BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Sunday, 16 February 2014

चुनावी रंग में रंगे आए सीएम

डबवाली में 12 परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास
कालांवाली को उपमंडल व गोरीवाला को उपतहसील का दिया दर्जा

सिरसा। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पूरे प्रदेश में समान विकास कार्य करवाए गए हैं। कांग्रेस सरकार में जितने विकास कार्य सिरसा जिला में करवाए गए हैं उतने विकास कार्य इनेलो शासन में नहीं हुए थे। उन्होंने कहा कि भेदभाव की नीति पर चलकर कोई भी अधिक समय तक नहीं टिक सकता। उन्होंने 10 वर्ष पूरे किए हैं और आगामी चुनावों में भी कांग्रेस की सरकार बनना तय है।
हुड्डा आज डबवाली में रेलपुल रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली में पहुंचते ही सर्वप्रथम हुड्डा ने 12 परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने 380 करोड़ की एक दर्जन विकास परियोजनाओं का  उद्घाटन व शिलान्यास किया जिनमें मुख्य रुप से  डबवाली का रेलवे ओवर ब्रिज, नुहियांवाली का 400 के वी सबस्टेशन,चोरमार का 220 के वी सबस्टेशन, कालुआना का खरीफ चैनल डबवाली का राजकीय महाविद्यालय भवन, रत्ताखेडा व केहरवाला का कस्तूरबा बालिका गांधी विद्यालय, सांवत खेडा व औढ़ा का जलघर , गंगा गांव मे ंप्राथमिक स्वास्थ्यय केंद्र  का उद्घाटन व शिलान्यास शामिल है।
कालांवाली को मिली सौगात
एक तीर से कई निशाने साधते हुए मुख्यमंत्री ने जहां डबवाली के रेलवे पुल की बरसों पुरानी मांग पूरी की वहीं कालांवाली को भी उपमंडल का दर्जा देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने गोरीवाला को उपतहसील का दर्जा देने की भी घोषणा की। इसी के साथ मुख्यमंत्री ने लोगों के इस उलाहने को भी दूर कर दिया कि सरकार में रहते उन्होंने इस क्षेत्र की निरंतर अनदेखी किए रखी।
तंवर का हुआ अभिनन्दन
रैली स्थल पर कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर का भी अभिनन्दन किया गया। प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद तंवर का यह पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था। हुड्डा ने भी यहां अशोक तंवर को पुन: बधाई देते हुए सिरसा को महत्व देने की बात कही।
लोकसभा चुनावों का श्री गणेश
मंच पर मुख्यमंत्री पूर्ण रूप से चुनावी रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने आंकड़ों सहित जहां जिलाभर में करवाए गए विकास का ब्यौरा दिया वहीं लोकसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में हुए विकास कार्य भी गिनवाए। विकास कार्यों के साथ उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में आम लोगों के लिए शुरू की गई योजनाओं का भी बखान किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में सभी सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी विजयी होंगे।
इन्होंने किया सम्बोधित
इस रैली में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी डा. शकील अहमद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता फूल चंद मुलाना, हरियाणा के वित्त मंत्री स. हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा, रणजीत सिंह, डा. के.वी. सिंह, कुलदीप गदराना सहित  अनेक नेताओं ने संबोधित किया।
गौ तस्करों ने की मारपीट
कालांवाली। देर रात्रि गांव टप्पी के पास मुखबरी के आधार पर नाकाबंदी करके खड़े गो रक्षा दल के लोगों की गौ तस्करों ने पिटाई कर डाली। इतना ही नहीं पिटाई के साथ-साथ दल की गाड़ी की तोडफ़ोड़ दी गई हुई। गौ तस्करों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी किया। 
प्रत्यक्षदर्शी गो रक्षा दल के कार्यकर्ता नवीन कुमार ने बताया कि वह करीब दस साथियों के साथ नाकांबदी करके खड़े थे। उन्हें मुखबरी थी कि गांव पिपली से गायों का ट्रक तस्कर भरेंगे। रात्रि करीब 1 बजे कुछ अज्ञात लोग आए और उन्होंने इंटों व डंडो से हमला कर दिया और गाड़ी भी तोड़ दी। नवीन ने बताया कि हमले में कालांवाली निवासी चरणजीत पुत्र विरेंद्र बांसल व सरदुलगढ़ निवासी बिट्टू पुत्र राकेश कुमार घायल हो गए। नवीन ने बताया कि उन्होंने तुरंत भाग कर जान बचाई। गौ तस्करों ने हथियार लिए हुए थे और उन्होंने हवाई फायर भी किया। उन्होंने पुलिस क ो सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायलों को उपचार के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया।

Saturday, 15 February 2014

विरोध से स्वागत की तैयारी

सिख जत्थेबंदियों ने दिया धरना
कांग्रेसी जुटे स्वागत की तैयारियों में

सिरसा। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष के पद पर ताजपोशी के बाद तंवर के सिरसा में स्वागत की तैयारियां जोरशोर से की जा रही हैं। वहीं कुछ लोग उनका स्वागत काले झंडे दिखाकर व विरोध करके करने की योजना में हैं। फिलहाल वे तंवर आवास के समक्ष धरनारत हैं।
उल्लेखनीय है कि तंवर अपनी ताजपोशी के बाद अंबाला से होते हुए आज देर शाम तक सिरसा पहुंचेंगे। कांग्रेसी उनके स्वागत के लिए दिल्ली पुल पर पलक पांवड़े बिछाए हुए हैं। फूल-मालाओं और मोटरसाइकिल जत्थे सहित धूमधाम से उन्हें आवास तक ले जाने की तैयारियां की गई हैं।
उधर अलग गुरुद्वारा कमेटी की मांग को लेकर सिख समुदाय के लोग उनके आवास पर उनका स्वागत विरोध करके करना चाहते हैं। आज सुबह से प्रदेशभर के सिख हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की औपचारिक स्थापना की मांग को लेकर तंवर के आवास के समक्ष जुटे हुए हैं। यहां धरनारत मा. सम्पूर्ण सिंह, महासचिव डा. गुरचरण ङ्क्षसह, मालक सिंह, जरनैल बराड़, स्वर्ण सिंह विर्क आदि का कहना है कि विगत चुनावों के दौरान कांग्रेस द्वारा सिखों को बहकाया गया था कि चुनाव जीतने के बाद ही वे अलग कमेटी की स्थापना करेंगे। चुनाव दौबारा सिर पर आ चुके हैं लेकिन अब तक वायदा पूरा नहीं हुआ है। इस बार यदि आचार संहिता लगने से पहले अलग कमेटी की स्थापना नहीं की जाती तो पूरी सिख कौम कांग्रेस का एकजुट होकर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष होने के नाते अब तंवर की जिम्मेदारी पार्टी में और भी अधिक बढ़ गई है। ऐसे में वे यदि चाहें तो सरकार पर वायदा पूरा करने का दबाव बना सकते हैं। यदि ऐसा नहीं होता तो तंवर का विरोध आगे भी जारी रहेगा।

दुर्घटना में एक की मौत, दो घायल

सिरसा। गांव सुलतानपुरिया के निकट हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के गांव जसाना निवासी सुखदेव, राजेन्द्र व महेन्द्र किसी कार्य से तलवाड़ा आए हुए थे। वापिस जाने के लिए वे सुलतानपुरिया के बस अड्डा पर खड़े वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में सुखदेव की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजेन्द्र व महेन्द्र घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद एलनाबाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल लाया गया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

Friday, 14 February 2014

चूरापोस्त की खेप बरामद

गेहूं के कट्टों में रखी गई थी 10 क्विंटल 60 किलो पोस्त

कालांवाली। ओढ़ां पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए गए अभियान के तहत आज बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक घर में छापेमारी कर तलाशी के दौरान भारी मात्रा में तस्करी के लिए रखा गया 10 क्विंटल 60 किलो चूरापोस्त बरामद किया है।
यह जानकारी देते हुए थाना प्रभारी राजा राम ने बताया कि ओढ़ां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गांव घुक्कांवाली निवासी जगरूप उर्फ जुप्पा पुत्र जंगीर सिंह के घर नशे की बड़ी खेप उतरी है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने एएसआई कृष्ण बिश्रोई के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापेमारी के निर्देश दिए। टीम ने छापेमारी करते हुए घर की रसोई से एक प्लास्टिक थैले में रखी पोस्त बरामद की। लेकिन पुलिस को जो सूचना मिली थी उस आधार पर माल बरामद नहीं हुआ। संदेह होने पर पुलिस ने पूरे घर की तलाशी ली। घर के एक कमरे में गेहूं के थैले रखे हुए थे जब खोलकर इन्हें चैक किया गया तो इनमें चूरापोस्त भरा हुआ था। गेहूं ब्रांड के 53 थैलों में 10 क्ंिवटल 60 किलो चूरापोस्त बरामद हुआ। थाना प्रभारी राजाराम ने बताया कि आरोपी जगरूप के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने नशे की बड़़ी खेप राजस्थान से लेकर आना कबूल किया है। आरोपी ने पुलिस को बताया है कि इस धन्धे में इसी गांव का राजा सिंह भी शामिल है।

वैलेनटाईन डे के विरोध में प्रदर्शन

सिरसा। वैलेनटाईन डे के विरोध में आज शिव सेना के कार्यकर्ताओं ने शहर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सुभाष चौक पर ग्रिटिंग कार्ड की होली जलाई। शिव सेना के कार्यकर्ताओं ने वैलेंटाइन डे के विरोध में मुख्य बाजारों में प्रदर्शन किया। बाद में सभी कार्यकर्ता सुभाष चौक में एकत्रित हुए। शिवसेना के जिला प्रधान सोमनाथ दुग्गल ने कहा कि वैलेंटाइन-डे भारतीय संस्कृति का हिस्सा नहीं है बल्कि कथित रूप से उन विदेशी उद्योगपतियों का षडयंत्र है जो इस थोपे गए विशेष दिन के जरिए अपने महंगे उत्पाद भारतीय बाजारों में उतारकर लाखों-करोड़ों रूपये कमाना चाहते हैं। जिलाध्यक्ष सोमनाथ दुग्गल ने इस दिन को भारतीय संस्कृति के लिए विकृत दिन करार दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को भारतीय संस्कृति के अनुसार इस दिन अपने माता पिता और गुरुजनों का पूजन कर आशीर्वाद लेना चाहिए। बाद में शिव सैनिकों ने ग्रिटिंग कार्डों की होली जलाई। शिव सैनिक शहर के मुख्य पार्कों और शिक्षण संस्थानों के समीप गश्त लगाकर युवाओं को वैलेंटाइन डे न मनाने की चेतावनी दी। इस अवसर पर काफी संख्या में शिवसैनिक मौजूद थे।

Thursday, 13 February 2014

पुलिस ने झपटे झपटमार

अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं दोनों बाइकर्स

धोलपालिया के रास्ते राजस्थान भागने की फिराक में पकड़े गए


सिरसा। शहर में एक के बाद एक चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले मोटरसाइकिल सवारों को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है। 24 घंटे में बाइकर्स लुटेरों को गिरफ्तारी  पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके बाद आज सीआईए प्रभारी अरुण बिश्रोई ने पत्रकारवार्ता को संबोधित किया। ज्ञातव्य हो कि गत दिवस दो मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने क्षेत्र में चार चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन मामलों की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने नाकाबंदी कर लुटेरों को गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछा दिया। छानबीन का जिम्मा सीआईए प्रभारी अरुण बिश्रोई को सौंपा गया।
बिश्रोई ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि दोनों युवक यूपी के मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। दोनों की पहचान धर्म सिंह उर्फ बब्ली व संदीप के रूप में हुई है। ये दोनों एक बड़े गिरोह के सदस्य हैं जिसमें छह सदस्य सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है, जो हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, यूपी व राजस्थान में छीना झपटी की वारदातों को अंजाम देता है। पूछताछ के बाद कई अन्य वारदातों का खुलासा होने की बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने बताया कि कल वारदातों को अंजाम देकर उक्त दोनों युवक अपने पल्सर मोटरसाइकिल पर एलनाबाद के रास्ते राजस्थान फरार होने की फिराक में थे। गांव धोलपालिया के पास एलनाबाद थाना के प्रभारी द्वारा की गई नाकाबंदी में दोनों धरे गए। दोनों से मोटरसाइकिल सहित एक चेन बरामद हुई है। युवकों द्वारा यह चेन सिरसा की अग्रसेन कालोनी से छीनी गई थी। इसके अलावा अन्य बरामदगी फिलहाल नहीं हो पाई है। आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया है।  बिश्रोई ने बताया कि रिमांड के दौरान युवकों के अन्य साथियों की पहचान की जाएगी और लूट की अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की जाएगी।

सीडीएलयू यौन शोषण प्रकरण

18 को दर्ज होंगे बयान

सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के प्रोफेसर द्वारा पीएचडी स्कॉलर छात्रा के यौन शोषण मामले में 18 फरवरी को आरोपी व पीडि़ता के बयान दर्ज किए जाएंगे। इस पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि सीडीएलयू के प्रोफेसर दिलबाग सिंह पर पीएचडी स्कॉलर छात्रा ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे। इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी की गई विशाखा गाइड लाइन के तहत हो रही है। प्रोफेसर अनु शुक्ला की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। प्रोफेसर नीरा वर्मा (केयूके), प्रो. रंजना अग्रवाल (केयूके) कुमुद बंसल एडवोकेट, परीक्षा कंट्रोलर प्रवीण अगमकर, प्रो संदीप राणा (गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय), डिप्टी रजिस्ट्रार रमेश मेहता, लॉ ऑफिसर बलजीत शर्मा और फिजिकल विभागाध्यक्ष मोनिका वर्मा कमेटी में शामिल हैं। जांच कमेटी का नेतृत्व कर रहीं प्रोफेसर अनु शुक्ला ने कुलपति को पत्र लिखकर जांच प्रक्रिया की पूरी वीडियोग्राफी करवाए जाने की मांग की थी ताकि कमेटी पर पक्षपात के आरोप न लगाए जा सकें। उनकी मांग पर आगामी 18 फरवरी को वीडियोग्राफी के साथ आरोपी प्रोफेसर व पीडि़त छात्रा के बयान दर्ज करने की कार्रवाई की जानी है।

रविदास जयंती पर निकाली शोभायात्रा

सिरसा। संत शिरोमणि सतगुरू रविदास का 638वां जन्मोत्सव आज यहां पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। संत शिरोमणि सतगुरू रविदास सभा व सतगुरू रविदास सेवा समिति द्वारा दो अलग-अलग शोभायात्राओं का आयोजन किया गया जो जनता भवन के पास संयुक्त हो गई। शोभायात्राओं को श्री बाबा तारा कुटिया के मुख्य सेवक गोबिंद कांडा के पुत्र धवल कांडा ने झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी आत्म प्रकाश मेहरा ने की। शोभायात्रा रविदास मंदिर रानियां रोड से शुरू हुई और घंटाघर चौक, चांदनी चौक, रोड़ी बाजार, जनता भवन रोड, अनाज मंडी, शिव चौक, सूरतगढिय़ा बाजार से होते हुए वापस शाम को मंदिर में पहुंची। रास्ते में युवकों ने विभिन्न प्रकार के करतब दिखाए। बैंड बाजों की स्वरलहरियों के बीच नाचते गाते लोग बाजार में एक अलग ही नजारा प्रस्तुत कर रहे थे। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी शोभायात्रा में हिस्सा लिया। शोभायात्रा के दौरान भजन मंडलियों ने श्री गुरू रविदास के जीवन पर आधारित भजन भी गाए। शोभायात्रा में सतगुरू रविदास, भगवान वाल्मीकि, कबीर, महात्मा ज्योतिबा फूले, डॉ. भीमराव अंबेडकर आदि महापुरुषों के जीवन से संबंधित झांकियां शोभायात्रा में शामिल थीं।

डाककर्मियों ने दूसरे दिन भी धरना देकर किया प्रदर्शन

सिरसा। आल इंडिया पोस्टल कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर डाक कर्मियों ने दो दिवसीय हड़ताल के दूसरे दिन आज भी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नोरबाजी की। डाककर्मी आज सुबह मुख्य डाकघर के गेट पर एकत्रित हुए और धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यूनियन के प्रधान नवीन शर्मा के नेतृत्व में नरेंद्र कुमार सहायक सचिव, देस राज, ललित मोहन आदि ने विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने सरकार से महंगाई भत्ते को वेतन में मिलाने, अंतरिम राहत, ओवर टाइम रिवाइज करने, ठेका प्रथा बंद करने, हड़ताल का अधिकार, नई पेंशन स्कीम लागू करने, जेएडएस को पक्का करने, अनुकंपा के आधार पर नौकरी का अधिकार व सातवां वेतन आयोग लागू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती उनका संघर्ष जारी रहेगा।

डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल जारी

सिरसा। डप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर जिले के डिप्लोमा इंजीनियर्स की कलम छोड़ हड़ताल आज तीसरे दिन भी जारी रही। लोक निर्माण विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सिंचाई विभाग, हुडा, नगर योजनाकार, पंचायती राज, मार्केटिंग बोर्ड, नगर परिषद् एवं विश्वविद्यालय के तमाम डिप्लोमा इंजीनियर्स ने हड़ताल में भाग लेते हुए हरियाणा सरकार की वेतन विसंगतियों के खिलाफ आलोचना की। यह जानकारी देते हुए एसोसिएशन के लोक निर्माण विभाग प्रांतीय महासचिव के.सी. कम्बोज ने बताया कि वर्ष 2006 से पहले हरियाणा के कनिष्ठ अभियन्ता का स्केल 5500-9000 था परन्तु 1 जनवरी 2006 को लागू हुए छठे वेतन आयोग में इसी स्केल में कनिष्ठ अभियन्ता के अलावा अन्य कैटेगिरी को 4600 व 4800 का ग्रेड-पे दिया गया व तीन ए.सी.पी. का लाभ दिया गया जबकि इसके विपरीत कनिष्ठ अभियन्ता को सबसे कम 3600 का ग्रेड-पे दिया गया व तीसरी ए.सी.पी. भी नहीं दी गई। के.सी. कम्बोज ने कहा कि मांगें न मानने तक यह हड़ताल अनिश्चितकालीन तक चलेगी तथा आगामी 16 फरवरी को रोहतक में एसोसिएशन की प्रदेश स्तरीय महारैली रोहतक में आयोजित होगी जिसमें आगामी रणनीति बारे विचार-विमर्श किया जाएगा।

Wednesday, 12 February 2014

बाइकर्स की दहशत

एक के बाद एक तीन वारदातों को दिया अंजाम
महिलाओं से लूटे 3 लाख के आभूषण

सिरसा। शहर में आज मोटरसाइकिल सवारों ने चैन स्नैचिंग की तीन वारदातों को अंजाम दिया। लुटेरे करीब तीन लाख के स्वर्ण आभूषणों पर हाथ साफ कर गए। एक के बाद एक हुई वारदातों में पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की ही संलिप्तता बताई जा रही है। तीनों जगह लूट से पहले मोटरसाइकिल सवारों ने 'शर्मा जीÓ के घर का पता पूछा और गली में बैठी महिलाओं को निशाना बनाया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं। शहर थाना प्रभारी ने दावा किया कि उन्हें पुख्ता जानकारी मिली है जिनके आधार पर शीघ्र ही लुटेरे बाइकर्स को काबू कर लिया जाएगा।
पहली घटना आज सुबह करीब 10 बजे अग्रसेन कॉलोनी की गली नं. 10 में हुई। यहां पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने घर के बाहर बैठी महिला वीना रानी पत्नी बाबू राम से 'शर्मा जीÓ के घर का पता पूछा। इससे पहले कि महिला कुछ बोलती, एक युवक ने उसके गले पर झपटा मारा और चेन छीन फरार हो गए। वीना ने बताया कि उसकी चेन करीब 4 तोले सोने की थी। लुटेरों के बारे में वीना ने बताया कि दोनों युवक 21 से 25 वर्ष की उम्र के बीच थे और काले रंग के पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार थे। युवकों का रंग सांवला था और दुबले-पतले थे। चेन झपटे जाने से वीना के गले पर चोट भी आई। मामले की जानकारी कीर्तिनगर पुलिस चौकी में दी गई। पुलिस ने वीना के बयानों पर मामला दर्ज कर लिया। 
अभी एक घटना की तहकीकात शुरू हुई भी नहीं थी कि पुलिस कंट्रोल से कोर्ट कॉलोनी में भी हूबहू वारदात होने की सूचना मिली। वारदात की शिकार महिला राज बलेचा ने बताया कि करीब 11 बजे पल्सर मोटरसाइकिल दो युवकों ने उससे 'शर्मा जीÓ का पता पूछने के बहाने सोने की चेन झपट ली। उक्त युवक तलवाड़ नर्सिंग होम वाली गली से नेशनल हाइवे की तरफ भाग निकले। 
तीसरी घटना सी-ब्लॉक में करीब 12 बजे हुई। यहां भी पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने एक घर का दरवाजा खटखटाया। घर में मौजूद महिला गुरचरण कौर पत्नी गुरजंट सिंह जब बाहर आई तो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उससे 'शर्मा जीÓ के घर का पता पूछा। इसी बीच एक युवक ने गुरचरण कौर पर झपटा मार सोने की बालियां व चेन छीन ली। महिला के शोर मचाने पर दोनों युवक मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। तीनों घटनाओं में पीडि़त महिलाओं द्वारा पुलिस को जो जानकारी दी गई, वह एक जैसी थी। इससे यह तो साफ हो गया कि तीनों वारदातों को दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने ही अंजाम दिया है। शहर थाना प्रभारी दलीप सिंह ने बताया कि पीडि़तों की शिकायत पर मामले दर्ज कर लिए गए हैं। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जानकारी के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों के संबंध में उन्हें पुख्ता सूचना भी मिली है जिसके आधार पर आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्त में ले लिया जाएगा। 

Tuesday, 11 February 2014

अध्यादेश पर बिफरे कर्मचारी, दिया धरना

सिरसा। प्रदेश सरकार द्वारा तकनीकी पदों के वेतनमान पर जारी के किए गए अध्यादेश के खिलाफ हरियाणा गर्वनमेंट पीडब्लयूडी मेकेनिकल वर्करज यूनियन ने केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर लघु सचिवालय में आज धरना देकर नारेबाजी की। धरने की अध्यक्षता यूनियन के जिला प्रधान मान सिंह डागर ने की। 
हरियाणा गर्वनमेंट पीडब्लयूडी मेकेनिकल वर्करज यूनियन के सदस्यों ने लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना देकर वेतन पर जारी किए गए अध्यादेश का विरोध जताया गया। प्रांतीय उपाध्यक्ष कृपा श्ंाकर त्रिपाठी ने कहा कि वर्षों से लंबे संघर्ष व कोर्ट के माध्यम से कर्मचारियों ने हक प्राप्त किया था लेकिन सरकार ने कर्मचारी विरोधी निर्णय अध्यादेश के माध्यम से लागू कर दिया, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस अध्यादेश को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए वरना कर्मचारी सरकार के खिलाफ निर्णायक संघर्ष शुरू कर देंगे।  सर्व कर्मचारी संघ के मुख्य सलाहकार सोहनसिंह रंधावा ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, बकाया वेतन देने व चोरमार जलघर में मोटर चलाते समय ठेके पर रखे गए मृतक कर्मचारी के आश्रितों को पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग उठाई। इस अवसर पर कर्मचारी नेता लालचंद मेहता, अवतार सिंह, हरजीत सिंह, धर्मचंद, धर्मपाल सैनी, कानाराम बिश्रोई, रामबिलास भांभू, सावन राम आदि ने भी कर्मियों को सुबोधित किया। धरने के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उधर नौकरी की बहाली को लेकर औद्योगिक सुरक्षा बल के बर्खास्त जवानों को 34वें दिन भी अनशन जारी रहा। बकाया वेतन की मांग को लेकर लघु सचिवालय के समक्ष धरने पर बैठे लैब सहायक व अनुबंधित कंप्यूटर शिक्षकों ने भी अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।  

हड़ताल से 600 करोड़ का नुकसान

सिरसा। वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर बैंक यूनियनों की हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल से जिला में दो दिन में करीब 600 करोड़ रुपए के वित्तीय नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। 
आज भी सरकारी बैंकों में कामकाज ठप्प रहा। हालांकि निजी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक तथा एक्सिस बैंक में कामकाज सामान्य तौर पर हुआ। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (यूएफबीयू) के संयोजक एमवी मुरली ने बताया कि मुख्य श्रम आयुक्त के समक्ष 6 फरवरी को भारतीय बैंक संघ (आईबीए) के साथ सुलह बैठक बेनतीजा रही। बैठक में आईबीए वेतन में 10 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव में कोई सुधार लेकर नहीं आया। उन्होंने कहा कि चूंकि बैठक का कोई नतीजा नहीं निकला, इसी के चलते दो दिवसीय हड़ताल रखी गई है। ऑल इंडिया स्टेट बैंक आफिसर्स फेडरेशन तथा ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन हड़ताल में शामिल है।
वेज रिविजन लागू करने तथा आउटसोर्सिंग के विरोध में आज भी सिरसा के सभी सरकारी बैंक बंद रहे। बैंक कर्मियों ने बैंकों के समक्ष धरना दिया तथा सरकार व बैंक की नीतियों पर विरोध जताया। देश म यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक इंपलाइज के संबंधित 9 कर्मचारी यूनियनों ने हड़ताल रखी हुई है। इन यूनियनों में करीब 10 लाख बैंक कर्मी शामिल हैं। हड़ताल के चलते बैंक कार्य पूरी तरह बंद रहे जिसके चलते उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सरकारी बैंकों की एटीएम मशीनों से भी राशि नहीं निकली जिस कारण उपभोक्ताओं को मायूस होकर लौटना पड़ा।
बैंक कर्मचारियों ने कहा कि सरकार बैंकिंग रिफोर्सिस के नाम पर यूनियन से संबंधित कर्मचारियों के हक छीनने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वेतन संशोधन तय समयावधि के बावजूद भी नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैंकों का विलय किया जा रहा है और कर्मचारियों पर छंटनी की तलवार लटक रही है। बैक लॉग भी नहीं भरे जा रहे हैं जिसके चलते कर्मचारियों पर अत्यधिक वर्क लोड है। इसी के बैंक कर्मियों की अन्य कई मांगें हैं जिन्हें पूरा नहीं किया जा रहा है। उधर कालांवाली, डबवाली, रानियां व एलनाबाद में भी हड़ताल का असर देखने को मिला।

Monday, 10 February 2014

तंवर की ताजपोशी

सिरसा। सिरसा के सांसद डा. अशोक तंवर को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेशाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। 38 वर्षीय तंवर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 19वें प्रदेशाध्यक्ष हैं। पंडित भगवत दयाल शर्मा पहले प्रदेशाध्यक्ष थे। तंवर को मुलाना की जगह नया प्रदेशाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। मुलाना पिछले छह बरस 5 माह से प्रदेशाध्यक्ष के पद पर कार्य कर रहे थे।
दरअसल पिछले करीब दो बरस से हरियाणा प्रदेश कांग्रेस में लंबित प्रदेशाध्यक्ष के फैसले पर आज अंतिम मोहर लग गई। कांगे्रस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से हरियाणा में डा. अशोक तंवर को प्रदेशाध्यक्ष बनाने संबंधी पत्र पार्टी के महासचिव डा. जनार्दन द्विवेदी ने जारी किया। पार्टी की ओर से हरियाणा के अलावा पश्विम बंगाल व केरल के प्रदेशाध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई है। यहां बता दें कि कांगे्रस की ओर से चार बरस के अंतराल के लिए प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति की जाती है। फूल चंद मुलाना को 27 जुलाई 2007 को  हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेशाध्यक्ष मनोनीत किया गया था। जुलाई 2011 में उनका कार्यकाल समाप्त हो गया पर पार्टी ने उनकेनेतृत्व में ही अक्तूबर 2011 का हिसार उपचुनाव जबकि नवम्बर 2011 के रतिया एवं आदमपुर उपचुनाव लड़े। अलबत्ता हिसार में कांग्रेस की जमानत जब्त होने के बाद मुलाना ने नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की पेशकश की पर पार्टी ने उन्हें इस पद पर बनाए रखा। अलबत्ता पिछले एक बरस से तो प्रदेशाध्यक्ष के मामले को लेकर खूब गहमागहमी का आलम रहा। पर बार-बार गुटबाजी के चलते इस पर अंतिम फैसला न हो सका। एक तरह से डा. अशोक तंवर के सभी नेताओं के संग ठीक संबंध होने के चलते अब पार्टी हाईकमान ने आखिरकार उन्हें प्रदेशाध्यक्ष बना दिया है। 38 वर्षीय डा. अशोक तंवर का इससे पहले भी संगठन में अच्छा खासा तजुर्बा है। वे पांच बरस तक यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष रहे हैं और फिलहाल अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव हैं। वर्ष 1976 की 12 फरवरी को हरियाणा के पूर्व सैनिक दिलबाग सिंह के घर जन्मे अशोक तंवर के सियासी सफर को देश की राजनीति में मिसाल के तौर पर लिया जाने लगा है।

सरकारी बैंकों की हड़ताल, लेनदेन प्रभावित

सिरसा। वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर बैंक यूनियनों ने आज से दो दिन की हड़ताल शुरू की। इसी के चलते सरकारी बैंकों में कामकाज ठप्प रहा। हालांकि निजी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक तथा एक्सिस बैंक में कामकाज सामान्य तौर पर हुआ।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (यूएफबीयू) के संयोजक एमवी मुरली ने बताया कि मुख्य श्रम आयुक्त के समक्ष 6 फरवरी को भारतीय बैंक संघ (आईबीए) के साथ सुलह बैठक बेनतीजा रही। बैठक में आईबीए वेतन में 10 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव में कोई सुधार लेकर नहीं आया। उन्होंने कहा कि चूंकि बैठक का कोई नतीजा नहीं निकला, इसी के चलते आज से दो दिवसीय हड़ताल शुरू की गई है। ऑल इंडिया स्टेट बैंक आफिसर्स फेडरेशन तथा ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन हड़ताल में शामिल है।
वेज रिविजन लागू करने तथा आउटसोर्सिंग के विरोध में आज सिरसा के सभी सरकारी बैंक बंद रहे। बैंक कर्मियों ने बैंकों के समक्ष धरना दिया तथा सरकार व बैंक की नीतियों पर विरोध जताया। देश में आज यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक इंपलाइज के संबंधित 9 कर्मचारी यूनियनों ने हड़ताल रखी। इन यूनियनों में करीब 10 लाख बैंक कर्मी शामिल हैं। आज की हड़ताल के चलते बैंक कार्य पूरी तरह बंद रहे जिसके चलते उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सरकारी बैंकों की एटीएम मशीनों से भी राशि नहीं निकली जिसके चलते उपभोक्ताओं को मायूस होकर लौटना पड़ा।
बैंक कर्मचारी नेता नरेश छाबड़ा व जयचंद ने कहा कि सरकार बैंकिंग रिफोर्सिस के नाम पर यूनियन से संबंधित कर्मचारियों के हक छीनने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वेतन संशोधन तय समयावधि के बावजूद भी नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैंकों का विलय किया जा रहा है और कर्मचारियों पर छंटनी की तलवार लटक रही है। बैक लॉग भी नहीं भरे जा रहे हैं जिसके चलते कर्मचारियों पर अत्यधिक वर्क लोड है। इसी के बैंक कर्मियों की अन्य कई मांगें हैं जिन्हें पूरा नहीं किया जा रहा है। उधर कालांवाली, डबवाली, रानियां व एलनाबाद में भी हड़ताल का असर देखने को मिला।

Sunday, 9 February 2014

शान से निकली श्याम बाबा की सवारी

जगह-जगह हुआ शोभा यात्रा का स्वागत

सिरसा। श्री श्याम परिवार ट्रस्ट रानियां रोड सिरसा के छठे स्थापना महोत्सव के दूसरे दिन आज अनाज मंडी से विशाल शोभा यात्रा निकाली गई। सर्वप्रथम यात्रा उद्गम स्थल पर श्री श्याम खाटू वाले की विधिवत पूजा अर्चना की गई और चांदी के रथ पर बाबा का भव्य अलौकिक फूलों से सजा दरबार स्थापित किया गया। ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता व प्रधान सुशील मित्तल ने पूजा अर्चना करवाई और यात्रा को ध्वजा दिखाकर रवाना किया। इस शोभा यात्रा में श्री श्याम बाबा के अनेक प्रेरणादायी प्रसंगों पर आधारित झांकियों ने शहर का मन मोह लिया। सांसद डॉ. अशोक तंवर, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि होशियारी लाल शर्मा, भूपेश मेहता ने भी यात्रा में शिरक्त की और श्याम बाबा के रथ को अपने हाथों से खींच कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस रथ को पूरी यात्रा के दौरान श्याम भक्तों ने ही अपने हाथों से खींचा। बाबा के दरबार की झांकी के आगे 351 निशान ध्वजा लेकर चल रहे महिला पुरुष श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारों से और बाबा के भजनों से पूरे शहर को श्याममय बनाने में मुख्य भूमिका निभाई।
                 हांसी से आए श्रीश्याम मित्र मंडल के सदस्यों ने अनेक भजनों की प्रस्तुतियों देकर बाबा की महिमा का गुणगान किया। अनेक बैंड बाजों की टुकडिय़ों, ढोल पाॢटयों के कलाकारों के साथ चल रही इस यात्रा का मुख्य आकर्षण बाबा का भव्य दरबार और इलाहाबाद से आए हनुमान जी का साकार रूप लिए कलाकार ने यात्रा के दर्शकों को बांधे रखा। हनुमान जी ने पूरी यात्रा में श्याम भक्तों और श्रद्धालुओं में प्रसाद रूपी फल दिए। गुजराती डांडिय़ा और गरबा नृत्य के कलाकारों ने बाबा की यात्रा में चार चांद लगा दिए। महाराजा दशरथ अपने चार पुत्रों सहित झांकी में बैठे दिखाई दे रहे थे। दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती और गणेश की एकसाथ प्रतिमाओं ने भी अलग छाप छोड़ी। राधा-कृष्ण की युगल झांकी प्रेम की पराकाष्ठा दर्शया रही थी। भगवान कृष्ण ने जब धन्ना जाट के खेत मेें हल चलाया तो इस प्रसंग को कलाकारों ने झांकी का रूप देकर भाव-विभोर कर दिया। बर्बरीक द्वारा भगवान कृष्ण को शीश का दान देते हुए दिखाने वाली झांकी ने दर्शकों को भावुक कर दिया। एक तीर से पेड के सभी पत्तों को बींधने का दृश्य और मोर छड़ी से दरवाजे का ताला तोडऩे का दृश्य भी पूरा आकर्षण का केंद्र रहा।
                    शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए यह यात्रा रानियां रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में पहुंच कर संपन्न हुई। इस अवसर पर उत्सव संयोजक डॉ. श्याम सुंदर गुप्ता, प्रदीप रातुसरिया, संजीव रातुसरिया, सुनील गुप्ता, राजेश बागला, डॉ. दीपा गुप्ता, गोबिंद शर्मा, राजकमल चमडिया, राज कुमार बागला, सुमित नुहियांवाली, मीना गुप्ता,वैशाली रातुसरिया, संतोष रातुसरिया, रामकिशन तंवर, राजेश मदान, अश्विनी ढिल्लों, अश्विनी भिवानी वाला, राजेश बांसल, उर्मिला मित्तल, ममता बागला, पूनम गुप्ता, ममता तंवर, राकेश वत्स, मुकेश केजरीवाल, अनिल बांसल, जयंत शर्मा, विजय जैन, राजेश मदान, सरोज वत्स, सरोज बागला, रेणु मदान, विरेंद्र रातुसरिया, गुरमीत मित्तू, भीम शर्मा, आशीष मिंचनाबादवाला, रामकृष्ण तंवर, हीरालाल शर्मा, शिव रत्न टांटिया, मनदीप सिंह, संजीव जैन,विनोद कुमार, आकाश गुप्ता, सुभाष शर्मा, कालू शर्मा सहित काफी संख्या में श्याम भक्त यात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे।

सांसद का विरोध करने वालों को मिली जमानत

सिरसा। सांसद तंवर की जय सिरसा लोकसभा यात्रा का विरोध करने पर हिरासत में लिए गए बर्खास्त औद्योगिक सुरक्षा के जवान व अनुबंधित कम्प्यूटर ऑप्रेटरों को आज जमानत पर छोड़ दिया गया। शहर थाना में जमानत से संबंधित कार्रवाई पूरी कर उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया। गौरतलब है कि यात्रा के अंतिम दिन सिरसा में सांसद तंवर को बरनाला रोड पर बर्खास्त औद्योगिक सुरक्षा बल व अनुबंधित कम्प्यूटर ऑप्रेटरों ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताया था। पुलिस ने इस संबंध में 24 जनो के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया था। उसके बाद उन्हें उपमंडलाधीश द्वारा न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के आदेश हुए थे। आज जेल में बंद 16 बर्खास्त औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों और 8 कम्प्यूटर ऑप्रेटरों की जमानत मंजूर कर ली गई।

भारी नकदी सहित जुआरी गिरफ्तार

सिरसा। शहर के चंडीगढिय़ा मौहल्ला के पास जुआ खेल रहे छह लोगों को शहर थाना पुलिस ने हजारों रुपए की जुआ राशि व ताश की गट्टी सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों पर जुआ अधिनियम के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। शहर थाना प्रभारी दलीप सिंह को शनिवार शाम गुप्तचर के माध्यम से सूचना मिली कि चंडीगढिय़ा मौहल्ला के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। थाना प्रभारी ने तुरंत पुलिस की एक टीम मौके पर छापेमारी के लिए भेजी। पुलिस ने दबिश देते हुए छह लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा। इन लोगों के कब्जे से 48 हजार 400 रुपए की जुआ राशि बरामद हुई। पूछताछ के दौरान जुआ खेल रहे लोगों की पहचान सिकंदर, मोहन निवासी चंडीगढिय़ा मौहल्ला, लक्खी तालाब निवासी धर्मा, इंद्रपुरी मौहल्ला निवासी श्याम, जेजे कॉलोनी निवासी गिरीवर तथा सुभाष बस्ती निवासी नरेश के रूप में हुई। सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।

स्कूल के बाहर खड़ा मोटरसाइकिल चोरी

सिरसा। अग्रसेन कॉलोनी से गत दिवस एक पल्सर मोटरसाइकिल अज्ञात लोग चुरा ले गए। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस चोरों की छानबीन कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार अग्रसेन कॉलोनी स्थित एक स्कूल के बाहर कॉलोनी के ही रहने वाले विनोद ने अपना पल्सर मोटरसाइकिल खड़ा किया था। मोटरसाइकिल रोक कर विनोद किसी काम से गया था। कुछ समय बाद वापिस लौटा तो मोटरसाइकिल नदारद था। काफी देर छानबीन की लेकिन मोटरसाइकिल का कोई अता-पता नहीं चला। विनोद ने इस संबंध में कीर्तिनगर चौकी पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है।

अफीम सहित तस्कर काबू

सिरसा। कालांवाली पुलिस ने आज सुबह नाकेबंदी के दौरान कालूआना माईनर से 300 ग्राम अफीम सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कालांवाली थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार कालांवाली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में तस्करी कर अफीम लाई जा रही है। सूचना के आधार पर कालांवाली थाने के एसआई हंसराज के नेतृत्व में कालूआना माईनर के समीप नाका लगाया गया। आने-जाने वाले राहगीरों व वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदेह होने पर पैदल जा रहे एक व्यक्ति को पुलिस टीम ने तलाशी के लिए रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 300 ग्राम अफीम बरामद हुई। एसआई हंसराज ने बताया कि आरोपी की पहचान गांव कमाल निवासी बग्गड़ सिंह पुत्र ईश्वर सिंह के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कालांवाली थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अफीम कहां से लाया था और किसको बेची जानी थी।

Saturday, 8 February 2014

अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्य काबू

करीब 10 लाख के चोरीशुदा आभूषण व दो मोटरसाइकिल बरामद

सिरसा। जिला की सीआईए पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर लाखों रुपये का चोरीशुदा सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए सदस्यों की पहचान दीपक पुत्र जगतार सिंह निवासी भावदीन व प्रवीण पुत्र राजकुमार निवासी इंदिरा विकास कालोनी सिरसा के रूप में की गई है। सीआईए सिरसा प्रभारी निरीक्षक अरूण बिश्रोई ने बताया कि पकड़े गए सदस्यों से पूछताछ के दौरान एक दर्जन चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है तथा उनके तीन-चार अन्य सदस्यों की पहचान हुई है। जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
निरीक्षक अरूण बिश्रोई ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ फतेहबाद, हिसार व अन्य जिलों में चोरी के अनेक मामले दर्ज है। बिश्रोई ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा 30 तोला सोना, दो किलो चांदी, दो मोटरसाइकिल व कई गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ सिंह ने शहर सिरसा में हुई चोरी तथा सेंधमारी की घटनाओं की जांच सीआईए पुलिस का सौंपी थी। सीआईए प्रभारी ने बताया कि इन घटनाओं को सुलझाने के लिए पुलिस ने महत्वपूर्ण सुराग जुटाए और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर फिलहाल लाखों रुपये का चोरीशुदा सामान बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर बाकी चोरीशुदा संपत्ति भी बरामद की जाएगी। उन्होंने बताया कि जो वारदातें सुलझाई गई है उनमें शहर के शिवनगर, लक्ष्मी स्वीट्स हाऊस क्षेत्र, कीर्तीनगर, हुडा सेक्टर, एमसी कालोनी, हरि विष्णु कालोनी, बाटा कालोनी में चोरी व सेंधमारी की घटनाएं तथा हुडा सेक्टर व एयरफोर्स सिरसा के सामने एटीएम तोडऩे की कोशिश की घटनाएं शामिल है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूछताछ के दौरान अन्य वारदातों से पर्दा उठने से भी इंकार नहीं किया जा सकता। 

झगड़ों व हादसे में पांच घायल

सिरसा। बेटी को लेने उसके ससुराल पहुंचे पिता व भाई को जमाई व उसके साथियों ने बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। घायलों को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। 
मिली जानकारी के अनुसार गांव खारियां निवासी हनुमान की बेटी ब्रह्मा देवी की शादी एक साल पहले गांव बाहिया निवासी संदीप से हुई थी। अस्पताल में उपचाराधीन हनुमान का कहना है कि उनका जमाई संदीप नशे का आदी है। वह इन दिनों बेरोजगार है और उनकी पुत्री से मारपीट करता है। इसी कारण शुक्रवार को वह अपने पुत्र धर्मपाल के साथ बेटी को लेने उसके ससुराल बाहिया गया था। वहां उनके जमाई संदीप से उनकी कहासुनी हो गई। संदीप ने अपने साथियों से मिलकर उन्हें डंडे व लाठियों से जमकर पीटा। किसी तरह वे वहां से जान बचाकर भागे। हनुमान व धर्मपाल का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
गांव चौटाला में झगड़े के दौरान एक महिला घायल हो गई। सिविल अस्पताल में उपचाराधीन कृष्णा पत्नी बलदेव ने बताया कि पड़ोस में ही रहने वाले एक व्यक्ति से उसकी कहासुनी हो गई। इसी दौरान व्यक्ति ने उससे मारपीट की। 60 वर्षीय कृष्णा को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना की सूचना डबवाली पुलिस को दी गई है।
मम्मड़ माइनर के पास सड़क दुर्घटना में गांव रोहिड़ांवाली के दो युवक घायल हो गए। घायलों को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। अस्पताल में उपचाराधीन रोहिड़ांवाली निवासी चमकीला पुत्र विसाखा राम व ग्रंथी रणजीत मोटरसाइकिल पर सवार होकर डीजल लेने पास ही के पैट्रोल पंप पर जा रहे थे। मम्मड़ माइनर के पास पिक अप ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया। चमकीला के सिर व गं्रथी के पैर पर चोटें आई हैं।

Friday, 7 February 2014

कार ने कुचला, बच्चे की मौत

मृतक की दो बहने व दादी घायल

सिरसा। ऑटो मार्केट में आज दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने एक ही परिवार के चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई जबकि एक महिला व दो बच्चियां गंभीर रुप से घायल हो गई। हादसे के बाद कार चालक घायलों को सामान्य अस्पताल ले गया लेकिन वहां से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 
जानकारी के अनुसार आज दोपहर करीब एक बजे एक तेज रफ्तार कार ने आटो मार्केट में सब्जी की रेहड़ी से सब्जी खरीद रहे एक ही परिवार के चार सदस्यों को कुचल दिया। हादसे में ऑटो मार्केट में झुग्गी झोपड़ी में रहने वाली 60 वर्षीय रत्नो देवी, उसके पौत्र अबोश (6) पुत्र बलराम, पौत्री विजेता पुत्री बलराम व रीता को कुचल दिया। हादसे में अबोश की मौत हो गई जबकि दोनों बच्चियां व रत्नो देवी घायल हो गए। कार चालक ने घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया लेकिन वहां से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर ऑटो मार्केट में रहने वाले दर्जनों झुग्गी झोपड़ीवासी अस्पताल में पहुंचे। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कार में दो लोग सवार थे और कार ऑटो मार्केट की ओर से तेज गति से आ रही थी। हादसे में सब्जी रेहड़ी चालक बाल बाल बच गया जबकि उसकी सब्जियां बिखर गई।

करीवाला में किसान की हत्या

सिरसा। गांव करीवाला में एक युवा किसान की हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। युवक का शव आज खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव करीवाला निवासी 25 वर्षीय कर्ण पुत्र महेन्द्र गत रात्रि खेत गया था। आज सुबह जब वह घर वापिस नहीं लौटा तो परिजनों ने छानबीन की। उसका शव खेत में पड़ा मिला। शव पर तेजधार हथियार से चोटें मारे जाने के निशान थे। परिजनों का आरोप है कि कर्ण की हत्या की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विरोध के बीच यात्रा सम्पन्न
निर्धारित समय से पूर्व हुआ समापन, नहीं जुड़े आम लोग

सिरसा। सांसद अशोक तंवर द्वारा शुरू की गई जय सिरसा लोकसभा यात्रा का आज विरोध के बीच समापन हो गया। लोगों का विरोध और मौसम की मार की वजह से निर्धारित समय से पूर्व ही यात्रा गंतव्य भगत सिंह चौक तक पहुंच गई।
आज सुबह तंवर के नेतृत्व में जय सिरसा लोकसभा यात्रा चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय से शुरू हुई। यहां सीडीएलयू के विद्यार्थियों ने यात्रा का विरोध किया और तंवर व हुड्डा विरोधी नारे लगाए। विरोध के बीच आज यात्रा के अंतिम पड़ाव का शुभारंभ हुआ और अंत भी विरोध के बीच ही करना पड़ा। विरोध कर रहे छात्रों का कहना था कि सांसद ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया है जिसका वे विरोध जता रहे हैं। यात्रा बरनाला रोड पर पहुंची तो यहां औद्योगिक सुरक्षा बल के बर्खास्त जवानों, कंप्यूटर व लैब सहायकों ने यात्रा का काले झंडे दिखाएं। कुछ लोगों ने यात्रा के शामिल नेताओं को अभद्र इशारे भी किए। बाजारों से होते हुए यात्रा जब अपने समापन की ओर बढ़ रही थी तो दुकानदारों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। शिव चौक पर लोगों ने दुकानें बंद कर सांसद को काले झंडे दिखाए और विरोधी नारेबाजी की।
यात्रा के दौरान सांसद अशोक तंवर ने कहा कि सांसद के तौर पर उनका हमेशा प्रयास रहा कि सिरसा के लोगों को स्वच्छ वातावरण मिले तथा युवाओं के अच्छे भविष्य की नींव पड़े। ताकि आगे चलकर उनकी ऊर्जा देश की मजबूती व उन्नति में लग सके। कांग्रेस सांसद ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि जीवन में तरक्की के लिए शिक्षा सबसे जरुरत है। केंद्र व राज्य सरकार ने यूनिवर्सिटी के विकास के लिए 100 करोड़ रुपए का बजट व अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाईं।
इस अवसर पर हरियाणा कांग्रेस प्रवक्ता होशियारी लाल शर्मा, जिला कांग्रेस प्रधान मलकीयत सिंह खोसा, युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष संजय छौक्कर, भूपेश मेहता, नवीन केडिया, महिला कांग्रेस प्रधान रीना बिरट सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

लापता वृद्ध का नहर में मिला शव

सिरसा। कागदाना नहर में आज एक वृद्ध का शव मिला। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और सामान्य अस्पताल पहुंचाया। शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया गया है। 
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह कागदाना के निकट से गुजर रही नहर में एक वृद्ध का शव बहता दिखाई दिया। आस-पास के किसानों ने नहर में शव की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान छोटू राम (60) पुत्र साधू सिंह निवासी बीघड़ रोड, फतहाबाद के रूप में हुई। मामले बाबत परिजनों को सूचित कर पुलिस ने शव सिरसा के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने बताया कि साधू सिंह विगत दो दिनों से लापता था। उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में मरग दर्ज कर ली है।

Thursday, 6 February 2014

पत्नी की गला घोंटकर हत्या

आरोपी पति ने डिंग थाना में किया सरेंडर
सास-ससुर व पति के खिलाफ मामला दर्ज

सिरसा। गांव रसूलपुर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। गत सायं हुई इस वारदात की सूचना मृतका के मायके वालों को आज सुबह लगी। बताया जा रहा है कि ससुरालजन मृतका का अंतिम संस्कार कर मामले का पटाक्षेप होने से बचा रहे थे। मायके पक्ष ने पहुंचकर संदेह जताया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि गला दबाकर हत्या की गई है। इसके बाद आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूलते हुए पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव उसके मायके वालों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर सास-ससुर व पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव झोरडऩाली निवासी रामचन्द्र की पुत्री वीना की शादी वर्ष 2001 में गांव रसूलपुर निवासी मंजीत पुत्र अशोक कुमार के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि अशोक नशे का आदी है और इसी के चलते दोनों में विवाद रहता था।  आज सुबह वीना के मायके वालों को उसकी मौत की सूचना मिली। वे रसूलपुर पहुंचे। शव के अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रहीं थीं। इसी दौरान वीना के गले पर चोट के निशान देख उसके भाई चन्द्रप्रकाश को संदेह हुआ। उसने अंतिम संस्कार से मना कर दिया और डिंग थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि वीना की गला दबाकर हत्या की गई है। इसी बीच मृतका के पति मंजीत सिंह ने डिंग थाना में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया और वीना की हत्या किए जाने की बात कबूल ली। डिंग थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर मंजीत, उसके पिता अशोक कुमार व मां वीरो बाई के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया।

सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौत

सिरसा। गांव चक्का के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सामान्य अस्पताल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। 
जानकारी के अनुसार गांव धोतड़ निवासी नत्थूराम पुत्र साहब राम सुबह मोटरसाइकिल पर सवार होकर चक्का जा रहा था। रास्ते में मोटरसाइकिल के आगे कुत्ता आ गया। मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया। हादसे में नत्थू राम की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर रानियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

सरकार के खिलाफ जारी रहे धरने-प्रदर्शन

सिरसा। रोडवेज वर्कर्स यूनियन के सदस्यों ने विभिन्न मांगों को लेकर आज बस अड्डा परिसर में धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सभी जिलों में दस से चार बजे तक धरना दिया गया। बस अड्डा परिसर में धरने पर बैठे कर्मचार नेता मदन लाल खोथ, प्रेम शर्मा, भूपसिंह, पृथ्वी चौहान, दिलबाग सिंह, शिवकुमार, सुरेश कुमार, जरनैल सिंह, राजकुमार, भीम सिंह, सुरजीत अरोड़ा आदि ने धरना देकर सरकार द्वारा दिए जा रहे प्राइवेट परमिटों का विरोध जताया। उन्होंने बताया कि रोडवेज के बेड़े में दस हजार बसें डालने व 3519 प्राइवेट परमिट रद्द करने की मांग को लेकर आज प्रदेश भर में धरना दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी जिलों में सुबह दस से शाम चार बजे तक धरना दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कंप्यूटर शिक्षकों ने आज बकाया वेतन देने तथा बर्खास्त औद्योगिक सुरक्षा कर्मियों ने नौकरी बहाली की मांग को लेकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। लघु सचिवालय में धरने पर बैठे कंप्यूटर शिक्षकों ने बताया कि उन्हें पिछले 22 माह से वेतन नहीं मिल रहा। उन्होंने डीसी रेट लागू करने की मांग भी उठाई है। बर्खास्त औद्योगिक सुरक्षा कर्र्मियों का धरना भी लघु सचिवालय में जारी रहा। बर्खास्म कर्मियों का कहना है कि जब तक उन्हे नौकरी पर बहाल नही किया जाता तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि सांसद अशोक तंवर की जय सिरसा लोकसभा यात्रा का सिरसा में विरोध किया जाएगा। उधर सीडीएलयू में भी गैर शिक्षक कर्मचारी हड़ताल पर रहे और लाइब्रेरी के समक्ष पर धरने पर बैठे रहे। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण विश्वविद्यालय में कामकाज प्रभावित रहा।
हरियाणा बिजली कर्मचारी तालमेल कमेटी के आहवान पर बरनाला रोड़ स्थित बिजलीघर प्रांगण में दूसरे दिन भी रोष सभा की गई। जिसकी अध्यक्षता तालमेल कमेटी के सब यूनिट प्रधान भगवान दास व शिव कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से की ।रोष सभा में राय साहब, करणी सिंह, जीत सिंह, देवेन्द्र सिंह, के. के. मोंगा, सुरेश मंगल, राजेन्द्र भण्डारी, दुर्गा सिंह, सुभाष चन्द्र, हवा सिंह, औम प्रकाश सामा, अशोक गाबा, विवेक जेटली, मदन लाल भी उपस्थित रहे। जिसमे करनाल के यूनिट सचिव उमेद सिंह को निगम प्रशासन अधिक्षक अभियन्ता करनाल व मुख्य अभियन्ता ने दिनांक 21 से 23 जनवरी की सफ ल राज्यव्यापी हडताल की आड में 15 दिन बाद सस्पैन्ड कर दिया गया । जिसके विरोध में अधिक्षक अभियन्ता करनाल व मुख्य अभियन्ता के खिलाफ  नारे-बाजी कर बिजली कर्मचारियों ने अपना रोष जताया।

सरपंच ने हड़पी पंचायती राशि
आरटीआई से मिली सूचना में हुआ खुलासा

सिरसा। गांव नेजाडेला कलां की सरपंच बिमला रानी पर पंचायती दुकानों की किराया राशि हड़प करने का मामला सामने आया है। आरटीआई के माध्यम से यह खुलासा हुआ और आरटीआई कार्यकर्ता सुरेन्द्र ङ्क्षसह पुत्र हरबंस सिंह निवासी महावीर कॉलोनी, हिसार रोड ने उपायुक्त व मुख्यमंत्री को शिकायत पत्र खिलकर सरपंच के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। सुरेन्द्र सिंह ने ग्राम पंचायत नेजाडेला कलां से पंचायती दुकानों सहित कई अन्य जानकारियां आरटीआई के माध्यम से मांगी। ग्राम पंचायत से पूछा गया था कि जनवरी 2008 से लेकर सितंबर 2013 तक पंचायत की 6 दुकानों का कितना किराया लिया गया है? ग्राम पंचायत द्वारा जवाब दिया गया कि उक्त दुकानों का किराया नहीं दिया जा रहा पंचायत को। आरटीआई कार्यकर्ता सुरेन्द्र ने उपायुक्त व मुख्यमंत्री को लिखे शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि उक्त पंचायती दुकानों का किराया गांव की सरपंच बिमला रानी खुद अन्य पंचायती सदस्यों की सहायता से हड़प कर रही हैं। किराया राशि का उपयोग निजी कार्यों में किया जा रहा है न कि गांव के विकास कार्यों में। ऐसे में सरपंच के खिलाफ कार्रवाही की जाए।

कटे कनैक्शनों के विरोध में किसानों का प्रदर्शन


कालांवाली। (गुर्जर) ओढां क्षेत्र के गांव नुहियांवाली में आज खेतों में मोटरों के कनेक्शन काटे जाने को लेकर किसानों ने विभाग के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। सूचना मिलने के बाद ओढां थाना प्रभारी राजाराम मौके पर पहुंचे और विद्युत निगम के एसडीओ से बातचीत कर शीघ्र समस्या हल करवाने का आश्वासन दिया। रोष व्यक्त कर रहे किसान बलविन्द्र यादव, महावीर कूकणा आदि ने बताया कि किसानों को तीन फीडर बनाकर आठ-आठ घंटे के हिसाब से सिंचाई हेतु विद्युत आपूर्ति दी जाती है। उन्होंने बताया कि उनका रकबा तीन नंबर फीडर के नीचे पड़ता है, जिसके नीचे तकरीबन 300 मोटरों के कनेक्शन हैं, जिनमें से विभाग द्वारा तकरीबन 150 मोटरों के कनेक्शन काटकर एक नंबर फीडर में जोड़ दिए गए, जिस कारण तीन नंबर फीडर के रकबा क्षेत्र में पडऩे वाले खेतों में फसलों को पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस समस्य से जूझते हुए उन्हें एक सप्ताह हो गया है। जबकि पूछे जाने पर जेई बलजीत पंजुआना के बिजली घर में बड़ी मशीन खराब होने की बात कहकर टरका देता है। किसानों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस समय नहरों की बंदी के चलते नलकूपों का सहारा लेना पड़ रहा है, कनेक्शन काटे जाने के कारण उन्हें आठ घंटे के हिसाब से मिलने वाली विद्युत आपूर्ति से पिछले एक सप्ताह से वंचित रहना पड़ रहा है। उनकी फसल खराब होने लगी है।

Wednesday, 5 February 2014

पिपली हत्याकांड में दोषी को सात साल कैद

सिरसा। बहुचर्चित पिपली चौहरे हत्याकांड में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरपी गोयल की अदालत ने आज दोषी को सात साल कारावास व एक लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाकर दंडित किया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था, लेकिन ठोस सबूतों के अभाव में तीन आरोपियों को अदालत ने बरी कर दिया।
ज्ञातव्य हो कि थाना कालांवाली क्षेत्र के गांव पिपली में 30 सितंबर 2010 की रात यशपाल सिंह, दर्शन सिंह, हरदीप सिंह उर्फ निक्का और उनकी मां हरदेव कौर आंगन में सोये थे। एक अक्तूबर की सुबह उक्त सभी अपनी-अपनी चारपाई पर मृत मिले। एक साथ पूरे परिवार की मौत की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतकों के चाचा सुरजीत सिंह पुत्र अजमेर सिंह निवासी पिपली के बयान दर्ज किए। बयान में सुरजीत सिंह ने बताया कि वे तीन भाई हैं। छोटे भाई सौदागर सिंह की दस साल पहले मौत हो चुकी है। सौदागर सिंह की पत्नी हरदेव कौर अपने तीन बेटों यशपाल, दर्शन व हरदीप सिंह के साथ गांव में रहती थी। यशपाल की पत्नी सुनीता पति से अनबन होने के कारण अपने मायके बठिंडा चली गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में देसूजोधा निवासी रणधीर सिंह उर्फ गोगी व बलविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उक्त आरोपियों ने खुलासा किया कि घटना के पांच दिन पूर्व गांव फूलो निवासी अमरजीत सिंह पिपली गया था। उस दिन सुरजीत सिंह के साथ अमरजीत सिंह, उग्र सिंह, रणधीर सिंह व जसकरण सिंह ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। इसके बाद 30 सितंबर की रात को अपनी-अपनी चारपाई पर सोये हुए यशपाल सिंह, दर्शन सिंह, हरदीप सिंह व हरदेव कौर की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मामले का निपटारा करते हुए न्यायधीश आरपी गोयल की अदालत ने हत्यारोपी रणधीर सिंह पुत्र गुरजंट सिंह को दोषी करार दिया, जबकि अन्य आरोपियों को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया।

सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवकों की मौत

सिरसा। गांव पतली डाबर के पास आज सुबह सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर डिंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
मिली जानकारी के मुताबिक ढाणी माजरा निवासी परमिंदर सिंह पुत्र रणजीत सिंह व ढाणी चानन निवासी सुनील पुत्र काशी राम फोटोग्राफर थे। दोनों आज सुबह मोटरसाइकिल पर सवार होकर ढाणी फग्गू वाली में एक समारोह में फोटोग्राफी करने जा रहे थे। गांव पतली डाबर के पास अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में परमिंदर व सुनील बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सामान्य अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।  बताया गया है कि मृतक सुनील की छह माह पूर्व ही शादी हुई थी जबकि परमिंदर 2 बच्चों का पिता था। डिंग थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।

प्रेमी जोड़ा फरार

सिरसा। गांव खुईयां नेपालपुर से एक प्रेमी जोड़ा गत रात्रि फरार हो गया। पुलिस ने युवती के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर प्रेमी जोड़े की तलाश शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार गत रात्रि गांव खुईयां नेपालपुर से एक प्रेमी जोड़ा फरार हो गया। बताया जा रहा है कि युवक-युवती के परिजनों की ओर से दोनों की शादी पर सहमति नहीं जताई जा रही थी जबकि युवक-युवती शादी करना चाहते थे। परिजनों द्वारा शादी की अनुमति नही मिलने पर गत रात्रि दोनों घर से फरार हो गए। युवती के परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस में दी है जिसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

धरने-प्रदर्शनों के नाम रहा आज का दिन 


सिरसा। आज का दिन धरने-प्रदर्शनों के नाम रहा। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में गैर शिक्षकों, बर्खास्त औद्योगिक सुरक्षा कर्मियों, बिजली कर्मी व अनुबंधित कंप्यूटर शिक्षकों ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में बुधवार गैर शिक्षक कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर लाइब्रेरी के समक्ष धरना देकर प्रदर्शन किया। कर्मचारी संघ के प्रधान महेंद्र बैनीवाल ने कहा कि सीडीएलयू में कर्मचारियों की भर्ती न होने के कारण काम का बोझ बहुत ज्यादा है जिस कारण कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से मांग उठा रहे हैं लेकिन सीडीएलयू प्रशासन द्वारा भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि ठेकेदारी प्रथा को दिए जा रहे बढ़ावे के खिलाफ भी उनका संघर्ष जारी रहेगा।
धरने पर बैठे कंप्यूटर शिक्षक:अनुबंधित कंप्यूटर शिक्षक वेतन की मांग को लेकर बुधवार को लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे। कंप्यूटर शिक्षकों ने बताया कि उन्हें 22 माह से वेतन नहीं मिला है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि उनको ठेकेदार के अंर्तगत न रखकर विभाग के अंर्तगत रखा जाए।
बिजली कर्मी गरजे:बिजली कर्मियों ने भी आज लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बिजली कर्मी 33 केवी सब स्टेशन के गेट पर एकत्रित हुए और विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी की। कर्मचारी नेता राजमंदिर, विजयपाल जाखड़, अविनाश कंबोज, मनी राम आदि ने बताया कि वे यूनियन के बैनर तले लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं लेकिन सरकार की और से उन्हे आश्वासन ही मिल रहे हैं।
बर्खास्त औद्योगिक सुरक्षा जवानों का अनशन जारी:नौकरी बहाली की मांग को लेकर बर्खास्त औद्योगिक सुरक्षा कर्मियों का अनशन बुधवार को भी जारी रहा। लघु सचिवालय के समक्ष अनशन पर बैठे जवानों का कहना है कि जब तक सरकार द्वारा उनकी नौकरी बहाल नहीं की जाती तब तक उनका अनशन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वे आगामी लोकसभा चुनावों में सरकार की खिलाफत करेंगे जिसके लिए प्रदेश स्तर पर रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने उन्हें नौकरी से निकाल कर बेरोजगार कर दिया है। सरकार साढ़े तीन हजार परिवारों को भूख मरने के लिए विवश कर रही है। उन्होंने कहा कि सिरसा के सांसद अशोक तंवर की जय सिरसा लोकसभा यात्रा का सिरसा में काले झंडे दिखाकर कर विरोध किया जाएगा। बाद में उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

Tuesday, 4 February 2014

अरुणा चड्ढा को नहीं मिली राहत, अगली सुनवाई गुरुवार को

दिल्ली। गीतिका सुसाइड केस में आरोपी अरुणा चड्ढा को आज भी कोर्ट से राहत नहीं मिली। न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई गुरुवार तक के लिए टाल दी है। अरुणा चड्ढा द्वारा जमानत के लिए याचिका लगाई गई थी। आज याचिका पर सुनवाई हुई। चड्ढा के वकील ने अपना जवाब दायर किया। इसके बाद न्यायालय ने मामले की आगामी सुनवाई गुरुवार तक के लिए टाल दी। ज्ञातव्य हो कि गीतिका सुसाइड मामले में मुख्य आरोपी सिरसा के विधायक गोपाल कांडा व सह आरोपी अरुणा चड्ढा करीब डेढ़ वर्ष से तिहाड़ में बंद हैं।

आंखों मे मिर्च झोंक छीने 45 हजार

सिरसा। गांव कालूआना में आज सुबह दो युवकों ने डेयरी संचालक की आंखों में मिर्ची पाऊडर डालकर 45 हजार रुपये की नकदी छीन ली। पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपियों की तालाश शुरू कर दी है। गांव कालूआना निवासी भूप सिंह पुत्र भागीरथ दूध की डायरी चलाती है। आज सुबह वह बाइक पर सवार होकर गांव की ओर जा रहा था। उसने बताया कि मम्मड़ रोड पर रास्ते में दो युवक ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। वह सड़क पर गिर गया। दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट की व जेब में रखी 45 हजार रुपये की नकदी छीन ली और फरार हो गए। जानकारी मिलने के बाद सरपंच जगदेव सहारण तथा गोरीवाला पुलिस मौके पर पहुंची। सदर थाना पुलिस के कार्यकारी प्रभारी आत्मा राम ने बताया कि डेयरी संचालक भूपसिंह की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज जांच शुरु कर दी है।

बीएसएनएल केबल कटी, सैंकड़ों फोन डैड
इंटरनेट व्यवस्था भी ठप्प

सिरसा। रानियां रोड पर पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई जा रही लाईन बीएसएनएल के लिए सिरदर्द बन गई है। लाईन डालते समय बीएसएनएल की केबल कट गई जिसके चलते सैकड़ों फोन बंद हो गए और इंटरनेट व्यवस्था भी ठप्प हो गई।
जानकारी के अनुसार रानियां रोड पर सुखीजा पेट्रोल पंप के निकट जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा पेयजल आपूर्ति की लाईन बिछाई डालने का कार्य शुरू किया गया है। आज सुबह जेसीबी मशीन द्वारा खुदाई कार्य शुरू किया गया। खुदाई के दौरान भूमिगत डाली गई बीएसएनएल की केबल कट गई। केबल कटने से क्षेत्र के अधिकतर टेलीफोन कनैक्शन कट गए और इंटरनेट व्यवस्था भी ठप्प हो गई। सूचना मिलने के बाद बीएसएसएन के एसडीओ प्रमोद गोदारा, अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कनेक्शनों को जोडऩे के लिए करीब 20 दिन लग जाएंगे। बीएसएनएल अधिकारियों का कहना है कि जनस्वास्थ्य विभाग ने खुदाई से पूर्व उन्हें सूचना नहीं दी। इससे पूर्व भी केबल कटने के कई मामले हो चुके हैं और इस एवज में बीएसएनएल ने 18 लाख रुपये की राशि विभिन्न विभागों से लेनी है।

घी चोर धरीं, जेल भेजा

सिरसा। रोड़ी बाजार स्थित एक घी के गोदाम से चोरी करते हुए पुलिस ने पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। महिलाओं को आज अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार रोड़ी बाजार स्थित बोर्डिंग वाली गली में भारत भूषण पुत्र गंगाधर का घी का गोदाम है। आज सुबह बठिंडा निवासी वीना, रीटा, सर्वजीत, संतोष तथा महक नामक महिलाएं गोदाम पर आईं और मोल भाव करने लगीं। इसी दौरान पांचों ने दो-दो किलो घी के पैकेट चोरी किए और फरार होने लगीं। संदेह होने पर संचालक ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को काबू किया। तलाशी में उनके पास से घी के डिब्बे बरामद हुए।

सांसद की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट नेत्री ने छोड़ी कांग्रेस

प्रेसवार्ता मं की घोषणा, सैकड़ों समर्थकों ने भी कहा कांग्रेस को अलविदा
सिरसा। जब से हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से अनुसूचित जाति वर्ग ए की अनदेखी हुई है, यहां तक कि महिलाओं को भी सम्मान नहीं मिला। अगर ऐसे ही चलता रहा, तो आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार तय है। यह बात आज कांग्रेस नेत्री एडवोकेट संजू बाला ने उनके निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। कांग्रेस नेत्री ने कहा कि वे एक लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ी हुई है और पार्टी के लिए तन-मन से कार्य करती रही है। आज कांग्रेस में अनुसूचित जाति वर्ग ए की अनदेखी हो रही है और दलितों पर जितने भी अत्याचार हुए है कांग्रेस राज में हुए है और जाति विशेष के लोगों ने आपस में दलितों पर हो रहे इन अत्याचारों को लेकर बयानबाजी कर उनका मजाक उड़ा रहे है, जबकि ये दलित नेता दलितों से कोसो दूर है। हाईकमान तक कई बार गुहार लगाने के बावजूद कोई सुनवाई न होने पर कांग्रेस पार्टी छोडऩे पर मजबूर होना पड़ा है। वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि सिरसा से सांसद डॉ. अशोक तंवर ने जातिवाद को बढ़ावा दिया है, जिसका प्रमाण पिछले दिनों रीना बिरट को जिलाध्यक्ष बनाकर उन्होंने दिया। अगर सांसद तंवर ने कभी भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान दिया होता, तो शायद उन्हें अपनी विजय रथ यात्रा का भी आयोजन न करना पड़ा।  मुख्यमंत्री को भी आडे हाथों को लेते हुए कांग्रेस नेत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवाद व जातिवाद को बढ़ावा दिया और स्वयं कहा था कि मैं तो जाटों का नेता बनकर आया हूं दिल्ली में, जोकि एक मुख्यमंत्री के लिए अशोभनीय बात है, क्योंकि आज केवल रोहतक का विकास हो रहा है, नौकरियां भी मिल रही है तो केवल रोहतक के लोगों को व जाटों को। इसी के चलते उपेक्षा की शिकार हुई अनुसूचित वर्ग ए के सैंकड़ों स्त्री व पुरूष ने मेरे साथ कांग्रेस छोड़ रही है, क्योंकि कांग्रेस में अनुसूचित जाति वर्ग ऐ को मान-सम्मान नहीं मिला।

Monday, 3 February 2014

सीएमके कालेज में लगी प्रदर्शनी

प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे मॉडल हुए पुरस्कृत

सिरसा। सीएमके नेशनल कालेज के सैमिनार हॉल में आज जनसंचार विभाग द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विभाग की अध्यक्षा श्रीमती दीपिका शर्मा के दिशानिर्देशन में लगी प्रदर्शनी में छात्राओं ने विषय से संबंधित विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें संचार, रिपोर्टिंग, विज्ञापन के प्रकार, आकाशवाणी हिसार, टीवी स्टूडियो, न्यू मीडिया व उत्तराखंड बाढ़ के मॉडल प्रमुख रहे।
कालेज की प्राचार्या श्रीमती विजया तोमर ने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी। प्रदर्शनी में बीएमसी प्रथम व द्वितीय वर्ष की छात्राओं श्वेता, आलीशा व रेखा का मॉडल प्रथम, रीतू, अमन व नीलम के उत्तराखंड बाढ़ पर बनाए गए मॉडल को द्वितीय स्थान मिला। सपना, सुमन, समेस्ता तथा पूजा, ज्योति व मोनिका के मॉडल संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
उधर इतिहास विभाग की ओर गांधी पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में 'राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की स्वतंत्रता आंदोलन में भूमिका' विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की सोनिया प्रथम, प्रथम वर्ष की संजोली द्वितीय व द्वितीय वर्ष की हरप्रीत तृतीय स्थान पर रही। विजेता प्रतिभागियों को प्राचार्या विजया तोमर द्वारा सम्मानित किया गया।

फैक्ट्री की छत से गिरे मजदूर की मौत

सिरसा। रामनगरिया स्थित गत्ता फैक्ट्री में छत से गिरने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक का शव आज सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस संदर्भ में मर्ग दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार गांव रामनगरिया का जय सिंह पुत्र रिछपाल गांव में ही स्थित गत्ता फैक्ट्री में मजदूरी करता था। गत दिवस वह किसी कार्य से फैक्ट्री की छत पर चढ़ा था। अचानक पैर फिसलने से जय सिंह नीचे आ गिरा। सिर में चोट लगने के कारण वह अचेत हो गया। तत्काल उसे सामान्य अस्पताल में पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आज प्रात: शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।

सीवरेज जाम की समस्या को लेकर प्रदर्शन

सिरसा। कालांवाली मंडी के वार्ड एक के लोगों ने आज सीवरेज जाम की समस्याओं को लेकर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों के समस्या के समाधान की मांग रखी।
वार्ड वासियों ने बताया कि उनकी गली में दो महीनों से सीवरेज बंद पड़े हैं। ओवरफ्लो के कारण गली में गंदा पानी भरा पड़ा है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभाग द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे। लोगों का कहना है कि इस बारे में विभाग को कई बार अवगत करवाया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग के कर्मचारी मोहल्ले में आते तो हैं परन्तु समस्या के समाधान के लिए कोई कार्य नहीं किया जाता। इस मौके पर बंसी राम, बलवंत सिंह, सुखदेव कुमार, नरेश कुमार, बिमला, मूर्ति देवी, विवो देवी, लिलो रानी व अन्य वार्डवासी मौजूद थे।

योजनाबद्ध तरीके से करवाए विकास कार्य : तंवर
सांसद की जय सिरसा लोकसभा यात्रा का ऐलनाबाद स्वागत

सिरसा। सांसद डा. अशोक तंवर ने कहा कि केंद्र की यूपीए तथा हरियाणा की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान सिरसा संसदीय क्षेत्र में सबसे अधिक विकास हुआ है। जिससे इलाके में एक सकारात्मक और प्रगतिशील माहौल बना। सांसद तंवर ने यह बात ऐलनाबाद शहर में सोमवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। डा. अशोक तंवर ने जय सिरसा लोकसभा यात्रा के दौरान आज एलनाबाद शहर में रोड शो निकाला, यह रोड शो शहर के मुख्य बाजारों से होता हुआ गुजरा। रोडशो के दौरान सांसद का जगह-जगह लोगों ने फूलमालाओं और बैंड-बाजे से स्वागत किया। डा. अशोक तंवर ने कहा कि यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह तथा मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में विकास की एक लहर चली है। सिरसा संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम हुआ है। सांसद के तौर पर आपने मेरी जो जिम्मेवारी लगाई थी, उस जिम्मेवारी पर मैंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा से खरा उतरने की कोशिश की है।

लोकराज सहायता केन्द्र का उद्घाटन

केन्द्र जनता व प्रशासनिक अधिकारियों के बीच करेगा सेतू का कार्य : दुष्यंत

सिरसा। राजनीति के साथ-साथ इनेलो ने सामाजिक गतिविधियों की ओर एक और कदम बढ़ाते हुए प्रशासनिक अधिकारियों और आम लोगों के बीच सेतू बनने का काम करेगा। इसी कड़ी में इनेलो  ने प्रदेश भर में जिला मुख्यालयों पर लोकराज सहायता केंद्र स्थापित करने का फैसला लिया है। इन लोकराज सहायता केंद्रों के माध्यम से लोगों की प्रशासनिक स्तर की रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान करवाया जाएगा। सिरसा में सोमवार को प्रदेश के पहले लोकराज सहायता केंद्र की शुरूआत लघुसचिवालय परिसर में हुई जिसका उद्घाटन युवा इनेलो के वरिष्ठ नेता दुष्यंत चौटाला ने किया। यह केंद्र हर सरकारी कार्यदिवस के दिन काम करेगा। इस केंद्र की स्थापना पूर्व उपप्रधानमंत्री स्व. चौधरी देवीलाल के लोकराज लोकलाज से चलता है की सोच को आगे बढ़ाते हुए की गई है। दुष्यंत चौटाला ने इसे जननायक स्व. चौधरी देवीलाल के शताब्दी वर्ष पर समर्पित किया।
दुष्यंत चौटाला ने उद्घाटन अवसर कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को आम लोगों की दुख तकलीफ से कोई लेना-देना नहीं है। सरकार की प्रशासन पर पकड़ नहीं है और प्रशासनिक अधिकारी बेलगाम हैं। आम लोगों के काम अधिकारी दरकिनार कर रहे हैं। इसके चलते जनसमस्याओं को लेकर हर व्यक्ति दर-दर की ठोकरें खाने पर मजबूर है। लोगों की पीड़ा को समझते हुए इनेलो ने लोगों की समस्याओं का समाधान करवाने के लिए लोकराज सहायता केंद्र खोलने का निर्णय लिया है।
इस सहायता केंद्र के माध्यम से किसी भी व्यक्ति को अपने राशनकार्ड बनवाने, आधार कार्ड, वोटर पहचान पत्र बनवाने, पेंशन बनवाने, डाइविंग लाईसेंस, बिल से संबंधित, बिजली पानी की व्यवस्था सुचारू करवाने व अन्य सरकारी स्तर की समस्याओं को हल करवाने में मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस लोकराज केंद्र पर पार्टी के लोग उपस्थित रहेंगे और वे लोगों की निशुल्क मदद करेंगे। उन्होंने बताया कि इस बारे में संबंधित व्यक्ति की समस्या का सारा रिकार्ड व संपर्क नंबर रखा जाएगा ताकि उसकी समस्या का समाधान न होने तक उससे संपर्क रखा जा सके। उन्होंने कहा कि इनेलो केवल राजनीति ही नहीं करती बल्कि सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेती है। इस अवसर पर जिला प्रधान पदम जैन, विधायक कृष्ण कंबोज, पूर्व मंत्री भागीराम, लीलाधर सैनी, कृष्णा फोगाट सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

जग्गा बने प्रधान

सिरसा। जनता भवन रोड स्थित नेहरू पार्क परिसर में गत दिवस सभी दुकानदारों द्वारा आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से राजेन्द्र जग्गा को प्रधान चुना गया। इस अवसर पर सभी दुकानदारों ने नवनियुक्त प्रधान को फूल-मालाएं पहनाई व लड्डू बांटे। राजेन्द्र जग्गा ने अपनी नियुक्ति पर सभी दुकानदार भाइयों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी गई है उसका वे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वाहन करेेेंगे तथा मार्किट के दुकानदारों के हकों के लिए जी-जान के साथ प्रयासरत रहेंगे। इस अवसर पर अमोलक राय, हरदेवी देवी, भगवान दास, सूरजभान, अमर ढालिया, महावीर गहलोत, अशोक कुमार आदि उपस्थित थे।

बीजेपी फैला रही साम्प्रदायिकता : केवी

सिरसा। अराजकता और साम्प्रदायिकता फैलाने वाली शक्तियां देश के लोकतंत्र के लिए घातक हैं इसलिए जनता इनको कभी मुंह नहीं लगाएगी। यह बात मुख्यमंत्री हरियाणा के विशेष कार्याधिकारी (मीडिया )डा के वी सिंह ने सोमवार को गुडिय़ाखेड़ा गांव में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही। वे जनसभा के माध्यम से गांव के लोगों को 16 फरवरी को डबवाली में होने वाली रेलपुल रैली में पहुंचने के लिए आमंत्रित कर रहे थे। उन्होंने आज गुडिय़ाखेड़ा सहित बरासरी, जोड़किया, रामपुरा ढिल्लो, गुसाइयानां, खेड़ी, राजपुरा  साहनी, रामपुर, रूपावास, निरबाण, रंधावा, खैरेकां, बनसुधार, चामल, झोरडऩाली सहित 15 गांवो से अधिक का दौरा किया। डा सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश में धार्मिक उन्माद और साम्प्रदायिकता फैलाने का कार्य कर रही है जो देश की एकता व अखण्डता के लिए तो खतरा है ही, लोकतंत्र के लिए भी खतरनाक हैं।

भाजपा ने शुरू किया चाय चौपाल कार्यक्रम

सिरसा। भाजपा नगर मंडल सिरसा द्वारा सदर बाजार में चाय चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता एमपी बिदलान के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मंडल अध्यक्ष सतपाल मेहता ने की। पूर्व मंत्री प्रो. गणेशी लाल कार्यक्रम में मुख्यातिथि थे। कार्यकर्ताओं ने बाजार में नमो टी स्टाल की स्थापना की और देश के भावी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश भर में लोगों को एकजुट करने तथा राजनैतिक जागरूकता लाने के अभियान की प्रशंसा करते हुए मोदी के समर्थन में गीत व कविताएं प्रस्तुत की। स्वयं एमपी बिदलान ने काव्य पाठ किया, जिसमें उन्होंने नरेंद्र मोदी को भारत मां का सच्चा सपूत बताया। जगत मेहता व सुरेश पंवार ने भी गीत प्रस्तुत किए। प्रो. गणेशी लाल ने स्वयं आने जाने वाले लोगों को नमो टी स्टाल की चाय पेश की और भाजपा के समर्थन में चल रहे देश व्यापी अभियान में शामिल होने का आह्वान किया।

Sunday, 2 February 2014

बेखौफ लुटेरे, बेहाल स्वर्णकार, बेबस पुलिस



एक माह में स्वर्णकारों से लूट की हैट्रिक
डिंग में लुटेरों ने दिया वारदात को अंजाम
जमकर की फायरिंग

सिरसा। सिरसा में लूट की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही। लुटेरे के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे आराम से लूट की वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं और पुलिस प्रशासन बाद में लकीर पीटता रह जाता है। पिछले एक माह में स्वर्णकारों को लुटेरों ने विशेष रूप से अपना निशाना बनाया है। चार वारदातों में से तीन स्वर्णकारों के साथ हुईं और एक मोबाइल विके्रता से।
गत रात्रि लुटेरों ने गांव डिंग में लूट की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे पहले स्वर्णकार रतनलाल के घर में घुसे। यहां रतन व उसकी पत्नी रामरती के साथ मारपीट की। घर का दरवाजा तोड़ा और अलमारी में रखी नकदी उठा ली। इसके बाद लुटेरों ने रतन लाल से सामने स्थित उनकी दुकान की चाबी मांगी। आनाकानी करने पर लुटेरों ने धड़ाधड़ फायर किए। घबराकर रतन लाल ने दुकान की चाबी लुटेरों को दे दी।
                दुकान के साथ घर में रतन लाल का बेटा मुकेश सोनी रहता है। परिजनों ने फोन पर उसे सूचित किया और बताया कि घर में लूट हुई है। लुटेरे दुकान में सामान समेटने में लगे हुए हैं। मुकेश भी दुकान में पहुंच गया और उसने लकड़ी के डंडे से लुटेरों पर वार किया। इसी बीच लुटेरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। करीब 10 से 15 राउंड फायर हुए। एक गोली मुकेश की जांघ में जा लगी और छर्रे उसके शरीर के अन्य भागों पर लगे। लुटेरों की मारपीट व फायरिंग से मुकेश सोनी, उसका पिता रतन लाल व मां रामरती घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। जानकारी मिलने के बाद डीएसपी किशोरी लाल, सीआईए प्रभारी अरुण बिश्रोई व डिंग थाना प्रभारी दलबल सहित मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए।
पीडि़त ने बयां किया दर्द
घायल मुकेश सोनी ने बताया कि लुटेरे घर में रखी अढ़ाई लाख रुपये की नकदी व दुकान में रखे 20 तोले के स्वर्ण आभूषण तथा 5 किलो चांदी उठाकर ले गए हैं।
जल्द गिरफ्त में होंगे लुटेरे : डीएसपी
डीएसपी किशोरी लाल ने बताया कि लुटेरों की संख्या 4-5 थी। उन्होंने रतन लाल स्वर्णकार के यहां वारदात को अंजाम दिया। डीएसपी ने बताया कि जांच के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। शीघ्र ही लुटेरों को काबू कर लिया जाएगा।
दशहत में स्वर्णकार
सिरसा में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। पिछले एक माह में के भीतर लूट की यह चौथी बड़ी वारदात है। इससे पहले एक मोबाइल शॉप संचालक से व दो स्वर्णकारों से लूट हो चुकी है। डिंग मंडी में भी स्वर्णकार के साथ ही लूट हुई है। लुटेरे एक के बाद एक लगातार स्वर्णकारों को निशाना बना रहे हैं। इस वारदातों के कारण स्वर्णकारों दहशत में हैं। शहर में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति खासा रोष देखा जा रहा है।
बढ़ती घटनाओं पर स्वर्णकारों ने जताई चिंता
सिरसा स्वर्णकार संघ के पदाधिकारियों की एक बैठक प्रधान राज कुमार सोनी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें सिरसा में स्वर्णकारों के साथ बढ़ती लूटपाट की घटनाओं पर चिंता जताई गई तथा पुलिस प्रशासन की नाकामी की घोर निंदा की। बैठक को संबोधित करते प्रधान राजकुमार सोनी ने कहा कि सिरसा में स्वर्णकार समाज के लोगों के साथ आए दिन लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं तथा पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

Saturday, 1 February 2014

सीबीआई की याचिकाएं स्वीकार

हत्या तथा बलात्कार के मामलों में हुई सुनवाई
हत्यारोपी को नहीं मिली जमानत
डेरा मुखी की आगामी पेशी 11 को

सिरसा। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह ने आज सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष हाजिरी लगाई। आज गुरमीत सिंह पर चल रहे हत्या तथा बलात्कार के तीनों मामलों में सुनवाई हुई। तीनों मामलों में आगामी कार्रवाई के लिए 11 फरवरी की तारीख मुकर्रर की गई है।
आज सुबह 10 बजे गुरमीत सिंह ने सिरसा न्यायालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सीबीआई की पंचकूला स्थित विशेष अदालत के समक्ष हाजिरी लगाई। अदालत में सर्वप्रथम पत्रकार छत्रपति हत्याकांड में सुनवाई हुई। इस मामले में आरोपी कुलदीप सिंह की जमानत याचिका पर बहस हुई। बहस के बाद अदालत ने सीबीआई की दलीलों को सुनते हुए जमानत याचिका खारिज कर दी। इसी मामले में एफएसएल जांच करने वाली विशेषज्ञ आशा श्रीवास्तव के बयानों के लिए भी मंजूरी मिली। ज्ञातव्य हो कि आशा श्रीवास्तव ने पुलिस के तत्कालीन सब इंस्पेक्टर रामचन्द्र का पोलिग्राफ टेस्ट किया था। उल्लेखनीय है कि एसआई रामचन्द्र ने रोहतक पीजीआई में छत्रपति के उपचार के दौरान बयान दर्ज किए थे। छत्रपति ने अपने बयानों में डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को खुद पर हुए हमले के लिए दोषी ठहराया था जबकि एसआई ने बयानों में यह बात नहीं लिखी। इसी के चलते वादी पक्ष द्वारा एसआई के पोलीग्राफ टेस्ट की मांग की थी। पोलीग्राफ टेस्ट हुआ। अब इस मामले में सीबीआई पोलीग्राफ टेस्ट करने वाली जांच विशेषज्ञ आशा श्रीवास्तव को गवाह बनाना चाहती है। अदालत में इस संबंध में याचिका लगाई गई थी। याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने गवाह को बुलाने की मंजूरी प्रदान कर दी।
उधर रणजीत हत्याकांड में खट्टा सिंह के बयान दर्ज करने वाले जांच अधिकारी डा. अरमानदीप सिंह को दोबारा गवाही के लिए बुलाए जाने की मंजूरी भी न्यायालय ने दी। अब डा. अरमानदीप सिंह को पुन: गवाही के लिए सम्मन भेजे गए हैं।
करीब दो घंटे की कार्रवाई के बाद न्यायालय ने आगामी कार्रवाई के लिए 11 फरवरी की तारीख निर्धारित कर दी। अब तीनों मामलों में आगामी सुनवाई 11 फरवरी को होगी।

एक पढ़ाए अनेक के नारे को किया चरितार्थ

सीएमके कालेज की छात्राओं ने शिविर में दिया प्रशिक्षण

सिरसा। सीएमके महाविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के दौरान छात्राओं ने चार बच्चों को प्रशिक्षित किया। 'एक पढ़ाए अनेक' के नारे को चरितार्थ करते हुए छात्राओं द्वारा बच्चों व वयस्कों को शिक्षा प्रदान की जा रही है। इस दौरान उन्हें अक्षर ज्ञान, सामाजिक कुरीतियां, नैतिकता, साफ-सफाई, स्वस्थ जीवन जीने के तौर-तरीकों के बारे में जानकारी दी जा रही है। महाविद्यालय की प्राचार्या डा. विजया तोमर ने शिविर के दौरान प्रशिक्षण दे रही छात्राओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह छात्राएं इन गतिविधियों से समाज निर्माण में सहयोग कर रही हैं।

हरियाणा कम्बोज सभा की कार्यकारिणी गठित
कश्मीर जिलाध्यक्ष, विनोद बने महासचिव

सिरसा। हरियाणा कम्बोज सभा हरियाणा की जिला सिरसा की कार्यकारिणी का चुनाव सर्वसम्मति से प्रदेशाध्यक्ष सेठ गोपीचंद कम्बोज की अध्यक्षता में किया गया। जिला कार्यकारिणी में  सेठ गोपीचंद को सरंक्षक व देवराज एडवोकेट को उपसरंक्षक नियुक्त किया गया। कश्मीर चंद कम्बोज को जिलाध्यक्ष, विनोद कुमार एडवोकेट को महासचिव, हरभगवान कम्बोज को उपाध्यक्ष, रमेश चंद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, लाभचंद कम्बोज को कोषाध्यक्ष,  फौजा ङ्क्षसह को संगठन सचिव, सुखदेव कम्बोज को सहसचिव, ताराचंद कम्बोज को प्रैस सचिव, कृष्णलाल संधा को आडिटर, कश्मीर लाल को सचिव, हीरालाल व नानकचंद कम्बोज को कार्यकारिणी सदस्य व अमनदीप कम्बोज को कानूनी सलाहकार नियुक्त किया गया है।

नेत्रजांच शिविर में 190 की जांच

सिरसा। मानव सेवा में समर्पित श्री बाबा तारा चेरिटेबल अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर सिरसा एवं जिला अंधता निवारण सोसायटी द्वारा साप्ताहिक शनिवार को आंखों की जांच व आप्रेशन शिविर अस्पताल प्रांगण में लगाया गया।
        अस्पताल के प्रवक्ता गुरराजकरण सिंह ने बताया कि जयपुर के प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. बलराम जलन्धरा की सहयोगी टीम द्वारा आंखों की जांच की गई। इस शिविर में 190 नेत्र पीडि़तों की जांच की गई, जिनमें से 36 मोतियाबिंद से पीडि़त पाए गए। चयनित किए गए मरीजों के लैंस वाले आप्रेशन अस्पताल में नि:शुल्क किए जाएंगे।

चार दिवसीय श्याम महोत्सव 8 से

सिरसा। खाटू श्याम धाम सिरसा अपना छठा स्थापना महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मना रहा है। 8 फरवरी से आरंभ होने वाले इस महोत्सव की तैयारियां तेजी से शुरु की गई हैं। 4 दिन चलने वाले इस महोत्सव में महेंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता से लेकर बाबा की अलौकिक ज्योति, भंडारा प्रसाद वितरण समारोह तक अनेक रंग प्रस्तुत किए जाएंगे। श्री श्याम परिवार ट्रस्ट रानियां रोड द्वारा आयोजित होने वाले इस महोत्सव के प्रथम दिन 8 फरवरी को श्याम मंदिर प्रांगण में महिलाओं के लिए महेंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता होगी। इसके साथ-साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। यह आयोजन महिला मंडल श्री श्याम परिवार ट्रस्ट द्वारा होगा। 9 फरवरी को प्रात: 10 बजे नई अनाज मंडी से बाबा की विशाल 351 निशान के साथ शोभा यात्रा आंरभ होगी जो विभिन्न बाजारों से होते हुए रानियां रोड मंदिर प्रांगण में पहुंचेगी। शोभा यात्रा में गुजराती डांडिया, गरबा नृत्य, कोलकता के कारीगरों द्वारा निर्मित आकर्षक झांकियां, भव्य आतिशबाजी, ढोल नगाड़े व बैंड बाजे आकर्षण के केंद्र होंगे। शुक्ल एकादशी 10 फरवरी को मंदिर प्रांगण में श्री श्याम प्रभु को समर्पित भजनामृत वर्षा होगी।