BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Friday, 10 January 2014

कटों से परेशान ग्रामीणों ने जड़ा बिजलीघर को ताला

सिरसा। बिजली आपूर्ति बाधित होने का आरोप लगाते हुए गांव रसूलपुर के ग्रामीणों ने गत रात्रि बिजलीघर को ताला जड़ दिया। मौके पर जेई व डिंग पुलिस पहुंची और ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत किया। गांव रसूलपुर के ग्रामीणों ने गत रात्रि एकत्रित होकर थेहड़ी के बिजलीघर का घेराव किया। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर बिजली घर को ताला जड़ दिया। मामले की सूचना चौकीदार ने जेई को दी। जेई व डिंग थाना प्रभारी टीम सहित मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना था कि सरकार ने बिजलीघर के जमीन किसानों से ली थी। उन्हें आश्वस्त किया गया था कि बिजलीघर बनने के बाद उनके गांव को निर्बाध आपूर्ति की जाएगी। इसके बावजूद विगत काफी समय से रात के समय हर रोज बिजली कट लगाए जा रहे हैं। लंबे कटों से ग्रामीण परेशान हैं। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों को जेई व डिंग थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि आपूर्ति नियमित की जाएगी। जिसके बाद ग्रामीणों का बिजलीघर का ताला खोल दिया।

सड़क दुर्घटना में बैंक कर्मी की मौत
सिरसा। गांव उमेदपुरा के निकट हुई सड़क दुर्घटना में एक बैंककर्मी की मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव सामान्य अस्पताल पहुंचाया। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान के साहुवाली निवासी रोबिन पुत्र हंसराज मेहनाखेड़ा के पंजाब नेशनल बैंक में कार्यरत था। आज सुबह वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर बैंक आ रहा था। रास्ते में गांव उमेदपुरा के पास ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में मौके पर ही रोबिन की मौत हो गई। चालक ट्रक सहित फरार हो गया। राहगीरों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव सिरसा के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Thursday, 9 January 2014

हत्यारों को उम्रकैद

डेढ़-डेढ़ लाख का लगाया अर्थदंड

सिरसा। गांव बप्पां में मार्च 2011 में हुए सोनू हत्याकांड मामले में आज अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। दोषियों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। जुर्र्माना राशि मृतक के परिजनों को दी जाएगी।
मामले के अनुसार  गांव बप्पां निवासी कुलदीप सिंह का गांव के ही सूरजभान पुत्र रामचंद के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।  3 मार्च 2011 को ढाणी झालपुर निवासी संजीव उर्फ सोनू पुत्र हरनाम सिंह ने कुलदीप व सूरजभान के बीच समझौता करवाने का प्रयास किया लेकिन मामला ज्यादा बिगड़ गया। तैश में आए सूरजभान ने कुलदीप पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।  बीच-बचाव करते रॉड सोनू के सिर में जा लगी। सिर में गहरी चोट लगने के कारण संजीव उर्फ सोनू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना बड़ागुढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के चाचा भगवानदास की शिकायत पर देसराज पुत्र दिवानचंद, प्रमोद कुमार, भजनलाल पुत्र देसराज, सूरजभान पुत्र रामचंद तथा राजकुमार पुत्र बूटाराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। दो सालों से अधिक समय तक  कोर्ट में चले इस मामले का आज निपटारा करते हुए एडीजे आर.पी गोयल ने आरोपी सूरभान व प्रमोद कुमार को सोनू की हत्या करने का दोषी करार देते हुए दोनों को उम्रकैद व डेढ़-डेढ़ लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुना दी।

सड़क पर उतरे आम आदमी
बीज घोटाले व बिजली दरों को लेकर किया प्रदर्शन

सिरसा। आम आदमी पार्टी की सिरसा इकाई ने आज बीज घोटाले के आरोपियों की गिरफ्तारी और बिजली के रेट कम करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के सैंकड़ों कार्यकर्ता आज सुबह  टाउन पार्क में एकत्रित हुए। यहां से प्रदर्शन करते हुए विभिन्न बाजारों से होकर लघु सचिवालय पहुंचे।
आज सुबह टाऊन पार्क से आम आदमी पार्टी के बैनर तले सैंकड़ों लोग बाजार में प्रदर्शन करते हुए निकले। प्रदर्शनकारी विगत दिनों बीज निगम में हुए घोटाले के आरोपियों की गिरफ्तारी व बिजली के रेट कम करने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे आम आदमी पार्टी की राज्य इकाई के सदस्य प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने कहा कि बीज निगम में चल रहे घोटाले का पर्दाफाश उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर किया था। प्रशासन इस मामले में मुख्य आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहा है जोकि कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच स्वयं अतिरिक्त उपायुक्त ने की थी। हाईकोर्ट से आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो चुकी है। मामले को एक माह बीत जाने के बावजूद पुलिस मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही। उन्होंने मांग की कि शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। इसके अलावा बिजली की नाजायज दरें भी बर्दाश्त से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में गंभीरता से सोचना होगा और बिजली के रेट आधे से भी कम करने होंगे। इसके बाद प्रदर्शनकारी विभिन्न बाजारों से नारेबाजी करते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। यहां नगराधीश प्रेम कुमार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी पुलिस अधीक्षक सौरभ सिंह से मिले। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को बताया कि आज भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। शेष को शीघ्र ही काबू किया जाएगा। इस प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं को धर्मवीर, कर्मजीत गगनेजा, धर्मपाल लाट, प्रदीप सचदेवा, हाकम सिंह, पंकज कामरा, बब्बू कामरेड, जगत सिंह आदि ने सम्बोधित किया।
आरोपी मैनेजर आया गिरफ्त में
           इधर आम आदमी पार्टी प्रदर्शन कर रही थी, उधर पुलिस प्रशासन हरकत में था। पार्टी कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक से मिले तो उन्हें साथ की साथ जानकारी दे दी गई कि हरियाणा बीज विकास निगम सिरसा के मैनेजर तथा मामले के मुख्य आरोपी ओमपाल सिंह पंवार को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में चार आरोपियों डिंग के सेल्जमैन बंसीलाल, अबूबशहर के सेल्जमैन श्योरन सिंह,  एएमओ सिरसा दुलीचंद छापोला व उसके पुत्र पुष्पांक उर्फ चारू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में आईटीआई रोड स्थित गोदाम के मालिक की गिरफ्तारी अभी बाकी है। उल्लेखनीय है कि विगत 5 दिसंबर को इस मामले में अभियोग अंकित किया गया था।

दो उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार

सिरसा। जिला की डिंग थाना पुलिस ने एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी मोहर सिंह पुत्र बीरबल निवासी बुच्चाबास जिला चुरू राजस्थान के विरुद्ध 8 सितंबर 2011 को मादक पदार्थ अधिनियम के तहत थाना डिंग में अभियोग दर्ज हुआ था। आरोपी को इस मामले में 13 अक्तूबर 2012 को अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित करार दिया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना डिंग में भादंसं की धारा 174ए के तहत एक और अभियोग दर्ज किया गया है।
एक अन्य मामले में शहर थाना पुलिस ने उद्घोषित अपराधी सोमनाथ पुत्र ओमप्रकाश निवासी थेड़ मोहल्ला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध सात अगस्त 2009 को भादंसं की धारा 323, 324, 325, 452, 506 के तहत थाना शहर सिरसा में अभियोग अंकित किया गया था। आरोपी को इस मामले में अदालत द्वारा 6 दिसंबर 2013 को उद्घोषित करार किया गया। आरोपी के विरुद्ध अदालत के आदेश की अवहेलना करने के आरोप में भादंसं की धारा 174ए के तहत एक अभियोग और अंकित किया गया है।

Wednesday, 8 January 2014

बर्खास्त कर्मियों व डिप्लोमाधारकों ने किया प्रदर्शन

उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, सांसद आवास का किया घेराव

सिरसा। बर्खास्त औद्योगिक सुरक्षा कमेटी द्वारा आज सांसद आवास के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया गया। अपनी मांगों को लेकर बर्खास्त औद्योगिक सुरक्षा बल के कर्मचारी विगत काफी समय से आंदोलनरत हैं। कर्मियों का कहना है कि वे सांसद से लेकर मुख्यमंत्री तक अपनी बात रख चुके हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
ज्ञातव्य हो कि 2005 में औद्योगिक सुरक्षा बल को बर्खास्त किए जाने का फैसला सरकार द्वारा लिया गया था। इस कारण प्रदेश में कई लोग बेरोजगार हो गए। बर्खास्त कर्मचारियों ने अब औद्योगिक सुरक्षा बल को दोबारा बहाल करने की मांग की है। आज इस संबंध में बनी कमेटी ने सांसद आवास का घेराव किया। कर्मचारी सांसद आवास के समक्ष धरना पर बैठ गए और प्रदर्शन किया।
उधर आर्ट एंड क्राफ्ट डिप्लोमाधारकों ने भी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा।
डिप्लोमा धारक पिछले नौ वर्षों से भर्ती न किए जाने व भर्ती की प्रक्रिया में बीएड शामिल करने का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों में शामिल रोहताश, अशोक, जुगलाल इत्यादि ने बताया कि भर्ती के लिए पहले 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई अनिवार्य थी। अब इसमें बीएड को शामिल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि चित्रकला व आर्ट क्राफ्ट विषयों में बीएड का न तो कोई संस्थान है और न ही इसमें आज तक कोई अध्ययन का दायरा तय किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे में आर्ट एंड क्राफ्ट डिप्लोमा धारक भर्ती से वंचित रह जाएंगे और प्रदेश के सैकड़ों लोग डिप्लोमा के बाजवूद भी बेरोजगार होंगे। उन्होंने मांग की कि शीघ्र ही आर्ट एंड क्राफ्ट के लिए भर्ती की जाए और बीएड की अनिवार्यता को समाप्त किया जाए। उनका कहना था कि चित्रकला व आर्ट एंड क्राफ्ट में अब तक कोई भी संस्थान देशभर में बीएड नहीं करवाता। ऐसे में बीएड की अनिवार्यता बेतुकी है।

पेड़ से गिरे चौकीदार की मौत

सिरसा। गांव जीवननगर स्थित हैफेड के गोदाम में पेड़ काट रहा चौकीदार नीचे गिर गया। सिर पर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। मृतक के शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। जानकारी के अनुसार गांव संतावाली निवासी गुरदीप पुत्र भजन लाल जीवननगर के हैफेड गोदाम में चौकीदार था। विगत दिवस वह पेड़ काट रहा था। नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई।

चोरो ने लगाई चपत
मकान से नकदी व आभूषण चुराए

सिरसा। एमआईटीसी कालोनी में गत रात्रि चोरों ने एक मकान पर हाथ साफ किया। चोर 30 हजार रुपये की नकदी व सोने-चांदी के आभूषण चुरा कर ले गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार कृष्ण कुमार एमआईटीसी कालोनी में किराए के मकान में रहता है। गत रात्रि वह परिवार सहित गया हुआ था। आज सुबह घर पहुंचा तो सामान बिखरा पड़ा था। कृष्ण ने बताया कि कमरे के बाहर का ताला लगा हुआ था और कमरे की खिड़की खुली थी। उन्होंने बताया कि संभवत: चोर खिड़की के रास्ते कमरे में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। घर से 30 हजार रुपये की नकदी, एक सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायजेब सहित अन्य सामान चोरी हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Tuesday, 7 January 2014

मोबाइल विक्रेता से लाखों की लूट

सिरसा। अनाज मंडी गत रात्रि कार सवार लुटेरों ने मोबाइल दुकान संचालक को निशाना बनाया। लुटेरों ने कार में सवार दुकान संचालक को रोककर करीब साढ़े चार लाख रुपए की नकदी लूट ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू की लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। शहर थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की छानबीन में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार जानकारी के अनुसार सदर बाजार स्थित सत्यम मोबाइल शोरूम का संचालक रितेश बीती रात करीब साढ़े दस बजे दुकान से अपनी वैगन आर गाड़ी में सवार होकर एडिशनल अनाज मंडी स्थित अपने घर की ओर रवाना हुआ। इलाहाबाद बैंक से अनाज मंडी की तरफ जाने वाले मोड़ पर अचानक एक मारुति कार उसकी कार के आगे आकर रुक गई। कार से तीन युवक उतरे और रितेश को पिस्तौल की नोक पर जान से मारने की धमकी देकर सब कुछ उसके हवाले कर देने की बात कही। युवकों की धमकी से डरे रितेश ने अपना रुपयों से भरा बैग युवकों के हवाले कर दिया। बैग में 4 लाख 27 हजार रुपये की नगदी थी। लुटेरे कार में सवार होकर फरार हो गए। रितेश ने मामले की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जिलाभर में नाकाबंदी कर दी। चारों तरफ पुलिस की गाडिय़ां रातभर लुटेरों को तलाशती रही लेकिन लुटेरे पुलिस के चकमा देकर चंपत होने मेें कामयाब हो गए। शहर थाना प्रभारी दलीप सिंह ने बताया कि पुलिस सत्यम मोबाइल शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जांच रही है। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास लगे खुफिया कैमरों की भी फुटेज प्राप्त की जा रही है। पीडि़त रितेश ने पुलिस को बताया है कि एक युवक का चेहरा उसने देखा था और वह बागड़ी भाषा में बात कर रहा था। रितेश द्वारा बताये गए हुलिये से पुलिस स्कैच भी तैयार करवा रही है।

तीन दुकानों में लगी आग, लाखों का नुकसान

सिरसा। राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर सिरसा क्लब के सामने स्थित स्पेयर पाट्र्स व बैटरी की तीन दुकानों में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आगजनी की इस घटना में दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार आज सुबह पौने छह बजे सिरसा क्लब के सामने स्थित तीन दुकानों में आग लग गई। चौकीदार ने घटना की जानकारी दुकान संचालक परमजीत व हरमीत को दी। वे मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि आगजनी के चलते दुकान में करीब सात लाख रुपये का सामान नष्ट हो गया है।

Monday, 6 January 2014

अतिथि अध्यापकों ने निकाली सांसद की शव यात्रा


सिरसा। अतिथि अध्यापकों ने सोमवार को विभिन्न मांगों को लेकर सांसद अशोक तंवर का पुतला फूंका। इससे पूर्व सभी अतिथि अध्यापक  टाऊन पार्क में एकत्रित हुए तथा सांसद अशोक तंवर के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की तथा बाद में सांसद के पुतले की शव यात्रा निकालकर बाजारों में रोष प्रदर्शन किया। इसके बाद अतिथि अध्यापक सांसद निवास पर पहुंचे और वहां पुतला फूंका।
अतिथि अध्यापकों द्वारा कई दिनों से सांसद निवास के बाहर धरना प्रदर्शन किया जा रहा था लेकिन सांसद अशोक तंवर ने धरनारत अध्यापकों से बात तक नहीं की। जब अध्यापकों ने सांसद तंवर को ज्ञापन सौंपना चाहा तो उन्होंने ज्ञापन तक लेने से मना कर दिया। जनप्रतिनिधि की गरिमा को ठेस पहुंचने से आहत अतिथि अध्यापकों ने अशोक  तंवर के निवास के बाहर ही 'तंवर मर्दाबादÓ के नारे लगाने शुरू कर दिए और अपने आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दे डाली। आज इसी के चलते जिलाभर के अतिथि अध्यापक टाऊन पार्क में एकत्रित हुए। काफी देर तक जिला प्रधान जय भगवान की अध्यक्षता में बैठक चली और इसके बाद अतिथि अध्यापकों ने शहर के सभी बाजारों  में सांसद अशोक तंवर की शव यात्रा निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। पूरे शहर में अशोक तंवर मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए अतिथि अध्यापक हुडा सैक्टर 20 स्थित सांसद निवास पहुंंचे और पुतला फूंका। अतिथि अध्यापकों का कहना कि 2005 में कांग्रेस ने ही राजकीय स्कूलों में अतिथि अध्यापकों को नियुक्त किया था तथा अतिथि अध्यापक भी पूरी मेहनत व ईमानदारी के साथ बच्चों को शिक्षित कर रहे हैं, जिस कारण पूर्व की अपेक्षा अब विभिन्न कक्षाओं का परीक्षा परिणाम बेहतर आ रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित नहीं किया जा रहा।

प्रकाशोत्सव पर निकला नगर कीर्तन

सिरसा। खालसा पंथ संस्थापक गुरू गोविंदसिंहजी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आज सिख समुदाय द्वारा शहर में विशाल नगर कीर्तन निकाला। इसमें फूलों से सजी पालकी साहिब पर विराजमान गुरू ग्रंथ साहिब की शोभा देखते ही बन रही थी। गुद्वद्वारा के ज्ञानी चंवर डुलाते गुरू ग्रंथ साहिब की सेवा कर रहे थे। नगर कीर्तन में पालकी साहिब के आगे पंज प्यारे नंगे पांव चल रहे थे। वहीं सिख समाज की महिलाएं व युवतियां शोभा यात्रा के आगे-आगे रास्ते पर झाड़ू लगाते चल रही थीं। रास्ते में विभिन्न संस्थाओं की ओर से नगर कीर्तन में शामिल लोगों को चाय, शर्बत व बिस्कुट-फल आदि देकर सेवा की गई। कीर्तन में बड़ी संख्या में शामिल सिख समाजजनों का शहरवासियों ने जगह-जगह पर स्वागत किया गया। नगर कीर्तन गुरू द्वारा दशम पातशाही से आरंभ हुआ। नगर कीर्तन में सबसे आगे नगाड़ा पार्टी और घुड़सवार निशान साहिब लिए चल रहे थे। सुसज्जित वाहन पर पालकी साहिब थी जिसकी अगुआई पंज प्यारे कर रहे थे। गुरुद्वारों की संगत एक के पीछे एक शबद गायन करती चल रही थी और पूरे रास्ते सिख युवा व बच्चे शस्त्रों को चलाकर अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे थे। रागी जत्था अपने कीर्तन से साध-संगतों को निहाल करता रहा। सिरसा का आसमान 'जो बोले सो निहाल, सतश्री अकालÓ के जय घोष से गूंज उठा। नगर कीर्तन शहर के रानियां रोड, सदर बाजार, रोड़ी बाजार, परशुराम चौक, शहीद भगत ङ्क्षसह चौक, सिटी थाना रोड,सदर बाजार से होता हुआ मुख्य गुरूद्वारा में समाप्त हुआ।

  उधर गांव कुस्सर में आज गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी व ग्रामीणों के द्वारा सिखों की दसवीं पातशाही गुरू गोबिंद सिंह के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में एक विशाल नगरकीर्तन का आयोजन करवाया गया। कीर्तन सुबह 11 बजे से गांव के गुरूद्वारा साहिब से शुरू होकर गांव की सभी गलियों में से होता हुआ गुरूद्वारा में पहुंचा। पालकी की अगुवाई पंज प्यारों ने की। इस मौके पर गांव में गुरू के सेवकों द्वारा जगह-जगह लंगर भण्डारे लगाकर गुरू के सिखों को प्रसाद ग्रहण करवाया। इस कार्यक्रम में गत्तका पार्टी ने अपने करतब दिखाकर गुरू की संगत का मन मोह लिया।

छेड़छाड़ के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग


सिरसा। रानियां स्थित ढाणी लहरांवाली निवासी मेजर ङ्क्षसह पुत्र बाबू ङ्क्षसह ने आज एस.एस.पी. सौरभ ङ्क्षसह से मुलाकात कर अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ व मारपीट करने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की गुहार लगाई। मेजर ङ्क्षसह ढाणीवासियों प्रेम ङ्क्षसह, कुलवंत ङ्क्षसह, हरपाल ङ्क्षसह, मुखत्यार ङ्क्षसह इत्यादि के साथ एस.एस.पी. कार्यालय पहुंचे। एस.एस.पी. को सौंपे ज्ञापन में मेजर ङ्क्षसह ने कहा कि 16 दिसम्बर की शाम लहरांवाली ढाणी के ही निवासी बलदेव ङ्क्षसह, उसका लड़का जोधा ङ्क्षसह व राजेंद्र ङ्क्षसह पुत्र जंगीर ङ्क्षसह अपने दो अन्य साथियों के साथ हमारे घर  घुस आए। उस समय उसकी बेटी बलजीत कौर घर में अकेली थी। उक्त लोगों ने न केवल बलजीत कौर के साथ छेड़छाड़ व मारपीट की, बल्कि उसे जाति सूचक गालियां भी निकाली और जान से मारने की धमकी दी। मेजर ङ्क्षसह ने ज्ञापन में कहा कि उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ थाना रानियां में 18 दिसम्बर को धारा 148, 149, 452, 354ए व 506 एवं एस.सी.एस.टी. एक्ट की धारा 3 के तहत मुकद्दमा नम्बर 362 दर्ज किया गया। मगर अभी तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

बिजली पर बढ़ रहा बवाल

सिरसा। प्रदेश सरकार द्वारा बिजली बिलों में की गई भारी वृद्धि के विरोध में बिजली आंदोलन संघर्ष समिति द्वारा किया जा रहा अनशन आज तीसरे दिन भी जारी रहा। संघर्ष समिति के प्रेस प्रवक्ता सी. भोला ने अनशन के दौरान कहा कि अगर सरकार ने हमारी मांगें 17 जनवरी तक नहीं मानी तो 18 जनवरी को भारी विरोध का सामना करना पड़ेगा। बिजली आंदोलन संघर्ष समिति के प्रदेश सह संयोजक मनोज पचेरवाल व शहरी अध्यक्ष हैप्पी बक्शी ने कहा कि क्रमिक  अनशन में हर रोज काफी जनता भाग ले रही है। समिति की तरफ से आज का. रामराज, पिनेश बागड़ी, बलजीत ङ्क्षसह सहित अन्य सदस्य अनशन पर बैठे हैं। इस आंदोलन को युवा पंजाबी मंच ने भी अपना समर्थन दिया है। युवा पंजाबी मंच के सदस्य सुरेन्द्र वर्मा, जोगिन्द्र सोनी,सुमित खुराना, विजय भुड्डी, अशोक चौहान, राजकुमार ढल, अमन वर्मा आदि भी अनशन पर बैठे हैं।
उधर भाजपा जिला महामंत्री यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में बिजली बिलों को लेकर जनता लाचार और परेशान है, परंतु हरियाणा सरकार ने मात्र दो सौ रूपये की छूट देकर इस समस्या से अपना पल्ला झाड़ लिया है। आज कोई भी व्यक्ति जब बिजली बिल के बारे में विद्युत विभाग के अधिकारियों के पास जाता है तो एक ही रटा-रटाया जवाब मिलता है कि आपका मीटर जम्प मार गया है, एक बार पूरा बिल भर दो फिर देख लेंगे।

बिजली कर्मियों ने भी  अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। आज सिरसा व एलनाबाद में हरियाणा कर्मचारी तालमेल कमेटी के बैनर तले कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। एलनाबाद के बिजली घर में कर्मचारी गरजे जबकि सिरसा के टाऊन पार्क में कर्मचारियों ने बैठक कर प्रदर्शन किया।

Saturday, 4 January 2014

अस्पताल का औचक निरीक्षण, मिली खामियां

सिरसा। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के एडिशनल डायरेक्टर विजय गर्ग ने आज अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री मुफ्त ईलाज योजना की समीक्षा की और अधिकारियों व चिकित्सकों को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अचानक लाईट चले जाने से अंधेरे में ही निरीक्षण की कार्रवाई की गई। विजय गर्ग ने बताया कि कई कमियां सामने आई हैं जिन्हें शीघ्र ही दूर करवाया जाएगा। स्टाफ की भी कमी है जिसे जल्द पूरा किया जाएगा।

आप सम्मेलन में व्यवस्था पर चोट

सिरसा। सरकारी तंत्र की व्यवस्था से क्षुब्ध आम आदमी आज आम आदमी के हलका सम्मेलन में जमकर बरसे। बाईपास रोड पर आप कार्यालय में हुए सिरसा हलका के सम्मेलन में शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्र से भी कार्यकर्ता पहुंचे। सभी वक्ताओं ने व्यवस्था पर चोट करते हुए आप पार्टी को बदलाव का बेहतर मंच बताया।
आज हलका के सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आम आदमी की पार्टी के नेता प्रहलाद सिंह भारूखेडा ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि व्यवस्था बदलने के लिए आम आदमी को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी की आवाज को आप पार्टी के बैनर तले प्रभाशाली ढंग से उठाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब तक सत्ता में बैठे खास आदमियों को बाहर का रास्ता नहीं दिखाया जाएगा तब तक व्यवस्था में परिवर्तन संभव नहीं है। भारूखेडा ने कहा कि वीआईपी नेता आम आदमी के हितों को ध्यान में रखते हुए कोई भी नीति नहीं बनाते बल्कि वे अपने लाभ की नीति ही बनाते हैं। इस दौरान आप नेता संदीप सींवर ने कहा कि दिल्ली के चुनाव परिणामों ने यह साबित कर दिया है कि आम आदमी को भ्रष्ट नेताओं से नफरत हो गई है और वे स्वच्छ सत्ता चाहते हैं। इस अवसर पर हलका स्तर की कमेटी के गठन को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। सम्मेलन में उपस्थित सभी आम आदमियों को अपने विचार रखने का खुला निमंत्रण दिया गया जिसमें कई आम आदमियों ने भ्रष्ट नेताओं के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। कार्यक्रम के दौरान प्रदीप सचदेवा ने व्यवस्था परिवर्तन से संबधित शे'र सुनाकर सबका मनोरंजन किया।

बिजली संघर्ष समिति सदस्य बैठे भूख हड़ताल पर

सिरसा। प्रदेश सरकार द्वारा बिजली के दामों में की गई वृद्धि को अगर 17 जनवरी तक वापस नहीं लिया गया तो हरियाणा बिजली आंदोलन संघर्ष समिति इंडिया स्टूडैंटस फैडरेशन और अखिल भारतीय नौजवान सभा के साथ मिलकर 18 जनवरी को प्रदेश भर में सड़कों उतर कर प्रदर्शन करेगी। यह बात बिजली आंदोलन संघर्ष समिति के प्रदेश संयोजक एवं ए.आई.एस.एफ के राष्ट्रीय सचिव रोशन सुचान ने आज शहीद करतार सिंह सराभा भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि संघर्ष समिति की सरकार से एक ही मांग है कि बिजली के  दाम 1500 यूनिट तक घरों मेें ढाई रुपये प्रति यूनिट और दुकानों में तीन रुपये प्रति यूनिट किए जाएं। प्रदेश की कांग्रेस सरकार अगर 17 जनवरी तक इस मांग को पूरा करती है तो ठीक है, नहीं तो 18 से राज्य व्यापी आंदोलन के चलते सिरसा में 18 जनवरी को करीब दस हजार लोग सड़कों पर उतरेंगे और कांग्रेस सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। सुचान ने कहा कि सरकार ने बिजली इतनी महंगी कर दी है कि घर में एक बल्ब जलाने वाला आदमी हजारों रुपयों का बिल नहीं भर सकता। सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वो लोगों को सस्ता भोजन, बिजली,पानी, शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार का प्रबंध करे।  उन्होंने कहा कि हम लंबे समय से सस्ती बिजली के लिए आंदोलन कर रहे हैं।
             सरकार ने आज बिजली के दाम 7 से 8 रुपये प्रति यूनिट कर रखें हैं। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र ङ्क्षसह हुड्डा द्वारा प्रत्येक बिजली बिल में 200 रुपये की छूट को लूट बताते हुए रोशन सुचान ने कहा कि सरकार जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 10 जिलों में बिजली आंदोलन संघर्ष समिति का आंदोलन चल रहा है। सोनीपत मेें 3 जनवरी से क्रमिक अनशन जारी है। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ये आंदोलन पूरी तरह से गैर राजनैतिक है लेकिन कोई भी शख्स चाहे वो किसी भी दल से हो जनहित की सोच लेकर आंदोलन में शामिल हो सकता है। बिजली आंदोलन आम जनता से जुड़ा मुद्दा है। पत्रकार वार्ता के बाद हरियाणा बिजली आंदोलन संघर्ष समिति के लोग शहीद भगत सिंह चौक पर अनशन पर बैठ गए। समिति के प्रवक्ता सी.भोला ने कहा कि 17 जनवरी तक शहीद भगत सिंह चौक पर आंदोलनकारियों का अनशन जारी रहेगा और सरकार ने मांगे नहीं मानी तो 18 जनवरी को सरकार बड़े आंदोलन का सामना करने के लिए तैयार रहे। प्रथम दिन अनशन पर हैप्पी बक्शी, हरबंस लाल शर्मा, मनोज पचेरवाल,मांगेराम पनिहारी, लीला राम, का. रामकिशन, वेदप्रकाश, पिनेश बागड़ी, सुरेन्द्र ढल, पिंका शर्मा, राजेश अहलावत, संदीप, राजेन्द्र भंगू, जोगेन्द्र सोनी, रामकुमार, पासर सोनी, सौरव, सुमित खुराना, मंदीप आजाद व अशोक बरूवाली बैठे।

ब्रेल लिपि के आविष्कारक को किया याद

सिरसा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के दिशा निर्देशानुसार आज स्थानीय हेलनकेलर सोसायटी के प्रांगण में लुइसब्रेल जन्मशताब्दी की 205 वीं जयन्ती का राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया गया।  इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शिव प्रसाद शर्मा ने मुख्यातिथि के रुप में शिरकत की।  सोसायटी द्वारा समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस समारोह में प्रयास, हेलनकेलर सोसायटी के साथ-साथ शहर की विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और सदस्यों को आमंत्रित किया था।  इस अवसर पर प्रयास स्कूल की प्राचार्य श्रीमती जसबीर कोर सेठी , दिशा स्कूल की निदेशिका श्रीमती गीता कथुरिया, हेलन केलर स्कूल के प्राचार्य सूरज कुमार, समाज कल्याण विभाग के कृष्ण कुमार, लाल चंद गोदारा व अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शिव प्रसाद शर्मा ने बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि  लुईस ब्रेल का जन्म 4 जनवरी 1809  को  सिमौन ब्रेल के घर पेरिस के कु्रपे नामक छोटे से गांव में हुआ था।  लुईस ब्रेल की तीन वर्ष की आयु में आंखो में चमड़ा काटने की सुई लगने से वे दृष्टिहीन हो गए थे। उन्होने बताया कि  लुईस ब्रेल ने 10 वर्ष की आयु में पाठशाला में शिक्षा के लिए भेजा गया।  स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने उपरांत नई लिपि के अविष्कार का सपना उनके मन में जन्म ले चुका था।  संयोग से उन्ही दिनों उनके विद्यालय में एक रात्रि लेखन विधि का प्रदर्शन हुआ। इस विधि के निर्माता चाल्र्स बारबियर ने यह विधि सैनिकों के लिए विकसित की थी। जिससे वे अंधेरी रात में भी संदेश छुकर पढ़ सके। उस व्याख्यान को सुनते ही लुईस के सामने मानो एक संपूर्ण नीति के निर्माण का मार्ग खुलता हुआ दिखाई देने लगा। लुईस ने हावे तथा बारबियर की विधियों के सैद्धतिंक अंतर को समझ लिया था। लुईस अपने स्कूल के हॉस्टल में रात में मोटे कागज पर बिंदुओं से अक्षर बनाते और दिन में अपने मित्रों से उनकी पहचान करवाते। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि रात को जब सारे सोते तो लुईस ब्रेल अपना कार्य करते थे और दिन में रात की काम की चर्चा करने पर जो त्रुटियां निकलती उनको रात में सुधारने की कोशिश करते।  इसी तरह 23 वर्ष की आयु में ही लुईस ब्रेल ने ब्रेल लिपि का अविष्कार किया। दृष्टिहीन होने पर भी उन्होंने साहस नहीं छोड़ा और अपने लक्ष्य को प्राप्त किया।  उनकी यही लिपि आज दृष्टिहीनों के लिए एक वरदान साबित हुई है।  उन्होंने बच्चो  को  लुईस ब्रेल व सूरदास के उदाहरण देते हुए कहा कि वे अपना हौंसला न छोड़े व मेहनत कर शिक्षा के क्षेत्र में अपना लक्ष्य प्राप्त कर अच्छे पदों पर आसीन हो। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त  ने अजमेर में हुई विशेष बच्चों की खेल प्रतियोगिता में प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को नकद पुरुस्कार दिया। इस अवसर पर विशेष बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तृत किए गए।

Friday, 3 January 2014

चिकित्सक दंपती गिरफ्तार

सिरसा। बेगू रोड स्थित हरमन क्लीनिक के चिकित्सक दंपती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ गर्भपात करने व फर्जीवाड़े से अस्पताल चलाने के आरोप में भांदंसं की धारा 3,4,5 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
उल्लेखनीय है कि सिविल सर्जन डा. सुरेन्द्र नैन के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हरमन क्लीनिक पर छापेमारी की थी। कार्रवाई के बाद अस्पताल से गर्भपात में इस्तेमाल होने वाले उपकरण व प्रसव क्रिया में इस्तेमाल होने वाली दवाइयां बरामद हुईं थी। पूछताछ में चिकित्सक अस्पताल चलाने से संबंधित कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया था। इसी के चलते स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर थाना में हरमन क्लीनिक के चिकित्सक डा. गुरजीत व उसकी पत्नी प्रवीण कौर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आज आरोपी दंपती को काबू कर लिया।

संदिग्ध परिस्थितियों में किसान की मौत

सिरसा। गांव दौलतपुर खेड़ा के किसान बलविन्द्र पुत्र बूटा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का शव पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल लाया गया है। बताया गया कि बलविन्द्र विगत रात्रि घर से खेत के लिए गया था। आज सुबह उसका शव बरामद हुआ।

धरना-प्रदर्शन, फूंका पुतला

शहर में आज सरकार के विरोधी स्वर गूंजते रहे। नौकरी पर बहाल करने, पक्का करने  व रसोई गैस की बढ़ी कीमतों को वापिस लेने की मांग को लेकर अलग-अलग जगह प्रदर्शन हुए। सरकार का पुतला भी फूंका गया। उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपे गए।

रसोई गैस की बढ़ी कीमतों पर जताया विरोध, फूंका पुतला

सिरसा। भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी कार्यकर्ता आज शिव चौक पर एकत्रित हुए। सभी ने रसोई गैस की बढ़ी कीमतों को वापिस लेने की मांग करते हुए केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार का पुतला भी फूंका। इस मौके पर स्वर्ण सिंह विर्क, राजकुमार शेखूपुरिया, टोनी सागू सहित अन्य मौजूद थे। यहां से प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ता उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यथाशीघ्र रसोई गैस की बढ़ी कीमतों को वापिस लिया जाए। उन्होंने कि देश व प्रदेश की जनता महंगाई की मार से त्रस्त है। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद लगातार गरीब के मुंह से निवाला छीनने का काम किया है।

बर्खास्त औद्योगिक बलों ने किया प्रदर्शन

सिरसा। वर्ष 2005 में बर्खास्त हुए औद्योगिक सुरक्षा बलों ने आज टाऊन पार्क में एकत्रित होकर बहाली की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। यहां से सभी लघु सचिवालय पहुंचे और मुख्यमंत्री व राहुल गांधी के नाम संबोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा। प्रदर्शनकारी बर्खास्त कर्मचारी विक्रम मोचीवाली, सहदेव, कुलदीप, लखबीर व हंसराज ने कहा कि वर्ष 2005 में हरियाणा सरकार ने औद्योगिक सुरक्षा बलों को बर्खास्त किया था। कई आहत कर्मचारियों ने आत्महत्या कर ली। लगातार बर्खास्त कर्मी बहाली की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। हुड्डा सरकार से कई बार बातचीत हुई और उन्हें आश्वासन मिला कि शीघ्र ही उन्हें बहाल किया जाएगा। लेकिन इतना लंबा समय बीत जाने के बावजूद उन्हें बहाल नहीं किया गया।

अतिथि अध्यापकों का धरना जारी

Guest Teacher on Dharna
सिरसा। अतिथि अध्यापकों का नियमित करने की मांग को लेकर सांसद आवास पर कल से शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना आज दूसरे दिन भी जारी रहा। अध्यापकों का कहना है कि जब तक उन्हें बहाल नहीं किया जाएगा उनका आंदोलन जारी रहेगा।

फर्जीवाड़ा करने वाले पटवारी व नंबरदारों के खिलाफ मामला दर्ज
विधवा महिला के पति को जीवित दिखाकर भूमि कब्जाने का मामला

सिरसा। राजस्व अधिकारियों के समक्ष एक विधवा महिला का फर्जी पति बनाकर खड़ा करके भूमि का कब्जा दिलवाने वाले 1 पटवारी व 6 नंबरदारों के खिलाफ अदालत ने केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं। सदर थाना पुलिस ने एसीजेएम पवन कुमार के आदेश पर आरोपी हलका नेजाड़ेला कलां के पटवारी भीम सैन मोदी, नंबरदार तजेन्द्र सिंह,नंबरदार होशियार सिंह, नंबरदार महेन्द्र ङ्क्षसह, नंबरदार इकबाल ङ्क्षसह, नंबरदार गुरराज ङ्क्षसह व नंबरदार श्याम लाल के खिलाफ धारा 166/167/196/199/218/219/466 व 120बी के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले के अनुसार गांव नेजाडेला कला निवासी खजानी देवी विधवा स्व. अमीलाल उर्फ औमप्रकाश ने एसीजेएम कोर्ट में इस्तगासा दायर न्यायाधीश को बताया कि वह हरिजन जाति से संबंध रखती है। उसके पति अमीलाल उर्फ औमप्रकाश पुत्र नत्थु राम ने 3 जून 1976 को गांव नेजाडेला कला में भूमि अलाटमेंट करने के लिए फार्म भरा था। उस समय वह अपने पति के साथ गांव में ही रहती थी। उस अलाटमैंट के आधार पर अमीलाल केा मुरब्बा नंबर 95 किला नंबर 19 मिन,21,22 मुरब्बा नंबर 96 किला नंबर 4,5 कुल रकबा 35 कनाल 9 मरला भूमि गांव नेजाडेला कलां में अलाट हो गई। भूमि अलाटमेंट  के निर्देश उपमंडलाधिकारी द्वारा जारी किए गए थे। इसके बाद 20 नवंबर 2010 को खजानी देवी के पति अमीलाल उर्फ औप्रकाश का निधन हो गया। निधन से पूर्व ही अमीलाल ने अलाटमेंट संबंधित सभी किश्ते सरकारी खजाने में जमा करवा दी थी। पति के मौत होने के पश्चात उपरोक्त भूमि को हड़पने के लिए  पटवारी भीम सैन मोदी ने कानूहगो रामचन्द्र, पटवारी मिल्खराज व इसी गांव के वासी विजय कुमार मोंगा के साथ मिलकर राजस्व अधिकारियों से एक षडय़ंत्र के तहतत हम्मश्वरा होकर मनीराम पुत्र नत्थू राम को विधवा खजानी देवी का फर्जी पति अमीलाल बनाकर खड़ा करके उसको जमीन का कब्जा दिलवा दिया। पीडित विधवा ने न्यायाधीश को बताया कि उक्त सभी ने एक साजिश के तहत उसके पति की सारी भूमि हड़प ली। प्रशासनिक जांच में भी षडय़ंत्र का पर्दाफाश हुआ कि  पटवारी भीम सैन मोदी ने अन्य सभी आरोपियों से मिली भगत करके एक साजिश के तहत विधवा खजानी देवी के परिवार को नुकसान पहुंचाने की नीयत से भूमि हड़पने के लिए एक झूठी  रिपोर्ट तैयार करके तहसीलदार सिरसा को भेज दी। तहसीलदार को इस षडय़ंत्र का पता नहीं था और उन्होंने रिपोर्ट को सच मान लिया था। अदालत ने प्रशासनिक सारी प्रशासनिक रिपोर्ट व गवाहों के बिना पर याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने आरोपी नेजाड़ेला कलां के पटवारी भीम सैन मोदी, नंबरदार तजेन्द्र सिंह,नंबरदार होशियार सिंह, नंबरदार महेन्द्र ङ्क्षसह, नंबरदार इकबाल ङ्क्षसह, नंबरदार गुरराज ङ्क्षसह व नंबरदार श्याम लाल के खिलाफ धारा 166/167/196/199/218/219/466 व 120बी के तहत केस दर्ज करने का आदेश दिया और पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Thursday, 2 January 2014

सांसद के खिलाफ मोर्चा

महिला जिलाध्यक्ष की नियुक्त को लेकर प्रदर्शन

सिरसा। सांसद अशोक तंवर के प्रयासों से रीना बिरट को सिरसा महिला विंग का अध्यक्ष बनाए जाने के पश्चात महिला कांग्रेस में विद्रोह हो गया है। आज कांग्रेस भवन में जिला महिला कांग्रेस की प्रवक्ता संजू बाला एडवोकेट,पूर्व जिला प्रधान राजरानी जिंदल, कैलाश रानी व ब्लॉक प्रधान कमलेश के नेतृत्व में सैंकड़ों महिलाएं एकत्रित हुईं। सभी ने एक स्वर में रीना बिरट की नियुक्ति का विरोध व उनका बहिष्कार करने का ऐलान किया। इस मौके पर महिला कांग्रेस नेत्रियों ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।
जिला प्रवक्ता संजू बाला ने कहा कि पार्टी ने जिस रीना बिरट को महिला विंग का जिलाध्यक्ष बनाया है उसने कभी कांग्रेस भवन गेट तक नहीं देखा। उक्त महिला ने हाल ही में कांग्रेस की सदस्यता ली है और एक दम से उसे जिलाध्यक्ष बनाना काफी अरसे से कांग्रेस पार्टी से जुड़ी महिला नेत्रियों के साथ अन्याय है। पार्टी के जिलाप्रधान मलकीत खोसा से भी महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष की नियुक्त के संबंध में चर्चा तक नहीं की गई और सीधा ही सांसद तंवर ने रीना बिरट को जिलाध्यक्ष बनवा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी हमेशा ग्रास रुट पर ध्यान देने की बात करते है लेकिन सांसद अशोक तंवर व अवंतिका तंवर ने इसपर ध्यान नहीं देते हुए मात्र आपनी जाति से संबंधित महिला को जिलाध्यक्ष बना दिया। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस से जुड़ी महिलाएं यह अपमान सहन नहीं करेंगी और सांसद अशोक तंवर की शिकायत पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी से की जाएगी। महिला कांग्रेस की पूर्व जिला प्रधान राजरानी जिंदल व कैलाश रानी ने कहा कि अगर पार्टी ने रीना बिरट को पद से नहीं हटाया तो सांसद अशोक तंवर के निवास पर महिलाएं प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में महिलाओं को अब पूरा मान सम्मान नहीं मिल रहा है। जब भी मुख्यमंत्री का सिरसा दौरा होता है तो महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों को मंच पर स्थान नहीं मिलता। एक तरफ कांग्रेस पार्टी महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कर रही है वहीं दूसरी तरफ पार्टी में ही महिलाओं की घोर अनदेखी हो रही है। पूर्व जिलाध्यक्ष कैलाश रानी ने सांसद अशोक तंवर की पत्नी श्रीमती अवंतिका तंवर पर आरोप लगाते हुए कहा कि अवंतिका तंवर ने उसे अपने घर बुलाया और गाली गलौच करके बाहर निकाल दिया। कैलाश रानी इंदिरा गांधी के समय से पार्टी से जुडी हैं। महिला नेत्रियों ने कहा कि अवंतिका तंवर का पार्टी की वरिष्ठ नेत्री के साथ इस प्रकार का बरताव निंदनीय है। इसके बाद महिला कांग्रेस नेत्रियों व कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस भवन में सिरसा के सांसद एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अशोक तंवर के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। महिला नेत्रियों ने कहा कि पार्टी का जो शख्स सांसद अशोक तंवर को भावी प्रदेशाध्यक्ष व मुख्यमंत्री कहकर चमची मारता है उसे भी पार्टी में मान सम्मान मिल रहा है। भूमि स्तर पर पार्टी के साथ जड़े लोगों को अब उचित मान सम्मान नहीं मिल रहा।

सांसद आवास पर धरना

सिरसा। प्रदेश सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए आज अतिथि अध्यापक सांसद आवास पर अनिश्चिकालीन धरने पर बैठ गए। अध्यापकों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर लोकसभा चुनाव से पहले कोई विचार नहीं किया गया तो वे चुनावों में कांग्रेस उम्मीदवारों का विरोध करेंगे। अतिथि अध्यापक संघ के प्रदेश मीडिया प्रभारी कप्तान आर्य, जिला प्रधान जयभगवान, फतहाबाद प्रभारी कृष्ण धारसूल आदि ने सरकार पर परेशान करने का आरोप लगाया।

बालाजी मंदिर में चोरी

सिरसा। गत रात्रि गोल डिग्गी चौक स्थित मंदिर में चोरों ने ताले तोड़कर करीब 700 ग्राम चांदी पर हाथ साफ कर दिया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह गोल डिग्गी चौक स्थित हनुमान मंदिर का पुूजारी बलजिन्द्र शर्मा पूजा के लिए मंदिर पहुंचा। मंदिर के ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखा तो बाला जी की प्रतिमा पर लगा चांदी का मुकुट व छत्र नदारद था। पुजारी के अनुसार दोनों आभूषण करीब 700 ग्राम चांदी के बने थे। पुजारी ने मामले की जानकारी ट्रस्ट के पदाधिकारियों व पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद कीर्तिनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया गया। बारिकी से जांच  की गई और साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। बताया गया है कि इसी क्षेत्र में पहले भी मंदिर से ताले तोड़कर चोरी की वारदात हो चुकी है।

बाबा प्रीतम सिंह की बरसी मनाई

सिरसा। रानियां रोड स्थित गुरूद्वारा चिल्ला साहिब में बाबा जीत सिंह कार सेवा वालों की अगुवाई में संत बाबा प्रीतम सिंह जी की दूसरी बरसी बड़ी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संत बाबा प्रीतम सिंह जी की याद में रागी एवं ढाडी जत्थों द्वारा बाबा जी सुन्दर शब्दों द्वारा गुणगान किया गया। श्री आनन्दपुर साहिब तख्त के जत्थेदार बाबा मलसिंह जी ने कथावाचन करते हुए संत बाबा प्रीतम सिंह जी के जीवनकाल पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीन-दुखियों की सेवा ही उनके जीवन का असली मकसद था। उन्होंने पूरे जीवनकाल में हजारों लोगों को पवित्र अमृतपान करवाकर उन्हें आध्यात्मिक एवं सच्ची जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी। गुरू का लंगर अटूट चलाया गया एवं विभिन्न प्रकार की स्टालें लगाई गई। इस अवसर पर रक्तदान शिविर एवं नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर भी आयोजित किया गया। नेत्र जांच शिविर में प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. अमित वासिल ने 322 मरीजों की आँखों की नि:शुल्क जांच की व परामर्श दिया। सभी नेत्र रोगियों को दवाईयां भी नि:शुल्क दी गई।

खबरें यह भी

  • बेगू रोड स्थित हरमन अस्पताल पर कल हुई छापेमारी के बाद आज स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल संचालक के खिलाफ शहर थाना में शिकायत दी है। जांच के दौरान अस्पताल से गर्भपात में इस्तेमाल होने वाले औजार व दवाइयां बरामद हुईं थी।
  • एलनाबाद के शेरांवाली माईनर से करीब 33 वर्षीय एक व्यक्ति का सड़ी-गली अवस्था में शव मिला है। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल में स्थित शवगृह में रखवाया है।
  • लाल भट्टा मजदूर यूनियन ने आज अपनी मांगों को लेकर टाऊन पार्क में प्रदर्शन किया। मजदूरों ने भट्टा संचालकों द्वारा शोषण किए जाने का आरोप लगाया। आरोप था कि सरकार भी उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही। उनके लिए कोई स्थाई नीति नहीं बनाई गई है।

Tuesday, 31 December 2013

अलविदा 2013, स्वागतम् 2014

31 दिसंबर यानी वर्ष का अंतिम दिन। इस दिन का सूर्य अस्त होने के साथ ही एक त्यौहार की शुरुआत। पुराने वर्ष का विदाई समारोह और नूतन वर्ष का स्वागत। किसी भी वर्ष का पहला और अंतिम त्यौहार। अन्य त्यौहारों की तरह की यह पर्व भी एक संदेश देता है। अतीत को अलविदा कीजिए उसमें बिताए गए पलों के मंथन के साथ। हर वर्ष मीठे-कड़वे पल देता है। असफलता सबक देती है और सफलता आगे बढऩे का हौसला। व्यापार के लेखा-जोखा की तरह ही इस दिन बीत गए वर्ष में बिताई जिंदगी की बैलेंसशीट पर नजर दौड़ाइए। सुकून के साथ कुछ नया करने का बल जरूर मिलेगा।
रात में जश्न शुरू होगा। नववर्ष का स्वागत करना बनता भी है। मगर जश्र कुछ यूं मनाइएगा कि नववर्ष की पहली गलती न बने। 'पूरा सचÓ इसी अपील के साथ आपका नववर्ष मंगलमई होने की कामना करता है। सभी पाठकों, विज्ञापनदाताओं और शुभचिंतकों को नववर्ष 2014 की बधाई।

हादसे में व्यक्ति की मौत

सिरसा। डबवाली के गोल चौक पर हुए हादसे में एलनाबाद के एक व्यक्ति की मौत हो गई। दुर्घटना में उसकी पत्नी व बेटी घायल हो गए। दोनों को डबवाली के अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिरसा रैफर कर दिया गया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद वारिसों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार एलनाबाद के वार्ड 6 निवासी बिट्टू पुत्र गंगाराम अपनी पत्नी निर्मला व पुत्री आईना के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर पंजाब के लंबी गया था। बताया गया है कि आईना का ईलाज लंबी में चल रहा है। बिट्टी उसे दवा दिलाने के लिए गया था। वापिस लौटते समय डबवाली के गोल चौक पर सामने से आ रही बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बिट्टू की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घायल निर्मला व आईना को उपचार के लिए डबवाली के अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सिरसा रैफर कर दिया गया।

डबवाली को नववर्ष का तोहफा


सिरसा। राष्ट्रीय राजमार्ग  नौ पर हरियाणा के आखिरी छौर पर पडऩे वाले डबवाली के लोगों को अब रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से जल्द ही निजात मिल पाएगी। रेल मंत्रालय ने डबवाली की अरसे से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए इस आरओबी के निर्माण पर 82 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च होगी जिसमें 62 करोड़ रुपए की राशि हरियाणा सरकार द्वारा तथा शेष राशि केन्द्र सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
सांसद डा. अशोक तंवर ने बताया कि इस आरओबी का निर्माण हिसार की गावड़ कंस्ट्रक्शन कम्पनी द्वारा किया जाएगा। रेलवे ओवरब्रिज निर्माण से सम्बन्धित सभी विभागों द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिए हैं इसलिए सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। भूमि पूजन के समय गावड़ कंस्ट्रक्शन कम्पनी द्वारा मशीन द्वारा एक स्लैब डाला जाएगा जिसे 28 दिन तक निश्चित वजन दिया जाएगा जिससे क्षमता के आधार पर निर्माण कार्य की शुरूआत की जाएगी। डा. अशोक तंवर ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की आधारशिला हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा रखी जाएगी जिसके लिए तिथि बाद में तय होनी है। इसी दिन हरियाणा के मुख्यमंत्री डबवाली में एक विशाल रैली को भी सम्बोधित करेंगे।
इस ओवर ब्रिज को पूरा कराने की मांग को मंजूरी दिलाने के लिए वे लंबे समय से प्रयासरत थे। इसके लिए उन्होंने इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री आस्कर फर्नांडीज से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि उनके व स्थानीय लोगों के प्रयास के चलते आखिरकार डबवाली के लोगों की अरसे से चली आ रही मांग पूरी हो गई। उन्होंने इस परियोजना के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री आस्कर फर्नांडीज, रेल मंत्री मल्लिकार्जुन खरगे का आभार जताया है। अशोक तंवर ने बताया कि  डबवाली शहर में सिरसा-मलोट रोड के फाटक बी 32 पर बनने वाले इस ब्रिज के निर्माण पर 82 करोड़ की राशि खर्च                   की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस ओवर ब्रिज के बनने से जहां डबवाली निवासियों की चली आ रही पुरानी मांग पूरी होगी वहीं यहां लगने वाले लम्बे जाम से भी लोगों को छुटकारा मिलेगा।
मुख्यमंत्री के विशेषकार्यधिकारी (मीडिया)डा. केवी सिंह ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा पुल के निर्माण का कार्य 2010 के वार्षिक प्लान में शामिल किया गया था। इस पुल के निर्माण का डिजाईन डबल डैकर रेलवे को मद्देनजर रखते हुए किया गया है। इसके साथ-साथ चार मार्गीय सड़क को भी मद्देनजर रखते हुए पुल का डिजाईन स्वीकृत किया गया है जो भविष्य में हिसार से डबवाली तक चार लेन बनने वाली सड़क के आधार पर होगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग संघर्ष समिति बनाकर लोगों को गुमराह करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी डेढ वर्ष की अवधि में यह ओवरब्रिज बनकर तैयार होगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा भट्टू व जाखल में भी इसी तरह के ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाया जाएगा।

बिजली बिलों का बहिष्कार, किया प्रदर्शन


सिरसा। आज बिजली बिलों में भारी बढ़ौतरी के खिलाफ सिरसा के पटेल नगर, ग्रेवाल बस्ती और खाजाखेड़ा के लोगों ने बिजली बिल बहिष्कार आंदोलन का समर्थन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया स्टूडैंट्स फैडरेशन और बिजली आंदोलन संघर्ष समिति के आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए ये प्रण लिया कि जब तक ढाई रुपये प्रति यूनिट के मुताबिक बिजली के  दाम तय नहीं होते तब तक बिलों का बहिष्कार किया जाएगा। एआईएसएफ नेता एवं बिजली आंदोलन संघर्ष समिति के प्रवक्ता सी.भोला, हैप्पी बक्शी, राज्य सह संयोजक मनोज पचेरवाल ने कहा कि बिल अदा नहीं करने पर जिन लोगों के बिल ईक्_े होंगे उन्हें माफ करवाया जाएगा। छात्र नेताओं ने कहा कि जब भारत सरकार ने अमेरिका के साथ परमाणु समझौता किया था तो ये कहा था कि इससे भारत के लोगों को सस्ती बिजली मिलेगी लेकिन तीन साल बाद आज बिजली के दाम तीन गुणा बढ़ चुके हैं। कांग्रेस सरकार बिजली कंपनियेां के आगे घुटने टेक रही है। संघर्ष समिति के जिला संयोजक हरबंस लाल शर्मा ने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते भारत में 80 प्रतिशत लोग 20 रुपये रोजाना पर गुजर-बसर करते हैं। ये लोग कुपोषण, अशिक्षा, सामाजिक अपमान के शिकार हैं। दूसरी तरफ मुल्य वृद्धि कर सरकार आम लोगों की जीवन लीला खत्म करने की नीतियां बनाने पर उतारू है। समय आने पर जनता सरकार से जवाब मांगेगी। इस मौके पर मांगेराम पनिहारी, चेतराम सुथार भरौखां, सुरेन्द दुल, जगरूप सिंह, कश्मीर लाल, भारत शर्मा, सुभाष चंद कंबोज, अमरजीत संधा, कुलदीप कुमार, मुख्तयार ढिल्लो, कुलदीप संधु, बलवंत नंबरदार, यशपाल कंग आदि मौजूद थे।

Monday, 30 December 2013

टोपी की सियासत



चिकित्सक के खिलाफ प्रदर्शन
ईलाज में लापरवाही बरतने का आरोप

सिरसा। गांव फूलकां के ग्रामीणों ने आज चिकित्सक पर ईलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक निजी अस्पताल के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि चिकित्सक की लापरवाही के कारण दुर्घटना में घायल हुए युवक को अपनी टांग गवानी पड़ी। ग्रामीणों ने चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग प्रशासन से की है।
मिली जानकारी के अनुसार फूलकां निवासी कर्ण पुत्र जमाना राम विगत दिनों दुर्घटना का शिकार हो गया था। दुर्घटना में कर्ण की टांग में फेक्चर आ गया। कर्ण को ईलाज के लिए डबवाली रोड स्थित नीरज हड्डियों के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां उसका आप्रेशन हुआ। आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बाद चिकित्सक ने कर्ण को जयपुर रैफर कर दिया। यहां चिकित्सकों ने कर्ण की टांग काट दी। उन्हें कहा गया कि यदि टांग नहीं काटी जाती तो उसके जीवित रहने के आसार नहीं थे। वहां के चिकित्सकों ने सिरसा में हुए आप्रेशन पर सवाल उठाए। आज परिजन गांव फूलकां के अनेक ग्रामीणों के साथ नीरज हड्डियों के अस्पताल पहुंचे और हंगामा खड़ा कर दिया। परिजनों ने चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना लगा दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया।

Saturday, 28 December 2013

'जस्टिस फोर गीतिका' के होर्डिंग जलाए

सिरसा। क्षेत्र के परशुराम चौक व घंटाघर चौक पर लगे 'जस्टिस फोर गीतिका' होर्डिंग को आज कुछ लोगों ने आग लगा दी। हालांकि कुछ ही देर बाद वहां होर्डिंग दोबारा टांग दिए गए। होर्डिंग जलाने को कई लोगों ने लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया है। इस मामले की जांच की मांग की गई है।
उल्लेखनीय है कि विगत रात्रि क्षेत्र के कई चौकों में 'जस्टिस फोर गीतिका' शीर्षक से होर्डिंग लगाए गए थे, जिनमें गीतिका आत्महत्या मामले के आरोपी पूर्व गृहराज्यमंत्री गोपाल कांडा के जन्मदिन को धूमधाम से मनाए जाने पर सवाल खड़े किए गए थे। आज सुबह घंटाघर चौक व परशुराम चौक पर लगे होर्डिंग को जिप्सी में सवार होकर आए कुछ लोगों ने तेल छिड़ककर आग लगा दी।
गीतिका का भाई आएगा सिरसा
गीतिका शर्मा की आत्मिक शांति हेतु प्रस्तावित हवन यज्ञ में गीतिका के भाई अंकित शर्मा के शामिल होने की संभावना है। यज्ञ आयोजक लीलाधर सैनी ने शर्मा को न्यौता भेजा है। सर्वसमाज की ओर से कल भादरा गेट पर हवन यज्ञ का आयोजन होगा।
सामाजिक सौहार्द न बिगाड़ें : सुनीता
          हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि सुनीता सेतिया ने शहरवासियों से अपील की है कि वे शहर के आपसी भाईचारे व सौहार्दपूर्ण वातावरण को बनाए रखने में सहयोग करें। शहर में होर्डिंग्स लगाने और जलाने जैसे दुर्भाग्यपूर्ण मामलों से आहत सुनीता सेतिया ने अपनी भावुक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह के कदमों से शहर का माहौल खराब होता है। उन्होंने कहा कि किसी को भी अपने जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण दिन को मनाने का लोकतांत्रिक अधिकार है और यह उनके विवेक पर निर्भर करता है कि वे किन हालात में, किस माहौल में और किस ढंग से अपने जीवन का उत्सव मना रहे हैं।

दो चचेरे भाइयों की मौत
अलग-अलग हादसों में आठ घायल

सिरसा। क्षेत्र में हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए।
जानकारी के अनुसार गांव सिकंदरपुर के निकट गत सायं मोटरसाइकिल को बोलेरो ने टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल पर चार युवक सवार थे। टक्कर लगने से चारों सड़क पर जा गिरे और घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान भारतभूषण पुत्र हरभजन व उसके चचेरे भाई सोनू पुत्र कृष्ण की मौत हो गई। हादसे में दो सगे भाई जगदीप व देवेन्द्र पुत्र जीत सिंह घायल हो गए। बताया गया है कि चारों रामनगररिया गांव के रहने वाले हैं और मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव संघरसाधां से वापिस लौट रहे थे।
उधर आज प्रात: राष्ट्रीय राजमार्ग 9 स्थित डिंग मोड पर हुए हादसे में एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। बताया गया है कि पलवल निवासी संतोष अपनी पत्नी ममता, पुत्रों शिवम, नरेन्द्र व शक्ति तथा साले राजेश के साथ कार में सवार होकर सिरसा लड़के का रिश्ता देखने आ रहे थे। डिंगमोड़ के निकट सामने से आ रही कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में सभी छह लोग घायल हो गए। जिन्हें सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

हत्या कर फेंका गया माईनर में शव
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा

सिरसा। ओढां पुलिस द्वारा बीती 24 दिसंबर को क्षेत्र के कालुआना माईनर से बरामद हुए शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने का खुलासा हुआ है। हत्या के बाद शव को माईनर में फेंक दिया गया। 
मामले की जांच कर रहे एसआई कश्मीरी लाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भादसं की धारा 302 आईपीसी के तहत अभियोग दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उक्त व्यक्ति का शव जिसकी उम्र तकरीबन 34-35 वर्ष की थी, को गली सड़ी हालत में बरामद किया था। उन्होंने बताया कि उसके पैरों में आसमानी रंग की जुराबें, ऊपर के दो दांत कृत्रिम लगे हुए थे, जिसे पोस्टमार्टम हेतू पीजीआई रोहतक भेजा गया था। पुलिस ने बताया कि संभवत: उक्त शव पंजाब क्षेत्र से बहकर आया है। 

Friday, 27 December 2013

'आप' लड़ेगी आप की लड़ाई : योगेन्द्र यादव

आम आदमी पार्टी का सिरसा में पहला सम्मेलन, ठोकी सियासी ताल


सिरसा। आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में भी दिल्ली को दोहराने के लिए सियासी ताल ठोक दी है। आम आदमी पार्टी का पहला सम्मेलन शारदा पैलेस में हुआ। सुप्रसिद्ध चुनाव विश्लेषक और पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेन्द्र यादव की अध्यक्षता में हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी में शामिल होने के लिए लोग पहुंचे।
योगेन्द्र यादव ने अपने संबोधन में दावा किया कि हरियाणा में भी दिल्ली दोहराया जाएगा। हरियाणा की कांग्रेस सरकार पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और बिजली-पानी जैसी समस्याओं से आम आदमी त्रस्त है। आम आदमी की इसी लड़ाई को लडऩे के लिए ही 'आप' ने अब हरियाणा में मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनावों के दौरान 'आप' के उम्मीदवारों को स्टिंग आप्रेशनों के बहाने प्रताडि़त किया गया, लेकिन दिल्ली की जनता ने दिलखोलकर अपना समर्थन अरविंद केजरीवाल के आंदोलन को दिया। इसी का नजारा आपके सामने है। उन्होंने सिरसा की धरती को बहादुरों की धरती बताया और कहा कि पत्रकार रामचन्द्र छत्रपति जैसे शहीदों की बदौलत ही आज सिरसा का एक अलग मुकाम है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की विशेषता यही है कि यहां कोई बड़ा-छोटा नहीं है। सभी एक समान हैं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की तस्वीर को बदलने के लिए ही आम आदमी पार्टी पुरजोर ताकत से आगे आ रही है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने आम जनता के लिए लड़ाई लड़ी। एक साल के छोटे से अंतराल के दौरान ही वे सीधे रूप में आम लोगों से मिले। आज भी उनकी पार्टी का जो एजेंडा है उस पर सभी की निगाहें हैं। देश की आम जनता, आम आदमी पार्टी के घोषणापत्र को दिल से चाहती है। यही वजह है कि दिल्ली में उन्हें अप्रत्याशित स्वीकृति आम लोगों की तरफ से मिली। योगेन्द्र यादव ने कहा कि होर्डिंग और बोर्डों का जो फोटो कल्चर चला हुआ है इस पर भी लगाम लगनी चाहिए। हरियाणा विधानसभा चुनाव में अभी करीब 10 माह का समय शेष है। उन्होंने सम्मेलन में पहुंचे सिरसा के आम लोगों से मुखातिब होते हुए कहा कि इस 10 माह के समय में ही हमें जन-जन तक आम आदमी पार्टी का एजेंडा पहुंचाना होगा। 10 माह का समय जनता के बीच पहुंचने के लिए काफी है। उनके मुद्दे सीधे आम लोगों से जुड़े हैं। राजनीतिक गंदगी जो फैली है उसी को साफ करने के लिए 'आप' पार्टी आगे आई है। योगेन्द्र यादव ने कहा कि वे पहले भी सिरसा में आए हैं और सिरसा के लोगों की बहादुरी से वे वाकिफ हैं। इस मौके पर पूर्व सांसद हेतराम, सुरेश मेहता एडवोकेट सहित कई प्रमुख लोग मौजूद थे।

छत्रपति को आप का सलाम

सिरसा। 'पूरा सच' के संस्थापक संपादक रामचन्द्र छत्रपति की बहादुरी को आज आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेन्द्र यादव ने भी सलाम किया। उन्होंने कहा कि सिरसा की धरती छत्रपति जैसे बहादुरी की धरती है जो किसी भी अत्याचारी के आगे झुके नहीं। वे स्वयं छत्रपति से मिले थे और उनके व्यक्तित्व और विचारों से प्रभावित हुए। उन्होंने सम्मेलन में मौजूद छत्रपति के पुत्र अंशुल छत्रपति से भी आम आदमी पार्टी को सहयोग देने का आह्वान किया।

भूमणशाह डेरे में पहुंचे दिग्गज

गिरिजा व्यास और दीपेन्द्र हुड्डा ने किया आवासीय योजना का शिलान्यास
डिंग मंडी। संत बाबा भूमणशाह ने अपना सारा जीवन दीन-दुखियों की सेवा में व्यतीत किया और हमेशा समाजसेवा को सदैव तत्पर रहे। यह विचार मुख्य डेरा बाबा भूमणशाह ग्राम बाबा भूमणशाह संगर साधा के गद्दीनशीन संत बाबा ब्रह्मदास महाराज ने देश- विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं को प्रवचन करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि गोमाता की सेवा व रक्षा का हम सबको संकल्प लेना चाहिए क्योंकि हिंदू धर्म में गाय का स्थान माता के समान है। महा-परिनिर्वाण दिवस में बाबा ब्रह्मदास महाराज का आशीर्वाद लेेने केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास, रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा, प्रोफेसर वीरेंद्र ङ्क्षसह, कैबिनेट मंत्री सावित्री ङ्क्षजदल, सांसद डा. अशोक तंवर, पूर्व सांसद रणजीत ङ्क्षसह, विधायक प्रहलाद ङ्क्षसह गिल्लाखेड़ा, ओएसडी मीडिया डा. के.वी. ङ्क्षसह, पूर्व मंत्री पंजाब सरकार हंसराज जोसन, पूर्व विधायक भरत ङ्क्षसह सहित अनेक नेताओं ने डेरा बाबा भूमणशाह में पहुंचे और बाबा ब्रह्मदास महाराज का आशीर्वाद लिया। डेरे के सेवक सचिव विनोद एडवोकेट ने बताया कि महा-परिनिर्वाण दिवस के समापन अवसर पर अनेक धार्मिक कार्यक्रम के अलावा श्रद्धालुओं ने खेलकूद प्रतियोगिता का भी आनंद उठाया। दूसरी ओर केन्द्रीय मंत्री गिरिजा व्यास और सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कंगनपुर रोड पर आवासीय योजना का शिलान्यास किया और लोगों को संबोधित किया।

Thursday, 26 December 2013

कांडा की समाजसेवा के खिलाफ सामाजिक जंग

शहर में लगे 'जस्टिस फॉर गीतिका' बैनर

सिरसा। सिरसा के विधायक गोपाल कांडा जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों ने क्षेत्र की राजनीति के साथ-साथ सामाजिक माहौल को भी गर्मा दिया है। कांडा परिवार जहां दिसंबर माह की शुरुआत से समाजसेवा के कार्यों में रुझान दिखा रहे हैं वहीं एक तबका उनके इन प्रयासों को ढोंग बताकर सामाजिक जंग छेडऩे की तैयारी कर रहा है। गोपाल कांडा का जन्मदिन 29 दिसम्बर को है। माह की शुरुआत से ही विगत कई वर्षों की भांति कांडा परिवार द्वारा क्षेत्र के अनेक गांवों व कस्बों में कंबल, जर्सियां व अन्य कपड़े इत्यादि के वितरण का कार्य किया जा रहा है। कांडा के जन्मदिवस को परोपकार दिवस के रूप में मनाया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार कांडा परिवार की नई पीढ़ी को भी खुलकर मैदान में उतारा गया है। सरगर्मियां जोरों पर हैं। हालांकि कांडा परिवार द्वारा किए जा रहे इन आयोजनों पर आलोचकों की पहले से ही तिरछी नजर रही है लेकिन अब यह आलोचना सरेआम शुरू हो गई है। उल्लेखनीय है कि सिरसा से विधायक गोपाल कांडा  करीब डेढ़ साल पूर्व अपनी कम्पनी में कार्यरत गीतिका शर्मा आत्महत्या मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। कांडा को इसी कारण गृह राज्य मंत्री के पद से भी हाथ धोना पड़ा था। आलोचक उन पर महिला व समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता का आरोप लगा रहे हैं। 
आज शहर के विभिन्न चौकों में लगे कांडा के जन्मदिवस समारोह के बैनरों के बीच गीतिका व उसकी मां अनुराधा शर्मा को न्याय दिलवाने की मांग को लेकर लगे बैनर ने सभी का ध्यान खींचा। बैनर में हत्याओं के आरोपी के जन्मदिन पर धर्म व समाजसेवा की आड़ में रोड शो करने पर सवालिया निशान लगाए गए हैं? प्रत्यक्ष रूप से क्षेत्र के लोगों को संबोधित इस बैनर में कहा गया है कि 'आप अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनिएगा और न्याय के हक में जरा सोचिएगाÓ। साफ है कि क्षेत्र के लोगों के इस तरह के आयोजनों में शामिल होने पर सवाल उठाए गए हैं। शहर में कई स्थानों पर लगे यह बैनर आज दिनभर चर्चा का विषय बने रहे।

रात को लगे होर्डिंग

                     गोपाल कांडा के जन्म दिवस समारोह पर निशाना साधते यह होर्डिंग रात को लगे। इन्हें कौन लगा गया? कहां से तैयार हुए? इस बारे में कोई नहीं जानता। न ही प्रत्यक्ष रूप से कोई इस कार्य की जिम्मेदारी लेने को तैयार है। हालांकि कांडा के धुरविरोधी माने जाने वाले नगरपरिषद उपाध्यक्ष लीलाधर सैनी का नाम इससे जोड़कर देखा जा रहा है। सैनी श्री बाबा तारा चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव भी हैं और कांडा के कांग्रेस से हाथ मिलाने के बाद से ही खुलेआम उनके विरोध में उतरते रहे हैं। होर्डिंग आज दिनभर लगे रहे। कांडा समर्थक इसे विरोधियों की नापाक हरकत करार दे रहे हैं।

सैनी के विरोधी सुर

           नगर परिषद् के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं श्री तारा बाबा चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव लीलाधर सैनी ने आज यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में भी गोपाल कांडा के जन्मदिवस पर किए जा रहे आयोजन पर सवाल खड़े किए। उन्होंने ऐसे आयोजन को महिलाओं और सिरसा की तमाम जनता का अपमान बताया है। इसी के साथ उनका कहना है कि सिरसा की धर्म धरती को कांडा परिवार ने कथित तौर पर न केवल कलंकित किया है बल्कि संतों का भी अपमान किया है। उन्होंने कहा कि 29 दिसम्बर को प्रात: 10 बजे भादरा गेट पर सर्व समाज की ओर से हवन यज्ञ किए जाने का कार्यक्रम रखा गया है। सिरसा की पावन धरा को इस पाप से मुक्ति दिलवाने तथा संतों का सम्मान लौटाना ही इस हवन यज्ञ का उद्देश्य है। विज्ञप्ति में सैनी ने कहा है कि दिल्ली निवासी गीतिका शर्मा व उसकी माता की मृत्यु के बाद न्याय दिलवाने तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए आगामी 29 दिसम्बर को यज्ञ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह शहर के अनेक गणमान्य लोगों ने उनसे मुलाकात करके इस विषय में गंभीर चर्चा की तथा गीतिका व उसके परिवार को न्याय दिलवाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की थी। शहरवासियों की अपील पर ही यह हवन यज्ञ रखा गया है।

Tuesday, 24 December 2013

सत्संग के बहाने फेसबुक फ्रेंड से मिलने आई युवती से गैंगरेप

डेरा सच्चा सौदा में जूस पिलाकर किया बेसुध

सिरसा। फेसबुक पर दोस्ती हुई और मिलने के लिए डेरा सच्चा सौदा के अलावा कोई माकूल शरणस्थली नहीं मिली। परिवार का डेरा के प्रति अंधविश्वास काम आया और दोस्त को भी जगह रास आ गई। दोनों के मिलने का स्थान तय हो गया। बस बाकी रह गया सही समय का इंतजार। डेरा सच्चा सौदा में मिलना था तो रविवार का दिन भी नजदीक आ गया। युवती ने डेरा जाकर सत्संग सुनने की बात परिजनों से कही। अंधविश्वास में डूबे परिजनों ने भी मना नहीं किया। दोनों दोस्त डेरा सच्चा सौदा में मिले। बातचीत हुई और सत्संग का ख्याल भूल दोनों जूस बार पर जा पहुंचे। युवती ने जूस पिया और उसके बाद जब सुध आई तो उसके साथ धोखा हो चुका था।
पंजाब के करतारपुर निवासी एक युवती ने आज सदर थाना पुलिस को यह कहानी बयां की। युवती ने बताया कि उसके साथ दो युवकों ने गैंगरेप किया है। वह फेसबुक पर विनोद नामक युवक की दोस्त बनी थी। विनोद से मिलने के लिए वह सत्संग के बहाने डेरा सच्चा सौदा आई। यहां पर विनोद उसे मिला और उसने जूस पीने की बात कही। दोनों ने जूस पिया लेकिन वह जूस पीने के बाद बेसुध हो गई। जब उसे होश आया तो वह पास के ही किसी खेत में थी। वहां विनोद व एक अन्य युवक ने उससे दुष्कर्म किया और उसे वापिस डेरा सच्चा सौदा छोड़ गए। युवती यहां से गांव दड़बी में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के यहां पहुंची और सारी कहानी बयां की। परिजनों को सूचना दी गई और आज सदर थाना में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने विनोद व उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि विनोद की पहचान क्या है। उसके फेसबुक अकाउंट से जानकारी जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल इतना भी पता नहीं चल पाया है कि विनोद कहां का रहने वाला है।

अब पेशी चार जनवरी को

सिरसा। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह ने आज सीबीआई अदालत के समक्ष हाजिरी लगाई। आज साध्वी यौन शोषण व रणजीत हत्याकांड में सुनवाई हुई। इस मामले में आगामी तिथि 4 जनवरी निर्धारित की गई है।
ज्ञातव्य हो कि पत्रकार रामचन्द्र छत्रपति हत्याकांड में भी चार जनवरी की तारीख मुकर्रर है। छत्रपति हत्याकांड में विगत शनिवार को हुई सुनवाई के दौरान मामले के जांच अधिकारी डा. अरमानदीप सिंह की गवाही पर जिरह पूरी कर ली गई थी। तीनों मामलों में अब गुरमीत सिंह को चार जनवरी को अदालत के समक्ष हाजिर होना होगा।

तीन की मौत, तीन घायल
गांव साहुवाला प्रथम के निकट कार-कैंटर के बीच हुई टक्कर

सिरसा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव साहुवाला प्रथम के निकट आज सुबह कैंटर व कार की भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दुर्घटना के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद वारिसों को सौंप दिए गए।
मिली जानकारी के अनुसार डबवाली के गुरूनानक नगर निवासी पुरूषोतम सिंह अपनी पत्नी मनप्रीत कौर, पुत्र गुरशरण सिंह, पुत्री खुशी व माता गुरदीप कौर के साथ मारुति कार में सवार होकर डबवाली से सिरसा के डेरा सच्चा सौदा आ रहे थे। साहुवाला प्रथम के निकट तेज रफ्तार कैंटर बस को ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी कार से टकरा गया। कैंटर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह कार को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। भीषण हादसे में कार सवार पुरुषोत्तम, उसकी पुत्री खुशी व मां गुरदीप कौर की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। बडाग़ुढा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गुरशरण सिंह व मनप्रीत कौर को इलाज के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि कैंटर सिरसा की सब्जी मंडी से डबवाली जा रहा था। घटना के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार कैंटर डबवाली का है। इस सबंध में मृतक पुरूषोतम सिंह के भाई नरोतम सिंह की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ धारा 279, 304ए,व 427 आइपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
उधर गांव मोरीवाला के पास हुई सड़क दुर्घटना में दर्शन पुत्र जोगिन्द्र सिंह निवासी मोरीवाला घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दर्शन सिरसा के एक निजी स्कूल में अध्यापक है और सुबह अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर स्कूल आ रहा था।

तीन इंस्पेक्टर बने डीएसपी

सिरसा। प्रदेश सरकार द्वारा हरियाणा पुलिस के कई अधिकारियों की पदोन्नति की है। सिरसा में नियुक्त तीन इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी भी डीएसपी बनाए गए हैं। डीजीपी कार्यालय के मुताबिक सिरसा के ओढां थाना में कार्यरत इंस्पेक्टर दलजीत ङ्क्षसह, सीआईए सिरसा प्रभारी किशोरी लाल व इंस्पेक्टर सतपाल को पदोन्नति देकर डीएसपी बनाया गया है। उक्त अधिकारी इंस्पैक्टर पद पर अपना 6 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं।

केन्द्रीय विद्यालय संगठन के गोल्डन जुबली ईयर पर कार्यक्रम का आयोजन
संसाधनों का सही दोहन कर विकास में बने भागीदार : सांसद

सिरसा। केंद्रीय विद्यालय संगठन के 50 वर्ष की स्वर्णिम यात्रा में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम रचे हैं, वे आज एक मिसाल बन गए हैं। आज से 50 वर्ष पूर्व 20 रैजीमेंटल विद्यालयों के साथ शुरू हुए इस संगठन के अंतर्गत देशभर में फिलहाल 1100 केंद्रीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। यह विचार सिरसा के सांसद डा. अशोक तंवर ने आज यहां एयरफोर्स स्थित केंद्रीय विद्यालय संख्या-1 में गोल्डन जुबली इयर सेलिब्रेशन के अंतर्गत आयोजित किए गए कार्यक्रम में संबोधित करते हुए प्रकट किए। संभागीय प्रोत्साहन पुरस्कार शीर्षक पर आधारित इस समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय विद्यालय संगठन के उपायुक्त सी.मणि ने की। इस दौरान विद्याॢथयों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मन मोह लिया। कार्यक्रम का आगाज सांसद तंवर एवं सी. मणि ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके उपरांत विद्याॢथयों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। विद्याॢथयों को संबोधित करते हुए डा. अशोक तंवर ने शिक्षा के क्षेत्र में केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी और बेहतर सुविधाएं लोगों को उपलब्ध करवाना यूपीए सरकार की विशेष प्राथमिकता रही हैं। सांसद तंवर ने कहा कि आज भारत आधुनिक और विकसित देश के रूप में उभर रहा है। हमें अपने संसाधनों का सही तरह से दोहन करते हुए विकास की गति को तेज करना चाहिए। अपने अध्यक्षीय भाषण में सी. मणि ने कहा कि 50 वर्षों में केंद्रीय विद्यालय संगठन ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। यहां से शिक्षा अॢजत करने वाले अनेक विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में अच्छे पदों पर नियुक्त हैं।
केंद्रीय विद्यालय क्षेत्रीय केंद्र सिरसा के अंतर्गत आने वाले हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के केंद्रीय विद्यालयों के चयनित शिक्षकों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान संगीत गायन एवं अन्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया और इन प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके साथ रिजनल सेंटर के सहायक आयुक्त निरंजन कुमार, विद्यालय के प्राचार्य सुभाष चंद्र, के.वी. टू. के प्राचार्य सी.एस. आजाद, कर्नल खुराना, अमित सोनी, विजेंद्र सिवाच, आर.डी. गौतम, राजकुमार, आर.एन. गंगवार, मनमोहन ङ्क्षसह, एस. महेंद्रु, रजनी नेय्यर, सुनीता भगत, मीना धीमान, अमित अरोड़ा, सुरेश शर्मा सहित अनेक शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

Monday, 23 December 2013

डबवाली अग्नि त्रासदी : भुलाए नहीं भूलता वो मंजर

सिरसा। 23 दिसम्बर 1995 को डबवाली के डीएवी स्कूल का वार्षिक समारोह राजीव मैरिज पैलेस में चल रहा था।  नन्हें-मुन्ने, सजे-संवरे संगीत की मदमस्त धुनों पर इठला रहे थे। मंच के सामने मौजूद उनके अभिभावक इतरा रहे थे, अपने बच्चों को इठलाता देखकर। सबकुछ ठीकठाक चल रहा था। इसी दौरान आग की एक चिंगारी उठी और गीतों की स्वर-लहरियां चीख-पुकार में  बदल गईं। थिरकते पांव जान बचाने को दौड़भाग करने लगे। चंद लम्हों में ही सबकुछ आग की भेंट चढ़ गया। हादसे में मासूम बच्चों व उनके अभिभावकों सहित 462 लोगों की जान चली गई। कई जीवन भर के लिए अपाहिज हो गए। किसी की टांग चली गई तो किसी का हाथ। किसी का चेहरा तो इतना कुरूप हो गया कि पास बैठने वाला ही डर जाए। लम्बा समय बीत जाने के बाद भी वो हादसा भुलाए नहीं भूलता। 

स्मारक स्थल पर हुआ श्रद्धांजलि समारोह
ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन 

डबवाली। डबवाली अग्निकांड की 18वीं बरसी पर आज अग्नि पीडि़तों के स्मारक स्थल पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विगत तीन दिनों से चल रहे गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ का भोग डाला गया और गीता के पाठ व हवन यज्ञ का आयोजन भी किया गया। आज सांसद अशोक तंवर सहित विभिन्न गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में शिरकत की और अग्नि पीडि़तों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
डॉ. तंवर ने कहा कि नि:संदेह यह अग्निकांड उस समय देश की सबसे भयानक, दुखदायी घटना और बड़ी त्रासदी थी। उन्होंने कहा कि इस घटना का खामियाजा उस समय न केवल सैंकड़ों परिवारों को उठाना पड़ा, बल्कि देश भर के लोग भी इससे प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके।  उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी पीडि़त परिवारों के सदस्यों की मदद के लिए हर समय उनके साथ खड़ी हैं। साथ ही उन्होंने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए भी भगवान से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री हरियाणा के विशेष कार्याधिकारी मीडिया डा. के. वी. सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आत्माएं कभी नहीं मरती। उन्होंने कहा कि 23 दिसंबर 1995 में यह त्रासदी विश्व की सबसे बड़ी त्रासदी थी जिसे भुुलाया नहीं जा सकता लेकिन बीते हुए समय के साथ-साथ परिस्थितियों का सामना करना ही पड़ता है।  इस अवसर पर सिरसा के सांसद डा अशोक तंवर ने डबवाली अग्रिकांड से पीडि़तों की याद में स्मारक स्थल डबवाली में स्थापित की गई ई-लाईब्रेरी का उद्घाटन किया। इस लाईब्रेरी में पाठकों के लिए किंडल टेबलेट भी उपलब्ध करवाए गए हैं। इस किंडल टेबलेट से यहां आने वाले पाठक लाईब्रेरी में रखी गई किताबों के अलावा किंडल एंडरोयड/ टेबलेट से भी किताबें पढ़ पाएंगे। किंडल टेबलेट की सुविधा वाली यह लाइब्रेरी न केवल हरियाणा प्रदेश बल्कि देश की पहली लाईब्रेरी होगी। शुरूआती दौर में ई-लाईब्रेरी के लिए दो किंडल टेबलेट खरीदे गए।

थाने में निगला जहर, हालत गंभीर
थाना प्रभारी पर लगाया प्रताडऩा का आरोप

सिरसा। खंड चौपटा के गांव रूपाणा के एक व्यक्ति ने पुलिस प्रताडऩा से तंग आकर चौपटा थाना में स्प्रे पी आत्महत्या का प्रयास किया। थाना में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे सिरसा के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक रैफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार गांव रुपाणा निवासी महेन्द्र की कुछ जमीन उसी के रिश्तेदारों ने धोखाधड़ी कर अपने नाम करवा ली थी। महेन्द्र ने इस बाबत छह माह पूर्व चौपटा थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामले के दो आरोपियों को तो गिरफ्तार किया लेकिन तीन आरोपी अभी तक खुलेआम घूम रहे हैं। महेन्द्र ने बार-बार चौपटा थाना में आरोपियों को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आज प्रात: भी महेन्द्र थाने पहुंचा और थाना प्रभारी जसविन्द्र शर्मा से आरोपियों की धरपकड़ की बात कही। आरोप है कि थाना प्रभारी जसविन्द्र शर्मा ने पीडि़त महेन्द्र के साथ गाली-गलौच किया और उसे थप्पड़ भी मारा। आरोप है कि थाना प्रभारी ने पीडि़त महेन्द्र को आत्महत्या करने लेने की बात कही। इसी से दुखी महेन्द्र ने स्प्रे खरीदा और थाना परिसर में जाकर पी लिया। हालत बिगडऩे पर पुलिस कर्मियों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया और परिजनों को सूचना दी। परिजनों के अस्पताल में पहुंचते ही चौपटा थाना प्रभारी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद एएसपी राजेन्द्र मीणा, सिरसा शहर थाना प्रभारी दलीप सिंह दलबल सहित मौके पर पहुंचे। पीडि़त के भाई कुलदीप व दरिया सिंह ने बताया कि जमीन को लेकर महेन्द्र ने मामला दर्ज करवाया था। आज भी महेन्द्र थाना में गया वहां उसके साथ दुव्र्यवहार हुआ, जिसके चलते उसने स्पे्र पी ली। उन्होंने मांग की कि चौपटा थाना प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस बारे में पत्रकारों से जब एएसपी राजेन्द्र मीणा से बातचीत करनी चाही तो उन्होंने कहा कि वे आज छुट्टी पर हैं और इस बाबत कोई बात नहीं करेंगे।

फिर कायम होगा हॉकी का रुतबा : सरदारा

सिरसा। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान व विश्व के जाने माने मिड फिल्डर सरदार सिंह ने कहा कि अब वो दिन दूर नहीं जब हॉकी का रूतबा भारत में फिर से लौटेगा और हॉकी में भारत की बादशाहात कायम होगी। सरदार सिंह जीवननगर के नामधारी गुरू हरी सिंह महाविद्यालय के अपने पुराने मैदान पर छोटे हॉकी खिलाडिय़ों के साथ अभ्यास कर रहे थे। वे पिछले पांच दिनों से अपने गांव संतनगर आए हुए थे। कल दिल्ली के लिए रवाना हुए जहां वे 28 दिसम्बर से दिल्ली में शुरू हो रहे विश्व कप से पहले चौथे व अन्तिम राउंड का अभ्यास शुरू करेंगे।
उन्होंने प्रदेश में खेल सुविधाओं के बारे में कहा कि राज्य सरकार द्वारा आधा दर्जन से भी अधिक एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान बनाए गए हैं। उन्हें खुशी है कि अब राज्य सरकार ने उनके पुराने मैदान जीवन नगर महाविद्यालय में, जहां उन्होंने बचपन में हॉकी के गुर सीखे हैं उस मैदान पर एस्ट्रोटर्फ बनाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस मैदान के बनाने पर लगभग साढे पांच करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी और इस क्षेत्र के खिलाडिय़ों को हॉकी में विश्व स्तर की सुविधाएं प्राप्त होंगी जिससे इस इलाके से और अधिक हॉकी के खिलाड़ी तैयार होंगे। 
सरदार सिंह ने कहा कि भारतीय हॉकी खिलाडिय़ों को अब छोटे शहरों में भी एस्ट्रोटर्फ की तकनीकों और खेल का अभ्यास होने लगा है जिससे छोटे कस्बों से हॉकी प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय हॉकी का भविष्य उज्ज्वल है क्योंकि भारतीय टीम को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ कोच टेरीगोच के मातहत प्रशिक्षण लेने का मौका मिला है जिससे टीम के मनोबल में इज़ाफा हुआ है और अब उनका व पूरी टीम का फोकस आगामी जुलाई 2014 में हालैंड में होने वाले विश्व कप पर है। भारतीय टीम इस कप के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। इससे पहले भारतीय हॉकी टीम को हॉकी इण्डिया लीग और कई अन्तर्राष्ट्रीय खेलों में विश्व की बड़ी-बड़ी हॉकी टीमों के साथ खेलने का मौका मिलेगा जिससे टीम में विश्वास और बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि हॉकी टीम के लिए वर्ष 2014 बेहद महत्वपूर्ण है। इस वर्ष विश्व कप के साथ-साथ एशियन गेम्ज राष्ट्रमण्डल, चैम्पियन ट्रॉफी, हॉकी इण्डिया लीग होगा जिसमें भारतीय टीम का खेल और निखरेगा। सरदार सिंह जो विश्व के बैस्ट फाईव हॉकी प्लेयर्ज में शामिल हैं, ने अभी तक 185 अन्तर्राष्ट्रीय मैच खेले हैं जिनमें से 35 अन्तर्राष्ट्रीय मैच उनकी कप्तानी में खेले गए।
इससे पहले वे सिरसा में जिला उपायुक्त डा जे गणेसन से मिले। उन्होंने जिला प्रशासन के अनुरोध पर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को अपने नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने का संदेश भी दिया।

Saturday, 21 December 2013

पुलिस हिरासत में मौत पर उठे सवाल

रातों-रात परिजनों के सुर बदले
चिकित्सीय पैनल ने किया पोस्टमार्टम

सिरसा। गांव बीरूवाला गुढ़ा निवासी बलवान पुत्र नत्थू राम की पुलिस अभिरक्षा में हुई मौत के मामले में आज चिकित्सकों के बोर्ड और ज्यूडिशियल मैजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मृतक का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद विसरा मधुबन भेज दिया गया है। इस बीच मृतक के परिजनों द्वारा अपने बयान बदलने की बात भी सामने आ रही है। ज्ञातव्य हो कि गत रात्रि तक परिजन पुलिस की प्रताडऩा के कारण बलवान की मौत हुई बता रहे थे। आज परिजनों ने पुलिस के खिलाफ मुंह खोलने से साफ मना कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि गत दिवस गांव बीरूवालागुढ़ा निवासी बलवान की मौत पुलिस हिरासत में हो गई थी। बलवान को सीआईए पुलिस ने खेतीहर मजदूर की हत्या के आरोप में हिरासत में लिया था। कुछ ही घंटों की हिरासत के बाद बलवान की हालत बिगड़ गई थी। पुलिस उसे यहां एक निजी अस्पताल में लेकर आई जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले को दबाने की काफी कोशिश की लेकिन परिजनों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने सीआईए पुलिस पर आरोप जडऩे शुरू कर दिए। गत रात्रि तक परिजनों का कहना था कि बलवान की मौत पुलिस द्वारा दी गई प्रताडऩा की वजह से हुई है। वह थाना में ही मर चुका था बावजूद इसके परिजनों को सूचना नहीं दी गई और उपचार के बहाने उसे सिरसा लाया गया। आखिरकार प्रशासन हरकत में आया और शव पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया।
पोस्टमार्टम के लिए बाकायदा चार चिकित्सकों का एक बोर्ड गठित किया गया। बोर्ड द्वारा आज ज्यूडिशियल मैजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया गया। आज परिजनों के बोल पुलिस के खिलाफ नहीं फूटे।
गत दिवस पुलिस कर्मियों ने बलवान की मौत हार्ट अटैक से हुई बताई। आज परिजन भी यही बयानबाजी करते दिखे। मामले को संदिग्ध बताया जा रहा है। बताया यह भी जा रहा है कि पोस्टमार्टम के दौरान पुलिस कर्मी भी शवगृह में मौजूद रहे, जबकि यह प्रक्रिया के पूरी तरह खिलाफ है। रातों-रात परिजन के बयान बदलने को गांव के लोग संदिग्ध बता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस व परिजनों में सुलह हो गई लगती है। परिजनों के बयान पुलिस के दबाव में बदले हैं। वहीं पुलिस कर्मियों का कहना है कि बलवान की मौत हार्ट अटैक से हुई है। बाकी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मामला पूरा स्पष्ट हो जाएगा। उधर एसएसपी सौारभ सिंह ने स्वीकार किया कि कि पुलिस हिरासत में बलवान की मौत हुई है। मामले की न्यायिक जांच करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल इस मामले की जांच एएसपी राजेंद्र कुमार मीणा कर रहे हैं।

डिग्गी में डूबने से किसान की मौत
अत्याधिक मदिरा सेवन बना मौत का कारण

सिरसा। गांव तलवाड़ा खुर्द में एक व्यक्ति की ट्यूबवैल की डिग्गी में गिरने से मौत हो गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। यहां शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार एलनाबाद के तलवाड़ा खुर्द  निवासी गुरदीप पुत्र अमीर सिंह खेतीबाड़ी करता था। गत रात्रि वह खेत गया लेकिन वापिस नहीं लौटा। परिजनों को ङ्क्षचता हुई तो वे खेत पहुंचे और छानबीन शुरू की। गुरदीप का शव खेत में लगे ट्यूबवैल की डिग्गी में पड़ा मिला। परिजनों के अनुसार गुरदीप शराब का आदी था। डिग्गी के पास ही पड़ी शराब की बोतल से संभावना जताई जा रही है कि अत्यधिक मदिरा सेवन के बाद वह असंतुलित होकर डिग्गी में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल पहुंचाया। बताया गया है कि मृतक शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं।