BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Saturday 25 October 2014

अस्पताल में बच्चा बदला!

लड़का हुआ बताकर मांगी बधाई, हाथ में लड़की थमाई

सिरसा। सामान्य अस्पताल में शनिवार को बच्चा बदले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव कुतियाना निवासी राजकुमार ने अस्पताल में उसका बच्चा बदले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस संदर्भ में शिकायत दर्ज की है और जांच की प्रक्रिया चल रही है।
गांव कुतियाना निवासी राज कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी सुमन रानी ने मंगलवार को बच्चे को जन्म दिया। राजकुमार के पहले चार पुत्रियां है। राजकुमार ने बताया कि उसकी पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई। जिस पर उसे नाथूसरी चौपटा स्थित पीएचसी सेंटर लाया गया। जहां से उसे सिरसा रैफर कर दिया गया। उसने बताया कि मंगलवार शाम पांच बजे उसकी पत्नी ने लड़के को जन्म दिया। उसने बताया कि अस्पताल के स्टाफ और नर्सों ने उसे लड़का होने की सूचना दी और बधाई मांगी। इस सूचना के बाद उसने अपने परिवार, रिश्तेदारों व ग्रामीणों को पुत्र जन्म की सूचना प्रेषित की।
उसने बताया कि लगभग 35 मिनट बाद उसे कहा गया कि उसकी पुत्री हुई है। उसने आरोप लगाया कि अस्पताल स्टाफ ने उसके पुत्र को किसी अन्य को दे दिया। अस्पताल में बच्चा बदले जाने का मामला उजागर होने पर पुलिस व मीडिया कर्मी मौके पर पहुंचे। अस्पताल प्रशासन ने मामले को दबाने की कोशिश की। लड़के पर दो परिवारों के हक जताए जाने पर मामला पेचिदा हो गया। जिस पर अस्पताल प्रशासन ने दोनों बच्चों को अस्पताल की नर्सरी में दाखिल कर दिया। बताया जाता है कि असली हकदार की पहचान करने के लिए बच्चों का डीएनए करवाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। डीएनए जांच के बाद दोनों बच्चों को अस्पताल प्रशासन उनके परिजनों को सौंप देगा और तभी यह साफ होगा कि लड़की किसकी है और लड़का किसका है। फिलहाल दोनों पक्ष लड़के पर ही दावा कर रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर और झारखंड में चुनाव 25 नवंबर से
पांच चरणों में होंगे चुनाव
दिल्ली की तीन सीटों पर उपचुनाव भी 25 को

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने शनिवार को झारखंड और जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का एलान कर दिया। दोनों राज्यों में 25 नवंबर से पांच चरणों में चुनाव होंगे। चुनाव 25 नवंबर, 2 दिसंबर, 9 दिसंबर, 14 दिसंबर और 20 दिसंबर को होंगे। इसके साथ ही दिल्ली की तीन विधानसभा सीटों पर 25 नवंबर को उपचुनाव कराए जाएंगे। इससे साफ जाहिर होता है कि चुनाव आयोग अभी दिल्ली में चुनाव नहीं कराना चाहता। झारखंड में 81 सीटों और जम्मू-कश्मीर की 87 सीटों के लिए चुनाव होने हैं। चुनावों का परिणाम 23 दिसंबर को जारी किया जाएगा। 
झारखंड में अभी झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस गठबंधन की सरकार है। जबकि जम्मू-कश्मीर में नेशनल कान्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन की सरकार है। हरियाणा और महाराष्ट्र में मिली जबरदस्त जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी दोनों राज्यों के चुनावों का इंतजार कर रही थी।

No comments:

Post a Comment