BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Saturday 2 November 2013

संत-नेता-अभिनेता, सबकी दीवाली जेल में!

सिरसा से संबंध रखने वाले हरियाणा की राजनीति के

तीन धुरंधरों की दीवाली भी मनेगी अंधेरे में

सिरसा। दीवाली जहां लोगों के लिए खुशी और हर्षोल्लास का त्योहार हैं, वही इस साल की दीवाली कुछ संत, नेता और अभिनेताओं के लिए खुशी लेकर नहीं आई है। समाज को दिशा दिखाने वाले संत, समाज को चलाने वाले नेता और समाज का मनोरंजन करने वाले कुछ अभिनेता अपनी दीवाली जेल में ही मनाएंगे। सिरसा के भी तीन मौजूदा विधायक तिहाड़ में दीपावली का पर्व मनाएंगे।
               हालांकि यह तो विधि का विधान है कि बुरे काम का बुरा नतीजा मिलता है। लेकिन इन भ्रष्टाचारी, दुराचारी और अत्याचारियों को जेल में पहुंचाने का काम लोगों की जागरूकता से संभव हुआ है। मौजूदा वक्त में लोग अपने अधिकारों और काम को लेकर ज्यादा जागरूक हो गए हैं। देश में होने वाले घोटाले और अपराध छुपकर रहने वाले नहीं हैं। यहां आपको बताते हैं किस-किस संत, नेता और अभिनेता की दीवाली जेल में मनने वाली है।
धरी रह गई चौटाला की बेबाकी
                 हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला व डबवाली के विधायक चौ. अजय सिंह चौटाला शिक्षक भर्ती घोटाले में दोषी करार दिए जाने के बाद 10 वर्ष की सजा काट रहे हैं। इन दिनों दोनों नेता दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। अपनी बेबाक बयानबाजी व कूटनीति के माहिर चौटाला को जेल में निरंतर खराब स्वास्थ्य से जूझना पड़ रहा है।
दीपावली पर भी अंधेरे में कांडा
         सिरसा के विधायक व पूर्व मंत्री गोपाल कांडा की जिंदगी में एमडीएलआर एयरलाइंस की पूर्व एयरहोस्टेस गीतिका शर्मा की खुदकुशी ने अंधेरा कर दिया। कांडा एक वर्ष से अधिक समय से दिल्ली की तिहाड़ जेल में विचाराधीन कैदी के तौर पर बंद हैं। कांडा की यह दूसरी दीपावली जेल की सलाखों के पीछे मनेगी। हालांकि इस दीपावली से पूर्व कांडा को विधानसभा सत्र में भाग लेने के लिए अंतरिम जमानत मिली थी।
कष्ट में बीत रहे संत आसाराम के दिन
            अपने आप को संत बताने वाले आसाराम के लिए इस साल की दीवाली खुशियों से भरी नहीं होगी। पिछले कई दशकों से दीवाली पर दूसरों को आशीर्वाद के रूप में खुशी बांटने वाले आसाराम इस बार जेल में दिवाली मनाएंगे। आसाराम पर नाबालिग लड़की से यौन शोषण करने का आरोप है। हालांकि आसाराम ने अपनी जमानत के लिए याचिका दाखिल की थी, लेकिन कोर्ट ने उसको खारिज कर दिया। अभी आसाराम जोधपुर जेल में बंद है।
             दूसरी ओर आसाराम के बेटे नारायण सांई के लिए भी यह दीवाली खुशियों से भरी नहीं होगी। नारायण पर भी महिलाओं के साथ यौन शोषण का आरोप है। वह फरार है और पुलिस उसे ढूंढ रही है। पुलिस से दौड़ते-भागते नारायण को जहां अपने पिता के जेल में बंद होने का दुख है तो दूसरी ओर अपने गिरफ्तार होने का डर है।
हास्य-व्यंग्य के बाण जेल में छोड़ेंगे लालू
    केंद्रीय मंत्री रह चुके लालूप्रसाद यादव भी इस बार अपना खुशियों का त्योहार जेल में मनाते हुए दिखाई देंगे। चारा घोटाले के आरोप में रांची जेल में बंद लालू ने जमानत याचिका तो लगाई, लेकिन उन्हें जमानत नहीं मिली। लालू को घोटाला करने के आरोप में पांच साल की सजा मिली है। इस सजा के साथ ही लालू की संसद की सदस्यता भी रद्द हो गई।
जेल में दीये जलाएंगे बाबूलाल नागर
              राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री बाबू लाल नागर पर यौन शोषण के आरोप हैं। उनकी दीवाली भी जेल में ही मनेगी। सीबीआई के हाथ में केस आने के बाद नागर ने यकीन जताया था कि दूध का दूध और पानी का पानी होगा। लेकिन दीवाली से पहले यह उम्मीदें साकार नहीं हो पाएंगी। वे अपनी दीवाली जेल में ही मनाएंगे। नागर अभी जयपुर सेंट्रल जेल में बंद है।
बाहर हैं, पर खुश नहीं होंगे मिश्रा
             बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा भी चारा घोटाले में आरोपी हैं। मिश्रा की दीवाली वैसे तो जेल के बाहर मनेगी, क्योंकि वे जमानत पर बाहर है। लेकिन यह त्योहार उनके लिए खुशियों से भरा नहीं होगा। मिश्रा को चार साल की सजा इस आरोप में मिली है और बुढ़ापे में उन्हें इस तरह का कलंक भोगना पड़ा।
मसूद की भी रहेगी काली दीवाली
            पूर्व राज्यसभा सदस्य रशीद मसूद के लिए भी यह दीवाली खुशियों से भरी नहीं होगी। उन पर भी भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। रशीद ने मेडिकल कॉलेज दाखिले में धांधली की थी। मसूद को न केवल राज्यसभा सदस्यता खोनी पड़ी, बल्कि इस आरोप में उन्हें चार साल की सजा भी मिली है।
संजू बाबा ने पहले ही दे दी शुभकामनाएं
            फिल्मों से समाज का मनोरंजन करने वाले संजय दत्त की दीवाली भी इस बार जेल में मनेगी। वर्ष 1993 में अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप में संजय दत्त को पांच साल की सजा मिली थी। पिछले दिनों परिवार से मिलने के लिए पैरोल पर बाहर आए संजू बाबा को दीपावली से ठीक पहले फिर जेल में लौटना पड़ा। ऐसे में वे अपनी दीवाली जेल में ही मनाएंगे। जेल में जाने से पहले उन्होंने अपने फैंस को दिवाली की शुभकामनाएं जरूर दे दी।

No comments:

Post a Comment