BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Tuesday, 17 March 2015

किसी के जाने से फर्क नहीं पड़ेगा

सिरसा। आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य नवीन जयहिंद का मानना है कि योगेन्द्र यादव या प्रशांत भूषण सरीखे किसी भी नेता के पार्टी में न होने से पार्टी को एक प्रतिशत भी फर्क नहीं पडऩे वाला। उनका कहना है कि आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं से बनी है इसलिए इसमें किसी नेता के आने-जाने का कोई नुकसान नहीं है। नवीन आज जाट धर्मशाला में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी के पुनर्गठन सहित अनेक भावी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पार्टी नेताओं में वैचारिक मतभेद की बात मानी हालांकि वे योगेन्द्र यादव द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे 'जय किसान अभियान' के समर्थन की बात करते नजर आए। 
प्रदेश कार्यकारिणी का होगा पुनर्गठन
पिछले दिनों सिरसा में योगेन्द्र यादव द्वारा किए गए दावों के विपरीत नवीन जयहिंद ने कहा कि आम आदमी पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी फिलहाल भंग है। उल्लेखनीय है कि 15 मार्च को जय किसान अभियान के दौरान सिरसा आए योगेन्द्र यादव ने कहा था कि प्रदेश कार्यकारिणी में कोई मतभेद नहीं है। वे प्रदेश के प्रभारी हैं, उनके साथ संयोजक व प्रदेश प्रवक्ता भी मौजूद थे। लेकिन आज कार्यकारिणी के संदर्भ में पूछे गए एक सवाल पर नवीन जयहिंद ने कहा कि पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी भंग है। पत्रकार वार्ता की शुरुआत में ही उन्होंने अप्रेल माह में नई कार्यकारिणी घोषित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन का विस्तार होगा और प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर पर पार्टी की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसी के साथ उन्होंने बताया कि पार्टी आगामी 23 मार्च को शहीद भगत सिंह, राजगुरू व सुखदेव के शहीदी दिवस को देश धर्म दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान रक्तदान, अस्पतालों में दवाई वितरण, सामूहिक भोज आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इनेलो नहीं निभा रही विपक्ष की सही भूमिका
नवीन जयहिंद ने कहा कि प्रदेश में इनेलो हालांकि विपक्ष में है लेकिन वह विपक्ष की सही भूमिका नहीं निभा रही है। केंद्र सरकार ने सीबीआई नाम के 'तोते' के डर से इनेलो को दबा रखा है। इसलिए आम आदमी पार्टी विधानसभा में चाहे न पहुंचे लेकिन सड़कों पर आंदोलन करके मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। 
सरकार नाकाम
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार हर क्षेत्र में नाकाम साबित हुई है। प्रदेश का ऐसा हाल हो चुका है कि सरकार के न होने का आभास होता है। प्रदेश के किसानों के सबसे अधिक बुरे दिन आए हैं। न यूरिया मिली, न बिजली-पानी मौके पर मिले। इस पर इन सबके लिए डंडे भी खाने पड़े।
कार्यकर्ता चाहें तो केजरीवाल को हटा दें
किसी नेता विशेष की पार्टी न होने की बात पर जब नवीन जयहिंद से केजरीवाल को हटाने संबंधी सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता चाहें तो केजरीवाल को भी हटा दें। उन्होंने कहा कि केजरीवाल वैसे तो पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं और यदि उनका कोई विरोध करता है तो इसमें उसका कोई स्वार्थ निहित है। लेकिन चूंकि पार्टी किसी नेता विशेष की नहीं है, और कार्यकर्ता ही पार्टी हैं, ऐसे में यदि कार्यकर्ता चाहें तो केजरीवाल को भी हटा दें।
तो योगेन्द्र से छिनेगी प्रदेश की कमान
नवीन जयहिंद ने अप्रेल माह में आम आदमी पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी के पुनर्गठन की बात कही। इसी के साथ यह कयास भी लगाए जा रहे हैं कि पार्टी ने योगेंद्र यादव को पूरी तरह से किनारे करने की नींव रख दी है। ज्ञात रहे कि योगेन्द्र लोकसभा चुनावों से पूर्व हरियाणा के प्रदेश प्रभारी बनाए गए थे और हरियाणा में लोकसभा चुनाव उन्हीं के नेतृत्व में लड़ा गया था। नवीन जयहिंद शुरू से ही योगेन्द्र का पार्टी में विरोध करते रहे हैं। ऐसे में दिल्ली चुनावों के बाद पार्टी में मची उठापटक ने उनकी महत्वाकांक्षा को और बढ़ा दिया है। केजरीवाल व योगेंद्र की दूरी के बीच नवीन ने केजरीवाल के साथ नजदीकी बनाने के प्रयास किए हैं और आज यहां पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी के पुनर्गठन की घोषणा से यही अंदाजा लगाया जा रहा है कि योगेंद्र यादव को आने वाले समय में प्रदेश की कार्यकारिणी से भी अलग किया जा सकता है।

रिश्वतखोर सरकारी वकील रंगे हाथों गिरफ्तार
विजिलैंस टीम ने न्यायालय परिसर के पास से दबोचा
7000 रुपये की रिश्वत राशि बरामद

सिरसा। विजिलैंस विभाग व एसडीएम पर आधारित टीम ने सत्र न्यायालय में तैनात एक सरकारी वकील को सात हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है। वकील मानव देह के अवैध व्यापार के एक मामले में आरोपी को बरी करवाने के लिए 7 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। 
जानकारी के अनुसार रमन कुमार ने विजिलैंस विभाग को शिकायत दी थी कि सत्र न्यायालय में तैनात सरकारी वकील महेन्द्र अग्रवाल एक केस से बरी करवाने के लिए रिश्वत की मांग कर रहा है। विजिलैंस विभाग ने इस बाबत उपायुक्त को सूचित किया। उपायुक्त ने एसडीएम परमजीत चहल को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त किया। आज दोपहर को रमन कुमार की ओर से एडीए महेन्द्र अग्रवाल को सात हजार रुपये की रिश्वत देना तय हुआ। विजिलैंस ने एक-एक हजार के सात नोटों पर कैमिक्ल लगाकर उसे सौंपे। न्यायालय परिसर के नजदीक शिकायतकर्ता रमन कुमार ने एडीए महेन्द्र अग्रवाल को सौंपे। इसी दौरान टीम ने इशारा पाकर एडीए को रिश्वत राशि सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीडि़त का कहना है कि उसे पीटा एक्ट से बरी करवाने के लिए रिश्वत मांगी थी और साथ ही यह धमकी दी गई कि अगर वह रिश्वत नहीं देगा तो उपरी अदालत से उसे सजा दिलवाएगा।

Monday, 16 March 2015

चोरों ने दो दुकानों के ताले तोड़ लाखों का सामान चुराया

सिरसा। शहर में चोरी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है। गत रात्रि शहर में दो अलग अलग स्थानों पर चोरी की वारदात हुई।
जानकारी के अनुसार हिसार रोड पर बिश्रोई मार्केट में चोरों ने 21 नंबर दुकान बेपरवाह मिक्सिंग सैंटर को अपना निशाना बनाया। चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी का पता दुकान संचालक को आज सुबह लगा। दुकान संचालक सतीश कुमार ने बताया कि चोर दुकान से तीन कंप्यूटर, दो एलइडी, तीन हजार रुपए नकद तथा अन्य सामान चुरा ले गए। सतीश कुमार ने बताया कि चोर कई कैसेट डीवीडी आदि भी ले गए, जो ग्राहकों के विवाह व अन्य समारोहों की थी।
वहीं दूसरी घटना अनाजमंडी में यूको बैंक के समीप स्थित श्रीराम मोबाइल पर हुई। दुकान संचालक रवि कुमार ने बताया कि चोर दुकान से करीब सवा लाख रुपए के मोबाइल चुरा ले गए। दुकान संचालक रवि ने बताया कि चोरों ने दुकान में बाहर की ओर से जाली तोड़कर सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल चुरा ले गए। वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद दुकान संचालकों की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
गौ गोपाल भक्ति कथा उत्सव सम्पन्न
सिरसा। चौधरी देवीलाल गौशाला में गौ गोपाल भक्तिकथा उत्सव के समापन अवसर पर एसडीएम परमजीत सिंह चहल ने मुख्यातिथि के रूप में गोदान किया। समारोह की अध्यक्षता तपोवन हरिद्वार से आए डॉ. स्वामी दिव्यानंद महाराज ने की।
गौशाला के प्रधान कुंदनलाल नागपाल ने अतिथियों का स्वागत किया और पिछले पांच दिनों से गौशाला में चल रहे कथा उत्सव के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी शहर व आस-पास के हजारों श्रद्धालुओं ने इस उत्सव में शिरकत की और 92 लोगों ने गोदान किया। श्रद्धालुओं को गो महत्व बताते हुए डॉ. दिव्यानंद महाराज ने कहा कि भगवान कृष्ण भी गोभक्त के रूप में अवतरित हुए, इसी से अनुमान लगाया जा सकता है कि भारतीय संस्कृति में गाय का क्या महत्व है। उन्होंने कहा कि गाय की सेवा करने से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं और आदमी की विवेक क्षमता बढ़ती है। उन्होंने गौशालाओं की समृद्धि एवं विकास में योगदान देने की अपील करते हुए कहा कि यह दान या पुण्य नहीं अपितु प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। एसडीएम परमजीत सिंह चहल ने गौशाला से जुड़े लोगों को यहां की सुचारू व्यवस्था के लिए बधाई दी एवं गौशाला को और विकसित करने के लिए प्रेरित किया। प्रबंध समिति की ओर से धर्मपाल मेहता ने अमरनाथ सेवा समिति की ओर से की गई लंगर सेवा, बालाजी सेवा समिति की ओर से की गई जूता रक्षण सेवा सहित इस महायज्ञ में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

Saturday, 14 March 2015

फूंका पीएम का पुतला

सिरसा। आंगनवाड़ी वर्कर एवं हैल्पर यूनियन हरियाणा के बैनर तले आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर आज केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व यूनियन की जिला प्रधान वीरो देवी ने किया। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से सामाजिक स्कीमों के लिए बजट में आठ हजार करोड़ रुपए की कमी करने पर विरोध जताया गया। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देती है जबकि दूसरी ओर महिला कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। इसके अलावा आंगनवाड़ी कर्मचारियों को पक्का करने व उनका मानदेय बढाने की मांग भी की गई। प्रदर्शन में आंगनवाड़ी वर्करों के साथ ही आशा वर्करों व मिड डे मील कर्मचारियों तथा अन्य कर्मचारी संगठनों ने भी भाग लिया। इससे पहले टाऊन पार्क में रोष सभा की गई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को ऐलनाबाद हलका की प्रधान सीतादेवी, उर्मिला, कमलेश व छिंद्रपाल के अलावा कर्मचारी नेता सोहन सिंह रंधावा ने भी संबोधित किया। इसके बाद सभी महिलाएं विभिन्न बाजारों में रोष मार्च करती हुई सुभाष चौक पर पहुंची जहां पर केंद्र सरकार का पुतला फूंका गया। सभी महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला हाथ में उठाकर शहर के विभिन्न बाजारों में रोष मार्च निकाला तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

व्यापारी ने की आत्महत्या
बठिंडा जाने वाली रेलगाड़ी के आगे कूदा

सिरसा। रेलवे स्टेशन के समीप गत रात्रि एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। आसपास के लोगों ने रेलवे पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के जिला हुनमानगढ़ के गांव निठराना निवासी महावीर प्रसाद गत दिवस सिरसा आया हुआ था। बताया गया कि महाबीर ने रात्रि 11 बजे के करीब बठिंडा की ओर जाने वाली ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि महावीर कार में सवार होकर सिरसा आया था। उसने फाइनेंस पर कुछ समय पहले ही यह कार खरीदी थी। लोगों ने रेलवे ट्रेक  पर शव देखा तो इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। मृतक के पास से किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। महावीर शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता था। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर इत्तेफाकिया मौत का मामला दर्ज कर लिया है। आज सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Friday, 13 March 2015

सिरसा 'आप' में भी उठे विरोध के स्वर

भारूखेड़ा पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप
योगेन्द्र व प्रशांत पर फैसला लोकतांत्रिक : काजला

सिरसा। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने आज टाउन पार्क में एक बैठक की। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय समिति सदस्य धर्मवीर काजला ने की। 
काजला ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सिरसा जिला के कार्यकर्ताओं को पार्टी के उन लोगों के प्रति गंभीर शिकायतें हैं जिन्हें पार्टी ने जिला में काम करने की जिम्मेदारी दी हुई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता प्रह्लाद सिंह भारूखेड़ा ने पार्टी में गुटबाजी करते हुए विरोधी गतिविधियों को संचालित किया। इसी कारण जिला में अनेक ईमानदार और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को पार्टी से दूर होना पड़ा। उन्होंने कहा की उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायत पार्टी के आंतरिक लोकपाल से की गई है। लोकपाल शीघ्र ही प्रह्लाद सिंह भारूखेड़ा को लेकर फैसला लेगा। इस अवसर पर अनेक कार्यकर्ताओं ने भी प्रह्लाद सिंह पर आरोप जड़े।
धर्मवीर ने कहा कि आज हुई बैठक में कार्यकर्ताओं ने ऐसे लोगों के विरुद्ध और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को एक जुट करके जिला में नए सिरे से पार्टी संगठन खड़ा करने  फैसला लिया है। उन्हें आशा है कि पार्टी स्वराज के माध्यम से जिला में सशक्त होकर उभरेगी। काजला ने पार्टी की राष्ट्रीय समिति द्वारा योगेन्द्र यादव और प्रशांत भूषण को समिति से निकाले जाने के फैसले को लोकतान्त्रिक बताया। बैठक में गुरमुख सिंह, नवनीत बेगू, जसविंदर सिंह, अशोक बराबर, चन्द्र काम्बोज, कामरेड वसावा राम, डाक्टर कुलदीप काम्बोज, श्याम सुन्दर चौटाला, राजकुमार, भीम चौटाला, दिनेश, सतीश कुमार, ओम वती, शारदा देवी, सरोज और लक्ष्मी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

हादसे में दो युवकों की मौत

सिरसा। गांव मोरीवाला के पास बीती रात सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। शवों का पोस्टमार्टम आज सामान्य अस्पताल में किया गया।
जानकारी के अनुसार गांव गदली निवासी सुभाष व बद्रीनाथ बाइक पर सवार होकर किसी कार्य से सिरसा आए थे। रात्रि को वापिस लौटते समय गांव मोरीवाला के पास सामने से आ रही स्विफ्ट कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार सुभाष व बद्री गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां दोनों की कुछ देर में मौत हो गई। सूचना मिलने पर डिंग पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज कर स्विफ्ट कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दोपहर को शवों का पोस्टमार्टम कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

एनआरआई की जेब कटी

सिरसा। बस अड्डे पर एक एनआरआई की जेब कटने का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने पर्स उड़ा लिया जिसमें वीजा, बैंक के एटीएम के अलावा 500 कनेडियन डॉलर भी थे। कोटकपूरा के गांव कोठे गजनसिंह वाला निवासी जरनैल सिंह पुत्र सरदारा सिंह ने बताया कि वह सिरसा आया था। बस अड्डा पर किसी ने उसकी जेब काट ली। पर्स में उसका वीजा, लाइसेंस, एटीएम कार्ड, 6000 रुपए की नकदी और 500 कनेडियन डॉलर भी थे। उसने बताया कि उसने एक युवक को शक होने पर पुलिस के हवाले भी किया मगर बस अड्डा चौकी पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की।

Thursday, 12 March 2015

पड़ोसन की निजता भंग करने वाले पड़ोसी पिता-पुत्र पर मामला दर्ज

सिरसा। शहर थाना पुलिस ने अदालत के आदेश पर महिला की निजता भंग करने के मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के अनुसार द्वारकापुरी निवासी महिला ने अदालत में दर्ज याचिका में शिकायत की कि उसका पड़ोसी मिंकू भाटिया मंदिर आते-जाते समय उसके साथ छेड़छाड़ करता है और जब वह कपड़े सुखाने छत पर जाती है तो अश्लील इशारे करने लगता है। इसकी शिकायत लेकर पीडि़ता मिंकू के पिता विमल भाटिया के पास गई। विमल भाटिया ने पीडि़ता से कहा कि लड़कों से इस प्रकार की हरकतें हो जाती हैं। इस उम्र में अक्सर ऐसा हो जाता है, यह कोई बड़ी बात नहीं। यह सुनकर पीडि़ता सन्न रह गई। इसके बाद दोनों पिता-पुत्रों ने सीसीटीवी कैमरे पीडि़ता के बैडरूम के समक्ष लगा दिए जिससे पीडि़ता की निजता भंग होकर रह गई। उसने शहर थाना में इस बारे में शिकायत दी लेकिन पुलिस ने शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। मजबूरन पीडि़ता को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। सीजेएम कोर्ट ने पीडि़ता की याचिका पर फैसला सुनाते हुए पुलिस को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश की पालना करते हुए पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्रों के खिलाफ छेड़छाड़, निजता भंग करने व अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। 

दुष्कर्मियों की हो गिरफ्तारी

सिरसा। दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गांव चकसाहिबा के ग्रामीण आज डीएसपी मुख्यालय जगदीश काजला से मिले। ग्रामीणों का कहना है कि केस दर्ज हुए काफी दिन हो चुके हैं लेकिन सदर थाना पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही। सदर थाना पुलिस ने 27 फरवरी को पीडि़ता की मेडिकल जांच व बयान दर्ज करके अलवर जिला के रहने वाले दो लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था। डीएसपी से मिलने पहुंचे हरनाम सिंह, गुरचरण सिंह, अनिल कुमार, शरण सिंह, अर्जुन सिंह, जय सिंह, सीता रानी आदि ने डीएसपी को बताया कि सदर पुलिस बार-बार जांच अधिकारी बदल रही है और जांच के बहाने आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करके पीडि़ता के साथ न्याय करें। 

Wednesday, 11 March 2015

आयकर विभाग की छापेमारी

कालांवाली। आयकर विभाग द्वारा कालांवाली में दो डाक्टरों व दो दुकानदारों पर एक साथ छापामार कार्रवाई की गई। टीम के मंडी में पहुंचने की सूचना मिलते ही मंडी में हड़कंप मच गया। समाचार लिखे जाने तक टीम द्वारा जांच का कार्य जारी था। आज आयकर विभाग की पांच टीमों ने मंडी में एक साथ छापा मारा। छापामार कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी टीम के साथ रहा। मंडी में टीम के आने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। लोग टीम द्वारा मारी गई रेड के बारे में जानकारी लेने के लिए फोन पर एक दूसरे से जानकारी लेते देखे गए। सिरसा के संयुक्त आयुक्त भिवानी शंकर के नेतृत्व में व ड्यूटी मैजिस्टे्रट अशोक सरोहा की देखरेख में आयकर विभाग के 2 दर्जन अधिकारियों ने छापामार कार्रवाई की। छापे के दौरान टीम ने अस्पताल एवं प्रतिष्ठानों के कागजात खंगाले। वहीं टीम में डिप्टी ज्वाइंट कमिश्रर शंभुदयाल, आर.के.मुजाल, आर.के.गर्ग, सुरेंद्र कुमार, ओमप्रकाश, कैलाश रानी,धन्नो देवी, पूनम देवी, देवेंद्र गोदारा, राजेंद्र चौधरी सहित दो दर्जन के करीब अधिकारी व दर्जन भी पुलिस के कर्मचारी मौजूद थे। जांच टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि विभाग के पास सभी का लेखा जोखा मौजूद है कि कौन कितना आयकर भरता है और कौन कितने आयकर की चोरी करता है। उक्त सारी कार्रवाई भी इसी तरह की कार्रवाई है। 

विद्युतकर्मियों को बनाया बंधक
काटे गए कनेक्शन जोड़कर विभाग कर्मियों ने छुड़ाया पिंड

सिरसा। बिजली बिलों का पिछले डेढ़ वर्ष से भुगतान न करने पर गांव सुचान में बिजली निगम के कर्मचारी आज पुलिस बल के साथ पहुंचे और बिलों का बहिष्कार करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने शुरू कर दिए, जिसके विरोध में सैकड़ों ग्रामीणों द्वारा बिजली निगम और हरियाणा सरकार विरोधी नारे लगाते हुए कर्मचारियों का घेराव किया गया। इससे पूर्व दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के कनिष्ठ अभियंता संसार सिंह और अन्य कर्मचारी पुलिस बल को साथ लेकर गांव में पहुंचे और आधा दर्जन कनेक्शन काट दिए। इसकी भनक लगते ही गांव की महिलाओं ने कनेक्शन काटने का विरोध किया लेकिन निगम के अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर धक्का-मुक्की की गई और अभद्र व्यवहार किया गया जिससे ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने कनेक्शन काटने वाले कर्मचारियों का विरोध किया और उन्हें बंधक बनाकर काटे गए कनेक्शन दोबारा जोडऩे की मांग की। ग्रामीणों के विरोध आगे निगम के कर्मचारियों को झुकना पड़ा और काटे गए कनेक्शन दोबारा जोडऩे व फिर से गांव में दोबारा न आने की बात कहने पर ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीणों ने कहा कि महिलाओं से अभद्रता करने वाले कर्मचारियों के विरूद्ध वे मुकदमा दर्ज करवाएंगे। वहीं बिजली आंदोलन संघर्ष समिति के पदाधिकारियों रोशन सुचान, सी. भोला और मनोज पचेरवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने अच्छे दिन लाने का वादा किया था और काला धन वापिस लाकर प्रत्येक नागरिक के खाते में 15 लाख रूपये आने की बात कही थी। बिजली दरों में कटौती न कर खट्टर सरकार कांगे्रस की राह पर चल रही है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रत्येक भारतीय के खाते में 15 लाख रूपए नहीं आएंगे तब तक बिजली के बिल भी नहीं भरे जाएंगे। काला धन आने पर बिलों का भुगतान ब्याज सहित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि गांव सुचान का बकाया बिजली बिल करीबन 45 लाख रूपए से अधिक है। बिजली दरों में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा भारी वृद्धि के विरोध में सिरसा सहित कई जिलों में बिजली आंदोलन संघर्ष समिति और ए.आई.एस.एफ. द्वारा सितम्बर 2013 में बिजली बिल बहिष्कार आंदोलन शुरू किया था।

कांग्रेस जारी रखेगी भूमि अधिग्रहण बिल का विरोध : तंवर
केन्द्रीय बजट की तरह प्रदेश के बजट से नहीं है उम्मीद
भाजपा सरकार नाकामियां छुपाने के लिए ला रही श्वेतपत्र


सिरसा। केंद्र की मौजूदा भाजपा सरकार के भूमि अधिग्रहण बिल पर कांग्रेस की ओर से विरोध लगातार जारी रहेगा। यह बिल पूरी तरह से महापूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए तैयार किया गया है। यह बात हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने आज अपने सिरसा निवास स्थान पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान कही। डॉ. तंवर ने कहा कि भूमि अधिग्रहण बिल को लेकर कांग्रेस की ओर से 55 संशोधन मांगे गए थे, परंतु सरकार ने 9 संशोधन को ही मंजूरी देने का काम किया जिससे यह बात साफ जाहिर है कि केंद्र सरकार का किसानों के हितों से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा लाए गए इस कानून को किसानों के हितों के विरूद्ध बताया। सीएम विंडो पर दी जाने वाली शिकायतों के संबंध में उन्होंने कहा कि इस विंड़ो पर शिकायतें तो रोज आती हैं परंतु उनका समाधान नहीं हो पा रहा है। डॉ. तंवर ने कहा कि सिरसा में कृषि आधारित उद्योग धंधों की आज सख्त जरूरत है, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा भेदभाव के चलते इस क्षेत्र को उद्योग रहित रखा जा रहा है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हर बजट में प्रदेश के लिए बड़े प्रोजेक्ट आते रहे हैं लेकिन इस बार का बजट काफी निराशा भरा रहा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट की तरह प्रदेश के बजट से भी अब लोगों को कोई उम्मीद नहीं रही है। साथ ही प्रदेश सरकार सिरसा और मेवात को विकास के मामले में पीछे छोड़कर लोगों को छलने का काम कर रही है। चुनावों के दौरान भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने आम लोगों के सामने जो एजेंडा रखा था, उस पर न चलते हुए वे लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजाक उड़ा रहे हैं। चुनावों से पूर्व भाजपा ने युवाओं को रोजगार देने, बुजुर्गों को 2 हजार रुपए पेंशन देने, बेरोजगारी भत्ता बढ़ाने, कर्मचारियों को पंजाब के समान वेतन देने और प्रदेश में निष्पक्षता के साथ विकास करवाने के लंबे चौड़े वादे किए थे मगर सत्ता में आने के बाद सरकार ने सभी कार्यों पर अगले आदेश तक रोक लगा दी और नौकरियां बंद कर दी। इतना ही नहीं लोगों पर करों का  बोझ डाला जा रहा है और पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार पर झूठे इल्जाम और श्वेत पत्र लाकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। भाजपा सरकार अपने नकामियों को छुपाने के लिए श्वेत पत्र ला रही है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि कांग्रेस को सरकार के खिलाफ विधानसभा का घेराव करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के घेराव के दौरान जिस तरह से पुलिस कर्मचारियों ने बल प्रयोग किया वह लोकतंत्र में किसी भी तरह से जायज या वाजिब नहीं कहा जा सकता। लोकतांत्रिक ढंग से कांग्रेस के नेता विरोध जाहिर कर रहे थे लेकिन उन पर वाटर केनन से पानी की बौछारें की गई और उनके साथ मारपीट की गई। यह सरकार का दमनकारी चेहरा दिखाने के लिए काफी है। उन्होंने कहा कि जो प्रोजेक्ट वे सिरसा के लोगों के लिए लेकर आए थे उन पर आज तक एक भी ईंट नहीं लगी है और प्रदेश सरकार जानबूझ कर उन प्रोजेक्टों पर रोड़े अटकाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि 95 करोड़ की लागत से सिरसा में रॉजीव आवास योजना के तहत 2144 आवास, 17 करोड़ 40 लाख की लागत से महिला कॉलेज का निर्माण किया जाना था परंतु आज तक इस पर कोई काम शुरू नही हो पाया है। इस मौके पर उनके साथ लादूराम पूनिया, नवीन केडिया, शीशपाल केहरवाला, यशपाल भारद्वाज, अमित सोनी, हरदास रिंकू, अनिल शर्मा, बेदी भाट, डीसी कंबोज, विनीत कंबोज, विनोद उपाध्याय, राजेश खटक, राजेश खत्री सहित काफी संख्या में कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Tuesday, 10 March 2015

रेलवे में नौकरी के नाम पर ठगी

डिंग के युवक ने लगाए 10 लाख रुपये हड़पने के आरोप
पीएम को लिखा पत्र

कमल
सिरसा। गांव डिंग निवासी एक युवक ने रेलवे में नौकरी दिलवाने के नाम पर दस लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। साथ ही पीडि़त ने पुलिस अधीक्षक से भी कार्रवाई की मांग की है। 
डिंग निवासी कमल पुत्र राजेंद्र कुमार ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि गांव साहूवाला द्वितीय निवासी रामचंद्र ने उसे रेलवे में नौकरी दिलवाने के नाम पर साढ़े दस लाख रुपए ठग लिए। कमल ने बताया कि रामचंद्र ने उससे अकलेश शर्मा नाम के व्यक्ति के बैंक खाते में 40 हजार रुपए जमा कराने के लिए कहा। उसने यह राशि आईसीआईसीआई बैंक की कनाट पैलेस शाखा में जमा कराई। उसने बताया कि उसे दिल्ली में शास्त्री भवन के गेट के सामने बुलाया गया। यहां उसे लालबत्ती लगी कार में बैठाकर रेल भवन कार्यालय में ले जाकर फार्म भरवाया। कमल ने बताया कि रामचंद्र ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर तीन लाख 60 हजार रुपए लेकर उसे रेलवे में नियुक्ति पत्र थमाया। इसके बाद उसे ट्रेनिंग के लिए पत्र दिया और चार लाख रुपए वसूले। उसे ट्रेनिंग के लिए सिआलदा स्टेशन भेजा गया। उसने बताया कि पांच जुलाई 2013 को पूर्वी रेलवे एटीपी प्राइमरी स्कूल अंबागन, कांचरा पांडा में 75 दिन की ट्रेनिंग दी गई। उसने बताया कि ट्रेनिंग के बाद उसे घर भेज दिया गया और रिजल्ट का इंतजार करने के लिए कहा गया। इसके दस दिन बाद उसे कलकत्ता बुलाया गया। यहां पर उससे सुमन सिंह नामक व्यक्ति ने अढाई लाख रुपए नकद लिए। बाद में उसे बताया गया कि उसे नौकरी नहीं मिल सकती। उसके साथ धोखा हुआ है। कमल कुमार ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि रेलवे में भर्ती के नाम पर धोखाधड़ी करने मामले में मनोज मिश्रा, अमित डागर, विनोद कुमार, प्रवीण कुमार भी शामिल हैं। उसने अकलेश शर्मा को पूरे मामले का मास्टर माइंड बताया है।

महिला अधिवक्ता आमरण अनशन पर

सिरसा। बार एसोसिएशन के सचिव एडवोकेट मधुर कंबोज, एडवोकेट पुरूषोत्तम फुटेला, एडवोकेट गुरदेव सिंह कूका, एडवोकेट रघुबीर सिंह खिंडा, एडवोकेट गणेश सेठी, एडवोकेट हरपाल सिंह गिल, एडवोकेट रविंद्र कंबोज व छह अन्य के खिलाफ मामला दर्ज होने के बावजूद उनकी गिरफ्तारी न होने के चलते महिला अधिवक्ता संजूबाला ने दलित समाज के साथ आज उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरनास्थल पर आमरण अनशन शुरू कर दिया। इससे पूर्व संजू बाला ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त निखिल गजराज व पुलिस अधीक्षक अश्विन शैणवी को सौंपा। संजूबाला ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा पुलिस-प्रशासन पर दर्ज एफआईआर को रद्द करने का दबाव बना रहे हैं जोकि सरासर गलत है। उन्होंने चोपड़ा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन्हें पद मुक्त करने की मांग मुख्यमंत्री से की।
ज्ञापन में कहा गया है कि एससी एक्ट के तहत शहर थाना सिरसा में कुछ वकीलों के खिलाफ मामला दर्ज है, लेकिन सिरसा पुलिस ने तीन मास की जांच पड़ताल के बाद यह मुकद्दमा दर्ज करने के बाद भी एक भी दोषी को गिरफ्तार नहीं किया, बल्कि दोषीगण कानून का मजाक उड़ा रहे हैं कि उपरोक्त मुकद्दमा दर्ज करवाकर हमारा क्या कर लिया। मुख्यमंत्री के सलाहकार जगदीश चोपड़ा का इनको सरंक्षण प्राप्त है। इस संगीन मामले को लेकर संजू बाला ने अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया है और पूरा दलित समाज उनके पक्ष में है। उन्होंनेे ज्ञापन में कहा है कि इस आमरण अनशन के दौरान अगर उन्हें कोई जानी व माली नुकसान होता है, तो उसके जिम्मेदार जगदीश चोपड़ा व उपरोक्त मुकद्दमे में शामिल सभी एडवोकेट होंगे। उनका कहना है कि जब तक दलित विरोधी जगदीश चोपड़ा को मुख्यमंत्री के सलाहकार के पद से हटाया नहीं जाता व उपरोक्त वकीलों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक यह आमरण अनशन जारी रहेगा।

गौशाला प्रबंधन व गौभक्त फिर आमने-सामने

सिरसा। श्री गौशाला प्रबंधन एवं गौभक्तों के बीच गायों के बेहतर रखरखाव को लेकर करीब एक माह पूर्व हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। दोनों पक्ष इसी मुद्दे को लेकर आज एक बार फिर आमने सामने हैं। इसी कड़ी में प्रशासनिक तंत्र शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मध्यस्तता की भूमिका निभाने को मजबूर है। 
गौरतलब है कि गौशाला प्रबंधन के पदाधिकारी जिनमें राजेंद्र रातुसरिया, प्रेम कंदोई, कुलवंतराय जिंदल, बाबूराम गोयल, सिकंदर खट्टर आदि ने पूर्व पार्षद सुशील सैनी, मोती सैनी, नरेश सैनी व रिंकू हरदास आदि पर श्री गौशाला में कथित तौर पर झगड़ा, धक्का-मुक्की, अभद्र व्यवहार व गाली-गलौच करके गौशाला की धर्मार्थ चारा टाल से जबरदस्ती चारा उठाने के गंभीर आरोप जड़े थे। इस मुद्दे पर दोनों पक्ष गंभीर विवाद की स्थिति में थे। दूसरा पक्ष मौजूदा प्रबंधन पर भी गायों की उचित देखभाल करने में उदासीनता बरतने के आरोप लगा रहा है। दोनों पक्षों के बीच उपजी गंभीर स्थिति को देखते हुए एसडीएम परमजीत सिंह चहल ने थाना शहर प्रभारी सुरेशपाल के साथ गौशाला का निरीक्षण किया। बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान गायों के रखरखाव में व्यवस्था का अभाव था। पूर्व पार्षद सुशील सैनी एवं उनसे संबंधित लोगों के आग्रह पर एसडीएम ने यह निर्धारित किया है कि प्रत्येक 15 दिनों के अंतराल में वे अथवा प्रशासनिक तंत्र का कोई भी अधिकारी इस गौशाला में गायों के उचित रखरखाव का औचक निरीक्षण करेगा। गौभक्तों को यदि इस समयावधि के दौरान गौशाला में किसी प्रकार की कोई कमी नजर आती है तो वे इस संबंध में शिकायत मौजूदा प्रबंध समिति को न करके प्रशासनिक तंत्र से ही करेंगे। उधर पूर्व पार्षद सुशील सैनी ने उन पर धर्मार्थ चारा टाल से जबरन चारा उठाने के गंभीर आरोपों को निराधार बताया है। 
वहीं इस मामले में श्री गौशाला परिसर में आज सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की एक आपात बैठक हुई। जिसमें सोमवार शाम करीब 6 बजे नगर के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा श्री गौशाला में कथित तौर पर झगड़ा, धक्का-मुक्की, अभद्र व्यवहार व गाली-गलौज करके गौशाला की धर्मार्थ चारा टाल से जबरदस्ती चारा उठाने के प्रकरण पर चिंता व्यक्त की गई। इस मामले में मंगलवार को गौशाला प्रबंधन की ओर से जिला पुलिस अधीक्षक व उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया और दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की गई। गौशाला प्रबंधन ने जिला प्रशासन के नाम सौंपे ज्ञापन में लिखा है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए ताकि गौशाला प्रबंधन सभी गायों की अच्छे से देखभाल कर सके।

Monday, 9 March 2015

धरने-प्रदर्शनों का सोमवार

बीमा कर्मियों ने मांगों को लेकर रखी हड़ताल

सिरसा। अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ के आह्वान पर आज जीवन बीमा कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कर्मचारी बीमा संशोधन बिल के द्वारा सार्वजनिक क्षेत्र के जीवन बीमा निगम एवं साधारण बीमा को नुकसान पहुंचाने वाली सरकार की नीति का विरोध किया। 
जीवन बीमा निगम कार्यालय के समक्ष कर्मचारियों ने विरोध सभा का आयोजन किया एवं विरोध प्रदर्शन किया। सभा की अध्यक्षता संगठन की शाखा समिति सिरसा के अध्यक्ष भारत भूषण अजरोत ने की। मंच संचालन शाखा सचिव किरण कुमार ने किया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संगठन ने रोहतक मंडल के अध्यक्ष तेजिंद्र लोहिया ने बताया कि सरकार की ओर से इस बिल को पास करवाकर बीमा क्षेत्र में विदेशी पूंजी को 26 प्रतिशत से बढ़ाकर 49 प्रतिशत करना चाहती है तथा इस बिल के द्वारा सरकार सार्वजनिक क्षेत्र की साधारण बीमा निगम के निजीकरण की दिशा में आगे बढऩा चाहती है, सरकार का यह कदम सरकारी बीमा कंपनियों, बीमा कर्मचारियों एवं जनता के हितों के विरूद्ध है। इसलिए बीमा कर्मचारी इस बिल के विरोध में साल 2008 से संघर्ष कर रहे हैं। अब सरकार ने कर्मचारियों, देश की जनता व संसद में हुए भारी प्रतिरोध के बावजूद 4 मार्च को लोकसभा में इस बिल को पास करवा लिया है जो कि पूरी तरह से विदेशी सरमायेदारी के हित साधने का काम है। इस बिल के पक्ष में सरकार द्वारा जो तर्क दिए गए हैं। वह पूरी तरह से तथ्यों के विरूद्ध है व बीमा क्षेत्र की वास्तविकताओं पर आधारित नहीं है। 
लोहिया ने बताया कि जीवन बीमा निगम की ऐतिहासिक प्रगति, बीमा धारियों के हितों की पूर्ण सुरक्षा, कर्मचारियों द्वारा दी जाने वाली बेहतरीन सेवाएं एवं राष्ट्र निर्माण कार्यों के लिए अपारधन राशि उपलब्ध करवाने वाली भारतीय जीवन बीमा निगम जैसे अदारों को सरकार द्वारा और मजबूत किया जाना चाहिए न कि इस तरह से इस क्षेत्र को कमजोर करने वाली नीतियां बनानी चाहिए। उन्होंने सरकार से इस बिल को वापस लेने की मांग की। इस अवसर पर शाखा सचिव किरण कुमार ने बताया कि इस हड़ताल के कारण सिरसा का काम काज पूरी तरह से ठप है। सरकार को इस विरोध को देखते हुए बिल को वापस लेना चाहिए। शाखा अध्यक्ष भारत भूषण ने कहा कि हड़ताल पर उतरना कर्मचारियों की मजबूरी है, क्योंकि सरकार जीवन बीमा निगम विरोधी कार्यवाही पर आगे बढ़ रही है जो कि पूरी तरह से गलत है। इस अवसर पर उप प्रधान सुखजीत कौर, जगदीश मेहता, प्रेम धींगड़ा, कंचन, देवेंद्र कौर, रेणु, अमित बैनीवाल, मंजीत सिंह, हितेश, अशोक कश्यप, बाबूलाल, महेंद्र सिंह, सुखविंद्र सिंह, पंकज, हरबंस लाल, महेंद्र भाटिया मौजूद थे।

केन्द्रीय बजट के खिलाफ कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

सिरसा। सर्वकर्मचारी संघ हरियाणा की राज्य कमेटी के आह्वान पर कर्मचारियों ने आज केंद्रीय बजट के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता संघ के जिला प्रधान सोहन सिंह रंधावा ने की जबकि संचालन जिला सचिव प्रेम शर्मा ने किया। 
जिला प्रधान सोहन सिंह रंधावा ने कहा कि बजट में पंूजीपतियों को 8000 करोड़ रूपए की छूट दी गई है। करोड़पतियों पर आयकर सीमा 30 प्रतिशत से घटाकर 25 प्रतिशत कर दी गई है, वहीं आम जनता पर अप्रत्यक्ष करों में 15 प्रतिशत तक की बढ़ौतरी करके उस पर 23 हजार करोड़ रूपए का भारी-भरकम बोझ डाल दिया गया है। इसके अतिरिक्त इस बजट में कर्मचारी वर्ग में कोई छूट नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नक्शे कदम पर चलते हुए हरियाणा सरकार ने भी विभिन्न टैक्सों में भारी बढ़ौतरी कर दी है व कर्मचारियों ने लंबे संघर्ष के बाद जो मांगें मनवाई थी, उनको लागू करने की बजाय समीक्षा के बहाने टालमटोल किया जा रहा है। सरकार निजीकरण व ठेका प्रथा को बढ़ावा दे रही है, कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जा रहा, पंजाब के समान वेतनमान देने के मामले में भी सरकार टालमटोल कर रही है। प्रदर्शनकारियों को संघ के जिला उपप्रधान अशोक पटवारी, मदनलाल खोथ, पूर्व प्रधान महेन्द्र शर्मा, मैकेनिकल वर्करज यूनियन के प्रांतीय उपाध्यक्ष कृपाशंकर त्रिपाठी, पॉवर कॉर्पोरेशन वर्करज यूनियन के प्रांतीय महासचिव अविनाश कंबोज, राजकुमार शेखुपुरिया ने भी संबोधित किया।

सीडीएलयू के प्राध्यापकों ने दिया धरना

सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में  प्रदर्शन व आन्दोलन का सिलसिला थमने का नाम नही ले रहा है। आज एक बार फिर  चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में  प्रदर्शनहुआ। प्राध्यापकों, छात्रों व नॉन टीचिंग स्टाफ एसोसिएशन ने वीसी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया।  प्रदर्शनकारियों ने डीसी को ज्ञापन सौंप कर एक छात्रा की शिकायत पर दर्ज हुए मामले को झूठा बताते हुए रद्द करने की मांग की।
गौरतलब है कि डॉ. दिलबाग सिंह, डॉ. राजेश मलिक व महेंद्र के खिलाफ कुछ समय पूर्व यूनिवर्सिटी की ही चार छात्राओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने उनसे दुव्र्यवहार किया जिससे वे मानसिक रूप से आहत हुई। वहीं धरने पर बैठे शिक्षकों ने कहा कि उनके खिलाफ साजिशन मामला दर्ज कराया गया है जिसे तुरंत रद्द किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धरने पर बैठी किसी भी छात्रा को उन्होंने नहीं धमकाया। विश्वविद्यालय के ही कुछ प्राध्यापकों के बहकावे में आकर छात्राओं ने झूठा मुकद्दमा दर्ज करवाया है। इस बाबत वीसी व रजिस्ट्रार सब कुछ जानते हैं लेकिन वे जानबूझकर चुप्पी साधे हुए हैं। प्राध्यापक राजेश मलिक व नॉन टीचिंग स्टाफ एसोसिएशन के प्रधान महेन्द्र बेनीवाल ने वीसी व रजिस्ट्रार के इस्तीफे की भी मांग की। धरने पर इन शिक्षकों के समर्थन में कानून विभाग की अनेक छात्राएं भी बैठीं।

Saturday, 7 March 2015

रंजिशन फायरिंग

देवर-भाभी घायल, अस्पताल में दाखिल

सिरसा। होली के अवसर को कई लोगों ने अपनी पुरानी रंजिश भुनाने का भी माकूल अवसर मान रखा है। होली के रंग में रंगकर बिना पहचान में आए लोग अपनी रंजिश के चलते खून की होली खेल जाते हैं। ऐसा ही एक वाकया गत रात्रि सुभाष बस्ती में घटित हुआ। होली खेलता हुआ एक टोला सुभाष बस्ती के एक घर में घुसा और वहां मौजूद लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में रविन्द्र व उसकी भाभी दुलारी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
अस्पताल में उपचाराधीन रविन्द्र ने बताया कि उसने फायर करने वाले आरोपियों को पहचान लिया है। सभी आरोपी रेलवे कालोनी के रहने वाले हैं और इनसे उनके परिवार की पुरानी रंजिश है। इसी के चलते गत दिवस नशे व रंग से सराबोर सभी लोगों ने मौका पाकर घर में घुसकर उनपर धावा बोल दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है।

हादसे में दो युवकों की मौत

सिरसा। डबवाली में गत रात्रि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार डबवाली के वार्ड नंबर एक निवासी राजू (22) पुत्र राजेंद्र कुमार व गांव रत्ताखेड़ा निवासी लक्षमण (27) पुत्र सुखदेव गत रात्रि आठ बजे के करीब बाइक में पैट्रोल डलवाने गए थे। बताया गया कि वापसी में पंप के समीप ही पीछे से आ रहे वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आज सुबह मृतकों के परिजनों के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

सीवरेज समस्या को लेकर लगाया जाम

सिरसा। सीवरेज जाम की समस्या से जूझ रहे सुभाष कालोनी की गली नंबर एक निवासियों ने आज बेगू रोड पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटा तक लगे इस जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। जाम लगने की सूचना मिलने पर कीर्तिनगर चौकी प्रभारी देसराज, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जेई जियाराम व अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। 
सुभाष कालोनी की गली नंबर एक के निवासी सुनीता रानी, कलावती देवी, कांता रानी, अर्जुन, आशू, रमेश, सतपाल आदि ने बताया कि पिछले दो तीन महीनों से उनकी कालोनी में सीवरेज व्यवस्था ठप पड़ी हुई है जिस कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सीवर जाम से फैली दुर्गंध से जीना मुहाल है और गंभीर बीमारियां फैलने का डर है। सीवरेज ठप होने के कारण पेयजल में भी दूषित पानी की आपूर्ति की  जा रही है। जाम की सूचना मिलने पर कीर्तिनगर चौकी प्रभारी देसराज, जनस्वास्थ्य विभाग के जेई जियाराम मौके पर पहुंचे और मोहल्लावासियों को आश्वासन दिया कि ठप हुई सीवरेज व्यवस्था का शीघ्र समाधान करवा दिया जाएगा। मोहल्लावासियों ने चेतावनी दी कि अगर सीवरेज व्यवस्था का समाधान नहीं हुआ तो वे कल फिर से जाम लगाएंगे। 

Thursday, 5 March 2015

साध्वी यौन शोषण मामला

अब होगी फाईनल बहस
छत्रपति हत्या मामले में डेरा प्रमुख के होंगे 313 के तहत बयान दर्ज

सिरसा। साध्वियों से बलात्कार, छत्रपति तथा रणजीत हत्याकांड मामलों के मुख्य आरोपी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह ने आज सीबीआई के न्यायाधीश के समक्ष हाजिरी लगाई। आज  कार्रवाई के दौरान न्यायाधीश ने डेरा प्रमुख की उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें उसकी ओर से साध्वी यौन शोषण मामले में गवाहियां बंद न करने की गुहार लगाई गई थी। सीबीआई की विशेष अदालत के न्यायाधीश ने आगामी 21 मार्च की तारीख मुकर्रर करते हुए फाइनल बहस के लिए गुरमीत सिंह के वकील को तैयार होकर आने को कहा। इसी के साथ तीनों मामलों में आगामी कार्रवाई के लिए 21 मार्च की तारीख तय कर दी गई। 
आज सुबह तय समय पर डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह ने सिरसा अदालत स्थित वीडियो कांफ्रेंसिंग हॉल में पहुंचकर सीबीआई की पंचकूला स्थित विशेष अदालत के समक्ष हाजिरी लगाई। अदालत में कार्रवाई शुरू होते ही डेरा प्रमुख के अधिवक्ता द्वारा साध्वी यौन शोषण मामले में गवाहियां बंद न करने की गुहार लगाई। सीबीआई के अधिवक्ता ने इसका डटकर विरोध किया। इस पर अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया और रणजीत हत्याकांड में आरोपी पक्ष के गवाहों की सूची पेश करने के आदेश दिए। इस मामले में आरोपी डेरा प्रमुख की ओर से 54 गवाहों की सूची अदालत के समक्ष पेश की गई। सीबीआई ने गवाहों की इतनी लंबी सूची को गैरजरूरी बताते हुए आपत्ति दर्ज करवाई। 
सीबीआई का कहना था कि आरोपी पक्ष मामले को लटकाने के लिए गैरजरूरी गवाहों को पेश कर अदालत का समय बर्बाद करना चाहता है। अदालत ने इस सूची पर अभी आरोपी पक्ष को कोई आदेश जारी नहीं किया है। इसके बाद छत्रपति हत्याकांड में सुनवाई हुई। अदालत ने इस मामले में डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह के बयान दर्ज करने की कार्रवाई आगामी तारीख से शुरू करने के आदेश दिए। छत्रपति हत्याकांड के मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह के धारा 313 के तहत अदालत के समक्ष बयान दर्ज किए जाएंगे। तीनों मामलों में अदालत ने आगामी 21 मार्च की तारीख तय की है।

Wednesday, 4 March 2015

दोस्त के हत्यारों को आजीवन कारावास

पत्नी से अवैध संबंधों के संदेह में की थी दोस्त की हत्या

सिरसा। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरपी गोयल की अदालत ने पत्नी के साथ अवैध संबंधों के चलते दोस्त को मौत के घाट उतारने वाले दो युवकों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही पांच-पांच हजार रुपए जुर्माना भी किया गया है। 
मामले के अनुसार गांव करीवाला निवासी सुरेंद्र व उसका भाई नरसिंह सात जनवरी 2013 को गांव नथौर में चिनाई का काम करने गए थे। शाम को सुरेंद्र के पास किसी का फोन आया और सुरेंद्र बाहिया गांव जाने की बात कहकर बाइक पर सवार होकर रवाना हो गया। सुबह तक वह घर नहीं लौटा तो भाई नरसिंह ने रानियां थाना में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने लापता सुरेंद्र की तलाश शुरू कर दी। अगले दिन सैनपाल ढाणी के समीप सुरेंद्र का बाइक पुलिस को सड़क किनारे मिला। नरसिंह ने पुलिस को बताया कि उसके भाई का नथौर निवासी गेजा व राजेंद्र उर्फ जंगी के साथ थोड़े दिन पहले झगड़ा हुआ था। पुलिस ने उक्त दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो गेजा व राजेंद्र ने बताया कि उन्होंने सुरेंद्र की हत्या करके उसका शव जमीन में दबा दिया। 
आरोपी गेजा ने पुलिस को बताया कि सुरेंद्र उनका अच्छा दोस्त था। कुछ दिन पहले उसे पता चला कि सुरेंद्र का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है। गेजा ने राजेंद्र को इस बारे में बताया और दोनों ने सुरेंद्र को इस बारे में समझाया कि वह उनके घर न आए लेकिन फिर भी सुरेंद्र चोरी-छिपे उसके घर आता रहा और अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। सात जनवरी को उन्होंने किसी बहाने से सुरेंद्र को बुलाया। दोनों उसे गौशाला में ले गए और तूड़ी वाले कमरे में ले जाकर रस्सी से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद उसके सिर में रॉड मारी। मौत हो जाने के बाद उसे तूड़ी के कोठे में ही गड्ढा खोदकर दबा दिया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने तूड़ी के कोठे से सुरेंद्र का शव बरामद किया और आरोपी गेजा व राजेंद्र के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज करके उन्हें अदालत में पेश किया। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरपी गोयल की अदालत ने आज इस मामले का फैसला सुनाते हुए गेजा व राजेंद्र को दोस्त की हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही दोनों को पांच हजार रुपए जुर्माना भी लगाया। 

बिल व नगर योजनाकार के खिलाफ प्रदर्शन
आप कार्यकर्ताओं ने बैठक के बाद निकाला रोष मार्च
उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

सिरसा। आम आदमी पार्टी की ओर से आज टाउन पार्क में एक बैठक का आयोजन किया गया। बाद में आप कार्यकर्ता भूमि अधिग्रहण बिल व जिला नगर योजनाकार विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। उपायुक्त को मांगों से सम्बंधित ज्ञापन सौंपा।
टाउन पार्क में उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए आप नेता पूनम चंद रती व प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने कहा कि केन्द्र सरकार नया भूमि अधिग्रहण कानून बनाकर किसानों को उजाडऩे का प्रयास कर रही है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नया बिल पूंजीपतियों के हित को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। सरकार जब चाहे किसानों की भूमि अधिग्रहित कर उन्हें उजाड़ सकती है। आप पार्टी इस बिल का पुरजोर करती है। साथ ही आप नेताओं ने जिला नगर योजनाकार विभाग की ओर से  जारी तानाशाही व गैर कानूनी काला फरमान आदि क्रमांक 497 दिनांक 19 फरवरी 2015, जिसके अनुसार सिारसा की रिहायशी/व्यवसायिक मार्केट जिनका निर्माण सन 1892 के बाद हुआ है, को गैर कानूनी रूप से अवैध घोषित करने वाले काले आदेश को वापस लेने तथा जारी करने वाले भ्रष्ट अधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग की। बाद में आम आदमी पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा के नेतृत्व में पूनम रत्ति, तरसेम सिंह, राजीव गोदारा, वीरेंद्र एडवोकेट सहित आप कार्यकर्ता लघु सचिवालय में पहुंचे तथा उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। 

Tuesday, 3 March 2015

चार क्रिकेट बुकीज गिरफ्तार

आयरलैंड-दक्षिण अफ्रीका मैच पर लगा रहे थे सट्टा

सिरसा। सीआईए सिरसा पुलिस ने आज सुबह भादरा बाजार की गली मोमन नंबरदार वाली में छापेमारी करके क्रिकेट सट्टा बुकी चलाने वाले चार लोगों को काबू किया। पुलिस ने मौके से डेढ़ लाख की नकदी, 12 मोबाइल, एक एलइडी, एक लैपटॉप व सट्टा की पर्ची बरामद की है। सीआईए पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भादरा बाजार की गली मोमन नंबरदार वाली में क्रिकेट बुकी चल रही है और विश्वकप मैचों पर बड़े पैमाने पर सट्टा लगवाया जा रहा है। सूचना के आधार पर डीएसपी के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ ने मौके पर दबिश दी। पुलिस ने चार  लोगों को मौके से क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवाते हुए काबू किया। आरोपियों की पहचान पवन कुमार पुत्र घीसा राम, पुरुषोत्तम उर्फ सुकड़ी, गोबिंद कुमार पुत्र कैलाश चंद निवासी भादरा बाजार व विजय कुमार पुत्र बुधराम निवासी रानियां बाजार के रुप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से मौके से डेढ़ लाख नकदी, 12 मोबाइल, एक एलइडी, एक लैपटॉप व दक्षिण अफ्रीका और आयरलेंड के बीच आज चल रहे मैच का सट्टा की पर्ची बरामद की हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सट्टा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

नकाबपोश युवतियों के काटे चालान

सिरसा। ट्रेफिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने को लेकर यातायात पुलिस ने महिला पुलिस कर्मियों को चौक-चौराहों पर तैनात पर यातायात नियमों की अवहेलना करने वाली महिला चालकों पर नकेल कसने का कार्य शुरू कर दिया है। महिला पुलिस ने आज चेहरे ढांपकर चलने वाली स्कूटी सवार युवतियों के चालान काटे। यातायात पुलिस ने आधा दर्जन महिला पुलिस कर्मचारियों को शहर के विभिन्न चौकों पर तैनात किया है। यह महिला कर्मचारी यातायात नियमों की अवहेलना करने वाली महिला चालकों को चेतावनी देने के साथ-साथ उनका चालान काटे। बरनाला रोड लालबत्ती चौक, परशुराम चौक, जगदेव सिंह, लालबत्ती चौक, सांगवान चौक पर तैनात महिला कर्मचारी बिना नंबर प्लेट, बिना कागजात, ट्रिपल राइडिंग व फोन पर बात कर रही महिला चालकों के चालान काटे। यातायात थाना प्रभारी यादवेंद्र सिंह ने बताया कि विभिन्न चौक चौराहों पर महिला कर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक अश्वनी शैणवी के आदेशानुसार यातायात नियम तोडऩे वाली महिला चालकों के चालान काटे जा रहे हैं।

मांगों को लेकर इंजीनियर्स ने किया प्रदर्शन

सिरसा। हरियाणा पॉवर इंजीनियर्स एसोसिएशन के राज्य स्तरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में आज ऑप्रेशन सर्कल सिरसा के सभी अभियंताओं की गेट मीटिंग संपन्न हुई।
गेट मीटिंग में दो मुख्य मुद्दों पर चर्चा हुई। इस मौके पर पिल्लर बॉक्स स्कीम में फंसाएं गए अभियंताओं की एफआईआर दर्ज करवाने बारे सरकार द्वारा लिए गए गलत निर्णय को वापस लेने तथा अभियंताओं की जायज मांगों को बार-बार आश्वासन देने के बावजूद भी निगम प्रशासन की ओर से न मानने के विरोध में नारेबाजी की गई। गेट मीटिंग में सभी मुख्य अभियंताओं व अन्य सभी अभियंताओं ने अपने-अपने विचार रखे तथा कहा कि पिल्लर बॉक्स स्कीम में कोई वित्तीय नुकसान निगम को नहीं हुआ है तथा ठेकेदारों का अभी करोड़ों रुपए का सामान निगम के पास है व करोड़ों का भुगतान बकाया है, जिसके बावजूद पावर इंजीनियरों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है व इसको घोटालों का नाम दिया जा रहा है जो घोटाला है ही नहीं। गेट मीटिंग में सार्वजनिक तौर पर यह मांग रखी गई कि पिल्लर बॉक्स स्कीम में हुए सभी कामों की शुरूआत में ही पूरी व निष्पक्ष जांच किसी उच्च न्यायालय के जज द्वारा करवाई जाए ताकि सभी लोगों में अभियंताओं की सरकार द्वारा खराब की गई छवि को सुधारा जा सके। एसोसिएशन के जिला प्रधान राजेंद्र कुमार ने बताया कि मीटिंग के दौरान इंजीनियर एसोसिएशन की ओर से निर्णय लिया गया कि निगम प्रबंधन को जायज मांगों को मनवाने के लिए एक आखिरी मौका और दिया जाए। यदि उसके बाद भी निगम प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई तो इंजीनियर राज्यस्तरीय विरोध के लिए मजबूर होंगे।

Monday, 2 March 2015

सीवरेज ओवरफ्लो से मकान में आई दरार

बारिश बनी समस्या, वाशिंदों ने ली धर्मशाला में शरण

सिरसा। नोहरिया बाजार की गली मस्जिद वाली में सीवरेज ओवरफ्लो होने से एक मकान में दरार आ गई। मकान गिरने का खतरा होने के चलते घर के सदस्यों ने मकान को खाली कर दिया है और समीप में ही स्थित एक धर्मशाला में शरण ली है। गली मस्जिद वाली निवासी पवन, संजय, नवीन, नीटू, इंद्रा देवी, गुलाब देवी, मनीषा रानी, सुरेंद्र आदि ने बताया कि पिछले छह माह से यहां सीवरेज ओवरफ्लो होने की समस्या बनी हुई है। कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से भी इस बारे में आग्रह किया जा चुका है लेकिन वहां कर्मचारी न होने का बहाना बना दिया जाता है। समस्या का समाधान न किए जाने के कारण समस्या गंभीर रूप धारण कर गई है और इसी वजह से आज गली में सीवर ओवरफ्लो हो गए और लोगों के मकानों में पानी की मार के कारण दरारें आ गई। लोगों ने विभाग के उच्चाधिकारियों से आग्रह किया है कि इस समस्या की ओर प्राथमिकता के आधार पर ध्यान देकर हल करवाएं ताकि लोगों के मकान सुरक्षित रह सकें।

सिम के बहाने बालिका से छेड़छाड़

सिरसा। जेजे कालोनी में नशे में धुत एक व्यक्ति के नाबालिगा से अश्लील छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीडि़ता के परिवार ने शहर थाना में आरोपी के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। 
जानकारी के अनुसार जेजे कालोनी निवासी 12 वर्षीय बच्ची पड़ोस में सिम कार्ड लेने के लिए गई थी। यहां नशे में धुत व्यक्ति ने उसे पकड़ लिया और हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। बालिका के शोर मचाए जाने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और नशेड़ी को धुनकर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में पीडि़ता के परिजनों ने थाना शहर में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। 

शिष्या के साथ आपत्तिजनक अवस्था में मिला शिक्षक
सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश दे किया काबू

सिरसा। पुलिस ने शिष्या को गुरु ज्ञान देने वाला शिक्षक को शिष्या के साथ रंगरलियां मनाते हुए आज हुडा सेक्टर 20 से काबू किया।
जानकारी के अनुसार गांव कंवरपुरा निवासी गुलाब सहारण अरनियांवाली स्थित सरकारी विद्यालय में शिक्षक है। शिक्षक गुलाब ने आज कालेज में पढऩे वाली अपनी परिचित छात्रा को हुडा कालोनी स्थित एक मकान में बुलाया। आसपड़ोस के लोगों ने शिक्षक को युवती के साथ अंदर जाते हुए देख लिया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घर में दबिश दी। शिक्षक छात्रा के साथ आपत्तिजनक अवस्था में मिला। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया और हुडा चौकी लेकर आई। पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद परिजन पुलिस चौकी पहुंचे। कालोनीवासियों का कहना है कि उक्त शिक्षक कई बार युवतियों को इस मकान में लेकर आता देखा गया। इसी आधार पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शिक्षक गुलाब सहारण शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर गुरु शिष्य के पवित्र संबंधों को कलंकित कर दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस कार्रवाई जारी थी। 

युवक ने लगाई फांसी

सिरसा। गांव कंगनपुर में आज एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। 
जानकारी के अनुसार गांव कंगनपुर निवासी नरतंज्य पुत्र कैलाश मजदूरी करता था। उसने घर में कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आज सुबह उसका शव फंदे से लटका देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोसटमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। मृतक के परिजनों ने बताया कि नरतंज्य पिछले काफी दिनों से मानसिक रुप से परेशान चल रहा था। इसी परेशानी के चलते उसने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर सीआीरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव का अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

Saturday, 28 February 2015

युवती से दुष्कर्म

नशीली वस्तु सुंघाकर उठा ले गए थे दो युवक

सिरसा। सदर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती को दो युवक नशीला पदार्थ सुंघाकर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जिला के गांव चकसाहिबा निवासी 20 वर्षीय पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि वह गत 19 फरवरी को घर के बाहर खड़ी थी कि दो युवकों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाया और अपने साथ ले गए। युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीडि़ता का कहना है कि राजस्थान के जिला अलवर के गांव सीकमवास निवासी रामप्रकाश व हरदयाल उनके गांव में दिहाड़ी मजदूरी के लिए आए थे। दोनेां युवकों का उनके घर में अक्सर आना जाना था और इसी का लाभ उठाते हुए उन्होंने उसे नशीला पदार्थ सुंघाया और गाड़ी में डालकर ले गए। पीडि़ता ने बताया कि रामप्रकाश ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस कार्य में आरोपी हरदयाल ने उसका सहयोग किया। उक्त शिकायत के बाद पुलिस ने पीडि़ता की मेडिकल जांच करवाने के बाद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच एएसआई सुनीता कर रही हैं। 

सड़क हादसे में युवक की मौत

सिरसा। डबवाली रोड पर रचना पैलेस के निकट गत रात्रि अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ढाणी सावन सिंह निवासी रमेश कुमार अनाजमंडी में मुनीम का कार्य करता था। गत रात्रि को रमेश बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहा था। बताया गया कि डबवाली रोड पर रचना पैलेस के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस ने शव का शनिवार सुबह सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

Friday, 27 February 2015

किसको मूर्ख बनाना चाहता है डेरा प्रमुख?

फिल्म की कमाई को लेकर बोला बड़ा झूठ

सिरसा, 27 फरवरी। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह ने अपनी फिल्म से व्यक्तिगत तौर पर बेशक 100 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली हो लेकिन फिल्म अभी तक 10 करोड़ रुपए का बिजनेस ही कर पाई है। जी हां, फिल्म की कमाई का निर्धारण करने वाले बॉक्स ऑफिस के आधिकारिक आंकड़ों की मानें तो फिल्म ने पहले सप्ताह में केवल 9.92 करोड़ रुपए की कमाई की। बड़ी बात यह है कि फिल्म निर्माण करने वाली कंपनी के प्रवक्ता द्वारा चार दिन में 61 करोड़ से अधिक कमाई कर लिए जाने संबंधी प्रेस नोट जारी कर दिया गया। इसके बाद छह दिन में 82 करोड़ व एक सप्ताह में 100 करोड़ से अधिक कमाई कर लिए जाने की जानकारी फिल्म के प्रोडक्शन हाउस की तरफ से दी गई। यही नहीं, 13 फरवरी को रिलीज हुई इस फिल्म को 4000 स्क्रीन्स पर दिखाए जाने का दावा किया गया लेकिन बॉक्स ऑफिस के सूत्र बताते हैं कि फिल्म केवल 423 थियेटरों में दिखाई गई। अब सवाल यह उठता है कि ऐसी झूठी जानकारी प्रसारित करवाकर डेरा प्रमुख किसे मूर्ख बनाना चाहता है? अपने अंधभक्तों को या फिर स्वयं को? क्योंकि देखा जाए तो इन दिनों गुरमीत सिंह खुद को तसल्ली देने के लिए दिखावी रिकॉर्ड 'छपवाने' की चाहत लिए दर-दर भटकता दिखाई दे रहा है।

उल्लेखनीय है कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह के फिल्म  बनाए जाने के साथ ही इसके निर्माण को लेकर सवाल खड़े हो गए थे। इनेलो ने जहां इस फिल्म को गुरमीत सिंह द्वारा काले धन को सफेद करने की कोशिश बताया तो वहीं सिख समुदाय ने भी गुरमीत सिंह अभिनीत इस फिल्म का विरोध किया। कई अन्य धार्मिक संगठनों ने भी गुरमीत सिंह के फिल्म बनाने को लेकर सवाल खड़े किए। यहां तक कि सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को फिल्म मानने से ही इंकार करते हुए पास करने से मना कर दिया। सेंसर बोर्ड सदस्यों का कहना था कि यह फिल्म नहीं, एक लंबा विज्ञापन है। भारी दबाव के बाद फिल्म पास तो हुई लेकिन सेंसर बोर्ड के आधे सदस्यों ने इसको लेकर इस्तीफा दे दिया। कुल मिलाकर फिल्म ने चर्चा तो खूब बटोरी लेकिन जैसा कि फिल्म निर्माताओं द्वारा दावा किया गया था कि फिल्म 1000 करोड़ रुपए का बिजनेस करेगी, वह सब धरा का धरा रह गया। हालांकि फिल्म निर्माण करने वाली कंपनी के प्रवक्ता, जो कि डेरा सच्चा सौदा के प्रवक्ता भी हैं, द्वारा फिल्म के 4 दिन में 61.15 करोड़ कमाने का दावा किया गया। इसके बाद छह दिन में 82 करोड़ और सप्ताह में 100 करोड़ से अधिक की कमाई करने का दावा किया गया। हालांकि यह दावा सिर्फ निर्माताओं द्वारा किया गया। बॉक्स ऑफिस की मानें तो आधिकारिक तौर पर फिल्म ने सप्ताहांत यानी रविवार तक 6 करोड़ रुपए कमाए और पूरे एक सप्ताह के समय में 10 करोड़ की कमाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई।

'हाउस फुल' लेकिन दर्शक नहीं
स्टिंग ने खोली पोल

               फिल्म निर्माताओं द्वारा पहले सप्ताह में देशभर में हाउसफुल होने का दावा किया गया लेकिन उनके 'हाउस फुल' की पोल हाल ही में आए एक स्टिंग ने खोल कर रख दी। वैसे तो इस प्रकार के समाचार पहले भी आते रहे कि डेरा द्वारा फिल्म की कमाई का रिकॉर्ड बनाने के लिए स्वयं ही टिकटों की खरीद की गई है और फिर उन टिकटों को अपने श्रद्धालुओं और सिनेमा घरों में गए लोगों को प्रलोभन के रूप में मुफ्त में दिया जा रहा है। लेकिन 'नाईन एक्स' टीवी ग्रुप की ओर से किए गए एक स्टिंग में यह बात पुख्ता हो रही है। फिल्म की टिकट लेने गई युवती को बताया जाता है कि सिनेमा हॉल की सभी टिकटें खरीद ली गई हैं केवल आगे की दो लाइनों में जगह बची है। खैर, युवती टिकट लेती है और जब सिनेमा हॉल में दाखिल होती है तो नजारा देख भौचक्की रह जाती है। पूरा का पूरा सिनेमा हॉल खाली। फिर बाहर आती है तो फिल्म से जुड़ी एक महिला व पुरुष वहां आए लोगों को मुफ्त में टिकट देकर 'टारगेट' पूरा करने की दुहाई देते नजर आते हैं। यही नहीं स्टिंग ऑप्रेशन करने वाली युवती को भी 19 फरवरी तक कभी भी आकर मुफ्त में फिल्म देखने का प्रलोभन दिया जाता है। यहां तक कि कहा जाता है कि 'एक घंटा ही देख लो', 'चलो आधा घंटा ही देख लेना'। जाहिर है, देश में बनी यह एकमात्र फिल्म होगी जो ऐसा रिकॉर्ड भी बना रही है!
भड़के डेरा प्रेमियों ने किया पत्रकार पर हमला
              बॉक्स ऑफिस के आधिकारिक आंकड़ों को पेश करती एक तस्वीर फेसबुक के पेज पर डालने से भड़के डेरा प्रेमियों ने सिरसा के एक पत्रकार पर हमला कर दिया। राष्ट्रीय समाचार पत्र के सिरसा से संवाददाता हितेश चतुर्वेदी ने गत दिवस फेसबुक के अपने पेज 'एटूजेड न्यूज़' पर फिल्म की कमाई की पोल खोलती बॉक्स ऑफिस की रिपोर्ट की एक फोटो अपलोड की थी। इससे बौखलाए डेरा प्रेमियों ने पहले तो फेसबुक पेज पर ही धमकी भरे कमेंट किए। रात करीब साढे 10 बजे जब हितेश अपने कार्य से वापिस घर लौट रहे थे तो उन पर शहीद भगत सिंह स्टेडियम के निकट पल्सर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने हमला बोल दिया। वहां से गुजर रहे लोगों ने हितेश को हमलावरों के चंगुल से छुड़वाया। इस संबंध में हुड्डा पुलिस चौकी में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है।

Thursday, 26 February 2015

कर्मचारी व मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ दीं गिरफ्तारियां

सिरसा। राष्ट्रीय स्तर पर 16 केंद्रीय टे्रड यूनियनों के आह्वान पर केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार के कर्मचारियों, मजदूरों, किसानों व आम जनता के खिलाफ कथित जनविरोधी एवं पंूजीपतियों के पक्ष में लिए जा रहे निर्णयों के खिलाफ 'जेल भरो सत्याग्रह' के तहत आज जिला के सैकड़ों कर्मचारियों, मजदूरों व परियोजनाओं में काम कर रही महिलाओं ने गिरफ्तारियां दीं। इससे पूर्व कर्मचारी, मजदूर बरनाला रोड स्थित चौ. देवीलाल पार्क में एकत्रित हुए। यहां से सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय की तरफ कूच किया। लालबत्ती चौक के निकट पुलिस ने भारी सुरक्षा प्रबंधों के बीच प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
इससे पूर्व 'जेल भरो सत्याग्रह' के लिए एकत्रित कर्मचारियों की पार्क में सभा हुई। सभा की अध्यक्षता सर्वकर्मचारी संघ के जिला प्रधान सोहन सिंह रंधावा व कर्मचारी महासंघ के प्रधान आत्मा सहारण ने की। मंच संचालन प्रेम शर्मा व देवीलाल बिरड़ा ने किया। सर्वकमचारी संघ के राज्य वरिष्ठ उपप्रधान सरबत सिंह पूनियां व महासंघ के प्रांतीय प्रवक्ता विजय जाखड़ ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार श्रम कानूनों में बदलाव करके कर्मचारियों एवं मजदूरों को मिले अधिकारों को समाप्त करने का षडयंत्र रच रही है। रोडवेज ट्रांसपोर्ट सेफ्टी एक्ट व बिजली बिल 2014 के माध्यम से परिवहन सुविधा एवं बिजली को पंूजीपतियों के हवाले किया जा रहा है। सरकारी विभागों का निजीकरण किया जा रहा है व ठेकेदारी प्रथा के माध्यम से आम जनता का शोषण किया जा रहा है। भूमि अधिग्रहण अध्यादेश के माध्यम से भी सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है। मैकेनिकल वर्करज यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाशंकर त्रिपाठी व सीटू नेता विजय ढूकड़ा ने सरकार से मांग की कि पंूजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाले श्रम कानूनों में बदलाव को रद्द किया जाए। परियोजना व अन्य विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को पक्का किया जाए, न्यूनतम वेतन कम-से-कम 15 हजार रूपए मासिक लागू किया जाए। 
सभा में वक्ताओं ने हरियाणा सरकार से मांग की कि पूर्व सरकार के दौरान संघर्षों से मनवाई गई मांगें जैसे कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, पंजाब के समान वेतनमान लागू करना, वेतन विसंगतियां दूर करना, ठेकेदारी के तहत कर्मचारियों को पक्का करना, सरकारी विभागों में रिक्त पड़े पदों पर नियमित भर्ती करना जैसी मांगों को तुरन्त लागू किया जाए। सभा को महेंद्र शर्मा, अशोक कुमार पटवारी, राजमंदर शर्मा, टेकचंद मेहता, अविनाश कंबोज, राजकुमार शेखुपुरिया, मान सिंह डागर, रामकुमार, मदनलाल खोथ, कामरेड अवतार सिंह, महिला नेत्री बलवीर कौर गांधी ने भी संबोधित किया।

मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन

सिरसा। राजकीय नेशनल कालेज के छात्रों ने आज कालेज में अव्यवस्थाओं को लेकर कक्षाओं का बहिष्कार कर कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने रोषस्वरूप प्राचार्या को कार्यालय में बंद कर दिया तथा कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की। करीब 20 मिनट बाद पुलिस ने कालेज में पहुंचकर प्राचार्या को वहां से बाहर निकाला तथा प्राचार्या ने छात्रों को आश्वासन देकर शांत करवाया। 
आज सुबह नेशनल कालेज में व्यवस्थाओं का जायजा लेने लिए टीम पहुंची हुई थी। छात्रों का आरोप है कि कालेज प्रशासन झूठी व्यवस्थाएं दिखाकर छात्रों के हितों से खिलवाड़ कर रहा है जबकि कालेज में व्यवस्थाओं के नाम पर कुछ भी सही नहीं है। इसके विरोध में सैकड़ों छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारी छात्रों ने करीब 11:30 बजे कालेज प्राचार्या सुमन गुलाब से मिलना चाहा तो उन्होंने मिलने से इंकार कर दिया जिसके रोषस्वरूप छात्रों ने प्राचार्या के कार्यालय का दरवाजा बंद कर दिया तथा गेट के समक्ष नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने किसी भी प्राध्यापक को कार्यालय में नहीं जाने दिया तथा न ही किसी को कार्यालय से बाहर आने दिया। करीब 20 मिनट बाद बस स्टेंड चौकी प्रभारी भूदेव सिंह व इसके बाद शहर थाना प्रभारी सुरेशपाल मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारी छात्रों ने भूदेव सिंह को भी प्राचार्या के कार्यालय में जाने से रोका लेकिन बाद में भूदेव सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि वे उनकी समस्याएं प्राचार्या के समक्ष रखेंगे तथा उनका हल करवाएंगे। इसके बाद उनको अंदर जाने दिया गया। बाद में कालेज प्राचार्या ने बाहर आकर छात्रों की समस्याएं सुनीं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने बताया कि कालेज में पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि कालेज में लाईब्रेरी है लेकिन उसमें किताबें नहीं हैं, कक्षाओं के समय लेक्चरॉर गायब मिलते हैं, कक्षाओं में बैठने के लिए बैंच, हवा के लिए पंखें नहीं हैं तथा बिल्डिंग भी जर्जर हालत में है। कालेज प्राचार्या ने छात्रों की समस्याएं सुनते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि वे लिखित में शिकायतें दें तथा उनकी समस्याओं को एक सप्ताह में हल कर दिया जाएगा। इसके बाद छात्रों ने हड़ताल समाप्त की।

आप ने डीटीपी के खिलाफ खोला मोर्चा

सिरसा। आम आदमी पार्टी ने बृहस्पतिवार को नगर योजनाकार विभाग पर आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की। आप के प्रांतीय संयोजक प्रहलाद सिंह भारुखेड़ा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि डीटीपी विभाग पर बड़े स्केंडल को अंजाम देने की तैयारियों का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डीटीपी विभाग की ओर से वर्ष 1892 के बाद शहर के भीतर और बाहर के क्षेत्र की उनके विभाग से एनओसी की अनिवार्यता लागू कर दी है। जिसकी वजह से विभाग की ओर से एनओसी की एवज में लूट मचाने की तैयारी की गई है। भारुखेड़ा ने बताया कि डीटीपी की ओर से 19 फरवरी 2015 को जारी किए गए पत्र में 1902 के बाद बसे शहर को अवैध घोषित कर दिया है जबकि वर्ष 2007 में सरकार द्वारा अनेक अवैध कालोनियों को वैध घोषित किया जा चुका है। सरकार की ओर से तमाम मूलभूत सुविधाएं भी मुहैया करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि नगर योजनाकार विभाग में एनओसी के बदले रिश्वत की खुलेआम मांग की जाती है। डीटीपी विभाग की ओर से कभी किसी क्षेत्र के लिए एनओसी की अनिवार्यता की शर्त लागू की जाती है तो  कभी इस शर्त को हटा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि डीटीपी विभाग की ओर से 27 मई 2013 को पत्र क्रमांक 1266 के तहत चतरगढ़ पट्टी के जिन क्षेत्रों के लिए एनओसी की अनिवार्यता लागू की गई थी 22 अगस्त 2013 को पत्र क्रमांक 1536 के माध्यम से उस अनिवार्यता को खारिज कर दिया गया। उन्होंने बताया कि आप के सदस्य वीरेंद्र कुमार एडवोकेट के माध्यम से सीएम विंडो पर इस आशय की शिकायत दाखिल की गई है। उन्होंने जनहित में नगर योजनाकार विभाग के इस आदेश की पड़ताल करने और शहर को अवैध घोषित करने वाले अधिकारिायें के खिलाफ एसआईटी का गठन कर जांच करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा भूमि अधिकरण बिल के विरोध में आंदोलन चला रही आम आदमी पार्टी की ओर से चार मार्च को प्रदेश के सभी सांसदों को नमक की थैली भेंट की जाएगी और उनसे इस बिल का विरोध करने की मांग की जाएगी।

Wednesday, 25 February 2015

प्रदर्शन कर फूंकी अखबार की प्रतियां

सिरसा। कालांवाली में लोगों ने आज एक राष्ट्रीय समाचार पत्र एवं उसके संवाददाता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष जाहिर किया और अखबार की प्रतियां आग के हवाले की। प्रदर्शनकारी लोगों की अगुवाई पीडि़त सुनील कुमार व नगरपालिका के अध्यक्ष जगसीर सिंह व नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष मंगत नागर कर रहे थे। समाचार पत्र व संवाददाता की कार्यप्रणाली से आक्रोशित लोग आज सुबह नई अनाज मंडी में एकत्रित हुए और उसके बाद शहर में रोषस्वरूप नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर संवाददाता को अविलंब अखबार प्रशासन से हटाने और उसके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं प्रदर्शनकारी लोगों ने अखबार में लोगों के खिलाफ छप रही झूठी खबरों को लेकर प्रदर्शन कर अपना रोष व्यक्त किया।

चाचा ने मारी भतीजे को गोली

सिरसा। पंजाब सीमा से सटे गांव मानखेड़ा में आज सुबह एक युवक को उसी के कुछ रिश्तेदारों ने गोली मार दी। घायल को गंभीर हालत में सामान्य अस्पताल लाया गया। 
घटना के अनुसार मानखेड़ा निवासी मनजीत सिंह पुत्र सुखदेव सिंह का अपने ही कुछ रिश्तेदारों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आज सुबह उसका रिश्तेदारों से फिर झगड़ा हो गया। बताया जाता है कि मनजीत के चाचा ने उस पर बंदूक से फायर कर दिया। गोली के छर्रे उसके सीने व शरीर के अन्य भागों में लगे। खून से लथपथ हालत में उसे सामान्य अस्पताल में लाया गया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। 

घरों में घुसा सीवर का पानी

सिरसा। वार्ड नंबर 19 नोहरिया बाजार की गली मस्जिद वाली में सीवर लाइन का दूषित पानी लोगों के घरों में फैल रहा है। कुछ घरों में यह गंदा पानी पूरे परिसर पसरा हुआ है और घर में पैर रखने तक की जगह नहीं है। गली के लोग पिछले करीब 2 साल से इस नरक को झेल रहे हैं, लेकिन सुनवाई करने वाला कोई नहीं है। 
नगर पार्षद रोहित गनेरीवाला ने गलीवासियों की पीड़ा पर चर्चा करते हुए बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एक बार नहीं बल्कि अनेक बार लिखित और मौखिक शिकायतें देने के बावजूद इस सीवर लाइन को ठीक से खोलने या सुचारू करने के लिए कभी प्रयास नहीं हुए। गनेरीवाला ने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग से बार-बार आग्रह किया गया है कि मशीन से इस लाइन की सफाई करवाई जाए और लोगों को राहत दी जाए, लेकिन विभाग के अधिकारी जानबूझ कर मशीन भेजने में टाल मटोल कर रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को आगाह किया कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो गली के लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे। 

वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना समय की मांग : ढींडसा

सिरसा। विश्वविद्यालय तथा महाविद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों की सृजन शक्ति विकसित करने में कार्यशालाएं तथा सेमीनार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यशालाओं के आयोजन से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है। 
यह विचार चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के कुलपति डा. राधेश्याम शर्मा ने रसायन विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित नेशनल कांफ्रेस ऑन एमरजिंग ट्रेंडस इन कैमिकल साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी का उद्घाटन करने के उपरान्त विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अध्ययन काल के दौरान कठोर से कठोर परिश्रम करना चाहिए। विद्यार्थी काल के दौरान की गई मेहनत ताउम्र काम आती है। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को प्रत्येक प्रकार की सुविधाएं प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है।
कांफ्रेस में शिक्षाविद् प्रोफेसर आर.एस. चौधरी, प्रो. के.सी. सिंह, प्रो. ऐ. के. शर्मा सहित लगभग 100 प्रतिभागियों ने फिजिकल, कैमिस्ट्रिी, नैनो कैमिस्ट्री, ऑर्गेनिक कैमिस्ट्री, मेडिकल कैमिस्ट्री, न्यूकिलियर कैमिस्ट्री, इंडिस्ट्रीयल कैमिस्ट्री आदि विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किये। प्रतिभागियों ने पोस्टर के माध्यम से भी रसायन विज्ञान के विभिन्न मॉडल्स का प्रदर्शन किया। समापन्न समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए प्रो. कुलदीप ढींडसा ने आह्वान किया कि बढ़ते प्रदूषण की वजह से जलवायु परिवर्तन से सारा विश्व प्रभावित हो रहा है। उन्होंने इंटर गवर्नमेंट पैनल ऑन क्लाईमेंट चेंज की रिपोर्ट का हवाला देते हुए  बताया कि वर्ष 2050 तक वैश्विक तापमान में लगभग 2 डिग्री तक इजाफा होगा और विश्व के प्रत्येक राष्ट्र को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत के वैज्ञानिकों को ऊर्जा के नवीनतम स्त्रोतों की खोज करनी होगी। सौर ऊर्जा का प्रयोग करके बढ़ती जनसंख्या की मांग को पूरा किया जा सकता है। बशर्ते की इस तकनीक को सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ सस्ता भी किया जाये। इस अवसर पर मंच संचालन डा. संगीता सांगवान ने किया। कुलपति ने एक शोविनियर का विमोचन भी किया।

Monday, 23 February 2015

तेल टैंकर से निकली शराब

1010 पेटी अवैध शराब लेकर राजस्थान जा रहा था टैंकर

सिरसा। शहर थाना पुलिस ने रात को गश्त के दौरान महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर तस्करी के लिए ले जाई जा रही तेल टैंकर में भरी हुई 1010 पेटी विभिन्न प्रकार की अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने टेंकर व शराब को कब्जे में लेकर मौके से फरार हुए आरोपी के खिलाफ  मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शहर थाना पुलिस की सब्जीमंडी पुलिस चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक रामनिवास को देर रात गश्त के दौरान इस संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। उन्होंने इस आशय की सूचना पाकर अन्य पुलिस कर्मियों के साथ रानियां चुंगी क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी। इसी दौरान शहर की ओर से तेल टेंकर आया। पुलिस पार्टी ने उक्त टेंकर को रुकवाने का प्रयास किया। चालक रात को अंधेरे का फायदा उठाकर टेंकर को छोड़ फरार हो गया। पुलिस ने तेल टेंकर की तलाशी लेने पर उसमें 1010 पेटी जिनमें 735 पेटी इंपेक्ट अंग्रेजी शराब, 250 पेटी बीयर, तथा 25 पेटी रॉयल स्टेग शराब बरामद हुई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फरार हुए आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस शराब तस्करी से जुड़े इस समूचे नेटवर्क का पर्दाफाश करेगी। 

कांग्रेस ने फूंका शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा का पुतला
राज्यपाल से की मंत्री को बर्खास्त करने की मांग

सिरसा। शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा की प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज लघु सचिवालय में रामबिलास शर्मा का पुतला फूंका और राज्यपाल व प्रदेश सरकार से मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कांग्रेस नेता नवीन केडिया ने किया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए नवीन केडिया ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश की आजादी के लिए जहां संघर्ष किया वहीं देश के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं दी। ऐसे व्यक्तित्व के लिए प्रदेश के शिक्षा मंत्री के मुख से अभद्रपूर्ण बातें शोभा नहीं देती। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रदेश में गीता की शिक्षा देने की बात शिक्षा मंत्री करते हैं और दूसरी ओर देश के महान नेताओं के प्रति इस तरह की बातें करना उनके चेहरे और चरित्र को दर्शाता है। कांग्रेस एससी सैल के प्रदेश संयोजक शीशपाल केहरवाला ने कहा कि शिक्षा मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहने वाले व्यक्ति के लिए अशोभनीय बातें करना शर्मनाक है। इससे प्रदेश के युवा और विद्यार्थी क्या सबक लेंगे। उन्होंने कहा कि पहले भी शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा अपने विवादित बयानों से अकसर चर्चा में रहते हैं। अब उन्होंने फिर से इस तरह के बयान देकर साबित कर दिया है कि सरकार के मंत्री कितने जिम्मेदार हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर हरियाणा सरकार व शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिल भारद्वाज, यशपाल भारद्वाज, संगीत कुमार, राजेंद्र कुमार, अनिल शर्मा, अमित सोनी, रामकुमार निरंकारी, राजू बजाज, भूपेंद्र सिंह राठौर, विनीत कंबोज, कुलवंत कौर, तेजभान यादव, राजेश खत्री, मदन सुथार, राजेंद्र ढूकड़ा आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

संत गुरमीत की विदेश यात्रा पर दादूवाल ने उठाए सवाल
बोले: डेरा के प्रभाव में है सरकार

सिरसा। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को विदेश जाने की अनुमति पर तीखी प्रतिक्रिया करते हुए पंथक सेवा लहर के प्रमुख संत बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा है कि जिस व्यक्ति के खिलाफ अनेक संगीन मामले विभिन्न विभिन्न अदालतों में चल रहे हों, उसे विदेश जाने की अनुमति संकेत देती है कि सरकार डेरा सच्चा सौदा के प्रभाव में है। डेरा प्रमुख पर धारा 107/151 भी लगी हुई है, जिसके चलते पासपोर्ट बन नहीं सकता। 
संत दादूवाल आज दसवीं पातशाही गुरूद्वारा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को विदेश जाने की जो अनुमति मिली है, वह गलत है, क्योंकि डेरा मुखी का पासपोर्ट अदालत में जमा था, जिसकी सीमा खत्म हो गई थी। जिसने विदेश जाने के लिए नया पासपोर्ट बनवाकर वीजा प्राप्ति करने के लिए झूठे व फर्जी तथ्य उपलब्ध करवाए हैं। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट बनवाने से पूर्व कानूनी प्रक्रिया के चलते पासपोर्ट बनवाने वाले की पुलिस वैरीफिकेशन होती है, जिसमें सभी अपराधों का विवरण देखा जाता है। दिलचस्प तथ्य यह है कि अनेक संगीन आरोपों में घिरे डेरा मुखी की पुलिस वैरीफिकेशन के चलते पासपोर्ट कैसे बन गया, इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि डेरामुखी विदेश में घूमने के लिए गए हैं, जहां वे स्टे लेकर स्थायी डेरा भी जमा सकते है। इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि वह दिल्ली या चंडीगढ़ को छोड़कर सिरसा के डेरा सच्चा सौदा में ही अपना आसन बना लें, क्योंकि सरकार डेरा से ही चलती है। डेरामुखी को वीवीआईपी की सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी इस बात का संकेत देता है कि केंद्र तथा प्रदेश की सरकार डेरे के आगे एक पंगू बनकर रह गई है, जिसका फायदा डेरामुखी उठा रहे हैं, इसलिए भाजपा सरकार को बाबा की सरकार कहना गलत नहीं होगा।

हादसों में तीन की मौत

सिरसा। गांव माधोसिघाना के समीप गत रात्रि शादी समारोह से लौट रही बारातियों से भरी जीप ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराई। हादसे में एक बाराती की मौत हो गई जबकि आठ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। 
जानकारी के अनुसार राजस्थान के जिला हनुमानगढ़ के रावतसर निवासी दलीप सिंह के पुत्रों सुनील व विष्णु की शादी कल हिसार स्थित कृष्णा नगर में थी। कल सुबह रावतसर से बारात हिसार के लिए रवाना हुई। शाम को शादी समारोह संपन्न होने के बाद बाराती बोलेरो जीप में सवार होकर रावतसर लौट रहे थे। जिसमें कुछ बाराती सिरसा व एक बाराती एलनाबाद का था। बताया गया कि माधोसिंघाना के समीप सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली से जीप की टक्कर हो गई। हादसे में बाराती रावतसर निवासी गणपत राम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि जीप चालक गोपाल, बलराम, निक्कू राम, राहुल निवासी नौहरिया बाजार सिरसा, संत राम निवासी पंजाब, बाबू लाल शर्मा निवासी एलनाबाद व उसका भाई घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर शव का सोमवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
उधर नटार गांव के समीप आज सुबह एक कार सवार ने साइकिल सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। ढाणी शहीदांवाली निवासी भजन लाल (50) आज सुबह साइकिल पर सवार होकर गांव लौट रहा था। गांव नटार के समीप तेज रफ्तार कार ने साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में भजन लाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। दूसरी ओर गांव पन्नीवाला मोटा निवासी कविता रानी अपनी बेटी मनीषा (15)के साथ गांव से घुक्कांवाली की ओर लकडिय़ां चुगने जा रही थी। सिरसा की ओर से आ रही कार ने मां-बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में मनीषा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी मां कविता गंभीर रुप से घायल हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचित किया तथा घायल को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

Saturday, 21 February 2015

हमलावर प्रोफेसरों ने किया आत्मसमर्पण

सिरसा। सीडीएलयू के लॉ डिपार्टमेंट के प्रो. राजेश मलिक पर हमला करने के आरोपी प्रो. मुकेश गर्ग व सत्यवान दलाल ने गत दिवस शाम को सीजेएम अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। 
प्रो. मुकेश गर्ग व सत्यवान दलाल दोनों प्रोफेसर पिछले एक साल से अदालत में पेश नहीं हो रहे थे। इसके चलते एडीजे आर के मेहता ने याचिका पर फैसला सुनाते हुए आरोपी प्रोफेसरों को 20 फरवरी तक न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया था। आत्मसमर्पण नहीं करने पर पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार करने की प्रक्रिया थी। इसके चलते दोनों प्रोफेसरों ने कोर्ट में समर्पण किया। अदालत ने 25-25 हजार रुपए के मुचलके पर प्रो. मुकेश गर्ग और सत्यवान को जमानत दे दी। मामले के अनुसार मार्च 2014 में लॉ विभाग के प्रोफेसर राजेश मलिक विश्वविद्यालय में घूम रहे थे। इसी दौरान लॉ विभाग के प्रोफेसर मुकेश गर्ग व लोक प्रशासक विभाग के सत्यवान दलाल ने उनका रास्ता रोका और उन पर हमला कर दिया था। इस मामले में दोनों तरफ से शिकायतें पुलिस में दी गई लेकिन पुलिस ने प्रो. राजेश मलिक की शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। इसी के चलते उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद प्रोफेसर मुकेश गर्ग व सत्यवान दलाल के खिलाफ पुलिस ने अदालत के आदेश पर धारा 341/323/506/34 के तहत केस दर्ज किया। केस दर्ज होने के उपरांत पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया और आरोपियों ने भी कोर्ट में पेश होने की जहमत नहीं उठाई। दोनों न्यायालय से एक साल तक आंख मिचौली खेलते रहे। बाद में कोर्ट की सख्ताई के बाद आखिरकार आरोपी प्रोफेसरों को कोर्ट में आत्मसमर्पण करना पड़ा।

177549 बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की

पोलिया मुक्त जिला बनाना लक्ष्य
रैली निकालकर किया लोगों को जागरूक
सिरसा। जिला में आगामी 22 फरवरी से 24 फरवरी, 2015 तक पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान का संदेश जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए आज सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र नैन ने विभिन्न कॉलेजों में प्रशिक्षण ले रही एएनएम की रैली को हरी झंडी दिखा कर सामान्य अस्पताल से रवाना किया। रैली की एक टुकड़ी सामान्य अस्पताल से रानियां चुंगी बाजार में से होती हुई टाउन पार्क, दूसरी टुकड़ी सामान्य अस्पताल से खैरपुर होती हुई टाउन पार्क तथा तीसरी टुकड़ी सामान्य अस्पताल से बेगू रोड होते हुए टाउन पार्क तक पहुंची और पल्स पोलियो अभियान के बारे में लोगों को जागरूक किया। ताकि कोई भी बच्चा पल्स पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रहे। डॉ. नैन ने कहा कि पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत आगामी 22 से 24 फरवरी तक जिला में 0 से पांच वर्ष आयु के 1,77,549 बच्चों को पोलियो प्रतिरक्षण की खुराक दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी व मेेहनत के साथ पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान में कार्य कर सफल बनाएं और प्रयास करें कि विभाग द्वारा रखे गए लक्ष्य की शतप्रतिशत प्राप्ति हो। उन्होंने कहा कि हालांकि हरियाणा के साथ-साथ पूरा भारतवर्ष पोलियोमुक्त हो चुका है फिर भी पड़ोसी देशों से आने वाले प्रवासी लोगों के कारण हमें बहुत सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। सतर्कता के मद्देनजर ही पूरे देश में पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं, सामाजिक संस्थाओं तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व गणमान्य व्यक्तियों से कहा कि वे इस अभियान में सहयोग करें ताकि विभागीय टीम प्रत्येक 0 से पांच वर्ष तक के बच्चे तक पहुंच पाएं और उन्हें पोलियो प्रतिरक्षण की ड्राप्स पिलाएं। सिविल सर्जन ने बताया कि पोलिया ड्राप्स पिलाने के लिए जिला में 743 टीमों का गठन किया गया। इसी के साथ 48 मोबाइल टीमें बनाई गई हैं। यह टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो ड्राप्स पिलाएंगी।

खेत में मिला किसान का शव

सिरसा। रानियां थाना क्षेत्र की ढाणी प्रताप सिंह में एक किसान की खेतों में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार ढाणी प्रताप सिंह निवासी भगवान सिंह (50) गत दिवस प्रीतम सिंह के खेतों में कीटनाशक का छिड़काव करने गया था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा। परिजन आज सुबह जब उसकी तलाश में निकले तो उसका शव खेत में बने खाले में पड़ा मिला। शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कीटनाशक के प्रभाव के चलते भगवान की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने खेत मालिक प्रीतम सिंह व मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।