजपा ने इसे नारे को भी बदल दिया। नारे से मोदी का नाम हटाकर "अब की बार भाजपा सरकार" कर दिया गया।