BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Saturday 9 November 2013

लिफ्ट दी, कंगन उड़ाए और उतार दिया कार से


लुटेरों का नया तरीका, झांसा देकर वृद्धा को फांसा

सिरसा। डबवाली रोड स्थित रचना पैलेस के निकट आज एक वृद्धा लुटेरों का शिकार हो गई। आरोपी महिला के हाथों से करीब साढे तीन तोले के सोने के कंगन उतारकर फरार हो गए। दिन-दिहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। 
मिली जानकारी के अनुसार गुरुनानक नगर (खैरपुर) निवासी ईश्वर कौर (55) पत्नी हरपाल सिंह बड़ागुढ़ा जाने के लिए डबवाली बाईपास पर गई थी। इसी दौरान एक कार वृद्धा के पास रुकी। कार में युवक चालक सहित तीन महिलाएं सवार थीं। उक्त लोगों में से एक महिला ने वृद्धा को लिफ्ट देने के लिए आमंत्रित किया।  ईश्वर कौर उक्त महिला के झांसे में आकर कार में सवार हो गई। कुछ दूरी पर जाकर चालक ने कार रोक ली और वृद्धा को कार में जगह न होने का बहाना लगाकर उतार दिया। वृद्धा का आरोप है कि जब वह कार से नीचे उतरी तो उसके हाथों से साढे तीन तोले के सोने के कंगन गायब थे। वृद्धा ने शोर मचाया तो कार में सवार सभी लोग फरार हो गए। लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस का कहना है कि वृद्धा के अनुसार तीन महिलाएं व एक युवक था जिन्होंने उससे कंगन लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

नवजात कन्या का शव मिला

सिरसा। रानियां रोड स्थित ढाणी बिलासपुर में एक नवजात लड़की का शव बरामद हुआ है। लोगों ने घटना की जानकारी शहर थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल पहुंचाया। 
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह लोगों ने ढाणी बिलासपुर स्थित खाली एक प्लाट में नवजात का शव देखा। कुत्ते शव को नोंच रहे थे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक नवजात शव कन्या का है। शव से सिर धड़ से अलग है   और एक बाजू कुत्तों द्वारा बुरी तरह नोंच ली गई है। पुलिस के मुताबिक लड़की होने के कारण महिला ने उसे मारकर प्लाट में फेंक दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

गांव बाजेकां में सात लोग डेंगू की चपेट में

सिरसा। गांव बाजेकां में सात लोग डेंगू के शिकार हो चुके हैं। सभी को यहां के निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार बाजेकां निवासी हरनाम चंद, काका सिंह, जग्गा सिंह, महेंद्र सिंह व तीन अन्य लोगों को बुखार की शिकायत हुई। जांच करवाई गई तो उनमें डेंगू के लक्षण पाए गए। फिलहाल सभी का निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

तीन ठग चढ़े पुलिस के हत्थे

सिरसा। थाना शहर सिरसा पुलिस ने नेशनल कॉलेज सिरसा में कार्यरत भौतिकी विज्ञान की महिला प्रोफेसर पंकज पंडित के साथ हुई लाखों रूपए की ठगी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ज्ञातव्य हो कि 28 अक्तूबर 2013 को महिला प्रोफेसर पंकज पंडित को फोन आया था। फोन पर ठग ने उन्हें बताया कि उनके नाम से मुंबई में विदेशी करेंसी का पार्सल आया है। उसे भारतीय करेंसी में परिवर्तित करने के लिए उन्हें बताए गए खाते में 12 लाख रुपए जमा करवाने को कहा गया। महिला ने 28 व 29 अक्तूबर को बताए गए खातों में 6 लाख 78 हजार 920 रुपए जमा करवा दिए। बाद में उन्हें ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने 30 अक्तूबर 2013 को शहर थाना सिरसा में भादंसं की धारा 420, 406 के तहत अभियोग दर्ज करवाया। मामले की जांच शहर थाना के उपनिरीक्षक रोशन लाल को सौंपी गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान अमर पुत्र मोगी लाल निवासी गांधी नगर उदयपुर, अब्दुल गफ्फार पुत्र हबीब खान निवासी किशनपुठ उदयपुर व दीपक गहलोत पुत्र मघी लाल निवासी मधुबन शाखा 25 नलवाड़ा उदयपुर को गिरफ्त में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर 6 लाख 28 हजार 920 रुपए की ठगी की राशि बरामद कर ली गई है।

No comments:

Post a Comment