BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Monday, 21 November 2011

रेलवे स्टेशन से मिले लापता बच्चे

सिरसा। विगत 17 नंवबर को गांव ख्योवाली से लापता हुए 3 बच्चों को आज प्रात: रेलवे स्टेशन से पुलिस ने बरामद कर लिया। तीनों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।
गौरतलब है कि  विगत 17 नवंबर को ख्योवाली के राजकीय माध्यमिक विद्यालय के छात्र रवि उर्फ रिशू, संदीप व विकास उर्फ कालू एकाएक लापता हो गए थे। आज प्रात: तीनों बच्चों को लोगों ने रेलवे स्टेशन पर देखा। राजकीय रेलवे पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने तीनों बच्चों को काबू किया और पूछताछ की। तीनों ने स्वीकार किया कि वे विगत 17 नवंबर से अपने गांव ख्योवाली से भागे हुए हैं। राजकीय रेलवे पुलिस ने ओढां पुलिस से संपर्क कर तीनों बच्चे उनके सुपुर्द कर दिए। ओढां पुलिस ने बच्चों के परिजनों को सूचित किया। परिजन थाने पहुंचे और बच्चे उन्हें सौंप दिए गए।

महापंचायत ने लिया रतिया में प्रदर्शन का फैसला

देसूजोधा हत्याकांड में आरोपियों को क्लीनचिट देने का मामला
सिरसा। देसूजोधा के बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड के मामले में क्राइम ब्रांच द्वारा आरोपियों को क्लीन चिट दिए जाने के विरोध में आज 12 गांवों की महापंचायत गुरुद्वारा साहिब में हुई। महापंचायत में निर्णय लिया गया कि आगामी 24 नवंबर को रतिया में प्रदर्शन किया जाएगा।
गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व गांव देसूजोधा में दर्शन सिंह और उसके छोटे भाई कौर सिंह की निर्मम हत्या कर दी गई थी। मृतक के पुत्र वकील सिंह ने लुधियाना के राजबीर सिंह, उसकी पत्नी कर्मवीर व एक अन्य रिश्तेदार सुखजीत सिंह निवासी सुक्खाखेड़ा पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस द्वारा जांच में आरोपियों को क्लीन चिट दी गई। तदोपरांत यह मामला क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया। आठ बार हो चुकी जांच में उक्त तीनों आरोपी निर्दोश पाए गए। विभागीय टीम ने तीनों ने गत दिवस दोहरे हत्याकांड में क्लीनचिट दे दी। इसी बात से पीडि़त पक्ष में रोष फैल गया। गत दिवस विभागीय टीम द्वारा आरोपियों को क्लीन चिट दिए जाने को लेकर आज महापंचायत किए जाने का निर्णय लिया गया था। गुरुद्वारा में मलकीत सिंह के नेतृत्व में दर्जनभर गांव के लोग एकत्रित हुए। महापंचायत ने निर्णय लिया कि रतिया में सीएम की उपस्थिति में उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा।

सड़क दुर्घटना में किसान की मौत


सिरसा। गांव हंजीरा के निकट ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। आरोपी चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर धरपकड़ के प्रयास शुरू कर  दिए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार गांव नहराना निवासी कृष्ण बेनीवाल गत सायं बाइक पर सवार होकर अपने खेत हंजीरा गया हुआ था। वापिस लौटते समय सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में बेनीवाल गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का अंत परीक्षण करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ट्रैक्टर चालक की पहचान कर ली गई है।

इब थारौ भला सिर्फ इनेलो कर सकै सै: अजय

चंडीगढ। आज आदमपुर पूरे प्रदेश मैं सबतै पिछड़ा हुआ हल्का सैै इस ताहीं कांग्रेस की हुड्डा सरकार तै दोषी सै ए साथ साथ भजनलाल परिवार भी इसका बराबर का जिम्मेदार सै क्योंकि अपने लगभग18 साल के राज में भजनलाल परिवार ने भी थारी कदै सुध ना ली। जिसतै पिछड़ापन, बेकारी, बेरोजगारी व जनसमस्याएं थारी नियती बन गई सै अर इब  बदलाव की सख्त जरूरत सै। इस्से मै  इनेलो ही थारी उम्मीदों पै सौ की सौ खरी उतरकै  थारे पिछड़ेपन नै दूर कर कै थारौ भला कर सकै सै। इस खातिर इबकै इनेलो नै अपणा  साथी बनाओं अर आदमपुर मै नया इतिहास रच दयो। आदमपुर के मतदाताओं से ठेठ हरियाणवी में यह अपील इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव एवं डबवाली के विधायक डा. अजय सिंह चौटाला ने आज आदमपुर हल्के के गांव चूलि बागडिय़ान, चूली कलां, चूली खुर्द, दड़ौली में डोर टू डोर जनसम्पर्क अभियान के तहत ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए की।
इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि आप लोगों ने तो हमेशा ही भाईचारा की मिसाल कायम रखतेे हुए भजनलाल परिवार को पीढिय़ों से अपना सहयोग दिया है लेकिन यह आप लोगों का दुर्भाग्य ही रहा कि आपकी भावनाओं का शोषण करते हुए चुनाव के समय में तो भजनलाल परिवार भाईचारे की दुहाई देकर आप का वोट हथियाता रहा लेकिन चुनाव के बाद उन्होंने कभी भी आपकी सुध नही ली। जिसके चलते आज आदमपुर हलका पूरे प्रदेश में सबसे पिछड़ा हुआ हलका बनकर रह गया है। ऐसे में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने भी आपके जख्मों पर नमक छिड़कने का कार्य करते हुए आपकी कोई सुध नही ली। परिणामस्वरूप आज आदमपुर निवासियों को बेकारी व बेरोजगारी के साथ-साथ बिजली पानी शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी तरसना पड़ रहा है। और यहां का मतदाता स्वयं को ठगा महसूस कर रहा है। इस अवसर पर मतदाताओं को समझाते हुए डा. अजय चौटाला ने कहा कि जिस तरह एक जगह पानी खड़ा रहने से सड़ जाता है और किसी का काम का नही रहता ठीक उसी तरह किसी वस्तु पर एकाधिकार मानने पर आदमी धीरे-धीरे उसकी कद्र भी खो देता है। ठीक यही स्थिती आज आदमपुर के मतदाताओं के साथ है जो भाईचारे की मिशाल कायम रखते हुए बरसों से भजनलाल परिवार के साथ निष्ठा जता रहा है लेकिन भजनलाल परिवार यहां के मतदाताओं की कद्र न कर उनकी वोट को अपनी जागीर समझ उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर उनका शोषण कर रहा है।
उन्होंने कहा कि अब बदलाव का समय है और आप लोग भाईचारे की झूठी दुहाई देकर आपको ठगने वाले स्वार्थी, मौकापरस्त नेताओं व आपकी अनदेखी करने वाली प्रदेश की भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को इस उपचुनाव में वोट की चोट से करारा सबक सिखाएं व इनेलो प्रत्याशी रामसिंह शीशवाल को भारी मतों से विजयी बनाकर आदमपुर ही नही प्रदेश में नए युग का सुत्रपात करे।  इस अवसर पर उनके साथ  हल्का प्रभारी यशपाल गोदारा, सतीश नांदल, औमप्रकश गिझी, अंग्रेज सिंह, सत्यप्रकाश,  विधायक रणसिंह बेनीवाल, जयवीर गोदारा, महेंद्र डोभी आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर ग्रामीणों ने डा. अजय सिंह चौटाला का जगह-जगह  फुलमालाओं से जोरदार स्वागत किया।
इधर, रतिया विधानसभा क्षेत्र से इनेलो प्रत्याशी श्रीमती सरफीदेवी ओड ने आज आदमपुर हल्के के तीन गांवों सलेमगढ़ बीड़ बबरान व आदमपुर का दौरा करके अपनी पार्टी के प्रत्याश रामसिंह सीसवाल के लिए वोट मांगे। उन्होंने इन गांवों के मतदाताओं को समझाया कि उनका हित इनेलो पार्टी के समर्थन में ही निहित है। इनेलो को दबे-•ुचलों, किसानों व आम आदमी की पार्टी बताते हुए श्रीमती सरफी देवी कहा कि प्रदेश में इनेलो ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो 36 बिरादरी व सभी वर्गों के लोगों के हितों की रक्षा करती है। उन्होंने कांग्रेस व हजकां को पूंजीपतियों के हित साधने वाली पार्टियां बताया व कहा कि इनके नेता झूठ बोलकर गरीबों के वोट तो हथिया लेते हैं लेकिन सत्ता में आने के बाद हित बड़े-बड़े घरानों के साधते हैं। श्रीमती सरफी देवी ने कहा कि कांग्रेस राज में गरीब की आर्थिक स्थिति सुधरने की बजाए दयनीय हो गई है। गरीबी उन्मूलन की तरफ सरकार का ध्यान केवल प्रचार तक सीमित होकर रह गया है और हकीकत में करने-धरने के नाम पर •ुछ नहीं है। गरीबी घट नहीं रही बल्कि बढ़ रही है। उन्होंने हजकां पर निशाना साधते हुए कहा कि यह मात्र एक घर की पार्टी है और इसका कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है। चुनाव के बाद इस पार्टी का सुपड़ा पूरी तरह साफ हो जाएगा। तीनों गांवों में दलित समाज के लोगों ने श्रीमती सरफी देवी का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया, उनके पक्ष में नारेबाजी की और पूर्ण समर्थन का विश्वास दिलाया।

विकास की नई तस्वीर लेकर आया है उपचुनाव: जरनैल

रतिया। कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि रतिया उपचुनाव क्षेत्र के विकास की नई तस्वीर लेकर आया है और कांग्रेस पार्टी एक विकास की सोच के साथ कार्य करेगी।  रतिया की जनता पूरी तरह से जागरूक है और वे अपने विवेक से ही फैसला लेगी।
रतिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा करने के बाद श्री सिंह ने बताया कि कांग्रेस के राज में ही रतिया के हित सुरक्षित है। श्री सिंह ने कहा कि जनता अपने मताधिकार से सियासत में झूठ व मौकापरस्ती की राजनीति करने वालों को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि क्षेत्र की जनता अपने हितों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर विकास की मुहिम में सांझेदारी अवश्य करेगी। उन्होंने कहा कि इस उप चुनाव में कांग्रेस को जिताकर मजबूत बनाना होगा ताकि इलाके के विकास में किसी तरह की कोई कमी न रह जाए।
जनता से मिल रहे भारी जनसमर्थन से उत्साहित होकर श्री सिंह ने कहा कि मैने आजीवन रतिया के लोगों की सेवा की है और इस बार भी पहले की भांति जी-जान से सेवा करूंगा जबकि विपक्षी पार्टियों के प्रत्याशी चुनाव के समय स्वार्थ साधने के लिए आते हैं। ये लोग आएंगें और चले जाएंगें लेकिन आपका भाई रतिया का है और रतिया में ही रहकर आपकी सेवा करेगा।
उन्होंने रतिया की जनता से आह़वान करते हुए कहा कि जंग-ए-आजादी में अहम भूमिका निभाने वाली कांगे्रेस पार्टी ने देश के नवनिर्माण में अहम भूमिका निभाई है और आप सब लोगों का यह कर्तव्य बनता है कि आप कांग्रेस के हाथ को मजबूती प्रदान करें ताकि इलाके में विकास की गंगा बहती रहें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे बडी पार्टी है और कांग्रेस ही देश के लोगों का भला करती आ रही है और आगे भी करेगी। क्षेत्रीय पार्टियां लोगों के वोट लेकर अपने स्वार्थ को साधने का काम करती रही हैं, ऐसी पार्टियों के प्रत्याशियों को इस बार चुनाव में सबक सिखाकर राष्ट्र की प्रगति में अपना सहयोग दें।  उन्होंने कहा कि अपनी हार को देखकर विरोधी प्रत्याशियों में बौखलाहट आ गई है और वे तरह-तरह के झूठे प्रचार पर उतर आए हैं इसलिए क्षेत्र की जनता को सतर्क रहकर कांग्रेस को भारी अंतर से जीत दिलाने के लिए मतदान के अंतिम समय तक डटे रहना होगा।

महावीर प्रसाद ने चलाया डोर टू डोर अभियान


रतिया।  भाजपा-हजकां गठबंधन के सांझे प्रत्याशी महावीर प्रसाद ने रतिया शहर की अनाजमंडी में दुकान दुकान जाकर वोटों की अपील की। लगभग तीन घंटे तक चले इस जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रत्याशी महावीर प्रसाद ने व्यक्तिगत रूप से जनसंपर्क किया। इस दौरे के दौरान अनाजमंडी के आढतियों व व्यापारियों में भारी उत्साह देखने को मिला। आढतियों ने गठबंधन प्रत्याशी महावीर प्रसाद का जगह जगह फूलमालाओं एवं नोटों की मालाओं से स्वागत किया। जुलूस की शक्ल में चलाए गए इस जनसंपर्क अभियान के दौरान अनाजमंडी के दुकानदारों ने फूलमालाओं से भाजपा हजकां प्रत्याशी महावीर प्रसाद का भव्य स्वागत किया और उन्हें अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उनके साथ हरियाणा भाजपा के मीडिया प्रभारी राजीव जैन, पूर्व मंत्री प्रो. गणेशीलाल, रतनलाल कटारिया, हजकां नेता सुभाष बराला, अनिल विज, वेदप्रकाश फूलां, रविंद्र एमसी, औमप्रकाश गर्ग, नरेंद्र वधवा, सुरेश सिंगला, रामनिवास गर्ग, सतपाल जिंदल, सतपाल करडी, दयालचंद मोंगा, वेदपाल जग्गा, कालूराम, राजीव चुघ, ललित बत्तरा, मुनीष ग्रोवर, टेकचंद, बूटासिंह, सुनील इंदौरा, बलदेव गिल्होत्रा सहित सैंकड़ों की संख्या में हजकां व भाजपा नेताओं ने भी व्यापारियों से महावीर प्रसाद के हक में मतदान करने की अपील की।
इसके उपरांत भाजपा-हजकां प्रत्याशी ने रतिया के विभिन्न बाजारों में डोर टू डोर जाकर अपने हक में मतदाने करने की अपील करते हुए विजयी होने के बाद रतिया विधानसभा क्षेत्र का भरपूर विकास करवाने का वादा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में व्यापारी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है और उसका व्यापार पूरी तरह बर्बाद हो चुका है। इनैलो के राज में व्यापारियों से अवैध वसूली के लिए जमकर अत्याचार किए जाते थे। इसलिए व्यापारी वर्ग पूरी तरह से गठबंधन के साथ जुड़कर दोनों पार्टियों को नकारने के मूड़ में हैं।
वहीं जनसंपर्क अभियान को गति देते हुए भाजपा-हजकां गठबंधन के सांझे प्रत्याशी महावीर प्रसाद ने भाजपा व हजकां नेताओं के साथ गांव बोसवाल, काताखेड़ी, रामपुरा, रजाबाद, बहलबहमिया आदि गांवों में भी जनसभाओं को संबोधित करते हुए वोटों की अपील की। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव में मुझे विजयी बनाकर सेवा का अवसर दें ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का चहुंओर विकास करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में ग्रामीण लोग हमेशा उपेक्षा का शिकार रहे हैं। भाजपा व हजकां की सरकार बनने के बाद रतिया के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष तौर पर पीने के पानी, स्वास्थ्य सुविधाएं, पक्की सड़कें तथा बेरोजगार युवकों को रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा।

रतिया की जनता बना चुकी है विकास को चुनने का मन: भूपेश मेहता

रतिया। मुख्य संसदीय सचिव विनोद भ्याना तथा हरियाणा किसान खेत मजदूर कांग्रेस के प्रांतीय सचिव एवं कांग्रेस कमेटी सिरसा शहरी के अध्यक्ष भूपेश मेहता ने रतिया  विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों व वार्डों का दौरा कर कांग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की । जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए सीपीएस विनोद भ्याना ने कहा कि रतिया में जितना विकास 30 वर्षों में नही हुआ उससे कहीं अधिक विकास चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में बनी कांग्रेस सरकार में हुआ है तथा विकास का यह दौर आने वाले समय में भी यूं ही जारी रहेगा। इस अवसर पर भूपेश मेहता ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में रतिया की जनता से कुछ गलती हुई थी परंतु इस बार रतियावासी उस गलती को सुधारने का मन बना चुके है तथा मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हाथों को मजबूत बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह ईमानदार व निष्पक्ष उम्मीदवार है तथा मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा व सिरसा के सांसद डा. अशोक तंवर की विकासकारी नीतियों के चलते रतियावासी उपचुनाव में कांग्रेस के पक्ष में ही मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि रतिया की जनता विकास को चुनने का मन बना चुकी है तथा जरनैल सिंह के विजयी होने के बाद रतिया में विकास और अधिक गति पकड़ेगा। श्री मेहता ने कहा कि रतियावासी सरकार में अपना योगदान दें क्योंकि विकास का ऐसा मौका बार बार नही आता। इस अवसर पर उनके साथ सतपाल मेहता ऐलनाबाद, रतिया नगरपालिका चैयरमेन मदन वधवा, गांव मढ के सरपंच, चैयरमैन हांसी नगरपालिका सुमन शर्मा, राजेश बागला, रिंका कक्कड़, विक्रम धींगड़ा, सतीश मेहता अलीकां, सुदेश तनेजा, अशोक कटारिया, मनोज चुघ, अनिल चुघ, राज वधवा, धर्मवीर, सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

सबकी कामना पूरी करती हैं माँ भगवती : अरोड़ा

सिरसा। वरिष्ठ पत्रकार एवं मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया कार्डिनेटर संजय अरोड़ा के निवास पर बीती रात मां भगवती का भव्य जागरण आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर के सैंकड़ों गणमान्य लोगों ने शिरकत की।
सी ब्लाक स्थित संजय अरोड़ा के निवास पर आयोजित मां भगवती जागरण की ज्योत अरोड़ा के पिता लीला कृष्ण अरोड़ा ने प्रजज्वलित की। संजय अरोड़ा व उनके छोटे भाई दीपक अरोड़ा व परिवार के अन्य सदस्यों ने पूजा अर्चना की। इस अवसर पर मां भगवती का सुंदर दरबार सजाया हुआ था। जागरण में तलवाड़े वाली मंडली द्वारा मधुरवाणी में मां भगवती का गुणगान किया गया। मंडली के कलाकारों ने  'प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी',  'आज मैय्या जगराता',  'मैय्या जी के दरबार में रंग बरसे',  'लहर लहर लहराए रे झंडा बजरंग बली का', इत्यादि भजन सुनाए, जिन पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर झूम उठे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में लीला कृष्ण अरोड़ा ने कहा कि मां भगवती की उनके परिवार पर अपार कृपा है। मां भगवती सब भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती है। इस अवसर पर भूपेश मेहता, श्याम मेहता, डा. आरके मेहता, डा. मनीषा मेहता, राजेश सरदाना, अनिल डूमरा, सुनील डूमरा, भीष्म मेहता, विमल भटिया, पत्रकार सुरेंद्र भाटिया, बलजीत सिंह, डा. रमेश, कृष्ण लाल अरोड़ा, ऋषि पांडेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

रिकॉर्डमतों से जीतेगी कांग्रेस : मुलाना

सिरसा। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान फूलचन्द मुलाना ने रानियां रोड स्थित कांडा के कैम्प कार्यालय में कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं से बातचीत करते हुए दावा किया कि रतिया और आदमपुर के दोनों उपचुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है। मुलाना ने कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं से आह्वान किया कि वे इन दोनों उपचुनावों में कड़ी मेहनत करेें और कांग्रेस पार्टी की नीतियों व योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाए। मुलाना ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके कर्मठ कार्यकत्र्ता और श्रीमती सोनिया गांधी का कुशल मार्ग दर्शन है। कैम्प कार्यालय पहुंचने पर कांगे्रस प्रदेशाध्यक्ष फुलचन्द मुलाना का हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि गोबिंद कांडा ने भव्य स्वागत किया और कहा कि वे पार्टी कार्यकत्र्ताओं के साथ आदमपुर और रतिया दोनों विधानसभा क्षेत्रों के दर्जनों गांवों का दौरा कर चुके हैं और इस दौरान उन्होंने यह अनुभव किया है कि अब इन दोनों विधान सभा क्षेत्रों के मतदाता भ्र्रामक प्रचार करनी वाली विपक्षी पार्टी के झांसे में नहीं आएगें।  कांडा ने कहा कि रतिया नगरपालिका के उप-प्रधान व ऑटो मार्किट के प्रधान जसपाल सिंह लाली सहित अनेक जन प्रतिनिधियों ने विपक्षी दलों को छोड़ कर कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा की नीतियों में आस्था जताई है। कार्यकत्र्ताओं और मतदाताओं के उत्साह को देखते हुए यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगी कि इन दोनों उप-चुनावों से कांग्रेस प्रत्याशी रिकार्ड मतों से जीत हासिल करेंगे।  इस अवसर पर फूलचन्द मुलाना ने कैम्प कार्यालय का अवलोकन किया और कार्यकत्र्ताओं का कुशलक्षेम जाना। इस मौके पर पार्षद गुरनाम सिंह, विजय साहुवाला, अमन सर्राफ, महेश चन्द्र, अनिल कुमार, भूपेश गोयल, पृथ्वीराज भाटिया,पार्षद अंग्रेज बठला, राज मेहता सहित अनेक कार्यकत्र्ता मौजूद थे।

Saturday, 19 November 2011

गुप्ता परिवार नहीं हुआ पेश

अधिवक्ता ने बताया जान का खतरा, रेकी करते डेरा प्रेमी पकड़े
सिरसा। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह की पुत्री प्रियंका उर्फ हनीप्रीत आज अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. नीलिमा सांगला की अदालत में पेश हुई। हनीप्रीत का पति विश्वास गुप्ता अदालत में पेश नहीं हुआ। गुप्ता परिवार की ओर से उनके वकील महेंद्र जोशी अदालत के समक्ष पेश हुए। अधिवक्ता ने गुप्ता परिवार की सुरक्षा को खतरे का हवाला देते हुए पेशी की तारीख बढ़ाने की मांग की। इस पर अदालत ने 15 दिसम्बर तक गुप्ता परिवार को गिरफ्तारी से छूट देते हुए आगामी 13 दिसम्बर को दोनों पक्षों को पुन: पेश होने के आदेश जारी  किए। ज्ञातव्य हो कि डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह की पुत्री प्रियंका उर्फ हनीप्रीत ने अपने पति विश्वास गुप्ता, ससुर महेन्द्र पाल गुप्ता व सास अर्मिला गुप्ता पर दहेज प्रताडऩा, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। प्रियंका के बयानों के आधार पर सदर थाना पुलिस ने विगत 13 अक्तूबर को विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया। पुलिस गुप्ता परिवार की गिरफ्तारी में जुटी थी। इसी बीच गुप्ता परिवार ने गिरफ्तारी से बचने के लिए न्यायालय की शरण ली। विगत दिनों डा. नीलिमा सांगला की अदालत ने सदर थाना पुलिस को गुप्ता परिवार की गिरफ्तारी नहीं करने के आदेश दिए और वादी व प्रतिवादी पक्ष को व्यक्तिगत तौर पर 19 नवंबर के लिए न्यायालय के समक्ष हाजिर होने को कहा गया था। उल्लेखनीय है कि डेरा प्रमुख के दामाद विश्वास गुप्ता ने गुरमीत सिंह पर अपनी पुत्री हनीप्रीत के साथ अवैध संबंध होने का खुलासा किया था। इसके बाद हनीप्रीत ने गुप्ता परिवार पर दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज करवाया था।
 आज डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह की पुत्री हनीप्रीत ने अदालत में हाजिरी लगाई। विश्वास गुप्ता के वकील महेंद्र जोशी ने कोर्ट को गुप्ता के पेश नहीं होने की वजह बताई और गिरफ्तारी पर रोक की अवधि बढ़ाने की मांग की। अधिवक्ता ने बताया कि हाईकोर्ट ने सिरसा पुलिस को ही विश्वास गुप्ता की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है लेकिन पंचकूला से लेकर सिरसा तक का रास्ता काफी लंबा है। इस बीच विश्वास गुप्ता की सुरक्षा का कोई प्रबंध नहीं है। विश्वास गुप्ता की जान को खतरा है। इस कारण वे कोर्ट में उपस्थित नहीं हो सके। एडीजे नीलिमा शांगला ने विश्वास गुप्ता के वकील की दलील मानते हुए 15 दिसंबर तक गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है और विश्वास गुप्ता को 13 दिसंबर को पेश होने को कहा है। पेशी के चलते सिरसा पुलिस की तरफ से अदालत परिसर में सुरक्षा  के कड़े प्रबंध किए गए थे।
रेकी करते पकड़े गए डेरा प्रेमी
 विश्वास गुप्ता की पेशी के साथ-साथ डेरा मुखी गुरमीत सिंह के खिलाफ दिल्ली की कड़कडड़ूमा कोर्ट में इस्तगासा दायर करने वाले व फकीर चंद केस में सीबीआई कोर्ट में गवाही देने वाले लाभ सिंह गिल भी कोर्ट में किसी कार्य से आए हुए थे। इसी बीच कोर्ट परिसर की पार्किग के निकट कुछ संदिग्ध युवक उनकी रेकी करते हुए दिखाई दिए। सफेद ज़ेन एस्टिलो व लाल रंग की स्विफ्ट कार में सवार कुल चार लोगों को संदिग्ध पाया गया। लाभ सिंह के गनमैन ने ज़ेन एस्टिलो में सवार दो युवकों को धर-दबोचा जबकि उनमें से एक फरार होने में कामयाब हो गया। वहीं स्विफ्ट कार सवार एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
आरोपी माने, पुलिस मुकरी
 पुलिस की हिरासत में लिए गए युवकों ने स्वयं को डेरा प्रेमी बताया। उनकी गाड़ी के पीछे डेरे का नारा भी लिखा हुआ था। पूछताछ के लिए हुडा पुलिस चौकी लाया गया। युवकों ने अपनी पहचान लखबीर पुत्र कर्मसिंह निवासी बठिंडा, साहिल पुत्र राजकुमार व मोहित पुत्र नंदलाल निवासी बेगू रोड के रूप में बताई। उल्लेखनीय है कि पकड़े जाने के बाद मोहित व साहिल ने स्पष्ट किया था कि वे डेरा प्रेमी हैं। उनके गले में डेरा का लॉकेट भी था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लखबीर बठिंडा से ही विश्वास गुप्ता के वकील की गाड़ी का पीछा करते हुए सिरसा कोर्ट परिसर पहुंचा था। लखबीर ने अपनी हथेली पर एक गाड़ी का नंबर भी दिखाया जिसकी रेकी के लिए उसे आदेश मिले थे। यही नहीं उसके फोन में डेरा के लोगों से बातचीत का रिकॉर्ड भी मिला।
 हैरानीजनक बात यह है कि सिरसा पुलिस इस मामले में न जाने किस दबाव के चलते तीनों आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। डीएसपी पूर्ण चंद पंवार ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि ज़ेन एस्टिलो कार में सवार तीनों युवक वहां कार ड्राइविंग सीखने आए थे। यहां गौर करने वाली बात है कि यदि तीनों वहां ड्राइविंग सीखने आए थे तो लाभ सिंह के गनमैन द्वारा रोके जाने पर एक युवक फरार क्यों हुआ? उधर बठिंडा से रेकी करते आ रहे लखबीर के मामले में भी पुलिस द्वारा लीपा-पोती का प्रयास दिखाई दे रहा है। डीएसपी का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूछताछ की जा रही है। गहन जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।  इस मामले में लाभ सिंह ने हुडा चौकी में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।
पहले भी रेकी करता रहा है डेरा
 डेरा सच्चा सौदा अपने झूठ की बखिया उधेडऩे वालों पर हमेशा से ही कड़ी नजर रखता रहा है। इससे पूर्व डेरा प्रमुख के खिलाफ चल रहे विभिन्न मामलों में गवाहों की रेकी करते डेरा के लोग पकड़े गए हैं। कुछ समय पूर्व ही पत्रकार अंशुल छत्रपति की रेकी करते डेरा के लोग पकड़े गए। इसके बाद पंचकूला में भी विश्वास गुप्ता की रेकी करते डेरा के लोग पकड़े गए। यही नहीं शाह सतनाम के दोहते लाभ सिंह सिंह को भी जहरीला पदार्थ पिलाकर जान से मारने की कोशिश डेरा के लोगों द्वारा की गई थी। खास बात यह है कि पुलिस ने किसी भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया है।
विश्वास गुप्ता की जान को खतरा
 विश्वास गुप्ता के वकील ने रेकी की इस घटना के बाद कहा है कि इस घटना से यह साबित होता है कि विश्वास गुप्ता की जान को डेरा के लोगों से खतरा है। इस संबंध में वे हाईकोर्ट को बताएंगे। गौरतलब है कि विश्वास गुप्ता की सुरक्षा को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर है और इस पर अगली सुनवाई 5 दिसंबर को होगी।

Friday, 18 November 2011

डेरा सच्चा सौदा का आतंक : पुलिस सुरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश होगा गुप्ता परिवार

सिरसा। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह की पुत्री प्रियंका उर्फ हनीप्रीत व दामाद विश्वास गुप्ता कल अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. नीलिमा सांगला की अदालत में पेश होंगे। डेरा मुखी की पुत्री व दामाद का न्यायालय के समक्ष पेश होना चर्चा का विषय बना हुआ है। दोनों परिवारों को न्यायालय ने व्यक्तिगत तौर पर पेश होने के आदेश जारी किए थे।
    गौरतलब है कि डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह की पुत्री प्रियंका उर्फ हनीप्रीत ने अपने पति विश्वास गुप्ता, ससुर महेन्द्र पाल गुप्ता व सास अर्मिला गुप्ता पर दहेज प्रताडऩा, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। प्रियंका के बयानों के आधार पर सदर थाना पुलिस ने विगत 13 अक्तूबर को विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया। पुलिस गुप्ता परिवार की गिरफ्तारी में जुटी थी। इसी बीच गुप्ता परिवार ने गिरफ्तारी से बचने के लिए न्यायालय की शरण ली। विगत दिनों डा. नीलिमा सांगला की अदालत ने सदर थाना पुलिस को गुप्ता परिवार की गिरफ्तारी नहीं करने के आदेश दिए। वादी व प्रतिवादी पक्ष को व्यक्तिगत तौर पर 19 नवंबर के लिए न्यायालय के समक्ष हाजिर होने के लिए कहा गया है। डेरा सच्चा सौदा से जुड़े होने के कारण मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। उधर विश्वास गुप्ता के न्यायालय में पेश होने पर पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने पुलिस अधीक्षक सिरसा को उच्च स्तरीय सुरक्षा मुहैया करवाए जाने के आदेश जारी किए हैं।
    उल्लेखनीय है कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह के दामाद विश्वास गुप्ता ने गुरमीत सिंह पर अपनी मुंहबोली पुत्री प्रियंका उर्फ हनीप्रीत के साथ अवैध संबंध होने का खुलासा किया था। इसके बाद हनीप्रीत ने गुप्ता परिवार पर दहेज प्रताडऩा का आरोप लगाया था। इसी मामले में अदालत ने गुप्ता परिवार की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए दोनों पक्षों को 19 नवंबर को व्यक्तिगत तौर पर पेश होने के आदेश जारी किए हैं।

छत्रपति बलिदान दिवस संबंधी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी

सिरसा। साहित्यिक-सामाजिक सरोकारों को समर्पित संस्था 'संवाद सिरसा' की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन अध्यक्ष हरभगवान चावला की अध्यक्षता में आज संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष परमानन्द शास्त्री के निवास स्थान पर किया गया। बैठक में 20 नवम्बर रविवार को शहीद पत्रकार रामचन्द्र छत्रपति के बलिदान दिवस की पूर्व बेला पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों से सम्बन्धित सभी समितियों के संयोजकों द्वारा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। संस्था के सचिव वीरेन्द्र भाटिया ने बताया कि कार्यक्रम के सम्बन्ध में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि 20 नवम्बर को श्री युवक साहित्य सदन में प्रात: 10 बजे सम्मान एवं लोकर्पण समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में छत्रपति सम्मान 2010 से सम्मानित एवं अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पंजाबी उपन्यासकार पद्मश्री प्रो. गुरदयाल सिंह के हाथों अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्रतिबद्ध पंजाबी नाटककार एवं रंगकर्मी प्रो. अजमेर सिंह औलख को छत्रपति सम्मान 2011 से सम्मानित किया जाएगा।
    कार्यक्रम के दूसरे सत्र में कुमार साइल द्वारा रचित गजल संग्रह 'हवाएं खिलाफ थीं' व डा. हरविन्द्र सिंह रचित समीक्षा पुस्तकों 'प्रगतिवादी काव चिंतन' व 'आधुनिक पंजाबी कविता' का लोकार्पण किया जाएगा। इन पुस्तकों पर क्रमश: डा. मीत व का. स्वर्ण सिंह विर्क द्वारा समीक्षा प्रस्तुत की जाएगी। इन्हीं पुस्तकों पर अबोहर से प्रकाशित चिंतक एवं साहित्यकार मक्खन लाल अपनी विशेष टिप्पणी प्रस्तुत करेंगे। इन दोनों सत्रों की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार एवं हरकारा रोहतक के सम्पादक प्रो. मधुसूदन पाटिल करेंगे। इसी दिन शाम को सायं 5 बजे स्थानीय श्री रामलीला क्लब नेहरू पार्क में शहीद पत्रकार रामचन्द्र छत्रपति व कालजयी रंगकर्मी गुरशरण को समर्पित 'नाटक संध्या' का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रो. अजमेर सिंह औलख के निर्देशन में लोककला मंच मानसा द्वारा 'अवेसले युद्धां दी नायिका' व 'आपणा-आपणा हिस्सा' पंजाबी नाटकों का मंचन किया जाएगा। संवाद प्रवक्ता ने विशेष रूप से कहा कि आज के युग में आमजन की जिन्दगी से जुड़े सरोकारों वाले नाटकों का महत्व और भी बढ़ गया है। इस सम्बन्ध में उन्होंने सभी नगरवासियों से सपरिवार 'नाटक संध्या' में शिरकत करने व अपनी भावनाओं को रंगमंच पर मंचित होते देखने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि आमजन की भावनाओं को जुबान प्रदान करने वाले ऐसे कार्यक्रमों के सुअवसर कम ही प्राप्त होते हैं। कार्यक्रम में कोरियाग्राफी के साथ-साथ तरन्नुम भारती द्वारा खूबसूरत क्रांतिकारी गीतों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय चण्डीगढ़ के अधिवक्ता का. अश्वनी बख्शी इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि व मक्खन लाल विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्त्यार सिंह, मक्खन लाल गोयल, दर्शन मेहता व हरभजन सिंह बेदी पर आधारित अध्यक्ष मण्डल द्वारा की जाएगी। बैठक में डा. हरविन्द्र सिंह, सुतंतर भारती, अंशुल छत्रपति व लेखराट ढोट आदि उपस्थित थे।

अब आई दुकानदारों की बारी

सिरसा। शहर के सौंदर्यकरण व स्वच्छता को लेकर पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र यादव दिन-रात एक किए हुए हैं। शहर में अतिक्रमण की बात हो या अवैध रूप से सड़क पर लगी रेहडिय़ां का मामला। हर स्थिति से निपटने के लिए पुलिस अधीक्षक स्वय कमान संभाले हुए हैं। लापरवाह वाहन चालकों के अतिरिक्त शहर में बिना पार्किंग के खड़े वाहनों चालकों की भी खैर-खबर ली जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक के सख्त रवैये के चलते पुलिस प्रशासन भी चौकन्ना हो गया है। कर्मचारी वर्दी में हर चौक  पर खड़े दिखाई दे रहे हैँ। विशेष बात यह है कि पुलिस कर्मी अब डंडों के साथ नहीं बल्कि हथियारों से लैस हैं।
    आज पुलिस अधीक्षक शहर के मुख्य बाजारों में पहुंचे। यहां दुकानदारों द्वारा सड़क पर किए गए अतिक्रमण पर पुलिस अधीक्षक ने कड़ा संज्ञान लिया। एसपी देवेन्द्र ने दुकानदारों के इस रवैये के खिलाफ कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने तुरंत प्रभाव से अतिक्रमण हटाए जाने के आदेश दिए। पुलिस अधीक्षक को लाव-लश्कर के साथ बाजार में पहुंचने पर दुकानदारों में हड़कम्प मच गया। कुछ दुकानदारों ने तो पुलिस अधीक्षक की आहट को सुनते ही अपना सामान समेट लिया। कुछ दुकानदारों को एसपी की खरी-खोटी सुननी पड़ी। दुकानदारों को विशेष हिदायत दी गई कि वे सड़क पर अतिक्रमण नहीं फैलाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर नियमों का पालन नहीं किया गया तो उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
    उल्लेखनीय है कि एसपी देवेन्द्र यादव ने विगत 4 नवंबर को पदभार संभाला था। पद संभालते ही उन्होंने शहर के चप्पे-चप्पे की जानकारी ली। जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपनी प्रक्रिया आरंभ कर दी। एसपी ने अपने दौरे की शुरुआत रात्रि गश्त से शुरू की। अनेक अवैध आहतों पर छापेमारी की। शहर की सुरक्षा का जायजा लेते हुए उन्होंने यातायात व्यवस्था पर भी नजर डाली। शहर में अवैध रूप से स्थापित टैक्सी स्टेंड को शहर से बाहर ले जाने के आदेश दिए। एसपी के इस मिजाज से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।

Thursday, 17 November 2011

जेसीडी शिक्षण महाविद्यालय में सीडीएलयू के युवा उत्सव का शुभारंभ

सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के तत्वावधान में प्रथम युवा उत्सव के द्वितीय चरण का भव्य शुभारंभ वीरवार को विद्यापीठ स्थित जननायक चौ. देवीलाल शिक्षण महाविद्यालय में हुआ। समारोह के शुभारंभ अवसर पर हरियाणा साहित्य अकादमी के पूर्व निदेशक डा. चन्द्र त्रिखा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। इस कार्यक्रम में जिन्दल अस्पताल हिसार की ईएनटी विशेषज्ञ डा. माधुरी मैहता ने अध्यक्षता की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रख्यात कार्टूनिस्ट संदीप जोशी उपस्थित हुए।
    इस अवसर पर डा. चन्द्र त्रिखा ने अपने संबोधन में कहा कि साहित्य व कला का जीवन में बड़ा योगदान है। कविता में शब्द का बड़ा महत्व होता है, शब्द ब्रह्म होता है। शब्द ही किसी बात को बनाते और बिगाड़ते हैं, इसमें संदेश देने की शक्ति व देश की दशा को व्यक्त करने की सामथ्र्य होती है, लेकिन जब शब्द अपनी सामथ्र्य खो बैठता है तो वह मौन होता है। उन्होंने युगपुरूष चौ. देवीलाल के साथ बिताए अपने दिनों की चर्चा करते हुए कहा कि वे त्याग की प्रतिमूर्ति एवं गरीबों के मसीहा थे।
    इस कार्यक्रम में जेसीडी विद्यापीठ की प्रबन्ध निदेशक डा. शमीम शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि  साहित्यिक गतिविधियां जीवन का एक अभिन्न हिस्सा है, इस प्रतिस्पर्धात्मक युग में जीवन को सही ढंग से जीने के लिए साहित्य का बहुत बड़ा योगदान होता है। यह हमारा सौभाग्य है कि चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय ने इस युवा उत्सव की जो जि़म्मेवारी हमें सौंपी है, हम उसे बखूबी निभाएंगे और निष्पक्ष परिणाम घोषित किये जाएंगे। हमारी कोशिश रहेगी की सभी विद्यार्थियों को एक बेहतरीन मंच प्रदान हो सके ताकि वे अपनी प्रतिभा को बेहतर ढंग से प्रदर्शित कर सकें। उन्होंने कहा कि साहित्य ही समाज का आईना होता है तथा साहित्यिक गतिविधियों में लीन रहने वाले व्यक्तियों में अपराधवृत्ति नहीं आती।
    सुविख्यात चित्रकार आर.एम. सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रकृति अपने आप में एक भव्य और विराट चित्र है। रंगों का जो मिश्रण कुदरत के नज़ारों में है, वह अन्यत्र नहीं। इस तरह की कार्यशालाओं की सराहना करते हुए आर.एम. सिंह ने कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारते हैं।
    इस अवसर पर फ्रांस की चित्रकार एवं कवयित्री मैडम मॉर्टिन ने फे्रंच भाषा में कहा कि मैं भारतीय संस्कृति से बहुत प्रभावित हूं और यहां की संस्कृति व सभ्यता से रूबरू होने के लिए दूसरी बार भारत में आई हूं।
    इस युवा महोत्सव में डॉ. मनोज कुमार व डॉ. माधुरी मैहता की चित्रकला प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया। इस कार्यक्रम में साहित्यिक गतिविधियों के प्रथम सत्र में हरियाणा ग्रंथ अकादमी के उपाध्यक्ष कमलेश भारती, प्रभाव ट्रेनिंग इंस्टीच्यूट नई दिल्ली के एचओडी मुनीष राज शर्मा व विकास हाई स्कूल के निदेशक विशाल वत्स ने साहित्यिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की, वहीं ललित कला कार्यशाला में राजेश जांगड़ा ने कोलॉज, डॉ0 मनोज छाबड़ा ने पोस्टर मेकिंग, संदीप जोशी ने कार्टूनिंग, भीम सिंह ने क्ले-मॉडलिंग, चित्रकार शंकर शर्मा ने रंगोली के बारे में प्रतिभागियों को बारिकी से समझाया।
    डा. मनोज छाबड़ा ने पोस्टर मेकिंग के बारे में कहा कि बड़े-बड़े आंदोलनों के पीछे पोस्टर बड़ी भूमिका निभाते हैं, वे अपने आप में बहुत बड़ा संदेशवाहक होते हैं। पुस्तक की बजाए पोस्टर को एक साथ सैकड़ों लोग देख सकते हैं। आजकल कविता पोस्टर का चलन है, खासकर नागार्जुन, केदारनाथ सिंह, सर्वेश्वर दयाल सक्सेना की कविताओं के पोस्टर काफी चर्चित हुए हैं। पोस्टर सामाजिक सोद्देश्यता व क्रांति के वाहक होते हैं।
    कार्यक्रम के संयोजक व जेसीडी शिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य ने आए हुए अतिथियों एवं साहित्यकारों, चित्रकारों व अन्य गणमान्य लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जि़म्मेवारी सौंपी गई हैं, उस पर वे खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
    कार्यक्रम के अंत में जेसीडी शिक्षण महाविद्यालय के रीडर डा. राजेन्द्र कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के अन्तर्गत आने वाले लगभग 30 कॉलेजों ने रजिस्ट्रेशन करवा ली है और लगभग 300 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इस अवसर पर डा. दीप्ति धर्मानी, डा. एस.के. गेहलावत, डा. शमशेर सिंह, साहित्यकार पूरन मुद्गल, लाजपुष्प, डा. आर.एस. टाडा व जेसीडी विद्यापीठ के सभी कॉलेजों के प्राचार्य व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

टैक्सी स्टैंड की टाटा

सिरसा। शहर की यातायात व्यवस्था व सौंदर्यीकरण के लिए पुलिस प्रशासन चौकन्ना नजर आ रहा है। स्वयं पुलिस अधीक्षक देवेंद्र यादव शहर में निरीक्षण करके अव्यवस्था पर पुलिसकर्मियों की क्लास लगा रहे हैं। इसी के साथ यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आज पुलिस अधीक्षक ने शहर में जगह-जगह अवैध रूप से बने टैक्सी स्टैंड का निरीक्षण किया। उन्होंने टैक्सी चालकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने वाहन शहर से बाहर लगाएं। फिलहाल टैक्सी स्टैंड के लिए कोई स्थाई जगह उपलब्ध नहीं करवाई गई है लेकिन बताया जा रहा है कि बाईपास रोड पर टैक्सी चालकों को अपने वाहन खड़े करने की इजाजत दी गई है।
    उल्लेखनीय है कि शहर में हाथी पार्क, टाउन पार्क, सांगवान चौक, अरोड़वंश चौक, बेगू रोड, हिसार रोड, वाल्मीकि चौक, रानियां रोड सहित अनेक स्थानों पर टैक्सी स्टैंड बन गए हैं। विगत काफी समय से टैक्सी चालक उक्त स्थानों पर कब्जा जमाए हुए हैं। इससे शहर की यातायात व्यवस्था पर बुरा असर पड़ रहा था। यही नहीं शहर की सुंदरता को भी ग्रहण लगा हुआ था। पुलिस अधीक्षक विगत तीन दिनों से शहर में निरंतर दौरे कर रहे थे। आज उनकी टेढ़ी नजर शहर में जगह-जगह स्थापित टैक्सी स्टैंड पर पड़ी। उन्होंने सभी टैक्सी चालकों को अपने वाहन शहर से बाहर लगाने का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश के बाद सभी टैक्सी चालकों में हड़कंप मच गया।  ट्रैफिक थाना प्रभारी दलजीत सिंह बेनीवाल ने बताया कि चालकों को तुरंत प्रभाव से अपने वाहन वहां से हटाने के निर्देश जारी कर दिए गए थे। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक हर दिन शहर का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वे विशेष रूप से किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर नजर गढ़ाए रखते हैं। दलजीत सिंह ने बताया कि शहर में कुल 10 शराब के अहातों के पास परमिट है। कल रात अवैध अहातों पर गाज गिरी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक की यह कार्रवाई निरंतर जारी रही रहेगी।

सामान्य अस्पताल में चौकी स्थापित

सिरसा। सामान्य अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस चौकी की स्थापना की गई है। पांच सदस्यीय टीम चौकी का कार्यभार संभालेगी। चौकी स्थापना के अवसर पर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह यादव आज सामान्य अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों को उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के दिशा-निर्देश दिए।
    मिली जानकारी के अनुसार सामान्य अस्पताल में पुलिस चौकी की स्थापना की गई है। चौकी का प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर सिंह को बनाया गया है। इसके अतिरिक्त चार मुख्य सिपाही राजेंद्र सिंह, अजायब सिंह, राजेश कुमार व विजय चंद को भी यहां तैनात किया गया है। गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व नाथ समुदाय के दो पक्षों द्वारा सामान्य अस्पताल में उत्पात मचाया गया था। इसमें आरोपियों ने सामान्य अस्पताल में भर्ती मरीजों व चिकित्सकों के साथ भी मारपीट व दुव्र्यव्हार किया था। यही नहीं, इस दौरान सामान्य अस्पताल की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया था। इसके अलावा सामान्य अस्पताल में समय-समय पर ऐसी घटनाएं घटित होती रहती हैं जिसमें किन्हीं दो पक्षों अथवा मरीज के परिजनों द्वारा हंगामा किया जाता है। इससे निपटने के लिए सीएमओ दयानंद शर्मा के नेतृत्व में चिकित्सकों का एक प्रतिनिधि मंडल पूर्व उपायुक्त युद्धबीर सिंह ख्यालिया से मिला था। आज उपायुक्त समीरपाल सरो व पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह यादव ने सामान्य अस्पताल में चौकी स्थापना के आदेश जारी करते हुए तुरंत प्रभाव से वहां पुलिसकर्मियों की नियुक्ति कर दी। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह यादव ने स्वयं मौके पर पहुंच चौकी प्रभारी ईश्वर सिंह को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।

पैलेस संचालक को दी जान से मारने की धमकी

सिरसा। डबवाली रोड स्थित रचना पैलेस के संचालक पर गत रात्रि सगाई समारोह के दौरान गोली चलाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने इस संबंध में तीन लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  मिली जानकारी के अनुसार डबवाली रोड स्थित रचना पैलेस में गत रात्रि सगाई समारोह चल रहा था। कार्यक्रम में किसी बात को लेकर अनमोल नामक युवक की पैलेस संचालक मिलख राज के साथ तनातनी हो गई। तैश में आए अनमोल ने हवाई फायर कर दिए। यही नहीं, अनमोल व उसके साथियों ने मिलखराज को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने उक्त तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

छोटू व नवनीत को नहीं मिली जमानत

सिरसा। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. नीलिमा सांगला की अदालत ने बहुचर्चित चंद सिंह बराड़ हत्या मामले में आरोपी छोटू भाट व नवनीत की जमानत याचिका खारिज कर दी है। गौरतलब है कि बराड़ हत्याकांड में मुख्य गवाह जग्गा सिंह पर उक्त लोगों ने पन्नीवाला मोटा के निकट जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं थीं। छोटू व नवनीत ने जमानत के लिए याचिका दायर की थी जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया।

दुकानदार से डेढ़ लाख की ठगी

सिरसा। यहां के सिटी थाना रोड पर बिजली के सामान की एक थोक दुकान से अज्ञात व्यक्ति द्वारा डेढ़ लाख रुपए से अधिक की ठगी करने का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत शहर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार सिटी थाना रोड के सामने आनंद इलेक्ट्रिक्लस नामक दुकान पर कल दोपहर करीब 3 बजे संजय नामक एक अनजान व्यक्ति आया जिसने अपने आप को राजा हुडंई का कर्मचारी बताया। इस संजय नामक आदमी ने दुकान से करीब 1 लाख 60 हजार रुपए से अधिक का बिजली का सामान राजा हुंडई के नाम से खरीदा और यह सामान राजा हुंडई के डबवाली रोड पर स्थित शोरूम में भिजवाने को कहा। इस व्यक्ति ने अपना मोबाइल नंबर 98121-78753 भी दुकानदार आनंद प्रकाश सिंगला को दिया। लगभग एक घंटे बाद दुकान का कर्मचारी अरुण कुमार अपने थ्री व्हीलर में यह सामान लेकर हुंडई शोरूम पहुंचा। संजय नामक आरोपी शोरूम से बाहर आया और सारे माल की पड़ताल के बाद बिल आदि देखे। पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद सारा माल विशाल मेगा मार्ट के बाहर उतारने के लिए कहा। संजय ने अरुण को बताया कि यह बिल्ंिडग भी राजा हुंडई वालों ने खरीद ली है। इसके बाद कर्मचारी अरुण कुमारे इस माल को लेकर मेगा मार्ट पहुंचा और संजय की मौजूदगी में सारा माल बाहर उतार दिया। अरुण ने इस माल को मेगा मार्ट को अंदर रखने में सहयोग करने को कहा लेकिन आरोपी संजय ने उसे हुंडई शोरूम भेज दिया कि वह वहां पहुंच कर अपना चेक प्राप्त कर ले। कर्मचारी अरुण कुमार जब शोरूम पहुंचा और चेक मांगा तब उसे पता लगा कि उन्होंने कोई माल नहीं मंगवाया। इसके बाद अरुण ने सारी जानकारी अपने मालिकों को दी। जानकारी मिलने पर दुकान मालिक मनोज अपने अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद ये सभी लोग थाना शहर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी दी।

'सुनहरी शाम' ने की दृष्टिहीन बच्चों की सहायता

सिरसा। वरिष्ठ नागरिक संस्था 'सुनहरी शाम' द्वारा सेठ रामनिवास सिंघाची की स्मृति में गत दिवस  दृष्टिहीन बच्चों की स्कूल 'प्रयास' में 35 दृष्टिहीन छात्र-छात्राओं को गर्म स्वैटर एवं रजाईयां वितरित की गई। इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी कैलाश सिघांची मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। संस्था के प्रधान एवं प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ० ओ.पी. चौधरी ने अपने सम्बोधन में कहा कि संस्था के सभी लोग यहां अपना प्रेम बांटने आए हैं। उन्होंने कहा कि दृष्टिहीनता को अभिशाप नहीं समझना चाहिए जबकि ईश्वर जब किसी व्यक्ति को एक इन्द्री कम प्रदान करते हंै तो उसके बदले में उसे अन्य गुण भी उपहार स्वरूप देेते हंै। बस उसे पहचानकर ही आगे बढऩा जिन्दगी का नाम है। उन्होंने कहा कि हेलन केलर, जॉन मिल्टन, लुईस बरेली, रूजवल्ट, सूरदास, टेम्पटन, स्टीवन वांडर जैसी अनेक विश्व प्रसिद्ध हस्तियों ने अंधे होने पर भी अपनी उस विशेष योग्यता को पहचानकर अपना ऊंचा स्थान बनाया। समारोह में दृष्टिहीन बच्चों ने सुन्दर गीतों का प्रस्तुतिकरण किया। इस अवसर पर संस्था के उपप्रधान कस्तूरी छाबड़ा, रमेश जिंदगर, योगराज, आर.के. शर्मा, भगवान दास तथा राधेश्याम शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। अंत में स्कूल के प्राचार्य सूरज कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया।